Showing posts with label Newsline. Show all posts
Showing posts with label Newsline. Show all posts

Wednesday, March 23, 2011

एक विज्ञापन में साथ दिखेंगे ’अमिताभ-जया’


नई दिल्ली : बॉलीवुड की मशहूर जोड़ी अमिताभ और जया बच्चन 10 साल के लम्बे अंतराल के बाद अब एक बार फिर पर्दे पर साथ दिखेंगे, लेकिन इस बार वे किसी फिल्म में नहीं; बल्कि गहनों के एक विज्ञापन में साथ नजर आएंगे। यह जोड़ी अंतिम बार फिल्मकार करण जौहर की फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ (2001) में एक साथ नजर आई थी। इस फिल्म में ह्रितिक रोशन, शाहरुख खान, करीना कपूर और काजोल ने भी अभिनय किया था।

अमिताभ ने अपने ब्लॉग पर जानकारी दी है कि वे अपनी पत्नी के साथ टाटा समूह के तनिष्क आभूषणों के विज्ञापन में नजर आएंगे। अमिताभ ने कहा कि उन्होंने और जया ने साथ में इन विज्ञापनों की शूटिंग की है। अमिताभ और जया से पहले उनके बेटे-बहू अभिषेक-ऐश्वर्य लक्स साबुन के लिए एक साथ विज्ञापन कर चुके हैं।

इससे पहले, अजय देवगन और काजोल भी वर्लपूल के विज्ञापन में साथ दिखे थे। शाहरुख और गौरी खान डी’डेकोर के विज्ञापन में, तो सैफ अली खान व करीना कपूर एयरटेल के विज्ञापनों में साथ दिखे थे।

Tuesday, March 22, 2011

अब ‘जलेबीबाई’ बनकर ’धमाल’ मचाएंगी मल्लिका


मुंबई : ‘मुन्नी’ और ‘शीला’ के बाद अब ‘जलेबी बाई’ लोगों के होश उड़ाने को तैयार हैं। मलाइका अरोड़ा और कैटरीना कैफ़ के बाद अब मल्लिका शेरावत ‘जलेबीबाई’ बनकर ‘आइटम नंबर’ पर धमाल मचाएंगी। बॉलीवुड की हॉट और सेक्सी अदाकारा मल्लिका शेरावत एक बार फिर से दर्शकों के होश उडाने के लिए तैयार हैं। मल्लिका एक आइटम सांग करने जा रही हैं जिसमें वे अपनी हॉट और सेक्सी अदाओं से दर्शकों को दीवाना बना देंगी।

हॉट एंड सेक्सी मल्लिका एक बार फिर निर्देशक इंद्र कुमार की फिल्म ‘धमाल-3’ में आइटम गीत ‘जलेबी बाई’ पर थिरकती नजर आएंगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार इन्द्र कुमार अपनी सफल फिल्म ’धमाल’ की अगली कडी ’डबल धमाल’ में मल्लिका को एक छोटी सी भूमिका के साथ ही जलेबी बाई के नाम से एक आइटम सांग भी फिल्मा रहे हैं। इस गाने की शूटिंग महबूब स्टूडियो में की गई है और गणेश आचार्य ने इस गाने को कोरियोग्राफ किया है।

जब मल्लिका से पूछा गया कि क्या उनका आइटम नंबर ‘मुन्नी’ और ‘शीला’ को भी पीछे छोड़ देगा, तो मल्लिका का कहना था कि ‘वेट एंड वॉच’। वैसे मल्लिका के कोरियोग्राफर गणेश आचार्य का कहना है कि यह आइटम नंबर इस साल पर्दे पर आग लगा देगा।

ज्ञातव्य है कि इन्द्र कुमार निर्देशित धमाल में पहले कोई नायिका या यूं कहें नारी चरित्र नहीं था। चार नायकों के साथ संजय दत्त पांचवें नायक के रूप में फिल्म में विशेष आकर्षण के तौर पर थे। इस बार इन्द्र कुमार ने बाजार की मांग को देखते हुए आइटम नम्बर डाला है और मल्लिका को एक छोटी सी भूमिका भी दी है।

हालांकि मल्लिका 1 अप्रैल को प्रदर्शित होने जा रही अनीस बज्जी की फिल्म थैंक यू में भी एक फडकता हुआ आइटम कर रही हैं लेकिन इस गीत में उनके साथ चार नायक भी शामिल हैं और ’डबल धमाल’ में मल्लिका अकेली ही नज़र आएंगी।

Wednesday, March 9, 2011

बहन के लिये निर्माता बनेंगी कैटरीना


बॉलीवुड में अपना सिक्का जमा चुकीं कैटरीना कैफ़ ने अब अपनी बहन ’इसाबेल’ को बॉलीवुड में लांच करने की ठानी है। फिल्म इंडस्ट्री पर ज़्यादातर स्टार घरानों का ही ज़ोर है। यहां हर किसी को सफ़ल होने के लिये गाडफ़ादर का सहारा लेना ही पड़ता है। अब, कैटरीना कैफ की बहन इसाबेल भी बॉलीवुड में डेब्यू के लिए पूरी तरह तैयार है।

कैटरीना कैफ भी इस बात को भलीभांति जान गईं हैं कि बॉलीवुड में फैमली और फैमली के नाम का कितना महत्व है। सूत्रों के मुताबिक कैट अपनी बहन इसाबेल को बॉलीवुड में लांच करने के लिए खुद निर्माता बनने जा रही है। कैट ने एक फ्रेंच फिल्म के अधिकार भी खरीद लिए है, जिसमें महिला सैनिक का महत्वपूर्ण किरदार है। पहले इसे कैट खुद करना चाहती थी, लेकिन अब इस भूमिका को उनकी बहन इसाबेल निभाएंगी। इसाबेल हाल ही में यूएस से एक्टिग का कोर्स करके लौटी है। साथ ही कैटरीना ने भी उन्हें बॉलीवुड में काम करने के लिए बेसिक चीजें सिखा दी है।

Thursday, October 14, 2010

कर्नाटक की बीजेपी सरकार ने फ़िर जीता विश्वास मत


बंगलुरू : कर्नाटक में आया राजनीतिक संकट फ़िलहाल टल गया है। मुख्यमंत्री बीएस येद्दियुरप्पा ने विधानसभा में विश्वास मत हासिल किया। येद्दियुरप्पा द्वारा पेश विश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 106 और विरोध में 100 मत पड़े।बाद में विधानसभा अध्यक्ष केजी बोपैय्या ने सदन में इसकी घोषणा की गौरतलब है कि राज्यपाल हंसराज भारद्वाज ने सोमवार के विश्वास मत को तमाशा करार दिया था और उन्हीं के निर्देश पर आज सदन में दोबारा शक्ति परीक्षण होना था।
येद्दियुरप्पा और भाजपा के लिए सदन में दूसरी बार विश्वास मत हासिल करना आज उतना मुश्किल नहीं रहा। 224 सदस्यीय विधानसभा में 16 बागी विधायकों को अयोग्य करार दिए जाने के बाद से प्रभावी सदस्य संख्या घटकर 208 रह गई है। कर्नाटक विधानसभा में अब भाजपा के अध्यक्ष सहित 106 सदस्य हैं जबकि कांग्रेस के 73, जद-एस के 28 और एक निर्दलीय है। एकमात्र निर्दलीय विधायक वी प्रकाश ने सरकार के पक्ष में मतदान किया। भाजपा के पास अब 106 विधायकों का समर्थन है।
गौरतलब है कि भाजपा सरकार ने सोमवार को ध्वनिमत से विश्वास मत हासिल कर लिया था। लेकिन सदन की यह कार्यवाही अब अदालत के विचाराधीन है। सोलह विधायकों ने हाईकोर्ट की एक पीठ में याचिका दायर कर विधानसभा अध्यक्ष के जी बोपैय्या द्वारा उन्हें अयोग्य करार दिए जाने के आदेश को चुनौती दी है। हाईकोर्ट में विधायकों की याचिकाओं पर अब 18 अक्टूबर को सुनवाई होगी। वहीं किसी भी प्रकार की अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिये पुलिस ने राज्य विधानसभा सचिवालय विधान सौध में कड़े सुरक्षा प्रबंध कर रखे थे।

Thursday, July 22, 2010

टोयोटा की आल्टिस का डीज़ल वर्ज़न मार्केट में

टोयोटा ने गुरूवार को सेडान श्रेणी की लग्ज़री कार कोरोला एल्टिस का डीजल वर्ज़न बाज़ार में उतारा है। इसकी कीमत 10.95 लाख से 13.75 लाख के बीच है। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के कार्यकारी निदेशक हिरोशी नाकागावा ने कहा, भारत में बेहतर तकनीक की गाड़ियां लाने की हमारी दीर्घकालीन रणनीति के तहत हम कोरोला अल्टिस डीजल को यहां लाकर काफी खुश हैं। यह कार एक लीटर डीजल में 21.43 किलोमीटर दूरी तय करेगी और इसमें 1.4 लीटर क्षमता का चार सिलेंडर वाला डी-4 डी इंजन लगा है जिसमें बार-बार गियर बदलने की आवश्यकता नहीं प़डती। नाकागावा ने कहा, कोरोला अल्टिस डीजल में डी-4डी तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, और यह अपने सेगमेंट में सबसे बेहतर ईंधन दक्षता वाली कार है। कोरोला अल्टिस को सितंबर 2008 में बाजार में उतारा गया था। इसके डीजल मॉडल में भी उसी डी-4डी तकनीक का इस्तेमाल हुआ है जो कि इनोवा, फाच्र्यूनर, प्राडो और लैंड क्रूजर 200 में उपयोग की गई है।

Friday, July 9, 2010

मोबाईल बाज़ार में उतरा एक और कड़ा प्रतिद्वंदी॥


ज़बर्दस्त तेज़ी के साथ दिन ब दिन बढ़ते हुए भारतीय मोबाईल बाज़ार में अब एक और प्रतियोगी अपनी आकर्षक रेंज ले कर जल्द ही उतर रहा है। ज़ेन मोबाईल ने अपना एम 25 माडल लांच किया है, जो कि सभी आधुनिक तकनीकी खूबियों से तो सुसज्जित है ही, साथ ही में उसमें दीर्घकालिक बैटरी लाईफ़ भी है, इस फ़ोन में 2500 mAH पावर की बैटरी है, जिससे आप 16 घंटे का टाक टाईम प्राप्त कर सकते हैं, ज़ेन मोबाईल की माने तो M 25 में 72 दिनों का बैटरी बैकप मिलेगा। कम्पनी के अनुसार M 25 माडल ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगो को खास तौर पर ध्यान रख के बनाया गया है।

Friday, July 2, 2010

एप्पल आईफोन 4 सितंबर से भारतीय बाजार में उपलब्ध


दुनिया भर में धूम मचा रहा एप्पल आईफोन 4 जल्द ही भारतीय बाजार में उपलब्ध होगा। दुनिया के 88 देशों में एक साथ लांच होने के बाद सितंबर महीने में यह भारतीय बाजार में बिकने लगेगा। इसके लिए वोडाफोन और एयरटेल ने पूरी तैयारी कर ली है।भारत में 32 जीबी की मेमोरी के साथ इस फोन की कीमत 40 हजार रुपये जबकि 16 जीबी के साथ 35 हजार रुपये हो सकती है। हांलाकि वोडाफोन और एयरटेल के उपभोक्ताओ के लिए इस फोन में सुविधाएं सीमित होने की बात कही जा रही है। फोन के साथ दोनों कंपनियां अलग अलग प्लान पेश करेंगी। प्लान की जानकारी अभी कंपनी ने नहीं दी है।कई तरह की आधुनिक खूबियों से लैस इस फोन की विदेशों में जबर्दस्त मांग देखने को मिल रही है जिसके बाद देसी कंपनियों ने भी इसे भारत में लाने की तैयारी शुरु कर दी है। एप्पल आईफोन 4 अपने पिछले संस्करण आईफोन 3 के मुकाबले ज्यादा पतला और स्लिम है वाईफाई और विडियों कॉंफ्रेंसिंग के साथ इसमें 5 मेगापिक्सल का कैमरा लगा है।

Wednesday, June 30, 2010

कश्मीर में ताज़ा उपद्रवों के पीछे लश्कर : चिदंबरम


नई दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में ताजा उपद्रवों के पीछे लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों का हाथ है।
उन्होंने सोपोर में लश्कर-ए-तैयबा की सक्रियता के सबूत होने का दावा भी किया। चिदंबरम ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जून में जम्मू एवं कश्मीर में अशांति दिख रही है लेकिन सरकार वहां शांति बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है। सुरक्षा बलों को भी संयम बरतने की उन्होंने सलाह दी। चिदंबरम ने कहा कि अमरनाथ यात्रियों को पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। एक सवाल के जवाब में चिदंबरम ने कहा कि इस बात का फैसला कानून करेगा कि भोपाल की गैस त्रासदी के लिए कौन ज़िम्मेदार है।

इन्डिपेंडेंट न्यूज़ नेटवर्क

Wednesday, June 23, 2010

वेश्या वृति का बाज़ार गर्म, पुलिस ठंडी


विगत कुछ महीनों से न्यूज़लाईन के प्रतिनिधियों द्वारा संबंधित थाने के अधिकारियों को ज़बर्दस्त तरीके से बढती हुई वेश्या वृत्ति के बारे में आगाह करने के बावजूद पुलिस के कान पर जूं तक नही रेंग रही है। सहारनपुर के अंदर वेश्या वृत्ति का धंधा इस कदर ज़ोर पकड़ चुका है, कि सभ्यजनों का सड़क पर निकलना तक दूभर हो गया है। स्थिती और गंभीर तब हो जाती है, जब वेश्याओं, उनके दलालों और उनके ग्राहकों में रुपये पैसे के लेन देन को लेकर सड़कों पर ही तमाशे होने शुरु हो जाते हैं।

ऐसा ही एक मामला कल देर रात सहारनपुर रोडवेज़ पुलिस चौकी से मात्र 20 कदम की दूरी पर देखने को मिला जब वेश्याओं-ग्राहकों के बीच काफ़ी देर तक जमकर संघर्ष हुआ, इस दौरान जम कर भद्दी भद्दी गालियों का आदान प्रदान होता रहा लेकिन वहां पर मौजूद पुलिस कर्मी कोई भी कार्यवाही करने में बेबस और लाचार से खड़े रहे। इस संवाददाता द्वारा एक व्यक्ति से बात करने पर मालूम पड़ा कि हर थाने में वेश्या वृत्ति से होने वाली आमदनी का एक हिस्सा थानेदार को पहुंचाया जाता है।

: न्यूज़लाइन एजेंसीज़

Tuesday, June 22, 2010

भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा। नब्बे प्रतिशत से अधिक सरकारी कर्मचारी भ्रष्ट: हाई कोर्ट


दिल्ली हाईकोर्ट ने सोमवार को कहा कि गरीबों का शोषण करने वाले भ्रष्ट अधिकारीयों को जेल होनी चाहिए। न्यायमूर्ति शिव नारायण ढींगरा ने कहा की चाहे डीडीए, पुलिस या फिर एमसीडी कोइ भी विभाग हो यहां काम करने वाला 90 प्रतिशत स्टाफ भ्रष्ट है।अदालत ने एक राष्ट्रीयकृत बैंक के वरिष्ठ अधिकारी गोपाल कृष्ण की जमानत याचिका ठुकराते हुए यह टिप्पणी की।कृष्ण इस समय एक बालिका की शिकायत पर भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में हैं। बालिका ने प्रधानमंत्री रोजगार योजना के तहत दो लाख रुपये के ऋण के लिए आवेदन किया था जिसके एवज में उससे 20000 रुपये मांगे गए। जमानत याचिका ठुकराते हुए न्यायमूर्ति ने कहा कि इस मामले का सबसे दुर्भाग्यपूर्ण पहलू यह है कि इसमें बैंक का उपप्रबंधक लिप्त है।
अदालत ने कहा कि सरकार द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार योजना जैसी कई सरकारी योजना निचले तबके के ऐसे वर्ग के लिए चलाई जा रही है जो धन के अभाव में कोई काम नहीं शुरू कर पाते लेकिन इन भ्रष्ट अधिकारीयों की वज़ह से इन योजनाओं का लाभ उन लोगों को नहीं मिल पा रहा है।

बहन के प्रेमी की हत्या॥ कब कसेगी लगाम आनर किलिंग पर?




उच्चतम न्यायालय के केंद्र सरकार और कुछ राज्यों की सरकारों को नोटिस जारी करने के बाद भी ऑनर किलिंग के मामले थम नहीं रहे हैं। इस बार दो चचेरे भाईयों ने अपनी बहन के प्रेमी व रिश्ते के चाचा को ठिकाने लगा दिया। गाज़ियाबाद के
पुलिस अधीक्षक रघुबीर लाल ने बताया कि 14 जून को मसूरी थाना क्षेत्र के गांव चौना निवासी होशियार सिंह ने अपने भतीजे प्रमोद पुत्र मांगेराम की गुमशुदगी दर्ज कराई थी और गांव के ही दो युवकों रणवीर पुत्र जिले सिंह व धर्मेद्र पुत्र राजपाल पर शक जताया था एसएसपी ने बताया कि रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि जिन दो युवकों पर होशियार नामक व्यक्ति ने अपने भतीजे प्रमोद को गायब करने का आरोप लगाया है, उन्हें प्रमोद के परिजनों ने उन्हीं के घर पर बंधक बना रखा है। इस पर पुलिस पार्टी मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपी युवकों को हिरासत में लेकर थाने आ गई।
पूछताछ में आरोपी युवकों ने बताया कि प्रमोद गांव के रिश्ते में उनका चाचा लगता था। रणवीर ने बताया कि उसकी छोटी बहन के साथ प्रमोद के प्रेम-संबंधो के चलते उसने उसने अपने चचेरे भाई धर्मेद्र के साथ मिलकर प्रमोद को ठिकाने लगाने की साजिश रची। साजिश के तहत वें दोनों 14 जून को प्रमोद को अपनें साथ एनटीपीसी थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर ले गए, जहां पर तीनों ने शराब पी। प्रमोद को जब नशा चढ़ गया तो धर्मेद्र ने उसके पैर पकड़ लिए, और रणवीर ने पास में ही बह रहे बरसाती नाले में उसका मुंह तब तक डुबाए रखा, जब तक उसका दम नहीं निकल गया। बाद में शव को वहीं नाले में छोड़ कर ऊपर से उन्होंने घास-फूस से ढक दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर प्रमोद का शव रसूलपुर गांव के बरसाती नाले से बरामद कर लिया है।

Monday, June 21, 2010

चीन:बारिश से भारी तबाही, 175 मरे


बीजिंग। चीन के दक्षिणी हिस्से में पिछले एक सप्ताह से हो रही भारी बारिश में अब तक कम से कम 175 लोग मारे जा चुके हैं और करीब 20 लाख लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। तूफान से डेढ़ करोड़ से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं जिसमें नौ प्रांतों से करीब 93 व्यक्ति 13 जून से लापता हैं। बाढ़ के कारण जहां एक और लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं वहीं बिजली आपूर्ति और परिवहन की सुविधाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं। । 784,200 हेक्टेयर क्षेत्र में खड़ी फसल नष्ट हो गई है और विभिन्न कस्बों में हजारों नागरिक बाढ़ के पानी में फंसे हुए हैं।

Friday, June 18, 2010

मेरठ: बेटी से बलात्कार के आरोपी ने की हवालात में खुदकुशी


मेरठ : थाना कंकरखेडा के हवालात में बेटी से रेप के आरोपी सरजू ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली पुलिस विभाग में ज़बर्दस्त हड़कम्प. तमाम आला अधिकारी आई जी, डी आई जी समेत मौक़े पर.

न्यूज़लाईन

न्यूज़लाईन विशेष: अजब गांव की गज़ब कहानी: आस्था या अंधविश्वास:




खालिद हसन -
कुशीनगर:इसे आस्था का जुनून कहें या फ़िर अंधा विश्वास ,जहां हर हाल में सदियों से चली आ रही अजीबो-ग़रीब परंपरा को निभाने का चलन है। परंपरा की बेड़ियों में जकड़े लोगों की ये दिलचस्प कहानी उत्तर प्रदेश के कुशीनगर ज़िले की है, जहां का मुंडेरा गांव आज के दिन पूरी तरह से ख़ाली हो जाता है, दिन निकलने से पहले इस गांव के सब लोग गांव की सीमा से बाहर चले जाते हैं और दिन ढ़लने के बाद ही गांव में वापिस आते हैं। इस दौरान घरों में ताले भी नहीं लगाये जाते। हर तीसरे साल जेठ महीने के शुक्ल पक्ष के शुक्रवार या सोमवार को इस अजीब परंपरा को निभाया जाता है। दिन निकलते ही गांव की बाहरी सीमा पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग जाता है और गांव में पूरी तरह सन्नाटा छा जाता है। काली मंदिर मे पूजा और सूर्यास्त के बाद गांव की परिक्रमा कर पताका फहरायी जाती है और इसके बाद ही लोगों की गांव में वापसी होती है। इस पूरे प्रायोजन को 'पराह' कहा जाता है।
गांव के बुज़ुर्गों के मुताबिक सदियों से चली आ रही इस परंपरा के निभाने से पूरा गांव गंभीर बीमारी और दैवीय आपदा से बचा रहता है। दर असल कई सौ साल पहले इस गांव में थारू जन जाति की बस्ती थी, जिन्हें सपने में मां काली ने गांव के बाहर पराह करने के आदेश दिये थे और ये भी कहा था कि ऐसा करने से पूरा गांव गंभीर बीमारी और दैवीय आपदा से बच जायेगा। थारू जन जाति के लोगों की इस परंपरा को मुंडेरा गांव के लोग आज भी ज़िंदा रखे हुए हैं। यही नहीं गांव मे कोई नव विवाहिता हो या प्रसूता स्त्री सभी को इस परंपरा का पालन करना पड़्ता है। और तो और गांव के बाहर काम करने वाले इस गांव के लोग छुट्टी लेकर इस परंपरा को निभाने आते हैं। इस गांव के लोगों की ये भी मान्यता है कि पराह के दिन यदि कोई गांव मे रुका और उसने पानी भी पिया तो वो अंधा हो जाता है इस डर से भी गांव में कोई भी नहीं रुकता। पराह के दिन घरों में ताले नहीं लगते और चोरी भी नहीं होती। इस मौके पर चंदे के पैसे से खरीदी गई एक भेड़ के गले मे कुछ खाद्य सामग्री बांध उसे काली मंदिर ले जाया जाता है जहां उसके गले से सामग्री खोल कर प्रसाद स्वरूप बांट दिया जाता है। एक दर्जन ब्राहमणॊं को इस मौके पर भोजन कराया जाता है। इस वैज्ञानिक युग में गांव वालों की नज़र मे पराह एक धार्मिक आयोजन है और इन लोगों का इस परंपरा में पूरा विश्वास है।

अब आमिर खान भी ट्विटर पर !!


बालीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन के मनाने पर अब आमिर खान भी माईक्रो ब्लागिंग साईट ट्विटर/Twitter, पर अपनी उपस्थिती का अहसास करवायेंगे। अभी तक आमिर खान ट्विटर पर इस लिये नही आ रहे थे, क्योंकि उन्हे लगता था कि वे उसे ज़्यादा वक्त नही दे पायेंगे। लेकिन बालीवुड ह्रुदय सम्राट अमिताभ बच्चन द्वारा ज़ोर देने पर वो 1 July से ट्विटर पर खाता खोलेंगे।


राज्य सभा के नये महारथी!!


राज्यसभा की 18 सीटों के लिए गुरुवार को पांच राज्यों में हुए चुनावों में विधायकों ने पार्टी व्हिप का खुलकर उल्लंघन किया। सबसे ज्यादा क्रॉस वोटिंग बिहार में हुई जहां इसी साल चुनाव होने हैं। राजस्थान में जाने-माने वकील राम जेठमलानी भाजपा के टिकट पर आसानी से ऊपरी सदन पहुंच गए, जबकि कर्नाटक में उद्योगपति विजय माल्या की भी भाजपा ने जीत में भरपूर मदद की। बिहार में पासवान के अलावा राजद-लोजपा उम्मीदवार रामकृपाल यादव, जदयू के रामचंद्र प्रसाद सिंह और उपेंद्र कुशवाहा, भाजपा के राजीव प्रताप रूडी चुनाव जीत गए। कर्नाटक से बिहार किस्मत आजमाने गए उद्योगपति बीजी उदय को कुल दो वोट मिले। उन्हें समर्थन देने वाले बसपा उम्मीदवारों में भी चार ने रामकृपाल यादव का साथ दिया। भाजपा के बनवारी राम ने राजद को वोट दे दिया, जबकि राजद के दो विधायकों ने जदयू का साथ दिया। जदयू के दो विधायक मतदान से गैरहाजिर रहे। राजस्थान में मामला दिलचस्प रहा। जेठमलानी को उम्मीद से ज्यादा वोट मिले। उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए भाजपा ने अपने विधायकों को नजरबंद कर रखा था। भाजपा के अलावा कुछ निर्दलीय विधायकों ने भी जेठमलानी का साथ दिया। माकपा ने गैरहाजिर रहकर उनकी मदद की। इससे जेठमलानी को चुनौती देने वाले कांग्रेस नेता और निर्दलीय उम्मीदवार संतोष बागड़ोदिया बुरी तरह हार गए। राजस्थान से कांग्रेस के आनंद शर्मा और अश्क अली टाक व भाजपा के वीपी सिंह भी जीत गए। कर्नाटक में कांग्रेस के ऑस्कर फर्नाडिस और भाजपा के एम वेंकैया नायडू व ए मंजूनाथ तो चुनाव जीते ही, साथ ही जेडीएस समर्थित विजय माल्या को भी भाजपा ने पूरा समर्थन दिया।
प्रसिद्ध उद्योगपति विजय माल्या, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष एम. वेंकैया नायडू और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नाडीस कर्नाटक से राज्यसभा चुनाव जीतने में सफल रहे हैं।
निर्दलीय उम्मीदवार विजय माल्या पर सबकी निगाहें टिकी थे। इसके बावजूद वह शुरू से ही अपनी जीत के प्रति आश्वस्त दिख रहे थे और अंतत: उसे साबित भी कर दिखाया। वह इससे पहले 2002 में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। माल्या, नायडू और फर्नाडीस के अलावा भाजपा के अयानूर मंजूनाथ ने भी जीत दर्ज की। एकमात्र असफल रहे उम्मीदवार हैं कांग्रेस के टी. वी. मारूती। चौथी सीट के लिए उनके और माल्या के बीच मुकाबला था। माल्या को जनता दल (सेक्यूलर) के 27, एक निर्दलीय और भाजपा के दूसरी वरीयता के मत प्राप्त हुए। कांग्रेस की हार सुनिश्चित करने के लिए भाजपा ने
संघ नेतृत्व के निर्देश को ताक पर रख भाजपा ने माल्या का साथ दिया। झारखंड में धीरज साहू व झामुमो के केडी सिंह जीत गए, मगर भाजपा के अजय मारू हार गए। बिहार में कांग्रेस के राजद-लोजपा के साथ न आने से राजद के पांच विधायकों ने झारखंड में झामुमो उम्मीदवार केडी सिंह को वोट दिया। उड़ीसा में सत्ताधारी बीजद के तीनों उम्मीदवार प्यारे मोहन महापात्र, एसएन बेहेरा और षष्टम ओल्डा चुनाव जीत गए। भाजपा ने गैरहाजिर रहने का एलान किया था, मगर उसके एक विधायक भीमसेन चौधरी ने वोट डाला|

कैलाश मानसरोवर का प्राचीन रास्ता मिला!!


भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ने कैलाश मानसरोवर जाने का वैकल्पिक रास्ता ढूंढ निकाला है। सैकड़ों साल पहले तीर्थयात्री इसी रास्ते का प्रयोग करते थे। 60 किलोमीटर लंबा यह रास्ता भारतीय क्षेत्र में पड़ता है।

इसे खोजे जाने के बाद अब इसका विकास वैकल्पिक रास्ते के रूप में किया जायेगा। मुख्य मार्ग पर भूस्खलन होने या उत्तराखंड की ऊपरी पहाड़ियों में हिमपात की स्थिति में इसका उपयोग किया जा सकता है। आईटीबीपी ने नए रास्ते पर ट्रेकिंग भी कर के देख लिया है। बल के प्रमुख आरके भाटिया ने बताया कि जवानों ने ऐतिहासिक नक्शों, दस्तावेजों और पत्रों से प्राप्त संदर्भों के सहारे पूरे सफर को एक किताब की शक्ल दी है। ‘कुमाऊं और कैलाश’ नाम की इस किताब का गुरुवार को दिल्ली में विमोचन किया गया। इस साल 29 मई से शुरू हुई यात्रा 24 सितंबर तक चलेगी। करीब 960 तीर्थयात्रियों ने यात्रा के लिए पंजीकरण करवाया है इस यात्रा के दौरान तीर्थयात्री कैलाश पर्वत और तिब्बत में स्थित मानसरोवर झील की परिक्रमा करते हैं।

Thursday, June 17, 2010

डिलीवरी के दौरान बच्चे की मौत


Muzaffarnagar/मुज़फ़्फ़रनगर: शामली के संजीवनी हौस्पिटल में डिलीवरी के दौरान बच्चे की मौत. गुस्साए परिजनों ने किया भरपूर हंगामा, अस्पताल में जमकर की तोड-फोड । रिपोर्ट : न्यूज़लाइन मुज़फ़्फ़रनगर ब्यूरो

ख़ूबसूरत राजनेता


चुनाव जीतने के लिए क्या चाहिए? वोटबैंक का गणित, प्रलोभन, सपने, नारे... शायद किसी हद तक विकास की गाथा भी | परंतु हाल-फ़िलहाल के नज़रिये से देखा जाए तो साथ ही साथ चुनाव जीतने के लिए सुंदर दिखना भी उतना ही आवश्यक हो चला है |
एक नये शोध के अनुसार, लोग वोट देते समय उम्मीदवार की सुंदरता को भी ध्यान में रखते हैं. वे भले ही इस बात पर अधिक गौर ना फ़रमाते हों परंतु उम्मीदवार की शारीरिक रूपरेखा मतदाता की पसंद को अवश्य ही प्रभावित करती है |
राजनेता की छवि का लोगों के दिमाग पर गहरा असर पड़ता है परंतु उतना ही असर उसके हावभाव और उसली "लाइफस्टाइल" का भी पडता है | यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ ब्रिटेन के क्रिस्टोफर ओलिवोला और प्रिंसटन यूनिवर्सिटी के एलेक्ज़ेंडर टोदोरोव के अभ्यास के अनुसार लोगों के मतदान पर राजनेता की शारीरिक सुंदरता का गहरा प्रभाव पडता है. यह प्रभाव उन लोगों पर अधिक पडता है जो कम पढे लिखे हैं तथा जो कूट राजनीति को नहीं समझते तथा ना ही देश दुनिया की खबरों से सरोकार रखते हैं |
जो लोग कम पढे लिखे हैं तथा जो बहुत टीवी देखते हैं और लोगों से बहुत जल्द प्रभावित हो जाते हैं, उन पर राजनेताओं की शारीरिक सुंदरता का गहरा प्रभाव पडता है. जब वे वोट देने जाते हैं तो उन्हें अपनी पसंद बनाने के लिए किसी ना किसी आधार की आवश्यकता पड़ती है. ढेर सारे मुद्दों और बातों के बीच उनका दिमाग सबसे छोटा रास्ता तलाशता है यानी कि "शोर्टकट". यह शोर्टकट उन्हें राजनेता की शारीरिक अवस्था में मिलता है क्योंकि वह मतदाता सबसे पहले वही देखता है |
इसलिए वोट देते समय उसकी पसंद उस उम्मीदवार पर ठहर जाती है जो सुंदर हो. यह सुंदरता उम्मीदवार के चेहरे, उसकी मुस्कान, उसकी गम्भीरता और उसके शरीर सौष्ठव आदि पर निर्भर करती है |

किर्गिस्तान से भारतीयों को जल्द लाया जाएगा स्वदेश

नई दिल्ली/ ओश : किर्गिस्तान के दंगाग्रस्त ओश शहर से निकाले गए भारतीय छात्रों को स्वदेश लाने के लिए चार्टर्ड विमान भेजा जाएगा। केंद्र सरकार ने जरूरतमंद छात्रों के लिए एकतरफा मुफ्त टिकट का भी इंतजाम किया है। ओश समेत किर्गिस्तान के अन्य शहरों में जारी जातीय दंगों में अब तक 179 लोग मारे गए हैं। हिंसा की वजह से 275000 नागरिक पलायन कर चुके हैं। किर्गिस्तान और उज्बेकिस्तान सीमा पर कम से कम 60000 शरणार्थी जमा हो गए हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने बुधवार को बताया कि किर्गिजिस्तान की राजधानी बिश्केक स्थित भारतीय उच्चयोग छात्रों की घर वापसी के इंतजाम करेगा।
उन्होंने बताया कि बिश्केक में चार्टर्ड और व्यावसायिक विमानों की आवाजाही बेरोकटोक हो रही है। कुछ छात्र अभी किर्गिस्तान में ही रहना चाहते हैं। उनकी सुरक्षा के लिए बिश्केक में हॉस्टल का इंतजाम किया गया है।
: न्यूज़लाइन एजेंसीज़

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York