Showing posts with label Hindi News. Show all posts
Showing posts with label Hindi News. Show all posts

Wednesday, June 15, 2011

निघासन कांड की सीबीआई जांच पर राजनीति शुरू


लखनऊ : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के निघासन में हुई नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में राजनीति शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री मायावती ने बुधवार को कहा कि उन्हें इस मामले की सीबीआई जांच कराने में कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उन्हें डर है कि कहीं इस मामले का हश्र भी आरुषि हत्याकाड की तरह न हो जाए।मायावती ने संवाददाताओं से कहा कि लड़की के परिजन अगर मामले की सीबीआई या किसी अन्य एजेंसी से जाच कराना चाहते हैं तो मेरी सरकार को इसमें कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि हालांकि हमें डर सिर्फ इस बात का है कि कहीं यह मामला भी नोएडा के आरुषि हत्याकाड की तरह खुर्दबुर्द न हो जाए।

मुख्यमंत्री ने निघासन थाना परिसर में 14 वर्षीय लड़की सोनम की पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की घटना की निंदा करते हुए कहा कि वह पीड़ित परिवार को विश्वास दिलाना चाहती हैं कि इस मामले के दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मायावती ने कहा कि मैं यह कहना चाहती हूं कि महिलाओं के खिलाफ जब भी इस तरह की अमानवीय घटना हो तो विपक्षी दल दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अपराधियों को पकड़ने में मदद करें। उन्हें ऐसे मामलों पर गंदी राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं पर जो भी अत्याचार हुए हैं उनके लिए पूर्ववर्ती सरकारों को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।

मायावती ने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टियों ने अपने-अपने कार्यकाल में अपने फायदे के लिए बड़ी तादाद में पेशेवर माफिया और अपराधी तैयार किए। उन्होंने कहा कि उन पार्टियों ने सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार और अमानवीयता भरी। हमें यह बुराई उनसे विरासत में मिली है। मुख्यमंत्री ने केंद्र पर सरकारी आयोगों का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश को छोड़कर किसी और राज्य में दलितों पर होने वाले अत्याचार की जांच के लिए अपने आयोगों के दलों को नहीं भेजती है।

Tuesday, April 26, 2011

पाक में आतंकियों ने बस फूंकी, 15 ज़िंदा जले


क्‍वेटा : पाकिस्तान के ब्लूचिस्तान प्रांत में सिबी के निकट अज्ञात हमलावरों ने मंगलवार सुबह सवारियों से भरी बस में आग लगा दी। इस घटना में महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 15 लोगों की जलकर मौत हो गई। ऐसा माना जा रहा है कि पाकिस्‍तान में उठी बंटवारे की मांग के बीच आतंकियों ने यह कदम उठाया है।

इससे पहले पंजाब प्रांत के मुख्‍यमंत्री शाहबाज शरीफ ने मांग की थी कि सिंध प्रांत का बंटवारा कर कराची को अलग प्रांत बनाया जाए। हालांकि सोमवार को वह अपने बयान से मुकर गए। उनके बयान पर तीखी प्रतिक्रिया हुई थी। सोमवार को पाकिस्‍तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के दफ्तर पर हुए हमले को भी शरीफ के बयान से ही जोड़ कर देखा जा रहा है। मंगलवार की घटना का संबंध भी इसी बात से जोड़ा जा रहा है। हालांकि इस बारे में अभी कोई पुख्‍ता संकेत नहीं हैं। शरीफ ने अपने दफ्तर में मीडिया के सामने सफाई दी कि वह तो बस यह पूछ रहे थे कि क्‍या कराची को अलग प्रांत बनाया जा सकता है, उन्‍होंने ऐसी कोई मांग नहीं की थी या सुझाव नहीं दिया था।

पुलिस के मुताबिक मरने वाले में सात बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा, मरने वाले लोगों में से तीन अल्पसंख्यक हिन्दू समुदाय के हैं। इनकी पहचान कपिल, वरशीन और पूजामल के तौर पर की गई है।

स्‍थानीय अखबार "द डॉन" ने सिबी के पुलिस उपायुक्त नसीर अहमद नासिर के हवाले से खबर दी है कि क्वेटा से करीब 160 किलोमीटर दूर यह हादसा सिबी शहर में उस वक्त हुआ जब एक बस सिंध प्रांत के जाकोबाबाद से क्वेटा की ओर जा रही थी। रास्ते में यह बस सड़क के किनारे एक रेस्तरां के सामने रूकी हुई थी।

Monday, April 25, 2011

कंधार जेल से 500 आतंकी फ़रार


अफ़ग़ानिस्तान के शहर कंधार की एक जेल से 470 से अधिक तालिबान आतंकियों के भाग निकलने की ख़बर हैं। चरमपंथी विद्रोहियों ने बाहर से जेल तक एक सुरंग खोदी और अपने साथियों को छुड़ाकर निकल भागे। वहीं तालिबान ने कहा है कि उनके सौ से ज़्यादा कमांडर मुक्त करवा लिए गए हैं। जेल के अधिकारियों ने भी स्वीकार किया है कि जो क़ैदी भाग निकले हैं उनमें से कई तालिबान चरमपंथी थे.

जेल के महानिदेशक ग़ुलाम दस्तगीर मयार के मुताबिक जेल के बाहर दक्षिणी हिस्से से जेल तक कई सौ मीटर लंबी एक सुरंग बनाई गई और रविवार की रात इससे 476 राजनीतिक क़ैदी भाग निकले। कंधार प्रांत के गवर्नर के कार्यालय ने कहा है कि जो लोग भागे थे उनमें से कुछ लोगों को पकड़ लिया गया है हालांकि इनका विवरण नहीं दिया गया है।

तालिबान के एक प्रवक्ता ने कहा है कि उन्होंने 320 लंबी (1050 फुट) लंबी सुरंग खोदी और इसमें उन्हें पाँच महीनों का समय लगा। जो जेल से निकले हैं उनमें से क़रीब सौ तालिबान कमांडर हैं और शेष विद्रोह में साथ दे रहे लड़ाके हैं। तालिबान प्रवक्ता ज़बीउल्लाह मुजाहिद ने कहा, "जो जेल से निकले हैं उनमें से क़रीब सौ तालिबान कमांडर हैं और शेष विद्रोह में साथ दे रहे लड़ाके हैं।"

जेल से निकल भागे एक तालिबान लड़ाके का कहना है कि उसे 360 मीटर लंबी सुरंग से निकलने के लिए कोई आधे घंटे घुटनों के बल रेंगना पड़ा। पिछले तीन साल में जेल तोड़कर तालिबान के निकल भागने की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले जून, 2008 में एक आत्मघाती हमलावर ने कंधार जेल के दरवाज़े पर ख़ुद को उडा़ लिया था जिसके बाद 900 क़ैदी भाग निकलने में सफल हो गए थे।

राजस्थान की कोच्चि पर विजय


जयपुर : आईपीएल-चार में राजस्थान रॉयल्स ने रविवार को कोच्चि टस्कर्स पर आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज की। कोच्चि की टीम 109 रन पर सिमट गई। रॉयल्स टीम ने 14.1 ओवर में दो विकेट खोकर आसानी से जीत हासिल की। राजस्थान की ओर से वाटसन ने ४९ और द्रविड़ ने ४४ रन बनाए। रॉयल्स की जीत के हीरो कप्तान वार्न रहे, जिन्होंने १६ रन पर तीन विकेट लिए। सिद्धार्थ त्रिवेदी को भी तीन विकेट मिले। इस जीत के बाद रॉयल्स तालिका में दूसरे स्थान पर आ गए।

वाटसन और द्रविड़ ने पहले विकेट के लिए ७१ रन जोड़ते हुए रॉयल्स की आसान जीत तय कर दी थी। द्रविड़ ने चार चौके व एक छक्का जमाया, जबकि वाटसन के बल्ले से चार चौके व दो छक्के निकले।

इससे पहले टॉस हारकर खेलने उतरी कोच्चि टीम फ्लॉप रही। पार्थिव पटेल, रविंद्र जडेजा (२२) व कप्तान जयवर्धने (१३) के अलावा कोच्चि का कोई बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाया।

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान शेन वार्न ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 16वें ओवर की तीसरी व चौथी गेंद पर जडेजा (22) व पार्थिव (32) को आउट किया। इनके आउट होते ही कोच्चि की पारी जल्दी सिमट गई। वार्न ने ३ विकेट लिये।

फूट-फूट कर रो पड़े तेंदुलकर


पुट्टापर्थी : सत्य साईं बाबा के सपरिवार अंतिम दर्शन करने पहुंचे भक्त मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर सत्य साईं के पार्थिव शरीर के पास फूट-फूटकर रो पड़े। सोमवार को सचिन सत्य साईं बाबा के अंतिम दर्शन करने पुट्टापर्थी पहुंचे।

सचिन के साथ गईँ उनकी पत्नी अंजलि ने भी सत्य साईं को भावभीनि श्रद्धांजलि दी। सत्य साईं को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी आंखें भी नम हो गई। उल्लेखनीय है कि मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की सत्य साईं बाबा के प्रति आस्था बेहद असीम है। वह अपने किट में हमेशा बाबा की तस्वीर लगा कर रखते हैं। सचिन जब भी अपने किट को खोलते हैं तो सबसे पहले सत्य साईं को नमन करते हैं।

रविवार को उनके निधन का समाचार सुनकर मास्टर ब्लास्टर इस कदर आहत हो गए थे कि उन्होंने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया था और डू नोट डिस्टर्ब का बोर्ड लगा दिया था। उनकी मृत्यु से आहत सचिन ने रविवार को अपना जन्मदिन भी नहीं मनाया।

सत्य साईं के पार्थिव शरीर को पुट्टापर्थी के कुलवंत हॉल में उनके भक्तों के दर्शनार्थ रखा गया है। बुधवार को उनको समाधिस्थ किया जाएगा। आंध्र प्रदेश सरकार ने उनके शरीर त्यागने पर चार दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

गर्भवती हैं कार्ला ब्रूनी


पेरिस : फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी की पत्नी कार्ला ब्रूनी गर्भवती हैं। इस खबर का न तो राष्ट्रपति निवास एलिसी पैलेस और न ही वरिष्ठ मंत्रियों ने खंडन किया है। डेली मेल आनलाईन ने इस आशय की ख़बर प्रकाशित की है।

डेली मेल के मुताबिक, 43 वर्षीय ब्रूनी का सार्कोजी से यह पहला बच्चा होगा। कार्ला का अपने पूर्व प्रेमी फिलॉस्फर राफेल एंथोवन से एक बेटा है, जो 2001 में पैदा हुआ था। उसका नाम ऑरलीन है। सरकोजी के पहली पत्नी मैरी डॉमनीक से दो बेटे पियरे (26) और जीन (25) हैं। दूसरी पत्नी सेसिलिया से उनका तीसरा बेटा भी है, जिसका नाम लुइस (14) है। सूत्रों का कहना है कि ब्रूनी को प्रेग्नेंट हुए कुछ ही हफ्ते हुए हैं, इस लिहाज से अगले स्प्रिंग में प्रेजिडेंशल कैंपेन के वक्त सरकोजी पिता बनेंगे। इन चुनावों को लेकर सरकोजी को उम्मीद है कि वह दूसरी बार भी राष्ट्रपति चुने जाएंगे।

56 साल के सार्कोजी से फटाफट प्यार के बाद ब्रूनी ने 2008 में शादी कर ली थी। गर्भवती होने की खबरें सबसे पहले फ्रेंच मैगजीन क्लोजर में आईं। मैगजीन ने सूत्रों के हवाले से इस खबर के पक्की होने का दावा किया। इस मैगजीन ने कुछ समय पहले भी इस तरह का दावा किया था, जो गलत साबित हुआ। ब्रूनी के मां बनने की अटकलें सबसे पहले फ्रांसीसी पत्रिका 'कलोजर' के ताजा अंक में भी प्रकाशित हुई थी।

Tuesday, April 12, 2011

सात माह से घर में बंद दो ज़िंदा लाशों को निकाला


पिता की मौत ने दो बहनों को इतना व्यथित कर दिया कि उन्होंने खुद को ही अपने घर में बंद कर लिया। इन दोनों ने इस दौरान न तो कुछ खाया-पिया और न ही कपड़े बदले। 7 महीने बाद जब इन दोनों बहनों को बंद मकान से बाहर निकाला गया तो इनकी स्थिति कंकाल जैसी हो चुकी थी, समाजसेवी संगठन और कालोनी वासियों की मदद से पुलिस इन दोनों बहनों को जबरन निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां एक बहन की हालत चिंताजनक बनी हुई है। एक बहन का नाम सोनाली, दूसरी का अनुराधा है।

नोएडा के सेक्टर-29 के फ्लैट-326 में दो लड़कियां पिछले 7 महीने से घर में बंद थीं । रेज़ीडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन ने कुछ दिन पहले पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी कि इस फ्लैट में रहने वाले का अता-पता उसे नहीं है क्योंकि कोई बाहर नहीं निकलता पर आवाज अकसर सुनी जा सकती है।

मंगलवार सुबह नोएडा पुलिस एक समाजसेवी संगठन की मदद से इस फ्लैट में पहुंची। आरडब्ल्यूए के मुताबिक यहां पर एक रिटायर्ड कर्नल अपने तीन बच्चों के साथ रहते थे। सात महीने पहले जब रिटायर्ड कर्नल की मौत हुई तो इस घर का लड़का भी यहां से चला गया और दो बहनें यहीं रह गई। तभी से कभी घर का दरवाजा खुला नहीं देखा गया। जब पुलिस दरवाजा खोलने की कोशिश कर रही थी, तो अंदर से नहीं-नहीं की हल्की और कमज़ोर सी आवाज आ रही थी।

इन दोनों लड़कियों ने खुद को घर में स्वेच्छा से बंद कर रखा था। पोलिस द्वारा दरवाजा खोले जाने पर कमरे में से बहुत बदबू आ रही थी। एक लड़की तो उठने की स्थिति में ही नहीं थी और पूरी तरह से कंकाल हो चुकी थी। उसे किसी तरह स्ट्रेचर पर बाहर लाया गया। दूसरी बहन की हालत भी काफ़ी ख़राब हो चुकी थी। उसके मुंह से इतनी बदबू आ रही थी कि उसके सामने खड़ा होना भी मुश्किल था। वो तीन-तीन स्वेटर पहने हुई थी जो वे अपने पिता की मृत्यु के बाद से पहने हुई थी। दोनों बहनों को नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है पर बड़ी बहन हालत काफ़ी चिंताजनक बताई जा रही है।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह चीन रवाना


नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अपनी पांच दिन की चीन यात्रा पर आज रवाना हो गये। प्रधानमंत्री पांच विकासशील देशों के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिये चीन गये हैं। ब्रिक्स के नाम से चर्चित इन देशों - ब्राजील,रूस,भारत,चीन और दक्षिण अफ़्रीका के नेता ईंधन और खाद्य सुरक्षा जैसे बड़े मुद्दों पर समन्वित प्रयास की आवश्यकता पर बल देने के साथ साथ खाड़ी तथा उत्तरी अफ़्रीकी देशों में उभरी नई अनिश्चितताओं से उत्पन्न स्थिति पर भी चर्चा करेंगे।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की यह विदेश यात्रा पांच दिन की है, जिसमें आखि‍री दो दिन वह कजाकिस्तान में होंगे। प्रस्थान के समय सिंह ने एक बयान में कहा, आर्थि‍क वृद्धि के परंपरागत स्रोत अब भी दबाव में हैं और इस बीच विश्व के विभिन्न हिस्सों में हाल की घटनाओं से अनिश्चितता उभरी है. सम्मेलन के विषयों के बारे में में विदेश मंत्रालय में सचिव आर्थि‍क संबंध मानबीर सिंह ने कल कहा था कि लीबिया एक ‘प्रमुख मुद्दा’ है क्योंकि यह सभी बिक्स देशों को प्रभावित करता है. शिखर सम्मेलन में इस मुद्दे पर चर्चा होने की उम्मीद है.

चीन के दक्षिणी तटवर्ती शहर सान्या में होने इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री सिंह की चीनी राष्ट्रपति हू जिंताओं, रूस के राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव, ब्राजील के राष्ट्रपति दालिमा रोसेफ़ और दक्षिण अफ़्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा से मुलाकात करेंगे।

प्रधानमंत्री की इस यात्रा को भारत-चीन के संबंधों के निहितार्थ भी देखा जा रहा है। इससे पहले प्रधानमंत्री के साथ जाने वाले जम्मू-कश्मीर के पत्रकारों को चीनी दूतावास ने अलग से कोई वीज़ा

यासमीन होंगी राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष


नई दिल्ली। राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य यासमीन अबरार अब अध्यक्ष का पद संभालेंगी। वर्तमान अध्यक्ष डॉ. गिरिजा व्यास के कार्यकाल 8 अप्रैल को पूरा हो रहा है, जिसके बाद यासमीन इस पद को संभालेंगी।

अबरार राष्ट्रीय महिला आयोग के अध्यक्ष के पद पर तब तक बनी रहेंगी जब तक कि राष्ट्रीय महिला आयोग अधिनियम के अधीन नए मनोनयन द्वारा यह रिक्ति नहीं भरी जाती। अबरार वर्ष 2005 से राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य रही हैं। वर्ष 2008 में उन्हें इस आयोग की सदस्य के रूप में दोबारा नामांकित किया गया था।

यासमीन अबरार राजस्थान के जाने-माने स्वतंत्रता सेनानी की पुत्री और केन्द्रीय वित्त और संसदीय कार्य राज्य मंत्री स्व डॉ. अबरार अहमद की पत्नी हैं। एक राजनीतिक परिवार में पैदा हुई यासमीन ने वर्ष 1998-2003 में राजस्थान विधानसभा की सवाई माधोपुर से सीट से विधायक भी रह चुकी हैं । इसके अलावा वह राष्ट्रीय महिला कोष की सलाहकार भी रह चुकी है। यासमीन ने महिलाओं और बच्चों के उत्थान के लिए कई उल्लेखनीय कार्य किये हैं।

देश भर में रामनवमी की धूम


नई दिल्ली : चैत्र नवरात्र के बाद आज देश भर में रामनवमी हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। मंदिरों मे भक्तों का सैलाब उमड़ा हुआ है तो वहीं भजन कीर्तन के साथ हवन का दौर जारी है। रामनवमी और नवरात्रों की समाप्ति के बाद मंदिरों में दर्शनार्थियों की कतार लगी हैं।

सिद्धपीठ शाकंभरी में भी भक्तों का जमावड़ा लगा हुआ है। माता के दर्शनों के लिये लोग की लंबी-लंबी कतारें सुबह से ही लगनी शुरू हो गई थी। देश भर से आये श्रद्धालु सिद्धपीठ में दर्शन लाभ ले रहे हैं।

नवमीं के मौके पर सुबह से ही देवी और राम मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम जारी है। यहां पहुंचने वाले सभी भक्त पूजा-अर्चना कर मंगलमय जीवन की कामना कर रहे है। देश भर के तमाम मंदिरों और सिद्धपीठों में धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चल रहा है। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालू हिस्सा ले रहे हैं।


उदार बनेगी नई टेलीकॉम पॉलिसी:सिब्बल


नई दिल्ली : दूरसंचार मंत्री कपिल सिब्बल ने नई टेलीकॉम पॉलिसी को और उदार बनाने की बात कही है, उन्होंने कहा कि विलय एवं अधिग्रहण से जुड़े मौजूदा कड़े नियमों को नई टेलीकॉम पॉलिसी में नरम बनाया जाएगा।गौरतलब है कि यह पॉलिसी साल के अंत तक पेश की जानी है। इस कदम का लक्ष्य 14 खिलाड़ियों वाले टेलीकॉम बाजार में बहुप्रतीक्षित कंसॉलिडेशन लाना है। सिब्बल ने कहा, 'लेकिन प्रतिस्पर्धियों की तादाद हर सर्किल में छह से नीचे जाने की इजाजत नहीं देनी चाहिए।'

सिब्बल ने कहा कि टेलीकॉम लाइसेंस 20 साल के बजाय हर दस साल के लिए रिन्यू किए जाने चाहिए और कंपनियों को इन लाइसेंस के एक्सपायर होने से कम से कम 30 महीने पहले नए परमिट के लिए आवेदान दाखिल कराने चाहिए। पिछली घोषणा दोहराते हुए सिब्बल ने कहा कि नई पॉलिसी में टेलीकॉम लाइसेंस के आवंटन को मोबाइल स्पेक्ट्रम से अलग किया जाना चाहिए।

भारतीय टेलीकॉम उद्योग में सभी विवादों की जड़ में स्पेक्ट्रम ही था। उन्होंने कहा कि सरकार बाहरी एजेंसियों से उद्योग की ओर से स्पेक्ट्रम यूसेज का नियमित ऑडिट कराएगी और ऑपरेटरों के बीच रेडियो फ्रीक्वेंसी का बंटवारा जैसे अन्य प्रस्ताव भी नई पॉलिसी का हिस्सा होंगे। सरकार ने उस बाहरी एजेंसी पर फैसला नहीं किया है, जो ऑडिट का काम करेगी और सिब्बल का कहना है कि यह कोई निजी खिलाड़ी, भारतीय नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) या दूरसंचार नियामक ट्राई हो सकता है।

दूरसंचार मंत्री ने जोर दिया कि सरकार टेलीकॉम कंपनियों को बाजार की ओर से तय होने वाली मैकेनिज्म के आधार पर स्पेक्ट्रम के लिए भुगतान करने को कहेगा, जो इस बात का संकेत है कि मंत्रालय नियामक ट्राई की उन हालिया सिफारिशों को अमली जामा पहनाएगा, जिनमें कहा गया था कि जीएसएम दूरसंचार कंपनियों को पिछली तारीख से अतिरिक्त एयरवेव के लिए भुगतान करना होगा, जो उनके पास है। 11 फरवरी को सिफारिशें जारी करने के तुरंत बाद जीएसएम ऑपरेटरों ने इस बात का सुझाव देने के लिए ट्राई की आलोचना की थी कि मोबाइल फोन कंपनियों ने हर अतिरिक्त एयरवेव यूनिट के लिए 4,572 करोड़ रुपए की एकमुश्त राशि वसूली जाए।

फिलहाल, मोबाइल परमिट स्टार्ट-अप एयरवेव के साथ समूह में आते हैं। मंत्री ने एयरवेव से जुड़े सभी मुद्दों को सुलझाने के लिए सुधारों की एक पूरी श्रृंखला का प्रस्ताव किया, जिसमें नेशनल स्पेक्ट्रम एक्ट शामिल है, जो इस संसाधन के आवंटन का जिम्मा संभालेगा। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश शिवराज पाटिल इस अधिनियम का मसौदा तैयार करेंगे।

भूकंप से फ़िर थर्राया जापान


टोक्यो : ठीक एक महीने बाद जापान में सोमवार को दोबारा भूकंप के झटके मह्सूस किये गये । उत्तर पूर्व में आए इस भूकंप की तीव्रता 7.1 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र राजधानी टोक्यो से 164 किलोमीटर दूर विकिरण प्रभावित फुकुशिमा प्रांत था। झटके के कारण टोक्यो शहर लगभग एक मिनट तक हिलता रहा।

11 मार्च को भूकंप और सुनामी से आई भीषण तबाही के बाद एक बार फ़िर एक महीने के बाद भूकंप के झटकों से जापान दहल उठा। भूकंप के बाद जापान के मौसम विभाग ने मियागी, फुकुशिमा, चीबा और इब्राकी में दो मीटर ऊंची सुनामी आने की चेतावनी जारी की। बृहस्पतिवार को ऐसे ही एक भूकंप में चार लोगों की जान गई थी।

सोमवार को आए भूकंप में पावर सप्लाई में बाधा पड़ने से लाखों घरों की बिजली जाने के साथ फुकुशिमा स्थित परमाणु संयंत्र के रिएक्टर नंबर एक, दो और तीन की कूलिंग प्रणाली भी प्रभावित हुई, जिससे विकिरण का खतरा फिर से बढ़ गया।

खतरे के कारण जापानी सरकार ने संयंत्र के आस पास का वह दायरा बढ़ा दिया है, जहां से लोगों को हटना होगा। संयंत्र का संचालन करने वाली टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी [टेपको] ने भी अपने कर्मचारियों को फिलहाल रिएक्टरों से हटा लिया है।

जापान के मुख्य केंद्रीय सचिव युकियो इदानो ने कहा कि बृहस्पतिवार और सोमवार को आए भूकंप के कारण नए निर्देश जारी किए गए हैं। गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बीमार लोगों को संयंत्र से 20 से 30 किलोमीटर की दूरी पर रहने को कहा गया है।

भूकंप के ताज़ा झटकों ने एक बार फ़िर फ़ुकुशिमा परमाणु संयंत्र के लिये ख़तरा पैदा कर दिया है, जिससे विकिरण के और बढ़ने की आशंका है।

Monday, April 11, 2011

असम:अंतिम दौर में 65 फ़ीसदी मतदान


गुवाहाटी : सोमवार को असम विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे और अंतिम चरण का मतदान हुआ। हिंसा की छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा। तकरीबन 65 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। पहली बार बड़ी संख्या में महिला मतदाताओं ने वोट डाले।

राज्य के 14 जिलों की 64 विधानसभा सीटों पर आज मतदान हुआ। इन सीटों पर खड़े 596 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करने के लिए 96,77,113 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

आज संपन्न मतदान से जिन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है, उनमें पूर्व मुख्यमंत्री और मुख्य विपक्षी दल अगप के नेता प्रफुल कुमार महंत, अगप अध्यक्ष चंद्रमोहन पाटोवरी और वरिष्ठ मंत्री हिमान्ता बिस्वा सारमा तथा रोकीबुल हुसैन शामिल हैं।

राज्य में पहले चरण का मतदान चार अप्रैल को हुआ था, जिसमें 62 विधानसभा सीटों में करीब 74 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।

असम की 64 विधानसभा सीटों पर आज संपन्न मतदान की खास बात यह रही कि पहली बार बड़ी संख्या में महिला मतदाताओं ने वोट डाले। सूत्रों के मुताबिक महिलाओं में मतदान के प्रति खास उत्साह देखा गया। सुबह से ही शहरी और ग्रामीण इलाकों में मतदान केंद्रों के आगे महिलाओं की लंबी कतारें देखी गईं। ऐसा राज्य के इतिहास में पहली बार हुआ है।

Sunday, April 10, 2011

फ़्रांस में बुर्के पर बैन का विरोध, कई गिरफ़्तार


पेरिस : फ्रांस की राजधानी पेरिस में बुर्के पर प्रतिबंध के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। शनिवार को मुस्लिम परिधान बुर्के पर लगे प्रतिबंध के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे 59 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से 20 लोग प्लेस दे ला नेशन में पूरा बुर्का पहन कर प्रदर्शन करने पंहुच गए थे, इस प्रदर्शन को मंजूरी नहीं दी गई थी।

गिरफ्तार व्यक्तियों में एक ब्रिटेन एवं एक बेल्जियम से आना वाला व्यक्ति भी शामिल है। उल्लेखनीय है कि इस सोमवार से फ्रांस में बुर्के को प्रतिबंधित करने वाला कानून प्रभावी हो जाएगा। इसके तहत देश के सभी सार्वजनिक स्थानों पर बुर्का पहनना वर्जित है और इस कानून की अवमानना किए जाने पर 150 यूरो का दंड भी मुकर्रर किया गया है। फ़्रांस में ज़्यादातर रोमन कैथोलिक हैं। देश के 50 लाख नागरिक इस्लाम धर्म में आस्था रखते हैं।

मध्य प्रदेश : पूर्व बीजेपी विधायक ने खुदकुशी की


दतिया : मध्य प्रदेश के दतिया जिले में बीजेपी के पूर्व विधायक शंभू तिवारी ने शनिवार रात खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ग्वालियर क्षेत्र के डीआईजी डी. पी. गुप्ता ने रविवार को बताया कि पूर्व विधायक तिवारी ने शनिवार रात दतिया के कोतवाली थाना क्षेत्र में अपने आवास पर खुद को गोली मार ली जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

बताया गया है कि तिवारी के बेटे चंदन तिवारी की लगभग चार साल पहले हत्या कर दी गई थी। पूर्व विधायक तभी से तनाव में थे। तिवारी 1990 में बीजेपी के टिकट पर दतिया से विधायक निर्वाचित हुए थे। इस घटना के बाद कई नेता उनके आवास पर पहुंचे।

संयुक्त समिति में कोई वंशवाद नही : अन्ना


नई दिल्ली : संयुक्त समिति में शामिल सदस्यों के बारे में बाबा रामदेव की आपत्ति पर अन्ना हजारे ने कहा है कि देशहित के लिए बाबा ऐसे सवाल न उठाएं। उन्होंने कहा कि समिति में कोई भाई-भतीजावाद नहीं है। अन्ना ने कहा, मैं बाबा रामदेव से मिलूंगा और उनसे आग्रह करूंगा कि वे देशहित के लिए ऐसे सवाल न उठाएं। शांति भूषण और प्रशांत भूषण दोनों अनुभवी हैं और समिति को उनकी जरूरत है। गौरतलब है कि
योग गुरु बाबा रामदेव ने मसौदा तैयार करने वाली संयुक्त समिति में पिता-पुत्र शांति भूषण और प्रशांत भूषण को शामिल किए जाने का विरोध किया है।

पूर्व आईपीएस किरण बेदी के दिल्ली स्थित आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में अन्ना हज़ारे ने कहा कि उन्हें जनता के इतने समर्थन की उम्मीद नहीं थी। अन्ना हजारे ने कहा, कि अब लोग भ्रष्टाचार से ऊब चुके हैं, इसलिए उन्होंने इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गौरतलब है कि योग गुरु बाबा रामदेव ने मसौदा तैयार करने वाली संयुक्त समिति में पिता-पुत्र शांति भूषण और प्रशांत भूषण को शामिल किए जाने का विरोध किया है। उन्होंने सवाल खड़ा किया है कि समिति में भाई - भतीजावाद क्यों है और इसमें पिता-पुत्र को क्यों शामिल किया गया है।

अन्ना हजारे 5 अप्रैल से जन लोकपाल बिल की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे थे। शुक्रवार की रात तीन दौर की बातचीत के बाद अन्ना समर्थकों और सरकार के बीच समझौता हो गया था। जिसके बाद अन्ना हजारे ने अपना अनशन तोड़ दिया था।

उधर, जन लोकपाल बिल की ड्राफ्टिंग कमेटी के सह-अध्यक्ष पूर्व कानून मंत्री शांति भूषण ने कहा है कि ड्राफ्टिंग कमेटी में योग नहीं होगा। कमेटी में कानून की समझ रखने वाले लोगों की जरूरत है न कि योग करने और कराने वालों की।

गोलमा ने लौटाई सरकारी गाड़ी, इस्तीफ़ा देंगी


जयपुर : दो दिन से अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठी राजस्थान की खादी राज्य मंत्री गोलमा देवी ने शनिवार को सरकारी गाड़ी लौटा दी। गोलमा देवी खुद सरकारी गाड़ी लौटाने के लिए मोटर गैराज मंत्री भरोसीलाल जाटव के सरकारी आवास पर पहुंची और उनको गाड़ी लौटाने का पत्र सौंपा और गाड़ी उनके आवास पर खड़ी कर दी। गौरतलब है कि मीडिया में सरकारी गाड़ी और बंगले की बात आने के बाद गोलमा देवी ने सरकारी गाड़ी लौटाई है।

गोलमा ने गुरुवार रात किरोड़ीलाल मीणा के साथ धरने पर बैठने के दौरान कहा कि सरकार के मंत्री और अफसर भ्रष्ट हैं, मुख्यमंत्री को ऐसे मंत्रियों और अफसरों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। गोलमा के इस वक्तव्य के बाद किरोड़ीलाल मीणा और गोलमा देवी के विरोधियों में तीखी प्रतिक्रिया हुई। वहीं लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे लक्ष्मण मीणा ने कहा है कि गोलमा और किरोड़ी को अगर महसूस होता है कि सरकार में भ्रष्टाचार है तो पद छोड़ देना चाहिए। इस्तीफा दे दिया है तो गाड़ी-बंगले का उपयोग क्यों कर रहे हैं और सरकार की खिलाफत क्यों की जा रही है। फ़िलहाल इस मसले पर मुख्यमंत्री की ओर से कोई भी टिप्पणी नहीं आई है।

-

आईआईटी-जेईई की परीक्षा आज


आज (रविवार) को देश भर में प्रतिष्ठित आईआईटी की परीक्षा आयोजित की जा रही है। 4.85 लाख छात्र यह परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा में पिछले साल के मुकाबले इस साल 30 हजार अधिक छात्र अपनी किस्मत आजमाएंगे। इस बार की परीक्षा का संचालन आईआईटी कानपुर कर रहा है। परिणामों की घोषणा के बाद उत्तर पुस्तिका की स्कैन्ड प्रतियां जेईई की वेबसाइट पर भी डाली जाएंगी। इससे परीक्षा में पारदर्शिता आएगी और छात्र अपनी कमजोरियों को भी जान पाएंगे।

आईआईटी की परीक्षा के लिये 131 शहरों में 1051 सेंटर बनाये गये हैं। प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण छात्र देश की 15 आईआईटी, आईटी बीएचयू वाराणसी और आईएसएम धनबाद में एडमिशन ले सकेंगे । २५ मई को प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित किया जायेगा, जो आईआईटी की वेबसाईट पर भी उपलब्ध होगा। इस साल की परीक्षा में 7 प्रतिशत छात्रों की बढ़ोत्तरी हुई है। आईआईटी में 500 सीटें बढ़ीं हैं जबकि आरक्षित सीटों में 263 का इजाफा किया गया है।

आईआईटी में सामान्य वर्ग के लिये 4750, एससी उम्मीदवारों के लिये 1500 , एसटी के लिये 750 , ओबीसी की 2700 जबकि विकलांग वर्ग के लिये 300 सीटें है।

Sunday, February 27, 2011

प्राचीन मठ से 18 टन चांदी बरामद, 2 गिरफ़्तार


उड़ीसा : पुरी के प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मंदिर के सामने एक प्राचीन मठ से 18 टन से ज्यादा चांदी बरामद हुई है। इस चांदी की कीमत 90 करोड़ रुपए आंकी गई है। प्राचीन एमार मठ से बरामद चांदी की 522 ईटें लकड़ी के चार संदूकों से मिली हैं। एक ईट 38 से 40 किलोग्राम की है। इनपर संयुक्त अरब अमीरात, जापान, चीन व दुबई की मुहर लगी हुई है। पुलिस इस पूरे मामले की तफ़्तीश मे लग गई है।

शुक्रवार को सूचना के आधार पर पुलिस ने ढेंकानाल जिले के कुत्तम गाँव के दो लोगों को चांदी की दो ईंट बेचने की कोशिश करते हुए पकड़ा। उनसे पूछ ताछ के दौरान ही पता चला कि यह ईंटें पुरी के एमार मठ से चुराई गई थीं।

पुलिस की पकड़ में आये बरुन बराल और अक्षय दास ने बताया कि चंदनपुर के एक ठेकेदार ने डेढ़ महीने पहले मठ के अन्दर मरम्मत के काम के लिए उन्हें नियुक्त किया था। मरम्मत के काम के दौरान छत से सिमेंट का एक टुकड़ा एक अंधेरे कमरे में रखे लकड़ी के संदूक पर जा गिरा। तब पता चला कि उसमे चांदी की ईंटें भरी हैं। मिस्त्री ने सभी मज़दूरों को दो दो ईंट दिए और फोरन वहां से चले जाने के लिए कहा।

बरुन और अक्षय के पास से पुलिस ने लगभग एक लाख रुपए भी बरामद किए, जो उन्होंने अपने अपने हिस्से की कुछ ईंटों को बेचकर कमाए थे। बरामद की गई सभी ईंटे अब भी मठ के सामने पुलिस कि निगरानी में रखी हैं।

पुरी के एस पी संजय कुमार के मुताबिक फोरेंसिक विशेषज्ञों की जांच के बाद मंदिर प्रशासन से सलाह मशविरा करने के बाद ईंटों को वहाँ से हटाने के बारे में फ़ैसला किया जाएगा। और इस बात की जांच भी कराई जा रही है कि मठ में इतनी भारी मात्रा में चांदी की ईंटें कहां से पहुंची।

Saturday, February 12, 2011

यासीन मलिक का तिरंगा लेने से इन्कार, जूते बरसे

अजमेर : जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी नेता आए दिन अपनी हरकतों से देश की अखंडता का अपमान करते रहते हैं। ताज़ा मामले में कश्मीर के एक अलगाववादी नेता ने देश की शान तिरंगा लेने से इसलिये इन्कार कर दिया कि यह उनके देश का झंडा नहीं है। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनकी ओर जूते फ़ेंके।

कश्मीर के अलगाववादी नेता यासीन मलिक शुक्रवार शाम ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर पहुंचे थे, जहां खादिम और कांग्रेस के अभाव अभियोग प्रकोष्ठ के जिला महासचिव सैयद नातिक ने उन्हें फूलों के साथ तिरंगा भी भेंट करना चाहा। लेकिन मलिक ने तिरंगा लेने से यह कहते हुए इनकार कर दिया कि यह झंडा उनके देश का नहीं है।

मलिक के जवाब से वहां मौजूद लोग सकते में आ गए। इससे पहले दोपहर में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मलिक के खिलाफ प्रदर्शन किया और होटल में उनकी ओर जूते-चप्पल उछाले। कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंक कर प्रदर्शन भी किया। इस घटना से प्रशासन में खलबली मच गई। पुलिस ने होटल की सुरक्षा बढ़ा दी है। जम्मू-कश्मीर लिब्रेशन फ्रंट के एक धड़े के अध्यक्ष यासीन मलिक अपनी पाकिस्तानी बेगम मुशाला के साथ बुधवार से अजमेर में हैं।

भाजयुमो कार्यकर्ता नया बाजार से जुलूस के रूप में धानमंडी स्थित होटल रॉयल पैलेस पहुंचे। इसी होटल में यासीन अपने पत्नी के साथ रुके हुए हैं। कार्यकर्ताओं ने होटल में घुसने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया। इस बीच बॉलकनी में आए यासीन को देखकर कार्यकर्ताओं ने यासीन मलिक वापस जाओ, अलगाववादी नहीं चलेगा-नहीं चलेगा, नारे लगाए और उनकी ओर चप्पल-जूते उछाले।

फ़िलहाल जिस होटल में यासीन मलिक अपनी पत्नी के साथ ठहरे हुए हैं वहां की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York