Showing posts with label 27-02-2011. Show all posts
Showing posts with label 27-02-2011. Show all posts

Sunday, February 27, 2011

वर्ल्ड कप: भारत-इंग्लैंड रोमांचक मैच टाई


बेंगलुरू में खेला गया भारत-इंग्लैंड के बीच वर्ल्ड कप का वन ड़े मैच रोमांच की पराकाष्ठा पार कर गया। भारत द्वारा दिये गये निर्धारित लक्ष्य को इंग्लैंड 50 ओवर तक पूरा नहीं कर पाया और 8 विकेट के नुकसान पर इंग्लैंड सिर्फ़ 338 रन ही बना सका।

इससे पहले बल्लेबाज़ी करते हुए सचिन तेंडुलकर ने इंग्लैंड के खिलाफ 115 गेंदों में 120 रन की तूफानी पारी खेली। इतना ही नहीं इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 5 छक्के जड़ते हुए अपने वनडे करियर का 47वां शतक लगाया। जहां गम्भीर ने 5 चौकों की मदद से 51 रन बनाए। वहीं युवराज ने फ़ार्म में वापसी करते हुए 9 चौको के साथ 50 गेंदों पर 58 रनों की शानदार पारी खेली। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने उपयोगी पारी खेलते हुए 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 25 गेंदों पर 31 रन बनाए।

इसके बाद इंग्लैंड की टीम ने एक अच्छी शुरुआत की। स्ट्रास ने कप्तानी पारी खेलते हुए 145 गेंद पर 18 चौके और 1 छक्के के साथ 158 रन बनाये। जबकि इयान बेल ने अपने कप्तान का साथ देते होते हुए 4 चौकों और 1 छक्के की मदद से 71 गेंदो पर 69 रन बनाये। पीटरसन ने 22 गेंद पर 5 चौके लगाकर 31 रन बनाये।

हार की और बढ़ रहे इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने अच्छी पारी खेलते हुए मैच का रुख अपनी और मोड़ लिया लेकिन मैच के अंदर रोमांचक मोड़ तब आया जब इंग्लैंड ने 50 ओवर में 338 रन बनाये और इसी के साथ यह मैच एक नाट्कीय ढ़ंग से टाई हो गया।

देश के गद्दारों के खिलाफ है ये आंदोलन: बाबा रामदेव


नई दिल्ली : स्वामी रामदेव ने आज दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली को संबोधित करते हुए स्वाभिमान यात्रा को लेकर मच रहे बवाल के बीच अपनी सफ़ाई पेश की। बाबा ने कहा कि भ्रष्टाचार और काले धन के खिलाफ छेड़ा गया उनका अभियान किसी व्यक्ति या पार्टी विशेष के खिलाफ नहीं है बल्कि यह देश के गद्दारों के खिलाफ है। बाबा की रैली में स्वामी अग्निवेश, सुब्रमण्यम स्वामी, अरविंद केजरीवाल सहित कई व्यक्तियों ने हिस्सा लिया। रैली में अलग-अलग धर्मों के धर्मगुरु भी शामिल थे।

बाबा रामदेव ने कहा कि यह आंदोलन उनके खिलाफ है, जिन्होंने देश को लूटा और विदेशी बैंकों में धन जमा किया। बाबा ने कहा कि जब केंद्र सरकार ने इसके ख़िलाफ़ कोई सख्त कानून नहीं बनाया है तो इन परिस्थितियों के लिए केंद्र सरकार निश्चित ही जिम्मेदार है। उन्होंने बिना दिग्विजय सिंह का नाम लिए कहा कि एक राजा ने उनके खिलाफ बोला, लेकिन प्रजातंत्र में न कोई राजा बड़ा है और न रानी, सबसे बड़ी जनता की ताकत है, जो इस समय भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़ी है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार नहीं सुधरी तो जल्दी ही दिल्ली में एक करोड़ लोग हल्ला बोलेंगे। उन्होंने याद दिलाया कि आज महर्षि दयानंद का जन्मदिवस और क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद का बलिदान दिवस है। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों ने भी अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया था।

इस रैली का आयोजन, भारत स्वाभिमान आंदोलन के बैनर तले हुआ। रैली में बोलते हुए स्वामी अग्निवेश ने कहा कि 5 अप्रैल को जब समाज सेवी अन्ना हजारे काले धन के खिलाफ आंदोलन करेंगे तो करीब 1 करोड़ लोग उनके समर्थन में जुटेंगे। अग्निवेश ने कहा कि यदि भारत में भ्रष्टाचार इसी तरह बढ़ता रहा तो ट्यूनिशिया, मिस्र और दूसरे अरब देशों की तरह भारत में भी विद्रोह हो सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री को चेतावनी दी कि भ्रष्टाचार के खिलाफ देश की जनता एकजुट हो रही है और अब समय आ गया है कि जब इसे रोकने के लिए कड़े कानून बनाने की जरुरत है।

जनता पार्टी नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि आज देश को बाबा रामदेव का नेतृत्व मिल गया है और देश फिर एक बार सोने की चिड़िया के रूप में स्थापित होगा।

प्राचीन मठ से 18 टन चांदी बरामद, 2 गिरफ़्तार


उड़ीसा : पुरी के प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मंदिर के सामने एक प्राचीन मठ से 18 टन से ज्यादा चांदी बरामद हुई है। इस चांदी की कीमत 90 करोड़ रुपए आंकी गई है। प्राचीन एमार मठ से बरामद चांदी की 522 ईटें लकड़ी के चार संदूकों से मिली हैं। एक ईट 38 से 40 किलोग्राम की है। इनपर संयुक्त अरब अमीरात, जापान, चीन व दुबई की मुहर लगी हुई है। पुलिस इस पूरे मामले की तफ़्तीश मे लग गई है।

शुक्रवार को सूचना के आधार पर पुलिस ने ढेंकानाल जिले के कुत्तम गाँव के दो लोगों को चांदी की दो ईंट बेचने की कोशिश करते हुए पकड़ा। उनसे पूछ ताछ के दौरान ही पता चला कि यह ईंटें पुरी के एमार मठ से चुराई गई थीं।

पुलिस की पकड़ में आये बरुन बराल और अक्षय दास ने बताया कि चंदनपुर के एक ठेकेदार ने डेढ़ महीने पहले मठ के अन्दर मरम्मत के काम के लिए उन्हें नियुक्त किया था। मरम्मत के काम के दौरान छत से सिमेंट का एक टुकड़ा एक अंधेरे कमरे में रखे लकड़ी के संदूक पर जा गिरा। तब पता चला कि उसमे चांदी की ईंटें भरी हैं। मिस्त्री ने सभी मज़दूरों को दो दो ईंट दिए और फोरन वहां से चले जाने के लिए कहा।

बरुन और अक्षय के पास से पुलिस ने लगभग एक लाख रुपए भी बरामद किए, जो उन्होंने अपने अपने हिस्से की कुछ ईंटों को बेचकर कमाए थे। बरामद की गई सभी ईंटे अब भी मठ के सामने पुलिस कि निगरानी में रखी हैं।

पुरी के एस पी संजय कुमार के मुताबिक फोरेंसिक विशेषज्ञों की जांच के बाद मंदिर प्रशासन से सलाह मशविरा करने के बाद ईंटों को वहाँ से हटाने के बारे में फ़ैसला किया जाएगा। और इस बात की जांच भी कराई जा रही है कि मठ में इतनी भारी मात्रा में चांदी की ईंटें कहां से पहुंची।

बलात्कारी एनसीपी विधायक, पीए सहित गिरफ्तार


मुम्बई : बलात्कार के आरोपी एनसीपी विधायक और उसके पीए के ख़िलाफ़ इतनी रफ़तार से कार्रवाई हुई कि इस घिनौनी हरकत को अंजाम दिये जाने के महज़ 5 दिन बाद और मामला दर्ज होने के महज़ 1 दिन बाद ही दोनॊ आरोपियों की गिरफ़तारी हो गई। शुक्रवार को महाराष्ट्र के एनसीपी विधायक और उनके एक सहयोगी पर एक युवती द्वारा बलात्कार का मामला दर्ज कराया गया था। फिर शनिवार की देर शाम पार्टी ने आरोपी विधायक दिलीप वाघ को पार्टी से निलंबित कर दिया था और शायद पार्टी को दाग़दार होने से बचा लिया। अब, ताज़ा जानकारी के मुताबिक़, एनसीपी विधायक दिलीप वाघ और उनके सचिव महेश माली को पुलिस ने शनिवार को मुम्बई से गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक़, वाघ और उनके सचिव माली को मुम्बई पुलिस की अपराध शाखा ने मुंबई के पश्चिम बांद्रा के पाली हिल से गिरफ्तार किया। दोनों को नासिक पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा। विधायक और उसके सचिव पर नासिक के एक सरकारी गेस्ट हाउस में बलात्कार करने का आरोप है।

दिलीप वाघ महाराष्ट्र के जलगांव जिले की पचोरा सीट से विधायक है। हालांकि दिलीप वाघ ने अपना बचाव करते हुए इस मामले को विरोधियों का षड़यंत्र बताया था लेकिन गृह मंत्रालय की तफ्तीश में पाए गए सुबूतों के आधार पर उसकी गिरफ्तारी की गई है। विधायक ने बीती 21 फरवरी को पीड़िता को सरकारी नौकरी का झांसा देकर उसके साथ बलात्कार किया था।

अब शताब्दी की हर सीट पर होगा टीवी


अगर आप शताब्दी ट्रेन से सफर करने के लिये सोच रहे है तो इस खबर पर ध्यान दें। अब आपका सफ़र और भी मनोरंजक होने वाला है। क्योंकि भारतीय रेल कालका शताब्दी एक्सप्रेस में एक प्रयोग किया जा रहा है और इस प्रयोग में हर सीट पर एक टीवी लगा होगा। साथ ही प्रत्येक का अलग-अलग हैडफोन होगा।

रेलवे के मुताबिक शताब्दी के हर कोच में 56 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होती है और अब इसमें हर सीट के आगे एक टीवी सेट लगाया जा रहा है सात इंच लंबे और चार इंच चौडे इस टीवी स्क्रीन पर डिश टीवी के माध्यम से 88 चैनल दिखाएं जाएंगे। रेलवे के मुताबिक अगर उनका यह प्रयोग सफल होता है तो इसे दूसरी ट्रेनों में भी प्रयोग किया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले भी 1956 में रेलवे ने कानपुर से झा झा स्टेशन के बीच में ऐसा प्रयोग किया था लेकिन कुछ समय बाद इसे हटा दिया गया था। अब ट्रेन में टीवी की यह मांग काफी दिनों से यह उठ रही है जिसके चलते रेलवे ने यह कदम उठाया है।

लीबिया से स्वदेश लौट 528 भारतीय


नई दिल्ली : लीबिया में जारी सरकार विरोधी प्रदर्शनों के कारण वहां फंसे हज़ारों भारतीय नागरिकों में से 500 से अधिक भारतीय नागरिकों को लेकर एयर इंडिया के दो विशेष विमान राजधानी दिल्ली पहुंच गए हैं। वहां जारी सरकार विरोधी प्रदर्शनों के कारण इन भारतीयों की जिंदगी खतरे में थी। भारतीय नागरिकों की अगवानी के लिए विदेश राज्य मंत्री ई.अहमद और विदेश सचिव निरूपमा राव हवाईअड्डे पर मौजूद थे। बोइंग 747 की पहली उ़डान 291 भारतीयों को लेकर शनिवार में लगभग आधी रात के समय यहां पहुंची। दूसरी उ़डान में एयरबस ए 330 में सवार होकर 237 भारतीय नागरिक लीबिया की राजधानी त्रिपोली से रविवार सुबह 4.10 बजे यहां पहुंचे।

एयर इंडिया की दो अन्य उ़डानें भी दिन में लीबिया के लिए प्रस्थान करने वाली हैं। ये दोनों उ़डानें भी वहां से 500 से अधिक भारतीय नागरिकों को लेकर वापस लौटेंगी। दिल्ली पहुंचे एक यात्री ने कहा, ""दिक्कत मुख्य रूप से त्रिपोली के बाहर है। हम लोग संकट में नहीं थे, लेकिन इस बात का भय तो था कि निकट भविष्य में यह संकट त्रिपोली में हम तक पहुंच सकता है।" नागरिक ने कहा, "हम निजी कम्पनियों द्वारा उपलब्ध कराए गए दूरवर्ती शिविरों में रहने वालों को लेकर चिंतित हैं।"

एयर इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "पहला विमान, बोइंग 747, 291 यात्रियों को त्रिपोली से लेकर यहां रात 11.55 बजे पहुंचा। इस विमान ने यहां से शाम 4.30 बजे लीबिया के लिए उ़डान भरा था।"" विमान को इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे (आईजीआईए) के अंतर्राष्टीय टर्मिनल के बगल में टर्मिनल 2 पर लाया गया। इस टर्मिनल को फिलहाल हज यात्रा जैसे विशेष उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।

ई.अहमद ने घोषणा की कि लीबिया से लौटने वाले सभी भारतीयों को उनके मूल स्थान तक पहुंचाने के लिए सरकारी खर्च पर सभी बंदोबस्त किए गए हैं। अहमद ने कहा, "मंत्रालय ने यात्रियों के लिए सभी बंदोबस्त किए हैं... आपको एक पैसा भी खर्च नहीं करना है।" प्रवासी भारतीय मामलों के सचिव ए.दीदार सिंह भी अन्य कई अधिकारियों के साथ वहां मौजूद थे। अधिकारियों ने कहा कि लौटने वाले भारतीय नागरिकों के लिए विशेष बंदोबस्त किए गए हैं। उनके लिए भोजन के साथ ही टेलीफोन सेवा सुलभ कराई गई है, ताकि वे अपने परिजनों से सम्पर्क कर सकें। इस बीच भारतीय नौसेना के तीन पोतों ने भी 18,000 भारतीयों को वहां से निकालने में मदद देने हेतु लीबिया के लिए प्रस्थान कर चुका है।

वापस लौटे लोगों को अपने गृहनगर जाने के लिए ट्रेन और विमानों की टिकट तत्काल उपलब्ध कराने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। साथ ही यात्रियों की मदद के लिए कम से कम 12 प्रदेशों के आयुक्त कार्यालयों के अधिकारी मौजूद थे।

श्रीलंका पर पाक की शानदार जीत




कोलंबो : वर्ल्ड कप 2011 के एक अहम मैच में पाकिस्तान ने टास जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए श्रीलंका के सामने 278 रनों का लक्ष्य रखा लेकिन श्रीलंका की टीम निर्धारित 50 ओवर्स में 9 विकेट पर 266 रन ही बना सकी।

278 रनों का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत काफी अच्छी रही। पहले विकेट के पार्टनरशिप में ओपनर्स उपल थरंगा और दिलशान ने 76 रन बनाये। श्रीलंका ने थरंगा के रूप में अपना पहला विकेट 33 रन पर खो दिया। इसके बाद दिलशान भी चलते बने। जयवर्धने भी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए और शोएब अख्तर की बेहतरीन गेंदबाजी पर सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं समरवीरा भी 1 रन बनाकर पविलियन लौट गए। इसके बाद पाकिस्तान ने मैच पर पकड़ बना ली और यह अंत तक कायम रही। हालांकि चमारा सिल्वा ने हाफ सेंचुरी बनाकर मैच को श्रीलंका की तरफ करने की काफी कोशिश की, पर उनकी मेहनत बेकार रही।

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान ने निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट खोकर 277 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से मिस्बा-उल-हक ने नाबाद 83 रन बनाए। यूनुस खान ने 72 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा जहां कामरान अकमल ने 39 रनों की उपयोगी पारी खेली। वहीं मोहम्मद हफीज ने भी 32 रन जोड़े। श्रीलंका की ओर से रंगना हेराथ ने 2 विकेट लिए जबकि परेरा, मैथ्यूज और मुरलीधरन को 1-1 विकेट मिला। पाकिस्तान की और से कप्तान शाहिद अफरीदी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए केवल 34 रन देकर 4 खिलाड़ियों को आउट किया।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York