
मुम्बई : बलात्कार के आरोपी एनसीपी विधायक और उसके पीए के ख़िलाफ़ इतनी रफ़तार से कार्रवाई हुई कि इस घिनौनी हरकत को अंजाम दिये जाने के महज़ 5 दिन बाद और मामला दर्ज होने के महज़ 1 दिन बाद ही दोनॊ आरोपियों की गिरफ़तारी हो गई। शुक्रवार को महाराष्ट्र के एनसीपी विधायक और उनके एक सहयोगी पर एक युवती द्वारा बलात्कार का मामला दर्ज कराया गया था। फिर शनिवार की देर शाम पार्टी ने आरोपी विधायक दिलीप वाघ को पार्टी से निलंबित कर दिया था और शायद पार्टी को दाग़दार होने से बचा लिया। अब, ताज़ा जानकारी के मुताबिक़, एनसीपी विधायक दिलीप वाघ और उनके सचिव महेश माली को पुलिस ने शनिवार को मुम्बई से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक़, वाघ और उनके सचिव माली को मुम्बई पुलिस की अपराध शाखा ने मुंबई के पश्चिम बांद्रा के पाली हिल से गिरफ्तार किया। दोनों को नासिक पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा। विधायक और उसके सचिव पर नासिक के एक सरकारी गेस्ट हाउस में बलात्कार करने का आरोप है।
दिलीप वाघ महाराष्ट्र के जलगांव जिले की पचोरा सीट से विधायक है। हालांकि दिलीप वाघ ने अपना बचाव करते हुए इस मामले को विरोधियों का षड़यंत्र बताया था लेकिन गृह मंत्रालय की तफ्तीश में पाए गए सुबूतों के आधार पर उसकी गिरफ्तारी की गई है। विधायक ने बीती 21 फरवरी को पीड़िता को सरकारी नौकरी का झांसा देकर उसके साथ बलात्कार किया था।

No comments:
Post a Comment