Showing posts with label Orissa. Show all posts
Showing posts with label Orissa. Show all posts

Sunday, February 27, 2011

प्राचीन मठ से 18 टन चांदी बरामद, 2 गिरफ़्तार


उड़ीसा : पुरी के प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मंदिर के सामने एक प्राचीन मठ से 18 टन से ज्यादा चांदी बरामद हुई है। इस चांदी की कीमत 90 करोड़ रुपए आंकी गई है। प्राचीन एमार मठ से बरामद चांदी की 522 ईटें लकड़ी के चार संदूकों से मिली हैं। एक ईट 38 से 40 किलोग्राम की है। इनपर संयुक्त अरब अमीरात, जापान, चीन व दुबई की मुहर लगी हुई है। पुलिस इस पूरे मामले की तफ़्तीश मे लग गई है।

शुक्रवार को सूचना के आधार पर पुलिस ने ढेंकानाल जिले के कुत्तम गाँव के दो लोगों को चांदी की दो ईंट बेचने की कोशिश करते हुए पकड़ा। उनसे पूछ ताछ के दौरान ही पता चला कि यह ईंटें पुरी के एमार मठ से चुराई गई थीं।

पुलिस की पकड़ में आये बरुन बराल और अक्षय दास ने बताया कि चंदनपुर के एक ठेकेदार ने डेढ़ महीने पहले मठ के अन्दर मरम्मत के काम के लिए उन्हें नियुक्त किया था। मरम्मत के काम के दौरान छत से सिमेंट का एक टुकड़ा एक अंधेरे कमरे में रखे लकड़ी के संदूक पर जा गिरा। तब पता चला कि उसमे चांदी की ईंटें भरी हैं। मिस्त्री ने सभी मज़दूरों को दो दो ईंट दिए और फोरन वहां से चले जाने के लिए कहा।

बरुन और अक्षय के पास से पुलिस ने लगभग एक लाख रुपए भी बरामद किए, जो उन्होंने अपने अपने हिस्से की कुछ ईंटों को बेचकर कमाए थे। बरामद की गई सभी ईंटे अब भी मठ के सामने पुलिस कि निगरानी में रखी हैं।

पुरी के एस पी संजय कुमार के मुताबिक फोरेंसिक विशेषज्ञों की जांच के बाद मंदिर प्रशासन से सलाह मशविरा करने के बाद ईंटों को वहाँ से हटाने के बारे में फ़ैसला किया जाएगा। और इस बात की जांच भी कराई जा रही है कि मठ में इतनी भारी मात्रा में चांदी की ईंटें कहां से पहुंची।

Thursday, February 17, 2011

नक्सलियों का आतंक, ज़िलाधिकारी को किया अगवा


इन दिनों, भारत के कई प्रदेशों में नक्सलवाद घोर चिंता का विषय बनता जा रहा है। हमारे देश की अन्द्रूनी समस्याओं में नक्सलवाद एक अहम मुद्दा बनता जा रहा है। ताज़ा घटना में नक्सलियों ने उड़ीसा के एक प्रशासनिक अधिकारी को अग़वा कर सरकार को खुली चुनौती दे डाली है। उड़ीसा का मल्कानगिरी जिला माओवाद से प्रभावित है। माओवादियों ने इस ज़िले के कलक्टर का अपहरण कर लिया है। ये नक्सली केंद्रीय बलों को हटाए जाने और जेल में बंद अपने साथियों की रिहाई की मांग कर रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक अनिरूद्ध सिंह के मुताबिक़ मल्कानागिरी के कलेक्टर आरवी कृष्ण बुधवार शाम दूरदराज के चित्रकोंडा क्षेत्र के दौरे पर गए थे। उसी समय वो लापता हो गए, उनके साथ गया एक जूनियर इंजीनियर भी लापता हैं।

यह इलाका मल्कानागिरी से लगभग 85 किलोमीटर दूर है और इसे माओवादियों का गढ़ माना जाता है। चित्रकोंडा के तहसीलदार डी गोपाल कृष्ण ने बताया कि आंध्र प्रदेश की सीमा से लगते बड़ापाड़ा में आयोजित शिविर से लापता होने के बाद 30 वर्षीय आईएएस अधिकारी के बारे में अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। वह मोटरसाइकिल से दो जूनियर इंजीनियरों और एक अन्य व्यक्ति के साथ एक पुल के निरीक्षण के लिये गए थे।

उन्होंने कहा कि कलेक्टर और एक जूनियर इंजीनियर का कुछ पता नहीं चला है, जबकि दो अन्य व्यक्ति संदिग्ध नक्सलियों द्वारा लिखे गए एक पत्र के साथ बुधवार देर रात बडापाडा पहुंच गए। उन्होंने यह पत्र वरिष्ठ अधिकारियों को सौंप दिया।

दूसरी ओर दिल्ली में गृह सचिव जीके पिल्लै ने कहा कि उनका माओवादियों ने अपहरण कर लिया और इंजीनियर को अपनी मांगों वाली एक चिट के साथ वापस भेज दिया। राज्य सरकार और अन्य अधिकारी इस पर काम कर रहे हैं।

अपहरण की कड़ी निन्दा करते हुए पिल्लै ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि उन्हें रिहा कराने के लिए कोई अभियान चलाए जाने की जरूरत है। मुझे भरोसा है कि उन्हें प्राप्त स्थानीय समर्थन और राज्य सरकार बातचीत करके उनको रिहा करा लेगी। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि इसमें कुछ समय लगेगा क्योंकि क्षेत्र पूरी तरह कटा हुआ है लेकिन प्रयास जारी है। मुझे लगता है कि इसमें कुछ दिन लगेंगे, लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि कलक्टर वापस आएंगे।

सिंह ने कहा कि कलक्टर को संदिग्ध नक्सलियों द्वारा बंधक बनाकर रखे जाने का संदेह है, लेकिन उनकी सही स्थिति के बारे में पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पत्र में जिले से केंद्रीय बलों को हटाने, नक्सल विरोधी अभियान रोकने और जेलों में बंद सभी माओवादियों को रिहा करने की मांग की गई है। माओवादियों ने 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि हम पत्र की जांच और स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। उनका पता लगाए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Friday, January 21, 2011

ग्राहम स्टेंस हत्याकांड : दारा सिंह की उम्रकैद बरक़रार

नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने ईसाई मिशनरी ग्राहम स्टेन्स हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपी दारा सिंह की उम्रकैद की सज़ा बरकरार रखी है। सीबीआई की अर्जी खारिज करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने आस्ट्रेलियाई मिशनरी ग्राहम स्टेंस और उनके दो नाबालिग बेटों को जिंदा जलाने के दोषी दारा सिंह को मौत की सजा ना देकर उम्रकैद ही सुनाई है। गौरतलब है कि सीबीआई ने दारा सिंह के लिए फांसी की मांग की थी। सुप्रीम कोर्ट ने उड़ीसा उच्च न्यायालय द्वारा सुनायी गयी उम्र कैद की सजा को बरकरार रखा है।

न्यायाधीश पी सदाशिवम और न्यायाधीश बी एस चौहान की पीठ ने मौत की सजा दिए जाने की सीबीआई की याचिका को खारिज करते हुए कहा कि मौत की सजा केवल ‘दुर्लभतम मामलों’ में ही दी जाती है, अदालत ने कहा कि मौजूदा मामले में दोषियों ने जिस अपराध को अंजाम दिया है, वह बेहद निंदनीय है लेकिन दुर्लभतम की श्रेणी में नहीं आता जिसके लिए मौत की सजा दी जाए।
गौरतलब है कि आस्ट्रेलियाई मिशनरी ग्राहम स्टेन्स और उसके दो बेटों की उड़ीसा के क्योंझर जिले में जनवरी 1999 में उनकी गाड़ी में ही ज़िंदा जला दिया गया था। न्यायमूर्ति पी सदाशिवम और न्यायमूर्ति बीएस चौहान की पीठ ने 15 दिसंबर 2010 को सीबीआई के वकील और अतिरिक्त सॉलीसीटर जनरल विवेक तंखा दोषियों के वकील की दलीलों को सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रखा था।

जिसमें सीबीआई ने कहा था कि दारा सिंह मौत की सजा का हकदार है, क्योंकि हत्याएं बेहद नृशंस तरीके से की गई थीं, उन्होंने कहा कि ये साधारण नहीं बल्कि एक कायरतापूर्ण साजिश थी जिसमें तीन निर्दोष और लाचार उन्हें ज़िंदा जला दिया गया था। इसलिये आरोपी को फ़ांसी की सज़ा मिलनी चाहिये।

Thursday, August 26, 2010

आदिवासी हितों के लिये संघर्ष करता रहूंगा : राहुल गांधी


लांजीगढ़ (उड़ीसा) : उड़ीसा के लांजीगढ़ मे आदिवासी अधिकार दिवस के अवसर पर एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी ने कहा कि वह आदिवासियों के हितों के लिये संघर्ष करेंगे और दिल्ली में उनके सिपाही होंगे और आगे भी उनका संघर्ष जारी रखेंगे। राहुल ने कहा कि मेरे धर्म में सभी व्यक्ति समान हैं फिर चाहे वह अमीर हो या गरीब, दलित हो या आदिवासी। जहां कहीं भी एक व्यक्ति की आवाज दबाई जाएगी तो वह मेरे धर्म के खिलाफ होगी। वेदांता परियोजना का नाम लिये बिना उन्होंने कहा कि भले ही मैं दिल्ली में रहता हूं, मैं आपकी चिंताओं पर ध्यान रखने के लिए हमेशा आपके साथ हूं। मैं यहां यह कहने आया हूं कि आपकी आवाज दिल्ली तक पहुंच गई है और आपने अपनी जमीन बचा ली है। मैं आपके साथ हूं। मैं जो भी कर सकता था, मैंने किया है।
उन्होंने इस आलोचना को खारिज कर दिया कि पर्यावरण मंजूरी से केंद्र का इनकार विकास के खिलाफ है। राहुल ने कहा कि विकास के नाम पर आदिवासियों के अधिकारों का हनन हो रहा है। राहुल ने कहा कि गरीबों के अधिकारों को छीनना विकास नहीं है। विकास का मतलब सबको साथ लेकर चलना होता है। हम विकास के लिए हैं, हम विकास के लिए संघर्ष करेंगे, हम आपकी आवाज के लिए संघर्ष करेंगे।
राहुल ने कहा कि दो तरह का भारत है, एक अमीरों के लिए जिनकी आवाज हर जगह पहुंचती है और दूसरा गरीब लोगों का भारत जिनकी आवाज शायद ही सुनी जाती है। राहुल ने न्याय के संघर्ष में आदिवासियों का पक्ष लेने का वादा किया। उन्होंने कहा कि मैं आपका सिपाही हूं। मेरा काम अभी पूरा नहीं हुआ है। आपको जब भी मेरी जरूरत होगी, मैं आपके साथ हूं।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि जो लोग औद्योगीकरण करना चाहते हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि गरीबों के अधिकार एवं जमीन छीनकर विकास नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार ने नियामगिरी के गरीब आदिवासियों की आवाज को गंभीरता से सुना एवं उनका सम्मान किया है।

न्यूज़लाईन नेटवर्क (इन्डिपेंडेंट न्यूज़ नेटवर्क)

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York