Showing posts with label Mayawati. Show all posts
Showing posts with label Mayawati. Show all posts

Wednesday, June 15, 2011

निघासन कांड की सीबीआई जांच पर राजनीति शुरू


लखनऊ : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के निघासन में हुई नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में राजनीति शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री मायावती ने बुधवार को कहा कि उन्हें इस मामले की सीबीआई जांच कराने में कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उन्हें डर है कि कहीं इस मामले का हश्र भी आरुषि हत्याकाड की तरह न हो जाए।मायावती ने संवाददाताओं से कहा कि लड़की के परिजन अगर मामले की सीबीआई या किसी अन्य एजेंसी से जाच कराना चाहते हैं तो मेरी सरकार को इसमें कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि हालांकि हमें डर सिर्फ इस बात का है कि कहीं यह मामला भी नोएडा के आरुषि हत्याकाड की तरह खुर्दबुर्द न हो जाए।

मुख्यमंत्री ने निघासन थाना परिसर में 14 वर्षीय लड़की सोनम की पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की घटना की निंदा करते हुए कहा कि वह पीड़ित परिवार को विश्वास दिलाना चाहती हैं कि इस मामले के दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मायावती ने कहा कि मैं यह कहना चाहती हूं कि महिलाओं के खिलाफ जब भी इस तरह की अमानवीय घटना हो तो विपक्षी दल दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अपराधियों को पकड़ने में मदद करें। उन्हें ऐसे मामलों पर गंदी राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं पर जो भी अत्याचार हुए हैं उनके लिए पूर्ववर्ती सरकारों को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।

मायावती ने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टियों ने अपने-अपने कार्यकाल में अपने फायदे के लिए बड़ी तादाद में पेशेवर माफिया और अपराधी तैयार किए। उन्होंने कहा कि उन पार्टियों ने सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार और अमानवीयता भरी। हमें यह बुराई उनसे विरासत में मिली है। मुख्यमंत्री ने केंद्र पर सरकारी आयोगों का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश को छोड़कर किसी और राज्य में दलितों पर होने वाले अत्याचार की जांच के लिए अपने आयोगों के दलों को नहीं भेजती है।

Monday, February 28, 2011

मायावती के दौरे ने ली दलित महिला की जान


बुलंदशहर: मुख्यमंत्री मायावती के जगह जगह चल रहे दौरे आम जनता के परेशानियों को कम करने के बजाय उन्हें बढ़ा रहें है। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में मायावती के सुरक्षा इंतजामो की वजह से रोके गये रास्ते में एक बीमार दलित महिला ने इलाज के अभाव में दम तोड़ दिया।

मामला बुलंदशहर का है जहां पर बहन जी के दौरे के समय किये गये सुरक्षा इंतजामो में एक दलित महिला (गीता) की जान चली गई। गीता के पति प्रेमचंद के मुताबिक गीता के सिर में तेज़ दर्द था इसलिये सुबह परिजन उसे लेकर बुलंदशहर जा रहे थे। लेकिन मुख्यमंत्री के दौरे की वजह से गीता की वैन को शिकारपुर रोड़ पर ही रोक दिया गया। प्रेमचंद ने गीता की गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस की बहुत मिन्नतें की लेकिन पुलिस ने उसकी एक ना सुनी। उसने दूसरे रास्ते से निकलने की कोशिश की लेकिन वहां भी पुलिस का पहरा होने की वजह से वह अस्पताल नहीं जा सका और दो घंटे तड़पने के बाद आखिरकार गीता ने वैन में ही दम तोड़ दिया।

इस पूरे मामले पर प्रशासनिक अधिकारी पल्ला झाड़तें नज़र आ रहे हैं। बुलंदशहर के डीएम शशी भूषण का कहना है कि सिर्फ रुट ड़ायवर्ट करने आदेश थे, ट्रेफिक रोकने के नहीं। लेकिन सुरक्षा इंतजामों की वजह से दलित महिला गीता बाल्मिकि की जान चली गई, इसकी जवाबदेही आखिर किसकी है?

Wednesday, January 12, 2011

माया ने किया द्विवेदी को निष्‍कासित, गिरफ्तारी के आदेश



लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश की मुख्‍यमंत्री मायावती ने बांदा बलात्‍कार मामले में आरोपी विधायक पुरुषोत्‍तम द्विवेदी को तुरंत गिरफ्तार करने के आदेश दिये हैं। साथ ही उन्होंने द्विवेदी को बसपा से निष्‍कासित करने का फरमान भी जारी कर दिया है। बुधवार को सीबी-सीआईडी की रिपोर्ट आने के बाद मायावती ने यह कड़ा रुख अपनाया।

सीबी-सीआईडी की रिपोर्ट के मुताबिक पुरुषोत्‍तम द्विवेदी जो अपने आपको नपुंसक बता रहा है, उसी ने 17 वर्षीय दलित बच्‍ची के साथ बलात्‍कार को अंजाम दिया। इतना ही नहीं बच्‍ची पर पिस्‍तौल और 5000 रुपए की चोरी का आरोप भी लगाया। सीएम डेस्‍क पर रिपोर्ट प्रस्‍तुत होते ही सरकार ने विधायक को तुरंत गिरफ्तार करने के आदेश जारी कर दिए।

गौरतलब है कि बांदा की एक बच्‍ची के साथ हुए बलात्‍कार में जब विधायक को आरोपी बनाया गया तो उसने अपने आपको नपुंसक बता कर पुलिस से पीछा छुड़ाने की कोशिश की। विपक्षी दलों के लगातार दबाव के चलते मायावती ने मामले की जांच सीबी-सीआईडी को सौंप दी। यही नहीं बुधवार को सीएम ऑफिस से गिरफ्तारी के आदेश जारी होने के थोड़ी ही देर बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने पुरुषोत्‍तम द्विवेदी को पार्टी से निष्‍कासित करने का फरमान भी जारी कर दिया।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York