Showing posts with label 12-01-2011. Show all posts
Showing posts with label 12-01-2011. Show all posts

Wednesday, January 12, 2011

गर्भवती महिला पत्रकार से अंतर्वस्त्र उतारने को कहा



यरुशलम : प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू द्वारा संबोधित किये जाने वाले विदेशी पत्रकारों के वार्षिक कार्यक्रम में इस्राइल में अरबी भाषी टेलीविजन चैनल अल जजीरा की गर्भवती महिला पत्रकार को इसलिए हिस्सा नहीं लेने दिया गया कि उसने सुरक्षा जांच के दौरान अपने अंतर्वस्त्र उतारने से इनकार कर दिया।

अलजजीरा टेलीविजन चैनल की रिपोर्टर एवं प्रोड्यूसर 31 वर्षीय नजवान सिमरी दियाब के मुताबिक जब वह कार्यक्रम स्थल पर पहुंची तो उसे सहकर्मी पत्रकारों के साथ पंक्ति में खडे होने के लिए कहा गया। वहां पर अरब और अन्य पत्रकारों के लिए अलग अलग पंक्तियां बनवायी गई थीं।

नजवान का कहना है, कि आधे घंटे तक लाइन में खडे रहने के बाद मैने सुरक्षाकर्मियों से कहा कि गर्भावस्था के कारण मै अधिक देर के लिए खडी नहीं हो सकती तो उन्होंने मुझे बैठने के लिये कहा। उसके बाद में वो मुझे नीचे लेकर गए और कपडे उतारने के लिए कहा मैने वैसा ही किया। उसके बाद मेरे तन पर केवल कमीज और पैंट रह गई थी। मैंने अपने जूते भी उतार दिये थे। सुरक्षा जांच इतने पर ही नहीं रुकी उसके बाद उन्होंने मुझे अंतर्वस्त्र उतारने के लिए कहा। जब मैंने इससे इनकार कर दिया तो उन्होंने मुझसे कहा कि मैं अंदर नहीं जा सकती।

माया ने किया द्विवेदी को निष्‍कासित, गिरफ्तारी के आदेश



लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश की मुख्‍यमंत्री मायावती ने बांदा बलात्‍कार मामले में आरोपी विधायक पुरुषोत्‍तम द्विवेदी को तुरंत गिरफ्तार करने के आदेश दिये हैं। साथ ही उन्होंने द्विवेदी को बसपा से निष्‍कासित करने का फरमान भी जारी कर दिया है। बुधवार को सीबी-सीआईडी की रिपोर्ट आने के बाद मायावती ने यह कड़ा रुख अपनाया।

सीबी-सीआईडी की रिपोर्ट के मुताबिक पुरुषोत्‍तम द्विवेदी जो अपने आपको नपुंसक बता रहा है, उसी ने 17 वर्षीय दलित बच्‍ची के साथ बलात्‍कार को अंजाम दिया। इतना ही नहीं बच्‍ची पर पिस्‍तौल और 5000 रुपए की चोरी का आरोप भी लगाया। सीएम डेस्‍क पर रिपोर्ट प्रस्‍तुत होते ही सरकार ने विधायक को तुरंत गिरफ्तार करने के आदेश जारी कर दिए।

गौरतलब है कि बांदा की एक बच्‍ची के साथ हुए बलात्‍कार में जब विधायक को आरोपी बनाया गया तो उसने अपने आपको नपुंसक बता कर पुलिस से पीछा छुड़ाने की कोशिश की। विपक्षी दलों के लगातार दबाव के चलते मायावती ने मामले की जांच सीबी-सीआईडी को सौंप दी। यही नहीं बुधवार को सीएम ऑफिस से गिरफ्तारी के आदेश जारी होने के थोड़ी ही देर बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने पुरुषोत्‍तम द्विवेदी को पार्टी से निष्‍कासित करने का फरमान भी जारी कर दिया।

कुत्ते के लिये ’सुपरकाप’ बनी पुलिस

सहारनपुर: अक्सर अपराधियों को पकड़ने में नाकाम रहने वाली पुलिस एक कुते के लिये सुपरकाप बन गई। मामला उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का है जहां पुलिस ने २४ घंटों में न सिर्फ़ गुमशुदा कुत्ते को तलाश लिया बल्कि उसे चुराने वाले को भी गिरफ़्तार कर लिया। अब पुलिस अपनी इस उपलब्धि पर अपनी पीठ खुद ही थपथपा रही है।

हुआ यूं कि सहारनपुर में सत्ताधारी पार्टी के एक नेताजी का कीमती लेब्रेडोर नस्ल का कुत्ता सोमवार को लापता हो गया, कुत्ते की गुमशुदगी को नेताजी ने अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया। फ़िर क्या था पुलिस की एक विशेष टीम कुत्ता खोजो अभियान में जुट गई। अपराधियॊ के सामने पस्त होने वाली पुलिस ने महज़ २४ घंटों के अंदर ही नेताजी के कुत्ते को ढूंढ निकाला।

दरअसल, पुलिस को पूछताछ में पता चला कि एक व्यक्ति कुत्ते को ले जाता दिखाई दिया था। थाना बड़गांव के एसऒ और उनके थाने की पुलिस को कुत्ता तलाश करने का टास्क सौंपा गया। चंद घंटों में ही पुलिस ने सारी कड़ियां जोड़ने में सफ़लता हासिल कर ली। पड़ोस के जनपद मुज़फ़्फ़रनगर के चरथावल थाने के करौली गांव के एक मकान में पुलिस ने छापा मारा तो वहां से कुत्ता बरामद हो गया। कुत्ता चुराने के आरोप में पुलिस ने विपिन नाम के एक युवक को भी हिरासत में ले लिया है।

पुलिस की इस सुपरफ़ास्ट रिकवरी से जहां ख़ुद विभाग के अधिकारी भी हतप्रभ हैं, वहीं आम लोगों में भी पुलिस की इस कार्यवाही को लेकर खासी चर्चाएं हैं।

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड

उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिन में ज़बरदस्त शीत लहर और रात में पडने वाले कोहरे ने जन-जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। ठंड का सबसे ज़्यादा असर हवा और रेल-यातायात पर पड रहा है। कोहरे के चलते कई प्रमुख ट्रेनें या तो घंटो देरी से चल रही हैं या फिर उनहे रद्द कर दिया गया है।

उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित सभी स्थानों पर तापमान में कमी आने का सिलसिला जारी है। शीतलहर ने लोगों की जीना दूभर कर दिया है।पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी लखनऊ प्रदेश में सबसे सर्द स्थान रही, जहां न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम है। जानकारों के मुताबिक कई साल बाद लखनऊ के तापमान में इतनी गिरावट दर्ज की गई है।इसके अलावा इलाहाबाद का न्यूनतम तापमान 3.8, बरेली का 3.6, गोरखपुर का 2.9 और वाराणसी का 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में शीतलहर कम से कम और तीन दिनों तक जारी रहेगी।

कड़ाके की सर्दी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने 12वीं कक्षा तक के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों को 15 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में मंगलवार को सर्दी से 13 लोगों की मौत की सूचना मिली। राज्य में ठंड से अब तक 103 लोगों की मौत की सूचना है।

वहीं बिहार में भी सर्दी का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 10 दिनों से राजधानी पटना समेत राज्य के करीब सभी क्षेत्रों में सर्दी का कहर जारी है। पटना का तापमान बुधवार को चार डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार बुधवार को पटना में सुबह का तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है। गया का तापमान भी बुधवार को 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि मंगलवार को वहां का तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York