Showing posts with label 14-10-2010. Show all posts
Showing posts with label 14-10-2010. Show all posts

Thursday, October 14, 2010

19वें राष्ट्रमण्ड़ल खेलों का भव्य समापन, भारत दूसरे स्थान पर


नई दिल्ली: जवाहर लाल नेहरु स्टेड़ियम में 19वें राष्ट्रमण्ड़ल खेलों का आज भव्य समारोह के साथ समापन हो गया।

राष्ट्रमण्ड़ल खेलों में भारत ने 38 स्वर्ण, 27 रजत और 36 कांस्य पदकों के साथ कुल 101 पदक जीतकर पदकतालिका में दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि आस्ट्रेलिया ने 74 स्वर्ण, 55 रजत और 48 कांस्य पदकों के साथ कुल 177 पदक जीतकर पहला स्थान हांसिल किया। वहीं इंग्लैंण्ड़ 37 स्वर्ण, 59 रजत और 46 कांस्य कुल 142 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

यह पहला मौका है, जब भारत ने राष्ट्रमण्ड़ल खेलों की पदकतालिका में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इससे पहले मैनचेस्टर में हुए राष्ट्रमण्ड़ल खेलों में भारत ने 30 स्वर्ण जीते थे। हांलाकि भारत को मुक्केबाजी में और अधिक स्वर्ण मिलने की उम्मीद थी लेकिन मुक्केबाजी में भारत को सिर्फ 3 स्वर्ण पदकों से संतोष करना पड़ा। इस बार निशानेबाजी, तीरंदाजी, एथलैटिक्स और हाकी ने भारत के लिये पदकों का खाता खोला। कुल मिलाकर यह खेल आयोजन भारत के लिये मेजबान होने के नाते काफी अच्छा रहा। चीन में होने वाले एशियन गेम्स के लिये भारत को एक बड़ी खेल शक्ति के रुप में देखा जा रहा है।

शाही इमाम समर्थकों ने पत्रकार को पीटा, मुकदमा दर्ज


लखनऊ: ऎसा लगता है कि जामा मस्जिद के शाही इमाम अहमद बुखारी अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। जैसा आज लखनऊ में हुआ उसे देखकर तो शायद यही कहा जा सकता है। एक प्रेस कन्फ़्रेंस में शाही इमाम ने न सिर्फ़ एक पत्रकार को अपशब्द कहे बल्कि उनके समर्थकों ने बेचारे पत्रकार को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।

दरअसल लखनऊ के एक होटल में आज शाही इमाम अहमद बुखारी की प्रेस कान्फ़्रेंस चल रही थी, प्रेस कन्फ़्रेंस के दौरान उर्दू के अखबार दास्ताने अवध के पत्रकार अब्दुल वाहिद ने शाही इमाम से एक सवाल पूछा बस फ़िर क्या था शाही इमाम ने पत्रकार को मंच से ही धमकाना शुरु कर दिया हद तो तब हो गई जब शाही इमाम के उकसाने पर उनके समर्थकों ने पत्रकार अब्दुल वाहिद को दौड़ा लिया और होटल के बाहर मार-पीट की। इस पूरे मामले में कोतवाली हज़रतगंज में शाही इमाम के ख़िलाफ़ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं एडीजी ब्रजलाल ने इस मामले में कहा कि इस प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ़ कार्रवाई की जायेगी।

हाकी में गोल्ड का सपना टूटा, फ़ाइनल में भारत की करारी हार


नई दिल्ली : पिछले दो मैचों में ज़बर्दस्त खेल का प्रदर्शन करने वाली भारतीय हॉकी टीम फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से बुरी तरह हार गई एकतरफा मुकाबले में 0-8 से शर्मनाक पराजय का सामना करने के बाद भारत को राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।वैसे राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में पुरुष हॉकी स्पर्धा में भारत का यह पहला पदक है। इन खेलों में 1998 में हॉकी को शामिल किए जाने के बाद भारत चौथे स्थान पर रहा, जबकि मैनचेस्टर (2002) में उसने स्पर्धा में हिस्सा नहीं लिया और मेलबर्न (2006) में पांचवें स्थान पर रहा था।दूसरी ओर ऑस्ट्रेलियाई टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार चौथा स्वर्ण पदक जीतकर विश्व हॉकी में अपनी बादशाहत पर फिर मुहर लगा दी। एक ही साल में विश्व कप, चैंपियंस ट्रॉफी और राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली वह पहली टीम बन गई है।ऑस्ट्रेलिया के लिए जॉसन नीलसन (17वां और 28वां मिनट), क्रिस सिरियेलो (20वां), ल्यूक डोरनर (34वां और 51वां मिनट), साइमन ओर्चार्ड (60वां) और जैमी ड्वायेर (67वां मिनट) और ग्लेन टर्नर (70वां) ने गोल किए।पहले ही मिनट से आक्रामक खेल दिखाने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारतीय गोल पर लगातार हमले बोले। वहीं प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत कई विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में खेल रही भारतीय टीम वह जोश, जुनून और आक्रामकता नहीं दिखा सकी, जो उसने पाकिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ दिखाई थी।

कर्नाटक की बीजेपी सरकार ने फ़िर जीता विश्वास मत


बंगलुरू : कर्नाटक में आया राजनीतिक संकट फ़िलहाल टल गया है। मुख्यमंत्री बीएस येद्दियुरप्पा ने विधानसभा में विश्वास मत हासिल किया। येद्दियुरप्पा द्वारा पेश विश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 106 और विरोध में 100 मत पड़े।बाद में विधानसभा अध्यक्ष केजी बोपैय्या ने सदन में इसकी घोषणा की गौरतलब है कि राज्यपाल हंसराज भारद्वाज ने सोमवार के विश्वास मत को तमाशा करार दिया था और उन्हीं के निर्देश पर आज सदन में दोबारा शक्ति परीक्षण होना था।
येद्दियुरप्पा और भाजपा के लिए सदन में दूसरी बार विश्वास मत हासिल करना आज उतना मुश्किल नहीं रहा। 224 सदस्यीय विधानसभा में 16 बागी विधायकों को अयोग्य करार दिए जाने के बाद से प्रभावी सदस्य संख्या घटकर 208 रह गई है। कर्नाटक विधानसभा में अब भाजपा के अध्यक्ष सहित 106 सदस्य हैं जबकि कांग्रेस के 73, जद-एस के 28 और एक निर्दलीय है। एकमात्र निर्दलीय विधायक वी प्रकाश ने सरकार के पक्ष में मतदान किया। भाजपा के पास अब 106 विधायकों का समर्थन है।
गौरतलब है कि भाजपा सरकार ने सोमवार को ध्वनिमत से विश्वास मत हासिल कर लिया था। लेकिन सदन की यह कार्यवाही अब अदालत के विचाराधीन है। सोलह विधायकों ने हाईकोर्ट की एक पीठ में याचिका दायर कर विधानसभा अध्यक्ष के जी बोपैय्या द्वारा उन्हें अयोग्य करार दिए जाने के आदेश को चुनौती दी है। हाईकोर्ट में विधायकों की याचिकाओं पर अब 18 अक्टूबर को सुनवाई होगी। वहीं किसी भी प्रकार की अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिये पुलिस ने राज्य विधानसभा सचिवालय विधान सौध में कड़े सुरक्षा प्रबंध कर रखे थे।

सबसे मंहगी कार अब भारत में


बस अब कुछ ही इंतजार के बाद भारतीय सड़कों पर आपको नज़र आयेगी दुनिया की सबसे मंहगी और तेज कार। जी हां यह कार अब बिल्कुल तैयार है।

दुनिया की सबसे मंहगी और तेज कार बुगाती वेरॉन 16.4 ग्रांड स्पोर्ट इस महीने के अंत तक भारत में लॉन्च होने वाली है। और अगर आपका इस कार को अपना बनाने का सपना हैं, तो आपको ख़र्च करने होंगे क़रीब 12 करोड़ रुपये। दुनिया की इस सबसे तेज़ कार बुगाटी की टॉप स्पीड 410km/hr है।

खदान में फंसे सभी 33 मजदूर सुरक्षित निकाले गये


चिली की खदान में फंसे मजदूरों के लिए किया गया रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा है। खदान में फंसे सभी 33 मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया है और वे बिल्कुल ठीक है।

5 अगस्त को खदान धंसने की वजह से सभी 33 मजदूर 2300 फीट की गहराई में फंस गए थे। हादसे के बाद से सभी मजदूरों के परिजन खदान के बाहर ही टेंट लगाकर जम गए थे। हादसे के इतने दिनों बाद भी सभी मजदूरों के परिजनो को विश्वास था कि वो इन लोगों को बचाने में कामयाब रहेंगे। आखिरकार उनकी उम्मीद रंग लाई और सभी 33 मजदूरों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York