Showing posts with label "Newsline Network". Show all posts
Showing posts with label "Newsline Network". Show all posts

Saturday, January 22, 2011

कर्नाटक: बीजेपी समर्थकों ने मचाया कोहराम


कर्नाटक में विपक्षी पार्टियों द्वारा ’भ्रष्ट’ क़रार दिये गये ’मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा’ के खिलाफ राज्यपाल एचआर भारद्वाज द्वारा कथित भूमि घोटाले में मुकदमा चलाने की मंजूरी दिए जाने के बाद, मुख्यमंत्री के समर्थकों ने राज्‍य में हिंसक प्रदर्शन शुरू कर दिये। सुरक्षा के मद्देनज़र, राजधानी बेंगलुरु में रविवार तक के लिए धारा 144 लगा दी गई है।

राज्यपाल के इस फैसले से भड़के भाजपा समर्थकों ने शनिवार को राज्य बंद का आह्वान किया। बंद समर्थक, सुबह से ही रोड पर आ गए और दुकाने बंद करवाना शुरू कर दिया। जिनमें से कुछ कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन करना शुरू कर दिया और इस दौरान कर्नाटक में 31 बसों को आग लगा दी गई। राज्य में स्कूल-कॉलेजों की छुट्टी कर दी गई है। सरकार ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए सुरक्षाबलों की 30 कंपनियाँ तैनात कर दी है।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश में स्थापित वकीलों के एक मंच ने राज्यपाल को एक आवेदन देकर मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी देने का आग्रह किया था। राज्यपाल ने वकीलों के आवेदन पर ग़ौर करने के बाद अपना फ़ैसला सुनाया जिसमें उनहोंने मुख्यमंत्री ’येदियुरप्पा’ और गृहमंत्री ’आर अशोक’ के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है।

हालांकि, राज्य कैबिनेट ने एक प्रस्ताव पारित कर राज्यपाल से वकीलों के इस आवेदन पर विचार नहीं करने की अपील की थी। लेकिन भारद्वाज ने शुक्रवार को कैबिनेट के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया।

इधर, नई दिल्ली में भाजपा नेता एम वेंकैया नायडू ने राज्यपाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि कर्नाटक के राज्यपाल ‘कांग्रेस एजेंट’ के रूप में काम कर रहे हैं और वेंकैया ने राज्यपाल को हटाने की माँग की। उधर पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने राज्यपाल का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें कर्नाटक सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए।

Monday, January 17, 2011

खाप का नया फरमान, लड़कियों की जींस-टॉप पहनने पर पाबंदी


मुजफ्फरनगर. उत्तर प्रदेश में खाप पंचायतों ने एक और तुगलकी फरमान जारी किया है। शामली तहसील के गांव भैंसवाल में बत्तीसा खाप के चौधरी बाबा सूरजमल के आवास पर आयोजित एक पंचायत में लड़कियों के जींस और टॉप पहनने पर प्रतिबन्ध लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया। पंचायत ने फरमान लागू करवाने के लिए पांच सदस्यीय महिला टीम का भी गठन किया है।

यह घोषणा गांव के एक युगल के भागने की घटना के बाद की गई है। खाप पंचायत के मुताबिक युवा लड़कियों पर जींस पहनने का बुरा प्रभाव पड़ रहा है। पंचायत का कहना है कि ऐसे पोशाक से छेड़खानी की घटनाएं बढ़ रही हैं और लड़के-लड़कियां घर छोड़कर भाग जाते हैं। इसलिए आपत्तिजनक कपड़ों पर प्रतिबंध लगाया गया है।

उल्लेखनीय है कि 14 नवंबर को सभी खाप पंचायतों ने श्योराम गांव में एकजुट होकर सगोत्र विवाह का विरोध किया था। इन पंचायतों ने हिंदू विवाह कानून में संशोधन की भी मांग की थी। इससे पहले खाप पंचायतों द्वारा सगोत्र विवाह करने वाले कई जोड़ों को मौत के घाट उतारा जा चुका है। सरकार ऐसी खाप पंचायतों के ‘घातक’ फरमान से निपटने के लिए कानून बनाने की तैयारी में है।

Monday, November 15, 2010

अब तैयार है, दुनिया की पहली सुपर इलेक्ट्रिक कार


दुनिया की पहली इलेक्ट्रिक सुपर कार इंग्लैंड में तैयार हो चुकी है जिसका नाम नेमेसिस रखा गया है। नेमेसिस को बनाने पर वहां के एक रईस डेल विंस ने दस लाख पाउंड (सात करोड़ बीस लाख रुपए) खर्च किए हैं। यही नहीं महज साढ़े सात सेकेंड में 160 किलोमीटर की स्पीड पकड़ना नेमेसिस को सबसे अलग बनाता है। साथ ही एक बार चार्ज कराने के बाद यह कार 160 से 240 किलोमीटर तक चल सकती है।

इस कार को विकसित करने के लिए ब्रिटिश सरकार ने चार लाख पाउंड दिए। इस बात को लेकर की काफी आलोचना हो रही है। अब इसके बाद कंपनी का इरादा एक ट्रैक्टर बनाने का भी है।

इस कार को बनाने के लिए 48 वर्षीय डेल ने कई इंजीनियरों को काम पर लगाया था। ये इंजीनियर मैकलारेन जैसी कारों के निर्माण में भी लगे थे। डेल ग्लुसस्टर स्थित विंड एनर्जी कंपनी इकोट्रिसिटी के फाउंडर हैं। उन्होंने इस ग्रीन कार को बनाने का सपना देखा और इसमें अपने पैसे और ताकत झोंक दी। यह 330 बीएचपी कार सिर्फ बिजली से चलती है और इसे विंड मिलों से तैयार बिजली दी जाती है। इसकी अधिकतम स्पीड भी 216 किलोमीटर प्रति घंटा है और इस स्पीड को बढ़ाने की कोशिशें हो रही हैं। इतना ही नहीं इस कार में 96 लिथियम बैटरियां लगी हुई हैं, और इसे लोटस कार की बॉडी पर बनाया गया है।

Wednesday, November 10, 2010

अल क़ायदा की हिट लिस्ट में कार्ला ब्रूनी


पेरिस : फ़्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी की पत्नी और पूर्व सुपर माडल कार्ला ब्रूनी अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी संगठन अल कायदा की हिट लिस्ट में हैं। यह सनसनीखेज़ खुलासा फ़्रांस की एक वेबसाइट ने किया है। इस खुलासे के बाद फ़्रांस की प्रथम महिला की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
फ़्रांस में बुर्का प्रतिबंधित किये जाने के बाद से राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी की इस्लामी देशों में कड़ी आलोचना की जा रही थी, वहीं अफ़गानिस्तान में अमेरिकी सेना के साथ फ़्रांस की सेना भी आतंकियों से मोर्चा ले रही है। ईरान में एक महिला को पत्थरों से मारने की सज़ा की आलोचना करने पर कार्ला ब्रूनी भी कट्टरपंथियों के निशाने पर आ गई थी। अल कायदा की इस कवायद को इसी कड़ी में देखा जा रहा है।
वहीं फ़्रांस सरकार ने ब्रूनी की सुरक्षा कड़ी करते हुए उनके सभी सार्वजनिक कार्यक्रमों की समीक्षा शुरु कर दी है और राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी के साथ एक ही कार में किसी भी यात्रा पर फ़िलहाल रोक लगा दी है।

Friday, October 29, 2010

इस कार की क़ीमत है 16 करोड़ रूपये


यह दुनिया की सबसे महंगी कार है और इसकी कीमत है पूरे 16 करोड़ रूपये।बुगाती वेयरॉन 16.4 ग्रैंड स्पोर्ट नाम की यह कार गुरुवार को दिल्ली में पेश की गई, इसकी अधिकतम गति 407 किलोमीटर प्रतिघंटा है और कीमत बस 16 करोड़ रुपये. हालांकि भारत की सड़कों पर यह कार अपनी पूरी ताकत से दौड़ पाएगी या नहीं, इस बारे में अभी लोगों को शक है.

बुगाती के एग्जेक्यूटिव जूलियस क्रूता को लगता है कि राजाओं की धरती रही भारत में लग्जरी कारों का बाजार बहुत बड़ा है और पहले भी यहां से बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिलता रहा है बुगाती के आने से भारत के ग्राहकों को बहुत अच्छा लगेगा।

भारत में अगर महंगी और तेज कारों के मालिकों की बात चलती है तो क्रिकेट सुपर स्टार सचिन तेंदुलकर का जिक्र होता है जिनके पास फरारी है। लेकिन वह भी इसे सड़कों पर सुबह जल्दी ही निकाल पाते हैं क्योंकि मुंबई के ट्रैफिक की हालत उन्हें दिन में तो इसे चलाने की इजाजत नहीं देती।

इसके बावजूद महंगी और तेज गाड़ियां बनाने वाली कंपनियां अगर अपने उत्पाद भारत में उतार रही हैं तो जाहिर है उन्हें बड़ा बाजार नजर आ रहा है। कुछ ही दिन पहले लग्जरी बाइक बनाने वाली कंपनी हार्ले डेविडसन ने भी अपने कई मशहूर मॉडल भारत में उतारे हैं। जुलाई में दिल्ली में इस कंपनी ने अपना शोरूम खोला है।

इंडिपेंडेंट न्यूज़ नेटवर्क

चीन ने बनाया सबसे तेज़ सुपर कम्प्यूटर


बीजिंग : दो दिन पहले दुनिया की सबसे तेज़ ट्रेन और अब चीन ने दुनिया का सबसे तेज सुपर कम्प्यूटर बनाकर तकनीक की दुनिया में अमेरिका को भी पीछे छोड़ दिया है। सुपर कम्प्यूटर्स की विश्व सूची में चीन के तियान्हे-1ए सुपर कम्प्यूटर को पहला स्थान मिला है।
यह कम्प्यूटर एक सैकंड में ढाई हजार खरब गणनाएं कर सकता है। गजब की तेजी से काम करने के लिए यह कम्प्यूटर रेखाचित्रों के आधार पर सूचनाओं को संप्रेषित करने वाले 7000 से ज्यादा प्रोसेसर और 14000 इंटेल चिप्स का इस्तेमाल करता है। सबसे तेज गति से काम करने वाली मशीनों का लेखाजोखा रखने वाले 500 संगठनों ने तियान्हे-1ए सुपर कम्प्यूटर को पृथ्वी के सबसे तेज कम्प्यूटर के रूप में मान्यता दी है।

चीन के तियान्हें-1ए सुपर कम्प्यूटर ने अमेरिका के एक्सटी5 जैग्वार को पीछे कर इस सूची में अपनी जगह सबसे ऊपर बनाई है। चीन के इस दावे को सही ठहराते हुए टेनेसी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर ने कहा कि यह सही है कि चीन का बनाया कम्प्यूटर दुनिया की सबसे तेज मशीन के रूप में हमारी सूची में पहले स्थान पर पहुंच गया है।इस कम्प्यूटर का प्रोसेसर फ्रिज के आकार की 100 से ज्यादा अलमारियों में समाता है। जिनका कुल वजन 155 टन है।
चीन के तियानजिन शहर में बने सुपर कम्प्यूटिंग राष्ट्रीय केंद्र में रखे इस कम्प्यूटर ने स्थानीय स्तर पर मौसम से जु़डे आंकलन और राष्ट्रीय तेल प्राधिकरण के लिए काम करना शुरू कर दिया है।

इंडिपेंडेंट न्यूज़ नेटवर्क

मॉडल ने की फ़ांसी लगाकर ख़ुदकुशी


मुंबई : रिंकी चौधरी नाम की मॉडल ने खुदकुशी कर ली है। यह एक टीवी सीरियल और कई विज्ञापनों में काम कर चुकी थी। रिंकी मुंबई के गोरेगांव इलाके में रहती थी और उसने अपने कमरे में पंखे से लटककर जान दे दी। पुलिस रिंकी के दोस्त शाहिद से पूछताछ कर रही है। रिंकी का परिवार कोलकाता में रहता है।

पुलिस के मुताबिक रिंकी चौधरी नाम की इस मॉडल का शव उसके ब्वॉयफ्रेंड शाहिद को गुरुवार शाम वल्लभ अपार्टमेंट स्थित घर की रसोई में फंदे से झूलते हुए मिला। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। रिंकी के ब्वॉयफ्रेंड से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस को दिये अपने बयान में शाहिद ने बताया रिंकी के रसोई में जाने के दौरान वह बाहर हॉल में बैठा था। लेकिन काफ़ी देर तक रिंकी न तो रसोई से बाहर आई और न ही उसने कोई जवाब दिया, इसलिए उसने दरवाजा तोड़ा और रिंकी के शव को फंदे से झूलते हुए देखा। फ़िलहाल पुलिस शाहिद से पूछताछ कर रही है।

इंडिपेंडेंट न्यूज़ नेटवर्क

Wednesday, October 27, 2010

इंडोनेशिया में सुनामी, 137 की मौत


जकार्ता : इंडोनेशिया में आई ज़बरदस्त सुनामी ने कहर बरपा दिया है। पहले सुनामी और फिर ज्वालामुखी फटने से अब तक 137 लोगों के मारे जाने की ख़बर है । सुनामी के कहर से 112 जबकि ज्वालामुखी फटने से 25 लोग मारे गए हैं। इंडोनेशिया के पश्चिमी सुमात्रा में आई इस तबाही में 109 लोग अब भी लापता हैं।

इंडोनेशिया ने सुनामी से प्रभावित इलाकों में इमरजेंसी का ऐलान कर दिया है। इंडोनेशिया के पश्चिमी सुमात्रा के दो द्वीपों पगाई सेलातन मेंतवाई और पगाई उतारा मेंतवाई में सुनामी की तबाही रिक्टर स्केल पर 7.2 की तीव्रता के भूकंप के बाद आई। पडंग में आपदा प्रबंधन केंद्र के डेटा के मुताबिक सुनामी में 112 लोग मारे गए हैं। जबकि 109 लापता हैं, वहीं 520 लोगों ने दूसरी जगह शरण ली है। सुनामी की वजह से 579 घर पूरी तरह से बर्बाद हो चुके हैं जबकि 300 घरों को आंशिक तौर पर नुकसान पहुंचा है। उधर, इंडोनेशिया के मध्य जावा में मौजूद माउंट मेरापी में ज्वालामुखी फटने से करीब 25 लोग मारे गए हैं। जबकि करीब 15 हजार लोग अपना घर बार छोड़कर दूसरी जगहों पर चले गए हैं।

Tuesday, October 19, 2010

ख़ूबसूरत "नागिन" को हज़ारों की भीड़ ने घेरा


आप सोच रहे होंगे कि वो ऐसी कौन सी नागिन थी, जिसको हज़ारों लोगों की भीड़ ने घेर लिया, तो आप भी जान लीजिये कि ये नागिन और कोई नहीं बल्कि सेक्सी मल्लिका शेरावत थी। दरअसल बॉलीवुड की सेक्सी अदाकारा मल्लिका शेरावत अपनी आने वाली फिल्म 'हिस्स' के प्रमोशन के लिए सपेरों के एक गांव में जाने वाली थीं। मगर भीड़ ने उनकी कार रोक दी जिसके कारण उनका दौरा रद्द कर दिया गया| मल्लिका उत्तर प्रदेश के एक गांव में दौरा करने जा रही थीं लेकिन उन्हें वापस जाना पड़ा क्योंकि गांव की भीड़ ने उनकी कार का रास्ता जाम कर दिया था।
फिल्म के सह निर्माता गोविंद मेनन भी मल्लिका के साथ सपेरों की बस्ती में जाने वाले थे ताकि वे इस समुदाय की परेशानियों को करीब से जान पाएं| मेनन ने कहा कि पता नहीं मल्लिका के इस गांव का दौरा करने की खबर कहां से लीक हो गई| जैसे ही सबको उनके गांव में आने की ख़बरें मिलीं| हजारों की संख्या में लोग इकट्ठे हो गए और उनकी एक झलक पाने को बेताब हो गए|मेनन ने कहा कि यह काफी डरावना अनुभव था| मेनन ने कहा कि, यह बहुत डरावना था, वहां 4000 से भी ज्यादा लोग जमा थे, यह हमारी सुरक्षा से जुड़ा था और वहां किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सिर्फ 30 पुलिस वाले थे।
'हिस्स' के प्रोमो लॉन्च के समय नोएडा में भी सपेरे बुलाए गए थे ताकि वे मल्लिका को प्रोत्साहित कर सकें| मल्लिका की यह फिल्म 22 अक्टूबर को रिलीज़ हो रही है|

सपा नेता ने "तिरंगा केक" काटा, मुकदमा दर्ज


कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता चौधरी हरिमोहन सिंह के जन्मदिन कार्यक्रम के दौरान कथित रूप से तिरंगे के के अपमान की घटना के संबंध में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

आरोप है कि कानपुर के मर्चेट चैम्बर हाल में सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के करीबी एवं पार्टी के स्थानीय नेता चौधरी हरिमोहन सिंह के 91वें जन्मदिन के मौके पर सोमवार को तिरंगा बना केक (केक पर तिरंगे के तीनों रंग और अशोक चक्रबनी आकृति) काटा गया और इस दौरान सपा के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता विपक्ष शिवपाल सिंह यादव भी मौजूद थे।

स्थानीय समाचार चैनलों द्वारा मामला प्रकाश में लाए जाने के बाद ग्वालटोली थाने में देर रात मुकदमा दर्ज किया गया। ग्वालटोली थाना-प्रभारी हरिराम वर्मा के मुताबिक समाचार चैनलों के फुटेज में केक पर तिरंगे के तीनों रंग और अशोक चक्र बनी आकृति प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के निर्देश पर सोमवार देर रात अज्ञात लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम की धारा-2 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वर्मा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Monday, October 18, 2010

केंद्र से जारी धनराशि का बिहार में हुआ दुरुपयोग : सोनिया


किशनगंज : कांग्रेस अध्यक्ष और यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने बिहार की नीतिश सरकार पर बिहार की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश सरकार ने बिहार के विकास के लिये कुछ नहीं किया।बीजेपी और जेडीयू के गठबंधन को सोनिया ने अवसरवादी करार दिया। बिहार के मुस्लिम बहुल जिले किशनगंज में सोमवार को एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सोनिया ने कहा कि केंद्र ने बिहार की सरकार को विकास के लिए करो़डों की धनराशि मुहैया कराई लेकिन उसका कही पर भी इस्तेमाल नहीं किया गया।

सोनिया ने कहा, केंद्र की ओर से बिहार सरकार को करो़डों-करो़डों रूपये दिए गए लेकिन सवाल है कि इसका इस्तेमाल कहां हुआ। अब तो भ्रष्टाचार की बातें भी सामने आ रही हैं। भाजपा-जद (यु)गठबंधन अवसरवादी है। कांग्रेस अध्यक्ष ने नीतीश के साथ ही राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में बीते कुछ वर्षो के दौरान कोई विकास नहीं हुआ जिस वजह से यहां के युवा शिक्षा और रोजगार की तलाश में पलायन कर रहे हैं।इस दौरान सोनिया ने अपने संबोधन में अल्पसंख्यक मतदाताओं को रिझाने की भी कोशिश की।

Saturday, October 16, 2010

स्विटजरलैंड में बनी विश्व की सबसे लंबी सुरंग


अपनी नैसर्गिक सुंदरता के लिये पूरी दुनिया में मशहूर स्विटजरलैंड अब विश्व की सबसे लंबी सुरंग के लिये भी जाना जायेगा।यहां के इंजीनियरों ने दुनिया की सबसे लंबी सुरंग तैयार करने में सफलता हासिल कर ली है।57 किलोमीटर लंबी इस सुरंग को बनाने में 14 साल का लंबा समय लगा। गोटहार्ड नाम की इस सुरंग को लाइव टेलीकास्ट के साथ दुनिया के सामने पेश किया गया।

गोटहार्ड टनल की लंबाई 57किलोमीटर है और इसमें वर्ष 2017 से रेल चलनी शुरू हो जाएगी। बताया जा रहा है कि इस सुरंग के शुरू होते ही इटली के शहर मिलान और स्विट्ज़रलैंड के ज्युरिख के बीच यात्रा में मात्र डेढ़ घंटे का समय कम लगेगा।

गौरतलब है कि अब तक जापान की सेकिन रेल सुरंग दुनिया की सबसे लंबी यातायात सुरंग है जिसकी लंबाई 53 किलोमीटर है,दूसरे नंबर पर इंग्लैंड और फ्रांस को जोड़ने वाली सुरंग है जिसकी लंबाई लगभग 50 किलोमीटर है।

Thursday, October 14, 2010

हाकी में गोल्ड का सपना टूटा, फ़ाइनल में भारत की करारी हार


नई दिल्ली : पिछले दो मैचों में ज़बर्दस्त खेल का प्रदर्शन करने वाली भारतीय हॉकी टीम फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से बुरी तरह हार गई एकतरफा मुकाबले में 0-8 से शर्मनाक पराजय का सामना करने के बाद भारत को राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।वैसे राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में पुरुष हॉकी स्पर्धा में भारत का यह पहला पदक है। इन खेलों में 1998 में हॉकी को शामिल किए जाने के बाद भारत चौथे स्थान पर रहा, जबकि मैनचेस्टर (2002) में उसने स्पर्धा में हिस्सा नहीं लिया और मेलबर्न (2006) में पांचवें स्थान पर रहा था।दूसरी ओर ऑस्ट्रेलियाई टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार चौथा स्वर्ण पदक जीतकर विश्व हॉकी में अपनी बादशाहत पर फिर मुहर लगा दी। एक ही साल में विश्व कप, चैंपियंस ट्रॉफी और राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली वह पहली टीम बन गई है।ऑस्ट्रेलिया के लिए जॉसन नीलसन (17वां और 28वां मिनट), क्रिस सिरियेलो (20वां), ल्यूक डोरनर (34वां और 51वां मिनट), साइमन ओर्चार्ड (60वां) और जैमी ड्वायेर (67वां मिनट) और ग्लेन टर्नर (70वां) ने गोल किए।पहले ही मिनट से आक्रामक खेल दिखाने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारतीय गोल पर लगातार हमले बोले। वहीं प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत कई विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में खेल रही भारतीय टीम वह जोश, जुनून और आक्रामकता नहीं दिखा सकी, जो उसने पाकिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ दिखाई थी।

सबसे मंहगी कार अब भारत में


बस अब कुछ ही इंतजार के बाद भारतीय सड़कों पर आपको नज़र आयेगी दुनिया की सबसे मंहगी और तेज कार। जी हां यह कार अब बिल्कुल तैयार है।

दुनिया की सबसे मंहगी और तेज कार बुगाती वेरॉन 16.4 ग्रांड स्पोर्ट इस महीने के अंत तक भारत में लॉन्च होने वाली है। और अगर आपका इस कार को अपना बनाने का सपना हैं, तो आपको ख़र्च करने होंगे क़रीब 12 करोड़ रुपये। दुनिया की इस सबसे तेज़ कार बुगाटी की टॉप स्पीड 410km/hr है।

खदान में फंसे सभी 33 मजदूर सुरक्षित निकाले गये


चिली की खदान में फंसे मजदूरों के लिए किया गया रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा है। खदान में फंसे सभी 33 मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया है और वे बिल्कुल ठीक है।

5 अगस्त को खदान धंसने की वजह से सभी 33 मजदूर 2300 फीट की गहराई में फंस गए थे। हादसे के बाद से सभी मजदूरों के परिजन खदान के बाहर ही टेंट लगाकर जम गए थे। हादसे के इतने दिनों बाद भी सभी मजदूरों के परिजनो को विश्वास था कि वो इन लोगों को बचाने में कामयाब रहेंगे। आखिरकार उनकी उम्मीद रंग लाई और सभी 33 मजदूरों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।

Wednesday, October 13, 2010

ऑनर किलिंग : मां-बाप ने की बेटी की हत्या



बीकानेर: राजस्थान में ऑनर किलिंग का एक और मामला सामने आया है। चुरू जिले के हमीरवास थाना क्षेत्र में माता पिता ने अपनी पुत्री की हत्या करके उसका शव जला दिया। यही नहीं सबूत मिटाने के लिए उसकी राख को खेत में बिखेर दिया।

थाना प्रभारी महेन्द्र दत्त शर्मा ने बताया कि हमीरवास के खिरपाली बडी़ गांव के भवानी सिंह राजपूत की पुत्री प्रिया(20) के सूरज कुमार(25) से पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। भवानी सिंह सूरज को नापसंद करता था, इसलिये उसने प्रिया की शादी अहमदाबाद में कर दी। लेकिन कुछ महीनों बाद प्रिया मायके आई और वहां से सूरज के साथ जयपुर चली गई जहां उन्होंने आर्यसमाज मंदिर में शादी कर ली और पति पत्नी की तरह जयपुर में रहने लगे। 20 सितम्बर को सूरज किसी काम से बाहर गया था तब प्रिया के परिजन उसे ढूंढते हुए जयपुर पहुंच गए और उसे अपने गावं ले गए। इस पर सूरज कुमार ने प्रिया के परिजनों के खिलाफ अपनी पत्नी के अपहरण का आरोप लगाते हुए जयपुर के जवाहर सर्किल थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी। इस पर पुलिस दल ने 10 अक्टूबर को प्रिया को पिलानी के समीप एक गांव से उसके एक रिश्तेदार के घर ढूंढ निकाला और उसका बयान ले कर जयपुर लौट गया।

थाना प्रभारी के मुताबिक भवानी सिंह उसी दिन प्रिया को अपने गांव खिरपाली ले आया और उसी रात उसने अपनी पत्नी संतोष कंवर के साथ खेत में बनी ढाणी में प्रिया की गला दबाकर हत्या करके शव को जला दिया। इसकी जानकारी सूरज को मिलने पर उसने कल हमीरवास थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज करा दी। कल पुलिस ने खेत में मृतका का जला हुआ शव बरामद कर लिया और भवानी सिंह और संतोष कंवर को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि भवानी सिंह ने अपनी बेटी की हत्या करना स्वीकार कर लिया है। दोनों को कल अदालत में पेश किया जायेगा।

Tuesday, October 12, 2010

टाटा मोटर्स की नई कार लॉन्च




नई दिल्ली: इनोवा और जइलो को टक्कर देने के लिए टाटा मोटर्स ने अपनी नई कार एरिया लॉन्च की है। जिसकी कीमत 12.91 लाख रूपए से लेकर 15.50 लाख रूपए तक है। एरिया क्रॉसओवर कार है। तीन वर्जन में लॉन्च की जा रही एरिया में फोर ब्हील ड्राइव दी गई है। इसमें 2.2 लीटर का इंजन है, जो 140 बीएचपी पावर देता है साथ ही इसमें क्रूज कंट्रोल और जीपीएस जैसे फीचर भी है। सुरक्षा के मामले में भी एरिया में बीएमडबल्यू की गाड़ियों जैसे सेफ्टी फीचर्स दिए गए है। टाटा एरिया टोयोटा की इनोवा और महिंद्रा एंड महिंद्रा की जाइलो को टक्कर देगी। कंपनी के मुताबिक इस कार को जल्द ही यूरोप को निर्यात किया जाएगा और इसके बाद वह इसे अमेरिका एवं एशिया को निर्यात करेगी।


Monday, October 11, 2010

हरिद्वार में रेलवे के पुल ने ली कई जानें


हरिद्वार: ज्वालापुर में रेलवे का एक पुल अब तक कई लोगों की जान ले चुका है। दरअसल कोई दूसरा रास्ता न होने की वजह से लोग इस पुल का ही इस्तेमाल करते हैं। जिस ट्रैक को इस इलाके के लोग पैदल चलने के लिए इस्तेमाल करते है उस ट्रैक पर ट्रेन गुजरती है। क्योंकि ट्रेक के आस पास जगह नही है। इसलिये अगर सामने से कोई जा रहा हो और दूसरे साइड से ट्रेन आ रही हो तो दुर्घटना होना तय है। ऐसा ही कुछ रविवार के दिन हुआ जब इस पुल ने दो लोगों की जान ले ली।

दरअसल चार बच्चे और एक शादीशुदा दंपत्ति पुल के इस रास्ते से गुजर रहे थे, तभी दूसरे रास्ते से ट्रेन आ गई। सामने दिख रही मौत से बचने के लिए सभी ने पुल से पानी में छलांग लगा दी। यहां मौजूद लोगों ने बच्चों तो किसी तरह बचा लिया लेकिन दंपत्ति पानी में बह गये। पुल पर लगातार हो रहे हादसे ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है। जिसके चलते अब इस पर आम लोगों के आने जाने पर प्रतिबंध पर विचार किया जा रहा है। लेकिन जब तब यहां के लोगों के लिए किसी दूसरे रास्ते का इंतजाम नहीं हो जाता तब तक अपनी जान जोखिम में डालने के सिवाए इनके पास कोई चारा नहीं है।


गुड़गांव में बढ़े प्रॉपर्टी के दाम


गुड़गांव में आज से प्रॉपर्टी के दाम 5 से 20 प्रतिशत तक बढ़ जाएंगे। हरियाणा सरकार द्वारा सर्किल रेट में बढ़ोतरी की वजह से ऐसा हुआ है। सरकार का मानना है कि गुड़गांव में प्रॉपर्टी के रेट और सर्किल रेट में विषमता है और इन्हें सुधारने की जरूरत है। जिला प्रशासन ने इस वित्त वर्ष में दूसरी बार सर्किल रेट बढ़ाये हैं। सरकार के मुताबिक इससे उन किसानों को ज्यादा मुआवजा मिल सकेगा जिनकी जमीन का अधिग्रहण हुआ है। सरकारी एजेंसी हुडा अभी कई इलाकों खासकर केएमपी एक्सप्रेसवे के इर्द गिर्द जमीन का अधिग्रहण कर रही है। वहां के किसानों को इससे अच्छा मुआवजा मिल सकेगा।

हालाकि इस बढ़ोतरी से गुड़गांव में प्रॉपर्टी के रेट तो नहीं बढ़ेंगे लेकिन रजिस्ट्री करानी महंगी हो जाएगी। मुख्य गुड़गांव में इसका असर ज्यादा पड़ेगा। लेकिन मानेसर और पटौदी पर यह असर ज्यादा नहीं होगा। नए शहर और प्राइवेट कालोनियां में इसका असर 20 प्रतिशत तक होगा। गुड़गांव में प्रॉपर्टी के रजिस्टरी के पैटर्न देखने के बाद सरकार ने यह कदम उठाया है। वहां पर सरकार की तय कीमतों में और असल प्रॉपर्टी के रेट में बहुत फर्क है। सरकार का मानना है कि इससे ब्लैक मनी बड़े पैमाने पर पैदा होती है।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York