Showing posts with label 17-01-2011. Show all posts
Showing posts with label 17-01-2011. Show all posts

Monday, January 17, 2011

खाप का नया फरमान, लड़कियों की जींस-टॉप पहनने पर पाबंदी


मुजफ्फरनगर. उत्तर प्रदेश में खाप पंचायतों ने एक और तुगलकी फरमान जारी किया है। शामली तहसील के गांव भैंसवाल में बत्तीसा खाप के चौधरी बाबा सूरजमल के आवास पर आयोजित एक पंचायत में लड़कियों के जींस और टॉप पहनने पर प्रतिबन्ध लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया। पंचायत ने फरमान लागू करवाने के लिए पांच सदस्यीय महिला टीम का भी गठन किया है।

यह घोषणा गांव के एक युगल के भागने की घटना के बाद की गई है। खाप पंचायत के मुताबिक युवा लड़कियों पर जींस पहनने का बुरा प्रभाव पड़ रहा है। पंचायत का कहना है कि ऐसे पोशाक से छेड़खानी की घटनाएं बढ़ रही हैं और लड़के-लड़कियां घर छोड़कर भाग जाते हैं। इसलिए आपत्तिजनक कपड़ों पर प्रतिबंध लगाया गया है।

उल्लेखनीय है कि 14 नवंबर को सभी खाप पंचायतों ने श्योराम गांव में एकजुट होकर सगोत्र विवाह का विरोध किया था। इन पंचायतों ने हिंदू विवाह कानून में संशोधन की भी मांग की थी। इससे पहले खाप पंचायतों द्वारा सगोत्र विवाह करने वाले कई जोड़ों को मौत के घाट उतारा जा चुका है। सरकार ऐसी खाप पंचायतों के ‘घातक’ फरमान से निपटने के लिए कानून बनाने की तैयारी में है।

टीम इंडिया का ऐलान, मुनाफ़ ने श्रीसंथ का पत्ता काटा


चेन्नई: 19 फरवरी से भारतीय उपमहाद्वीप में खेले जाने वाले क्रिकेट वर्ल्ड-कप के लिए भारतीय टीम के 15 सदस्यों का ऐलान कर दिया गया है। बीसीसीआई के चयनकर्ताओं द्वारा 15 सदस्यीय टीम में 6 बल्लेबाज, 7 गेंदबाज, 1 विकेट कीपर और 1 ऑलराउंडर को शामिल किया गया है। जहां टीम की कमान महेंद्र सिंह धोनी को सौंपी गई है, वहीं चयनकर्ताओं द्वारा कुछ चौंका देन वाले निर्णय भी लिये गौए हैं जैसे मध्‍यक्रम के बल्‍लेबाज रोहित शर्मा का पत्‍ता कट हो गया है वहीं टीम में तीन स्पिनरों को मौका दिया है जिसमें पीयूष चावला का नाम चौंकाने वाला है।

वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम- इस प्रकार है-
महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), गौतम गंभीर, वीरेंद्र सहवाग, सचिन तेंडुलकर, युवराज सिंह, सुरेश रैना, विराट कोहली, आर अश्विन, हरभजन सिंह, पीयूष चावला, मुनाफ पटेल, प्रवीण कुमार, जहीर खान, आशीष नेहरा और यूसुफ पठान।

बैठक में चयनकर्ताओं द्वारा एस श्रीसंत, प्रज्ञान ओझा और रोहित शर्मा के नामों पर चर्चा तो की गई पर वे टीम इंडिया में जगह बनाने में नाकाम रहे। टीम में विकेट कीपर के तौर पर सिर्फ कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हैं, लेकिन वहीं ऐसा भी माना जा रहा है कि जरूरत पड़ने पर विराट कोहली नई भूमिका निभा सकते हैं।
वहीं, तेज़ गेंदबाज़ ’एस. श्रीसंथ’ का कहना है कि वर्ल्ड कप टीम में ना चुने जाने से वो बहुत हताश हैं और उनके दिल को ठेस पहुंची है।

हालांकि चयनकर्ताओं द्वारा चुनी गई टीम में से चार खिलाड़ी ऐसे हैं जो फिलहाल चोटिल होने की वजह से टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं। सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर और प्रवीण कुमार पूरी तरह से फिट नहीं होने के कारण साउथ अफ्रीका में खेले जा रहे वनडे सीरीज के लिए भाग नहीं ले रहे हैं। अब जब वर्ल्ड कप में लगभग 1 महीना शेष है तो उनके प्रशंसक उनके जल्द ही फिट होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

बीसीसीआई चयनकर्ता श्रीकांत ने कहा कि टीम के चयन में पूरी सावधानी बरती गई है और भारतीय उप महाद्वीप में पिच की स्थिति को देखते हुए ही टीम का चयन किया गया है। उन्होंने तीन स्पिनर्स के चयन को सही बताया और कहा कि भारत, श्रीलंका और बांगलादेश के पिचों पर स्पिन गेंदबाज के सफल होने की काफी संभावनाएं हैं। हरभजन सिंह प्लेइंग इलेवन की पहली च्वाइस होंगे वहीं आर आश्विन और पीयूष चावला जरूरत पड़ने पर टीम में शामिल किया जा सकता है। हालांकि टीम तीन में पार्ट टाइम स्पिनरों

कसाब की सज़ा के खिलाफ़ याचिका पर हाईकोर्ट का फ़ैसला सुरक्षित


26/11 के मुंबई आतंकवादी हमले में शामिल आतंकी अजमल कसाब की मौत की सज़ा के ख़िलाफ़ याचिका पर मुंबई हाईकोर्ट ने अपना फ़ैसला सुरक्षित रखा है। तीन महीने तक बहस सुनने के बाद हाईकोर्ट ने आज पाकिस्तानी आतंकवादी अजमल कसाब की सजा-ए-मौत के खिलाफ दाखिल की गई याचिका पर अपना फैसला सात फरवरी तक के लिए सुरक्षित रख लिया।

कसाब को 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमले में उसकी भूमिका को लेकर मौत की सजा सुनायी गई है। न्यायाधीश रंजना देसाई और न्यायाधीश आर.वी. मोरे ने महाराष्ट्र सरकार द्वारा लश्कर-ए-तैयबा के संदिग्ध फहीम अंसारी और सबाउद्दीन अहमद को बरी किए जाने को चुनौती देते हुए दायर की गई याचिका पर भी अपना फैसला सुरक्षित रख लिया। उस पर आतंकवादियों को हमलों का निशाना बनाए जाने वाली जगहों के मानचित्र उपलब्ध कराने का आरोप है।

सरकारी वकील उज्ज्वल निकम ने यह कहते हुए कसाब को सुनायी गई मौत की सजा को न्यायोचित ठहराया कि उसने आतंकवादी हमले में भाग लेकर जघन्य अपराध किया है जिसमें 166 लोग मारे गए थे। कसाब को मौत की सज़ा की चुनौती देने वाली इस याचिका पर अब फ़ैसला सात फ़रवरी को आयेगा।

विकीलीक्स खोलेगी गुप्त स्विस बैंक खातों की पोल


बड़े-बड़े ख़ुलासे करने वाली वेबसाइट विकीलीक्स एक बार फ़िर सुर्ख़ियों में है। यह वेबसाइट आज से स्विस बैंक में रखे काले धन के खाताधारकों के नाम उजागर करने जा रही है। दरअसल दुनिया भर के खास देशों और लोगों की गोपनीय जानकारी लीक करके सुर्खिया बटोर चुके विकीलीक्स के पास स्विस बैंक में जमा काले धन से जुड़े गोपनीय दस्तावेज आ रहे हैं। स्वीडन की इस वेबसाइट को स्विस बैंक से जुड़े तकरीबन 2 हजार लोगों के ब्यौरे मिलने जा रहे हैं। ये दस्तावेज विकीलीक्स को मुहैया करवा रहे हैं स्विस बैंक के पूर्व अधिकारी रुडोल्फ एल्मर।

एक विदेशी समाचार पत्र के मुताबिक एल्मर यह ब्यौरा सोमवार को एक प्रेस कॉंफ्रेंस में विकीलीक्स को सौंप देंगे। हालाकि विकीलीक्स इसे तुरंत जारी नहीं करेगा। एल्मर स्विस बैंक के 2000 हजार लोगों के खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी एक सीडी के जरिए विकीलीक्स को सौंपेंगे। इस सीडी में उद्योगपतियों, नौकरशाहों, कलाकारों सहित दुनिया भर के करीब 40 राजनितिज्ञों के नाम शामिल होंगे। रुडोल्फ एल्मर स्विस बैंक के पूर्व कर्मचारी हैं।
वहीं स्विस बैंक में भारतीयों के भी लाखों करोड़ रुपए जमा है, जिसको लेकर भाजपा ने भी अभियान छेड़ रखा है।

विदेशों में जमा काले धन के सारे सबूत : भाजपा


विदेशी बैंकों में जमा काले धन के मसले पर एक बार फ़िर आडवाणी मुखर हुए हैं। ऎसे लोगों के खिलाफ़ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग करते हुए भाजपा के वरिष्‍ठ इस नेता ने कहा है कि स्विस बैंक में जमा 20 लाख करोड़ रुपये भारत लाने के लिए कानून बनाना चाहिए। महंगाई और भ्रष्‍टाचार के खिलाफ मुंबई में एक रैली को संबोधित करते हुए आडवाणी ने कहा कि ग्‍लोबल फाइनेंसियल ट्रांसपैरेंसी की रिपोर्ट चौंकाने वाली है जिसमें कहा गया है कि भारत के 20.85 लाख करोड़ रुपये स्विस बैंक में जमा हैं। उन्‍होंने कहा, हमने इस इस बारे में प्रधानमंत्री को चिट्ठी भी लिखी थी लेकिन अभी तक उनका इस मसले पर कोई जवाब नहीं आया है।

आडवाणी ने कहा, कि ऐसा कानून भी बनाना चाहिए जिससे यह रकम स्‍वदेश लाई जा सके। आडवाणी ने चेतावनी देते हुए कहा कि हम आखिर इस मसले पर इसलिए चुप हैं कि कांग्रेस से जुड़े कुछ लोगों का इससे संबंध है। प्रधानमंत्री ने लोकसभा चुनाव के पहले जनता को भरोसा दिलाया था कि वह इस मसले पर गौर करेंगे लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रधानमंत्री को इसका जवाब देना चाहिए।

रैली में भाजपा अध्‍यक्ष नितिन गडकरी ने दावा किया कि उन्‍हें स्विस बैंक के कुछ खातों की जानकारी है जिनका संबंध बोफोर्स केस से है। उन्‍होंने कहा, मुझे स्विस बैंक के ऐसे तीन अकाउंट नंबर की जानकारी है जिनका संबंध बोफोर्स मामले से है। क्‍वात्रोच्चि द्वारा विन चड्ढा के अकाउंट में डाले गए धन की जानकारी सभी को है और उसके गांधी परिवार से नजदीकी संबंध थे। कांग्रेस को इसका जवाब देना चाहिए।

वहीं आडवाणी ने इस मसले पर सुप्रीम कोर्ट से भी गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि देश को सुप्रीम कोर्ट से बहुत उम्मीदें हैं। देश को उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट इस मामले को तार्किक अंत तक पहुंचाएगा। आडवाणी ने कहा कि 462 मिलियन अमेरिकी डॉलर एक बहुत बड़ी रकम होती है जो यदि विकास कार्यों में लगा दी जाए तो भारत की तस्वीर बदल जाएगी। आडवाणी ने यह बात उस संदर्भ में कही जिसमें हाल ही में सुप्रीम कोर्ट द्वारा सरकार को विदेशी बैंकों में धन रखने वाले लोगों का नाम सार्वजनिक करने की चेतावनी दी थी।

तीन माह में गिरेगी आदर्श बिल्डिंग

शुरु से ही विवादों में रही आदर्श सोसाईटी की बिल्डिंग तीन माह के भीतर गिरा दी जायेगी। केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री जयराम रमेश ने रविवार को अपने अंतिम आदेश में मुम्बई की आदर्श हाउसिंग सोसायटी इमारत को तीन माह के भीतर गिराने की सिफारिश की। जयराम के मुताबिक सोसायटी के निर्माण में तटीय विनियमन क्षेत्र (सीआरजेड) नियमों और मानदंडों का उल्लंघन किया गया है। वहीं आदर्श सोसाईटी ने इस आदेश के खिलाफ़ अदालत में चुनौती देने की बात कही है।

उधर महाराष्ट्र के पर्यावरण मंत्री संजय देवताले ने कहा कि केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय के आदेश की प्रति मिलने के बाद ही तय किया जायेगा कि इस मसले पर क्या करना है। रमेश ने अपने 29 पन्नों के आदेश में कहा कि मुम्बई के कोलाबा क्षेत्र के ब्लॉक-6, बैकवे रिक्लेमेशन एरिया में बना 31 मंजिला ढांचा पूरी तरह अवैध है, इसे ढहा दिया जाना चाहिए और इस इलाके को इसकी पूर्व स्थिति में लाया जाना चाहिए।

आदेश में यह भी कहा गया है, "यह आदेश प्राप्त करने के तीन महीने के भीतर इसका पालन न होने की सूरत में मंत्रालय इस निर्देश को लागू करने और पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम 1986 की धारा 15 के तहत कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगा।"मुम्बई के कोलाबा में यह 31 मंजिली इमारत पूर्व में छह मंजिली बनाई जानी थी। इस इमारत में कारगिल युद्ध के जांबाजों और उनके परिजनों को आवास दिए जाने थे लेकिन बाद में इसमें अतिरिक्त मंजिलें जोड़कर इसे 31 मंजिला बना दिया गया।

वहीं दूसरी ओर, आदर्श सोसायटी के वकील सतीश मानेशिंदे ने कहा कि पर्यावरण मंत्रालय ने यह फैसला जल्दबाजी में लिया है और वह इसके खिलाफ अदालत जाएंगे।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York