Showing posts with label '. Show all posts
Showing posts with label '. Show all posts

Monday, July 5, 2010

भारत बंद: हवाई, रेल और सड़क यातायात बाधित

पेट्रोल, डीज़ल एंव रसोई गैस की बढ़ती क़ीमतों के ख़िलाफ़ विपक्ष का भारत बंद काफ़ी हद तक सफ़ल रहा । भारत बंद से हवाई, रेल एंव सडक यातायात प्रभावित हुआ ।

दिल्ली के कई इलाकों में दुकाने बंद रहीं । बंद समर्थक दुकानें और कारोबारी प्रतिष्ठान जबरन बंद कराते देखे गए। दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने बताया, "बंद के मद्देनजर पुलिस की 100 कंपनियों को तैनात किया गया है ।"

संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) सत्येंद्र गर्ग ने बताया, "बसों के टायरों की हवा निकालने या फिर उन्हें रोके जाने की इक्का-दुक्का घटनाएं हुई हैं। कुछ जगहों पर जाम लगाया गया था, लेकिन उसे खुलवा दिया गया है ।"

कोलकाता हवाई अड्डे से उड़ानों का संचालन सुबह से प्रभावित रहा। यहां कई जगहों पर वाम दलों के कायकर्ताओं ने रेल सेवाओं को भी बाधित कि या।

महाराष्ट्र के विदर्भ में भी भाजपा और शिवसेना के समर्थकों ने कई रेलगाड़ियां रोकीं। बंद का असर मुंबई में भी देखा गया जहां लोकल ट्रेनों का आवागमन भी बाधित हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई से जाने वाली निजी विमानन कंपनियों की 46 उड़ानें रद्द की गईं हैं क्योंकि यात्री हवाई अड्डों पर समय से नहीं पहुंच चुके हैं ।

उत्तर प्रदेश में भी बंद का असर है। राज्य में कई जगहों पर समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं रेलगाडियां रोकीं। सपा कार्यकर्ताओं ने जौनपुर शहर के निकट जौनपुर-इलाहाबाद पैसेंजर रेलगाड़ी को देर तक रोके रखा। वाराणसी रेलवे स्टेशन के निकट बनारस-भटनी पैसेंजर को रोक दिया। इलाहाबाद के पुलिस अधीक्षक (सिटी) एस.एस. बघेल ने बताया कि बंद समर्थकों ने इलाहाबाद में गंगा-गोमती एक्सप्रेस को रोका। इस दौरान कई लोगों को हिरासत में ले लिया गया।

लखनऊ में भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठियां भांजी। पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली और उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी सहित कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी। गिरफ्तारी देने के दौरान जेटली ने संवाददाताओं से कहा कि
कांग्रेस की अगुवाई वाली केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों की वजह से हुई महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। जेटली, नकवी, लखनऊ के सांसद लालजी टंडन और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही सहित करीब 50 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को पुलिस गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई ।

राज्य विधान सभा के बाहर प्रदशर्न कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर हिंसक झ्झड़पे हुईं। पुलिस ने
प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया, जिसमें करीब 20 से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हो गए। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एच.एन.दीक्षित ने संवाददाताओं से कहा भाजपाई शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन पुलिस ने बर्बर ढंग से लाठीचार्ज किया। करीब 25 कार्यतकर्ता लाठीचार्ज में घायल हुए हैं ।

सपा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शिवपाल यादव को सैंकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार कर लिया गया ।

बंद के मद्देनजर बिहार में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। पटना सहित राज्य के कई क्षेत्रों में बंद समर्थकों ने रेलमार्ग और सड़क जाम कर आवागमन बाधित किया। पटना के राजेंद्रनगर टर्मिनल के पास महिला बंद समर्थकों ने दानापुर-हाबड़ा एक्सप्रेस को घंटों रोके रखा। बाद में पुलिस ने बंद समर्थकों को पटरी से हटाया और फिर यह रेलगाड़ी रवाना हो पाई ।

इसी तरह बांका, सासाराम, बाढ़, गुलजारबाग तथा आरा में भी बंद समर्थक पटरी पर जमा हुए। इससे रेलगाड़ियों के परिचालन पर व्यापक प्रभाव देखा जा रहा है। जहानाबाद, शेखपुरा, भागलपुर तथा मुंगेर में कई स्थानों पर सड़क मार्ग भी बंद समर्थकों द्वारा बाधित किए जाने की खबर है ।

पटना में बंद के कारण सभी निजी विद्यालयों को सोमवार को बंद कर दिया गया है। रेल प्रशासन ने रेलवे पुलिस बल को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रदर्शनकारियों के स्टेशन पर आते ही रेल गाड़ियों का परिचालन बंद करने का निर्देश दिया गया है। पटना रेल पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार सिंह ने कहा कि तोड़फोड़ करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी ।

: न्यूज़लाइन एजेंसीज़

बीजेपी-सपा कार्यकर्त्ताओं पर लाठीचार्ज


लखनऊ : महंगाई और पेट्रोलियम पदार्थ की कीमतों में बढ़ोत्तरी को लेकर विपक्षी दलों के आह्वान पर भारत बंद का उत्तर प्रदेश में मिला जुला असर है। राजधानी लखनऊ में बंद को लेकर पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुये संघर्ष में पुलिस ने कार्यकर्ताओं को तितर बितर करने के लिये लाठी चार्ज किया और राज्यसभा में पार्टी के नेता अरूण जेटली तथा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी समेत कुछ नेताओं को हिरासत में लिया गया।

विधानसभा में विपक्ष के नेता शिवपाल सिंह यादव विधान परिषद में विपक्ष के नेता अहमद हसन.समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई नेता और कार्यकर्ता राजधानी लखनऊ में लोरेटो कालेज परिसर के पास जमा हुये। सभी लोग राजभवन कूच कर रहे थे तभी पुलिस ने उन्हें रोका और तितर बितर करने के लिये लाठियां चलाईं। कुछ कार्यकर्ताओं को चोट आयी है। पुलिस ने सपा के करीब एक सौ नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।

न्यूज़लाईन ब्यूरो

शादी समारोह मे फ़ायरिंग, 2 की मौत


बलिया : थाना बैरिया के रानीगंज और थाना हल्दी अंतर्गत अलग-अलग शादी समारोहों में फ़ायरिंग से २ लोगों की मौत हो गई है। प्रशासन के लाख दावों के बावजूद शादी समारोहों में इस तरह की घटनाओं में कोई कमी नहीं आ रही।

न्यूज़लाईन ब्यूरॊ, बलिया

मंहगाई के खिलाफ, भारत बंद

नई दिल्ली: मंहगाई के खिलाफ विपक्ष द्वारा भारत बंद का असर पूरे देश में दिख रहा है। महाराष्ट्र, इलाहाबाद, लखनऊ, भोपाल, कोलकता, दिल्ली जैसे शहरों में बंद से जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। वहीं मुंबई की सड़कों से बंद के एक दिन पहले ही ऑटो और टैक्सियां गायब हो गई है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। विपक्ष द्वारा यह बंद पेट्रोलियम उत्पादों की मूल्यवृद्धि को लेकर लगाया गया है। आज सुबह से ही बीजेपी और अन्य विपक्षी दलों के कार्यकर्ता यूपीए सरकार के खिलाफ जमकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। जहां बढ़ती महंगाई के खिलाफ तकरीबन समूचे विपक्षी दलों की एकजुटता के बावजूद यूपीए सरकार ने कीमतें घटाने से इनकार कर दिया है, वहीं पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा ने बंद को गैरवाजिब करार दिया है। मंहगाई के खिलाफ कोलकता में सबसे ज्यादा असर हवाई सफर पर पड़ा है, वहीं दिल्ली, पटना, वाराणसी और इलाहाबाद में लोगों ने रेलवे ट्रैक पर बैठकर ट्रेनों को रोकने का प्रयास किया। संसद के आगामी मानसून सत्र से पहले विपक्ष के इस शक्ति प्रदर्शन को नाकाम करने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। बंद से आवश्यक सेवाओं को दूर रखा गया है। वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि पेट्रोलियम पदार्र्थो की मूल्यवृद्धि वापस लेने का कोई सवाल नहीं पैदा होता। बंद से चिंतित केंद्र सरकार ने तेल की कीमतों में वृद्धि को जायज ठहराया है, लेकिन सरकार ने यह दावा भी किया है कि भारत में अधिकतर देशों के मुकाबले तेल उत्पादों की कीमत सबसे कम रखी गई है।

"सुबह सवेरे सैर करने गये बीजेपी नेता का अपहरण"



बुलन्दशहर: सिटी कोतवाली के चौंक बाज़ार से सुबह सवेरे सैर करने गये बीजेपी नेता और आढ़ती सुधीर गर्ग का कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया है। एस.एस.पी मौके पर है।
न्यूज़लाइन ब्यूरो ( इन्डिपेंडेंट न्यूज़ नेटवर्क )

नक्सलियों का आतंक जारी, बस्तर में पुल उड़ाया


छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में नक्सलियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 221 पर बने पुल को विस्फोट से उड़ा दिया है, जिससे इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है ।

बस्तर जिले के पुलिस अधीक्षक सुंदरराज पी. के मुताबिक़, जिले के दरभा थाना क्षेत्र के अंतर्गत तोंगपाल घाटी के पास एक छोटे पुल को नक्सलियों ने विस्फोट कर उड़ा दिया है। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 221 में बने इस पुल को विस्फोट से उड़ाए जाने के बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है । विस्फोट की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के लिए पुलिस दल रवाना किया गया है तथा पुल को सुधारने का कार्य शुरू किया जा रहा है। जल्द ही इस पुल को सुधार लिया जाएगा।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभी तक इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। पुलिस को आशंका है कि मार्ग को अवरुद्ध करने के लिए नक्सलियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। बस्तर के जिला मुख्यालय जगदलपुर से दंतेवाड़ा के सुकमा, कोंटा होकर गुजरने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 221 छत्तीसगढ़ और आंध्रप्रदेश को सड़क मार्ग से आपस में जोड़ता है।

इस सड़क को सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है क्योंकि इस सड़क से होकर ही दंतेवाड़ा जिले के अधिकांश हिस्से तक पहुँचा जा सकता है । इस महत्वपूर्ण सड़क में बने पुल को विस्फोट से उड़ाकर नक्सलियों ने इस सड़क पर अपना अधिकार जमाने की कोशिश की है ।

: न्यूज़लाइन एजेंसीज़

Sunday, July 4, 2010

सहारनपुर में ज़हरीले मावे का क़हर


सहारनपुर : थाना बेहट के फूल वाली गली में ज़हरीले मावे का क़हर. खीर खाने से 10 बच्चों की हालत गम्भीर हो गई । बच्चों को ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है । ज़हरीले मावे ने गांव के शांतिपूर्ण माहौल में अफ़रा-तफ़री मचा दी ।

उत्तर प्रदेश के ज़िला सहारनपुर में हुई इस घटना से साफ़ ज़ाहिर होता है कि हमारे देश में हर कहीं मिलावटी कारोबार ज़ोर-शोर से चल रहा है । हमारे देश, राज्यों की सरकारों, विभागों द्वारा मिलावट पर लाख अंकुश लगाने के बावजूद, बाज़ार में असली सामान के ’दाम और नाम’ पर नक़ली सामान बेचा जा रह है । इन मिलावट खोरों के लिये सिंथेटिक दूध से मावा बनाने तो अब आम बात हो गई है ।

साफ़ बात तो ये है कि मिलावट के इस खेल में धड़ल्ले से इंसानों की ज़िंदगी के साथ खेला जा रहा है । इन पदार्थों के इस्तेमाल से भले ही किसी की जान पर बन आये, इन मिलावट खोरों को तो बस अपनी जेब भरने से मतलब है ।

: न्यूज़लाइन ब्यूरो

शादी की ख़ुशियां मातम में बदलीं



मुरादाबाद : मझोला की एकता विहार कालोनी में शादी के पन्ड़ाल में ख़ुशी का माहौल, एका-एक मातम में बदल गया | शादी के पंड़ाल में करन्ट दौड़ गया । करन्ट लगने से 1 की मौत हो गई, 25 बुरी तरह झुलसे. 4 लोगों की हालत गम्भीर ।

: न्यूज़लाइन ब्यूरो

( इन्डिपेंडेंट न्यूज़ नेटवर्क )

रिशवत लेते हुए तहसीलदार रंगे हाथ गिरफ़तार



मुरादाबाद : तहसीलदार को ठाकुर से रिशवत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया । एन्टी-क्रपशन टीम ने मौक़े पे पहुंच कर रिशवत ले रहे तहसीलदार को किया गिरफ़तार ।

: न्यूज़लाइन ब्यूरो

( इन्डिपेंडेंट न्यूज़ नेटवर्क )

विवेका के परिवार का दावा 'गौतम है झूठा'

मुंबई : माडल विवेका बाबाजी केस में एक नया मोड़ आ गया है। विवेका के परिवार वालों ने उसके मित्र गौतम वोरा पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं, परिवार के मुताबिक विवेका गौतम से शादी करना चाहती थी, और इस बात को लेकर ही वो तनाव में जी रही थी। वहीं परिवार का ये भी आरोप है कि गौतम ने पुलिस से सच्चाई छुपाई है और पुलिस के सामने कई तथ्य छुपाए हैं। विवेका के परिवार ने दोनों की कई ताज़ा तस्वीरें भी जारी की हैं। वहीं परिवार के लोगों कि ये भी दावा है कि विवेका की मौत के बाद गौतम ने जान-बूझ कर सोशल नेटवर्किंग साइट फ़ेसबुक से अपना अकाऊंट हटाया था।
न्यूज़लाईन
(इन्डिपेंडेंट न्यूज़ नेटवर्क)

तो 'पीएम' खाते कीड़े वाला खाना


लखनऊ. कानपुर दौरे के दरमियान प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को परोसे जाने वाले भोजन में मिलावट होने की खबर से अधिकारियों के होश उड़ गए हैं। शनिवार को प्रधानमंत्री कानपुर में थे लेकिन उनको परोसे जाने वाले भोजन के नमूने को जब लखनऊ में जांच के लिए भेजा गया तो यहां पर खाने में कीड़े और फंगस पाया गया। समय रहते अगर खाने की चेकिंग न की गई होती तो हो सकता था प्रधानमंत्री को यही खाना खाना पड़ता ।

लखनऊ में हुए खाने के नमूने की जांच में पाया गया कि पीएम को परोसे जाने वाले खरबूज के बीच में फंगस और कीड़े थे। इसके साथ ही जो मूंग की दाल प्रधानमंत्री को दी जानी थी उसमें भी खतरनाक मिलावटी रंग का इस्तेमाल किया गया था। पीएम के खाने का पूरा इंतजाम आईआईटी कानपुर ने किया था ।

संबंधित अधिकारियों ने लखनऊ से आयी रिपोर्ट को गुप्त रखा और पीएम के खाने के मेन्यू से दोनों खाद्य पदार्थों को हटा दिया। लेकिन लखनऊ से यह रिपोर्ट लीक होने से जिला प्रशासन में हड़कम्प मचा हुआ है। भोजन में मिलावट का पता लगने के बाद कानपुर जिलाधिकारी और सीएमओ से जवाब-तलब किया गया है ।

उधर एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीएम के भोजन की कच्ची सामग्री में से दाल, चावल, चीनी, सब्जी मसाला, नमक, काजू, मिनिरल वाटर, टोमैटो पेस्ट, आयल, खरबूजे आदि के सैंपल जांच के लिए लखनऊ लैब भेजे गए थे। लैब में जांच के दौरान खाद्य सामग्री के दो सैंपल फेल हो गए ।

गौरतलब है कि शनिवार 3 जुलाई को प्रधानमंत्री डॉ0 मनमोहन सिंह शहर आए थे। शहर प्रवास के दौरान उनकी की सुरक्षा व्यवस्था जिला प्रशासन के अलावा तीन दिन पहले से दिल्ली से आयी एसपीजी टीम के हाथ में थी ।

सामारोह के दौरान पीएम के भोजन की व्यवस्था आईआईटी में की गयी थी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एसपीजी के अधिकारियों ने पीएम को परोसे जाने वाले भोजन की कच्ची सामग्री के सैंपल लखनऊ स्थित राजकीय जन विश्लेषण प्रयोगशाला को शुक्रवार की शाम भेजे गए थे। नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी की देखरेख में इन सैंपलों को पैक किया गया था ।

: न्यूज़लाइन एजेंसीज़

धोनी की ड़बल सेन्चुरी, चट मंगनी पट ब्याह


नई दिल्ली - शनिवार को अपनी महिला मित्र साक्षी सिंह रावत से सगाई करने वाले टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी चट मंगनी पट ब्याह करेंगे। देहरादून के विश्रांती फार्म हाउस में रविवार की शाम 7 बजे धोनी की शादी होगी ।

धोनी अपने परिवार के संग होटल कंपीटेंस में ठहरे हुए हैं। कल माही ने भागिरथ फार्म हाउस में साक्षी के साथ एक निजी आयोजन में अंगूठी बदल कर सगाई की थी ।

कप्तान की शादी में शामिल होने के लिए कई साथी खिलाड़ी रवाना हो गए हैं। सगाई में शामिल हुए आशीष नेहरा और हरभजन के साथ गेंदबाज आरपी सिंह, सुरेश रैना भी शादी में शरीक होंगे। माही के जीवन के सबसे बड़े अवसर पर बॉलीवुड अभिनेता जॉन एब्राहम भी पहुंचे हैं। बीसीसीआई प्रमुख शशांक मनोहर और सचिव एन श्रीनिवासन भी कप्तान की शादी में उपस्थित रहेंगे।

सभी हसीनाओं की दिल की धड़कन रहे कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी ने साक्षी सिंह रावत से सगाई कर सबका दिल तोड़ दिया । कई बॉलीवुड बालाओं के साथ प्रेम प्रसंगों की चर्चाओं में रहने वाले माही ने चोरी छुपे प्यार की दुनिया बसा ली। धोनी की छोटी सी लव स्टोरी की दास्तान इस प्रकार रही...

धोनी और साक्षी एक साथा रांची के डीएवी स्कूल में पढ़ते थे। दोनों के परिवार में भी घनिष्ठ संबंध हैं। साक्षी का परिवार बाद में देहरादून में जाकर बस गया और दोनों की शादी भी वहीं संपन्न होगी। पर इतने सालों तक दोनों को एक-दूसरे के लिए पनप रहे प्यार का एहसास नहीं हुआ। धोनी भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान बन गए और साक्षी ओरंगाबाद से होटल मेनेजमेंट का कोर्स करने में मशगूल हो गईं ।

बिपाशा बसु की फिल्म रेस के साथ कैप्टन कूल और साक्षी के बीच मोहब्बत की शुरुआत हुई । बिप्स धोनी की खास दोस्त रही हैं। इसलिए उन्होंने कप्तान को रेस के महूरत पर बुलाया था। वहीं पर धोनी की नजर जब साक्षी से मिली तो वहीं से दोनों के बीच प्यार-मोहब्बत का सिलसिला शुरू हुआ ।

इसके बाद दोनों के बीच डेटिंग का सिलसिला शुरु हो गया और आज नतीजा सबके सामने है।

: न्यूज़लाइन एजेंसीज़

नई दुनिया और राष्ट्रीय सहारा के पत्रकार की हत्या


दिल्ली: भ्रष्टतम विभागों में से एक पुलिस विभाग के 'जांबाजों' ने एक नक्सली नेता को मारने के चक्कर में एक पत्रकार को भी मार डाला। उत्पीड़न, वसूली और अमानवीयता के लिए कुख्यात पुलिस वालों की नाक में नकेल लगाने में सफल रहे नक्सलियों को तबाह कर देने के लिये पुलिस के लोग कुछ भी कर गुजरने को तैयार रहते हैं। इसी कारण सूचनाओं को वेरीफाइ कर सही 'एक्शन' लेने की जगह ये आंख मूंद कर किसी को भी गोली मार देते हैं। अगर पुलिस के लोग ऐसी हरकत करेंगे तो इनमें और दूसरों में क्या फर्क रह जाएगा। मामला एक पत्रकार के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने का है। शीर्ष नक्सली नेता आजाद के साथ मारा गया दूसरा शख्स नक्सली नेता नहीं बल्कि हेमचंद्र पांडेय नाम का एक पत्रकार था। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, 1990 के आसपास पुलिस ने हैदराबाद के करीब एक माओवादी नेता के साथ उर्दू पत्रकार गुलाम रसूल को उस समय गोली मार दी थी, जब वे इंटरव्यू ले रहे थे। हेमचन्द्र पांडे दिल्ली स्थित पत्रकार थे जो नई दुनिया और राष्ट्रीय सहारा समाचार पत्रों के लिए लिखते थे। गुड्सा उसेंडी का कहना है कि पत्रकार को केवल इसलिए मारा गया क्योंकि वो आज़ाद के पकड़े जाने और उनकी हत्या के गवाह थे, और पुलिस ने इस घटना की सच्चाई को छुपाए रखना चाहती थी। उसेंडी ने यह भी कहा कि आज़ाद चाहते थे कि ऑपरेशन ग्रीन हंट को रोका जाए और दोनों ही तरफ़ से एक साथ युद्ध विराम लागू किया जाए, जिस तरह से आज़ाद को पकड़ कर मारा गया उससे यह साबित हो गया है कि चिदंबरम के प्रस्ताव झूठे थे।



धोनी हुए "क्लीन बोल्ड़"


देहरादून: टीम इंडिया के कप्तान और देश के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के दिलों की धड़कन, महेंद्र सिंह धोनी ने साक्षी रावत से साथ सगाई कर ली है। धोनी और साक्षी बचपन के मित्र हैं। दोनों ने अपने स्कूल की पढ़ाई डीएवी श्यामली में की। साक्षी रावत फिलहाल होटल मैंनेजमेंट की छात्रा हैं। पिछले दो सालों से धोनी और साक्षी के बीच प्रेम संबंध को लेकर अटकलें लगाई जाती रही हैं जिस पर आज मुहर लग गयी है। शनिवार शाम से ऐसा अनुमान लगाया जा रहा था कि धोनी और साक्षी आज सगाई कर सकते हैं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में धोनी ने देहरादून स्थित होटल कॉम्पीटेंट में सगाई की। इस सगाई में धोनी और साक्षी के परिवार के लोग ही शामिल थे, क्योकी धोनी इस सगाई को पूरी तरह से गोपनीय और मीडिया की चकाचौंध से दूर रखना चाहते थे और इसी बात को ध्यान रखते हुए उन्होंने अपनी सगाई के बारे में किसी को कानो-कान खबर नहीं होने दी। हालांकि इस सगाई को लेकर धोनी की ओर से कोई औपचारिक पुष्टि नहीं हुई है, पर उनके जीजा ने इस खबर की पुष्टि कर दी है।

Saturday, July 3, 2010

जर्मनी ने अर्जेंटीना को 4-0 से धोया


फ़ुटबाल के महाकुंभ मे जर्मनी ने अर्जेंटीना को बुरी तरह से पछाड़कर सेमीफाइनल में शानदार एंट्री की है। जर्मनी ने अर्जेंटीना को 4-० से बुरी तरह परास्त किया। विश्वकप में 20 वर्ष पहले दोनों टीमों फाइनल में आमने-सामने हुई थीं।इसके बाद जर्मनी की मेजबानी में विश्व कप में दोनों टीमों की क्वार्टरफाइनल भिडंत काफी चर्चित रही थी| स्कोर 1-1 से बराबर रहने के बाद मेजबान टीम ने अर्जेटीना को पेनल्टी शूट आउट में 4-2 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था। विश्व रैंकिंग में जर्मनी से महज एक पायदान बाद मौजूद अर्जेंटीना टूर्नामेंट में अब तक अपराजेय रहा था। उसके सामने न सिर्फ अपना अपराजेय क्रम बनाये रखने की चुनौती थी बल्कि 1990 की खिताबी भिडंत में पश्चिम जर्मनी से मिली 0-1 की शिकस्त का बदला लेने का सुनहरा मौका भी था। लेकिन जर्मनी ने एक बार फिर उनसे यह मौका छीन लिया है, वैसे अर्जेंटीना ने 1986 में पश्चिम जर्मनी को 3-2 हराकर विश्वकप जीता था।

ब्रिटेन में समलैंगिको को रीति-रिवाजों से विवाह की अनुमति


ब्रिटेन की कैमरन सरकार में समता मंत्री लिनी फिदर्सटन ने इस बात के संकेत दिए हैं कि उनके देश में जल्द समलैंगिक जोड़ों को धार्मिक रीति-रिवाजों के तहत शादी करने की इजाजत दी जा सकती है, उनका कहना है कि गठबंधन सरकार के पास एक प्रस्ताव है जिसमें समलैंगिक जोड़ों को धार्मिक परंपरा के अंतर्गत विवाह करने की अनुमति देने पर विचार चल रहा है। इसमें समलैंगिक जोड़े पूरी आजादी से उन सभी धार्मिक रीति-रिवाजों को अपना पायेंगे, जो आम शादियों में निभाए जाते हैं। लिनी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी से ताल्लुक रखती है। अगर इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिलती है, तो ब्रिटेन में समलैंगिक जोड़ों को समाज में समानता का अधिकार मिल जाएगा। तमाम सरकारी प्रावधानों के बावजूद ब्रिटेन में समलैंगिकों को 'दोयम दर्जे' का नागरिक माना जाता है। पिछले दिनों सरकार ने धार्मिक स्थलों में समलैंगिकों के यूनियन गठित करने पर लगी पाबंदी हटा ली थी। इस नए प्रस्ताव पर सत्ताधारी कंजरवेटिव पार्टी में सहमति बन पाना आसान नहीं रहेगा। सरकार के इस प्रस्ताव पर ब्रिटेन में समलैंगिक अधिकारों की लंबे समय से लड़ाई लड़ रहे पीटर टैटचेल का कहना है कि समलैंगिक विवाहों पर किसी तरह की बंदिश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चुटकी लेने के अंदाज में कहा कि जब डेविड कैमरन (प्रधानमंत्री) शादी कर सकते हैं, तो समलैंगिक क्यों नहीं कर सकते। समलैंगिक विवाहों से हर तरह की पाबंदी हटनी चाहिए।

दरगाह हमला मामले में 12 संदिग्ध गिरफ्तार


लाहौर : पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों ने गुरुवार को दाता दरबार दरगाह में हुए धमाकों के सिलसिले में 12 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों के पास से उन्नत हथियार तथा विस्फोटक पकड़े गए हैं। पंजाब सरकार के प्रवक्ता ने को यह जानकारी दी। गुरुवार को लाहौर के दाता गंज बख़्श दरगाह में हुए हमले में 45 लोग मारे गए थे जबकि 200 से अधिक घायल हुए थे।

न्यूज़लाईन (इन्डिपेंडेंट न्यूज़ नेटवर्क

बाल-बाल बचे नीतीश कुमार


पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज उस वक़्त बाल बाल-बच गए जब उनको ले जा रहे हेलिकाप्टर का दरवाज़ा खुला रह गया। जानकारी के मुताबिक नीतीश को गिद्धौर ले जा रहा हेलीकॉप्टर का दरवाजा खुला रह गया था जिसके चलते जमुई के गिद्धौर में मुख्यमंत्री के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैडिंग करनी पड़ी।
हालांकि पायलट की सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश पूर्व केंद्रीय मंत्री और बांका के सांसद दिवंगत दिग्विजय सिंह के परिजनों से मिलने शनिवार को गिद्धौर जा रहे थे।
वहीं मुख्यमंत्री के हेलिकॉप्टर की आपात लैंडिंग पर कड़ा रूख अपनाते हुए राज्य सरकार ने इस सारे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा कि इस पूरे मामले में पायलट से भी पूछताछ की जाएगी।

न्यूज़लाईन (इन्डिपेंडेंट न्यूज़ नेटवर्क)

विधायक से मांगी रंगदारी


सहारनपुर:मुज़फ़्फ़राबाद से निर्दलीय विधायक इमरान मसूद से रंगदारी मांगी गई है। बिजनौर ज़िला जेल से एक चिठ्ठी विधायक को मिली है जिसमें पचास लाख रुपये की मांग की गई है। रंगदारी न देने पर विधायक को जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वहीं विधायक इमरान मसूद ने आरोप लगाय है कि उनकी हत्या की साज़िश रची जा रही है, अगर उनके साथ कोई घटना हुई तो सरकार ज़िम्मेदार होगी।

न्यूज़लाईन ब्यूरो

दो गुटों में फ़ायरिंग


बलिया: थाना डोकटी के डालन छतरा में बीजेपी नेता और पूर्व मंत्री भरत सिंह और मुरली छपरा के ब्लाक प्रमुख कन्हैया सिंह के समर्थकों मे आमने-सामने फ़ायरिंग और जमकर पत्थरबाज़ी हुई। हालांकि पुलिस ने फ़ायरिंग की घटना से इन्कार किया है। पुलिस ने अभी तक किसी के ख़िलाफ़ कोई मुक़दमा दर्ज नहीं किया है।
रिपोर्ट: न्यूज़लाईन ब्यूरो

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York