Showing posts with label 18-06-2010. Show all posts
Showing posts with label 18-06-2010. Show all posts

Friday, June 18, 2010

जीओएम की बैठक में राहत व पुनर्वास पर चर्चा


नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम की अध्यक्षता में भोपाल गैस त्रासदी पर पुनर्गठित मंत्री समूह (जीओएम) की शुक्रवार को हुई पहली बैठक में पीडितों के राहत व पुनर्वास से जु़डे मुद्दों पर चर्चा की गई।

जीओएम की यह बैठक शनिवार और रविवार को भी जारी रहेगी। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने जीओएम को इस हादसे से जु़डे सभी पहलुओं पर 10 दिन के भीतर मंत्रिमंडल को रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए चिदंबरम ने कहा कि दो घंटे तक चली जीओएम की बैठक में त्रासदी के पीडितों के राहत व पुनर्वास से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई।

वर्ष 1984 में हुए इस हादसे में लगभग 20,000 लोगों के मारे जाने का अनुमान है। बैठक में हुई चर्चा के बारे में विस्तृत जानकारी देने से इनकार करते हुए चिदंबरम ने कहा कि जीओएम शनिवार को दो बार बैठक करेगी और फिर प्रधानमंत्री को अपनी रिपोर्ट सौंपने से पहले रविवार को भी एक बैठक करेगी। उन्होंने कहा, ""शनिवार की बैठक में कानूनी और स्वास्थ्य से जु़डे मुद्दों पर चर्चा होगी। आप कोई संवेदनशील सवाल न पूछे। हम उसका जवाब देने में समर्थ नहीं होंगे।"" चिदंबरम ने कहा, ""हम सही दिशा में जा रहे हैं। जीओएम सभी पहलुओं पर चर्चा करेगी।""

इस बैठक के बाद, देश को राहत भरे फ़ैसले की उम्मीद जगी है |

: न्यूज़लाइन ब्यूरो

नकाबपोशों के खिलाफ डकैती और बलात्कार का मामला दर्ज


रायगढ़।। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने 6 नकाबपोशों के खिलाफ डकैती और बलात्कार का मामला दर्ज किया है | और इस मामले में जांच भी शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सीमावर्ती गांव भालूडिपा में गुरुवार रात 6 हथियारबंद नकाबपोश एक मकान में घुसे जहां युवती के परिजन एक विवाह समारोह में गए हुए थे। हथियारबंद नकाबपोश उस युवती से सामूहिक बलात्कार कर जेवर और नकदी लूट कर भाग गए थे ।

: न्यूज़लाइन एजेंसीज़

छात्रों के बीच तलवारें चलीं, 1 की मौत


चंडीगढ़:सेक्टर 24 स्थित शराब के ठेके के बाहर देर रात, 2 गुटों के बीच चली तलवारों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि मृतक के तीन अन्य साथी घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। हमलवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मरने वाला युवक होटल मैनेजमेंट का छात्र था, जबकि घायलों में एक युवक सेक्टर 24 में दुकान करता है, दूसरा इंजीनियरिंग का छात्र है, जबकि तीसरा युवक बीए कर रहा है।

थाना 11 की पुलिस को सलीम ने बयान दिया कि वे रात को अपने दो दोस्तों के बीच हुए झगड़े का निपटारा करके सेक्टर 40 से लौटे थे। कुछ देर के लिए वे जय सिंह की दुकान के पास खड़े हो गए। इसी बीच तलवारों से लैस होकर दर्जनभर युवक ठेके पर आए और सलीम, अजीत व तजेंद्र पर हमला बोल दिया। इस झगड़े में एक- दो तलवारों के वार दुकानदार जय सिंह को भी लग गए। आस-पास के लोगों ने झगड़ा रोकने की कोशिश की, लेकिन माहौल ज्यादा खराब होने लगा। हमलावारों ने जय, अजीत, सलीम व तजेंद्र पर तलवारों से कई वार किए और वहां से फरार हो गए। लोगों ने पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सेक्टर 16 के अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में तजेंद्र ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने तजेंद्र का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। इसके अलावा अजीत की हालत भी गंभीर होने के चलते उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में सेक्टर 41 निवासी मनू व नवदीप को गिरफतार कर लिया । जबकि उनके साथियों की तलाश में छापे मारे जा रहे है।

: न्यूज़लाइन एजेंसीज़

कुत्तों के लिए 52 करोड़, बेटे को ठेंगा


अमेरिका में एक रईसजादी महिला अपनी वसीयत में प्यारे कुत्तों के लिए तो 52.54 करोड़ छोड़ गई लेकिन इकलौते बेटे को ठेंगा दिखा दिया। रईसजादी गेल पोस्नर के कुत्तों को शान से जीने की आदत थी और वो अपनी मौत से पहले इस बात का पूरा इंतेजाम कर गई की उसके कुत्तों के शौक में कोई कमी न आने पाए

इस घट्ना से तो यही साबित होता है कि दुनिया में कई जगहों पर, इंसान से ज़्यादा कुत्तों की क़ीमत है |
न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक पोस्नर ने अपना मियामी स्थित 8.3 मिलियन डॉलर कीमत का मकान कुत्तों के नाम कर दिया है। यही नहीं उसके तीन प्यारे कुत्तों को कोई परेशानी न हो इसके लिए भी उसने 3 मिलियन डॉलर का इंतेजाम कर दिया। इस तरह उसकी वसीयत में 11.3 मिलियन डॉलर (लगभग 52.54 करोड़) रुपए उसके कुत्तों के नाम आए।

पोस्नर को अपने खास चिनहुआ कुत्ते कोनशिटा से बेहद लगाव था। कोनशिटा बेशकीमती हीरों से जड़ा नेकलेस पहनती है और उसकी देखभाल के लिए नौकर भी लगाए गए हैं।

67 वर्षाय पोस्नर की मौत इसी साल मार्च में हुई थी। मरने से पहले वो अपना ख्याल रखने वाले सात खास नौकरों के लिए भी लगभग 117 करोड़ रुपए छोड़ गई। यहीं नहीं वो कुत्तों का ख्याल रखने के लिए उनके घर में बिना किराया दिए रह सकेंगे।

हालांकि पोस्नर ने अपने बेटे के लिए मात्र 4.48 करोड़ रुपए ही छोड़े हैं। उसका एकमात्र जीवित बेटा कार्ल अब वसीयत के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाने की सोच रहा है। उसका कहना है कि उसकी मां को ड्रग्स के प्रभाव में रखा जाता था और घर के नौकर चाकर उस पर हावी हो गए थे। कार्ल का यह भी कहना है कि उसकी मां को कुत्तें से लगाव रखने की आदत डलवाई गई थी। कार्ल ने घर के नौकरों पर जायदाद हड़पने का आरोप लगाया है।

: न्यूज़लाइन स्पेशल रिपोर्ट

एंडरसन को अकेले मेरे पिता ने नहीं भगाया


नई दिल्ली. भोपाल गैस त्रासदी के मुख्य आरोपी वॉरेन एंडरसन को भारत से भगाने में तत्कालीन गृहमंत्री पी. वी. नरसिंह राव के नाम आने पर उनके बेटे ने नाराजगी जाहिर की है। नरसिंम्हा राव के बेटे डॉ. रंगा राव ने कहा कि अब जिस तरह से एंडरसन को भगाने में मेरे पिता का नाम आ रहा है वह बेबुनियाद है। जानकारी के अनुसार गैस त्रासदी के समय नरसिंह राव राजीव गांधी सरकार में गृह मंत्री थे।

डॉ रंगा राव ने कहा कि उस समय की सरकार में मेरे पिता अकेले एंडरसन के बारे में फैसला नहीं ले सकते थे। अगर उन्होंने ऐसा किया होगा तो निश्चित ही वे अपने ऊपर के लोगों से राय-मशविरा किए होंगे। और एंडरसन को देश से भगाया गया तो निश्चित ही इसके लिए कई लोगों में बातचीत हुई होगी। ऐसे में मेरे पिता पर सीधा आरोप लगाना गलत है।

उन्होंने कहा कि उनकी तत्कालीन गृह मंत्री पीवी नरसिंह राव से इस बारे में बात हुई थी और उन्होंने ही एंडरसन को सेफ पैसेज देने की बात की थी। तत्कालीन पीएम राजीव गांधी से बार-बार एंडरसन को सेफ पैसेज देने की बात कही जा रही थी, जिसपर उन्होंने कोई आपत्ति नहीं जताई। रसगोत्रा ने कहा कि उस समय के यूएस मिशन के डिप्टी चीफ गॉर्डन स्ट्रीब ने उनसे कहा कि एंडरसन भारत आना चाहते हैं, लेकिन उसी स्थिति में जब उन्हें सुरक्षित निकलने का रास्ता दिया जाए।

: न्यूज़लाइन एजेंसीज़

कश्मीर में पाकिस्तानी सहित 2 आतंकवादी ढेर


श्रीनगर, 18 जून : जम्मू एवं कश्मीर में सुरक्षा बलों के साथ शुक्रवार सुबह तक चली मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी सहित दो आतंकवादी मारे गए। इसके चंद घंटे बाद ही सोपोर के एक गांव में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। बारामूला में गुरुवार देर रात को शुरू हुई मुठभेड़ शुक्रवार तड़के खत्म हुई। इसमें एक पाकिस्तानी सहित हरकत-उल मुजाहिदीन के दो आतंकवादी मारे गए ।

सुरक्षा बलों द्वारा आतंकियों को समर्पण के लिए चुनौती देने पर उन्होंने गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। आतंकी जिस मकान में छुपे थे, वह पूरी तरह तहस-नहस हो गया।

एक मृतक की शिनाख़्त पाकिस्तानी निवासी के रूप में की गई है, दूसरे का नाम जांबाज़ था, जो स्थानीय कश्मीरी है। मुठभे़ड स्थल से गोला-बारूद भी बरामद किया गया है ।

: न्यूज़लाइन एजेंसीज़

मेरठ: बेटी से बलात्कार के आरोपी ने की हवालात में खुदकुशी


मेरठ : थाना कंकरखेडा के हवालात में बेटी से रेप के आरोपी सरजू ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली पुलिस विभाग में ज़बर्दस्त हड़कम्प. तमाम आला अधिकारी आई जी, डी आई जी समेत मौक़े पर.

न्यूज़लाईन

न्यूज़लाईन विशेष: अजब गांव की गज़ब कहानी: आस्था या अंधविश्वास:




खालिद हसन -
कुशीनगर:इसे आस्था का जुनून कहें या फ़िर अंधा विश्वास ,जहां हर हाल में सदियों से चली आ रही अजीबो-ग़रीब परंपरा को निभाने का चलन है। परंपरा की बेड़ियों में जकड़े लोगों की ये दिलचस्प कहानी उत्तर प्रदेश के कुशीनगर ज़िले की है, जहां का मुंडेरा गांव आज के दिन पूरी तरह से ख़ाली हो जाता है, दिन निकलने से पहले इस गांव के सब लोग गांव की सीमा से बाहर चले जाते हैं और दिन ढ़लने के बाद ही गांव में वापिस आते हैं। इस दौरान घरों में ताले भी नहीं लगाये जाते। हर तीसरे साल जेठ महीने के शुक्ल पक्ष के शुक्रवार या सोमवार को इस अजीब परंपरा को निभाया जाता है। दिन निकलते ही गांव की बाहरी सीमा पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग जाता है और गांव में पूरी तरह सन्नाटा छा जाता है। काली मंदिर मे पूजा और सूर्यास्त के बाद गांव की परिक्रमा कर पताका फहरायी जाती है और इसके बाद ही लोगों की गांव में वापसी होती है। इस पूरे प्रायोजन को 'पराह' कहा जाता है।
गांव के बुज़ुर्गों के मुताबिक सदियों से चली आ रही इस परंपरा के निभाने से पूरा गांव गंभीर बीमारी और दैवीय आपदा से बचा रहता है। दर असल कई सौ साल पहले इस गांव में थारू जन जाति की बस्ती थी, जिन्हें सपने में मां काली ने गांव के बाहर पराह करने के आदेश दिये थे और ये भी कहा था कि ऐसा करने से पूरा गांव गंभीर बीमारी और दैवीय आपदा से बच जायेगा। थारू जन जाति के लोगों की इस परंपरा को मुंडेरा गांव के लोग आज भी ज़िंदा रखे हुए हैं। यही नहीं गांव मे कोई नव विवाहिता हो या प्रसूता स्त्री सभी को इस परंपरा का पालन करना पड़्ता है। और तो और गांव के बाहर काम करने वाले इस गांव के लोग छुट्टी लेकर इस परंपरा को निभाने आते हैं। इस गांव के लोगों की ये भी मान्यता है कि पराह के दिन यदि कोई गांव मे रुका और उसने पानी भी पिया तो वो अंधा हो जाता है इस डर से भी गांव में कोई भी नहीं रुकता। पराह के दिन घरों में ताले नहीं लगते और चोरी भी नहीं होती। इस मौके पर चंदे के पैसे से खरीदी गई एक भेड़ के गले मे कुछ खाद्य सामग्री बांध उसे काली मंदिर ले जाया जाता है जहां उसके गले से सामग्री खोल कर प्रसाद स्वरूप बांट दिया जाता है। एक दर्जन ब्राहमणॊं को इस मौके पर भोजन कराया जाता है। इस वैज्ञानिक युग में गांव वालों की नज़र मे पराह एक धार्मिक आयोजन है और इन लोगों का इस परंपरा में पूरा विश्वास है।

सामाजिक सरोकार: आंटी, हो सके तो माफ़ करियेगा:


साभार श्री राजू मिश्रा: संस्मरण-
लखनऊ: शुक्रवार, १५ जनवरी २०१०

रह-रहकर गूंजता कुत्‍तों का रूदन चर्च परिसर में रुकने से रोकता है। ये कुत्‍ते अपनी मां को खोकर अनाथ हो चुके हैं। उस मां को जिसने इन्‍हें जना तो नहीं था अलबत्‍ता पाला-पोसा अपनी औलाद की मानिन्‍द। जाड़ा पड़ा तो शीरीन ने अपने तन की फिक्र नहीं की, कुत्‍तों को बेहतरीन स्‍वेटर पहनाये। भोजन भी एक से बढ़कर एक। कभी गोश्‍त पका तो कभी दूध और ब्रेड से काम चला लिया। कड़ाके की ठंडक ने जब शीरीन महावीर को लीला तो संबंधी इतना नहीं रोये, जितना कि यह कुत्‍ते रोये। कुत्‍ते रोये ही नहीं बल्कि अभी भी चुप लगाने का नाम नहीं ले रहे। लखनऊ के इस्‍लामिया कालेज के बगल रेड चर्च परिसर में रहने वाली शीरीन महावीर को होश संभलते ही सड़क के आवारा कुत्‍तों से ऐसा लगाव हुआ कि पूरी जिन्‍दगानी होम कर डाली उन्‍होंने कुत्‍तों पर। शीरीन ने शादी नहीं की। क्‍यों नहीं की, इस सवाल पर शीरीन कहने लगती- क्‍या बताऊं साहब। अपने लिये तो सब जीते हैं। मैं तो कुछ भी नहीं करती इनके लिए। सब गाड ही करता-कराता है। मै तो सिर्फ ऊपर वाले की वाचमैन हूं। शीरीन को अपनापे में कुछ लोगों ने खिताब दे डाला-'कुत्‍ते वाली आन्‍टी' और आन्‍टी भी ऐसी कि कभी किसी की बात का बुरा नहीं माना। एक महाविद्यालय में अंग्रेजी की लेक्‍चरर रही शीरीन का बहन की लड़की सुखबीर को छोड़कर इस दुनिया में कोई सगा न था। नौकरी के दौरान शीरीन ने अपनी पूरी तनख्‍वाह कुत्‍तों पर उड़ा डाली और रिटायर हुई तो पेंशन भी कुत्‍तों पर न्‍यौछावर कर दी। अपने पहनने -खाने की कभी कोई परवाह नहीं की। कुत्‍तों के लिए जो बना उसी में से कुछ अपने लिये भी निकाल लिया। कोई कुत्‍ता बीमार होता तो शीरीन की पेशानी पर बल पड़ जाते। डाक्‍टरों के यहां दौड़ती-भागती और दवाइयों का इंतजाम करती। खुददारी इतनी कि कभी किसी के सामने हांथ पसारना गंवारा नहीं किया। कोई दशक भर पहले मेरा परिचय हुआ था शीरीन से। हजरतगंज में शान के साथ टहलती शीरीन और उनके पीछे अलमस्‍त आवारा कुत्‍तों की एक लम्‍बी फौज। हर शख्‍स कभी शीरीन को घूरता तो कभी उनके अमले को और शीरीन थी कि बस अपनी ही धुन में चलती चली जा रहीं थी। कुत्‍तों के प्रति हमदर्दी शीरीन में कूट-कूट कर भरी थी। अपनी इस हमदर्दी के मूल में वह पिता का स्‍मरण कर आंखों में आंसू भर लेती। कहती - वह इंसान से कहीं ज्‍यादा जानवर में प्रभु को पाते थे, यह राज उन्‍होंने मुझसे जब से शेयर किया था तब से कुत्‍ते ही मेरे सर्वस्‍व हैं।
इधर बीच महंगाई ने तोड़ सा दिया था शीरीन को। फंड वगैरह तो पहले ही कुत्‍तों पर कुर्बान हो चुका था। कभी चूल्‍हा जला तो ठीक वरना होटल से काम चल जाता। पहले कुत्‍ते बाद में खुद खाया,ऐसा था शीरीन का दस्‍तूर। होटलवाला भी कुछ रहम दिल था। शीरीन उसकी तारीफ के पुल बांधती रहतीं। कहतीं-बड़ा नेक इन्‍सान है। बहुत दुआएं देती उसको। कुत्‍ते भी शीरीन पर जान छिड़कते थे। शीरीन बीमार तो कुत्‍ते रोते, शीरीन खुश तो कुत्‍ते दहाड़ते। कुत्‍ते आपकी खुशी कैसे भांप लेते हैं, शीरीन बताने लगतीं- अजी इनको तो बस बढि़या खाना चाहिए। अच्‍छा खाना मिल गया तो सारे के सारे जनाब बहुत खुश हो जाते हैं। कुत्‍तों के नाम भी शीरीन ने अलबेले रख छोड़े थे। दड़बेनुमा घर में किसी का नाम तेन्‍दुलकर तो कोई वीरू। शाहरुख से लेकर आमिर तक। कुतियों के नाम भी ऐसे ही कुछ- जैसे रानी मुखर्जी, शिल्‍पा बगैरह। सब के सब शीरीन की एक पुकार पर भागे चले आते।

इस्‍लामिया की ओर से गुजरते वक्‍त शीरीन से यदाकदा मुलाकात हो जाती थी लेकिन फोन पर उनसे सम्‍पर्क बना रहता। एक रोज सूखी रोटी खाती शीरीन को देख दंग रह गया। शीरीन चीथड़ों में लिपटी थीं। उनकी यह हालत देखी न गई मुझसे। खख्‍खाशाह तो था नहीं लिहाजा बातो ही बातों में अपनी मित्र रोमा हेमवानी जी से इस प्रसंग की चर्चा कर बैठा। यह उनकी सदाशय वृत्ति ही थी कि बिना सवाल किये एक निश्चित राशि प्रतिमाह भिजवाना उन्‍होंने शुरू कर दिया। शीरीन ने फोन करके कुछ झेपते हुए बातचीत शुरू की- यह क्‍यों करवा दिया आपने, खैर गाड की ओर मैडम को थैंक्‍यू बोलियेगा। अबकी जाड़ा बहुत ही किटकिटाऊ पड़ा। शीरीन का फोन आया-क्‍या एक कम्‍बल दिलवा देंगे किसी से। 'नहीं, मैं खुद लेकर दे जाऊंगा'-मैंने कहा लेकिन यह बात महज बतफरोशी होकर रह जायेगी, यह अनुमान न था। कम्‍बल ले आया था लेकिन शीरीन का फोन आता रहा और मैं रोज वायदा करके भी काम में फंसता रहा। आज अल सुबह शीरीन की भांजी सुखबीर का फोन आया- आन्‍टी नहीं रहीं, ठंडक लग गई थी। फोन रखते ही मानो सन्निपात सा हो गया, काटो तो खून नहीं-बस एक सवाल-'अब वह कम्‍बल किसे दूंगा'।
निशातगंज कब्रिस्‍तान में 79 बरस की न जाने कितने कुत्‍तों की मां शीरीन दफना दी गई हैं। लखनऊ सूबे की राजधानी है। तमाम पुरस्‍कार, तमगे यहां घोषित होते और बंटते हैं लेकिन शीरीन सरीखे लोगों का नाम इन पुरस्‍कारों की सूची में नहीं होता। शीरीन के सारे बच्‍चे अनाथ हो गये हैं। खुद को भी अपने ही हांथों ठगा महसूस कर रहा हूं मैं। अब किसी रोज कब्रिस्‍तान में सो रही शीरीन को कम्‍बल ओढ़ाकर अपनी झेप मिटाने का प्रयास करूंगा लेकिन शीरीन के हांथ में कम्‍बल न दे पाने का मलाल ताजिन्‍दगी सालता रहेगा। परमात्‍मा शीरीन को अपने चरणों में जगह देगा। हो सके तो माफ करना आन्‍टी। -
लेखक दैनिक जागरण में मुख्य उप संपादक के पद पर कार्यरत हैं

अब आमिर खान भी ट्विटर पर !!


बालीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन के मनाने पर अब आमिर खान भी माईक्रो ब्लागिंग साईट ट्विटर/Twitter, पर अपनी उपस्थिती का अहसास करवायेंगे। अभी तक आमिर खान ट्विटर पर इस लिये नही आ रहे थे, क्योंकि उन्हे लगता था कि वे उसे ज़्यादा वक्त नही दे पायेंगे। लेकिन बालीवुड ह्रुदय सम्राट अमिताभ बच्चन द्वारा ज़ोर देने पर वो 1 July से ट्विटर पर खाता खोलेंगे।


कैलाश मानसरोवर का प्राचीन रास्ता मिला!!


भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ने कैलाश मानसरोवर जाने का वैकल्पिक रास्ता ढूंढ निकाला है। सैकड़ों साल पहले तीर्थयात्री इसी रास्ते का प्रयोग करते थे। 60 किलोमीटर लंबा यह रास्ता भारतीय क्षेत्र में पड़ता है।

इसे खोजे जाने के बाद अब इसका विकास वैकल्पिक रास्ते के रूप में किया जायेगा। मुख्य मार्ग पर भूस्खलन होने या उत्तराखंड की ऊपरी पहाड़ियों में हिमपात की स्थिति में इसका उपयोग किया जा सकता है। आईटीबीपी ने नए रास्ते पर ट्रेकिंग भी कर के देख लिया है। बल के प्रमुख आरके भाटिया ने बताया कि जवानों ने ऐतिहासिक नक्शों, दस्तावेजों और पत्रों से प्राप्त संदर्भों के सहारे पूरे सफर को एक किताब की शक्ल दी है। ‘कुमाऊं और कैलाश’ नाम की इस किताब का गुरुवार को दिल्ली में विमोचन किया गया। इस साल 29 मई से शुरू हुई यात्रा 24 सितंबर तक चलेगी। करीब 960 तीर्थयात्रियों ने यात्रा के लिए पंजीकरण करवाया है इस यात्रा के दौरान तीर्थयात्री कैलाश पर्वत और तिब्बत में स्थित मानसरोवर झील की परिक्रमा करते हैं।

ज्ञानेश्वरी हादसा : सूचना देने वाले को एक लाख का इनाम


कोलकाता : ज्ञानेश्वरी एक्प्रेस हादसे के मामले में सीबीआई ने आरोपियों के खिलाफ जानकारी मुहैया कराने वाले को एक लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है | सीबीआई और राज्य पुलिस संयुक्त रूप से इस दुर्घटना की जांच में लगी हुई है |

पश्चिमी मिदनापुर के एसपी मनोज वर्मा ने बताया कि रेल हादसे की जांच के लिए कमिटी बना ली गयी है. पुलिस संत्रास विरोधी जन कमिटी के तीन नेताओं उमाकांत महतो, बापी महतो और ओशत महतो पर पुलिस और सीबीआइ को शक है |

इस बाबत इलाके में इनके नाम से पोस्टर चिपका दिये गये हैं और इनके संबंध में किसी भी तरह की जानकारी देने वाले को एक लाख रुपये इनाम के रूप में दिये जाऎंगे | पोस्टर अंग्रेजी समेत बांग्ला और ओलचिकी लिपी में भी बनवाये गये हैं | सीबीआई ने इस बाबत प्रेस विज्ञप्ति भी जारी कर दी है. साथ ही इन आरोपियों के मामले में सूचना देने वालों का नाम गुप्त रखने की बात भी कही है |

ग़ौरतलब है कि पिछले दिनों प.बंगाल में ज्ञानेश्वरी एक्प्रेस दुर्घटना मेंतकरीबन 160 लोग मारे गये थे | राज्य सरकार ने इसे नक्सलियों की करतूत बताया था. जबकि पुलिस संत्रास विरोधी जन कमिटी के प्रवक्ता ओशत महतो ने इसके पीछे उनके संगठन का हाथ होने के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था |

: न्यूज़लाइन एजेंसीज़

इसलामोफ़ोबिया, अब बरदाश्त नहीं


जिनेवा: आखिर क्यों आये दिन पश्चिम देश कभी बुरके पर तो कभी दाढ़ी पर प्रतिबंध लगाते रहते हैं. क्यों सभी मुसलमानों को आतंकी की तरह देखा जाता है. इसलामी सम्मेलन संगठन (ओआइसी) और उसके सहयोगियों ने इसलामी व्यवहार की आलोचना और आतंकवाद को इसलाम के मजहबी ताने-बाने से जोड़ने की कोशिश को इसलामोफ़ोबिया करार दिया. उन्होंने एक स्वर में कहा कि इससे पूरा मुसलिम समुदाय एक साथ बेवजह दंडित होता है. इसलामी देशों ने संयुक्त राष्ट्र से मांग की है कि वह पश्चिमी देशों और पश्चिमी मीडिया में इसलाम को लेकर तेजी से फ़ैलाये जा रहे हौवे के खिलाफ़ कड़े कदम उठायें |

57 इसलामी देशों के इसलामी सम्मेलन संगठन (ओआइसी) की ओर से पाकिस्तान ने कहा कि परिषद को धार्मिक स्वतंत्रता और नस्लवाद संबंधी ऐसे मामलों में स्वतंत्र जांच करानी चाहिए और पश्चिमी समाजों में तो यह खास तौर पर होना चाहिए. पाकिस्तान ने ओआइसी की ओर से एक प्रस्ताव भी परिषद के समक्ष रखा है. इसके तहत परिषद से मांग की गयी है कि वह धार्मिक स्वतंत्रता के मामले में विशेष जांच के लिए जनसंचार संस्थानों के साथ गहराई से मिलकर काम करे. यह सुनिश्चित करे कि धार्मिक और सांस्कृतिक विविधता को सम्मान देने तथा इसके प्रति सहिष्णुता का माहौल बनाया जा सके |

पाकिस्तान और मिस्र् समेत प्रमुख इसलामी राष्ट्रों के प्रतिनिधियों ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद से कहा कि पश्चिमी देशों में मुसलिम जनता के साथ नस्लवादी और भेदभावपूर्ण रवैये सा व्यवहार किया जा रहा है, जिसका निश्चित रूप से विरोध किया जाना चाहिए. संयुक्त राष्ट्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार मिस्र् से आये एक प्रतिनिधि ने कहा : अरब मूल के लोगों को आज नये किस्म के नस्लवाद, नस्ली भेदभाव, अछूतपन के साथ असहिष्णुता तथा संकीर्ण निशानदेही का अनुभव करना पड़ रहा है |

ओआइसी क्या है: इसलामी सम्मेलन संगठन 57 मुसलिम देशों का समूह है | इसमें मध्य पूर्व, अफ्रीका, मध्य ऐशया, कोकोश,बाल्कान, दक्षिण पूर्व ऐशया, दक्षिण ऐशया और दक्षिण अमेरिका (गुयाना और सूरीनाम) के देश शामिल हैं. इसका मुख्यालय जेद्दा, सऊदी अरब में है. इसकी स्थापना 25 दिसंबर 1969 को की गयी थी. इसका उद्देश्य इसलामी राष्ट्रों के सामाजिक,ओर्थक और राजनैतिक हितों की रक्षा करना है. साथ ही एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना जहां इसलामी देश अपनी बात रख सकें. फ्रेंच, अंगरेजी और अरबी इसकी ओधकारिक भाषा है |

: न्यूज़लाइन स्पेशल रिपोर्ट

एक दिन अपने " पिता " के नाम


नई दिल्ली। हममें से कई लोग ऐसे हैं जो अपने मित्रों के साथ मौज-मस्ती करने गए होंगे पर क्या आपने उस व्यक्ति के बारे में कभी सोचा है जिसकी वजह से आज इस दुनिया में हमारी हस्ती है । यदि नहीं, तो सोचना शुरू कीजिए और आने वाले ‘फादर्स डे’ पर अपने पिता को एक ऐसा तोहफा दीजिए, जिसे वह ताउम्र के लिये यादगार के तौर पर रख सकें ।

ऐसे लोग जो ‘फादर्स डे’ के मौके पर अपने पिता के साथ वक्त बिताना चाहते हैं वे 20 जून यानी ‘फादर्स डे’ के दिन शहर के किसी खास हिस्से में अपने पिता को ले जा सकते हैं।

: न्यूज़लाइन स्पेशल रिपोर्ट

बिहार : रावण की रिलीज पर लगा विवाद का ग्रहण


पटना: विख्यात फिल्म निर्देशक मणिरत्नम की आज(18 जून) को रिलीज़ हो रही बहुप्रतीक्षित फिल्म "रावण" बिहार और झारखण्ड में रिलीज नहीं हो सकेगी। इसके पीछे स्थानीय थियेटर मालिकों और फिल्म से जुड़े डिस्ट्रीब्यूटरों के आपसी विवाद को जिम्मेदार माना जा रहा है।

पटना के डिस्ट्रीब्यूटरों का कहना है कि फिल्म रावण के प्रोडच्यूसर अब उनसे तय की गई कीमत से दस लाख रुपये अधिक मांग रहे हैं जो कि गलत है क्योंकि वर्तमान में मांगी जा रही राशि पहले किए सौदे के अनुरुप नहीं है।

ग़ौरतलब है कि मणिरत्नम की बहुप्रतीक्षित फिल्म रावण में मुख्य रोल में अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या रॉय ने अभिनय किया है। उत्तर भारत में इन दोनों सितारों के लाखों प्रशंसकों को इस विवाद के कारण फिल्म देखनें के लिए कुछ दिन इंतजार करना पड़ सकता है।

: न्यूज़लाइन एजेंसीज़

ग्रीस ने नाइजीरिया को 2-1 से हराया


ब्लोमफोंटेन/मैंगुआंग।। 2004 में यूरोपीयन चैंपियनशिप का ख़िताब जीतने वाले ग्रीस ने गुरुवार को खेले गए फ़ीफ़ा विश्व कप 2010 के ग्रुप-बी मुकाबले में 71वें मिनट में डिफेंडर वेलिसियस तोरोसिदिस द्वारा किए गए गोल की बदौलत नाइजीरिया को 2-1 से हरा दिया।

फ्री-स्टेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मध्यांतर तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। ग्रीस ने मध्यांतर से ठीक पहले 44वें मिनट में बराबरी का गोल किया था। नाइजीरिया की ओर से मिडफील्डर कालू उचे ने 16वें मिनट मैच का पहला गोल 16वें मिनट में करके 1-0 की बढ़त बना ली थी।
उचे ने इस विश्व कप में फ्री-किक के माध्यम से पहला गोल किया। विश्व कप-2006में इंग्लैंड और एक्वाडोर के बीच खेले गए दूसरे दौर के मुकाबले के बाद यह फ्री-किक के माध्यम से किया गया पहला गोल है। 2006 में डेविड बेकहम ने फ्री-किक के जरिए गोल करके इंग्लैंड को 1-0 की जीत दिलाई थी।

: न्यूज़लाइन स्पोर्ट्स डेस्क

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York