Showing posts with label Shah Rukh Khan. Show all posts
Showing posts with label Shah Rukh Khan. Show all posts

Tuesday, April 12, 2011

केकेआर ने किया डेक्कन को डिस्चार्ज


कोलकाता : सोमवार को कोलकाता के इडेन गार्डन में खेले गए कड़े मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम ने डेक्कन चार्जर को 9 रनों से मात दे दी। चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ पहले मैच में महज 2 रनों से हारने के बाद यह जीत कोलकाता नाईटराइडर्स के लिये काफी मायने रखती है।

पहले बल्लेबाज़ी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के चौथे सत्र के छठे मैच में जैक्स कालिस (53) की अगुवाई में बल्लेबाजों के आतिशी प्रदर्शन के दम पर डक्कन चार्जर्स हैदराबाद को नौ रनों से हराकर पहली जीत का स्वाद चख लिया। वहीं कुमार संगकारा की टीम की टूर्नामेंट में यह लगातार दूसरी हार है। कालिस के अलावा मनोज तिवारी (नाबाद 30), कप्तान गौतम गंभीर (29) और यूसुफ पठान (22) ने उपयोगी योगदान किया जिससे कोलकाता ने 20 ओवर में चार विकेट पर 163 रन बनाए। जवाब में डक्कन चार्जर्स 20 ओवर में आठ विकेट पर 154 रन ही बना सके।

डेक्कन की ओर से भारत चिपली ने 48 और डैनियल क्रिस्टियन ने 25 रनों की पारी खेली। कोलकाता के इकबाल अब्दुल्ला 24 रन देकर तीन विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। कोलकाता के लिए यह जीत काफी राहत देने लायक रही क्योंकि पिछले मैच में मिली नजदीकी हार और सौरव गांगुली के बिना घरेलू मैदान पर टीम का पहला मैच होने से उस पर खासा दबाव था। कोलकाता और हैदराबाद दोनों नए कप्तानों के साथ उतरे हैं और दोनों को ही शुरूआती मैचों में क्रम से चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

Thursday, March 31, 2011

शाहरुख के "ईशान" का संगीत एलबम जारी



मुंबई: किंग खान के रेड चिलीज एंटरटेनमेंट की बनाई टीवी श्रृंखला "ईशान" ने कल नया संगीत एलबम जारी किया।

वाल्ट डिजनी टीवी इंटरनेशनल इंडिया के उपाध्यक्ष और महाप्रबंधक नताशा मल्होत्रा का कहना है कि "ईशान" भारतीय टीवी पर किशोरों के लिए स्थानीय तौर पर बनाया गया पहला संगीत नाटक है और पहली बार किसी टीवी शो के लिए संगीत एलबम जारी किया गया है जिसमें मूल ट्रैक हैं। इतना ही नहीं यह पहल मनोरंजन जगत में नए मानक तय करेगी।

इस एलबम में "ईशान" पर नौ गाने हैं और एक ट्रैक डिस्को किंग बप्पी लहिरी का भी है। इस एलबम में निखिल डिसूजा, रेमो घोष, देवप्रिय बनर्जी, राजीव संदारेनसन, कइजाद गेरदा और पवनी पांडे के ट्रैक हैं।

Monday, March 28, 2011

कोरिया में रीलीज होगी ‘माई नेम इज खान’


पिछले साल फरवरी में भारत और अन्य देशों में रिलीज हुई ‘माई नेम इज खान’ को बॉक्स ऑफिस पर काफी सफलता मिलने के बाद अब उसे दक्षिण कोरिया के 200 थियेटरों में रिलीज किया जायेगा। 24 मार्च को दक्षिण कोरिया के 12 थियेटरों में रिलीज इस फिल्म को इसके बाद 7 अप्रैल को 200 थियेटरों में प्रदर्शित किया जायेगा। फॉक्स स्टार के मुताबिक इस फिल्म को सियोल, इंचियोन, सुवोन, डाएजोएन, सुंगनाम, ग्वांगजू, डाएगु और बुसान में रिलीज किया गया है।

गौरतलब है कि इस फिल्म के लिए शाहरुख खान को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, काजोल को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और करण जौहर को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला था। इतना ही नहीं अब इस फिल्म की प्रमोशन पर 10 लाख डॉलर खर्च किए गए और यह किसी भी भारतीय फिल्म की प्रमोशन के लिए खर्च की गई सबसे बड़ी रकम है।

Wednesday, March 23, 2011

एक विज्ञापन में साथ दिखेंगे ’अमिताभ-जया’


नई दिल्ली : बॉलीवुड की मशहूर जोड़ी अमिताभ और जया बच्चन 10 साल के लम्बे अंतराल के बाद अब एक बार फिर पर्दे पर साथ दिखेंगे, लेकिन इस बार वे किसी फिल्म में नहीं; बल्कि गहनों के एक विज्ञापन में साथ नजर आएंगे। यह जोड़ी अंतिम बार फिल्मकार करण जौहर की फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ (2001) में एक साथ नजर आई थी। इस फिल्म में ह्रितिक रोशन, शाहरुख खान, करीना कपूर और काजोल ने भी अभिनय किया था।

अमिताभ ने अपने ब्लॉग पर जानकारी दी है कि वे अपनी पत्नी के साथ टाटा समूह के तनिष्क आभूषणों के विज्ञापन में नजर आएंगे। अमिताभ ने कहा कि उन्होंने और जया ने साथ में इन विज्ञापनों की शूटिंग की है। अमिताभ और जया से पहले उनके बेटे-बहू अभिषेक-ऐश्वर्य लक्स साबुन के लिए एक साथ विज्ञापन कर चुके हैं।

इससे पहले, अजय देवगन और काजोल भी वर्लपूल के विज्ञापन में साथ दिखे थे। शाहरुख और गौरी खान डी’डेकोर के विज्ञापन में, तो सैफ अली खान व करीना कपूर एयरटेल के विज्ञापनों में साथ दिखे थे।

Thursday, March 3, 2011

किंग खान ने हॉलीवुड के साथ बनाई "एक्ट्रीम सिटी"

मुंबई: हॉलीवुड के बड़े नामों के साथ शाहरुख खान अपनी अब तक की सबसे बड़ी फिल्म "एक्ट्रीम सिटी" बना रहे हैं। सुपरहिट टाइटेनिक के हीरो लियोनार्डो डि कैप्रियो भी इस फिल्म में उनके साथ काम कर रहे हैं।

इस फिल्म की पटकथा शाहरुख की रा.वन और ओम शांति ओम की पटकथा लिख चुके मुश्ताक शेख ने लिखी है जबकि फिल्म का निर्देशन हॉलीवुड निर्देशक पॉल श्रेडर करेंगे। फिल्म के निर्माता और सह-निर्माता भी हॉलीवुड के डेविड वाइजमैन और मार्टिन स्कॉर्सिस होंगे। इस फिल्म की पटकथा पर मुश्ताक और पॉल पिछले एक साल से काम कर रहे हैं। पिछले साल बर्लिन में मुश्ताक ने शाहरुख की मुलाकात पॉल से कराई थी।

फिल्म का निर्माण स्कॉर्सिस और शाहरुख के प्रोडक्शन हाउस, क्रमश: सिकेलिया प्रोडक्शंस और रेड चिलीज मिलकर करेंगे। इतना ही नहीं फिल्म से जुड़े सभी फैसलों में भी दोनों की भागीदारी होगी। फिल्म के निर्माण को लेकर जल्द ही दोनों पक्ष साथ बैठकर चर्चा करने वाले हैं। मुश्ताक शेख का कहना है कि हम सभी फिल्म को लेकर बहुत उत्साहित हैं। हॉलीवुड के इतने बड़े नामों के साथ काम करना, सपने का पूरा होने जैसा है।

गौरतलब है कि पिछले साल 12 फरवरी को बर्लिन फिल्म फेस्टिवल में ही इस प्रोजेक्ट की नींव पड़ गई थी। फिल्म माइ नेम इज खान के प्रीमियर के दौरान मार्टिन, डेविड, पॉल, करण जौहर और शाहरुख खान की मुलाकात में इस बारे में चर्चा हुई थी।

Tuesday, February 15, 2011

शूटिंग के दौरान घायल हुए किंग ख़ान


बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरूख के चाहने वालों के लिये एक बुरी ख़बर है। शाहरूख इन दिनों मलेशिया में डॉन-2 की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसी दौरान एक खतरनाक स्टंट की शूटिंग करते समय बॉलीवुड के किंग खान चोट लगने की वजह से बुरी तरह घायल हो गए है।

खबर के मुताबिक डॉन-2 की शूटिंग के दौरान ऊंट पर सवार होकर शाहरुख एक स्टंट कर रहे थे तभी वे गिर पड़े और उन्हें पीट व कोहनी में चोट लग गई। अब फ़िल्हाल किंग ख़ान को अपने प्रशंसकों से दुआ की दरकार है।

चोट के बाद भी शूटिंग जारी रहने से शाहरुख दूसरे दिन दर्द की वजह से काफी परेशान रहे। चोट की वजह से किंग खान एकता कपूर द्वारा आयोजित ग्लोबल फिल्म और टीवी सम्मान कार्यक्रम के लिए भी रिहर्सल नहीं कर सके। जबकि उन्होंने समारोह में परफार्म करने का वादा किया था।

Sunday, January 30, 2011

शाहरुख,काजोल बने बेस्ट ऐक्टर,ऐक्ट्रेस



मुंबई: शनिवार की शाम यशराज स्टूडियो में आयोजित 56वें आइडिया फिल्मफेयर अवॉर्ड समारोह में फिल्म 'उड़ान' और ‘दबंग’ छाई रहीं। लेकिन 'माई नेम इज़ खान' भी कुछ कम नहीं रही।

फिल्म 'माई नेम इज़ खान' के लिए शाहरुख खान को बेस्ट ऐक्टर और काजोल को बेस्ट ऐक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला। जबकि इसी फिल्म के लिये करण जौहर को बेस्ट डायरेक्टर के खिताब से नवाजा गया। उड़ान ने बेस्ट सपोर्टिंग ऐक्टर, बेस्ट फिल्म (क्रिटिक्स), बेस्ट स्टोरी, बेस्ट स्क्रीनप्ले समेत 7 अवॉर्ड अपने नाम किए। जबकि दबंग की झोली में बेस्ट फिल्म समेत 6 अवॉर्ड आए। दबंग में बेस्ट डेब्यू (फीमेल) के लिए सोनाक्षी सिन्हा को अवॉर्ड मिला जबकि बेस्ट डेब्यू (मेल) बैंड बाजा बारात के लिए रणबीर सिंह को चुना गया।

उड़ान के लिए रॉनित रॉय को बेस्ट सपोर्टिंग ऐक्टर और वी आर फैमिली में करीना कपूर को बेस्ट सपोर्टिंग ऐक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला। मशहूर गायक मन्ना डे को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इश्किया में शानदार अभिनय के लिए विद्या बालन को बेस्ट ऐक्ट्रेस का क्रिटिक्स अवॉर्ड मिला तो फिल्म दो दूनी चार के लिए ऋषि कपूर को बेस्ट ऐक्टर क्रिटिक्स का अवॉर्ड मिला।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York