Showing posts with label Sonia Gandhi. Show all posts
Showing posts with label Sonia Gandhi. Show all posts

Tuesday, March 22, 2011

भारतीय मुसलमानों से कोई बैर नहीं: बाल ठाकरे


मुंबई : शिव सेना अध्यक्ष बाला साहब ठाकरे ने भारतीय मुसलमानों के पक्ष में बयान देकर शायद एक अनोखी बहस को जन्म दे दिया है। ठाकरे के मुताबिक़, वह कभी भी भारतीय मुसलमानों के विरोधी नहीं रहे बल्कि उनका विरोध तो देश के बाहर के मुसलमानों के खिलाफ रहा है। उन्‍होंने कहा कि वे तो उनके खिलाफ हैं जो घुसपैठिए हैं और भारत का माहौल खराब कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और बांगलादेश से बड़े पैमाने पर मुस्लिम भारत में घुसपैठ करते हैं। साथ ही ठाकरे ने ये भी कहा कि जो भारतीय मुस्लिम इन घुसपैठियों की मदद करते हैं, वे भी उतने ही दोषी हैं।

शिव सेना के मुखपत्र सामना में छपे ठाकरे के इंटरव्यू के दूसरे हिस्से के मुताबिक ठाकरे की भारतीय मुसलमानों से न तो कोई शिकायत है और न ही बैर। उन्होंने कहा कि उनकी शिकायत तो उन मुसलमानों से है जो बाहर से आए हैं और देश में समस्याएं पैदा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, 'मुझे उन मुसलमानों से कोई शिकायत नहीं है जो पीढ़ी दर पीढ़ी से यहां रह रहे हैं। मेरी शिकायत उनसे है जो देश में घुस आए हैं। उन्हें देश से बाहर किया जाना चाहिए।' दरअसल, ठाकरे पाकिस्तान और बांग्लादेश से आए मुसलमानों का जिक्र कर रहे थे।

उन्होंने कहा, 'वे यहां आते हैं और देश के मुसलमानों को उकसाते हैं। महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में ऐसे तत्व बाहर से आए हैं और कोंकणी मुसलमानों को प्रभावित कर रहे हैं और उन्हें बर्बाद कर रहे हैं।'

इसके अलावा, सोमवार को छपे इंटरव्‍यू के पहले भाग में ठाकरे ने कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की राजनीतिक समझ के मामले में उनकी सास इंदिरा गांधी से कोई तुलना नहीं की जा सकती। ठाकरे के सोनिया गांधी को निशाने पर लेने से, कांग्रेसी भड़क गए हैं।

ठाकरे के अनुसार सोनिया गांधी ने देश के लिए कुछ नहीं किया है। उनकी इंदिरा गांधी से कोई तुलना नहीं की जा सकती। इंदिरा गांधी की राजनीतिक समझ उनसे काफी बेहतर थी। बड़े बड़े लोगों से मुलाकात और बैठकों के बाद इंदिरा गांधी राजनीति में आईं थीं। उनकी राजनीति को जो खाद पानी मिला था, वो काफी अलग था। सोनिया गांधी में वह बात नहीं है।

Sunday, March 6, 2011

वरुण की शादी में नहीं पहुंचा गांधी परिवार


वाराणसी: वरुण और यामिनी की शादी संपन्न हो चुकी है। लेकिन सोनियागांधी के परिवार का कोई भी सदस्य इस शादी का हिस्सा नहीं बना। राहुल गांधी के पैर में चोट होने की वजह से वह पहले से ही नहीं आने वाले थे लेकिन कहा जा रहा था प्रियंका गांधी विवाह समारोह में जरूर शामिल होंगी।

मेनका गांधी ने कई महीने पहले वरुण की शादी का ऐलान किया था तभी उन्होंने बताया था कि शादी में सोनिया गांधी समेत गांधी परिवार के सभी सदस्यों को आमंत्रित किया जाएगा। इतना ही नहीं वरुण गांधी अपनी ताई सोनिया गांधी को शादी में आने का न्योता देने के लिए खुद जनपथ गए थे। उस मुलाकात में राहुल और प्रियंका के आने की संभावना बताई गई थी पर शादी में कोई नहीं आया।

माना जा रहा था कि वरुण की यह शादी गांधी परिवार को एक बार फिर करीब लायेगी, क्योंकि वरुण ने कभी भी व्यक्तिगत तौर पर सोनिया गांधी के परिवार पर निशाना नहीं साधा है
1997 में वरुण प्रियंका गांधी की शादी में भी शामिल हुए थे। गौरतलब है कि अपनी शादी का निमंत्रण देने वरुण खुद सोनिया गांधी के घर गए थे, इसलिए सोनिया के परिवार से उम्मीद की जा रही थी कि उनके परिवार से कोई कोइ इस शादी का हिस्सा जरूर बनेगा।

Monday, February 21, 2011

बीजेपी सांसद का आरोप, स्विस बैंक में है सोनिया-राहुल का पैसा



नई दिल्ली : अब लगता है कि काला धन मामले में बीजपी और कांग्रेस के बीच वाकयुद्ध शुरू होने वाला है। बीजेपी सांसद राम जेठमलानी ने अब एक नई बहस को जन्म दे दिया है। जहां एक ओर बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से स्विस बैंकों में काला धन जमा करने के आरोप पर माफी मांगी है। लेकिन अब उनकी पार्टी के एक सांसद ने गांधी परिवार पर फिर यह आरोप दोहराया है। वरिष्ट एडवोकेट राम जेठमलानी ने सोमवार को कहा कि मैं मानता हूं कि गांधी परिवार ने स्विस बैंक में काफी धन जमा किया हुआ है।

संसद के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि इस बारे में स्विट्जरलैंड की कई पत्रिकाओं में लिखा गया है कि राहुल गांधी को स्विस बैंक से धन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस बारे में न्यूयार्क टाइम्स में विज्ञापन भी छपा है, जिसमें इस आरोप को दोहराया गया है।

ग़ौरतलब है कि बीजेपी ने कुछ समय पहले काले धन की पड़ताल के लिए एक टास्क फोर्स का गठन किया था। बीजेपी द्वारा इस कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर सोनिया गांधी और उनके पति पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी पर स्विस बैंक में एकाउंट होने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद पार्टी नेता लालकृष्ण आडवाणी ने भी कई सभाओं में सार्वजनिक रूप से कहा कि सोनिया गांधी को इस आरोप के बारे में स्पष्टीकरण देना चाहिए।

लेकिन इस आरोप के बाद सोनिया गांधी ने 15 फरवरी को एक कड़ा पत्र आडवाणी को लिखा और दावा किया कि उनके परिवार का कोई एकाउंट स्विस बैंक में नहीं है।इसके बाद आडवाणी ने सोनिया गांधी को एक पत्र लिखकर, स्विस बैंक के मामले में उनका नाम लेने के लिए माफी मांग ली।

लेकिन जेठमलानी ने कहा कि आडवाणी ने सोनिया गांधी से माफी नहीं मांगी है। जेठमलानी के अनुसार उन्होंने केवल इतना कहा है कि आपने (सोनिया गांधी) इतने साल तक स्विस बैंक मे गांधी परिवार का एकाउंट होने का खंडन नहीं किया और अब इतने साल बाद इसका स्पष्टीकरण दिया है।

Saturday, February 19, 2011

बीजेपी को नहीं पच रही, आडवाणी की ’माफ़ी’


नई दिल्ली : भाजपा के शीर्ष नेता द्वारा काला धन मामले में यूपीए की चेयरमैन सोनिया गांधी से माफ़ी का इज़हार करना उनके पार्टी के नेताओं को नागवार गुज़र रहा है। पार्टी स्तर पर गठित की गई उनकी समिति की रिपोर्ट में कहा गया था कि विदेशी बैंकों मे सोनिया गांधी और राजीव गांधी के खाते हैं। फिर सोनिया गांधी ने 15 फरवरी को आडवाणी को खत लिखा था कि उनका व उनके परिवार के किसी सदस्य का विदेशी बैंक में खाता नहीं है और भाजपा की ओर से ऐसे आरोप लगाए जाने से उन्हें बहुत कष्ट पहुंचा है।

इसके जवाब में आडवाणी ने 16 फरवरी को सोनिया गांधी को पत्र लिखकर माफ़ी का इज़हार किया था कि उन्हें सोनिया गांधी को दुख पहुंचाने का बेहद अफसोस है। हालांकि, आडवाणी के करीबी सूत्रों ने इसे पार्टी के शीर्ष नेता का बड़प्पन करार दिया है, मगर भाजपा में इस पर विवाद खड़ा हो गया है। पार्टी के कई सांसदों व नेताओं ने दबी जुबान में उनके खेद जताए जाने को गैर-जरूरी करार दिया।

इन नेताओं के मुताबिक़, संसद सत्र से ठीक पहले आडवाणी के इस कदम से भ्रष्टाचार पर घिरी कांग्रेस का पलड़ा भारी हो गया है और पार्टी के अभियान पर पानी फिरने का खतरा है। संघ के वरिष्ठ सूत्रों ने भी आडवाणी के कदम पर हैरानी जताई है। एक अन्य नेता ने पूरे घटनाक्रम की जिम्मेदारी इस मामले में गठित टास्क फोर्स पर थोप दी जिसकी रिपोर्ट में सोनिया व राजीव गांधी का नाम लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि भाजपा की ओर से काले धन की समस्या पर एक टास्क फोर्स का गठन किया गया था जिसने अपनी रिपोर्ट में सोनिया व पूर्व पीएम राजीव गांधी के विदेशों खातों की बात कही थी। इस रिपोर्ट को आडवाणी सहित एनडीए के तमाम आला नेताओं ने जारी किया था। सोनिया गांधी ने जब पत्र लिखकर इसका खंडन किया तो आडवाणी ने उन्हें जवाबी चिट्ठी लिखकर इस मामले में क्षमा प्रकट की थी।

भाजपा की वेबसाइट पर जारी किए गए पत्र में आडवाणी ने सोनिया लिखा है, ‘मुझे खुशी है कि आपने काले धन के मुद्दे का साफ शब्दों में खंडन किया है। अगर आपने यह खंडन पहले ही कर दिया होता तो टास्क फोर्स ने अपनी रिपोर्ट में इसका ख्याल रखा होता। बहरहाल, मैं आपको हुई पीड़ा के लिए बेहद खेद व्यक्त करता हूं।’

उधर, एक अन्य वरिष्ठ सांसद ने आडवाणी के खेद जताने के बजाय टास्क फोर्स के कामकाज पर ही सवाल खड़ा कर दिया। उनका कहना था कि टास्क फोर्स में शामिल किए गए सदस्यों को वित्तीय मामलों की धेले भर भी जानकारी नहीं थी। उन्होंने तो केवल अखबारों की कटिंग जमा करके अपनी रिपोर्ट तैयार कर दी। पार्टी के ज्यादातर नेता शुक्रवार को मीडिया से कन्नी काटते रहे। इसके अलावा, बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने सोनिया को लिखे पत्र की जानकारी सार्वजनिक तौर पर दी थी मगर इसपर किसी तरह की टिप्पणी से परहेज किया।

Friday, February 18, 2011

आडवाणी ने सोनिया गांधी से माफ़ी मांगी


पिछले काफ़ी समय से विदेशों में जमा काले धन की वापसी के मामले में हुई ग़लती के कारण अब भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने यूपीए की चेयरमैन सोनिया गांधी से माफ़ी मांगी है। आडवाणी ने एक पत्र लिखकर, पार्टी की तरफ से सोनिया गांधी और राजीव गांधी के नाम पर विदेश में बैंक अकाउंट होने संबंधी आरोप पर माफी मांगी है।

गौरतलब है कि भाजपा ने अपनी पार्टी के स्तर पर चार सदस्यों का एक जांचदल बनाया था जो विदेशों में गुप्तरूप से जमा कालेधन के बारे में खुलासा करने के लिये काम कर रहा था। और इस दल द्वारा काले धन को वापस लाने के सुझाव भी दिये जाने थे। बीजेपी द्वारा गठित किये गये इस जांच दल ने सोनिया गांधी और राजीव गांधी का स्वीस बैंक में अकाउंट होने का खुलासा आरोप लगाया था।

सूत्रों के अनुसार इस आरोप का जवाब देते हुए सोनिया गांधी ने लिखा है कि न तो उनके और न ही उनके पति के नाम से कोई बैंक अकाउंट है। सोनिया गांधी द्वारा पत्र से जवाब मिलने के बाद आडवाणी ने जांच रिपोर्ट में उनका नाम आने पर खेद जताया।

इस कार्यदल के सदस्य, एस गुरुमुर्ति, पूर्व आइबी डाइरेक्टर अजीत देवोल, प्रो. आर. वदियानाथन और महेश जेठमलानी थे। इनके रिपोर्ट के मुताबिक करीब 25 लाख करोड़ रुपये का कालाधन स्वीस बैंक में जमा है। पहली फरवरी को एनडीए नेताओं ने 'इंडियन ब्लैक मनी अब्रॉड इन सीक्रेट बैंक एंड टैक्स हेवन' नाम से एक बुकलेट रिलीज की थी। जिसमें सारी जानकारी दी गई थी।

आडवाणी ने खेद जताते हुए कहा कि सोनिया गांधी अगर पहले ही इस बात की जानकारी दे देतीं कि उनका या उनके पति का विदेश में अकाउंट नहीं है तो मैं ऐसा कोई बयान ही नहीं देता।

Thursday, February 17, 2011

वरूण ने सोनिया को दिया शादी का न्योता



नई दिल्ली: भाजपा सांसद वरुण गाँधी राजनीतिक मतभेदों को एक किनारे करते हुए बुधवार को अपनी ताई और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी को अपनी शादी का न्यौता देने पहुंचे। जहां सोनिया ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें उनके वैवाहिक जीवन के लिए बहुत सारी शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। साथ ही सोनिया ने वरूण को खाना खिलाकर वापस भेजा और कहा कि वो जरूर उनकी शादी में आयेंगी।


गौरतलब है कि पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी की शादी बंगाली बाला यामिनी रॉय से हो रही है जो पेशे से ग्राफिक डिजाइनर हैं। साथ ही कई महीने पहले वरुण की मां और भाजपा सांसद मेनका गांधी ने इस रिश्ते का ऐलान किया था। तभी उन्होंने यह भी बताया था कि शादी में सोनिया गांधी समेत कांग्रेस के प्रथम परिवार के सभी सदस्यों को आमंत्रण दिया जाएगा।


Friday, February 11, 2011

वरुण की शादी, सोनिया के परिवार को न्योता



बरेली: आने वाली छह मार्च को भाजपा नेता वरुण गांधी ग्राफिक डिजाइनर यामिनी रॉय चौधरी के साथ विवाह बंधन में बंध जायेंगे। वरुण की मां मेनका गांधी ने यह जानकारी देते हुए कहा है कि वरुण की शादी वाराणसी के कांची मठ में होने की संभावना है। साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके परिवार को भी आमंत्रण भेजा जाएगा।

मेनका ने बताया कि विवाह के बाद दिल्ली और पीलीभीत में रिसेप्शन होगा। पीलीभीत वरुण का लोकसभा क्षेत्र है। जब मेनका से पूछा गया कि क्या सोनिया को भी आमंत्रण भेजा जाएगा तो उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल समेत परिवार के सभी सदस्यों को न्योता दिया जाएगा। गौरतलब है कि यामिनी आलोचक अरुणा वासुदेव की बेटी है, और दिल्ली में ग्राफिक डिजाइनिंग स्टूडियो चलाती हैं।

Tuesday, February 8, 2011

सर्वदलीय बैठक फेल, विपक्ष जेपीसी की मांग पर अडिग


नई दिल्ली : घोटालों के कारण आलोचनाओं का शिकार हो रही केंद्रीय सरकार के सामने अब एक नई चुनौती आ खडी हुई है। पिछले काफ़ी समय विपक्ष द्वारा जेपीसी जांच की मांग की जा रही है, जिसे लेकर सरकार ने हमेशा ही टाल-मटोल वाला रवैय्या अपनाए रखा है। शीतकालीन सत्र के दौरान जेपीसी जांच की मांग कर रहे विपक्ष ने संसद को चलने नहीं दिया। अब महज़ दो हफ्ते बाद संसद का बजट सत्र शुरू होना है। इसी कारण केंद्र सरकार ने आज वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी की अध्यक्षता में 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले पर विपक्ष की जेपीसी की मांग के कारण बने गतिरोध को खत्म करने के लिये एक सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। जो कि बिना किसी हल के ख़त्म हो गई।

विपक्ष अब भी जेपीसी की मांग पर कायम है। भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि जेपीसी से कम पर कोई बात ही नहीं हो सकती है। कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा कि सोनिया गांधी किसी भी घोटाले पर कुछ नहीं बोल रही हैं। आदर्श हाउसिंग घोटाला, 2-जी स्पेक्ट्रम घोटाला हुआ लेकिन सोनिया गांधी ने कोई भी बयान नहीं दिया है।

ग़ौरतलब है कि शीतकालीन सत्र विपक्ष की जेपीसी की मांग की भेंट चढ़ गया था। अब जब बजट सत्र को सही रूप से चलाने के लिये सरकार ने फिर प्रयास शुरू किया है। जेपीसी की मांग पर अड़िग भाजपा ने कहा कि इस मसले पर चर्चा की जरूरत नहीं है और सरकार सीधे जेपीसी का गठन करे। हालांकि वाम दलों ने कहा है कि वह जेपीसी की मांग पर चर्चा के लिए तैयार है, बशर्ते सरकार इसके गठन का वादा करे।

जबकि जेपीसी की मांग को लेकर चल रहे गतिरोध को दूर करने के लिए कांग्रेस का कहना है कि पार्टी एक प्रस्ताव पर विचार विमर्श के लिए तैयार है। सरकार संसद में एक प्रस्ताव पारित करना चाहती है जिसमें मतदान के जरिये ये पता लगाने की कोशिश की जायेगी कि कितने सदस्य जेपीसी के पक्ष में और कितने सदस्य जेपीसी के विपक्ष में है।

Saturday, January 22, 2011

प्रधानमंत्री ने किया "बहादुर" बच्चों को सम्मानित




नई दिल्ली: 23 बच्चों को बहादुरी सम्मान से सम्मानित करते हुए प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने कहा है कि हिम्मत की यह मिसाल सभी लिए प्रेरणा का स्रोत है। इनमें से दो बच्चों को मरणोपरांत सम्मानित किया गया।

उन्होंने बच्चों को यह बहादुरी पुरस्कार देते हुए कहा कि देशवासियों को आप पर गर्व है और बहुत सी उम्मीदें भी। मुझे इस बात को कहने में कोई संकोच नहीं है कि ऐसे बहादुर बच्चों के साथ इस देश का भविष्य सुरक्षित है। दो बच्चों को मरणोपरांत सम्मान देते हुए उन्होंने इन बच्चों के परिजनों से कहा कि उनका योगदान व्यर्थ नहीं जाएगा।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी, महिला और बाल कल्याण मंत्री कृष्णा तीरथ की मौजूदगी में बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इनका बलिदान और इनकी बहादुरी देश के लिए मिसाल बनेगी और दूसरों को ऐसा करने की शक्ति प्रदान करेगी। मनमोहन ने प्रतिष्ठित गीता चोपड़ा पुरस्कार केरल की 14 वर्षीय कुमारी जिस्मी को प्रदान किया। कुमारी जिस्मी ने दो बच्चों को डूबने से बचाने के दौरान अदभुत साहस का परिचय दिया था। जबकि उतराखंड के 11 वर्षीय प्रियांशु जोशी को अपनी बहन को तेंदुए से बचाने के लिए संजय चोपड़ा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इतना ही नहीं ये सभी बच्चे गणतंत्र दिवस परेड का भी हिस्सा बनेंगे।

Tuesday, January 18, 2011

मंत्रिमंडल विस्तार संभव, सोनिया-मनमोहन की भेंट

नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्रिमंडल में जल्दी ही कुछ नये मंत्री शामिल किये जा सकते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच मंगलवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात की। सोनिया के साथ उनके राजनीतिक सचिव अहमद पटेल भी थे।

वहीं प्रधानमंत्री ने सोमवार को राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल से मुलाकात की थी। इसे हालांकि शिष्टाचार मुलाकात बताया जा रह है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक इस हफ्ते में यूपीए मंत्रिमंडल में फेरबदल और विस्तार की संभावना है। सूत्रों का यह भी कहना है कि मनमोहन सिंह इस बार मंत्रिमंडल में युवा चेहरे शामिल कर सकते हैं। शरद पवार और कपिल सिब्बल जैसे मंत्रियों के पास एक से अधिक मंत्रालयों का प्रभार है।ऎसे में उनसे कुछ मंत्रालय लिए जा सकते हैं।

मंत्रिमंडल में ए. राजा, पृथ्वीराज चव्हाण और शशि थरूर के इस्तीफे के बाद कुछ पद रिक्त भी हैं। फेरबदल और विस्तार का मुख्य उद्देश्य इन मंत्रालयों को भरना बताया जा रहा है।

Tuesday, November 16, 2010

लक्ष्मीनगर हादसा: मुख्यमत्री ने किया मुआवजे का ऐलान


लक्ष्मीनगर के ललिता पार्क इलाके में सोमवार शाम को अचानक एक पांच मंजिला इमारत के गिर जाने के कारण हुए दर्दनाक हादसे में अब तक 66 लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 134 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। अभी भी यह आशंका जाहिर की जा रही है कि मलबे में 64 लोग फंसे हैं। सरकार ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। डिप्टी कमिश्नर रवेन्यू को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं मकान मालिक अमृत सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। अमृत सिंह पर नकली सीमेंट का धंधा करने का आरोप है।

मुख्यमत्री शीला दीक्षित ने लक्ष्मीनगर में हुए हादसे में मरने वालों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। इस हादसे में मरने वालों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

लक्ष्मीनगर हादसे में घायल हुए लोगों से मुलाकात करने सोनिया गांधी भी लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल पहुंची। जहां उन्होंने घायलों से मुलाकात कर इंतजामों का जायजा लिया और घायलो को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। हादसे का जायजा लेने पहुंचे उपराज्यपाल तेजेंद्र खन्ना ने कहा है कि एमसीडी की एक कमेटी बनाई जाएगी, जो शहादरा जोन की ऐसी सभी इमारतों की जांच करेगी और खतरनाक इमारतों को गिराया जाएगा। घटनास्थल पर पहुंचे बीजेपी नेता विजय गोयल ने सरकार को इस हादसे का जिम्मेदार ठहराया। गोयल का कहना है कि सरकार अवैध निर्माण पर अंकुश लगाने में नाकामयाब रही है।

Sunday, November 14, 2010

2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले में संचार मंत्री ने दिया इस्तीफा



नई दिल्ली: 2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले में फंसे केंद्रीय संचार मंत्री ए राजा ने आखिरकार प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। आज सुबह ही इस मुद्दे पर एक अहम बैठक हुई, जिसके बाद ऐसे संकेत मिलने लगे थे राजा की विदाई तय है। इस बैठक में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी और अहमद पटेल शामिल हुए।

हालांकि सुबह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने 2-जी स्पेक्ट्रम के कथित घोटाले और उससे जुड़े दूरसंचार मंत्री ए राजा के बारे में आज कोई भी टिप्प्णी करने से इनकार करते हुए कहा कि इस संबंध में जो भी कहना है, संसद में कहा जाएगा। मुखर्जी ने कहा, कि संसद सत्र चल रहा है और दूससंचार मंत्री ए राजा के बारे में जो कुछ भी कहना है संसद में ही कहा जाएगा। सूत्रों के मुताबिक बैठक में फैसला लिया गया कि सोमवार को प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर संसद में बयान देंगे।

विपक्ष 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में राजा की कथित भूमिका के मद्देनजर उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग कर रहा था। इसके चलते पिछले हफ्ते संसद में कोई कामकाज भी नहीं हो सका। बीजेपी और वाम दलों समेत विपक्ष ने धमकी दी थी कि अगर राजा को केंद्रीय मंत्रिपरिषद से नहीं हटाया गया, तो विपक्ष संसद नहीं चलने देगा।

Monday, October 18, 2010

केंद्र से जारी धनराशि का बिहार में हुआ दुरुपयोग : सोनिया


किशनगंज : कांग्रेस अध्यक्ष और यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने बिहार की नीतिश सरकार पर बिहार की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश सरकार ने बिहार के विकास के लिये कुछ नहीं किया।बीजेपी और जेडीयू के गठबंधन को सोनिया ने अवसरवादी करार दिया। बिहार के मुस्लिम बहुल जिले किशनगंज में सोमवार को एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सोनिया ने कहा कि केंद्र ने बिहार की सरकार को विकास के लिए करो़डों की धनराशि मुहैया कराई लेकिन उसका कही पर भी इस्तेमाल नहीं किया गया।

सोनिया ने कहा, केंद्र की ओर से बिहार सरकार को करो़डों-करो़डों रूपये दिए गए लेकिन सवाल है कि इसका इस्तेमाल कहां हुआ। अब तो भ्रष्टाचार की बातें भी सामने आ रही हैं। भाजपा-जद (यु)गठबंधन अवसरवादी है। कांग्रेस अध्यक्ष ने नीतीश के साथ ही राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में बीते कुछ वर्षो के दौरान कोई विकास नहीं हुआ जिस वजह से यहां के युवा शिक्षा और रोजगार की तलाश में पलायन कर रहे हैं।इस दौरान सोनिया ने अपने संबोधन में अल्पसंख्यक मतदाताओं को रिझाने की भी कोशिश की।

Saturday, July 10, 2010

पीएम सुरक्षा के दौरान बच्चे की मौत, कानपुर सांसद करेंगे जांच

कानपुर में पीएम के काफिले के दौरान हुई एक बच्चे की मौत को यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने पूरे मामले की जांच के लिए कानपुर के सांसद श्रीप्रकाश जयसवाल को भेजा है। गौरतलब है कि मरने वाले बच्चे की मां ने सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखी थी, जिसमें उन्होंने पीएम के कानपुर दौरे के वक्त वीआईपी वाहनों को गुजरने के लिए रोके जाने वाले ट्रैफिक को अपने बेटे अमन की मौत का जिम्मेदार बताया था।

उनका कहना था कि वीआईपी वाहनों को गुजरने के लिए रोके जाने वाले रास्ते से ही 8 साल के घायल अमन को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन ट्रैफिक रोके जाने के कारण अमन को समय से अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका और रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी। श्यामनगर की रहने वाली ऊषा शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिख कर गुहार लगाई थी कि भविष्य में किसी वीआईपी की यात्रा के दौरान ऐसे ट्रैफिक न रोका जाए, जिससे कोई घायल अस्पताल न पहुंच सके। उन्होंने बच्चे अमन की मौत पर 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की भी मांग की है। ऊषा शर्मा और उनके पति तसदुद हुसैन का इकलौता बेटा अमन सिविल लाइन इलाके के एक स्कूल में कक्षा 2 का छात्र था। 3 जुलाई को वह घर में खेलते हुए गिर गया था, जिसके कारण उसके सिर में गंभीर चोट लग गई थी। जब ऊषा अपने पति के साथ बच्चे को अस्पताल ले जा रहे थे तो प्रधानमंत्री की सुरक्षा में लगे सुरक्षाकर्मियों ने उनके अनुरोध के बाद भी रास्ते से नहीं गुजरने दिया। लंबे रास्ते से अस्पताल पहुंचने की वजह से अमन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York