Showing posts with label Manmohan Singh. Show all posts
Showing posts with label Manmohan Singh. Show all posts

Wednesday, March 30, 2011

छावनी में तब्दील हुआ मोहाली स्टेडियम


मोहाली: आज भारत-पाक के बीच होने वाले हाई वोल्टेज सेमीफाइनल मैच के मद्देनजर मोहाली के पीसीए स्टेडियम पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सुरक्षाबल किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

आतंकी संगठनों की हमले की धमकियों के मद्देनजर अत्याधुनिक हथियारों से लैस सुरक्षा दस्ते कल ही पीसीए में तैनात कर दिए गए थे। इतना ही नहीं रैपिड एक्शन फोर्स तथा डॉग स्क्वायड के सदस्य करीब चार दर्जन कुत्तों साथ पीसीए स्टेडियम पहुंचे और उन्होंने वहां चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। डीआईजी खूबी राम के नेतृत्व में शार्ट वैपन एंड टैकटिस टीम ने भी अपना मोर्चा संभाल लिया है। इजराइल से प्रशिक्षण लेकर आई इस टीम का हर सदस्य इतना तेज तर्रार व चुस्त-दुरुस्त है कि बिना हथियार के भी 15 से 20 व्यक्तियों का सामना करने की क्षमता रखता है। लेकिन फिर भी इनके पास एमपी-9, एमपी-5, गलौक पिस्टल, एके-47 जैसे हाईटेक हथियार हैं। एमपी-9 एक ऐसा हथियार है जो कि एक मिनट में 930 गोलियां दागता है। स्टेडियम के आसपास किसी भी अज्ञात व्यक्ति के जाने पर पाबंदी है।

वहीं दूसरी तरफ मैच देखने आ रहे देश के प्रधानमंत्री मनमोहन हो या फिर पाक प्रधानमंत्री गिलानी, सभी वीवीआईपी व भारत-पाक टीमें फाइव-स्टार होटल ताज में मेहमान हैं। जहां एक तरफ पुलिस ने होटल ताज की सुरक्षा के लिए चारों ओर की बहुमंजिला इमारतों पर एयर क्राफ्ट गनों की तैनाती की हैं वहीं दूसरी और आसमान से हेलिकाप्टर कड़ी निगरानी रख रहे हैं। एसपी सुरक्षा एचएस दून का कहना है कि सुरक्षा चक्र की नजर हर स्थिति पर है।

Tuesday, March 29, 2011

गायब हुए हवाई अड्डे के 30 सुरक्षा पास



मुंबई: छत्रपति शिवाजी टर्मिनल हवाई अड्डे में प्रवेश के लिए दिये जाने वाले 30 सुरक्षा पास पिछले दो माह से गायब हैं।

महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य किरन पावस्कर ने परिषद को इस बात से अवगत कराते हुए कहा कि यदि यह पास आतंकवादियों के हाथ में पड़ जाए तो हवाई अड्डे की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने पुलिस उपायुक्त सत्यनारायण को भी इस मामले में सूचित कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह पास पुलिस विभाग से चरित्र प्रमाण पत्र मिलने के बाद हवाई अड्डे में प्रवेश के लिए दिया जाता है।

विधान परिषद के अध्यक्ष शिवाजीराव देशमुख ने इसे एक गंभीर मामला मानते हुए पावस्कर को इस संबंध में प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह को लिखित आवेदन करने के लिए कहा है साथ ही इसकी एक प्रति उन्हें भी देने के लिए कहा जिससे वह भी इस संबंध में मंत्री से बात कर सकें।

Friday, February 25, 2011

अगले महीने भारत यात्रा पर आएंगी सारा


वांशिगटन: अलास्का की पूर्व गवर्नर और अमेरिका की रिपब्लिकन पार्टी की नेता साराह पालिन मार्च में भारत आ रही हैं। अगले महीने पहली बार भारत की यात्रा पर आने वाली सारा राजधानी में होने वाले एक कार्यक्रम में शामिल होंगी, जिसमें प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी होंगे।

सारा ने संकेत दिए हैं कि वह 2012 का राष्ट्रपति चुनाव रिपब्लिकन उम्मीदवार के तौर पर लड़ना चाहती है इसलिए इस यात्रा को काफी अहम माना जा रहा है। वह 19 मार्च को इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में शामिल होने के लिए यह यात्रा करने वाली हैं। इस सम्मेलन को संबोधित करने वालों में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी शामिल हैं। पालिन के शीर्ष सलाहकार रेबेक्का मनसोर ने ट्विटर पर भेजे एक संदेश में इस कार्यक्रम का खुलासा किया है। इस मौके पर आयोजित रात्रि भोज में सारा मुख्य अतिथि होंगी।

गौरतलब है कि सारा की विदेशी नीति से जुड़े विषयों पर कम समझ रखने के लिए अक्सर आलोचना की जाती है। लेखक और वक्ता के तौर पर भी सारा आए दिन सुर्खियों में रहती हैं।

Tuesday, February 22, 2011

क्या साल के अंत तक दिवालिया होगी बीएसएनएल..?


भारत संचार निगम लिमिटेड यानी बीएसएनएल को तेजी से हो रहे नुकसान को देखते हुए यह लगता है कि इस साल के अंत तक यह कंपनी दिवालिया हो जाएगी।

दरअसल इस सरकारी टेलीकॉम कंपनी को हर महीने भारी भरकम नुकसान हो रहा है। खबर के मुताबिक बीएसएनएल को हर महीने 400 करोड़ रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है। जबकि 2004 में जब पहली बार यूपीए की सरकार बनी थी, तब इस कंपनी के नाम पर कुल 30,000 करोड़ रुपए की नकदी थी, और इस कंपनी की गिनती अच्छा खासा मुनाफा कमाने वाली कंपनियों में की जाती थी। लेकिन तब लेकर अब तक सिर्फ, 7 सालों के अंदर ही यह कंपनी दिवालिया होने की कगार पर जा पहुंची है। साल 2009-10 के दौरान बीएसएनएल का रेवेन्यू 10 फीसदी से ज्यादा घट गया। इसके अलावा इस कंपनी को 3जी स्पेक्ट्रम की फीस के तौर पर 18,500 करोड़ रुपए की रकम भी चुकानी पड़ी जिसके चलते इस कंपनी की स्थिति बद से बदत्तर हो गई है।

हालाकि केंद्र सरकार इस बात का वादा कर चुकी है कि इस कंपनी को डूबने नहीं दिया जाएगा, और यह वादा प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह ने किया है। लेकिन अब देखना यह है कि 3 लाख से ज्यादा कर्मचारियों और करोड़ो ग्राहकों वाली इस कंपनी का उद्धार किस तरह किया जाता है।

Saturday, January 22, 2011

प्रधानमंत्री ने किया "बहादुर" बच्चों को सम्मानित




नई दिल्ली: 23 बच्चों को बहादुरी सम्मान से सम्मानित करते हुए प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने कहा है कि हिम्मत की यह मिसाल सभी लिए प्रेरणा का स्रोत है। इनमें से दो बच्चों को मरणोपरांत सम्मानित किया गया।

उन्होंने बच्चों को यह बहादुरी पुरस्कार देते हुए कहा कि देशवासियों को आप पर गर्व है और बहुत सी उम्मीदें भी। मुझे इस बात को कहने में कोई संकोच नहीं है कि ऐसे बहादुर बच्चों के साथ इस देश का भविष्य सुरक्षित है। दो बच्चों को मरणोपरांत सम्मान देते हुए उन्होंने इन बच्चों के परिजनों से कहा कि उनका योगदान व्यर्थ नहीं जाएगा।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी, महिला और बाल कल्याण मंत्री कृष्णा तीरथ की मौजूदगी में बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इनका बलिदान और इनकी बहादुरी देश के लिए मिसाल बनेगी और दूसरों को ऐसा करने की शक्ति प्रदान करेगी। मनमोहन ने प्रतिष्ठित गीता चोपड़ा पुरस्कार केरल की 14 वर्षीय कुमारी जिस्मी को प्रदान किया। कुमारी जिस्मी ने दो बच्चों को डूबने से बचाने के दौरान अदभुत साहस का परिचय दिया था। जबकि उतराखंड के 11 वर्षीय प्रियांशु जोशी को अपनी बहन को तेंदुए से बचाने के लिए संजय चोपड़ा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इतना ही नहीं ये सभी बच्चे गणतंत्र दिवस परेड का भी हिस्सा बनेंगे।

Thursday, January 20, 2011

अब अपने ही नंबर पर बदले कंपनी.....


नई दिल्ली: अपने नंबर को बदले बिना मोबाइल ऑपरेटर बदलने की सेवा (पोर्टेबिलिटी सेवा) आज से शुरू हो गई है। ऑपरेटर बदलने के लिए बस आपको एक एसएमएस करना होगा।

माना जा रहा है कि इस सेवा के शुरु होने के बाद उपभोक्ताओं की शिकायतों के प्रति कंपनियों की बेरूखी में परिवर्तन आ जाएगा। जो सेल्युलर कंपनियां अब तक आपकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रही थी, उपभोक्ता अब सर्विस बदलकर उन्हें रास्ता दिखा सकते हैं।

इस सुविधा की शुरूआत सबसे पहले पिछले साल नवंबर में हरियाणा के कुछ इलाकों में लागू की गई थी, पर आज से प्रधानमंत्री इस सर्विस को देशभर में एक साथ लॉंच करने जा रहे हैं। टेलिकॉम मिनिस्टर कपिल सिब्बल के मुताबिक, इससे ब़डा फायदा यह होगा कि अगर आप अपने सर्विस प्रवाइडर से खुश नहीं हैं तो नंबर के बारे में डरे बिना आप दूसरे सर्विस प्रवाइडर की सेवा ले सकेंगे। लॉंच से पहले ही सेल्युलर कंपनियां तरह-तरह से उपभोक्ताओं को लुभाने लगी है और कई ने टोल-फ्री लाइनें भी शुरू कर दी है। इनमें लोगों को बिना नंबर बदले सर्विस बदलने के बारे में बताया जा रहा है।

यह प्रक्रिया पूरी होने में सात दिन का वक्त लगेगा। ऑपरेटर को कोड दिखाकर और फार्म भरने के बाद आपको नया सिम मिल जाएगा। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आपका नया सिम कार्ड एक्टिवेट हो जाएगा। अगर आप जीएसएम टू जीएसएम, सीडीएमए 2 जीएसएम या फिर कोई दूसरा कनेक्शन यूज कर रहे हैं, तब भी आप इस सर्विस का फायदा उठा सकते हैं। इस सुविधा के लिए आपको महज 19 रूपए चुकाने होंगे।

कैसे बदलें सर्विस: मैसेज बॉक्स में जाकर टाइप करें पोर्ट, फिर अपना मोबाइल नंबर और भेज दीजिए 1900 पर। इसके बाद आपको एक यूनिक पोर्टिग कोड मिलेगा। इस कोड की मदद से आप अपना पंसदीदा ऑपरेटर चुन सकेंगे। एमएनपी के तहत आपका सेल नंबर नए सर्विस प्रवाइडर के पास पहुंच जाएगा।

Thursday, January 6, 2011

आम जनता पर पड़ती महँगाई की मार


नई दिल्ली: महँगाई की मार से परेशान आम आदमी की मुश्किलें कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। सरकार के महँगाई को थामने के लिए उठाये जा रहे कदम भी फिलहाल कारगर नजर होते नहीं दिखाई दे रहे हैं।

चाहे दूध, सब्जियां हो या फिर गेहूँ, चावल और दाल इस तरह की रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजों के लगातार बढ़ते दाम ने आम आदमी का जीना मुहाल कर दिया है। रोज के इस्तेमाल में आने वाली इन चीजों के छलाँग भरने से खाद्य वस्तुओं की महँगाई 25 दिसम्बर को समाप्त हुए सप्ताह में 3.88 प्रतिशत की लंबी उड़ान भरकर एक वर्ष से अधिक के उच्च स्तर 18.32 प्रतिशत पर पहुँच गई। इतना ही नहीं बेमौसमी बारिश की वजह से 20-21 दिसम्बर को देश में प्याज की कीमतें भी बढ़कर 80 रुपए प्रति किलो पर पहुँच गई थी।

एक तरफ जहां प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने वर्ष 2011 में महँगाई को थामने के लिए दो गुने प्रयास किए जाने का आश्वासन दिया है वहीं वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी की नजर में भी महँगाई का बढ़ना बहुत ही चिंता का विषय है। केन्द्रीय गृहमंत्री पी चिदम्बरम का कहना है कि महँगाई का डंक, करों के डंक से भी खराब है। हांलाकि प्याज की कीमतों में वृद्धि के बाद सरकार ने डीजल और रसोई गैस के कीमतों में होने वाली वृद्धि के प्रस्ताव को टाल दिया था।

Sunday, November 14, 2010

2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले में संचार मंत्री ने दिया इस्तीफा



नई दिल्ली: 2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले में फंसे केंद्रीय संचार मंत्री ए राजा ने आखिरकार प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। आज सुबह ही इस मुद्दे पर एक अहम बैठक हुई, जिसके बाद ऐसे संकेत मिलने लगे थे राजा की विदाई तय है। इस बैठक में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी और अहमद पटेल शामिल हुए।

हालांकि सुबह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने 2-जी स्पेक्ट्रम के कथित घोटाले और उससे जुड़े दूरसंचार मंत्री ए राजा के बारे में आज कोई भी टिप्प्णी करने से इनकार करते हुए कहा कि इस संबंध में जो भी कहना है, संसद में कहा जाएगा। मुखर्जी ने कहा, कि संसद सत्र चल रहा है और दूससंचार मंत्री ए राजा के बारे में जो कुछ भी कहना है संसद में ही कहा जाएगा। सूत्रों के मुताबिक बैठक में फैसला लिया गया कि सोमवार को प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर संसद में बयान देंगे।

विपक्ष 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में राजा की कथित भूमिका के मद्देनजर उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग कर रहा था। इसके चलते पिछले हफ्ते संसद में कोई कामकाज भी नहीं हो सका। बीजेपी और वाम दलों समेत विपक्ष ने धमकी दी थी कि अगर राजा को केंद्रीय मंत्रिपरिषद से नहीं हटाया गया, तो विपक्ष संसद नहीं चलने देगा।

Monday, November 8, 2010

भारत नहीं छीन रहा, अमेरिका की नौकरियां:मनमोहन


प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ साझा प्रेस कॉंफ्रेंस में कहा कि भारत अमेरिका में किसी की नौकरियां छीनने के धंधे में नहीं है। आउटसोर्सिंग से अमेरिका में न केवल उत्पादन क्षमता बढ़ी है बल्कि उत्पादकता भी। उन्होंने कहा कि भारत ने यह साफ कर दिया है कि वह अमेरिकी लोगों की नौकिरयां नहीं छीन रहा है। इसके विपरीत आउटसोर्सिंग से वहां उत्पादन क्षमता और उत्पादकता बढ़ रही है।

दिल्ली के हैदराबाद हाउस में हुए इस कॉंफ्रेंस में राष्ट्रपति ओबामा ने माना है कि भारत विश्व मंच पर एक अलग पहचान बनाई है वह महत्वपूर्ण खिलाड़ी के रुप में उभर चुका है। जब उन्होंने कहा कि दोनों देशों में भागीदारी और बढ़ेगी तब प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भारत के प्रति अमेरिकी पहल और प्रतिबद्धता का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि 9-10 प्रतिशत विकास दर बनाए रखने के लिए भारत को इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में अगले पांच वर्षों में एक खरब डॉलर निवेश की जरुरत है।

Sunday, November 7, 2010

नन्हे-मुन्नों के साथ थिरके ओबामा दंपत्ति


मुम्बई: शनिवार को मुम्बई पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने आज मुम्बई के एक स्कूल में महाराष्ट्र का पारम्परिक कोली नृत्य किया। साथ ही ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ने बच्चों के साथ दीपावली भी मनाई।

आज ओबामा दंपत्ति मुम्बई के होलीनेम स्कूल पहुंचे जहां बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किया। कोली नृत्य पर नाच रहे नन्हे-मुन्नों को देख पहले मिशेल थिरकीं। इसके बाद ओबामा भी खुद को झूमने से नहीं रोक पाये। बस फिर क्या था ओबामा ने भी बच्चों और मिशेल का पारंपरिक नृत्य में भरपूर साथ दिया। उसके बाद ओबामा ने कुछ देर तक बच्चों से बात की और उन्हें ऑटोग्राफ भी दिए। जहां मिशेल बच्चों के साथ बेहद खुश नजर आ रही थीं। वहीं बच्चे भी ओबामा और मिशेल के साथ थिरकने से खूब उत्साहित दिखे।

तय कार्यक्रम के अनुसार आज ओबामा और मिशेल मुम्बई से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। और दिन में 3.30 बजे वे दिल्ली पहुंच जाएंगे। उनकी अगवानी के लिए हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी गुरशरण कौर मौजूद होंगे। क्योंकी अमेरिकी राष्ट्रपति का दिल्ली में बहुत व्यस्त कार्यक्रम है। इसलिये दिल्ली पहुंचने के कुछ देर बाद ही वह ऐतिहासिक हूमायूं का मकबरा देखने जाएंगे। जहां से शाम को वह अमेरिकी दूतावास द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद वह प्रधानमंत्री के आवास पर एक निजी रात्रिभोज में शामिल होंगे।

सोमवार को वह राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद ओबामा प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे। फिर दोनों एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। अपने सम्मान में आयोजित भोज से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति भारतीय संसद को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वह इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के लिए रवाना होंगे।

Monday, November 1, 2010

बाजार में सप्लाई को लेकर दिक्कतें हैं:मनमोहन सिंह


प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का कहना है कि फिलहाल बाजार में सप्लाई को लेकर अनिश्चितता दिख रही है। उन्होंने कहा है कि मंदी के दौरान भारत उम्मीद से भी ज्यादा तेजी से उबरा है। इसकी वजह से ही अर्थव्यवस्था पर मुद्रास्फीति का दबाव दिख रहा है।

प्रधानमंत्री का कहना है कि घरेलू बाजार में तेल का उत्पादन पर्याप्त नहीं है। क्योंकि जिस तेजी के साथ देश में पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स की मांग बढ़ रही है उसके मुताबिक देश में तेल की मांग अगले दस साल में 40 फीसदी तक बढ़ जाएगी। ऐसे में ये बेहद जरूरी है कि घरेलू स्तर पर तेल के उत्पादन को और बढ़ाया जाए। आपको बता दें कि मौजूदा समय में भारत अपनी तेल की कुल जरूरत का दो तिहाई हिस्सा आयात करता है।

बढ़ती महंगाई पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा है कि 16 अक्टूबर को खत्म हुए हफ्ते के दौरान महंगाई की दर 13.75 फीसदी रही है। हालांकि इसके पिछले हफ्ते की तुलना में इसमें 1.78 फीसदी की कमी आई है।

Wednesday, September 29, 2010

फ़ैसले को लेकर पूरे देश में हाई अलर्ट


अयोध्या पर कल आने वाले फ़ैसले के मद्देनज़र सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिये गये है और पूरे देश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। सभी पुलिसवालों की छुट्टियां रद्द कर दी गयी हैं। वहीं पूरे उत्तर प्रदेश में धारा 144 लागू की गई है और फोर्स के अलावा 1 लाख होमगार्ड़ भी तैनात किये गये है। उत्तर प्रदेश के 32 इलाकों को संवेदनशील घोषित किया गया और पूरे देश के 6 राज्यों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है।

मध्य प्रदेश में भी धारा 144 लागू कर दी गई है और सुरक्षा के मद्देनज़र भोपाल समेत कई जगहों पर सेना का फ्लैग मार्च भी हुआ है। इन्दौर में गतिविधियों पर नज़र रखने के लिये CCTV की मदद ली जा रही है तो जबलपुर में चाकू और तलवारें ज़ब्त कर लिये गये है।

इस फ़ैसले के मद्देनज़र सबसे ज़्यादा पुख़्ता इंतजाम अयोध्या में किये गये है। वहां फोर्स की 24 कंपनी तैनात की गई है और 1 लाख से ज़्यादा पुलिसकर्मी तैनात है। साथ ही जगह जगह पर सेना ने फ्लैग मार्च भी किया है।

गृह मंत्री पी चिदंबरम ने सुरक्षा के इंतजामों का जायज़ा लिया। और प्रधानमंत्री ने जनता से शांति बनाये रखने की अपील की है।

न्यूज़लाईन ब्यूरो

Saturday, July 10, 2010

पीएम सुरक्षा के दौरान बच्चे की मौत, कानपुर सांसद करेंगे जांच

कानपुर में पीएम के काफिले के दौरान हुई एक बच्चे की मौत को यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने पूरे मामले की जांच के लिए कानपुर के सांसद श्रीप्रकाश जयसवाल को भेजा है। गौरतलब है कि मरने वाले बच्चे की मां ने सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखी थी, जिसमें उन्होंने पीएम के कानपुर दौरे के वक्त वीआईपी वाहनों को गुजरने के लिए रोके जाने वाले ट्रैफिक को अपने बेटे अमन की मौत का जिम्मेदार बताया था।

उनका कहना था कि वीआईपी वाहनों को गुजरने के लिए रोके जाने वाले रास्ते से ही 8 साल के घायल अमन को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन ट्रैफिक रोके जाने के कारण अमन को समय से अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका और रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी। श्यामनगर की रहने वाली ऊषा शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिख कर गुहार लगाई थी कि भविष्य में किसी वीआईपी की यात्रा के दौरान ऐसे ट्रैफिक न रोका जाए, जिससे कोई घायल अस्पताल न पहुंच सके। उन्होंने बच्चे अमन की मौत पर 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की भी मांग की है। ऊषा शर्मा और उनके पति तसदुद हुसैन का इकलौता बेटा अमन सिविल लाइन इलाके के एक स्कूल में कक्षा 2 का छात्र था। 3 जुलाई को वह घर में खेलते हुए गिर गया था, जिसके कारण उसके सिर में गंभीर चोट लग गई थी। जब ऊषा अपने पति के साथ बच्चे को अस्पताल ले जा रहे थे तो प्रधानमंत्री की सुरक्षा में लगे सुरक्षाकर्मियों ने उनके अनुरोध के बाद भी रास्ते से नहीं गुजरने दिया। लंबे रास्ते से अस्पताल पहुंचने की वजह से अमन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

Friday, July 9, 2010

प्रधानमंत्री की सुरक्षा ने ली बच्‍चे की जान


कानपुर: प्रधानमंत्री के तीन जुलाई के कानपुर दौरे के बाद आज एक महिला ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा और फ़्लीट के चलते उनके आठ साल के बच्‍चे को अस्‍पताल ले जाने में हुई देरी जानलेवा साबित हुई। महिला ने पत्र लिख कर गुहार लगाई है कि आगे किसी के साथ ऐसा नहीं होना चाहिए। उत्‍तर प्रदेश के एडीजी बृज लाल ने महिला के आरोप को गलत बताया है। वहीं प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस मामले में कोई भी टिप्‍पणी करने से इंकार कर दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक तीन जुलाई को आठ साल का अमन कार में अपने माता-पिता के साथ था। घर पर एक हादसे में उसके सिर में गंभीर चोटें आई थीं। उसे रीजेंसी अस्‍पताल ले जाया जा रहा था। पर आईआईटी में प्रधानमंत्री के दौरे की वजह से सड़क आम यात्रियों के लिए बंद कर दी गई थी। अमन की मां का आरोप है कि उन्‍हें दूसरे रास्‍ते से अस्‍पताल जाना पड़ा। नतीजतन उन्‍हें अस्‍पताल पहुंचने में एक घंटा लग गया, जबकि वे पांच मिनट में पहुंच सकते थे।

अमन की मां ने कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखी है। इसमें कहा गया है कि वह सुनिश्चित करें कि दोबारा किसी के साथ ऐसा नहीं हो।अमन के पिता टी. हुसैन के मुताबिक, ‘एसएसपी थे या कमिश्‍नर, हमें नहीं पता। पर उन्‍होंने हमें जाने नहीं दिया। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। मैंने कहा भी कि मेरा बेटा बुरी तरह जख्‍मी है। उसे फौरन डाक्‍टरी मदद चाहिए। उसके सिर से काफी खून बह रहा है और वह अचेत है। उसे ऑक्‍सीजन की जरूरत है। इसके बावजूद उन्‍होंने हमें नहीं जाने दिया।’
प्रधानमंत्री की सुरक्षा देखने वाले एसपीजी ने अमन की मौत पर अफसोस जाहिर किया है। साथ ही, यह भी कहा है कि बच्‍चे की मौत कार को डाइवर्ट किए जाने से काफी पहले हो चुकी थी। उत्‍तर प्रदेश के एडीजी बृजलाल ने भी कहा है कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात किसी भी अधिकारी के पास इस तरह की घटना की कोई सूचना नहीं है। मां की गुहार
अमन की मां उषा शर्मा ने पत्र में लिखा है कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में लगे अधिकारियों ने मेरे पति की गुहार पर जरा भी ध्‍यान नहीं दिया। मेरे बेटे के मुंह और नाक से लगातार खून निकल रहा था। इलाज के अभाव में कोकाकोला चौराहा पर ही मेरे इकलौते बेटे ने दम तोड़ दिया।
उन्होंने पत्र में लिखा है कि प्रधानमंत्री का जीवन पूरे देश के लिए अतिमहत्वपूर्ण है, लेकिन किसी देशवासी का जीवन भी उसके परिवार के लिए कम महात्वपूर्ण नहीं है।
श्रीमती शर्मा ने पत्र में सोनिया गांधी से निवेदन किया है कि मेरा तो चमन लुट गया लेकिन वीआईपी सुरक्षा में फिर किसी का बेटा बलि नहीं चढ़े, किसी का सुहाग न उजड़े, इसलिए वह पुलिस प्रशासन को निर्देश जारी कराए कि वीआईपी दौरे के समय बीमार एवं इमरजेंसी स्थिति में किसी भी देशवासी को रोका न जाए। पुलिस प्रशासन खुद अपनी गाड़ी से उसे अस्पताल पहुंचाए और ऐसी परिस्थितियों के लिए वीआईपी की तरह ही जनता के लिए भी एम्बुलेंस की व्यवस्था की जाए।
अमन की मां ऊषा शर्मा ने पत्र में प्रधानमंत्री राहत कोष से 10 लाख रुपए का मुआवजा मांगते हुए कहा है कि इस पैसे को उनके परिवार का कोई सदस्य नहीं लेगा। वह इस धन राशि का प्रयोग अनाथ बच्चों व किसी प्रकार की घटनाओं से पीड़ित लोगों के कल्याण हेतु करेंगी।
शर्मा ने ऐसा ही एक पत्र प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भी भेजा है। इकलौते बेटे की मौत के बाद मां उषा शर्मा का बुरा हाल है वह किसी से भी बात नहीं कर रही हैं। घर में मातम छाया हुआ है। मुहल्ले के और आस-पास के सभी लोग देश की कानून-व्यावस्था को कोस रहे हैं।


रिपोर्ट : गौरव मिश्रा
न्यूज़लाइन नेटवर्क

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York