Showing posts with label "Newsline SMS Alerts Service. Show all posts
Showing posts with label "Newsline SMS Alerts Service. Show all posts

Sunday, January 16, 2011

ट्यूनीशिया में गोलीबारी, 50 की मौत

उत्तर अफ्रीकी देश ट्यूनिशिया में हुई गोलीबारी और आगज़नी में 50 लोगों के मारे जाने की ख़बर है। फोएद म्बाजा के अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण करने के चंद घंटे बाद राजधानी ट्यूनिश में गोलीबारी हुई। म्बाजा ने लम्बे अर्से तक देश के राष्ट्रपति रहे जैनुल आबेदीन बेन अली के बाद राष्ट्रपति पद की शपथ ली है। बेन अली शुक्रवार को ट्यूनिशिया छोड़कर सऊदी अरब चले गए थे।

ट्यूनिशिया में अली बेन के 23 साल के तानाशाही भरे शासन का जनता के विद्रोह की बदौलत अंत हो जाने के बाद ट्यूनिशियाई संसद के पूर्व स्पीकर म्बाजा ने शनिवार को अंतरिम राष्ट्रपति पद की शपथ ली, जिसके बाद वहां हिंसा फ़ैल गई है। व्यावसायिक परिसरों में लूटपाट जारी है और जेल में आग लगने की एक घटना के बाद कैदी उत्तेजित हैं। शहर में आपात स्थिति लागू है और सेना के टैंक गश्त लगा रहे हैं।

चिकित्सा सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आजादी की मांग को लेकर हुई हड़ताल के दौरान तटवर्ती शहर मोनास्टिर की जेल में आग लग जाने से करीब 50 लोगों के मारे जाने की खबर है। म्हाबा ने अस्थायी तौर पर देश की बागडोर संभालने वाले प्रधानमंत्री मोहम्मद गनोची को आदेश दिया है कि वह अगले चुनाव संपन्न होने तक देश में सत्ताधारी पार्टी और विपक्षी दलों को सर्वसम्मति से सरकार बनाने की पेशकश दें।साथ ही देश में नए चुनाव 60 दिन के भीतर संविधान के मुताबिक अनिवार्य रूप से करवा लिए जाएं।

Tuesday, September 14, 2010

लगातार बरसात से बढ़े सब्ज़ियों के दाम


दिल्ली में लगातार हो रही बरसात ने अब लोगों की मुसीबत और बढ़ा दी है। इस बार लोगों की परेशानी बरसात का पानी नहीं बल्कि सब्ज़ियों पर पड़ी महंगाई की मार है। एक तो लोग पहले ही महंगाई की मार से परेशान थे और रही-सही कसर बरसात ने पूरी कर दी। हुआ यूं की दिल्ली में लगातार हो रही बरसात से सब्ज़ियों के रेट में बेतहाशा इज़ाफ़ा हुआ है। लगातार बरसात की वजह से पिछले दो दिनों से ओखला सब्जी मंडी में सब्ज़ियों की आवक पांच से सात फ़ीसदी कम हुई हैं। जिससे अब सब्ज़ियों की क़ीमत दोगुनी से तीन गुनी हो गई हैं। अब देखना यह है कि लगातार हो रही बरसात लोगों के लिये और कौन कौन सी मुसीबतें खड़ी करेगी।

Friday, September 10, 2010

बाढ़ में सैंकड़ों बच्चे लापता


इस्लामाबाद: पाकिस्तान में आई बाढ़ की वजह से सैंकड़ों बच्चे लापता हो गए हैं। यह खबर पाकिस्तान में आई भीषण बाढ़ की सबसे बुरी खबर है। क्योंकी इस बाढ़ के कई मां-बाप अपने बच्चों से अलग हो गए थे और सबसे चौकाने वाली बात है कि इनमें से कई के बच्चों के बारे में अब तक कोई भी जानकारी नहीं मिली है। फिलहाल गुम हुए बच्चों की वास्तविक संख्या का पता लगाना भी बेहद मुश्किल है।
वहीं अंग्रेजी अखबार 'डेली टाइम्स' के अनुसार बाढ़ के चलते करीब एक करोड़ मां-बाप अपने बच्चों से अलग हो गए थे जिनमें से कई बच्चों के बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं है।

Monday, August 30, 2010

नक्सलियों द्वारा अगवा बीडीओ का सुराग नहीं

करीब 24 घंटे से अगवा बिहार के शिवहर जिले में तरियानी के प्रखंड विकास पदाधिकारी [बीडीओ] मनोज कुमार सिंह का पुलिस को अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। राज्य पुलिस मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है, और इस मामले में कई बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि बीडीओ बिना सुरक्षाकर्मियों के ही जीप से लदौरा गांव में किसी कार्य के निरीक्षण के लिए जा रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों ने उन्हें अगवा कर लिया। पुलिस ने बीडीओ की सरकारी जीप को बरामद कर लिया है। इस बीच नक्सलियों ने बीडीओ को अगवा करने की बात स्वीकार की है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माओवादी के पश्चिमी जोनल कमेटी के सचिव प्रहार ने एक समाचारपत्र को फोन कर दावा किया है कि बीडीओ का अपहरण उनके संगठन जन मुक्ति छापामार सेना के सदस्यों द्वारा किया गया है। प्रहार ने शर्त रखी है कि सरकार उनके लोगों को 24 घंटे के अंदर जेल से रिहा करे तभी बीडीओ को छोड़ा जाएगा।

Friday, August 27, 2010

श्रीलंका में 107 पॉर्न साइटें प्रतिबंधित

कोलंबो। श्रीलंका सरकार ने सौ से ज्यादा पार्न साइटों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इंटरनेट पर सेंसरशिप लागू करने के मामले में अभी तक ये सरकार का सबसे बड़ा कदम है। जो पॉर्न साइटें प्रतिबंधित की गई हैं उनमें यहां के पुरूषों व महिलाओं को बेहद आपत्तिजनक रूप में दिखाया गया है। श्रीलंका में लगभग 107 अश्लील वेबसाइटों को ब्लॉक कर दिया है। हालांकि, गैर श्रीलंकाई पुरूषों व महिलाओं वाली अश्लील वेबसाइटें यहां इंटरनेट पर अब भी उपलब्ध रहेंगी। सरकार ने यह फैसला पॉर्न वेबसाइटों को लॉग इन करने में बढ़ रही बच्चों की संख्या को देखते हुए और किशोर न्यायालय में शिकायतों की सुनवाई के बाद लिया है। सरकार का कहना है कि इन वेबसाइटों तक बच्चों की पहुंच बहुत आसान है और बच्चों पर इसका दुष्प्रभाव पड़ रहा था। पिछले साल जुलाई में भी श्रीलंका के दूरसंचार नियामक आयोग ने 12 अश्लील वेबसाइटों को ब्लाक कर दिया था जिसमें रेडट्यूब डॉट कॉम प्रमुख थी।

Wednesday, August 18, 2010

प्ले स्कूल की मनमानी, तमाम दावे झूठे

आज आपको हजारों ऐसे स्कूल मिल जाएंगे जहां आपसे एक मोटी रकम ऐंठकर आपके बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए तमाम दावे किए जाते हैं। ऐसे स्कूलों में बच्चों के रख- रखाव और सुरक्षा को पहली प्राथमिकता और अहमियत भी दी जाती है पर हकीकत इससे जुदा है।
मामला नोएडा के सेक्टर-61 के एक नामी-गिरामी प्ले स्कूल का है। वहां पढ़ने वाली 3 साल की रैना बेहोशी की हालत में सेक्टर-53 के कंचनजंगा मार्केट के दूकानदारों को मिली जिन्होंने उसके आईकार्ड पर लिखे पते पर उसके घर सुरक्षित पहुंचा दिया। रैना की मां तो विश्वास ही नहीं हो पा रहा है, कि तमाम सुरक्षा के दावे करने वाला स्कूल उनकी बच्ची को बीच सड़क पर छोड़ देगा और उल्टा उनसे ही सवाल पूछेगा। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कैब के ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जरूरत है अभिभावकों के जागरूक होने की। जब तक अभिभावक जागरूक नहीं होंगे तब तक बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनकी सुरक्षा के नाम पर मोटी रकम ऐंठने वाले ऐसे स्कूलों की मनमानी पर रोक नहीं लगाई जा सकती।

Monday, August 16, 2010

बद्रीनाथ के पास बादल फटा, हजारों यात्री फंसे



उत्तराखंड में बद्रीनाथ के पास बादल फटने के कारण बद्रीनाथ जाने वाले हजारों यात्री फंस गए हैं। फिलहाल राहत और बचाव कार्य अभियान शुरू कर दिया गया है और हादसे के कारण फंसे हुए यात्रियों के लिये भोजन का बंदोबस्त किया जा रहा है। लेकिन बद्रीनाथ और आसपास के इलाकों पर लगातार हो रही बारिश से राहत कार्य में बाधायें आ रही है, साथ ही नेशनल हाइवे-58 पर सड़क संपर्क भी टूट गया है।

Sunday, July 11, 2010

जूहू बीच पर 3 लड़कों की डूबने से मौत


न्यूज़लाइन "अभी अभी"

मुंबई: जूहू बीच पर डूबने से 3 लड़कों की मौत हो गई है। जूहू बीच पर नहा रहे 6 लड़को में से 3 को बचा लिया गया है, जबकि 3 लड़को को नहीं बचाया जा सका। फ़िलहाल इनकी पहचान नहीं हो पाई है।

Saturday, July 10, 2010

शक के चलते बेटी को जलाया, आरोपी पिता फरार


उत्‍तर प्रदेश के गाजियाबाद में ऑनर किलिंग का एक और सनसनीखेज़ मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपनी 16 साल की बेटी को महज़ इसलिये जला डाला क्‍योंकि उसे शक था कि बेटी के संबंध गांव के ही एक लड़के से है।

मामला गाजियाबाद जिले के बदरखा गांव का है। हुआ यूं कि बदरखा के गड्डन की शुक्रवार को अपने परिवार के सदस्यों के साथ कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने अपनी पत्नी और बच्चों को पीटा। इतना ही नहीं इसके बाद उसने अपनी बेटी पर मिट्टी का तेल छिड़क कर उसे आग लगा दी। उसे संदेह था कि उसकी बेटी का उसी गांव के एक लड़के के साथ संबंध हैं। चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग आए और लड़की को अस्पताल ले गए जहां पर उसे गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। आरोपी पिता अभी फरार है। गांव के लोगों का कहना है कि आरोपी शराबी है और शराब के नशे में उसने ऐसा किया है।

बिहार के नालंदा में अजीब घटनाओ से दहशत का माहौल



बिहार में नालंदा जिले के कई गावों में पिछ्ले कुछ दिनों से जारी अजीबो गरीब घटनाओ ने लोगो में खौंफ पैदा कर रखा है। कई गावों में मकान खुद ब खुद फट रहें है जिससे उनमें दरारें पड़ रही है। यही नहीं कैडी मेयर गांव में अचानक कुएं में लबालब पानी भर गया है, ये हाल तब है जब वहां के लोग इस मौसम में बूंद-बूंद पानी के लिए तरसते है। इन सब घटनाओ से जहां गांव वाले खासे खौंफज़दा है, वही गांव की महिलाएं इसे दैवीय प्रकोप मान कर पूजा पाठ में जुटी है। हालांकि ग्रामीणों ने प्रशासन को इन सब घटनाओं से अवगत करा दिया है, लेकिन किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने इन गांव की सुध लेने के बारे में नहीं सोचा। फ़िलहाल इन गांव के लोग इन घटनाओं को प्राक्रतिक आपदा मानकर धार्मिक अनुष्ठानों में जुटे है।

पीएम सुरक्षा के दौरान बच्चे की मौत, कानपुर सांसद करेंगे जांच

कानपुर में पीएम के काफिले के दौरान हुई एक बच्चे की मौत को यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने पूरे मामले की जांच के लिए कानपुर के सांसद श्रीप्रकाश जयसवाल को भेजा है। गौरतलब है कि मरने वाले बच्चे की मां ने सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखी थी, जिसमें उन्होंने पीएम के कानपुर दौरे के वक्त वीआईपी वाहनों को गुजरने के लिए रोके जाने वाले ट्रैफिक को अपने बेटे अमन की मौत का जिम्मेदार बताया था।

उनका कहना था कि वीआईपी वाहनों को गुजरने के लिए रोके जाने वाले रास्ते से ही 8 साल के घायल अमन को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन ट्रैफिक रोके जाने के कारण अमन को समय से अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका और रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी। श्यामनगर की रहने वाली ऊषा शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिख कर गुहार लगाई थी कि भविष्य में किसी वीआईपी की यात्रा के दौरान ऐसे ट्रैफिक न रोका जाए, जिससे कोई घायल अस्पताल न पहुंच सके। उन्होंने बच्चे अमन की मौत पर 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की भी मांग की है। ऊषा शर्मा और उनके पति तसदुद हुसैन का इकलौता बेटा अमन सिविल लाइन इलाके के एक स्कूल में कक्षा 2 का छात्र था। 3 जुलाई को वह घर में खेलते हुए गिर गया था, जिसके कारण उसके सिर में गंभीर चोट लग गई थी। जब ऊषा अपने पति के साथ बच्चे को अस्पताल ले जा रहे थे तो प्रधानमंत्री की सुरक्षा में लगे सुरक्षाकर्मियों ने उनके अनुरोध के बाद भी रास्ते से नहीं गुजरने दिया। लंबे रास्ते से अस्पताल पहुंचने की वजह से अमन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

बूंद बूंद तरसता जीवन, बारिश का नाम नहीं


जहां देश में पंजाब और हरियाणा जैसे राज्य पानी की अधिकता से परेशान है वहीं दूसरी तरफ देश में कुछ इलाके ऐसे भी हैं जहां बारिश नहीं होने की वजह से लोगों को पीने का पानी तक नसीब नहीं हो रहा। राजस्थान के जोधपुर में हालात इतने खराब है कि पीने के पानी ने छोटे-छोटे बच्चों की पढ़ाई छुड़वा दी है। पानी से बूंद बूंद तरसते ये बच्चे सुबह से रात तक पानी की बूंदों को समेट कर अपनी और अपने परिवार की प्यास बुझाने की कोशिश में भिड़े रहते हैं।गांव में तालाब के अन्दर एक कुआं है, जहां से गांव के बच्चे सुबह से लेकर शाम तक पानी के लिये खड़े रहते हैं। जिसकी वजह से उन्हें स्कूल जाने के लिए इन्हें वक्त ही नहीं मिलता।

इनके परिजनों का मानना है की जिन्दा रहेंगे, तो बाद में पढ़ाई भी कर लेंगे। गांव की एक महिला का कहना हैं कि बच्चों को ही पानी भरना पड़ता है, क्योंकि बड़े तो मजदूरी पर जाते हैं। एक मटके पानी के लिए बच्चों को कुएं में उतारना पड़ता है। इस काम में बच्चे डरते भी हैं, लेकिन इनकी मजबूरी है कि पानी के लिए खतरों पर खेल जाते हैं।

एक ग्रामीण का कहना है कि कभी कभार जब पानी का टेंकर गांव में आता है, तो वो वक्त गांव के लिए ख़ुशी और संघर्ष का होता है। ख़ुशी पानी आने की और संघर्ष पानी पाने का। पानी के टेंकर का पूरे गांव को इंतजार रहता है। हमेशा प्रेम से रहने वाले ये गांववासी पानी के लिए लड़ भी पड़ते है। बहरहाल पानी के टैंकर तो कभी-कभी ही आते हैं और वक्त का नजारा कुछ खास ही होता है। लेकिन आम तौर पर इस सूखे कुएं में बूंद-बूंद रिसता पानी ही इनके जीवन का आसरा है।


मूर्ति चोरी के विरोध में झारखण्ड बंद



शुक्रवार को राज्य की राजधानी सहित झारखण्ड के विभिन्न भागों में बंद का व्यापक असर रहा। इस बंद को मुसलमानों का भी समर्थन प्राप्त था। बंद का एलान धार्मिक संगठन महावीर मंडल समिति ने रामगढ़ जिले के एक मंदिर से तीन सौ साल पुरानी छिन्नमस्तिका देवी की मूर्ति चोरी होने के विरोध में किया गया, जिसका समर्थन काली सेना जैसे एक दर्जन से अधिक संगठनों ने किया। पुलिस के अनुसार बंद के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में 17,00 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया।

छिन्नमस्तिका मंदिर देशभर में स्थापित 52 शक्तिपीठों में से एक है, और देवी छिन्नमस्तिका को देवी दुर्गा का अवतार माना जाता है। रांची से लगभग 70 किलोमीटर दूर प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर से दो जुलाई को देवी की मूर्ति गायब हो गई थी। मूर्ति की दोनों आखें सोने की बनी थीं। मूर्ति को पहनाया गया 40 किलो चांदी का वस्त्राभूषण एवं अन्य गहने भी चोरी हो गए।

रांची दैनिक बाजार संगठन के सदस्य मोहम्मद नईम ने कहा कि मूर्ति की चोरी बदकिस्मती है और हम इस वारदात की निंदा करते हैं।साथ ही उन्होंने अपनी दुकानें बंद रखने का फैसला लिया। महावीर मंडल समिति के अध्यक्ष उदय शंकर ओझा ने कहा, मूर्ति की चोरी से सभी धर्मो के लोगों को दुख पहुंचा है। हम पुलिस से त्वरित कार्रवाई करने की मांग करते हैं।

रांची में सड़कों पर टायर जला रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया। रांची, हजारीबाग, गुमला, रामगढ़, सिमडेगा जिलों में बंद का पूरा असर दिखाई दिया। इन जिलों में शिक्षण प्रतिष्ठान और दुकानें बंद थीं। कार्यालयों में भी लोगों की उपस्थिति पर असर पड़ा। कुछ इलाकों में बसों की आवाजाही भी बंद हो गई थी। इस मामले को सुलझाने के लिए विशेष कार्रवाई बल (एसटीएफ) का गठन किया गया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक 13 लोगों से पूछताछ की है लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

Friday, July 9, 2010

दिल्ली में दहशत के 24 घंटे

राजधानी दिल्ली पर शुक्रवार का दिन कुछ ज्यादा ही भारी पड़ा है। 24 घंटे में अलग अलग हुई वारदातों में सात लोगों के मौत के घाट उतार दिया गया। इन तमाम वारदातों से दिल्ली में दहशत का माहौल है।

पहली वारदात दिल्ली के पटेल नगर में हुई, जहां बदमाशों ने घर में घुसकर
प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी और बेटे की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी, वहीं दूसरी वारदात दिल्ली के सबसे पॉश इलाके लाजपत नगर में हुई, जहां लूट के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने मां-बेटी को रॉड से मार-मार कर घायल कर दिया। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं जिसके चलते उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। मौत का सिलसिला यहां भी नहीं थमा। तीसरी वारदात दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके के बिजवासन की है जहां एक पिता ने अपने दो बेटों की हत्या कर खुद भी जान दे दी। उसने अपने 6 साल के बेटे रोहित और दस साल के बेटे उदित को करंट लगाकर हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया और बाद में खुद भी करंट लगाकर खुदकुशी कर ली। अब सवाल ये है कि आखिर दिल्ली में रहें तो कैसे? जहां हर तरफ जान का खतरा है। आखिर क्या कर रही है दिल्ली पुलिस?

अफजल गुरु कांग्रेसी नेताओं का दामाद:गडकरी


बीजेपी अध्यक्ष नितिन गडकरी की ज़ुबान एक बार फ़िर फ़िसली है। इस बार उन्होने अफ़ज़ल गुरु को कांग्रेसी नेताओं का दामाद कह डाला है। वहीं उन्होंने इस बयान माफी मांगने से साफ इंकार कर दिया है। उनका कहना है कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं कहा है और वह इस मामले पर माफी नहीं मांगेंगे। बीजेपी अध्यक्ष नितिन गडकरी ने पार्टी द्वारा देहरादून में आयोजित जनाक्रोश रैली में कांग्रेसी नेताओं को जमकर खरी- खोटी सुनाई और अफजल गुरु को कांग्रेसी नेताओं का दामाद भी कहा।बीजेपी अध्यक्ष नितिन गडकरी का स्वभाव वैसे तो बहुत विनम्र हैं, लेकिन जैसे ही वे मंच पर भाषण देने आते हैं तो विपक्षी दलों की आलोचना करते समय उनकी जुबान फिसल जाती है।
पहले चंडीगढ़ और अब देहरादून में भी कुछ ऐसा ही हुआ।देहरादून में जनाक्रोश रैली में गडकरी कांग्रेस पर निशाना साध रहे थे, अचानक अफजल गुरु के प्रकरण पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर दिया। इससे पहले चंडीगढ़ में उन्होंने लालू, मुलायम पर हमला करते हुए उनकी तुलना कुत्ते से कर दी थी, हालांकि चंडीगढ़ में दिए इस बयान के बाद गडकरी ने माफी मांगकर अपनी जान बचाई थी। अब देखना है कि इस बार देहरादून में दिए बयान पर हुए इस बवाल का सामना वो कैसे करते है।

Thursday, July 8, 2010

श्रीनगर सहित कई इलाक़ों में कर्फ़्यू जारी

जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घाटी के हालात पर चर्चा करने के लिए 12 जुलाई को एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस सर्वदलीय बैठक से एक दिन पहले जहां मुख्यमंत्री राज्य में गठबंधन सरकार में शामिल विधायकों की बैठक करेंगे। वहीं गृह मंत्री पी चिदंबरम ने कश्मीर में ज़्यादा समय के लिए सेना की ज़रूरत नहीं पड़ने की उम्मीद जताई है। उन्होंने कश्मीर के लोगों से अपील की है कि वे घाटी में लगाए गए कर्फ़्यू और अन्य पाबंदियों का पालन करें। कश्मीर के श्रीनगर सहित कई इलाक़ों में कर्फ़्यू जारी है और सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पी चिदंबरम ने कहा कि क़ानून व्यवस्था कायम रखने और गश्त लगाने का काम मुख्यत राज्य पुलिस और सीआरपीएफ़ करेगी और सेना को ज़रूरत पड़ने पर ही इस्तेमाल किया जाएगा। सेना को जम्मू कश्मीर सरकार के अनुरोध पर बुलाया गया है। उनका कहना है कि उन्हें ये बताने की अनुमति नहीं है कि सेना को कहाँ तैनात किया गया है, पर उन्होंने आश्वासन दिया कि हिंसा प्रभावित इलाक़ों में गश्त जारी है और पुलिस कर्फ़्यू लागू करवा रही है

बुधवार को सेना द्वारा किया गया फ़्लैगमार्च प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए नहीं बल्कि शांति क़ायम करने और सुरक्षाबलों की सहायता के लिए है। कश्मीर में पिछले कई दिनों से विरोध प्रदर्शनों और हिंसा का दौर जारी है, और जून के बाद से अब तक पुलिस के साथ झड़पों में 16 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले महीने सोपोर में दो युवकों के कथित रुप से अर्धसैनिक बलों की गोली से मौत हो जाने के बाद प्रदर्शनों का नया दौर शुरु हुआ है।

Monday, July 5, 2010

शादी समारोह मे फ़ायरिंग, 2 की मौत


बलिया : थाना बैरिया के रानीगंज और थाना हल्दी अंतर्गत अलग-अलग शादी समारोहों में फ़ायरिंग से २ लोगों की मौत हो गई है। प्रशासन के लाख दावों के बावजूद शादी समारोहों में इस तरह की घटनाओं में कोई कमी नहीं आ रही।

न्यूज़लाईन ब्यूरॊ, बलिया

मंहगाई के खिलाफ, भारत बंद

नई दिल्ली: मंहगाई के खिलाफ विपक्ष द्वारा भारत बंद का असर पूरे देश में दिख रहा है। महाराष्ट्र, इलाहाबाद, लखनऊ, भोपाल, कोलकता, दिल्ली जैसे शहरों में बंद से जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। वहीं मुंबई की सड़कों से बंद के एक दिन पहले ही ऑटो और टैक्सियां गायब हो गई है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। विपक्ष द्वारा यह बंद पेट्रोलियम उत्पादों की मूल्यवृद्धि को लेकर लगाया गया है। आज सुबह से ही बीजेपी और अन्य विपक्षी दलों के कार्यकर्ता यूपीए सरकार के खिलाफ जमकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। जहां बढ़ती महंगाई के खिलाफ तकरीबन समूचे विपक्षी दलों की एकजुटता के बावजूद यूपीए सरकार ने कीमतें घटाने से इनकार कर दिया है, वहीं पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा ने बंद को गैरवाजिब करार दिया है। मंहगाई के खिलाफ कोलकता में सबसे ज्यादा असर हवाई सफर पर पड़ा है, वहीं दिल्ली, पटना, वाराणसी और इलाहाबाद में लोगों ने रेलवे ट्रैक पर बैठकर ट्रेनों को रोकने का प्रयास किया। संसद के आगामी मानसून सत्र से पहले विपक्ष के इस शक्ति प्रदर्शन को नाकाम करने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। बंद से आवश्यक सेवाओं को दूर रखा गया है। वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि पेट्रोलियम पदार्र्थो की मूल्यवृद्धि वापस लेने का कोई सवाल नहीं पैदा होता। बंद से चिंतित केंद्र सरकार ने तेल की कीमतों में वृद्धि को जायज ठहराया है, लेकिन सरकार ने यह दावा भी किया है कि भारत में अधिकतर देशों के मुकाबले तेल उत्पादों की कीमत सबसे कम रखी गई है।

Sunday, July 4, 2010

विवेका के परिवार का दावा 'गौतम है झूठा'

मुंबई : माडल विवेका बाबाजी केस में एक नया मोड़ आ गया है। विवेका के परिवार वालों ने उसके मित्र गौतम वोरा पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं, परिवार के मुताबिक विवेका गौतम से शादी करना चाहती थी, और इस बात को लेकर ही वो तनाव में जी रही थी। वहीं परिवार का ये भी आरोप है कि गौतम ने पुलिस से सच्चाई छुपाई है और पुलिस के सामने कई तथ्य छुपाए हैं। विवेका के परिवार ने दोनों की कई ताज़ा तस्वीरें भी जारी की हैं। वहीं परिवार के लोगों कि ये भी दावा है कि विवेका की मौत के बाद गौतम ने जान-बूझ कर सोशल नेटवर्किंग साइट फ़ेसबुक से अपना अकाऊंट हटाया था।
न्यूज़लाईन
(इन्डिपेंडेंट न्यूज़ नेटवर्क)

नई दुनिया और राष्ट्रीय सहारा के पत्रकार की हत्या


दिल्ली: भ्रष्टतम विभागों में से एक पुलिस विभाग के 'जांबाजों' ने एक नक्सली नेता को मारने के चक्कर में एक पत्रकार को भी मार डाला। उत्पीड़न, वसूली और अमानवीयता के लिए कुख्यात पुलिस वालों की नाक में नकेल लगाने में सफल रहे नक्सलियों को तबाह कर देने के लिये पुलिस के लोग कुछ भी कर गुजरने को तैयार रहते हैं। इसी कारण सूचनाओं को वेरीफाइ कर सही 'एक्शन' लेने की जगह ये आंख मूंद कर किसी को भी गोली मार देते हैं। अगर पुलिस के लोग ऐसी हरकत करेंगे तो इनमें और दूसरों में क्या फर्क रह जाएगा। मामला एक पत्रकार के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने का है। शीर्ष नक्सली नेता आजाद के साथ मारा गया दूसरा शख्स नक्सली नेता नहीं बल्कि हेमचंद्र पांडेय नाम का एक पत्रकार था। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, 1990 के आसपास पुलिस ने हैदराबाद के करीब एक माओवादी नेता के साथ उर्दू पत्रकार गुलाम रसूल को उस समय गोली मार दी थी, जब वे इंटरव्यू ले रहे थे। हेमचन्द्र पांडे दिल्ली स्थित पत्रकार थे जो नई दुनिया और राष्ट्रीय सहारा समाचार पत्रों के लिए लिखते थे। गुड्सा उसेंडी का कहना है कि पत्रकार को केवल इसलिए मारा गया क्योंकि वो आज़ाद के पकड़े जाने और उनकी हत्या के गवाह थे, और पुलिस ने इस घटना की सच्चाई को छुपाए रखना चाहती थी। उसेंडी ने यह भी कहा कि आज़ाद चाहते थे कि ऑपरेशन ग्रीन हंट को रोका जाए और दोनों ही तरफ़ से एक साथ युद्ध विराम लागू किया जाए, जिस तरह से आज़ाद को पकड़ कर मारा गया उससे यह साबित हो गया है कि चिदंबरम के प्रस्ताव झूठे थे।



ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York