Showing posts with label 14-09-2010. Show all posts
Showing posts with label 14-09-2010. Show all posts

Tuesday, September 14, 2010

लगातार बरसात से बढ़े सब्ज़ियों के दाम


दिल्ली में लगातार हो रही बरसात ने अब लोगों की मुसीबत और बढ़ा दी है। इस बार लोगों की परेशानी बरसात का पानी नहीं बल्कि सब्ज़ियों पर पड़ी महंगाई की मार है। एक तो लोग पहले ही महंगाई की मार से परेशान थे और रही-सही कसर बरसात ने पूरी कर दी। हुआ यूं की दिल्ली में लगातार हो रही बरसात से सब्ज़ियों के रेट में बेतहाशा इज़ाफ़ा हुआ है। लगातार बरसात की वजह से पिछले दो दिनों से ओखला सब्जी मंडी में सब्ज़ियों की आवक पांच से सात फ़ीसदी कम हुई हैं। जिससे अब सब्ज़ियों की क़ीमत दोगुनी से तीन गुनी हो गई हैं। अब देखना यह है कि लगातार हो रही बरसात लोगों के लिये और कौन कौन सी मुसीबतें खड़ी करेगी।

स्टिंग ऑपरेशन में खुलासा: अनाथालय का रक्षक ही भक्षक

हैदराबाद:पुलिस ने शहर के वनस्‍थलीपुरम थाना क्षेत्र में सिरिया अनाथालय के संचालक को लड़कियों का यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। संचालक मलयाद्री (37) यहां रहने वाली लड़कियों के साथ शराब के नशे में आपत्तिजनक हरकतें करता था और ऐसा करने से मना करने पर उन्‍हें प्रताडि़त करता था। अनाथालय में मासूमों के साथ हो रहे इस अत्‍याचार का खुलासा एक स्‍थानीय टीवी चैनल के स्टिंग ऑपरेशन में हुआ। 2006 में महज पांच बच्‍चों से शुरू हुए अनाथालय में इस समय 130 अनाथ बच्‍चे रहते हैं। इनमें 90 से अधिक लड़कियां हैं। इन बच्‍चों की उम्र पांच से 15 साल है। स्टिंग ऑपरेशन के मुताबिक मलयाद्री ने 2000 रुपये लेकर अनाथालय की 11 लड़कियों को एक कर्मचारी प्रवीण के साथ परिसर से बाहर भेजा।
पुलिस के मुताबिक शहर के कई रईस लोग अपने बच्‍चों के जन्‍मदिन की पार्टी पर इन अनाथ बच्‍चों को बुलाते थे। हालांकि ऐसे मौके के दौरान अनाथालय प्रबंधन को ऐसे परिवार के बारे में पूरी जानकारी होनी चाहिए लेकिन मलयाद्री ऐसा नहीं करता था। पीडि़तों का बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने मलयाद्री के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 के तहत मामला दर्ज कर मलयाद्री को 14 दिनों की न्‍यायिक हिरासत में रखा है। हालांकि अपने ऊपर लगे आरोपों का खंडन करते हुए मलयाद्री ने कहा, मैंने अपने दम पर इस अनाथालय की स्‍थापना की और इसका संचालन भी खुद ही करता था। मेरे खिलाफ साजिश की जा रही है।




सभी कुंवारी लड़कियां मेरे जैसा जीवनसाथी चुनें:बर्लुस्कोनी

रोम: पिछले साल हुए इटली सेक्स स्कैंडल से सुर्खियों में आए इटली के प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी ने इस बार कुंवारी लडकियों को सलाह दी है कि अगर वो जीवनसाथी की तलाश में हैं, तो उन्हें सबसे पहले अपने होने वाले शौहर के बैंक बैलेंस को तवज्जो देना चाहिए। यही नहीं बर्लुस्कोनी ने यहां तक कह डाला कि सभी लड़कियां उनके जैसा ही जीवनसाथी चुनें।
गौरतलब है कि सिल्वियो बर्लुस्कोनी अपने बडबोले अंदाज़ और विवादास्पद जीवनशैली के लिए मशहूर है।

खेल मंत्री ने किया विश्व विजेता के कोच का अपमान

केंद्रीय खेल मंत्री मनोहर सिंह गिल ने स्वर्ण पदक विजेता सुशील कुमार के कोच का सरेआम अपमान किया जिस पर सुशील ने भी आपत्ति जताई है।
मास्‍को में कुश्‍ती का विश्‍व चैंपियन बनने के बाद स्‍वदेश लौटे सुशील खेल मंत्री से मिलने गए थे। इस मौके पर जब फोटो खिंचाने की बारी आई तो खेल मंत्री नहीं चाहते थे कि उनके और सुशील के अलावा कोई फ्रेम में आए, इसलिये उन्‍होंने सुशील के गुरू सतपाल जी को हाथ से दूर हटने का इशारा किया। अपने गुरू के अपमान पर उन्‍होंने कहा कि जो शख्‍स वर्षों से पहलवान तैयार कर रहा है और इस क्षेत्र में काफी इज्‍जत रखता है, उनके साथ ऐसा व्‍यवहार ठीक नहीं है।
विश्व चैंम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले सुशील पहले भारतीय पहलवान हैं। उन्होंने रविवार को एलन गोगायेव को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया था।




नोकिया का बड़ा धमाका,एक साथ तीन स्मार्टफोन लांच

दुनियाभर के हैंडसेट बाजार में 40 फीसदी की हिस्सेदारी रखने वाली फिनलैंड की दिग्गज कंपनी नोकिया ने आज बाजार में एक साथ तीन स्मार्टफोन लांच किये हैं। स्मार्टफोन के बाजार पर अपनी पकड़ मजबूत करने और बाजार में अपनी हिस्सेदारी को बढ़ाने के इरादे से कंपनी ने यह कदम उठाया है। कंपनी ने इन तीनों हैंडसेट्स को लंदन में पेश किया है। कंपनी का मानना है कि दुनियाभर में स्मार्टफोन के कद्रदानों को ये तीनों नए हैंडसेट काफी पसंद आएंगे। इसके अलावा ब्लैकबेरी स्मार्टफोन बनाने वाली कनाडा की कंपनी रिसर्च इन मोशन की तरफ से मिल रही चुनौतियों से निपटने के लिए भी नोकिया कमर कस रही है।
नोकिया ने जिन नए मॉडल्स को लांच किया है वे हैं- ई-7, सी-7 और न्यू सी-6। इन तीनों स्मार्टफोन्स में टच स्क्रीन की सुविधा दी गई है। और इसमें लेटेस्ट सिंबायन सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि नोकिया ने अभी इनकी कीमत पर से पर्दा नहीं हटाया है।

टाटा मोटर्स के शेयरों में रिकॉर्ड तेजी


आज सुबह बाजार खुलते ही टाटा मोटर्स के शेयरों में तेजी दिखनी शुरू हो गई थी। और दोपहर होते होते इसने अब तक के सबसे उंचे स्तर को छू लिया।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई पर टाटा मोटर्स के शेयरों में रिकॉर्ड तेजी आने से इसके शेयर आज 1,067.50 रुपए के स्तर पर जा पहुंचे। टाटा मोटर्स के शेयर्स के लिए यह अब तक सबसे उंचा स्तर है। टाटा मोटर्स के शेयरों में 3.8 फीसदी का उछाल आया है। हालांकि बाद में इसके शेयर 3.78 फिसदी की तेजी के साथ 1,065.15 के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर भी टाटा मोटर्स के शेयरों में उछाल देखा गया। यहां इसके शेयर 3.54 फीसदी के तेजी के साथ 1063.35 रुपए पर कारोबार कर रहे हैं।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York