Showing posts with label Haryana. Show all posts
Showing posts with label Haryana. Show all posts

Saturday, March 26, 2011

हरियाणा: जाटों ने वापस लिया आंदोलन


चंडीगढ़: केंद्र सरकार की नौकरियों में आरक्षण की मांग कर रहे हरियाणा के जाटों ने कल रात आंदोलन वापस ले लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के साथ बातचीत के बाद आंदोलन वापस ले लिया।

मुख्यमंत्री हुड्डा ने बताया कि आंदोलनकारी जाट तत्काल सारी बाधाएं हटाने और धरने खत्म करने के लिए सहमत हो गए हैं। इतना ही नहीं उनका कहना है कि एक महीने के भीतर 'हरियाणा बैकवर्ड क्लासेज कमीशन' बनाने का भी फैसला किया गया है।

गौरतलब है कि जाटों द्वारा सरकारी नौकरियों में आरक्षण की माँग लेकर यह आंदोलन पिछले तीन सप्ताह से चल रहा था।

Saturday, March 12, 2011

जाटों ने दी दिल्ली का पानी रोकने की चेतावनी


हिसार/लखनऊ : जाटों द्वारा आरक्षण की मांग को लेकर चालाया गया ये आंदोलन दिन ब दिन उग्र होता जा रहा है। कई दिनों से अपनी आरक्षण की मांग को लेकर हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कई जगह रेलवे ट्रैक पर धरना दे रहे जाटों ने केंद्र सरकार द्वारा कोई ख़ास तवज्जो ना मिल पाने के कारण अब दिल्ली की पानी सप्लाई रोकने की चेतावनी दे डाली है। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष हवा सिंह सांगवान ने हिसार के मय्यड़ गांव में रेलवे ट्रैक पर धरने के दौरान कहा कि ट्रैक जाम करने के बाद भी आरक्षण की मांग पूरी नहीं हुई तो हरियाणा और उत्तरप्रदेश से दिल्ली में होने वाली पानी सप्लाई बंद कर दी जाएगी।

जाट समुदाय के लोग एक बार पहले भी ऐसा कर चुके हैं। इसके बाद पानीपत और मथुरा रिफाइनरी से होने वाली गैस व तेल सप्लाई को रोक दिया जाएगा। उधर रोहतक जिले के जाट समुदाय के लोग शनिवार से दिल्ली में जंतर मंतर पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। आरक्षण समिति के मुताबिक धरना का नेतृत्व राष्ट्रीय महासचिव रामकरण हुड्डा और रोहतक के जिला उपप्रधान धर्मपाल हुड्डा करेंगे।

एक ओर तो आरक्षण के मामले में जाट समुदाय को उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती का समर्थन प्राप्त हो चुका है। तो दूसरी ओर जाट आरक्षण को लेकर आंदोलन कर रही अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति को एक गांव में रेल ट्रैक जाम करने को लेकर अपने ही लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।

बहादुरगढ़ में जब आंदोलनकारी रेल रोको अभियान के तहत बहादुरगढ़ के असौदा स्टेशन पहुंचे तो असौदा के सरपंच ने रेल ट्रैक जाम करने से मना करते हुए स्पष्ट कर दिया कि उनको गांव के कुछ राजनीतिक दल के लोग अपने निजी स्वार्थ के चलते जाम, धरने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। गांव दलाल बारह के निर्णय के बगैर इस प्रकार का कोई कदम नहीं उठाएंगे, जिससे कि आम लोगों के लिए परेशानी पैदा हो।

Tuesday, March 8, 2011

जाट आंदोलन ने ठप कीं रेल सेवाएं


लखनऊ/फरीदाबाद : आरक्षण को लेकर जाट समुदाय के लोगों द्वारा जारी किया गया आंदोलन अब लोगों के लिये बाधा बनता जा रहा है। उत्‍तर प्रदेश में लखनऊ-दिल्‍ली रेलवे रूट पर यातायात बाधित करने के बाद अब आरक्षण की ज़िद पर अड़े जाट समुदाय के लोगों ने लखनऊ-मुरादाबाद लाइन पर रेल यातायात रोक दिया है। उत्‍तर प्रदेश के बाद अब इस आंदोलन की आग हरियाणा में भी प्रवेश कर गई है। आंदोलनकारियों ने यहां पर हिसार-भिवानी के बीच रेल रूट को जाम कर दिया। इस कारण दोनों राज्‍यों में पचास से ज्‍यादा ट्रेनों के रूट बदल दिए गए हैं। लाखों लोग इससे प्रभावित हुए हैं।

काफूरपुर स्टेशन पर क़ब्ज़ा जमाए बैठे जाटों ने कब्जा जारी रखते हुए रेल रूट ठप कर दिया। इस वजह से लखनऊ-दिल्ली के बीच की ट्रेनों के रूट बदलने पड़े। आंदोलन के चलते दोनों राज्‍यों में अधिकतर ट्रेनें आठ से दस घंटे देरी से चल रही हैं।

नॉर्दर्न रेलवे से प्राप्‍त जानकारी के मुताबिक लखनऊ मेल, अमृतसर-कोलकाता एक्सप्रेस, सप्तक्रांति एक्सप्रेस, फैजाबाद-दिल्ली एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, दुरंतो एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस, पद्मावत एक्सप्रेस और सद्भावना, सरयू-जमुना एक्सप्रेस और अवध असम एक्सप्रेस समेत 30 एक्‍सप्रेस ट्रेनों के रूट बदले गए हैं, जबकि 25 से ज्‍यादा पैसेंजर व लोकल ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।

उधर हरियाणा में जाट आरक्षण आंदोलन समिति ने सोमवार को रामायण स्‍टेशन के पास रेलवे लाइन पर ही अपनी बैठक की। संगवान अध्‍यक्ष हवा सिंह की अध्‍यक्षता में हुई इस बैठक में समिति ने सरकार को 24 घंटे की मोहलत देते हुए कहा कि यदि इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो वे उग्र प्रदर्शन करेंगे। उन्‍होंने कहा है कि अब वे हिसार-लुधियाना के बीच रेलवे ट्रैक पर जाम लगायेंगे। सोमवार को हरियाणा में हिसार से रेवारी, भिवानी, जयपुर और दिल्‍ली के लिए जाने वाली ट्रेनों के रूट बदलने पड़े। आगे-आगे स्थिति और खराब हो सकती है।

Monday, March 7, 2011

अवैध हथियारों समेत 3 तस्कर गिरफ्तार


लखनऊ : उत्तर प्रदेश पुलिस ने अवैध हथियारों समेत 3 तस्करों को गिरफ़्तार कर एक बडी सफ़लता प्राप्त की है। पुलिस द्वारा, इस गिरफ़्तारी के बाद एक बडे गिरोह का पर्दाफ़ाश होने की उम्मीद जताई जा रही है। राजधानी लखनऊ में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन तस्करों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया जबकि उनका एक साथी मौके से फरार होने में सफल हो गया।

पुलिस के मुताबिक लखनऊ के बाहरी इलाके मोहनलालगंज में पुलिस ने रविवार रात तस्करों को गिरफ्तार कर लिया तथा उनके पास से आठ पिस्तौल और 20 मैगजीन बरामद किया गया। तस्करों की उम्र 21 से 30 वर्ष के बीच है।

लखनऊ के पुलिस अधीक्षक [ग्रामीण] अशोक प्रसाद ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि सूचना के आधार पर कार सवार तस्करों की घेराबंदी की गई तो उन्होंने पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। बाद में तीन को पकड़ लिया गया जबकि एक मौके से फरार हो गया।

प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तस्कर पिछले तीन वर्षो से इस धंधे में लिप्त थे और बिहार के मुंगेर से अवैध हथियारों को लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों तथा दिल्ली, हरियाणा और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के इलाकों में मौजूद अपने ग्राहकों को बेचते थे।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए तस्करों से उनके गिरोह के बारे में पूछताछ की जा रही है। पकड़े गए तस्कर उत्तर प्रदेश के ही रहने वाले हैं।

Saturday, February 5, 2011

सहेली ने धोखे से करवाया गैंग रेप


हरियाणा: अम्बाला के माडल टाउन की करतार नगर कालोनी में रहने वाली एक युवती रमा (काल्पनिक नाम) से यमुनानगर में वीरवार को कुछ लोगों ने गैंगरेप किया। इसमें युवती की एक सहेली ने आरोपियों का साथ दिया। मामले का खुलासा शुक्रवार शाम तब हुआ जब लड़की ने अपने पिता के साथ यमुनानगर पुलिस को शिकायत दी। अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

मामला करतार नगर कालोनी का है जहां रहने वाली रमा ने पुलिस को बताया कि मेरी सहेली शशि ने वीरवार को कहा था कि उसके एक रिश्तेदार यमुनानगर में रहते हैं और आज उनका जन्मदिन है। क्योंकि वह अकेली वहां नहीं जा सकती इसलिए मैं उसके साथ चलूं। वीरवार सायं जब मैं शशि के साथ यमुनानगर के लिए निकली। तो रास्ते में शशि ने कहा कि बस स्टैंड पर उसका भाई गाड़ी लेकर हमें लेने पहुंचेगा। जब हम बस स्टैंड पर पहुंचे तो वहां एक कार खड़ी थी जिसमें दो युवक बैठे थे। हम भी कार में बैठ गये। बस स्टैंड से कुछ आगे कमानी चौक पर युवकों ने कार रोकी। उसके बाद दो और युवक कार में आकर बैठ गए। इसी दौरान एक युवक ने मुझे कोई नशीला पदार्थ सूंघा दिया। बेहोशी की हालत में उन्होंने मेरे साथ गैंगरेप किया।

रमा ने बताया कि शुक्रवार सुबह जब उसने शशि से इस बारे में बात की तो उसने सबकुछ भूल जाने की सलाह दी। इसके बाद उसने अपने पिता को फोन पर आपबीती सुनाई। पिता के यमुनानगर पहुंचने के बाद वे वहां के सिटी थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उसकी सहेली शशि और अन्य युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया। थाने के एसएचओ अशोक कुमार का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Thursday, January 20, 2011

अब अपने ही नंबर पर बदले कंपनी.....


नई दिल्ली: अपने नंबर को बदले बिना मोबाइल ऑपरेटर बदलने की सेवा (पोर्टेबिलिटी सेवा) आज से शुरू हो गई है। ऑपरेटर बदलने के लिए बस आपको एक एसएमएस करना होगा।

माना जा रहा है कि इस सेवा के शुरु होने के बाद उपभोक्ताओं की शिकायतों के प्रति कंपनियों की बेरूखी में परिवर्तन आ जाएगा। जो सेल्युलर कंपनियां अब तक आपकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रही थी, उपभोक्ता अब सर्विस बदलकर उन्हें रास्ता दिखा सकते हैं।

इस सुविधा की शुरूआत सबसे पहले पिछले साल नवंबर में हरियाणा के कुछ इलाकों में लागू की गई थी, पर आज से प्रधानमंत्री इस सर्विस को देशभर में एक साथ लॉंच करने जा रहे हैं। टेलिकॉम मिनिस्टर कपिल सिब्बल के मुताबिक, इससे ब़डा फायदा यह होगा कि अगर आप अपने सर्विस प्रवाइडर से खुश नहीं हैं तो नंबर के बारे में डरे बिना आप दूसरे सर्विस प्रवाइडर की सेवा ले सकेंगे। लॉंच से पहले ही सेल्युलर कंपनियां तरह-तरह से उपभोक्ताओं को लुभाने लगी है और कई ने टोल-फ्री लाइनें भी शुरू कर दी है। इनमें लोगों को बिना नंबर बदले सर्विस बदलने के बारे में बताया जा रहा है।

यह प्रक्रिया पूरी होने में सात दिन का वक्त लगेगा। ऑपरेटर को कोड दिखाकर और फार्म भरने के बाद आपको नया सिम मिल जाएगा। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आपका नया सिम कार्ड एक्टिवेट हो जाएगा। अगर आप जीएसएम टू जीएसएम, सीडीएमए 2 जीएसएम या फिर कोई दूसरा कनेक्शन यूज कर रहे हैं, तब भी आप इस सर्विस का फायदा उठा सकते हैं। इस सुविधा के लिए आपको महज 19 रूपए चुकाने होंगे।

कैसे बदलें सर्विस: मैसेज बॉक्स में जाकर टाइप करें पोर्ट, फिर अपना मोबाइल नंबर और भेज दीजिए 1900 पर। इसके बाद आपको एक यूनिक पोर्टिग कोड मिलेगा। इस कोड की मदद से आप अपना पंसदीदा ऑपरेटर चुन सकेंगे। एमएनपी के तहत आपका सेल नंबर नए सर्विस प्रवाइडर के पास पहुंच जाएगा।

Friday, January 14, 2011

मिर्चपुर कांड के आरोपी गए तिहाड़ जेल


हरियाणा के बहुचर्चित मिर्चपुर काण्ड के 97 आरोपियों को शुक्रवार को छह दिनों की न्यायिक हिरासत में दिल्ली के तिहाड़ जेल में भेज दिया। शुक्रवार को इन्हें दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट के आदेश के बाद इन आरोपियों को तीन बसों में भरकर तिहाड़ जेल भेज दिया गया। न्यायालय की कार्यवाही के दौरान कोर्ट के बाहर हिसार पुलिस और दिल्ली पुलिस के जवान पूरी मुस्तैदी से तैनात दिखाई दिए। अब इस मामले में सभी आरोपियों को इसी महीने की बीस तारीख़ को फिर से पेश होने के लिए कहा गया है।

ग़ौरतलब है कि पिछले साल 21 अप्रैल को हरियाणा के हिसार जिले के मिर्चपुर गांव में समाज के कुछ रसूखदार लोगों की भीड़ ने दलितों के घरों में आग लगाने की घटना ने पूरे देश में तूफ़ान खड़ा कर दिया था। मिर्चपुर के मामले में गवाहों ने हरियाणा में कोर्ट में चल रही सुनवाई से संतुष्ट न होने पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई की अपील की थी। इन गवाहों का कहना था कि हिसार की कोर्ट वहां के प्रशासन और सरकार के दबाव में काम कर रही है और उन्हें वहां से न्याय मिलने की आशा नहीं है।

इसी सिलसिले में दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में मिर्चपुर काण्ड की सुनवाई हो रही है। हालांकि आरोपी पक्ष के परिजनों ने इस मामले में सज़ा सुनाने के बाद आरोपियों को हरियाणा की जेल में रखे जाने की अर्ज़ी दी थी, जिसे कोर्ट ने ठुकरा दिया और सभी को दिल्ली की तिहाड़ जेल भेज दिया।

Tuesday, November 2, 2010

अब हार्ले डेविडसन मोटरसाइकिलें बनेंगी हरियाणा में


अपनी जबर्दस्त मोटरसाइकिलों के लिए विख्यात हार्ले डेविडसन ने मंगलवार को दिल्ली में यह जानकारी दी है कि अब कंपनी हरियाणा में अपना प्लांट लगाएगी। हरियाणा के प्लांट में कंपनी शुरुआत में मोटरसाइकिलों की असेंबली करेगी और अगले साल वहां से मोटरसाइकिलें मार्केट में भेजना शुरु कर देगी।

इस भारी भरकम मोटरसाइकिल के बहुत से पुर्जे अमेरिका से सीधे आयात किए जाएंगे। फिलहाल कंपनी पूरी तरह से तैयार मोटरसाइकिलें इंपोर्ट करती है और 12 मॉडल भारत में बेचे जाते हैं।

भारत में मोटरसाइकिलों का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। अप्रैल-सितंबर के बीचे दोपहिया बाजार में यह वृद्धि दर 25.86 प्रतिशत रही। मार्केट में मंहगी मोटर साइकिलों की भी डिमांड है। बीएमडब्ल्यू भी दिसंबर से अपनी मोटरसाइकिलें बेचना शुरु कर देगी।

Monday, November 1, 2010

अब मोबाइल कंपनी बदलो सिर्फ 19 रुपए में



मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी के लिए ग्राहकों को अभीं और इंतजार करना पड़ेगा। दूरसंचार विभाग ने अब ये जानकारी दी है कि 25 नवंबर को सबसे पहले हरियाणा से इस खास सर्विस की शुरूआत की जाएगी। इसके बाद धीरे धीरे पूरे देश में मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी लागू हो जाएगी।

आपको बता दें कि ये वह सुविधा है जिसके जरिए ग्राहकों बिना नंबर बदले मोबाइल ऑपरेटर बदलने की छूट मिल जाएगी। 1 नवंबर से सरकार ने इस सर्विस को शुरू करने की बात कही थी, लेकिन अब ये मामला 25 नवंबर तक के लिए टल गया है।

इस सर्विस के शुरू हो जाने के बाद अगर कोई मोबाइल उपभोक्ता अपनी मोबाइल कंपनी बदलना चहता है तो उसे अपने फोन से 1900 पर एक एसएमएस भेजना होगा। जिसके बाद उस उपभोक्ता को वर्तमान सेवा प्रदाता कंपनी की ओर से एसएमएस के रूप में एक यूनिक पोर्टिंग कोड प्राप्त होगा। उसके बाद नए सेवा प्रदाता के पास अपना नम्बर स्थानांतरित करने के लिए उपभोक्ता को उस कोड के साथ एक आवेदन पत्र भरना होगा। दूरसंचार विभाग का कहना है कि आवेदन करने के चार दिनों के भीतर उपभोक्ता की मोबाइल कंपनी बदल जाएगी। इतना ही नहीं अपनी मोबाइल कंपनी को बदलने के लिए ग्राहकों को शुल्क के तौर पर केवल 19 रुपए चुकाने होंगे।

Monday, October 11, 2010

गुड़गांव में बढ़े प्रॉपर्टी के दाम


गुड़गांव में आज से प्रॉपर्टी के दाम 5 से 20 प्रतिशत तक बढ़ जाएंगे। हरियाणा सरकार द्वारा सर्किल रेट में बढ़ोतरी की वजह से ऐसा हुआ है। सरकार का मानना है कि गुड़गांव में प्रॉपर्टी के रेट और सर्किल रेट में विषमता है और इन्हें सुधारने की जरूरत है। जिला प्रशासन ने इस वित्त वर्ष में दूसरी बार सर्किल रेट बढ़ाये हैं। सरकार के मुताबिक इससे उन किसानों को ज्यादा मुआवजा मिल सकेगा जिनकी जमीन का अधिग्रहण हुआ है। सरकारी एजेंसी हुडा अभी कई इलाकों खासकर केएमपी एक्सप्रेसवे के इर्द गिर्द जमीन का अधिग्रहण कर रही है। वहां के किसानों को इससे अच्छा मुआवजा मिल सकेगा।

हालाकि इस बढ़ोतरी से गुड़गांव में प्रॉपर्टी के रेट तो नहीं बढ़ेंगे लेकिन रजिस्ट्री करानी महंगी हो जाएगी। मुख्य गुड़गांव में इसका असर ज्यादा पड़ेगा। लेकिन मानेसर और पटौदी पर यह असर ज्यादा नहीं होगा। नए शहर और प्राइवेट कालोनियां में इसका असर 20 प्रतिशत तक होगा। गुड़गांव में प्रॉपर्टी के रजिस्टरी के पैटर्न देखने के बाद सरकार ने यह कदम उठाया है। वहां पर सरकार की तय कीमतों में और असल प्रॉपर्टी के रेट में बहुत फर्क है। सरकार का मानना है कि इससे ब्लैक मनी बड़े पैमाने पर पैदा होती है।

Monday, July 12, 2010

हरियाणा में आई बाढ़ का जिम्मेदार, पंजाब :यादव


कैथल:प्रदेश के वित्त एवं सिंचाई मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने हरियाणा के चार जिलों में बाढ़ का जिम्मेदार पंजाब को ठहराया है उन्होने कहा है कि पंजाब की हरियाणा से वादाखिलाफी ही एसवाईएल नहर में आई बाढ़ का कारण है। उनका कहना है कि 25 जून को अंबाला सिंचाई विभाग पंजाब और हरियाणा के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक हुई थी, जिसमें पंजाब ने एसवाईएल को रिपेयर कराने का वादा किया था। पंजाब ने वादा तो पूरा किया नहीं, उल्टे एसवाईएल में क्षमता से अधिक पानी छोड़ दिया, जिसके लिए यह नहर तैयार नहीं थी। यादव ने बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा करे हुए बुटाना लिंक नहर में आई दरार के स्थल पर जाकर राहत कार्यो का जायजा लिया। उन्होंने भी नहर में दरार का कारण क्षमता से अधिक पानी छोड़ा जाना बताया है। उन्होंने बताया कि सेना, आपदा प्रबंधन एवं जिला प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय जनता के सहयोग से हांसी बुटाना लिंक नहर में आई दरार को बंद कर दिया गया है, जिससे बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में काफी राहत मिली है। मंत्री ने कहा कि ड्रेनों की सफाई नहीं करने के मामले में जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा भविष्य में सभी नहरों एवं ड्रेनों की सफाई सुनिश्चित की जाएगी।

Wednesday, July 7, 2010

पंजाब-हरियाणा मे बारिश का कहर

पंजाब हरियाणा मे बारिश का कहर जारी है। दोनो राज्यों में लगातार हो रही बारिश ने लोगो का जीना दुशवार कर दिया है। लगातार हो रही बारिश से 22 प्रमुख ट्रेनों को रद कर दिया गया है। बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित पंजाब के लुधियाना और पटियाला शहर है। यहां हो रही बारिश से सामान्य जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लुधियाना में रेलवे ट्रेक पर पानी भर जाने से सभी ट्रेनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। पटियाला में अब भी लगातार बारिश हो रही है। सड़को पर चारो तरफ़ पानी ही पानी नज़र आ रहा है यही नही वहां के 12 गांव भी पूरी तरह जलमग्न हो गये है, और घग्घर नदी भी खतरें के निशान से 2 मीटर ऊपर बह रही है। बारिश से सबसे ज्यादा कहर हरियाणा के अंबाला और कुरुक्षेत्र पर टूटा है अंबाला में भारी बारिश से 5 लोगो की मौत की खबर है वहीं कुरुक्षेत्र में सतलुज यमुना लिंक नहर की दरार बढ़कर 100 फीट हो गई है हांलाकि सेना इस दरार को पाटने मे लगी है। लेकिन आज देर शाम तक इस दरार को पाटने का काम पूरा नहीं हो पाया है, वहीं कुरुक्षेत्र में स्कूल ओर कालेजों को 2 दिन के लिए बंद कर दिया गया है।

पंजाब-हरियाणा में भारी बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त


हरियाणा और पंजाब में मानसून के दस्तक देते ही मानो आफत सी खड़ी हो गयी है वहां के कुछ इलाकों में भारी बारिश से सतलुज यमुना लिंक नहर में दरार आ गई है, जिसके कारण बाढ जैसी स्थिती बनी हुई है। मदद के लिये सेना को बुलाया गया है। भारी बारिश की वजह से हरियाणा के अंबाला, पंजाब के पटियाला समेत कई अन्य शहरों में रेल की पटरियों और सड़कों पर पानी भर गया है।अंबाला में मंगलवार से ही बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। पिछले 3 दिनों सामान्य से 20 गुना ज्यादा बारिश होने की वजह से हरियाणा के यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और अंबाला, पंजाब के पटियाला में 40 से 50 गांव इस बारिश से प्रभावित हुए हैं। इधर पंजाब में पटियाला, लुधियाना, बरनाला, भटिंडा, जालंधर में बाढ़ जैसे हालात हैं। अंबाला के पास हंडेसरा में टांगरी नदी पर भी एक बांध के टूटने की खबर है जिसकी वजह से से अंबाला शहर सहित जिले के 80 गांवों में बाढ़ जैसे हालात हैं। ट्रैक पर पानी भर जाने की वजह से पंजाब और हरियाणा 22 ट्रेनों को मंगलवार को ही रद्द कर दिया गया था। इनमें से कुछ बड़ी रेलगाड़ियां हैं, अमृतसर−नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस, दिल्ली−कालका पैसेंजर, अंबाला कैंट नांगल डैम पैसेंजर, अंबाला कैंट−पटियाला पैसेंजर, अंबाला कैंट−लुधियाना पैसेंजर, अंबाला कैंट−कुरुक्षेत्र पैसेंजर। इसके अलावा 15 से ज्यादा ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है और छह से ज्यादा ट्रेनों के रूट डाइवर्ट किए गए हैं।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York