Showing posts with label 25-02-2011. Show all posts
Showing posts with label 25-02-2011. Show all posts

Friday, February 25, 2011

महाराष्ट्र के विधायक और पीए पर बलात्कार का आरोप


मुंबई : उत्तर प्रदेश के एक विधायक द्वारा नाबालिग लड़की के रेप का सनसनीखेज मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि अब महाराष्ट्र के एक विधायक और उसके पीए की एक घिनौनी हरक़त ने खादी पर दाग़ लगा दिया है। एक नाबालिग़ युवती ने विधायक और उनके पीए पर बलात्कार का आरोप लगा है।

खबर के अनुसार, एनसीपी के विधायक दिलीप वाघ और उनके पीए ने एक युवती को नौकरी का झांसा देकर उसका रेप कर डाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। दिलीप वाघ जलगांव से एनसीपी के विधायक हैं।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि विधायक और उनके पीए महेश माली ने नौकरी का झांसा देकर नासिक के एक गेस्ट हाउस में उसका रेप किया। आरोप लगाने वाली युवती महाराष्ट्र के औरंगाबाद की रहने वाली है।

वर्ल्ड कप: 205 रन पर सिमटी बांग्लादेश


मीरपुर : शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम आयरलैंड के खिलाफ 205 रन पर ऑल आउट हो गई। बांग्लादेश की शुरूआत अच्छी रही लेकिन बाक़ी बल्लेबाज़ आगे तक अच्छा नहीं खेल सके। बंग्लादेश को पहले झटका 53 रन पर लगा जब इमरुल काएस, मूनी की गेंद पर स्टंप आउट हो गये। फिर उसके बाद क्रीज़ पर आए जुनैद सिद्दीक़ी महज़ 3 रन बनाकर रन आउट हो गए। फिर तमीम इक़बाल भी ज़्यादा देर नहीं टिक सके और 44 रन बनाकर बोथा का शिकार बने। मेहमान टीम की ओर से आंद्रे बोथा ने सर्वाधिक 3 विकेट झटके।

कप्तान शकिब अल हसन भी कोई कमाल नहीं कर सके और उन्हें 16 रन बनाकर बोथा ने अपने गेंद पर कैच आउट कर लिया। फिर मुश्फ़िक़ुर्रहमान और रक़ीबुल हसन के बीच पांचवे विकेट के लिये 61 रनों की साझेदारी निभाई जिसकी बदौलत बांग्लादेश की टीम अपना स्कोर 200 के पार पहुंचाने में सफ़ल हो सका। मुश्फ़िक़ुर्रहमान ने 2 चौकों की मदद से 36 रन बनाए और रक़ीबुल हसन ने 38 रन बनाए, जिसमें केवल १ चौका शामिल है। मौहम्मद अशरफ़ुल भी नाकाम रहे और केवल 1 रन पर आउट हो गए। टेलेंडरों में नईम इस्लाम ने 3 चौकों की मद से 29 रन बनाए जिसकी बदौलत बांग्लादेश सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफ़ल रहा।

बोथा के अलावा डाक्रेल ने बेहद उम्दा गेंदबाज़ी की। उन्होंने अपने 10 ओवरों में केवल 23 रन देकर 2 विकेट लिये। इनके अलावा जान्स्टन ने 2 विकेट लिये जबकि मूनी को 1 विकेट मिला।

आस्ट्रेलिया ने न्यूज़ीलैंड को दी 7 विकेटों से मात



न्यूज़ीलैंड द्वारा दिये गये 207 रनों के आसान से लक्ष्य को आस्ट्रेलियाई टीम ने 3 विकेट खोकर केवल 34 ओवरों में हासिल कर लिया। सलामी बल्लेबाज़ों से मिली ठोस और तेज़ शुरूआत ने आस्ट्रेलिया के लिये जीत को और आसान बना दिया। शेन वाटसन और हैडिन ने आक्रामक खेल दिखाते हुए, पहले विकेट के लिये केवल 18.1 ओवरों में 133 रन जोड डाले। हैडिन को 55 के निजी स्कोर पर हेमिश बेनेट ने फ़्रैंक्लिन के हाथों कैच आउट कराकर आस्ट्रेलिया को पहले झटका दिया। हैडिन ने अपनी पारी में 8 चौके लगाए। फिर उसी ओवर में बेनेट ने वाटसन को 62 के निजी स्कोर पर बोल्ड मार दिया। वाटसन ने 8 चौके और 1 छक्का लगाया।

फिर कप्तान पान्टिंग ने माइकल क्लार्क के साथ स्कोर बढ़ाना शुरू किया और न्यूज़ीलैंड को कोई करिशमा नहीं करने दिया। लेकिन आस्ट्रेलियाई कप्तान ज़्यादा देर नहीं टिक सके और उन्हें 12 रन के स्कोर पर साउथी की गेंद पर बी मैक्कुलम ने स्टंप आउट कर दिया। फिर बल्लेबाज़ी करने आए व्हाइट ने क्लार्क के साथ चौथे विकेट के लिये नाबाद 40 रन जोडकर टीम को जीत दिला दी।

इससे पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी न्यूज़ीलैंड की शुरूआत बेहद ख़राब रही थी। कीवियों ने अपनी पहली विकेट 20 और दूसरी विकेट 40 रनों पर खो दी थी। न्यूज़ीलैंड का मध्यक्रम तो बुरी तरह फ़्लाप साबित हुआ। न्यूज़ीलैंड ने अपनी 3 विकेट महज़ 7 रनों के भीतर खो दी थी। मगर फिर नाथन मैक्कुलम और डेनियल विटोरी की साहस भरी पारियों की बदौलत न्यूज़ीलैंड की टीम एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाई थी। नाथन मैक्कुलम ने 52 और विटोरी ने 44 रन बनाए। न्यूज़ीलैंड के बल्लेबाज़ों को ढेर करने में मिचेल जानसन और टैट ने ने अहम किरदार अदा किया। जानसन ने 4 जबकि टैट ने 3 खिलाडियों को आउट किया। इनकी गेंदबाज़ी के आगे कीवी बल्लेबाज़ एकदम विवश साबित हुए।

आस्ट्रेलिया ने 3 विकेट खोकर ये लक्ष्य हासिल कर लिया। न्यूज़ीलैंड की ओर से हेमिश बेनेट ने 2 विकेट लिये, लेकिन ये काफ़ी महंगे भी साबित हुए। बेनेट ने अपने 7 ओवरों में 9 की औसत से 63 रन दिये। जबकि साउथी ने 1 विकेट लिया

बजट में यूपी की अनदेखी, यूपी के सांसदों ने ममता को घेरा


नई दिल्‍ली : रेल बजट में अपने राज्य की अनदेखी किये जाने के कारण, रेल मंत्री ममता बनर्जी को आज संसद के बाहर उत्‍तर प्रदेश के सांसदों ने घेर लिया। बीचबचाव के लिए कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी को बीच में आना पड़ा। सोनिया की मध्‍यस्‍थता के बाद, ममता सांसदों के घेरे से निकल कर वहां से जा सकीं। उत्‍तर प्रदेश के सांसदों का आरोप था कि रेल मंत्री ने बजट में उनके राज्‍य के लिए कुछ खास नहीं किया।

लोकसभा के अंदर भी विपक्षी सांसदों ने ममता को घेराव किया था। रेल बजट पेश करने के दौरान तब हंगामेदार स्थिति पैदा हो गई जब बनर्जी ने अपने गृह राज्‍य पश्चिम बंगाल के लिए कई आर्कषक घोषणाएं की। लालू और विपक्ष के दूसरे नेताओं ने यह कह कर शोर मचाना शुरू कर दिया कि बंगाल पर रेल मंत्री ज्‍यादा मेहरबान हैं। विपक्ष का शोर शराबा इस कदर बढ़ा की रेल मंत्री को कुछ देर के लिए अपना बजट भाषण रोकना पड़ा। इस दौरान पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद और वर्तमान रेल मंत्री ममता बर्नजी में नोंक झोंक भी हुई।

ममता दीदी ने पश्चिम बंगाल पर जो मेहरबानियां की हैं, कुछ इस प्रकार हैं-

56 नई एक्सप्रेस ट्रेनों में से 9 को पश्चिम बंगाल से जोडा गया। कोलकाता में मेट्रो कोच फैक्ट्री, सिंगूर में रेल कोच फैक्ट्री की स्थापना। नंदीग्राम में रेल इंडस्ट्रियल पार्क की स्थापना होगी। रेल मंत्री ने सियालदह से पुरी के बीच नॉन एसी दूरंतो ट्रेनें चलाने की भी घोषणा की। दूरंतो ट्रेनें नॉन स्टॉप चलती हैं। ममता ने कुछ दूरंतो ट्रेनों के फेरों में बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए बताया कि मुंबई से हावड़ा के बीच दूरंतो ट्रेन दो की बजाय हफ्ते में चार दिन चलेगी। सियालदह से नई दिल्ली के बीच दूरंतो गाड़ी अब दो दिन की बजाय पांच दिन चलेगी। हावड़ा से यशवंतपुर के बीच दूरंतो ट्रेन चार दिन की बजाय अब हफ्ते में पांच दिन चलेगी। हावडा़ और सियालदह में सुखी गृह योजना के तहत मकान बनाए जाएंगे।
उत्तर प्रदेश को सिर्फ़ ये मिला-

रायबरेली कोच फैक्ट्री में अगले तीन महीने में उत्पादन शुरू होने का ऐलान। आगरा रेलवे स्टेशन को अंतरराष्ट्रीय केंद्र के तौर पर विकसित करने का ऐलान। जयपुर-आगरा के बीच नई शताब्दी ट्रेन, इलाहाबाद-मुंबई के बीच नई दूरंतो ट्रेन चेगी। लखनऊ-भोपाल के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन। इसके अलावा उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाली कई ट्रेनों के मार्ग विस्तार का ऐलान।

ममता दीदी ने पेश किया रेल बजट


नई दिल्‍ली : केंद्रीय रेल मंत्री ममता बनर्जी ने आज संसद में लोकलुभावन रेल बजट पेश किया। इस साल, ना यात्री किराए बढ़ाए गए, ना माल भाड़े में वृद्धि की गई। बजट पेश करने से पहले ही रेल मंत्री ने दावा किया था कि यह बजट आम आदमी का होगा। रेल बजट में गरीबों को छत, सैनिकों के लिए नौकरी, महिलाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। साथ ही छात्रों के लिए नई ट्रेनों की घोषणा भी की गई।

पेश हैं, रेल बजट 2011-12 के महत्वपूर्ण अंश:

* रेल किराए नहीं बढ़ाने की घोषणा
* किसी श्रेणी में नहीं बढ़ा भाड़ा
* माल भाड़े में भी वृद्धि नहीं
* बांग्‍लादेश-भारत के बीच 'संस्‍कृति एक्‍सप्रेस' चलेगी।
* महंगाई से जूझ रहे लोगों पर बोझ नहीं डालने के लिए हमने इस साल किराया नहीं बढ़ाया है।
* मुंबई लोकल ट्रेनों में 9 की जगह 12 डिब्‍बे होंगे।
* 56 नई एक्‍सप्रेस ट्रेनें, 20 नई पैसेंजर ट्रेने चलायी जाएंगी।
* लखनऊ-मैलानी-पीलीभीत समेत 28 जगहों पर लाइनें डबल की जाएंगी।
* लखनऊ-मैलानी-पीलीभीत, रायबरेली-अकबरगंज, सुलतानपुर-अमेठी, इटावा-रायगढ़, मदुरई-ट्यूटीकोरिन, आदि समेत 30 स्‍थानों पर विद्युतीकरण।

* दिल्ली, गाजियाबाद को दो नई ईएमयू
* एसी ई-टिकेट 10 रुपए सस्‍ता। नॉन-एसी ई-टिकट 5 रुपए सस्‍ता।
* रेल टिकटिंग के लिए नया पोर्टल जल्‍द आएगा।
* नया सुपर-एसी क्‍लास शुरू किया जाएगा।
* मुंबई-अहमदाबाद और दिल्‍ली-जयपुर के बीच डबलडेकर ट्रेन।
* नई दुरांतोः जोधपुर-दिल्ली, हावड़ा-सिकंदराबाद, हावड़ा-दिल्ली, पुणे-अहमदाबाद, सियालदाह-पुरी, मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली, इलाहाबाद-मुंबई, सियालदाह-पुरी, चेन्नई-तिरुवनंतपुरम, निजामुद्दीन–अजमेर नॉन एसी दुरंतो।

* मुंबई में उपनगरीय सिस्‍टम की तरह कोलकाता, बेंगलुरू, हैदराबाद, चेन्‍नई, आदि में भी उपनगरीय सेवाएं।
* मान्‍यता प्राप्‍त पत्रकारों को साल में दो बार परिवार के साथ 50 प्रतिशत डिस्‍काउंट पर यात्रा।
* राजधानी और शताब्‍दी में भी मिलेगी विकलांगों को रियायतें।
* परीमपीर चक्र व शौर्य चक्र प्राप्‍त सैनिकों के परिजनों को भी इन रेलगाडियों में दी जाएगी।
* वरिष्‍ठ नागरिकों में महिलाओं को दी जाने वाली रियायतों के लिए उम्र 60 से कम कर 58 वर्ष कर दी जाएगी। पुरुषों के लिए उम्र 60 साल ही।

* कोलकाता में विस्‍तार के बाद नई जगहों को कोलकाता मेट्रो से जोड़ा जाएगा।
* पहली बार रेलवे की आय एक लाख करोड़ रुपए पहुंची।
* राष्‍ट्रमंडल और एशियाई खेलों में मेडल जीतने वाले रेल कर्मियों को प्रोत्‍साहन राशि।
* 1.75 लाख रिक्‍त पद भरे जाएंगे।
* 16000 भूतपूर्व सैनिकों को रेलवे की सुरक्षा में लगाया जाएगा।
* जिन राज्‍यों में ट्रेनें नहीं रोकी जाएंगी, उन राज्‍यों को 2 ट्रेनें मिलेंगी।
* स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं पहुंचाने के लिए 20 स्‍वास्‍थ्‍य वैन चलायी जाएंगी।

* गो इंडिया स्‍मार्ट कार्ड, जिससे नियमित यात्रा करने वाले लोग विशेष लाभ उठा सकेंगे।
* वरिष्‍ठ नागरिकों को सामान पहुंचाने के लिए विशेष सुविधा- एसी में 10 रुपए और अन्‍य श्रेणियों में 5 रुपए में सामान पहुंचाया जाएगा।
* रेल हादसों से बचने के लिए एंटी को‍लीजन डिवाइस जल्‍द ट्रेनों में लगाया जाएगा। परीक्षण शुरू हो चुका है।
* गरीबों को 25 रुपए में 100 किलोमीटर की यात्रा। रेलवे लाइन के आस-पास रहने वालों को आवास।
* प्रधानमंत्री रेल विकास योजना के अंतर्गत विकास किए जाएंगे। न्‍यू बॉम्‍बे गांव में पावर प्‍लान्‍ट लगाने का प्रस्‍ताव है। बिहार में 1320 मेगावॉट का थर्मल पावर प्‍लान्‍ट एक 1000 मेगावॉट का और 700 मेगावाट का गैस पावर प्‍लान्‍ट लगाने का प्रस्‍ताव है।
* गुजरात से गुडगांव तक डबल डेकर ट्रेन चलेगी।
* छठे वेतन आयोग के भुगतान के कारण रेलवे को वित्तीय परेशानी पेश आई है, रेलवे को 73 हज़ार करोड़ का भुगतान करना पड़ा।
* स्टेट बैंक के साथ रेल यात्री सेवा नई दिल्ली, चेन्नई, तिरवंतपुरम में शुरू की जाएगी।
* दुर्घटनाओं और बढ़ते खर्च के कारण भारतीय रेलवे के लिए यह मुश्किल वक्त।
* आगरा में 1320, आंध्र प्रदेश में 1300 मेगावाट थर्मल ऊर्जा संयंत्र लगाया जाएगा
* आगरा में अंतरराष्ट्रीय केंद्र की स्थापना करेगा रेलवे।
* हर साल 700 किलोमीटर नई रेल लाइन बनेगी।

’दबंग’ सलमान ने दी रणबीर कपूर को चेतावनी


बॉलीवुड के उभरते सितारे रणबीर कपूर, ’दबंग’ के निशाने पर आ गये हैं। इसकी वजह है, सलमान की पूर्व गर्लफेंड्र और हॉट अभिनेत्री कैटरीना कैफ से रणबीर की नजदीकियां बढ़ना। हाल के दिनों में रणबीर और कैटरीना का एक दूसरे के क़रीब आना किसी से छुपा नहीं है। ये दोनों, फिल्म ’अजब प्रेम की गजब कहानी’ से ही एक-दूसरे के करीब आ गए थे।

विश्वसीय सूत्रों से जानकारी मिली है कि सलमान ने ऋषि कपूर से मिलकर, उन्हें सावधान किया है कि वे अपने बेटे को समझा दे कि वो कैटरीना से दूर ही रहे। कैट के नजदीक न आएं। शायद, सल्लू मियां के दिल में कैटरीना के लिये फिर से प्यार जाग उठा है या फिर इन दोनों का ब्रेक-अप नहीं हुआ है और कैटरीना सलमान को जलाने के लिये रणबीर के थोडा क़रीब आ रहीं थीं।

हाल ही में कई ऐसे वाकये हुए है जहां रणबीर-कैट को कई बार साथ देखा गया है। खैर, रणबीर को भी अब संभल जाना चाहिये और कैट से दूर रहना चाहिये, क्योंकि बॉलीवुड के ’दबंग ख़ान’ से पंगा लेना ठीक नहीं है।

दिल्ली: सिफारिश कर, बुरे फंसे मंत्री जी


दिल्ली सरकार के (शहरी विकास, लैंड एंड बिल्डिंग, पीडब्ल्यूडी, एससी/एसटी विभाग) के मंत्री राजकुमार चौहान एक रिजॉर्ट मालिक की सिफ़ारिश कर बुरी तरह फंस चुके हैं। इस मामले के कारण मंत्री जी पर अब अदालती कार्रवाई का ख़तरा भी मंडलाने लगा है। मंत्री जी ने कभी ख़वाब में भी नहीं सोचा होगा कि टैक्स चोरी के मामले में एक नामी रिजॉर्ट का बचाव करने की कोशिशें उनको इतनी महंगी पड जाएगी।

दिल्ली के लोकायुक्त ने उनके आचरण पर गंभीर नाराजगी जताते हुए उन्हें मंत्री पद से हटाने के लिये राष्ट्रपति से सिफारिश कर डाली है। इतना ही नहीं उनके खिलाफ आपराधिक मामला चलाने की भी सिफारिश की गई है। देश में यह ऐसा पहला मामला है जब मंत्री पद के दुरुपयोग पर सीधे राष्ट्रपति से सिफारिश की गई है। विधायी कार्यों के जानकारों का कहना है कि लोकायुक्त का यह आदेश कानूनी तौर पर दिक्कत पैदा करे या नहीं, लेकिन नैतिक आधार पर यह जरूर सरकार के लिए परेशानी का सबब बन सकता है।

इस मसले पर अपनी सफ़ाई मंत्री जी राजकुमार चौहान का कहना है कि जनप्रतिनिधि होने के नाते किसी के फोन पर उसकी सिफारिश भले ही आगे कर दी हो, लेकिन मेरी मंशा रिजॉर्ट को अनुचित लाभ पहुंचाने की नहीं थी। इस मसले पर चौहान ने उपराज्यपाल तेजेंद्र खन्ना को पत्र लिखकर अपनी सफाई भी पेश की है। मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का कहना है कि मुझे अभी अदालत के आदेश का पूरा ब्यौरा नहीं मिला है, मिलने के बाद ही इस बाबत कोई निर्णय लिया जाएगा।

बताते हैं कि इस मामले के बाद दिल्ली के राजनैतिक गलियारे में सरगर्मी बढ़ गई है। कई विधायकों ने इस मामले में मुख्यमंत्री शीला दीक्षित से मुलाकात कर चौहान को हटाने का आग्रह किया है। विधायकों का कहना है कि इस मामले में दिल्ली सरकार की खासी किरकिरी हो रही है।

सूत्रों के अनुसार पिछले साल 20 फरवरी को साउथ दिल्ली के रिजॉर्ट टिवोली गार्डन पर राजस्व चोरी के मामले में तत्कालीन व्यापार और कर विभाग के कमिश्नर जलज श्रीवास्तव की टीम ने छापेमारी की थी। जांच के दौरान वहां टैक्स की चोरी पकड़ी गई और रिजॉर्ट मालिक पर करोड़ों रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया था। फिर उसी रात लोक निर्माण मंत्री राजकुमार चौहान ने श्रीवास्तव को फोन कर रिजॉर्ट मालिक को परेशान न करने की सिफारिश की। कमिश्नर ने इस सिफारिश की लिखित शिकायत वित्त मंत्री डॉ. ए. के. वालिया तक पहुंचा दी। मामला मीडिया में उछलने पर लोकायुक्त ने मामले को अपने संज्ञान में लिया।

जेपीसी का प्रस्ताव पारित, प्रणब-सुषमा में जमकर हुई बहस


नई दिल्ली : लोकसभा में 2-जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच के लिए सदन के नेता प्रणब मुखर्जी द्वारा पेश किया गया संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के गठन का प्रस्ताव पारित हो गया है। इस दौरान, सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जबरदस्त तकरार भी हुई। समिति में लोकसभा के बीस व राज्यसभा के दस सदस्य होंगे। समिति 1998 यानी एनडीए सरकार के कार्यकाल से संचार नीति की जांच करेगी।

इसके अलावा समिति इसकी भी पड़ताल करेगी कि क्या स्पेक्ट्रम आवंटन में किसी नीति का उल्लंघन हुआ। अभी, समिति के अध्यक्ष का एलान नहीं किया गया है, मगर कांग्रेस नेता वी किशोर चंद्र देव का नाम सूची में सबसे ऊपर होना उनके अध्यक्ष बनने का संकेत माना जा रहा है।

समिति के गठन के दौरान हुई बहस के दौरान सदन के नेता प्रणब मुखर्जी व विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज के बीच जमकर तकरार हुई। मुखर्जी ने बहस की शुरुआत करते हुए कहा कि विपक्ष की इस मांग के चलते पूरा शीतकालीन सत्र ठप कर दिया गया लेकिन संवैधानिक संस्थाओं के अवमूल्यन के खतरनाक असर हो सकते हैं। इस संदर्भ में उन्होंने पाकिस्तान में मार्शल लॉ के घटनाक्रम का विस्तार से जिक्र किया। मुखर्जी ने आगाह किया कि अगर विधायिका को कमजोर किया गया तो दूसरी गैर-संवैधानिक संस्थाएं ताकतवर हो जाएंगी।

इसके जवाब में विपक्ष की नेता स्वराज ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का अवमूल्यन विपक्ष ने नहीं, सरकार ने किया। जिसके चलते सदन भी ठप हुआ और सरकार को लगातार कई मुद्दों पर सुप्रीम कोर्ट की कड़ी टिप्पणियां भी झेलनी पड़ीं।

इससे पहले स्वराज ने प्रणब के उस टिप्पणी की कड़ी आलोचना की जिसमें प्रणब ने कहा था कि विपक्ष अगर संसद में यकीन नहीं करता तो माओवादियों में शामिल हो जाए। अपनी बात के समर्थन में स्वराज ने कांग्रेस की ओर से तहलका मामले पर संसद ठप करने की याद दिलाई और पूछा कि क्या कांग्रेस का व्यवहार माओवादी और हिंसक था? हालांकि स्वराज ने बीच-बीच में प्रणब दा की चुटकी भी ली, जिस्से कि माहौल तनावपूर्ण न हो।

गोधरा कांड: दोषियों की किस्मत का फैसला आज


अहमदाबाद : आज गोधरा कांड में आरोपी करार दिए गये सभी 31 लोगों की किस्मत का फैसला होगा। स्पेशल कोर्ट आज गोधरा के पास साबरमती एक्सप्रेस में आग लगाने की घटना को साजिश मानते हुए, दोषी पाये गये सभी 31 लोगों को सजा सुनाएगी।

गौरतलब है कि 22 फरवरी को स्पेशल कोर्ट ने इस मामले में 94 आरोपियों में से 31 को दोषी माना था, जबकि 63 को बरी कर दिया था। मौलवी सईद उमरजी को इस घटना का प्रमुख आरोपी माना जा रहा था, लेकिन अदालत ने उन्हें भी बरी कर दिया था।

बढ़ीं टीम इंडिया की दिक्क़तें, अब वीरू हुए घायल


बेंगलुरु : वर्ल्ड कप में एक अहम मैच खेलने से पहले भारतीय क्रिकेट टीम मुशकिलों से मज़ीद इज़ाफ़ा होता जा रहा है। चिन्नास्वामी स्टेडियम में टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशन के दौरान वीरेंद्र सहवाग जहीर खान की एक गेंद से घायल हो गए हैं। जहीर की यह गेंद वीरू की छाती में लगी।

टीम इंडिया को रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ बेहद अहम मैच खेलना है। मैच से ठीक पहले सहवाग की इस चोट ने टीम इंडिया के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। इससे पहले, प्रक्टिस के दौरान कल श्रीसंत की गेंद पर युवराज सिंह की उंगली में चोट लग गई थी।

जानकारी के मुताबिक बेंगलुरु में शुक्रवार को भारतीय टीम का प्रैक्टिस सेशन चल रहा था। प्रैक्टिस के दौरान जहीर ने एक गेंद वीरेंद्र सहवाग को फेंकी, जो सीधे उनकी छाती में जा लगी। सहवाग को इसके बाद तुरंत ड्रेसिंग रूम में ले जाया गया। सहवाग को लगी चोट कितनी गंभीर है और वह इंग्लैंड के खिलाफ अहम मैच में खेलेंगे या नहीं इसका पता नहीं चल पाया है।

करीना को ’सबसे सेक्सी अदाकारा’ का ख़िताब


पिछले साल बॉलीवुड की हॉट अभिनत्रियों में सबसे ऊपर रहीं कैटरीना कैफ़ को पछाड कर बेबो ने इस साल ये ख़िताब अपने नाम कर लिया है। हाल ही में स्टारडस्ट मैंग्जीन ने हॉट अभिनेत्री करीना कपूर को बॉलीवुड की सबसे सेक्सी अदाकारा घोषित किया है। इस खिताब को हासिल करने में करीना के लिये एक दिलचस्प बात ये है कि उन्होंने बॉलीवुड की कई हॉट अभिनेत्रियों को पछाड़ कर इस खिताब पर कब्जा जमाया है।

अपने जीरों फिगर को लेकर सुर्खियों में रही करीना ने एक बार फिर अपने तराशे हुए जिस्म की बदौलत बॉलीवुड धक-धक बेब्स कैटरीना कैफ, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चौपड़ा को पटकनी देकर स्टारडस्ट के खिताब पर कब्जा जमा लिया है।

लोगों की राय और अच्छी खासे अध्ययन के बाद करीना को इस खिताब के लिए चुना गया है। स्टारडस्ट ने इस बार दस सबसे हॉट और सेक्सी अभिनेत्रियों की सूची जारी की है। उल्लेखनीय है कि पिछले साल मैंग्जीन ने कैटरीना कैफ को इस खिताब से नवाजा गया था। इन तथ्यों से साबित होता है कि सैफ़ और करीना का एक दूसरे के बेहद भाग्यशाली साबित हुए हैं।

अगले महीने भारत यात्रा पर आएंगी सारा


वांशिगटन: अलास्का की पूर्व गवर्नर और अमेरिका की रिपब्लिकन पार्टी की नेता साराह पालिन मार्च में भारत आ रही हैं। अगले महीने पहली बार भारत की यात्रा पर आने वाली सारा राजधानी में होने वाले एक कार्यक्रम में शामिल होंगी, जिसमें प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी होंगे।

सारा ने संकेत दिए हैं कि वह 2012 का राष्ट्रपति चुनाव रिपब्लिकन उम्मीदवार के तौर पर लड़ना चाहती है इसलिए इस यात्रा को काफी अहम माना जा रहा है। वह 19 मार्च को इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में शामिल होने के लिए यह यात्रा करने वाली हैं। इस सम्मेलन को संबोधित करने वालों में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी शामिल हैं। पालिन के शीर्ष सलाहकार रेबेक्का मनसोर ने ट्विटर पर भेजे एक संदेश में इस कार्यक्रम का खुलासा किया है। इस मौके पर आयोजित रात्रि भोज में सारा मुख्य अतिथि होंगी।

गौरतलब है कि सारा की विदेशी नीति से जुड़े विषयों पर कम समझ रखने के लिए अक्सर आलोचना की जाती है। लेखक और वक्ता के तौर पर भी सारा आए दिन सुर्खियों में रहती हैं।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York