Showing posts with label Gujarat. Show all posts
Showing posts with label Gujarat. Show all posts

Sunday, May 8, 2011

1,000 कर्मचारियों को भर्ती करेगी जीएम इंडिया


नई दिल्ली: कार कंपनी जनरल मोटर्स इंडिया 2012 तक 1,000 कर्मचारियों की भर्ती करेगी। कंपनी की योजना अपने दो कारखानों की क्षमता 80 प्रतिशत से अधिक बढ़ाकर सालाना 4.1 लाख इकाइयों पर पहुंचाने की है।

कंपनी का एक कारखाना गुजरात के हलोल में है, जबकि दूसरा कारखाना महाराष्ट्र के तालेगांव में है। कंपनी अगले साल के अंत तक इन कारखानों की क्षमता बढ़ाने और विकास एवं अनुसंधान गतिविधियों में तेजी लाने पर 50 करोड़ डालर का निवेश कर रही है। जनरल मोटर्स इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक कार्ल स्लिम ने बताया कि हम हलोल और तालेगांव संयंत्रों की क्षमता बढ़ाने पर 50 करोड़ डालर का निवेश कर रहे हैं।

इन कारखानों की जरूरतें पूरी करने के लिए हम अगले साल के अंत तक 1,000 लोगों की भर्ती करेंगे। इस समय, जनरल मोटर्स इंडिया में करीब 4,000 लोग कार्यरत हैं जिनमें से करीब 2,000 लोग बेंगलूर स्थित अनुसंधान एवं विकास केंद्र में कार्यरत हैं। हालांकि नई भर्ती में ज्यादातर लोग दो कारखानों में लगाए जाएंगे।

Monday, March 28, 2011

जल्द ही गुजरात में होगा ‘जुरासिक पार्क’


अहमदाबाद: गुजरात के खेड़ा जिले के रायोली गांव में जल्द ही डायनासोर जीवाश्म पार्क देखने को मिलेगा। एक समय में इस जगह बड़ी संख्या में इस विशालकाय जीव की आबादी रहा करती थी।

यहां से लगभग 85 किलोमीटर दूर बालासिनोर के रायोली गांव में डायनासोर के एक हजार अंडों के जीवाश्म मिले हैं और इस जगह को अब ‘डायनासोर पर्यटन’ केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। रायोली गांव में सबसे पहले 1981 में डायनासोर के जीवाश्म मिले थे जिन्हें भारतीय भूगर्भीय सर्वेक्षण ने खोजा था। इसके एक साल बाद डायनासोर के एक हजार अंडे मिले जिससे यह जीवाश्म वैज्ञानिकों का पसंदीदा स्थल बन गया। वैज्ञानिकों का कहना है कि यहां डायनासोर की कम से कम सात प्रजातियां रहा करती थीं। जीवाश्म लगभग साढ़े छह करोड़ साल पुराने हैं।

इस स्थल की देखरेख का जिम्मा गुजरात पारिस्थितिकीय एवं अनुसंधान संस्थान के पास है। पर्यटन मंत्री जयनारायणन व्यास कि मुताबिक बालासिनोर डायनासोर पार्क लाल चिड़िया वाले कच्छ या सासन गिर स्थित एशियाई शेरों के अभयारण्य की तरह ही एक अद्भुत स्थल है। हम इन स्थलों को विकसित करने और इन्हें अंतरराष्ट्रीय आकषर्ण का केंद्र बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

Friday, February 25, 2011

गोधरा कांड: दोषियों की किस्मत का फैसला आज


अहमदाबाद : आज गोधरा कांड में आरोपी करार दिए गये सभी 31 लोगों की किस्मत का फैसला होगा। स्पेशल कोर्ट आज गोधरा के पास साबरमती एक्सप्रेस में आग लगाने की घटना को साजिश मानते हुए, दोषी पाये गये सभी 31 लोगों को सजा सुनाएगी।

गौरतलब है कि 22 फरवरी को स्पेशल कोर्ट ने इस मामले में 94 आरोपियों में से 31 को दोषी माना था, जबकि 63 को बरी कर दिया था। मौलवी सईद उमरजी को इस घटना का प्रमुख आरोपी माना जा रहा था, लेकिन अदालत ने उन्हें भी बरी कर दिया था।

Tuesday, February 22, 2011

गोधरा कांड पर फैसला, 31 को सजा, 63 बरी


अहमदाबाद: गुजरात के गोधरा में नौ साल पहले हुए नरसंहार मामले में विशेष अदालत ने 31 आरोपियों को दोषी करार दिया है जबकि इस मामले में मुख्य आरोपी मौलाना हुसैन सहित 63 लोगों को बरी कर दिया गया है। साथ ही कोर्ट का मानना है कि ये घटना एक हादसा नहीं बल्कि एक साजिश थी। हत्या और आपराधिक साजिश रचने के दोषी सभी 31 आरोपियों की सजा का फैसला 25 फरवरी को होगा।

गौरतलब है कि गुजरात के गोधरा में 27 फरवरी 2002 को साबरमती एक्सप्रेस के एस6 कोच में आग लगा दी गई थी जिसमें 58 लोगों की मौत हो गई थी। इतना ही नहीं इस घटना के बाद भड़के दंगो में लगभग ग्यारह सौ लोगों की मृत्यु हो गई और संपत्ति को भारी नुकसान पहुँचा था।

Friday, February 18, 2011

मोदी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा


अहमदाबाद : देश के प्रधानमंत्री के बयान ने शायद नरेंद्र मोदी के लिये बौखलाहट पैदा कर दी है। प्रधानमंत्री के बयान पर अपनी नाराजगी ज़ाहिर करते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन पर निशाना साधा है। पीएम ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा था कि गुजरात के मंत्री अमित शाह पर कार्रवाई के बदले भाजपा इस तरह का व्यवहार कर रही है। पीएम के इस बयान पर पलटवार करते हुए मोदी ने इसे साल का सबसे बडा चुटकुला करार दिया।

गौरतलब है कि टीवी संपादकों से रूबरू होने के दौरान प्रधानमंत्री ने शाह का परोक्ष उल्लेख किया था। उन्होंने कहा था, विपक्षी दल विशेषकर भाजपा ने शत्रुतापूर्ण रवैया अपना रखा है और इसके पीछे जो कारण है मैं सार्वजनिक रूप से नहीं कह सकता क्योंकि आपने एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की है जो गुजरात में मंत्री था तो आप अपना फैसला पलटे। मैं और कुछ नहीं कहना चाहता हूं।

मोदी ने कहा गुजरात के किसी मंत्री या सरकार पर आरोप लगाने के बजाए प्रधानमंत्री को अपनी विफलता के बारे में सही तथ्य देने चाहिए। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी)पर संविधान संशोधन विधेयक पेश करने में देरी के लिए विपक्ष को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रधानमंत्री ने यह टिप्पणी की थी। मोदी सरकार के मंत्री रहे शाह को सोहराबुद्दीन फर्जी एनकाउंटर मामले में सीबीआई ने गिरफ्तार किया था और अब वह जमानत पर है।

प्रधानमंत्री द्वारा भाजपा पर आरोप लगाने की निंदा करते हुए मोदी ने कहा, प्रधानमंत्री ने सरकार चलाने में अपनी लाचारी स्वीकार ली है, अब उन्हें आर्थिक सुधारों और जीएसटी लागू करने में अपनी सरकार की विफलता के तथ्य पेश करने चाहिए।

Thursday, February 3, 2011

सीएनजी के दाम बढ़े,ऑटो यूनियन हड़ताल पर




गुजरात: सीएनजी के दाम में बढ़ोतरी की वजह से सूरत में कल रात से सभी ऑटो रिक्शा हड़ताल पर चले गए हैं। जिसके चलते वहां के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सूरत जिला प्रशासन ने मंगलवार को जिलाधिकारी ए जे शाह की अध्यक्षता में गुजरात गैस कंपनी, सूरत ऑटो रिक्शा एसोसिएशन की एक बैठक बुलाई थी। लेकिन इस बैठक में कोई सहमति नहीं बन पाई, जिसके बाद लोग हड़ताल पर चले गए। गौरतलब है कि सीएनजी के दाम में 2.80 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। इस बात से खफ़ा ऑटो यूनियन ने इसके विरोध में यह हड़ताल की है।

Saturday, January 22, 2011

मोदी के मंच से सम्मानित होंगे दारुल उलूम के कुलपति

अगर सब कुछ ठीक ठीक रहा तो गणतंत्र दिवस के मौके पर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी दारुल उलूम देवबंद के मोहतमिम (कुलपति) मौलाना गुलाम मोहम्मद वस्तानवी को सम्मानित करेंगे। मोदी ने यह घोषणा उस वक़्त की है जब दारुल उलूम के कुलपति के पद पर वस्तानवी की नियुक्ति हुए चंद दिन ही हुए हैं। वहीं मौलाना वस्तानवी ने दो दिन पहले ही गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की दिल खोल कर तारीफ़ की थी।

विश्व की नंबर दो इस्लामिक संस्था के नव नियुक्त कुलपति मौलाना गुलाम मोहम्मद वस्तानवी लगातार सुर्खियों में हैं। इन दिनों मुस्लिम जगत मौलाना गुलाम मोहम्मद वस्तानवी को लेकर दो खेमों में बंट गया है। एक उनके समर्थन में है और दूसरा विरोध में। इसी कड़ी में उनकी मुश्किलें अब और बढने वाली हैं। दरअसल गुजरात में मुसलमानों का भरोसा जीतने की कोशिश कर रही मोदी सरकार ने मौलाना वस्तानवी को गणतंत्र दिवस के मौके पर सम्मानित करने का फैसला किया है। बीजेपी के मुस्लिम नेताओं द्वारा वस्तानवी को गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों सम्मानित किए जाने की योजना को अमली जामा पहनाने की कोशिश की जा रही है।

वुस्तानवी, हाल ही में अपने एक बयान के बाद आलोचकों के निशाने पर आ चुके हैं। और कई उलेमा द्वारा मौलाना वुस्तानवी को दारूल उलूम, देवबंद के कुलपति के पद से हटाए जाने की मांग की जा रही है। मौलाना ने अपने बयान में मुस्लिमों में कट्टरपंथी माने जाने वाले नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार की तारीफ़ की थी जो मुस्लिम जगत को बेहद नागवार गुज़री थी।

ग़ौरतलब है कि मौलाना अपने इस बयान के बाद विवादों में घिर गये थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि मोदी के नेतृत्व वाली गुजरात सरकार में राज्य के अल्पसंख्यकों ने भी तरक्की की है और उनके साथ कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है। गुजरात में मुसलमानों की स्थिति पर खास कर गुजरात दंगों के बाद से हमेशा ही नरेंद्र मोदी पर उंगलियां उठती रही हैं, और ये पहला मौक़ा है जब किसी मुस्लिम धर्मगुरु ने मोदी सरकार की तारीफ की। हालांकि, वुस्तानवी के इस बयान की कई मुस्लिम धर्मगुरुओं ने कडी आलोचना भी की थी।

वहीं उलेमा के एक बड़े संगठन ’जमीयत उलेमा-ए-हिंद’ ने चेतावनी दी है कि यदि मौलाना वुस्तानवी को कुलपति के पद से नहीं हटाया
गया तो जमीयत इसके ख़िलाफ़ एक तहरीक़ चलाएगी।


सूरत जिले के मंगरोल तहसील के वुस्तन गांव के रहने वाले वुस्तानवी आज ही देवबंद लौटे हैं। खबरों के मुताबिक वुस्तानवी के नजदीकी माने जाने वाले बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चे के कुछ नेताओं द्वारा वुस्तानवी को बीजेपी के मंच पर लाने की हर मुमकिन कोशिशें की जा रही हैं। पार्टी गणतंत्र दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों उन्हें सम्मानित करने का मन बना चुकी है।

Thursday, January 13, 2011

गुजरात की सफलता में नैनो का हाथ



गांधी नगर: टाटा समूह के चेयरमैन रतन टाटा का नैनो को बंगाल से उठाकर सानंद में स्थापित करने का फैसला गुजरात राज्य की सफलता में मील का पत्थर साबित हुआ है। रतन टाटा ने 2007 के वाइब्रैंट गुजरात समिट में भाग तो लिया था लेकिन वे उससे खुश नहीं थे। उसके बाद अक्टूबर 2008 में नैनो प्लांट को बंगाल से उठाकर सानंद लाया गया जिसके पीछे कॉरपोरेट लॉबीइस्ट नीरा राडिया का हाथ था।

नैनो का सानंद आना नरेन्द्र मोदी और गुजरात के लिए भी एक लैंडमार्क था। साथ ही रतन टाटा के इस एक निर्णय से मोदी की छवि बदल गई।

बिजनेस एनालिस्ट सुनील पारेख के मुताबिक, सबसे सस्ती कार होने के कारण नैनो को दुनिया भर में पब्लिसिटी मिली और हर किसी ने जानना चाहा कि यह कहां बनती है। तब गुजरात राज्य का नाम सस्ती कारें बनाने वाले डेस्टीनेशन के रुप में उभरा।

हालांकि नैनो की बिक्री बेशक उस रफ्तार से नहीं हो रही है जिससे होनी चाहिये। लेकिन इसने नरेन्द्र मोदी के राजनीतिक कद को काफी बढ़ा दिया है, जिसका फायदा उन्हें अगले चुनाव में भी मिलेगा।

Wednesday, November 3, 2010

ट्यूबलाइटों और बल्बों से बनी ओबामा की प्रतिमा



वडोदरा: गुजरात के एक कलाकार ने ट्यूबलाइट और बल्बों के टुकड़ों का इस्तेमाल करके अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनके परिवार के सदस्यों की मोजेक ग्लास की प्रतिमाएँ बनाई हैं। ओबामा की छह नवंबर से शुरू हो रही भारत यात्रा के दौरान ये प्रतिमाएँ उन्हें भेंट की जाएगी।

महाराज सयाजीराव विश्वविद्यालय में फाइन आर्ट्स के छात्र रहे राजेश बारिया ने बताया कि ओबामा परिवार के सदस्यों की प्रतिमाओं के लिए उन्होंने 80 ट्यूबलाइटों और 150 बल्बों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि देश के एक मशहूर औद्योगिक घराने ने प्रतिमाएं बनाने का जिम्मा सौंपा था ताकि प्रतिमाएँ अमेरिकी राष्ट्रपति को भेंट की जा सकें। उन्होंने कंपनी का नाम बताने से परहेज किया। उनके मुताबिक प्रतिमा बनाने के लिए ओबामा की वेबसाइट से तस्वीरों का चयन किया गया है।

Friday, October 15, 2010

ईवीएम मशीन ने हराया : बाघेला


अहमदाबाद : गुजरात कांग्रेस ने महानगर पालिका [मनपा] चुनाव में करारी हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शकर सिंह वाघेला ने कहा कि मनपा चुनाव में भाजपा की जीत को मीडिया भले ही मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का जादू बता रही है लेकिन यह जीत 'मशीन मैजिक' के कारण हुई है।

उल्लेखनीय है कि पिछले लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद भाजपा समेत कई राजनीतिक दल ईवीएम की आलोचना करते रहते हैं। लेकिन, तब कांग्रेस को ईवीएम में कोई खोट नजर नहीं आया था। प्रदेश कांग्रेस की ओर से गुरुवार को बुलाई गई पत्रकार वार्ता में वाघेला ने कहा कि दुनिया के किसी भी देश में किसी एक दल को 80 फीसदी मत नहीं मिल सकते। उन्होंने इसे 'मशीन मैजिक' करार दिया।

गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धार्थ पटेल ने भी कहा कि राज्य सरकार ने हैदराबाद की कंपनी से विशेष रूप से ये इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन [ईवीएम] तैयार कराई थीं। चुनाव से पहले मुख्यमंत्री कार्यालय के इशारे पर अमेरिका से आए एक तकनीकी विशेषज्ञ ने इनमें से कई ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की, जिसके कारण कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।

Wednesday, October 6, 2010

अब नैनों बिना बुकिंग के उपलब्ध


नई दिल्ली: टाटा की सबसे सस्ती कार नैनों को खरीदने के लिए अब ना ही किसी बुकिंग की ज़रुरत है और आपको इंतजार भी नहीं करना पडेगा। अब आप जब चाहे तब नैनों कार को अपने घर लाकर उसमें घूमने का आनंद उठा सकते हैं। टाटा मोटर्स ने अपनी इस लखटकिया कार की उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र व कर्नाटक में खुली बिक्री शुरू कर दी है। कंपनी ने इस संबंध में मंगलवार को एक बयान जारी कर कहा कि ग्राहक इन राज्यों में कंपनी के शोरूम से नैनो को सीधे खरीद सकते हैं। इस साल जुलाई में कंपनी ने नैनो के दाम 3-4 प्रतिशत बढ़ाने की घोषणा की। दिल्ली के शोरूम में यह बढ़ोत्तरी 3,700 रुपये से 6,894 रुपये के बीच रही। टाटा मोटर्स ने नैनो को आकर्षक ब्याज दरों पर ग्राहकों को उपलब्ध कराने के लिए 25 बैंकों के साथ गठजोड़ भी किया है। कंपनी के गुजरात स्थित साणंद प्लांट में फिलहाल सालाना ढाई लाख नैनो कारों का उत्पादन कर रही है। कंपनी ने दुनिया की इस सबसे सस्ती कार को वर्ष 2009 में पेश किया था।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York