Showing posts with label UP. Show all posts
Showing posts with label UP. Show all posts

Friday, October 8, 2010

अमिताभ 68वें जन्मदिन पर काटेंगे, 68 पाउंड का केक


बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के जन्मदिन पर उनके फ़ैन्स उन्हें 68 पाउंड का केक भेंट करने की तैयारी में हैं। 11 अक्टूबर को बिग बी के जीवन के 68 साल पूरे होंगे और इसी दिन उन्हें ये केक दिया जाएगा।

उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में रहने वाले लोग अमिताभ को ये विशाल केक भेंट करने की तैयारी में जुटे हैं। जब केक इतना विशाल है तो तैयारी भी बड़ी ही होगी। शहर के एक फैन क्लब के सदस्य केक लेकर मुंबई जा रहे हैं और अमिताभ के हाथों केक कटवाने के बाद उन्हें अपने हाथों से ये केक खिलाएंगे। इसके साथ ही अमिताभ को एक बड़ी पेंटिंग भी इस मौके पर भेंट की जाएगी। ये पेंटिंग करीब पांच दशक पुरानी अमिताभ की एक तस्वीर के आधार पर बनी है। जिसमें वो अपनी मां और पिताजी के साथ नजर आ रहे हैं। 1945 में ली गई इस तस्वीर में अमिताभ की उम्र केवल तीन साल थी।

फैन क्लब के निदेशक एम ए जावेद अंसारी के मुताबिक, क्लब के सदस्यों ने अमिताभ से उन्हें 68 पाउंड का केक भेंट करने की इजाजत मांगी थी जिसे उन्होंने मान लिया है और उन्होंने क्लब के सदस्यों को एक पत्र भी लिखा है, जिसमें उन्होंने अपने मां बाप के इस शहर से जुड़ाव का जिक्र किया है। क्लब के सदस्य तो चाहते हैं कि अमिताभ से जुड़ी तस्वीरों पर शहर में एक म्यूजियम भी बनाई जाए।

अमिताभ का जन्मदिन 11 अक्टूबर को है। इसलिये मुंबई पहुंच कर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिये क्लब के पांच सदस्य गुरुवार को बरेली से मुंबई के लिए रवाना हो गये है।


Wednesday, October 6, 2010

अब नैनों बिना बुकिंग के उपलब्ध


नई दिल्ली: टाटा की सबसे सस्ती कार नैनों को खरीदने के लिए अब ना ही किसी बुकिंग की ज़रुरत है और आपको इंतजार भी नहीं करना पडेगा। अब आप जब चाहे तब नैनों कार को अपने घर लाकर उसमें घूमने का आनंद उठा सकते हैं। टाटा मोटर्स ने अपनी इस लखटकिया कार की उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र व कर्नाटक में खुली बिक्री शुरू कर दी है। कंपनी ने इस संबंध में मंगलवार को एक बयान जारी कर कहा कि ग्राहक इन राज्यों में कंपनी के शोरूम से नैनो को सीधे खरीद सकते हैं। इस साल जुलाई में कंपनी ने नैनो के दाम 3-4 प्रतिशत बढ़ाने की घोषणा की। दिल्ली के शोरूम में यह बढ़ोत्तरी 3,700 रुपये से 6,894 रुपये के बीच रही। टाटा मोटर्स ने नैनो को आकर्षक ब्याज दरों पर ग्राहकों को उपलब्ध कराने के लिए 25 बैंकों के साथ गठजोड़ भी किया है। कंपनी के गुजरात स्थित साणंद प्लांट में फिलहाल सालाना ढाई लाख नैनो कारों का उत्पादन कर रही है। कंपनी ने दुनिया की इस सबसे सस्ती कार को वर्ष 2009 में पेश किया था।

Saturday, September 4, 2010

बलात्कार की शिकार किशोरी ने जान दी

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में बलात्कार की शिकार एक 15 वर्षीय दलित किशोरी ने आरोपी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई न होने से क्षुब्ध होकर शुक्रवार को आग लगाकर जान दे दी।
यह घटना जिले के घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के परौती गांव की है, जहां 15 वर्षीय किशोरी ने आज मिट्टी के तेल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। किशोरी के परिजनों का आरोप है कि गांव के युवक प्रदीप सिंह ने गुरूवार को किशोरी को अगवा करके उसके साथ बलात्कार किया। घाटमपुर के कोतवाल कालूराम दिवाकर से शिकायत करने पर उन्होंने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई करने के बजाए केस वापस लेने का दबाव बनाया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके कोई कार्रवाई न होने की वजह से किशोरी आत्महत्या करने पर मजबूर हुई। घाटमपुर के क्षेत्राधिकारी पी.पी.सिंह का कहना है कि पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Thursday, August 26, 2010

यूपी के किसानों का संसद घेराव

नई दिल्ली: कम मुआवजे का विरोध कर रहे यूपी के किसान आज देश की राजधानी दिल्‍ली में जुटे हैं, जिन्हें राजनीतिक नेता अजित सिंह का पूरा समर्थन मिल रहा है। करीब 10 हजार किसान यहां संसद घेरने की तैयारी में हैं। ये किसान दिल्‍ली-आगरा एक्‍सप्रेस वे के लिए उत्‍तर प्रदेश सरकार द्वारा अधिग्रहीत जमीन का कम मुआवजा दिए जाने का विरोध कर रहे है। उनकी मांग भी उतना ही मुआवजा लेने की है, जितना नोएडा के किसानों को दिया गया है। इस मांग को लेकर कई दिनों से आंदोलन कर रहे किसानों ने इससे पहले उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में टप्‍पल को अपने आंदोलन का केंद्र बनाया था। जहां हजारों किसान एकजुट होकर धरने पर बैठे थे और वहां उनके प्रति समर्थन जताने हर पार्टी के नेता पहुंचे थे। इतना ही नहीं किसानों का आंदोलन हिंसक हो गया था, जिसके कारण पुलिस की गोली से चार किसानों की जान चली गयी।
फिलहाल किसानों के मार्च की वजह दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की मुश्किलें बढ़ गयी है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी जबरदस्त भीड़ होगी। इसलिये उन्होंने लोगो से ये अपील की है, कि आज लोग इन भीड़ वाले रास्तों से परहेज करें।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York