Showing posts with label 22-01-2011. Show all posts
Showing posts with label 22-01-2011. Show all posts

Saturday, January 22, 2011

मोदी के मंच से सम्मानित होंगे दारुल उलूम के कुलपति

अगर सब कुछ ठीक ठीक रहा तो गणतंत्र दिवस के मौके पर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी दारुल उलूम देवबंद के मोहतमिम (कुलपति) मौलाना गुलाम मोहम्मद वस्तानवी को सम्मानित करेंगे। मोदी ने यह घोषणा उस वक़्त की है जब दारुल उलूम के कुलपति के पद पर वस्तानवी की नियुक्ति हुए चंद दिन ही हुए हैं। वहीं मौलाना वस्तानवी ने दो दिन पहले ही गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की दिल खोल कर तारीफ़ की थी।

विश्व की नंबर दो इस्लामिक संस्था के नव नियुक्त कुलपति मौलाना गुलाम मोहम्मद वस्तानवी लगातार सुर्खियों में हैं। इन दिनों मुस्लिम जगत मौलाना गुलाम मोहम्मद वस्तानवी को लेकर दो खेमों में बंट गया है। एक उनके समर्थन में है और दूसरा विरोध में। इसी कड़ी में उनकी मुश्किलें अब और बढने वाली हैं। दरअसल गुजरात में मुसलमानों का भरोसा जीतने की कोशिश कर रही मोदी सरकार ने मौलाना वस्तानवी को गणतंत्र दिवस के मौके पर सम्मानित करने का फैसला किया है। बीजेपी के मुस्लिम नेताओं द्वारा वस्तानवी को गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों सम्मानित किए जाने की योजना को अमली जामा पहनाने की कोशिश की जा रही है।

वुस्तानवी, हाल ही में अपने एक बयान के बाद आलोचकों के निशाने पर आ चुके हैं। और कई उलेमा द्वारा मौलाना वुस्तानवी को दारूल उलूम, देवबंद के कुलपति के पद से हटाए जाने की मांग की जा रही है। मौलाना ने अपने बयान में मुस्लिमों में कट्टरपंथी माने जाने वाले नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार की तारीफ़ की थी जो मुस्लिम जगत को बेहद नागवार गुज़री थी।

ग़ौरतलब है कि मौलाना अपने इस बयान के बाद विवादों में घिर गये थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि मोदी के नेतृत्व वाली गुजरात सरकार में राज्य के अल्पसंख्यकों ने भी तरक्की की है और उनके साथ कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है। गुजरात में मुसलमानों की स्थिति पर खास कर गुजरात दंगों के बाद से हमेशा ही नरेंद्र मोदी पर उंगलियां उठती रही हैं, और ये पहला मौक़ा है जब किसी मुस्लिम धर्मगुरु ने मोदी सरकार की तारीफ की। हालांकि, वुस्तानवी के इस बयान की कई मुस्लिम धर्मगुरुओं ने कडी आलोचना भी की थी।

वहीं उलेमा के एक बड़े संगठन ’जमीयत उलेमा-ए-हिंद’ ने चेतावनी दी है कि यदि मौलाना वुस्तानवी को कुलपति के पद से नहीं हटाया
गया तो जमीयत इसके ख़िलाफ़ एक तहरीक़ चलाएगी।


सूरत जिले के मंगरोल तहसील के वुस्तन गांव के रहने वाले वुस्तानवी आज ही देवबंद लौटे हैं। खबरों के मुताबिक वुस्तानवी के नजदीकी माने जाने वाले बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चे के कुछ नेताओं द्वारा वुस्तानवी को बीजेपी के मंच पर लाने की हर मुमकिन कोशिशें की जा रही हैं। पार्टी गणतंत्र दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों उन्हें सम्मानित करने का मन बना चुकी है।

प्रधानमंत्री ने किया "बहादुर" बच्चों को सम्मानित




नई दिल्ली: 23 बच्चों को बहादुरी सम्मान से सम्मानित करते हुए प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने कहा है कि हिम्मत की यह मिसाल सभी लिए प्रेरणा का स्रोत है। इनमें से दो बच्चों को मरणोपरांत सम्मानित किया गया।

उन्होंने बच्चों को यह बहादुरी पुरस्कार देते हुए कहा कि देशवासियों को आप पर गर्व है और बहुत सी उम्मीदें भी। मुझे इस बात को कहने में कोई संकोच नहीं है कि ऐसे बहादुर बच्चों के साथ इस देश का भविष्य सुरक्षित है। दो बच्चों को मरणोपरांत सम्मान देते हुए उन्होंने इन बच्चों के परिजनों से कहा कि उनका योगदान व्यर्थ नहीं जाएगा।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी, महिला और बाल कल्याण मंत्री कृष्णा तीरथ की मौजूदगी में बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इनका बलिदान और इनकी बहादुरी देश के लिए मिसाल बनेगी और दूसरों को ऐसा करने की शक्ति प्रदान करेगी। मनमोहन ने प्रतिष्ठित गीता चोपड़ा पुरस्कार केरल की 14 वर्षीय कुमारी जिस्मी को प्रदान किया। कुमारी जिस्मी ने दो बच्चों को डूबने से बचाने के दौरान अदभुत साहस का परिचय दिया था। जबकि उतराखंड के 11 वर्षीय प्रियांशु जोशी को अपनी बहन को तेंदुए से बचाने के लिए संजय चोपड़ा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इतना ही नहीं ये सभी बच्चे गणतंत्र दिवस परेड का भी हिस्सा बनेंगे।

'ओबामा' का मुखौटा पहनकर बैंक लूटा


अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का मुखौटा पहनकर लूटपाट करने वाले एक व्यक्ति ने एक ऑस्ट्रियाई बैंक पर हाथ साफ कर डाला। पुलिस ने एक बयान में कहा कि इस लुटेरे ने हैंडनबर्ग स्थित एक बैंक को इसके बंद होने से ठीक पहले लूट लिया। यह लूट स्थानीय समयानुसार शाम छह बजे हुई ।

पुलिस द्वारा ये क़यास लगाये जा रहे हैं कि इस घटना को उसी व्यक्ति ने अंजाम दिया होगा जो पिछले दो साल से ओबामा का मुखौटा पहनकर बैंकों में लूटपाट की इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। इस व्यक्ति ने बंदूक के बल पर बैंक कर्मचारियों को धमकाया और कर्मचारियों से धन निकलवाकर बैंक लूटकर फ़रार हो गया।

पुलिस द्वारा इस बात की पुष्टि नहीं की गई कि बैंक से कितना धन लूटा गया है लेकिन दैनिक ‘क्रोनेन्जीटुंग’ ने अपने ऑनलाइन संस्करण में बताया कि लुटेरा करीब 10 हजार यूरो लूट ले गया।

जेंट्स पार्लर में चल रहे सेक्स रैकेट का भंड़ाफोड़


धनबाद: पुलिस ने बैंक मोड़ थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित हाल्यिवुद जेंट्स पार्लर में छापा मार एक सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके पर एक युवती के साथ दो युवकों को आपत्तिजनक हालत पाया। गुप्त सूचना के आधार पर किये गये इस छापे में पुलिस ने इन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। ये लोग अश्लीलता की हद पार कर चुके थे।

कोलकाता की रहने वाली युवती का नाम मुस्कान बताया गया है। साथ ही पुलिस ने बिहार के गया जिले के रहने वाले मेराज आलम और वीरेंद्र ठाकुर को भी पार्लर से गिरफ्तार किया है और इनसे पूछताछ की जा रही है। इस छापेमारी में डीएसपी संजय रंजन, बैंक मोड़ थाना प्रभारी शांता प्रसाद और महिला थाना प्रभारी कांता कुमारी शामिल थीं।

धनबाद में इससे पहले भी कई बार शहर के बीचोंबीच पुलिस ने छापा मार कर सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने पिछले साल 20 अप्रैल को भी ज्ञान मुखर्जी रोड स्थित न्यू लुक पार्लर, बैंक मोड़ में सिटी राईड स्थित सिटी पार्लर समेत कई जगहों पर छापेमारी करके 19 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

लॉकर से फिर 4 लाख और डेढ़ किलो सोना




भोपाल: पीडब्ल्यूडी के निलंबित एक्जीक्यूटिव इंजीनियर अशोक जैन के भोपाल स्थित लॉकर में भी डेढ़ किलो सोना और 4 लाख रुपए नकद बरामद हुए हैं। इस तरह जैन के लॉकरों से अब तक 11 किलो सोना और 1 करोड़ 70 लाख रुपए नकद जब्त किए जा चुके हैं।

लोकायुक्त संगठन की विशेष पुलिस ने जैन के खिलाफ पिछले शनिवार को आय से ज्यादा संपत्ति का मामला दर्ज किया था। रविवार को नरसिंहपुर और सागर में एक साथ छापे की कार्रवाई शुरू हुई थी। छापे में जब्त दस्तावेजों से एक करोड़ की बेनामी संपत्ति का अनुमान लगाया गया था। इसके बाद खुले लॉकरों ने जब सोना और नकदी उगलना शुरू किया तो सबके होश उड़ गये।

पिछ्ले सोमवार सागर में जैन के दो लॉकर खोलने पर डेढ़ करोड़ से अधिक नकद और आठ किलो सोना बरामद हुआ था। उसके बाद अगले दिन नरसिंहपुर में खोले गए लॉकर में डेढ़ किलो सोना और 16 लाख रुपए नकद मिले थे। इस छापे के बाद राज्य शासन ने गुरुवार को नरसिंहपुर में पदस्थ इस इंजीनियर को निलंबित कर दिया था।

इसके बाद लोकायुक्त जबलपुर की टीम यूनियन बैंक की हमीदिया रोड स्थित शाखा में इस लॉकर को खोलने के लिए भोपाल आई और शुक्रवार सुबह टीम ने बैंक पहुंचकर जैन के लॉकर को ऑपरेट किया। अब तक तीन लॉकरों से कुल मिलाकर 11 किलो सोना और 1 करोड़ 70 लाख रुपए बरामद हो चुके हैं।


समलैंगिकता शरीयत व मानवता के खिलाफ:अहमदीनेजाद


ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने समलैंगिकता को मानवता के विरुद्ध करार देते हुए कहा कि हमारा देश, मनुष्य को अप्राकृतिक कामुकता के दलदल में फँसने से बचाना चाहता है। उनहोंने कहा कि मनुष्य को प्रक्रति के नियम के ख़िलाफ़ चलने का कोई अधिकार नहीं है।

उन्होंने इस बात से भी आगाह किया कि ईरान में ’समलैंगिकता’ शरीयत कानून के तहत दंडनीय अपराध है जिसमें मृत्युदंड का भी प्रावधान हैं। ईरान में सफल परिवार नियोजन की नीति को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि ईरानी इस्लामी विकास मॉडल के बल पर दुनिया को जीता जा सकता है। उनका मानना है कि अगर हम दो बच्चों की नीति पर चलेंगे तो ईरान का भी वही हाल होगा जो आज पश्चिमी देशों का हो रहा है।

अहमदीनेजाद ने पश्चिमी देशों पर निशाना साधते हुए कहा कि वहाँ के लोग कामुकता में अंधे हो चुके हैं लेकिन हम नहीं चाहते कि हमारे देश के लोग कामुकता के चक्कर में इतने अंधे हो जाएं कि शरीयत को और मानवता को ही भूल जाएं और प्रक्रति के ख़िलाफ़ ही चल पडें। हमारी सरकार, मुल्क़ में समलैंगिकता नाम के ’वायरस’ को पनपने नहीं देगी और हम अपने मुल्क़ के लोगों को ’नरक’ में नहीं ’स्वर्ग’ में देखना चाहते हैं।

कर्नाटक: बीजेपी समर्थकों ने मचाया कोहराम


कर्नाटक में विपक्षी पार्टियों द्वारा ’भ्रष्ट’ क़रार दिये गये ’मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा’ के खिलाफ राज्यपाल एचआर भारद्वाज द्वारा कथित भूमि घोटाले में मुकदमा चलाने की मंजूरी दिए जाने के बाद, मुख्यमंत्री के समर्थकों ने राज्‍य में हिंसक प्रदर्शन शुरू कर दिये। सुरक्षा के मद्देनज़र, राजधानी बेंगलुरु में रविवार तक के लिए धारा 144 लगा दी गई है।

राज्यपाल के इस फैसले से भड़के भाजपा समर्थकों ने शनिवार को राज्य बंद का आह्वान किया। बंद समर्थक, सुबह से ही रोड पर आ गए और दुकाने बंद करवाना शुरू कर दिया। जिनमें से कुछ कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन करना शुरू कर दिया और इस दौरान कर्नाटक में 31 बसों को आग लगा दी गई। राज्य में स्कूल-कॉलेजों की छुट्टी कर दी गई है। सरकार ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए सुरक्षाबलों की 30 कंपनियाँ तैनात कर दी है।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश में स्थापित वकीलों के एक मंच ने राज्यपाल को एक आवेदन देकर मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी देने का आग्रह किया था। राज्यपाल ने वकीलों के आवेदन पर ग़ौर करने के बाद अपना फ़ैसला सुनाया जिसमें उनहोंने मुख्यमंत्री ’येदियुरप्पा’ और गृहमंत्री ’आर अशोक’ के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है।

हालांकि, राज्य कैबिनेट ने एक प्रस्ताव पारित कर राज्यपाल से वकीलों के इस आवेदन पर विचार नहीं करने की अपील की थी। लेकिन भारद्वाज ने शुक्रवार को कैबिनेट के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया।

इधर, नई दिल्ली में भाजपा नेता एम वेंकैया नायडू ने राज्यपाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि कर्नाटक के राज्यपाल ‘कांग्रेस एजेंट’ के रूप में काम कर रहे हैं और वेंकैया ने राज्यपाल को हटाने की माँग की। उधर पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने राज्यपाल का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें कर्नाटक सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York