Showing posts with label Ricky Ponting. Show all posts
Showing posts with label Ricky Ponting. Show all posts

Wednesday, March 23, 2011

अभी क्रिकेट छोड़ने का कोई इरादा नहीं : पोंटिंग


अहमदाबाद : ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने विश्वकप के बाद संन्यास लेने की खबरों को सिरे से नकारते हुए कहा है कि अभी उनका क्रिकेट को अलविदा कहने या कप्तानी छोड़ने का कोई इरादा नहीं है। इससे पहले एक समाचार पत्र ने कहा था कि पोंटिंग इस वर्ष क्रिकेट को अलविदा कहने की बात सोच रहे हैं। लेकिन पोंटिंग ने इस रिपोर्ट को सरासर गलत करार देते हुए कहा, मैंने कभी संन्यास के बारे में नहीं सोचा।

पोंटिंग ने कहा कि मैं एक क्रिकेटर और कप्तान के तौर पर अपने प्रदर्शन में सुधार लाने की हर संभव कोशिश में लगा हुआ हूं। मैं अपने खेल का आनंद ले रहा हूं। अभी हमें भारत के खिलाफ एक बड़ा मैच खेलना है जिसे लेकर मैं काफी उत्साहित हूं। मैं इस मैच में अच्छा प्रदर्शन करने की पूरी कोशिश करूंगा।

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के समाचार पत्र सिडनी 'मोर्निंग हेराल्ड' ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के एक अधिकारी के हवाले से कहा था कि बोर्ड विश्वकप के बाद पोंटिंग को कप्तान के पद से हटाने की बात कर रहा है। इसके बाद पोंटिंग ने कहा था वह देश के लिए अभी और क्रिकेट खेलना चाहते हैं और यदि उन्हें कप्तानी छोड़ने को कहा जाता है तो उन्हें ऐसा करने में कोई परेशानी नहीं होगी।

उन्होंने कहा, यदि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और चयनकर्ताओं को लगता है कि मेरी जगह कोई और कप्तान की जिम्मेदारी बेहतर ढंग से निभा सकता है तो मैं कप्तानी छोड़ने को तैयार हूं। लेकिन इसके बाद भी मैं टीम के लिए खेलना जारी रखूंगा। मैं जानता हूं कि मुझे कब क्रिकेट से संन्यास लेना है। मुझे नहीं लगता कि अभी मेरे संन्यास लेने का सही समय है।

Friday, February 25, 2011

आस्ट्रेलिया ने न्यूज़ीलैंड को दी 7 विकेटों से मात



न्यूज़ीलैंड द्वारा दिये गये 207 रनों के आसान से लक्ष्य को आस्ट्रेलियाई टीम ने 3 विकेट खोकर केवल 34 ओवरों में हासिल कर लिया। सलामी बल्लेबाज़ों से मिली ठोस और तेज़ शुरूआत ने आस्ट्रेलिया के लिये जीत को और आसान बना दिया। शेन वाटसन और हैडिन ने आक्रामक खेल दिखाते हुए, पहले विकेट के लिये केवल 18.1 ओवरों में 133 रन जोड डाले। हैडिन को 55 के निजी स्कोर पर हेमिश बेनेट ने फ़्रैंक्लिन के हाथों कैच आउट कराकर आस्ट्रेलिया को पहले झटका दिया। हैडिन ने अपनी पारी में 8 चौके लगाए। फिर उसी ओवर में बेनेट ने वाटसन को 62 के निजी स्कोर पर बोल्ड मार दिया। वाटसन ने 8 चौके और 1 छक्का लगाया।

फिर कप्तान पान्टिंग ने माइकल क्लार्क के साथ स्कोर बढ़ाना शुरू किया और न्यूज़ीलैंड को कोई करिशमा नहीं करने दिया। लेकिन आस्ट्रेलियाई कप्तान ज़्यादा देर नहीं टिक सके और उन्हें 12 रन के स्कोर पर साउथी की गेंद पर बी मैक्कुलम ने स्टंप आउट कर दिया। फिर बल्लेबाज़ी करने आए व्हाइट ने क्लार्क के साथ चौथे विकेट के लिये नाबाद 40 रन जोडकर टीम को जीत दिला दी।

इससे पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी न्यूज़ीलैंड की शुरूआत बेहद ख़राब रही थी। कीवियों ने अपनी पहली विकेट 20 और दूसरी विकेट 40 रनों पर खो दी थी। न्यूज़ीलैंड का मध्यक्रम तो बुरी तरह फ़्लाप साबित हुआ। न्यूज़ीलैंड ने अपनी 3 विकेट महज़ 7 रनों के भीतर खो दी थी। मगर फिर नाथन मैक्कुलम और डेनियल विटोरी की साहस भरी पारियों की बदौलत न्यूज़ीलैंड की टीम एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाई थी। नाथन मैक्कुलम ने 52 और विटोरी ने 44 रन बनाए। न्यूज़ीलैंड के बल्लेबाज़ों को ढेर करने में मिचेल जानसन और टैट ने ने अहम किरदार अदा किया। जानसन ने 4 जबकि टैट ने 3 खिलाडियों को आउट किया। इनकी गेंदबाज़ी के आगे कीवी बल्लेबाज़ एकदम विवश साबित हुए।

आस्ट्रेलिया ने 3 विकेट खोकर ये लक्ष्य हासिल कर लिया। न्यूज़ीलैंड की ओर से हेमिश बेनेट ने 2 विकेट लिये, लेकिन ये काफ़ी महंगे भी साबित हुए। बेनेट ने अपने 7 ओवरों में 9 की औसत से 63 रन दिये। जबकि साउथी ने 1 विकेट लिया

Tuesday, February 22, 2011

आउट होने से गुस्साए पोटिंग ने टीवी सेट पर गुस्सा उतारा


अहमदाबाद : आस्ट्रेलिया और ज़िम्बाबवे के बीच खेले गये वर्ल्ड कप मैच के दौरान आस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने एक अजीब घटना को अंजाम दिया। मैच के दौरान माईकल क्लार्क के साथ सिंगल रन लेने की कोशिश में 28 रन पर रन आउट हुए ऑस्ट्रेलिया के कप्तान रिकी पोंटिंग ने ऑस्ट्रेलियन ड्रेसिंग रूम में रखे टीवी पर अपना गुस्सा उतारा।

जब रन आउट होने के बाद पोंटिंग गुस्से में पैवेलियन की ओर जा रहे थे तो उनके गुस्से को देख ड्रेसिंग रूम में बैठे दूसरे खिलाड़ी भी रूम छोड़ कर बाहर आ गए थे। सूत्रों के मुताबिक़, रूम में पहुंचने के बाद पोंटिंग ने वहां रखा गया टीवी सेट तोड़ दिया। पोंटिंग ने बैटिंग ग्लॉब्स और पैड भी फेंक मारे।

वर्ल्‍ड कप के दौरान पोंटिंग पहले भी खेल विरोधी भावना का प्रदर्शन कर चुके हैं। पहले वार्मअप मैच में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग की श्रीसंथ के साथ कहासुनी हो गई थी। इसके कुछ दिन बाद उन्‍होंने श्रीसंथ पर आरोप लगाया था कि भारत के तेज गेंदबाज श्रीसंथ की आदत है कि वे विपक्षी खिलाड़ियों को भड़काते रहते हैं।

यूं तो आस्ट्रेलिया की टीम लगातार तीन बार विश्व चैंपियन बन चुकी है, लेकिन इस वर्ल्ड कप की आस्ट्रेलियाई टीम में वो दमख़म नज़र नहीं आता। ऐसे में पोंटिंग की ये हरक़तें उनकी टीम को कोई राहत नहीं देने वाली।

Monday, February 21, 2011

ज़िम्बाब्वे की सधी हुई गेंदबाज़ी, ऑस्ट्रेलिया - 263/5


अहमदाबाद : वर्ल्डकप के ग्रुप ए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट गंवाकर 262 रनों का स्कोर खडा किया। ज़िम्बाबवे ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों को बांधे रखा और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों को बडा स्कोर नहीं खडा करने दिया। टीम में अनुभवी खिलाडी ना होने के बावजूद ज़िम्बाबवे ने विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज़ों को रन जुटाने के लिये कडे प्रयास कराए जिसके लिये उनकी जितनी तारीफ़ की जाए उतनी कम है।

यूं तो आस्ट्रेलिया ने ठोस शुरूआत की लेकिन रन गति बेहद धीमी रही। आस्ट्रेलिया का पहला विकेट विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हैडिन के रूप में गिरा जो पी उत्सेया का शिकार बने।

ज़िम्बाबवे की किफ़ायती गेंदबाज़ी का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि ब्रैड हैडिन ने 66 गेंदों पर 29 रन बनाए। आस्ट्रेलिया की ओर से सलामी बल्लेबाज़ शेन वाटसन ने 92 गेंदों पर 79 रन बनाए। इनके अलावा माइकल क्लार्क ने तेज़ी से खेलते हुए 4 चौकों की मदद से 55 गेंदों पर नाबाद 58 रन बनाए। जिसकी वजह से आस्ट्रेलिया टीम एक सम्मानजनक स्कोर बनाने में क़ामयाब हो सकी। कप्तान पोंटिंग केवल 28 रन बना सके और रन आउट हो गये।

ज़िम्बाबवे की ओर से सी मपोफ़ु ने 58 रन देकर 2 बल्लेबाज़ों को आउट किया। जबकि प्राइस, उत्सेया और क्रीमर ने बहुत किफ़ायती गेंदबाज़ी की और तीनों गेंदबाज़ों ने 1-1 विकेट भी लिया। ऐसी उम्मीद की जा रही थी कि कम अनुभवी ज़िम्बाबवे के सामने आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ पहाड जैसा स्कोर खडा कर देंगे। लेकिन कम अनुभव होने के बावजूद ज़िम्बाबवे के गेंदबाज़ों ने बेहद उम्दा प्रदर्शन किया। अब देखना ये है कि ज़िम्बाबवे की टीम बल्लेबाज़ी में भी कोई कमाल कर पाती है या नहीं ?

Thursday, February 17, 2011

रंगारंग कार्यक्रमों के साथ क्रिकेट महाकुंभ का उद्घाटन


ढाका: बांगलादेश की राजधानी ढाका में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ क्रिकेट के सबसे बड़े महाकुंभ का उद्घाटन हो गया। भारत, श्रीलंका और बांगलादेश की संयुक्त मेजबानी में होने वाली विश्व कप क्रिकेट प्रतियोगिता अगले 45 दिनों तक चलेगी। इस बार विश्व कप में 14 देशों की टीमे हिस्सा ले रही है।

बांगला देश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने औपचारिक रूप से विश्व कप शुरू होने की घोषणा की और अपने सम्बोधन में तीनों देशों के आयोजकों को धन्यवाद दिया। साथ ही आईसीसी प्रमुख शरद पवार ने भी अपने सम्बोधन में विश्व कप से जु़डे सभी लोगों का धन्यवाद दिया। बांगला देश क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख, खेल मंत्री और वित्त मंत्री ने वहां मौजूद लोगों का स्वागत किया।

कार्यक्रम की शुरूआत में बांगला देश के गायकों ने अपनी गायिका से समां बांध दिया। उसके बाद सभी 14 टीमों के कप्तान रिक्शा से मैदान में पहुंचे। पिछली तीन बार से वर्ल्ड चैंपियन रहे ऑस्ट्रेलिया के कप्तान रिकी पोंटिंग सबसे पहले रिक्शे में बैठकर स्टेडियम पहुंचे और सबसे आखिर में बारी आई मेजबान देशों भारत, श्रीलंका और बांगलादेश के कप्तानों की। भारत के चर्चित गायक सोनू निगम ने अपनी बेहतरीन गायिका से खूब वाहवाही लूटी।

भारत उपमहाद्वीप में हो रहे इस विश्व कप को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। गौरतलब है कि विश्व कप प्रतिस्पर्धा 19 फरवरी को शुरु होगी, जिसमें भारत बांगला देश के बीच विश्व कप का पहला मैच खेला जाएगा।

Monday, December 27, 2010

पोंटिंग ने की अंपायर से बहस, लगा जुर्माना

मेलबोर्न : ऑस्‍ट्रेलियाई कप्‍तान रिकी पोंटिंग की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। एशेज के इतिहास में पहली बार 98 रन पर ढेर होने वाली कंगारू टीम के कप्तान पर मैच फीस का 40 फीसदी जुर्माना भी लगाया गया है। उन पर ये जुर्माना पाकिस्तान के अंपायर अलीम डार से बहसबाजी के चलते लगाया गया है। ।
दरअसल, मेलबोर्न क्रिकेट ग्राउंड पर चल रहे एशेज श्रृंखला के चौथे टेस्ट मैच की पहली पारी में ऑस्‍ट्रेलियाई टीम सस्‍ते में निपट गई। सोमवार को दूसरे दिन का खेल जारी था कि मैच के 84वें ओवर में रेयान हैरिस की एक गेंद केविन पीटरसन के बल्ले से किनारे से होती हुई विकेटकीपर के हाथों में गई।। पीटरसन ने रियान हैरिस की गेंद पर एक 'लूज डिफेंसिव शॉट' खेला। पहले स्लिप पर खड़े हैरिस और शेन वॉटसन ने शुरू में अपील नहीं की लेकिन विकेट कीपर ब्रैड हैडिन ने कहा कि उन्‍हें गेंद के बल्‍ले के किनारे से टकराने की आवाज सुनाई दी है। डार ने पीटरसन को आउट नहीं दिया लेकिन हैडिन ने पोंटिंग को इस फैसले पर गौर करने को कहा जो मिड ऑफ पर फिल्डिंग कर रहे थे।
पोंटिंग ने रेफरल प्रणाली का इस्‍तेमाल करते हुए इस फैसले को टीवी अंपायर के हाथ में सौंप दिया। लेकिन थर्ड अंपायर मरैस एरस्‍मस का फैसला कंगारुओं के खिलाफ ही गया। इस बात का कप्तान पोंटिंग और गेंदबाज पीटर सिडल ने जमकर विरोध किया और डार से उलझ गए। इस मामले पर डार से लंबी बहस करने के बाद पोटिंग फील्‍ड पर मौजूद अन्‍य अंपायर टोनी हिल से भी उलझ पड़े।
आईसीसी की आचार संहिता के मुताबिक ऐसे आचरण के लिए पोंटिंग को लेवल 1 के तहत दोषी पाया गया है जिसके तहत उन्‍हें 5400 ऑस्‍ट्रेलियाई डॉलर की राशि बतौर जुर्माना जमा करना है।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York