Showing posts with label 17-02-2011. Show all posts
Showing posts with label 17-02-2011. Show all posts

Thursday, February 17, 2011

रंगारंग कार्यक्रमों के साथ क्रिकेट महाकुंभ का उद्घाटन


ढाका: बांगलादेश की राजधानी ढाका में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ क्रिकेट के सबसे बड़े महाकुंभ का उद्घाटन हो गया। भारत, श्रीलंका और बांगलादेश की संयुक्त मेजबानी में होने वाली विश्व कप क्रिकेट प्रतियोगिता अगले 45 दिनों तक चलेगी। इस बार विश्व कप में 14 देशों की टीमे हिस्सा ले रही है।

बांगला देश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने औपचारिक रूप से विश्व कप शुरू होने की घोषणा की और अपने सम्बोधन में तीनों देशों के आयोजकों को धन्यवाद दिया। साथ ही आईसीसी प्रमुख शरद पवार ने भी अपने सम्बोधन में विश्व कप से जु़डे सभी लोगों का धन्यवाद दिया। बांगला देश क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख, खेल मंत्री और वित्त मंत्री ने वहां मौजूद लोगों का स्वागत किया।

कार्यक्रम की शुरूआत में बांगला देश के गायकों ने अपनी गायिका से समां बांध दिया। उसके बाद सभी 14 टीमों के कप्तान रिक्शा से मैदान में पहुंचे। पिछली तीन बार से वर्ल्ड चैंपियन रहे ऑस्ट्रेलिया के कप्तान रिकी पोंटिंग सबसे पहले रिक्शे में बैठकर स्टेडियम पहुंचे और सबसे आखिर में बारी आई मेजबान देशों भारत, श्रीलंका और बांगलादेश के कप्तानों की। भारत के चर्चित गायक सोनू निगम ने अपनी बेहतरीन गायिका से खूब वाहवाही लूटी।

भारत उपमहाद्वीप में हो रहे इस विश्व कप को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। गौरतलब है कि विश्व कप प्रतिस्पर्धा 19 फरवरी को शुरु होगी, जिसमें भारत बांगला देश के बीच विश्व कप का पहला मैच खेला जाएगा।

क्या शिवसेना करेगी वर्ल्ड कप फ़ाइनल का फ़ैसला ?


मुंबई : पाकिस्तान के ख़िलाफ़ हमेशा से ज्वलनशील रहने वाली शिवसेना न अब धमकी देकर एक नई समस्या से रूबरू होने की चेतावनी दे डाली है। आज, बांग्‍लादेश में क्रिकेट के 10वें महाकुम्भ का रंगारंग आगाज होने जा रहा है और 19 फरवरी को भारत-बांग्‍लादेश मैच के साथ ही कप के लिए जंग शुरू हो जाएगी। फिर 2 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्‍टेडियम में कप के लिए फाइनल मुकाबला खेला जाना है। लेकिन शिवसेना ने इस पर अपनी एक शर्त रखते हुए परोक्ष धमकी दे दी है।

अगर पाकिस्तान इस फ़ाइनल मुक़ाबले में पहुंच जाता है तो शिवसेना इसका कडा विरोध करेगी और शायद इस मुक़ाबले को मुंबई में ना होने देने के लिये पूरी कोशिश करेगी। आज, पार्टी के नेता और पूर्व लोकसभा अध्‍यक्ष मनोहर जोशी ने कहा कि अगर पाकिस्‍तान फाइनल में पहुंचा तो मुंबई में मैच होने दिया जाएगा या नहीं, इसका फैसला शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ही करेंगे।

शिव सेना हमेशा ही पाकिस्तानी क्रिकेट टीम का विरोध करती रही है। शिव सेना का मानना है कि पाकिस्तान भारत में आतंकवाद को बढ़ावा देता है और इन परिस्थितियों में उसके साथ कोई संबंध नहीं रखने चाहिए।

ग़ौरतलब है कि अभी हाल ही में पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान शाहिद आफरीदी ने एक बयान में कहा था कि विश्व कप के फाइनल में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत सबसे आदर्श स्थिति होगी और इससे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा।

भारत और पाकिस्तान की टीमें अलग-अलग ग्रुप में हैं। टूर्नामेंट में कुल 14 टीम हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का फाइनल 2 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा। 1991 में शिव सेना ने भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच के पहले पिच खोद दिया था।

अगर पाकिस्तान विश्व कप के फ़ाइनल मुक़ाबले में पहुंच जाता है और शिवसेना अपने इस मंसूबे में क़ामयाब हो जाती है तो आतंकवाद के कारण मचे इस बवाल में बेशक़ क्रिकेट की हार होगी।

बगावत:मिस्र के बाद बहरीन, यमन, लीबिया में लोग सड़कों पर


मिस्र में हुस्नी मुबारक सरकार के पतन के बाद अरब देशों में मानो बदलाव की बयार बहने लगी है। अब एक साथ तीन देशों में लोग सरकार बदलने के लिये सड़कों पर उतर आये हैं। बहरीन, यमन और लीबिया में लोगों ने सरकार विरोधी आंदोलन तेज़ कर दिया है। प्रदर्शन के दौरान कईं लोगों के मारे जाने की ख़बर है।

गुरुवार को बहरीन की राजधानी मनामा के पर्ल चौक पर पुलिस ने सुबह तीन बजे प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस और रबड़ की गोलियां चलाईं जिससे चार लोगों के मारे जाने की सूचना है और 95 लोग घायल भी हुए हैं। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक पुलिस ने बिना चेतावनी भीड़ पर गोलियां चलाईं जिससे भगदड़ मच गई। बहरीन में सरकार विरोधी प्रदर्शनों में अब तक कुल छह लोग मारे गए हैं। झड़पों के बाद पूरे शहर में पुलिस को तैनात कर दिया गया है।

लीबिया में भी विरोध प्रदर्शनों पर रोक लगाने के लिए पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें हुईँ जिसमें चार लोग मारे गए। देश में इंटरनेट पर पाबंदी का विरोध कर रहे लोगों ने आक्रोश दिवस का एलान किया है। लंदन से चलाई जा रही एक वेबसाइट के मुताबिक लीबिया के नेता मुआम्मर गद्दाफी के शासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर सुरक्षा बलों ने गोलियां चलाईं।

हिंसा में कम से कम चार लोग मारे गए हैं और कई लोग घायल हैं। मानवाधिकार संगठन ह्यूमन राइट्स सॉलिडैरिटी के मुताबिक प्रदर्शनों में 13 लोग मारे गए हैं. यूरोपीय संघ और अमेरिका ने लीबिया के अधिकारियों से हिंसा से बचने की अपील की है और अभिव्यक्ति की संवतंत्रता की मांग की है।

उधर एक और अरब देश यमन में भी पिछले सात दिन से विरोध प्रदर्शन चरम पर हैं। बुधवार को पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठियां बरसाईं। प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति अली अब्दुल्लाह सालेह के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं जो तीस साल से भी ज्यादा समय से सत्ता में बने हुए हैं.

हालांकि विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिका के करीबी दोस्त सालेह को पद से हटाना आसान नहीं होगा। लेकिन मिस्र में हुए बदलाव के बाद यहां पर भी बदलाव की बात को नकारा नहीं जा सकता है।

न्यूज़लाईन नेटवर्क ब्यूरो

अब रितिक बनेंगे डांस रियलिटी शो के जज


पिछले काफ़ी समय से बॉलीवुड के कई सितारों का रूख़ टीवी की ओर बढ़ता ही जा रहा है। जिनमें से कई सितारों ने टीवी दुनिया में भी क़ामयाब होकर ख़ूब वाहवाही लूटी है। अब, बॉलीवुड मे धमाकेदार शुरूआत करने वाले रितिक रोशन ने अपनी पिछली कई फ़िल्मों की असफ़लता से हताश होकर अब टीवी की राह पकड ली है। अब लगभग हर फिल्मी कलाकार टीवी पर दिखायी दे रहा है, वो भी किसी रियलिटी शो में होस्ट बनकर या किसी रियलिटी शो में जज बन कर।

अमिताभ बच्चन, सलमान खान, शाहरूख खान, अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन, माधुरी दीक्षित, शिल्पा शेट्टी, प्रियंका चोपड़ा, प्रीति जिंटा, उर्मिला, मल्लिका शेरावत ने टीवी में कई तरह की भामिकाएं निभाईं हैं। अब इन कलाकारों के साथ रितिक रोशन का नाम भी जुड गया है।

फ़िलहाल, रितिक की मार्केट इन दिनों थोड़ी अच्छी नहीं चल रही है। पिछले साल प्रदर्शित हुई उनकी दोनों फिल्में काइट्स और गुंजारिश बुरी तरह से फ्लाप हो गई जिसके चलते रितिक इन दिनों बेहद निराश चल रहे हैं।

अब शायद इसी निराशा को दूर करने के लिए रितिक ऱोशन एक डांस रियलिटी शो में जज की भूमिका अदा करेगे। हालाकि इस शो में उनके साथ कोरियोग्राफर फराह खान और वैभवी मर्चेन्ट भी होंगी। गौरतलब है कि रितिक एक बहुत अच्छे डांसर है, उनकी डांसिंग स्टाइल पर अच्छे-अच्छे लोग फिदा है। शायद इसी के माध्यम से उनकी गिरती हुई लोकप्रयिता में इज़ाफ़ा हो सके।

नक्सलियों का आतंक, ज़िलाधिकारी को किया अगवा


इन दिनों, भारत के कई प्रदेशों में नक्सलवाद घोर चिंता का विषय बनता जा रहा है। हमारे देश की अन्द्रूनी समस्याओं में नक्सलवाद एक अहम मुद्दा बनता जा रहा है। ताज़ा घटना में नक्सलियों ने उड़ीसा के एक प्रशासनिक अधिकारी को अग़वा कर सरकार को खुली चुनौती दे डाली है। उड़ीसा का मल्कानगिरी जिला माओवाद से प्रभावित है। माओवादियों ने इस ज़िले के कलक्टर का अपहरण कर लिया है। ये नक्सली केंद्रीय बलों को हटाए जाने और जेल में बंद अपने साथियों की रिहाई की मांग कर रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक अनिरूद्ध सिंह के मुताबिक़ मल्कानागिरी के कलेक्टर आरवी कृष्ण बुधवार शाम दूरदराज के चित्रकोंडा क्षेत्र के दौरे पर गए थे। उसी समय वो लापता हो गए, उनके साथ गया एक जूनियर इंजीनियर भी लापता हैं।

यह इलाका मल्कानागिरी से लगभग 85 किलोमीटर दूर है और इसे माओवादियों का गढ़ माना जाता है। चित्रकोंडा के तहसीलदार डी गोपाल कृष्ण ने बताया कि आंध्र प्रदेश की सीमा से लगते बड़ापाड़ा में आयोजित शिविर से लापता होने के बाद 30 वर्षीय आईएएस अधिकारी के बारे में अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। वह मोटरसाइकिल से दो जूनियर इंजीनियरों और एक अन्य व्यक्ति के साथ एक पुल के निरीक्षण के लिये गए थे।

उन्होंने कहा कि कलेक्टर और एक जूनियर इंजीनियर का कुछ पता नहीं चला है, जबकि दो अन्य व्यक्ति संदिग्ध नक्सलियों द्वारा लिखे गए एक पत्र के साथ बुधवार देर रात बडापाडा पहुंच गए। उन्होंने यह पत्र वरिष्ठ अधिकारियों को सौंप दिया।

दूसरी ओर दिल्ली में गृह सचिव जीके पिल्लै ने कहा कि उनका माओवादियों ने अपहरण कर लिया और इंजीनियर को अपनी मांगों वाली एक चिट के साथ वापस भेज दिया। राज्य सरकार और अन्य अधिकारी इस पर काम कर रहे हैं।

अपहरण की कड़ी निन्दा करते हुए पिल्लै ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि उन्हें रिहा कराने के लिए कोई अभियान चलाए जाने की जरूरत है। मुझे भरोसा है कि उन्हें प्राप्त स्थानीय समर्थन और राज्य सरकार बातचीत करके उनको रिहा करा लेगी। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि इसमें कुछ समय लगेगा क्योंकि क्षेत्र पूरी तरह कटा हुआ है लेकिन प्रयास जारी है। मुझे लगता है कि इसमें कुछ दिन लगेंगे, लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि कलक्टर वापस आएंगे।

सिंह ने कहा कि कलक्टर को संदिग्ध नक्सलियों द्वारा बंधक बनाकर रखे जाने का संदेह है, लेकिन उनकी सही स्थिति के बारे में पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पत्र में जिले से केंद्रीय बलों को हटाने, नक्सल विरोधी अभियान रोकने और जेलों में बंद सभी माओवादियों को रिहा करने की मांग की गई है। माओवादियों ने 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि हम पत्र की जांच और स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। उनका पता लगाए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

ए राजा भेजे गए तिहाड़ जेल


केंद्र सरकार के नाक में दम करने वाले 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले के मामले में कथित धांधली में सीबीआई द्वारा गिरफ़्तार किये गये प्रमुख आरोपी पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा को दिल्ली की एक अदालत ने 3 मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उनकी सीबीआई हिरासत की अवधि गुरुवार को समाप्त हुई थी।

ग़ौरतलब है कि इस घोटाले ने केंद्र सरकार को विपक्ष के निशाने पर ला खडा किया था। इस घोटाले के कारण सरकार की किरकिरी हो गई थी। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आनन-फ़ानन में पूर्व मंत्री ए. राजा से इस्तीफ़ा ले लिया था। इन घोटालों ने संप्रग सरकार को जनता की नज़रों में नाकाम साबित कर दिया है।

ए राजा को २ फ़रवरी को गिरफ़्तार किया गया था। इससे पहले कोर्ट में सुनवाई के दौरान ए राजा ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वह निर्दोष हैं और अपनी ईमानदारी को साबित करेंगे। विशेष जज ओपी सैनी ने सुनवाई के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में राजा को तिहाड़ जेल भेज दिया।

आख़िरकार रद्द हुई ’इसरो-देवास’ डील


देश में अब तक के सबसे बडा आंका जाने वाला एस-बैंड स्पक्ट्रम घोटाले में घिरी केंद्र सरकार ने अपने इस फ़ैसले से विपक्ष को कुछ हद तक शांत करने का प्रयास किया है। एस-बैंड स्पेक्ट्रम में इसरो-देवास के बीच हुई डील में राजस्व को २ लाख करोड के नुक़सान पहुंचने का अनुमान लगाया था। अब कैबिनेट ने इस क़रार को रद्द कर, इस घोटाले के कारण बढ़ी सरकार की मुसीबतों को घटाने की कोशिश की है।

कैबिनेट सुरक्षा समिति ने इसरो-देवास डील रद्द करने का फैसला किया है। सरकार ने इस एस-बैंड डील को रद्द कर दिया है। इस डील में देवास मल्टीमीडिया को लाइसेंस सस्ते में दिये जाने की बात सामने आने के बाद से ही यह डील कई आरोपों से घिरी हुई थी। रक्षा मंत्री ने भी इस मामले में चेतावनी देते हुए कहा था कि किसी भी तरह की हेराफेरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आज सुबह से ही इस डील को लेकर मीटिंग चल रही थी। मीटिंग के दौरान आख़िरकार इस डील को रद्द करने का फ़ैसला लिया गया।

ग़ौरतलब है कि इसरो ने जनवरी, 2005में देवास मल्टीमीडिया के साथ हुए एस बैंड करार की जानकारी चार महीने बाद मई, 2005 में अंतरिक्ष आयोग और कैबिनेट को नहीं दी थी। जबकि एक निजी समाचार चैनल ने दावा किया था कि मई, 2005 में कैबिनेट मीटिंग के नोट के मुताबिक इसरो ने कहा था कि एस बैंड स्पेक्ट्रम को लेकर एक सर्विस प्रोवाइडर उनके संज्ञान में है। जबकि हकीकत यह है कि इस नोट के लिखे जाने से चार महीने पहले ही इसरो की कारोबारी ईकाई एंट्रिक्स और देवास मल्टीमीडिया के बीच समझौता हो चुका था।

चूंकि, अंतरिक्ष विभाग उन दिनों प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के पास था। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या इस मामले की जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय को नहीं थी? क्या देश की बेशकीमती बैंड से जुड़े इस मामले में किसी कैबिनेट मंत्री की इजाजत नहीं ली गई?

या फिर यूं कहा जाए कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कल एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान अपनी व्यथा ज़ाहिर करते हुए ये बात कहकर कि "गठबंधन की अपनी मजबूरियां होती हैं", कोई राज़ छुपाने की कोशिश की है।

दुनिया में छाई एचएमआईएल की ‘सैंट्रो’


भारत में बनी हुंदै मोटर्स इंडिया लिमिटेड यानी एचएमआईएल की छोटी कार ‘सैंट्रो’ अब विदेशों में भी छा गई है। माना जा रहा है कि भारत के साथ साथ विदेशों में भी इस कार की डिमांड इतनी ज्यादा है कि अब तक इस कार की 5 लाख यूनिट्स को विदेशों में एक्सपोर्ट किया जा चुका है।

कंपनी के मुताबिक सबसे पहले 1999 में इस कार को एक्सपोर्ट किया गया था और तब सैंट्रो की मात्र 20 यूनिट को नेपाल भेजा गया था। फिर 2004 आते आते इस कार के एक्सपोर्ट का आंकड़ा एक लाख से स्तर पर पहुंच गया। इस कार के लांच से लेकर अब तक इसकी 5 लाख यूनिट्स एक्सपोर्ट की जा चुकी है।

कंपनी का कहना है कि उसकी कारों के एक्सपोर्ट के मामले में भारत का स्थान सबसे उपर है। क्योंकि इस कंपनी के पैसेंजर करों के कुल एक्सपोर्ट में 57 फीसदी हिस्सा अकेले भारत से आता है। मौजूदा समय में भारत से इस कंपनी द्वारा सैंट्रो के अलावा आई 10, आई 20 और हुंदै एसेंट का एक्सपोर्ट किया जाता है। गौरतलब है कि दुनियाभर के 80 से ज्यादा देशों में सेंट्रो को एक्सपोर्ट किया जाता है।

झारखंड:मुख्यमंत्री ने जीता विधानसभा उपचुनाव


राँची: झारखंड के मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने प्रतिष्ठित खरसावाँ विधानसभा उपचुनाव में झारखंड विकास मोर्चा और कांग्रेस के संयुक्त प्रत्याशी दशरथ कृष्णा गगराई को सत्रह हजार से अधिक मतों से पराजित कर चौथी बार इस सीट पर कब्जा किया।

निर्वाचन अधिकारी सीकेसिंह ने बताया कि उपचुनावों में मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को 61701 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी झाविमो (प्रजातांत्रिक) के प्रत्याशी दशरथ कृष्णा गागराई को कुल 44355 मत प्राप्त हुए। अर्जुन मुंडा ने 17366 मतों से यह सीट जीत ली।

इससे पूर्व वह 1995 में झामुमो से इस सीट से पहली बार विधानसभा चुनाव जीते थे। बाद में नया राज्य बनने के बाद भाजपा में शामिल होकर वह वर्ष 2000 में इस सीट से भाजपा की ओर से चुनाव जीते और एक बार फिर 2005 में उन्होंने यह सीट जीती। राजनीति मे माहिर माने जाने वाले मुंडा ने नवम्बर 2009 में हुए पिछले विधानसभा चुनावों में अपने निकट माने जाने वाले मंगल सिंह सोय को इस सीट से चुनाव लड़ाया था और सोय ने भी यह सीट 25 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीती थी। गौरतलब है कि मुंडा ने अप्रैल 2009 में हुए लोकसभा चुनाव में जमशेदपुर से अपना भाग्य आजमाया था और वह चुनाव जीतकर सांसद बने थे

रेडियो कॉलर से तीन और छात्र मुक्त





वॉशिंगटन: अमेरिका के आव्रजन प्रवर्तन विभाग ने कैलिफोर्निया स्थित ट्राई वैली विश्वविद्यालय के तीन और भारतीय छात्रों से रेडियो कॉलर हटाकर उनका पासपोर्ट लौटा दिया है।

सान फ्रांसिस्को के भारतीय वाणिज्य दूतावास में महावाणिज्य दूत सुष्मिता गांगुली थॉमस के मुताबिक आईसीई ने इन तीनों छात्रों का पासपोर्ट लौटा दिया है। साथ ही उन दो छात्रों का पासपोर्ट भी लौटा दिया गया है, जिनका रेडियो कॉलर पिछले सप्ताह हटाया गया था।

रेडियो टैग लगाए गए कुल 18 भारतीय छात्रों में से पाँच से यह टैग हटा लिया गया है। इस सकारात्मक घटनाक्रम से उत्साहित थॉमस ने कहा कि अगले सप्ताह आईसीई में दोनों अप्रवासी अटार्नी 10 और भारतीय छात्रों का मामला पेश करेंगे और उन्होंने आगे भी इसी तरह के सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद है

वरूण ने सोनिया को दिया शादी का न्योता



नई दिल्ली: भाजपा सांसद वरुण गाँधी राजनीतिक मतभेदों को एक किनारे करते हुए बुधवार को अपनी ताई और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी को अपनी शादी का न्यौता देने पहुंचे। जहां सोनिया ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें उनके वैवाहिक जीवन के लिए बहुत सारी शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। साथ ही सोनिया ने वरूण को खाना खिलाकर वापस भेजा और कहा कि वो जरूर उनकी शादी में आयेंगी।


गौरतलब है कि पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी की शादी बंगाली बाला यामिनी रॉय से हो रही है जो पेशे से ग्राफिक डिजाइनर हैं। साथ ही कई महीने पहले वरुण की मां और भाजपा सांसद मेनका गांधी ने इस रिश्ते का ऐलान किया था। तभी उन्होंने यह भी बताया था कि शादी में सोनिया गांधी समेत कांग्रेस के प्रथम परिवार के सभी सदस्यों को आमंत्रण दिया जाएगा।


सरकारी गवाह बनेंगे असीमानंद




जयपुर: मालेगांव, समझौता एक्सप्रेस और अजमेर दरगाह ब्लास्ट का मुख्य आरोपी असीमानंद सरकारी गवाह बन के लिए तैयार हो गया है। एटीएस के बढ़ते दबाव के कारण असीमानंद को इसके लिए मजबूर होना पड़ा।

अजमेर सेंट्रल जेल में बंद असीमानंद ने एक गोपनीय पत्र जेल से अदालत को भिजवाया है। 15 फरवरी को जब असीमानंद जेल से पेशी पर लाया गया तो सीजेएम ने उससे पत्र के बारे में पूछा तब असीमानंद ने अदालत से इस पत्र को गोपनीय रखने का आग्रह किया। माना जा रहा है कि असीमानंद दरगाह ब्लास्ट में सरकारी गवाह बनना चाहता है। इसी वजह से उसने जेल से सीधे अदालत को पत्र भेज दिया।

हालांकि एटीएस अधिकारी इस बारे में कुछ भी कहने को तैयार नहीं है, लेकिन विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक एटीएस के वरिष्ठ अधिकारी इस बारे में केंद्रीय गृह मंत्रालय, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और गृहमंत्री शांति धारीवाल को जानकारी दे चुके है। एटीएस अधिकारियों का कहना है कि असीमानंद के सरकारी गवाह बनने से जांच में कई नए तथ्य समाने आएंगे और इन मामलों में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में भी जानकारी मिलेगी। साथ ही राजनीति से जुडे़ कुछ बड़े लोगों के नाम इसमें सामने आ सकते है।

इधर एटीएस इस बार भी असीमानंद, हर्षद सोलंकी और मुकेश वसानी के खिलाफ चालान पेश नहीं कर सकी। अब अदालत ने एक मार्च तक चालान पेश करने का समय दिया है। स्वामी असीमानंद के बयान के आधार पर एटीएस द्वारा पकड़े गए भरत शाह को 18 फरवरी को अदालत में पेश किया जाएगा। दरगाह ब्लास्ट मामले में ही पहले गिरफ्तार किए जा चुके चन्द्रशेखर, लोकेश और देवेन्द्र के मामले में सुनवाई 19 फरवरी को होगी। दरगाह ब्लास्ट मामले में ही आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक इन्द्रेश कुमार के बारे में एटीएस ने कुछ नए तथ्य जुटाए हैं। जिनकी पुष्टि में एटीएस के वरिष्ठ अधिकारी जुटे है।

शादी के बंधन में बँधे भूपति और लारा



आखिरकार कई अटकलों के बाद भारतीय टेनिस जगत के नामचीन सितारे महेश भूपति और बॉलीवुड स्टार लारा दत्ता शादी के बंधन में बँध गए। भूपति और पूर्व मिस यूनिवर्स लारा दोनों ने माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर पर इसकी आधिकारिक घोषणा की है।

ट्विटर पर जारी शादी की तस्वीरों के साथ भूपति और लारा ने लिखा कि दोस्तो अब हम मिस्टर और मिसेज भूपति हो गए हैं। शादी की इन तस्वीरों में महेश भूपति क्रीम कलर का कोट में नज़र आये, जबकि लारा दत्ता परंपरागत भारतीय साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही हैं।

भूपति ने शादी के इस कार्यक्रम से मीडिया को दूर रखा था। उन्होंने कहा कि मीडिया दावा कर रहा है कि वह हर चीज जान रहा है, जैसे लोग क्या पहन रहे हैं और कौन आ रहा है। मेरा कहना है कि यह सब हास्यास्पद है, धोखा है और इस सर्कस का मैं मजा ले रहा हूँ। गौरतलब है कि इससे पहले कई महीनों की अटकलों के बाद इस बहुचर्चित प्रेमी जोड़े ने पिछले साल सितंबर में सगाई का खुलासा किया था।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York