Showing posts with label 22-03-2011. Show all posts
Showing posts with label 22-03-2011. Show all posts

Wednesday, March 23, 2011

एक विज्ञापन में साथ दिखेंगे ’अमिताभ-जया’


नई दिल्ली : बॉलीवुड की मशहूर जोड़ी अमिताभ और जया बच्चन 10 साल के लम्बे अंतराल के बाद अब एक बार फिर पर्दे पर साथ दिखेंगे, लेकिन इस बार वे किसी फिल्म में नहीं; बल्कि गहनों के एक विज्ञापन में साथ नजर आएंगे। यह जोड़ी अंतिम बार फिल्मकार करण जौहर की फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ (2001) में एक साथ नजर आई थी। इस फिल्म में ह्रितिक रोशन, शाहरुख खान, करीना कपूर और काजोल ने भी अभिनय किया था।

अमिताभ ने अपने ब्लॉग पर जानकारी दी है कि वे अपनी पत्नी के साथ टाटा समूह के तनिष्क आभूषणों के विज्ञापन में नजर आएंगे। अमिताभ ने कहा कि उन्होंने और जया ने साथ में इन विज्ञापनों की शूटिंग की है। अमिताभ और जया से पहले उनके बेटे-बहू अभिषेक-ऐश्वर्य लक्स साबुन के लिए एक साथ विज्ञापन कर चुके हैं।

इससे पहले, अजय देवगन और काजोल भी वर्लपूल के विज्ञापन में साथ दिखे थे। शाहरुख और गौरी खान डी’डेकोर के विज्ञापन में, तो सैफ अली खान व करीना कपूर एयरटेल के विज्ञापनों में साथ दिखे थे।

Tuesday, March 22, 2011

भारतीय मुसलमानों से कोई बैर नहीं: बाल ठाकरे


मुंबई : शिव सेना अध्यक्ष बाला साहब ठाकरे ने भारतीय मुसलमानों के पक्ष में बयान देकर शायद एक अनोखी बहस को जन्म दे दिया है। ठाकरे के मुताबिक़, वह कभी भी भारतीय मुसलमानों के विरोधी नहीं रहे बल्कि उनका विरोध तो देश के बाहर के मुसलमानों के खिलाफ रहा है। उन्‍होंने कहा कि वे तो उनके खिलाफ हैं जो घुसपैठिए हैं और भारत का माहौल खराब कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और बांगलादेश से बड़े पैमाने पर मुस्लिम भारत में घुसपैठ करते हैं। साथ ही ठाकरे ने ये भी कहा कि जो भारतीय मुस्लिम इन घुसपैठियों की मदद करते हैं, वे भी उतने ही दोषी हैं।

शिव सेना के मुखपत्र सामना में छपे ठाकरे के इंटरव्यू के दूसरे हिस्से के मुताबिक ठाकरे की भारतीय मुसलमानों से न तो कोई शिकायत है और न ही बैर। उन्होंने कहा कि उनकी शिकायत तो उन मुसलमानों से है जो बाहर से आए हैं और देश में समस्याएं पैदा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, 'मुझे उन मुसलमानों से कोई शिकायत नहीं है जो पीढ़ी दर पीढ़ी से यहां रह रहे हैं। मेरी शिकायत उनसे है जो देश में घुस आए हैं। उन्हें देश से बाहर किया जाना चाहिए।' दरअसल, ठाकरे पाकिस्तान और बांग्लादेश से आए मुसलमानों का जिक्र कर रहे थे।

उन्होंने कहा, 'वे यहां आते हैं और देश के मुसलमानों को उकसाते हैं। महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में ऐसे तत्व बाहर से आए हैं और कोंकणी मुसलमानों को प्रभावित कर रहे हैं और उन्हें बर्बाद कर रहे हैं।'

इसके अलावा, सोमवार को छपे इंटरव्‍यू के पहले भाग में ठाकरे ने कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की राजनीतिक समझ के मामले में उनकी सास इंदिरा गांधी से कोई तुलना नहीं की जा सकती। ठाकरे के सोनिया गांधी को निशाने पर लेने से, कांग्रेसी भड़क गए हैं।

ठाकरे के अनुसार सोनिया गांधी ने देश के लिए कुछ नहीं किया है। उनकी इंदिरा गांधी से कोई तुलना नहीं की जा सकती। इंदिरा गांधी की राजनीतिक समझ उनसे काफी बेहतर थी। बड़े बड़े लोगों से मुलाकात और बैठकों के बाद इंदिरा गांधी राजनीति में आईं थीं। उनकी राजनीति को जो खाद पानी मिला था, वो काफी अलग था। सोनिया गांधी में वह बात नहीं है।

लॉटरी जीतकर रातोंरात बना करोड़पति


दुबई: दुबई में पांच साल का एक भारतीय बच्चा लाटरी के जरिए रातोंरात करोड़पति बन गया।

इब्राहीम फहीमुद्दीन शेख नाम के इस बच्चे को 'नेशनल बाड्स कारपोरेशन' के ड्रॉ के जरिए करोड़पति चुना गया। इब्राहीम यहां इस साल लॉटरी के जरिए करोड़पति बनने वाला दूसरा शख्स है। उसके पिता का कहना है कि शनिवार को उन्हें जब उनके बेटे की लॉटरी लगने की सूचना मिली तो पहले उन्हें लगा कि कोई मजाक कर रहा है, लेकिन कुछ देर बाद पता चला कि वो कारपोरेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी से बात कर रहें हैं। इब्राहीम के पिता यह खबर सुनकर बहुत खुश हुए और उन्होंने इसके लिये 'नेशनल बाड्स कारपोरेशन' का शुक्रिया अदा किया।

लीबिया पर हमले जारी, गद्दाफी को ओबामा की चेतावनी


त्रिपोली/वाशिगटन : लीबिया पर पश्चिमी देशों के हमले बदस्तूर चौथे दिन भी जारी हैं। सरकार के मुताबिक़, सोमवार रात हुए हमलों में कई और लोगों की जान जा चुकी है। लीबिया पर नो फ्लाई जोन लागू कर रही गठबंधन की सेनाओं ने त्रिपोली पर मिसाइल और हवाई जहाजों से हमले किए हैं। त्रिपोली में कर्नल गद्दाफी के ठिकानों से धमाकों और विमानभेदी गोलीबारी की आवाजें सुनी गई हैं।

उधर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने जोर देकर कहा है कि यह अमेरिका की नीति है कि लीबियाई नेता मुअम्मर गद्दाफी सत्ता से हट जाएं और इस लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उनके प्रशासन के पास कई साधन हैं।

ओबामा ने चिली में राष्ट्रपति सबास्टियन पिनेरा के साथ के सेंटियागो में आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह अमेरिका की नीति है कि गद्दाफी को पद से हटने की जरुरत है। हमारे पास सैन्य प्रयासों के साथ ऐसे कई साधन है, जिसकी मदद से हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि इस लक्ष्य की पूर्ति हो। उन्होंने कहा कि हम लीबिया के खिलाफ बहुत जल्द एकतरफा प्रतिबंध लगाने की प्रक्रिया शुरू करने वाले हैं, जिसके बाद हम उसके खिलाफ अंतरराष्ट्रीय पाबंदी लगाए जाने में मदद करेंगे।

ओबामा ने कहा कि अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की मंजूरी हासिल है जिसका मुख्य उद्देश्य लीबियाई नागरिकों को कर्नल गद्दाफी की ओर से उत्पन्न खतरे से रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि गद्दाफी न केवल नागरिकों की हत्या कर रहे थे बल्कि उन्होंने स्पष्ट रूप से धमकी दी थी कि वह बेंघाजी में रहने वाले लोगों के प्रति कोई दया नहीं दिखाएंगे।

मीडिया समाचारों के मुताबिक सोमवार रात त्रिपोली का आसमान विमानभेदी गोलीबारी से जगमगाता रहा और धमाकों की आवाज गूंजती रही। कर्नल गद्दाफी के बाब अल अजीजिया अहाते के नजदीक भी एक धमाके की आवाज सुनी गई। सरकार की युद्धविराम की घोषणा के बावजूद गद्दाफी समर्थक सेना और विद्रोहियों के बीच भी जंग जारी है। लीबिया के पूर्व में गद्दाफी की सेना ने विद्रोहियों को एक बार फिर अजदाबिया शहर से बाहर धकेल दिया है। लीबिया के सरकारी टीवी पर कई नए हमलों की जानकारी दी गई है।

लीबिया के एक सरकारी प्रवक्ता इब्राहीम मूसा ने कहा कि सिर्ते हवाई अड्डे पर हुए एक हवाई हमले में कई लोग मारे गए हैं, लेकिन इस खबर की पुष्टि नहीं हो पाई। त्रिपोली से 200 किलोमीटर पूर्व में स्थित मिसराता शहर में भीषणा ल़डाई जारी है। वहां मौजूद विद्रोहियों का कहना है कि पिछले चार दिनों से गद्दाफी समर्थक सेना उन पर हवाई हमले कर रही है।

अब्दुल्ला सालेह शासन के ख़ात्मे के आसार बढ़े


दुबई : मिस्र और लीबिया के बाद यमन में शुरु हुई सरकार विरोधी गतिविधियों ने रफ़्तार पकड़ ली है और इनमें एक नई जान आ गई है। यमन के राष्ट्रपति अली अब्दुल्ला सालेह का 32 साल का शासन खत्म होता दिख रहा है। सालेह की सेना के तीन जनरल और उनके कई राजदूतों ने सोमवार को पाला बदलकर सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों से हाथ मिला लिया है। सैन्य अधिकारियों के इस क़दम ने राष्ट्रपति अली अब्दुल्ला को तगड़ा झटका दिया है और विपक्षी खेमे को मज़बूती प्रदान की है।

इस घटना के बाद राष्ट्रपति अब्दुल्ला सालेह का 32 साल का शासन लड़खड़ाने लगा है। यमन की सेना के ये तीनों अधिकारी सालेह की इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी खेमे में शामिल हो गए। सालेह ने रविवार को सरकार को बर्खास्त कर दिया। सरकारी समाचार एजेंसी साबा की रिपोर्ट के मुताबिक, सालेह ने मंत्रियों से अगले आदेश तक कार्यवाहक की तरह काम करते रहने को कहा है।

अल जजीरा चैनल के मुताबिक़, यमन के दक्षिणी प्रांत अदन के गवर्नर अहमद कताबी भी प्रदर्शनकारियों के साथ हो गए हैं। सड़कों पर टैंकों और बख्तरबंद गाडि़यों की तैनाती के मद्देनजर प्रदर्शनकारियों के साथ संघर्ष की आशंका जताई जा रही है। इन तीन अधिकारियों में सबसे सीनियर मेजर जनरल अली मोहसिन अल अहमर हैं। वह लंबे समय तक सालेह के विश्वस्त रहे हैं और सेना की फर्स्ट आर्म्ड डिविजन के कमांडर रह चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक, सेना के 90 फीसदी लोग प्रदर्शनकारियों का साथ दे रहे हैं।

यमन के दो अन्य अधिकारियों के नाम मोहम्मद अली मोहसिन और हमदी अल कुसैबी है। यह दोनों ब्रिगेडियर रैंक के हैं। इन सैन्य अधिकारियों के विपक्षी खेमे में शामिल होने की खबर उस घटना के बाद आई है, जिसमें शुक्रवार को 52 लोगों के मारे जाने के बाद लोग समूचे देश में उमड़ पड़े थे। तब सालेह के सुरक्षा बलों ने सना में प्रदर्शनकारियों पर छत से गोलीबारी की थी। यमन के तानाशाह के लिए यह बड़ा झटका है क्योंकि वह सत्ता बचाए रखने के लिए सेना के जिन जनरलों पर भरोसा कर रहे थे, उन्हीं लोगों ने उनसे गद्दी छोड़ने को कहा है। इतना ही नहीं, इन जनरलों ने प्रदर्शनकारियों को बचाने के लिए टैंक और बख्तरबंद वाहन तैनात कर दिए हैं।

कांगो:विमान हादसे में 19 की मौत


ब्राजील: कांगो की आर्थिक राजधानी प्वाइंटी-नोइरे के आवासीय क्षेत्र में एक मालवाहक विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई।

कांगो की राष्ट्रीय नागरिक उड्डयन एजेंसी के महानिदेशक मिशेल एमबेन्डे के मुताबिक इस हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हुए हैं। इतना ही नहीं मरने वालों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। एमबेन्डे का कहना है कि विमान उस समय दुर्घटनाग्रस्त हुआ जब यह हवाई अड्डे पर उतर रहा था।

अलग होते ही आमने-सामने हीरो और होंड़ा


नई दिल्ली: हीरो और होंड़ा अलग होते ही एक-दूसरे को पीछे छोड़ने के दावे करने लगे हैं। जहां पहले भारतीय दोपहिया वाहन निर्माता हीरो समूह ने दुनियाभर में अपनी मोटरसाइकिलों का परचम फहराने की घोषणा की थी। वहीं अब जापानी कंपनी होंडा ने अगले दस साल में घरेलू बाजार में नंबर वन बनने का दावा किया है।

होंडा की भारतीय अनुषंगी होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया [एचएमएसआइ] ने कहा है कि बिक्री के मामले में नंबर वन का ओहदा पाने के लिए कंपनी ग्रामीण क्षेत्रों पर ध्यान दे रही है। कंपनी के अध्यक्ष और सीईओ शिंजी ओयामा के मुताबिक इस लक्ष्य को हांसिल करने के लिए कंपनी पहली बार 100 सीसी की बाइक पेश करेगी। मौजूदा समय में कंपनी की दो तिहाई बिक्री शहरी क्षेत्रों में हो रही है, जबकि एक तिहाई ग्रामीण क्षेत्रों में। कंपनी ने राजस्थान में अपने दूसरे संयंत्र के लिए करीब डेढ़ हजार लोगों को नियुक्त करने के लिए भी कहा है।

पिछले वर्ष कंपनी ने भारत की नंबर एक मोटरसाइकिल कंपनी हीरो होंडा में अपनी पूरी 26 प्रतिशत हिस्सेदारी बीएम.मुंजाल की अगुआई वाले हीरो समूह को बेच दी। हीरो होंडा ने पिछले वित्त वर्ष करीब 40 लाख वाहनों की बिक्री की। ओयामा के मुताबिक, दोनों कंपनियों के अलग होने के बाद होंडा ने अपने पोर्टफोलियो को बेहतर बनाने पर काम शुरू कर दिया है।

गौरतलब है कि हीरो होंडा 100 सीसी खंड में छह मॉडलों की बिक्री करती है। इस खंड में भारतीय कंपनी की 70 फीसदी हिस्सेदारी है। वहीं, भारतीय बाजार में होंडा की सबसे कम 110 सीसी की ट्विस्टर बाइक ही है।

अब जज बनने के ज्यादा पैसे लेंगी माधुरी


मुंबई: सोनी टीवी के रिएलिटी शो झलक दिखला जा की बड़ी सफलता के बाद अब अभिनेत्री माधुरी दीक्षित को किसी शो की जज बनाना महंगा हो गया है। अब अगर प्रसारणकर्ता चैनल माधुरी को इस शो के अगले संस्करण में जज बनना चाहते है तो उन्हें इसके लिये पहले से ज्यादा मेहनताना देना होगा।

भारतीय टेलीविजन के इतिहास में किसी रिएलिटी शो में बतौर जज शामिल होने के लिए पहले ही अन्य किसी हस्ती से ज्यादा पैसा लेने वाली माधुरी के झलक दिखला जा के अगले संस्करण में शामिल होने को लेकर सोनी टीवी के सूत्र जहां खामोश हैं, वहीं खुद माधुरी कहती हैं, कि बातचीत चल रही है, अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। शो में मेरी पहली पारी अच्छी रही और मैंने इसमें मजा भी लिया। वैसे अभी माधुरी को अमेरिका जाकर अपने पति व बच्चों से मिलने की जल्दी है।

माधुरी का कहना हैं, मुझे नहीं पता कि मैं कब लौटूंगी। इस बार मैं मेरे पति और बच्चों से दूर मुंबई में सबसे लम्बे समय तक रुकी। हालाकि क्रिसमस के समय मेरे बच्चे मेरे साथ मुंबई में थे, लेकिन फिर भी मैंने दूरी महसूस की। इस समय मैं केवल मेरे लिए बेहद महत्व रखने वाले लोगों से मिलने जाने के लिए ही सोच रही हूं।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York