Showing posts with label 16-02-2011. Show all posts
Showing posts with label 16-02-2011. Show all posts

Wednesday, February 16, 2011

गठबंधन की वजह से मजबूर हूं : मनमोहन सिंह


नई दिल्‍ली : घोटालों के कारण लगातार विपक्ष के निशाने का शिकार हो रहे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के ग़ैर ज़िम्मेदाराना बयान ने अब एक नई बहस को जन्म दे दिया है। उनके इस बयान से पूरे देश को हताश होना पड़ा है। घोटालों के मुद्दे पर सवालों के जवाब दे रहे हमारे देश के पीएम ने एक ऐसी बात कह ड़ाली जिस कारण संप्रग सरकार के गठबंधन पर सवाल खडे हो गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपीए गठबंधन बहुत मजबूत है पर गठबंधन सरकार की अपनी मजबूरियाँ भी होती है। इस बयान के ज़रिये हमारे प्रधानमंत्री जी ने अपनी मजबूरियां ज़ाहिर कीं।

ग़ौरतलब है कि इन दिनों, केन्द्र सरकार घोटालों से घिरी हुई है। प्रधानमंत्री ने आज समाचार चैनलों के संपादकों को बुला कर उन्‍हें सवाल पूछने का मौका दिया। इस दौरान मनमोहन सिंह ने घोटालों के मुद्दे पर गठबंधन की मजबूरी का तर्क देकर अपना पल्ला झाडने की कोशिश की।

भ्रष्ट्राचार के मुद्दे पर संपादकों के सवालों का जवाब दे रहे पीएम ने अपनी व्यथा ज़ाहिर की। तो वहीं जवाब देने के दौरान हडबडाहट के कारण कई बार प्रधानमंत्री की ज़बान भी लड़खडाती नज़र आई। सवालों के जवाब में उन्‍होंने कहा कि गठबंधन सरकार की मजबूरी के चलते कुछ समझौते हुए। 2जी घोटाले के सूत्रधार बताए जा रहे पूर्व दूरसंचार मंत्री ए. राजा को मंत्री बनाने की जवाबदेही से साफ बचते हुए उन्‍होंने दलील दी कि राजा डीएमके की पसंद थे।

देश के सर्वोच्च पद पर कार्यरत हमारे प्रधानमंत्री जी ने ही गठबंधन का बहाना बनाकर इस पद की गरिमा को ठेंस पहूचाई है। अब, केन्द्र सरकार की ग़लत नीतियों या भ्रष्टाचार के कारण महंगाई की मार झेल रही ये देश की ग़रीब व भोली-भाली जनता कहां जाकर अपनी फ़रियाद करेगी और किससे राहत की उम्मीद करेगी ?

अरुण शौरी पर नहीं होगी कार्रवाई: गडकरी


नई दिल्ली : 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में एनडीए सरकार के कार्यकाल के दौरान दूरसंचार मंत्री रहे अरूण शौरी पर भी जांच की आंच आ पडी है। शौरी को इस सिलसिले में सीबीआई के सामने पेश भी होना है। जबकि अब भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने जांच की संभावनाओं को सिरे से नकार दिया है। गडकरी के मुताबिक़, 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन के बारे में हालिया बयानों के चलते पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण शौरी पर कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती।

गौरतलब है कि शौरी ने एक साक्षात्कार के दौरान कहा था कि उन्होंने काफी पहले लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज और राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली को 2—जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले के बारे में जानकारी दी थी लेकिन उन्होंने संसद में इस मुद्दे को उठाने के उनके सुझाव को नहीं माना था।

शौरी के इस बयान का भाजपा पहले ही खंडन करते हुए कह चुकी है कि पार्टी शुरुआत से इस मुद्दे को संसद में उठाती रही है। शौरी राजग सरकार में दूरसंचार मंत्री थे। उन्हें अब 2—जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच के सिलसिले में सीबीआई के समक्ष 21 फरवरी को पेश होना है।

ईरान में और विरोध प्रदर्शन चाहते हैं ओबामा


वाशिंगटन/तेहरान : मिस्र के बाद ईरान में शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों के ऊपर अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के बयान ने शायद इस मुद्दे को हवा दी है। ईरान के प्रेस टीवी द्वारा वाशिंगटन से जारी एक रपट के मुताबिक़ ओबामा, ईरान में और विरोध प्रदर्शन देखना चाहते हैं।

ओबामा ने व्हाइट हाउस में मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा, "हमारी आशा एवं आकांक्षा यह है कि हम लगातार यह देखना चाहते हैं कि ईरान की जनता के पास अधिक आजादी और अपेक्षाकृत अधिक प्रतिनिधित्व वाली सरकार के लिए अपनी उत्कंठा जाहिर करने का साहस है।"

प्रेस टीवी ने कहा है कि ओबामा की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब इसके पहले सोमवार को, 2009 के राष्ट्रपति चुनाव में पराजित हुए उम्मीदवारों- मीर हुसैन मौसावी और मेहदी करौबी के समर्थक ईरान की राजधानी तेहरान में विरोध प्रदर्शन के लिए जमा हो गए थे और उन प्रदर्शनकारियों ने जमकर उतपात मचाया था।

मौसावी और करौबी ने मिस्र एवं ट्यूनिशिया में हुए विद्रोहों के समर्थन में सोमवार को रैली का आयोजन किया था। दोनों विपक्षी नेता फिलहाल नज़रबंद हैं और विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लेने में अक्षम हैं। ईरानी संसद के अध्यक्ष अली लारिजानी ने इन विरोध प्रदर्शनों के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि सरकार विरोधी प्रदर्शनों के पीछे अमेरिका का हाथ है। उन्होंने आगे कहा कि वाशिंगटन, मध्य पूर्व में चल रहे आजादी के आंदोलनों को ईरान के समर्थन से खफा है।

लारिजानी ने कहा, "मुख्य मकसद विरोध प्रदर्शनों को खड़ा करने का था, ताकि वे दावा कर सकें कि क्षेत्र में अमेरिका समर्थित तानाशाहों के यहां संकट फैल रहा है और ईरान जो कि क्षेत्र में लोकतंत्र का अगुआ रहा है, उसके यहां भी अंदरूनी समस्याएं हैं।"

ज्ञात हो कि ईरानी सांसदों ने मौसावी और करौबी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मांग की है और अनधिकृत रैलियों के लिए उनकी निंदा की है। इन रैलियों में दो व्यक्तियों की मौत हो चुकी है और कई अन्य घायल हुए हैं।

अब तिहाड़ जेल में होगी औषधीय पौधों की खेती


नई दिल्ली : अब प्रदेश सरकार ने तिहाड़ जेल में बंद कैदियों को एक अनोखा काम सौंपने की योजना बनाई है। तिहाड़ में बंद ये क़ैदी अब आयुर्वेदिक उत्पाद तैयार करेंगे, साथ ही इन उत्पादों को कैदियों के उपचार के लिये भी इस्तेमाल किया जाएगा। गुणों के विवरण के साथ इन्हें आकर्षक पैकिंग में बाजार में भी उतारा जाएगा। उम्मीद है कि जेल प्रशासन की इस महत्वाकांक्षी योजना पर सप्ताह भर में ही काम प्रारंभ हो जाएगा, लेकिन इसके अपेक्षित परिणाम सामने आने में करीब एक साल का समय लगेगा।

जानकारी के मुताबिक आगामी सप्ताह से तिहाड़ की जेल नं. 1, 3, 5, 6, 7 में औषधीय पौधे रोपे जाएंगे। इनमें चंदन, रूद्राक्ष, अमलतास, जटामासी, आंवला, बेलगिरि, बेलपत्र, सीता अशोक, भृंगराज, कपूर, सफेद मूसली, मुश्क दाना, हार- श्रृंगार, हरड़, बहेड़ा, गिलोय, लेमन तुलसी, लेमन ग्रास, अर्जुन की छाल एवं गुड़मार इत्यादि प्रमुख रूप से शामिल हैं। इस्के लिये जिम्मेदार व पर्यावरण प्रेमी कैदियों का एक विशेष समूह बनाकर उनको इन सभी पौधों की देखरेख का कां सौंपा जाएगा।

ये एक अहम योजना है, जिसे जेल प्रशासन एवं दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में शुरू किया जाएगा। इसके बारे में संस्थान के मीडिया प्रमुख स्वामी विशालानंद ने जानकारी दी कि बहुत से पौधे साल भर के भीतर अपने गुणों का लाभ देने के लिए तैयार हो जाएंगे तो कुछ पौधों को दो से तीन साल का वक्त लगेगा। इनसे प्राप्त होने वाली जड़ी बूटियों, पत्तों, फलों और छाल आदि के प्रयोग से विभिन्न रोगों का उपचार किया जा सकेगा। मसलन, अमलतास के पत्ते कब्ज में, गुडमार के पत्ते मधुमेह में, गिलोय प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, हरड़ बहेड़ा पेट संबंधी रोगों तो आंवला ’विटामिन सी’ की कमी से होने वाले रोगों के उपचार में काफी मददगार साबित होता है।

तिहाड़ के महानिदेशक नीरज कुमार के मुताबिक हालांकि बाजार में उक्त आयुर्वेदिक उत्पाद इस समय भी उपलब्ध हैं लेकिन उन्हें पूरी तरह से प्रामाणिक और मिलावट रहित नहीं कहा जा सकता है। जबकि तिहाड़ के सभी उत्पाद पूर्णतया शुद्ध एवं प्रामाणिक होते हैं।

भ्रष्टाचार का धर्म निभा रही है संप्रग सरकार : गडकरी


नई दिल्ली : जहां एक ओर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने संवाददाता सम्मेलन क्र इस बात के साफ़ संकेत दे दिये हैं कि वो किसी भी जांच के लिये तैयार हैं। तो वही दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन गडकरी ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और मौजूदा संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार गठबंधन धर्म के नाम पर भ्रष्टाचार धर्म को निभा रहे हैं। आज, भ्रष्टाचार के मुद्दों पर पीएम द्वारा दिये गए जवाबों के मद्देनज़र गड़करी ने ये बातें कहीं।

गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के जवाबों से यह स्पष्ट हुआ है कि भ्रष्टाचार को रोकने में वह असफल ही रहे हैं। इसके लिए उन्होंने गठबंधन धर्म को जिम्मेदार ठहराया है लेकिन यह गठबंधन धर्म नहीं बल्कि भ्रष्टाचार धर्म है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने भी गठबंधन सरकार चलाई लेकिन इस तरह के घोटाले कभी नहीं होने दिए।

गडकरी के मुताबिक़ मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार से लड़ने की ताकत ही नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले के अलावा अन्य घोटालों में गठबंधन की अन्य पार्टियों की भागीदारी नहीं थी फिर भी इन घोटालों को नहीं रोका जा सका। गडकरी ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सरकार भ्रष्टाचार को रोकने के बजाय इसे छुपाने का प्रयास करती रही है।

अज़हर ने सचिन पर शब्दों के तीर चलाए


नई दिल्ली : क्रिकेट में टीम इंडिया के पूर्व सफ़लतम कप्तानों में गिने जाने वाले हैदराबाद के कलात्मक बल्लेबाज़ और मुरादाबाद से कांग्रेस के सांसद मोहम्मद अजहरुद्दीन ने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर को लेकर कुछ अचंभित बातें कहकर सबको चौंका दिया है। जहां एक ओर पूरे देश में सचिन की वाह-वाह हो रही है वहीं पूर्व कप्तान की इन बातों ने शायद एक नई बहस को जन्म दे दिया है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन ने एक मैगजीन को दिए गए इंटरव्यू में क्रिकेट के भगवान माने जाने वाले सचिन तेंदुलकर पर तीखे प्रहार किए।

जब अजहर से पूछा गया कि क्या सचिन एक कमजोर कप्तान थे, तो इस पर उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। अजहरुद्दीन ने कहा, "मैं उसके (तेंडुलकर) के बारे में कुछ नहीं कहना चाहता। कुछ लोग ऐसे हैं जिनके बारे में बात करना मुझे बिल्कुल पसंद नहीं है।"

ग़ौरतलब है कि एक समय में अज़हर और सचिन के बीच कप्तानी को लेकर रसाकशीं की ख़बरें आती रहती थीं। शायद दोनों के बीच पैदा हुआ उस समय का विवाद अब तक सुलझ नहीं पाया है। क्योंकि, सचिन के साथ सालों तक खेलने वाले अजहर ने कहा कि सचिन कप्तानी में कभी भी मुझसे आगे नहीं निकल सकते। दोनों ही खिलाड़ियों ने एक दूसरे की कप्तानी में खेला है।

उल्लेखनीय है कि ऐसा कहा जाता है कि सचिन तेंडुलकर की कप्तानी में अजहरुद्दीन जानबूझकर खराब खेलते थे। इस विषय पर हैदराबाद के इस पूर्व बल्लेबाज ने कहा, "ये बिल्कुल गलत है। आप आंकड़े देख सकते हैं। तेंडुलकर की कप्तानी में मैंने सभी अन्य खिलाड़ियों से अधिक रन बनाए थे।"

टीम इंडिया के सफलतम कप्तानों में शुमार रहे अजहर अब क्रिकेट से कोई नाता नहीं रखते। अजहरुद्दी ने कहा, "मैं अब किसी के संपर्क में नहीं हूं। मेरी एक अलग जिंदगी है और मैं इसके लिए ईश्वर का शुक्रगुजार हूं। क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद से मैं सिर्फ कपिल देव से एक बार मिला हूं। मुझे उनका अंदाज बहुत अच्छा लगता है।"

"मुझे क्रिकेट देखने तक का समय नहीं मिलता। लेकिन जब भी मैच देखता हूं तो मुझे वीवीएस लक्ष्मण की बल्लेबाजी देखना अच्छा लगता है। लक्ष्मण का क्लास और उनका स्टाइल टीम के किसी अन्य खिलाडी में देखने को नहीं मिलता।"

अब आइडिया लांच करेगी 3जी सेवाएं




बार्सिलोना: अगले महीने आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी आइडिया सेलुलर भी भारत में अपनी 3जी सेवाएं शुरू करेगी। आइडिया सेलुलर ने करीब 5,768 करोड़ रुपये में 11 सर्किलों में 3जी स्पेक्ट्रम हासिल किए हैं।

आइडिया सेलुलर कंपनी के प्रमुख रजत मुखर्जी ने कहा है कि हम अगले महीने 3जी सेवाएं लांच करने की संभावना तलाश रहे हैं, साथ ही हम विवरण पर काम कर रहे हैं। हालाकि, मुखर्जी ने उन सर्किलों में 3जी सेवाओं के चरण पर टिप्पणी नहीं की जहां कंपनी को लाइसेंस हासिल हुए हैं।

गौरतलब है कि भारती एयरटेल, टाटा टेली और रिलायंस कम्युनिकेशन्स पहले ही 3जी सेवाएं शुरू कर चुकी हैं

छत्‍तीसगढ़ : इंजीनियरिंग के छात्रों ने युवती से किया गैंगरेप


रायपुर : दुनिया भर के प्रेमियों के लिये वेलेंटाइन-डे, एक प्यार भरी सौग़ात लेकर आता है। इस दिन हर वर्ग के व्यक्ति अपने प्यार का इज़हार करते हैं। लेकिन वहीं वेलंटाइन डे की शाम एक 18 वर्षीय युवती के लिये बेहद ही ख़ौफ़नाक़ रही और उसकी ज़िंदगी पर एक कलंक बनकर आई। रायपुर के धरसींवा ब्लॉक के ग्राम परसतराई की रहने वाली एक युवती से विंध्य इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (विट्स) के छात्रों ने सामूहिक बलात्‍कार किया। युवती अपने मंगेतर के साथ घूमने निकली थी।

पुलिस के मुताबिक विट्स इंजीनियरिंग कॉलेज के पास सुनसान सड़क पर उसी कॉलेज के छह छात्रों ने दोनों को घेर लिया। पहले मंगेतर की जमकर पिटाई की, फिर युवती को जबरन पास के खेत में ले जाकर उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। ग्रामीणों ने घटना की खबर मिलने पर कॉलेज में जमकर तोड़फोड़ की है।

सभी आरोपी घटना की रात से हास्टल से नदारद हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों का कालेज से प्रोफाइल निकलवाया है। उसमें दर्ज फोन नंबर और पतों पर तलाश जारी है। इनमें से एक रायपुर के टाटीबंध का राहुल मिश्रा है। इसके अलावा घटना में चांपा का प्रीतम लाल सूर्यवंशी, कोरबा का अरुण कुमार कश्यप व शिवकुमार कश्यप, जबलपुर का सतीश इक्का और दुर्ग का वेद प्रकाश साहू शामिल बताए जाते हैं।

एफआईआर के मुताबिक सोमवार शाम युवती अपने मंगेतर रामचरण चक्रधारी के साथ टहलने निकली थी। दोनों कॉलेज वाली रोड के सामने से गुजर रहे थे, तभी हॉस्टल के छह छात्रों ने उन्हें घेर लिया। मंगेतर ने विरोध किया, तो छात्रों ने उसकी पिटाई कर दी। फिर दो छात्रों ने उसे खेत में ले जाकर अनाचार किया।

किसी तरह युवती और उसका मंगेतर अपने गांव भरतनारा पहुंचे। रात करीब साढ़े नौ बजे युवती ने मां को घटना की जानकारी दी। मंगलवार दोपहर बाद युवती अपनी मां, मंगेतर और ग्रामीणों के साथ थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई।

युवती के मुताबिक दो छात्र जब युवती को खेत की ओर ले गए, तो उसने जमकर हल्ला मचाया। आवाज सुनकर हॉस्टल का एक शिक्षक मौके पर पहुंच गया जिस कारण वह छात्र अपनी घिनौनी हरक़त को पूरी तरह अंजाम देने में नाकाम रहे। युवती के मुताबिक अगर वह शिक्षक नहीं आते, तो बाकी के चारों छात्र भी उससे दुष्कर्म करते।

किंग खान करेंगे आइटम नंबर...



‘दर्द ए डिस्को’ पर डांस कर सबको चौंका देने वाले बॉलीवुड के किंग खान अपने आइटम नंबर को लेकर एक बार फिर चर्चा में है। इस बार उन्होंने अपनी होम प्रोडक्शन फिल्म ‘आल्वेज कभी कभी’ में आइटम नंबर किया हैं।

रोशन अब्बास द्वारा निर्देशित इस फिल्म का निर्माण शाहरुख खान की रेड चिलीज इंटरटेंमेंट कर रही है, और फिल्म की कहानी हाई स्कूल की लाइफ पर आधारित है। इस फिल्म के जरीये अब्बास पहली बार निर्देशन में हाथ आजमा रहे हैं।

अब्बास ने कहा कि फिल्म में एक आइटम सांग है जिसमें चारों अदाकारों और एक बहुत ही लोकप्रिय स्टार ने किया है। आप केवल इंजतार कीजिए और देखते रहिए। शाहरुख इससे पहले भी रितिक की होम प्रोडक्शन फिल्म ‘क्रेजी 4’ और करण जौहर की ‘काल’ में आइटम नंबर कर चुके हैं।



मैं किसी भी जाँच के लिये तैयार हूं: प्रधानमंत्री


भ्रष्टाचार के कारण केंद्र सरकार लगातार विपक्ष के निशाने का शिकार बनती आ रही है। आज, रेस कोर्स स्थित पीएम आवास पर हुए संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री ने घोटालों के मुद्दों पर अपना पक्ष रखा। प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बोलते हुए कहा है कि वो किसी भी जांच के लिये तैयार हैं। आज इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के संपादकों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि घोटालों ने देश की छवि को खराब कर दिया है और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि अपने देश को घोटालों का देश बताकर हम अपना आत्मविश्वास कम कर रहे हैं। भ्रष्टाचार का माहौल अच्छा नहीं। इससे हमारा आत्मविश्वास और भारत की छवि दोनों खराब होती है।

पीएम ने कहा कि मैं किसी भी जाँच के लिए तैयार हूँ। मुझे जेपीसी या किसी अन्य जाँच का कोई डर नहीं। मुझे अपनी जिम्मेदारियों का अहसास है और मैंने इस्तीफा देने का कभी नहीं सोचा। उन्होंने वादा किया कि भ्रष्टाचार से कड़ाई से निपटते हुए दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि बजट सत्र के बाद मंत्रिमंडल में बदलाव होगा। यूपीए गठबंधन बहुत मजबूत है पर गठबंधन सरकार की अपनी मजबूरियाँ भी होती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार 2जी स्पेक्ट्रम, राष्ट्रमंडल खेलों, इसरो और आदर्श घोटालों के संदर्भ में सभी दोषियों, चाहे वह किसी भी पद पर हों, को कानून में दायरे में लाने को लेकर गंभीर है। मनमोहन ने कहा कि यह मेरी समझ से परे है कि संसद को केवल कुछ कारणों से नहीं चलने दिया गया, हम अगले सत्र को सुचारू तरीके से चलाने को लेकर ईमानदार प्रयास कर रहे हैं।

मनमोहनसिंह ने कहा कि 1.76 लाख करोड़ के 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में उन्होंने 2007 में ही ए राजा को पत्र लिखकर चिंता जताई थी। इस पर राजा ने उन्हें आश्वस्त किया था कि पूरी पारदर्शिता रखी जाएगी। इस मामले में राजा से इस्तीफा ले लिया गया है। ए राजा को दोबारा मंत्री बनाने के बारे में एक सवाल पर मनमोहन ने कहा कि मुझे ए राजा के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं लेकिन मैं उस स्थिति में नहीं था कि इस बात का फैसला कर सकूँ कि इस मामले में सचमुच कुछ गंभीर गड़बड़ी हुई।

पीएम ने कहा कि मैं इस बात से इनकार नहीं करता कि शासन की गुणवत्ता सुधारनी होगी। 2-जी स्पेक्ट्रम आवंटन में राजस्व नुकसान को लेकर कई आकलन हैं। मैं नहीं मानता कि कोई ऐसा फूलप्रूफ सिस्टम है, जिससे नुकसान का सटीक अंदाजा लगाया जा सके। मनमोहन ने कहा कि सरकार आर्थिक वृद्धि को प्रभावित किए बिना मुद्रास्फीति से निपटने की कोशिश कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुद्रास्फीति मार्च तक 7 फीसद के स्तर पर आ जाएगी और चालू वित्त वर्ष में आर्थिक वृद्धि दर 8.5 फीसद रहेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंरिक सुरक्षा पर सरकार की नजर है। जम्मू-कश्मीर में हालात तेजी से सामान्य हो रहे हैं। उल्फा से भी बातचीत कर पूर्वी भारत शांति बहाली के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने मीडिया और विपक्ष से अपील की कि देश की तरक्की के लिए सरकार के साथ मिलकर काम करें।

उन्होंने कहा कि खाड़ी या पश्चिम एशिया के घटनाक्रम चिन्ता का विषय है लेकिन भारत में ऐसी कोई घटना होने की आशंका नहीं क्योंकि भारत एक लोकतांत्रिक देश है।

ग़ौरतलब है कि विपक्षी पार्टियों द्वारा 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में लगातार जेपीसी जांच की मांग की जा रही थी। और अब ताज़ा एस-बैंड़ स्पेक्ट्रम घोटाले ने भी पीएम को विपक्ष द्वारा आलोचनाओं का शिकार बना दिया था। लेकिन अब पीएम ने जांच के लिये हामी भरते हुए विपक्ष को कम से कम कुछ वक़्त के लिये तो शांत कर ही दिया है।

पोर्टमैन बनी सबसे पसंदीदा पत्नी




लंदन: हॉलीवुड की पसंदीदा जोड़ीदार को लेकर किए गए एक मतदान में खूबसूरत अभिनेत्री नताली पोर्टमैन पत्नी के रूप में पहले नंबर पर है, जबकि ब्रिटेन के प्रिंस हैरी अपने भाई विलियम और अभिनेता राबर्ट पटिनसन को पछाड़ कर सबसे पसंदीदा पति बने।

‘माय ओके, वेडिंग’ मैग्जीन द्वारा करवाए गए मतदान में ‘ब्लैक स्वान’ के लिए मशहूर नताली ने मेगन फोक्स, पॉप गायिका चेर्ल कोल और कैट मिडल्टन को पछाड़ कर सबसे ज्यादा मत जीते और पत्नी के रूप में पहली पसंद का ताज पहना है। वहीं ‘रेहाब’ के लिए मशहूर एमी वाइनहाउस को सबसे कम मत मिले जबकि लिंडसे लोहान और गायिका ब्रिटनी स्पीयर क्रमश: दूसरे और तीसरे नबंर पर रहीं।

माय ओके, वेडिंग के प्रवक्ता ने कहा कि वो इन नतीजों से हैरान हैं। हैरी ने अफगानिस्तान में किए अपने कामों से खुद को दुनिया के सामने साबित किया और अब अपने भाई, पटिनसन सहित सभी उम्मीदवारों को पीछे छोड़ कर पहले नंबर रहे। जबकि ‘टू एंड ए हॉफ मैन’ के लिए मशहूर अभिनेता चार्ली शीन को पति के रूप में सबसे कम पसंद किया गया।

अभी नहीं बढ़ेंगे, पेट्रोल-डीजल के दाम


नई दिल्ली: अब पेट्रोलियम मंत्रालय में बदलाव का असर दिखने लगा है। वर्तमान पेट्रोलियम मंत्री जयपाल रेड्डी ने कहा है कि मुक्त बाजार व्यवस्था में भी जनभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। जबकि पूर्व पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा पेट्रोल के दाम बढऩे पर यह कहकर पल्ला झाड़ते थे कि वह ‘नियंत्रण मुक्त’ हो चुका है, सरकार कुछ नहीं कर सकती।

फिलहाल रेड्डी ने कहा है कि डीजल, मिट्टी के तेल ही नहीं बल्कि नियंत्रण मुक्त हुए पेट्रोल के दाम में भी फिलहाल बढ़ोतरी की कोई संभावना नहीं है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत एक सौ अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने के बाद माना जा रहा था कि सरकार दाम वृद्धि कर सकती है। रेड्डी ने कहा कि सरकार ने भले ही पेट्रोल के दाम को नियंत्रण मुक्त कर दिया हो लेकिन मुक्त बाजार व्यवस्था में भी जन-भावना को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि इस साल सरकारी तेल कंपनियों को रियायती दर पर एलपीजी, डीजल बेचने से 80 हजार करोड़ रुपए या फिर 1 लाख करोड़ रुपए तक का नुकसान हो सकता है लेकिन अभी तक दाम वृद्धि पर किसी तरह का विचार नहीं किया जा रहा है।

विश्वकप के बीच ट्वीट करने पर प्रतिबंध




नई दिल्ली: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने विश्व कप क्रिकेट स्पर्धा के दौरान सामाजिक मेलजोल वेबसाइट 'ट्विटर' के इस्तेमाल से खिलाड़ियों को प्रतिबंधित कर दिया है। स्पॉट फिक्सिंग जैसी घटनाओं को रोकने के लिए आईसीसी ने यह कदम उठाया है।

ऑस्ट्रेलिया के टीम मैनेजर स्टीव बर्नार्ड द्वारा एशेज श्रृंखला के दौरान की गयी एक लोकप्रिय ट्वीट के बाद आईसीसी की भ्रष्टाचार निरोधक ईकाई ने यह कदम उठाया। बर्नार्ड की इस ट्वीट पर एक हजार से ज्यादा लोगों ने टिप्पणी की थी। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले हफ्ते जब ऑस्ट्रेलियाई टीम बेंगलुरु पहुंची तो आईसीसी ने बर्नार्ड को सूचित किया कि विश्व कप के दौरान कोई भी खिलाड़ी या अधिकारी मैचों के दौरान ट्वीट नहीं कर सकेगा।


आईसीसी प्रवक्ता जेम्स फिट्ग्राल्ड के कहा कि हम किसी के आनंद में खलल नहीं डालना चाहते, लेकिन सावधानी में भी हम कोई चूक नहीं चाहते हैं। उन्होंने कहा, कि खेलों के दौरान कोई भी संवेदनशील जानकारी लीक ना हो इसलिये यह कदम उठाया गया है। यह व्यवस्था न केवल ऑस्ट्रेलिया बल्कि विश्व कप में भाग लेने वाली सभी टीमों के लिए है। हालांकि आईसीसी ने खिलाड़ियों और अधिकारियों को ऐसे समय में ट्वीट करने की छूट दे दी है जब मैच नहीं चल रहे हों।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York