
नई दिल्ली : क्रिकेट में टीम इंडिया के पूर्व सफ़लतम कप्तानों में गिने जाने वाले हैदराबाद के कलात्मक बल्लेबाज़ और मुरादाबाद से कांग्रेस के सांसद मोहम्मद अजहरुद्दीन ने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर को लेकर कुछ अचंभित बातें कहकर सबको चौंका दिया है। जहां एक ओर पूरे देश में सचिन की वाह-वाह हो रही है वहीं पूर्व कप्तान की इन बातों ने शायद एक नई बहस को जन्म दे दिया है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन ने एक मैगजीन को दिए गए इंटरव्यू में क्रिकेट के भगवान माने जाने वाले सचिन तेंदुलकर पर तीखे प्रहार किए।
जब अजहर से पूछा गया कि क्या सचिन एक कमजोर कप्तान थे, तो इस पर उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। अजहरुद्दीन ने कहा, "मैं उसके (तेंडुलकर) के बारे में कुछ नहीं कहना चाहता। कुछ लोग ऐसे हैं जिनके बारे में बात करना मुझे बिल्कुल पसंद नहीं है।"
ग़ौरतलब है कि एक समय में अज़हर और सचिन के बीच कप्तानी को लेकर रसाकशीं की ख़बरें आती रहती थीं। शायद दोनों के बीच पैदा हुआ उस समय का विवाद अब तक सुलझ नहीं पाया है। क्योंकि, सचिन के साथ सालों तक खेलने वाले अजहर ने कहा कि सचिन कप्तानी में कभी भी मुझसे आगे नहीं निकल सकते। दोनों ही खिलाड़ियों ने एक दूसरे की कप्तानी में खेला है।
उल्लेखनीय है कि ऐसा कहा जाता है कि सचिन तेंडुलकर की कप्तानी में अजहरुद्दीन जानबूझकर खराब खेलते थे। इस विषय पर हैदराबाद के इस पूर्व बल्लेबाज ने कहा, "ये बिल्कुल गलत है। आप आंकड़े देख सकते हैं। तेंडुलकर की कप्तानी में मैंने सभी अन्य खिलाड़ियों से अधिक रन बनाए थे।"
टीम इंडिया के सफलतम कप्तानों में शुमार रहे अजहर अब क्रिकेट से कोई नाता नहीं रखते। अजहरुद्दी ने कहा, "मैं अब किसी के संपर्क में नहीं हूं। मेरी एक अलग जिंदगी है और मैं इसके लिए ईश्वर का शुक्रगुजार हूं। क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद से मैं सिर्फ कपिल देव से एक बार मिला हूं। मुझे उनका अंदाज बहुत अच्छा लगता है।"
"मुझे क्रिकेट देखने तक का समय नहीं मिलता। लेकिन जब भी मैच देखता हूं तो मुझे वीवीएस लक्ष्मण की बल्लेबाजी देखना अच्छा लगता है। लक्ष्मण का क्लास और उनका स्टाइल टीम के किसी अन्य खिलाडी में देखने को नहीं मिलता।"
No comments:
Post a Comment