Showing posts with label 04-03-2011. Show all posts
Showing posts with label 04-03-2011. Show all posts

Friday, March 4, 2011

कर्ज़दार देशों की सूची में भारत को 5वां स्थान


नई दिल्ली : आर्थिक क्षेत्र में दुनिया भर में अपना लोहा मनवा चुके भारत को बडा धक्का लगा है। वर्ल्ड बैंक की एक रिपोर्ट के अनुसार भारत को दुनिया भर के देशों की सूची में पांचवा स्थान प्राप्त हुआ। लेकिन ये स्थान प्राप्त होना, कोई ख़ुशी का मौक़ा नहीं है बल्कि एक गहरी सोच और मंथन का विषय है। लगातार तेजी से आर्थिक तरक्की कर रहे भारत को, आर्थिक मोर्चे पर ही बड़ा धक्का लग गया है।

दरअसल अब भारत विश्व का पांचवा सबसे बड़ा कर्जदार देश बन गया है। सितंबर 2010 को समाप्त तिमाही के दौरान भारत के उपर 1,332,195 करोड़ का बाहरी कर्ज रहा है। इससे पहले मार्च 2010 को समाप्त तिमाही में बाहरी कर्ज 1,184,998 करोड़ रुपये रहा था।

इस बात का खुलासा वर्ल्ड बैंक के ‘ग्लोबल डेवेलपमेंट फाइनैंस 2010’ रिपोर्ट में हुआ है। इस लिस्ट में दुनियाभर के 20 सबसे कर्जदार देशों के नाम का जिक्र है। जिसमें भारत पांचवे पायदान पर रहा है।

वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने आज लोक सभा में पूछे गए एक प्रश्न के जबाव में यह जानकारी संसद को दी। उन्होंने यह भी बताया कि इस लिस्ट में पहले नंबर पर रूस का नाम है। जबकी दूसरे नंबर पर चीन, तीसरे पायदान पर तुर्की और चौथे स्थान पर ब्राजील का नाम है।

ग़ौरतलब है कि अगर केंद्रीय सरकार, स्विस बैंकों में जमा काले धन को भारत वापस लाने में सफ़ल हो पाती है तो भारत के सर से क़र्ज़ का एक बडा बोझ काफ़ी हद तक हल्का हो सकेगा। एक अनुमान के मुताबिक़, स्विस बैंकों में जमा भारत के 87 लाख करोड रूपयों में से कितना पैसा इन्कम टैक्स के ज़रिये सरकारी खातों में जाएगा, इस बात का तो अंदाज़ा भी नहीं लगाया जा सकता। अगर काला धन वापस आ जाता है तो भारत, अपने ऊपर चढ़ा क़र्ज़ उतारकर दूसरे देशों को क़र्ज़ देने की स्थिति में आ जाएगा।

प्रसार भारती के पूर्व सीईओ के घर सीबीआई के छापे


केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने राष्ट्रमंडल खेलों के प्रसारण अधिकार आवंटन में बरती गई अनियमितताओं के संबंध में प्रसार भारती के पूर्व सीईओ बीएस लाली के घर और कार्यालय पर सीबीआई ने छापे मारे। वहीं प्रसारण कंपनी जूम कम्यूनिकेशन्स के निदेशक वसीम देहलवी के घरों और कार्यालयों पर भी सीबीआई ने छापे मारे।

सूत्रों के मुताबिक लाली के पंडारा रोड स्थित आवास और मण्डी हाउस स्थित कार्यालय पर छापे मारे गए जबकि देहलवी के ग्रेटर कैलाश स्थित घर और कालकाजी स्थित कार्यालय पर छापे मारे गए।

गौरतलब है कि सीबीआई ने राष्ट्रमंडल खेलों के प्रसारण अधिकारों के आवंटन में प्रसार भारती द्वारा बरती गई अनियमितताओं के आरोप में कल रात लाली सहित कई लोगों पर भ्रष्टाचार निरोधक कानून और भारतीय दण्ड संहिता के तहत मामला दर्ज किया था। निजी भारतीय कंपनी जूम कम्युनिकेशन्स को 1.77 करोड़ रुपए का ठेका एसआईएस लाईव से मिला था।

इस छापेमारी के बाद राष्ट्रमंडल खेलों के प्रसारण में हुए भ्रष्टाचार की भी परतें खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।

वर्ल्ड कप: वेस्टइंडीज़ के हाथों बांग्लादेश की शर्मनाक हार


मीरपुर : विश्व कप के अपने तीसरे मैच में बांग्लादेश को वेस्टइंडीज़ के हाथों शर्मनाक हार का सामना करना पडा। इससे पहले, मेज़बान बांग्लादेश विश्व कप इतिहास के चौथे सबसे न्यूनतम स्कोर ५८ रन पर आल आउट हो गया था। ५८ रन का लक्ष्य हासिल करने में वेस्टइंडीज़ को कोई ख़ास परेशानी नहीं हुई। वेस्टइंडीज़ ने महज़ एक विकेट खोकर यह लक्ष्य १७.५ ऒवर में हासिल कर लिया।

ग्रुप बी के मैच में वेस्टइंडीज़ के गेंदबाज़ों ने ऐसा कहर बरपाया कि पूरी बांग्लादेश टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई। बांग्लादेश की पूरी टींम महज़ १८.५ ओवरों में ५८ रन पर आल आउट हो गई। बांग्लादेश की ओर से जुनैद सिद्दीक़ी ने ४ चौकों की मदद से सर्वाधिक २५ रन बनाए, इनके अलावा पूर्व कप्तान अशरफ़ुल ने २ चौके लगाकर ११ रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज़ दहाई का आंकडा भी नही छू सका। वेस्टइंडीज़ की ओर से के रोच ने अपने ६ ओवरों में १९ रन देकर ३ विकेट लिये। जबकि बेन ने १८ रन देकर ४ बल्लेबाज़ों को पवेलियन की राह दिखाई। इनके अलावा सैमी ने २१ रन देकर ३ सफ़लता प्राप्त की।

जवाब में वेस्टइंडीज़ ने क्रिस गेल के ३६ और ब्रावो के २६ नाबाद रनों की बदौलत १७.५ ओवर में ही यह लक्ष्य हासिल कर लिया।

बोफोर्स मामला: कोर्ट ने मंजूर की सीबीआई की क्‍लोजर रिपोर्ट


नई दिल्ली : दो दशक पुराने बोफोर्स घोटाला मामले में इटली के व्यापारी ओत्तावियो क्वात्रोच्चि के खिलाफ मामला खत्म करने के लिये सीबीआई द्वारा दायर की गई अपील को मंज़ूर कर लिया गया है। दिल्ली की तीस हाजरी कोर्ट ने ये फ़ैसला सुनाया। केस में आगे सुनवाई की गुंजाइश नहीं होने की बात कहते हुए कोर्ट ने केस बंद कर दिया है और सीबीआई की क्लोज़र रिपोर्ट मंज़ूर कर ली है।

21 फरवरी को मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट विनोद यादव ने 70 वर्षीय क्वात्रोच्चि के खिलाफ मामला खत्म करने की सीबीआई की अपील पर अपना आदेश चार मार्च तक के लिए सुरक्षित रख लिया था. गौरतलब है कि क्वात्रोच्चि मुकदमे का सामना करने के लिये आज तक भारत के किसी भी अदालत में पेश नहीं हुआ। कांग्रेस ने इस बारे में टिपण्णी करते हुए कहा कि बोफोर्स केस झूठ का पुलिंदा था। वहीं याचिकाकर्त्ता अजय अग्रवाल का कहना है कि इस फैसले से गलत संदेश जाएगा और वो इस फैसले के खिलाफ अपील करेंगे।

मजिस्ट्रेट विनोद यादव के समक्ष दाखिल लिखित दलील में अजय अग्रवाल ने कहा कि क्वात्रोक्की का बेटा मासिमो क्वात्रोच्चि अभी भी हर महीने 8 से 10 बार भारत की यात्रा करता है। पहले उसके पिता बिचौलिए की भूमिका निभा रहे थे और अब इस काम को वह संभाल रहा है। अदालत शुक्रवार को इस दलील पर संज्ञान लेते हुए महत्वपूर्ण फैसला सुनाया। दरअसल, सीबीआई ने अक्तूबर 2009 में अदालत से क्वात्रोच्चि के खिलाफ मामला खत्म करने की इजाजत मांगी थी. सीबीआई ने इसके लिए यह दलील दी थी कि उसपर जारी अभियोजन विभिन्न कारणों से अनुचित है।

इन कारणों से क्वात्रोच्चि का प्रत्यर्पण कराने में सीबीआई को दो बार नाकाम होना पडा- जांच एजेंसी 2003 में उसे मलेशिया से प्रत्यर्पित कराने में तथा 2007 में अर्जेंटीना से प्रत्यर्पित कराने में नाकाम रही है। बोफोर्स तोप करार में कथित तौर पर दलाली प्राप्ति को लेकर क्वात्रोच्चि के खिलाफ एक आरोपपत्र दाखिल किया गया था।

सीबीआई ने अक्टूबर 2009 में कोर्ट से इस केस को वापस लेने की अनुमति मांगते हुए कहा था कि कई कारणों को ध्यान में रखते हुए क्वात्रोच्चि पर कई सालों से चल लगातार चल रहा यह केस न्यायोचित नहीं है। गौरतलब है कि सीबीआई क्वात्रोच्चि के प्रत्यर्पण में दो बार असफल रही है- पहले 2003 में मलेशिया से और फिर 2007 में अरजेंटीना से।

गौरतलब है कि क्वात्रोच्चि के खिलाफ बोफोर्स तोप सौदे में रिश्वत देने का आरोप है। सीबीआई ने जनवरी 1990 में उसके खिलाफ पहला मामला दर्ज किया था और अक्टूबर 1999 और अक्टूबर 2000 उसके खिलाफ दो चार्जशीट दाखिल की गई थी।

वर्ल्ड कप: न्यूज़ीलैंड ने ज़िम्बाबवे को 10 विकेट से रौंदा


अहमदाबाद : ज़िम्बाबवे द्वारा दिये गये 163 रनों का पीछा कर रही न्यूज़ीलैंड की टीम ने ये लक्ष्य बिना कोई विकेट खोए हासिल कर लिया। दोनों सलामी बल्लेबाज़ों ने अर्धशतक लगाए। टास जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला ज़िम्बाबवे के लिये नुक़सानदायक साबित हुआ। ज़िम्बाबवे की टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई थी और 46.2 ओवरों में 162 रन पर सिमट गई थी।

न्यूज़ीलैंड की ओर से एमजे गुप्टिल ने 108 गेंदों में 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 86 रन बनाए। जबकि बी मक्कुलम ने 95 गेंदों पर 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 76 रन बनाए।

पहले बल्लेबाज़ी करते समय, जिम्बाब्वे के ओपनर ब्रेंडन टेलर ने सर्वाधिक 44 रन बनाए थे। इनके अलावा, उत्सेया के 36 रनों की बदौलत जिम्बाब्वे की टीम 150 के पार तक पहुंचा पाई थी। जिम्बाब्वे को केवल 2 रन पर पहला झटका लगा जब बेनेट ने कोवेन्ट्री को रन आउट कर दिया। फिर तभी से जिम्बाब्वे के विकेट पतन का सिलसिला लगातार जारी रहा। जिम्बाब्वे का मध्यक्रम भी पूरी तरह विफल रहा। जिम्बाब्वे ने 89 रन पर अपने 7 विकेट खो दिये थे। फिर 8वें विकेट के लिये 33 रन और 9वें विकेट के लिये 35 रनों की साझेदारी हुई जिसकी बदौलत जिम्बाब्वे की टीम 150 का आंकडा पार कर सकी।

न्यूज़ीलैंड की ओर से साउथी ने 29 रन देकर 3 विकेट लिये जबकि मिल्स और विटोरी को 2-2 सफ़लता मिली। स्टायरिस ने भी अपने 4 ओवरों में 13 रन देकर 1 विकेट लिया।

वर्ल्ड कप: महज़ 58 रन पर ढ़ेर हुए बंगाली टाइगर्स


मीरपुर : ग्रुप बी के मैच में वेस्टइंडीज़ के गेंदबाज़ों ने बांग्लादेशों के चीतों को उनके घर में ही ढ़ेर कर दिया। बांग्लादेश की पूरी टीं महज़ 18.5 ओवरों में 58 रन पर आल आउट हो गई। वेस्टइंडीज़ की क़हर बरपाती गेंदों के आगे पूरी बांग्लादेशी टीम ने घुटने टेक दिये। वेस्टइंडीज़ के तीन गेंदबाज़ों ने ही पूरी बांग्लादेश की पूरी टीम का काम तमाम कर दिया।

बांग्लादेश की ओर से जुनैद सिद्दीक़ी ने 4 चौकों की मदद से सर्वाधिक 25 रन बनाए, इनके अलावा पूर्व कप्तान अशरफ़ुल ने 2 चौके लगाकर 11 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज़ दहाई क आंकडा भी नही छू सका। वेस्टइंडीज़ की ओर से के रोच ने अपने 6 ओवरों में 19 रन देकर 3 विकेट लिये। जबकि बेन ने 18 रन देकर 4 बल्लेबाज़ों को पवेलियन की राह दिखाई। इनके अलावा सैमी ने 21 रन देकर 3 सफ़लता प्राप्त की।

बाबरी मस्जिद विध्वंस: आडवाणी, ठाकरे समेत 20 को नोटिस


नई दिल्ली : आज, सर्वोच्च न्यायालय ने बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, शिवसेना के सुप्रीमो बाल ठाकरे सहित कुल 21 लोगों को अयोध्या में बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने नेताओं से चार हफ्तों में जवाब मांगा है। यह नोटिस, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की उस याचिका के बाद दिया गया है, जिसमें सीबीआई ने इन नेताओं को बाबरी मस्जिद ढहाने की साजिश रचने के आरोप में अभियुक्त बनाने की इजाजत मांगी थी।

इस मामले में इलाहाबाद होई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने इन नेताओं के खिलाफ मस्जिद गिराने के साजिश रचने के आरोप खारिज कर दिए थे, जिसे सीबीआई ने 9 महीने बाद पिछले महीने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।

गौरतलब है कि बाबरी विध्वंस मामले में दर्ज एफआईआर में कहा गया था कि मस्जिद गिराने के लिए इन तमाम लोगों ने आपराधिक साजिश रची थी, जिसके आधार पर सीबीआई ने सर्वोच्च न्यायालय से इन लोगों के खिलाफ अपराधिक मुकदमा चलाने का आदेश मांगा था।

6 दिसंबर 1992 को उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बाबरी मस्जिद को गिरा दिया गया था। इस मामले में दो एफआईआर दर्ज कराई गई थीं। इन शिकायतों में से पहली शिकायत तो अज्ञात लोगों के खिलाफ थी, जबकि दूसरी में आडवाणी के अलावा 19 और लोगों को आरोपी बनाया गया था। आरोपियों में उमा भारती, कल्याण सिंह, मुरली मनोहर जोशी, विश्व हिंदू परिषद के नेता अशोक सिंघल और गिरिराज किशोर, विनय कटियार, विष्णु हरि डालमिया, साध्वी ऋतंभरा और महंत अवैद्य नाथ का नाम भी शामिल था।

सीबीआई की विशेष अदालत ने 2001 में इन नेताओं पर लगे आरोप हटाने का फैसला दिया था। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि इन नेताओं के खिलाफ आपराधिक साजिश का मामला इसलिए नहीं चलाया जा सकता क्योंकि वे बाबरी मस्जिद के आसपास नहीं बल्कि रामकथा कुंज के पास में थे। इस फैसले को सीबीआई ने इलाहाबाद हाई कोर्ट में चुनौती दी, लेकिन 20 मई 2010 को अपने फैसले में लखनऊ बेंच ने निचली अदालत के निर्णय को बरकरार रखा था।

सीबीआई ने लखनऊ बेंच के फैसले के 9 महीने बाद सुप्रीम कोर्ट में स्पेशल लीव पेटिशन डाली थी। जांच एजेंसी ने सुप्रीम कोर्ट से याचिका दायर करने के लिए हुई देरी को माफ करने की भी अपील की थी। नियम के मुताबिक, सीबीआई को हाई कोर्ट के फैसले के 90 दिनों के भीतर यानी पिछले साल 19 अगस्त तक याचिका दायर करनी चाहिए थी। गौरतलब है कि ६ दिसंबर, ९९९२ को उत्तर प्रदेश के फैजाबाद जिले में मौजूद अयोध्या में विवादास्पद बाबरी मस्जिद को ढहा दिया गया था। इस मामले में बीजेपी, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और शिवसेना के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया था।

कंप्यूटर टीचर बना 8 साल का आफ़ताब


बिहार: क्या आपने कभी 8 साल के टीचर को देखा है। शायद आपको सुनने में अजीब लगे लेकिन यह बिल्कुल सच है। कक्षा तीन में पढ़ने वाला 8 साल का नन्हा आफ़ताब एक निजी संस्थान में शिक्षक है, और अपने से दुगुनी-तिगुनी अधिक उम्र के लोगों को कंप्यूटर सिखाता है। जब वह कक्षा लेने क्लास के अन्दर दाखिल होता है लोग चौंक जाते हैं। नए छात्रों को तो यकीन ही नहीं होता कि यह बच्चा उन्हें पढ़ाने आया है। लेकिन जब चंद मिनटों में ही आफताब एमएस वर्ड, एमएस एक्सल, एमएस पावर प्वाइंट, डाटा इंट्री, करेक्टर मैंप, वीडियो इंप्रेशन, विंडो मिडिल प्लेयर, पेज मेकर, फोटो शॉप और फोटो इंप्रेशन की बात करना शुरू कर देता है अब उनका भ्रम टूट जाता है।

एक टेलर मास्टर मो. आशिक का पुत्र आफ़ताब अपने सात भाई-बहनों में सबसे छोटा है। उसके पिता का कहना हैं कि जब वह छह साल का था, तभी उसे कम्प्यूटर सीखने की चाहत हुई थी। इसके बाद उसके पिता ने मेन रोड स्थित काम्पैक्ट कम्प्यूटर एजुकेशन प्वाइंट में उसका रजिस्ट्रेशन करा दिया। जब संस्थान के निदेशक ने उससे कुछ सवाल-जवाब किये तो आफ़ताब की इस छोटी उम्र में इतनी प्रतिभा देख वो भी हैरत में पड़ गए और उन्होंने उसे मुफ्त शिक्षा देने का फैसला किया। अभी कुछ ही माह बीते थे कि उसने कम्प्यूटर में निपुणता हांसिल कर ली। अब वह इतना कुछ सीख गया कि संस्थान में ही पढ़ाने लगा। वह पिछले एक साल से वह संस्था में छात्रों को कम्प्यूटर का प्रशिक्षण दे रहा है।

इतनी कम उम्र में एडिशनल डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन की डिग्री लेने वाले आफताब का सपना आईएएस बनने का है। हालांकि, इसके बारे में उसे ज़्यादा जानकारी नहीं है लेकिन उसका कहना है कि वह डीएम बनेगा। वहीं सेंटर के निदेशक का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसी प्रतिभा अब तक नहीं देखी। एडिशनल डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन सिर्फ इंटर पास छात्रों को दिया जाता है। इतना ही नहीं आफ़ताब से पढ़ने वाले छात्र भी कहते हैं कि वह काफी सरल और सहज भाषा का उपयोग करता है। उससे पढ़ने में किसी कोई कोई दिक्कत नहीं आती। सभी बातें आसानी से समझ में आ जाती हैं।

लीबिया मुद्दे पर अमेरिका को ईरान की धमकी


त्रिपोली : लीबिया में जारी संकट अब गंभीर समस्या में तबदील होता जा रहा है। अमेरिका, इस मुद्दे में हस्तक्षेप कर लीबिया के शासक तानाशाह कर्नल मुअम्मर गद्दाफ़ी को घेरने की तैयारी में जुटा है। जहां एक ओर दुनिया के कई मुल्क, गद्दाफ़ी का विरोध कर अमेरिका की ज़ुबान बोल रहे हैं। तो वहीं हमेशा से अमेरिका की मुख़ालफ़त करने वाले ईरान ने धमकी के रूप में अमेरिका को साफ चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका या नाटो सेनाओं ने लीबिया में सैन्य कार्रवाई की तो उनके सैनिकों की वहां कब्रगाह बना दी जाएगी। लीबिया के मुद्दे पर विश्व अब दो हिस्सों में बंटता नज़र आ रहा है।

41 साल से लीबिया के शासन पर क़ाबिज़ तानाशाह मुअम्मर गद्दाफी ने भी धमकी दे डाली है कि यदि विदेशी सेनाओं के लीबिया में हस्तक्षेप किया तो हजारों लीबियाई नागरिक मारे जाएंगे और देश में खून की नदियां बहेंगी। गद्दाफी ने अपने समर्थकों और विदेशी मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि वे देश को बचाने के लिए अंतिम व्यक्ति तक से लड़ाई लड़ेंगे।

लीबिया का संकट धीरे-धीरे बड़े युद्ध में भी बदलने के आसार दिख रहे हैं। अमेरिका के विरोधी देश, धीरे-धीरे या तो गद्दाफी के पक्ष में हैं या फिर वे चुप हैं। ईरान ने खुलकर धमकी दी है कि यदि नाटो सेनाओं ने लीबिया पर सैन्य कार्रवाई की तो वहां उसके सैनिकों की कब्रगाह बन जाएगी। ईरान के राष्ट्रपति मुहम्मद अहमजनेजाद ने धमकी दी कि यदि अमेरिका और उसके मित्र देशों ने उत्तरी अफ्रीका या फिर मध्य पूर्वी देशों में किसी पर भी हमला बोलने की कोशिश की, तो उन्हें करारा जवाब मिलेगा।

अमेरिका ने अपने दो युद्ध पोत लीबिया के लिए पहले ही रवाना कर दिए हैं, जो लीबिया के नजदीक पहुंच रहे हैं। अमेरिका और ब्रिटेन कह चुके हैं कि वे लीबिया को नो फ्लाइंग जोन घोषित करना चाहते हैं। इस बारे में संयुक्त राष्ट्र को अंतिम निर्णय लेना है।

फिल्म प्रोडक्शन करेंगी उर्मिला...


अपने अभिनय करियर के गिरते ग्राफ को देखते हुए उर्मिला मातोंडकर अब कुछ नया करने का मन बना रही हैं। मौजूदा समय की लोकप्रिय अभिनेत्रियों लारा दत्ता, सुष्मिता सेन, दीया मिर्जा और कट्रीना कैफ के फिल्म निर्माण में उतरने की घोषणा के बाद अब उर्मिला फिल्म इंडस्ट्री के अपने लंबे अनुभव का इस्तेमाल फिल्म प्रोडक्शन में करना चाहती हैं।

उर्मिला ने एक बातचीत में कहा, कि मैं फिल्म प्रोडक्शन के बारे में सोच रही हूं, लेकिन लोग यह न समझें कि मैं फिल्म डायरेक्ट करूंगी। वह मेरे वश की बात नहीं है। फिल्म डायरेक्शन एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी वाला काम है और उसके लिए धैर्य और समर्पण की भी जरूरत होती है। मैं उस काम में हाथ लगाने के बारे में सोच भी नहीं सकती। हां, जब मेरे पास वक्त होगा तब मैं उसके बारे में भी सोचूंगी। उर्मिला की यह योजना काफी एक्साइटिंग लग रही है।

गौरतलब है कि उर्मिला इन दिनों कलर्स चैनल के डांस रियलिटी शो चक धूम धूम-टीम चैलेंज में बतौर जज नजर आ रहीं हैं। लगता है कि उर्मिला अपने को व्यस्त रखने का यह नया तरीका ढूंढ रही हैं। अब देखना यह है, कि उर्मिला कब तक अपने बैनर की घोषणा करती हैं।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York