Showing posts with label Commonwealth Games 2010. Show all posts
Showing posts with label Commonwealth Games 2010. Show all posts

Friday, March 4, 2011

प्रसार भारती के पूर्व सीईओ के घर सीबीआई के छापे


केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने राष्ट्रमंडल खेलों के प्रसारण अधिकार आवंटन में बरती गई अनियमितताओं के संबंध में प्रसार भारती के पूर्व सीईओ बीएस लाली के घर और कार्यालय पर सीबीआई ने छापे मारे। वहीं प्रसारण कंपनी जूम कम्यूनिकेशन्स के निदेशक वसीम देहलवी के घरों और कार्यालयों पर भी सीबीआई ने छापे मारे।

सूत्रों के मुताबिक लाली के पंडारा रोड स्थित आवास और मण्डी हाउस स्थित कार्यालय पर छापे मारे गए जबकि देहलवी के ग्रेटर कैलाश स्थित घर और कालकाजी स्थित कार्यालय पर छापे मारे गए।

गौरतलब है कि सीबीआई ने राष्ट्रमंडल खेलों के प्रसारण अधिकारों के आवंटन में प्रसार भारती द्वारा बरती गई अनियमितताओं के आरोप में कल रात लाली सहित कई लोगों पर भ्रष्टाचार निरोधक कानून और भारतीय दण्ड संहिता के तहत मामला दर्ज किया था। निजी भारतीय कंपनी जूम कम्युनिकेशन्स को 1.77 करोड़ रुपए का ठेका एसआईएस लाईव से मिला था।

इस छापेमारी के बाद राष्ट्रमंडल खेलों के प्रसारण में हुए भ्रष्टाचार की भी परतें खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Wednesday, February 16, 2011

मैं किसी भी जाँच के लिये तैयार हूं: प्रधानमंत्री


भ्रष्टाचार के कारण केंद्र सरकार लगातार विपक्ष के निशाने का शिकार बनती आ रही है। आज, रेस कोर्स स्थित पीएम आवास पर हुए संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री ने घोटालों के मुद्दों पर अपना पक्ष रखा। प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बोलते हुए कहा है कि वो किसी भी जांच के लिये तैयार हैं। आज इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के संपादकों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि घोटालों ने देश की छवि को खराब कर दिया है और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि अपने देश को घोटालों का देश बताकर हम अपना आत्मविश्वास कम कर रहे हैं। भ्रष्टाचार का माहौल अच्छा नहीं। इससे हमारा आत्मविश्वास और भारत की छवि दोनों खराब होती है।

पीएम ने कहा कि मैं किसी भी जाँच के लिए तैयार हूँ। मुझे जेपीसी या किसी अन्य जाँच का कोई डर नहीं। मुझे अपनी जिम्मेदारियों का अहसास है और मैंने इस्तीफा देने का कभी नहीं सोचा। उन्होंने वादा किया कि भ्रष्टाचार से कड़ाई से निपटते हुए दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि बजट सत्र के बाद मंत्रिमंडल में बदलाव होगा। यूपीए गठबंधन बहुत मजबूत है पर गठबंधन सरकार की अपनी मजबूरियाँ भी होती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार 2जी स्पेक्ट्रम, राष्ट्रमंडल खेलों, इसरो और आदर्श घोटालों के संदर्भ में सभी दोषियों, चाहे वह किसी भी पद पर हों, को कानून में दायरे में लाने को लेकर गंभीर है। मनमोहन ने कहा कि यह मेरी समझ से परे है कि संसद को केवल कुछ कारणों से नहीं चलने दिया गया, हम अगले सत्र को सुचारू तरीके से चलाने को लेकर ईमानदार प्रयास कर रहे हैं।

मनमोहनसिंह ने कहा कि 1.76 लाख करोड़ के 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में उन्होंने 2007 में ही ए राजा को पत्र लिखकर चिंता जताई थी। इस पर राजा ने उन्हें आश्वस्त किया था कि पूरी पारदर्शिता रखी जाएगी। इस मामले में राजा से इस्तीफा ले लिया गया है। ए राजा को दोबारा मंत्री बनाने के बारे में एक सवाल पर मनमोहन ने कहा कि मुझे ए राजा के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं लेकिन मैं उस स्थिति में नहीं था कि इस बात का फैसला कर सकूँ कि इस मामले में सचमुच कुछ गंभीर गड़बड़ी हुई।

पीएम ने कहा कि मैं इस बात से इनकार नहीं करता कि शासन की गुणवत्ता सुधारनी होगी। 2-जी स्पेक्ट्रम आवंटन में राजस्व नुकसान को लेकर कई आकलन हैं। मैं नहीं मानता कि कोई ऐसा फूलप्रूफ सिस्टम है, जिससे नुकसान का सटीक अंदाजा लगाया जा सके। मनमोहन ने कहा कि सरकार आर्थिक वृद्धि को प्रभावित किए बिना मुद्रास्फीति से निपटने की कोशिश कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुद्रास्फीति मार्च तक 7 फीसद के स्तर पर आ जाएगी और चालू वित्त वर्ष में आर्थिक वृद्धि दर 8.5 फीसद रहेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंरिक सुरक्षा पर सरकार की नजर है। जम्मू-कश्मीर में हालात तेजी से सामान्य हो रहे हैं। उल्फा से भी बातचीत कर पूर्वी भारत शांति बहाली के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने मीडिया और विपक्ष से अपील की कि देश की तरक्की के लिए सरकार के साथ मिलकर काम करें।

उन्होंने कहा कि खाड़ी या पश्चिम एशिया के घटनाक्रम चिन्ता का विषय है लेकिन भारत में ऐसी कोई घटना होने की आशंका नहीं क्योंकि भारत एक लोकतांत्रिक देश है।

ग़ौरतलब है कि विपक्षी पार्टियों द्वारा 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में लगातार जेपीसी जांच की मांग की जा रही थी। और अब ताज़ा एस-बैंड़ स्पेक्ट्रम घोटाले ने भी पीएम को विपक्ष द्वारा आलोचनाओं का शिकार बना दिया था। लेकिन अब पीएम ने जांच के लिये हामी भरते हुए विपक्ष को कम से कम कुछ वक़्त के लिये तो शांत कर ही दिया है।

Thursday, January 20, 2011

ऑस्ट्रेलियाई फर्म करेगी ’कॉमनवेल्थ आयोजन समिति’ पर मुकदमा

नई दिल्ली. अक्टूबर, 2010 में भारत में आयोजित कॉमनवेल्थ खेलों में कोरियोग्राफी करने वाली ऑस्ट्रेलिया की एक कंपनी ने इन खेलों की आयोजन समिति पर मुकदमा करने जा रही है। अक्टूबर, 2010 में कॉमनवेल्थ खेलों के उद्घाटन और समापन समारोह में ऑस्ट्रेलिया की एक फर्म ने अपनी सेवाएं दी थीं। अब, ऑस्ट्रेलिया की एक वेबसाइट के मुताबिक ये ही फ़र्म, कॉमनवेल्थ खेलों के आयोजकों के खिलाफ बकाया पैसों को लेकर कानूनी कार्रवाई करेगी।

उद्घाटन और समापन समारोह में कोरियोग्राफर, प्रोड्यूसर और कार्यकारी निर्देशक के रूप में काम करने वाले रिक बर्क ने कहा कि मैंने 12 लोगों की सेवाएं मुहैया कराई थीं। ये लोग उद्घाटन और समापन समारोह के कार्यक्रम तैयार करने में जुटे हुए थे। उन्होंने कहा कि हमने लाखों रुपये के बकाए के लिए कई बार आयोजन समिति से संपर्क साधा लेकिन हमें कोई कामयाबी हासिल नहीं हुई। रिक बर्क ने स्लेटर और गॉर्डन नाम की लॉ फर्म को राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति पर मुकदमा करने का काम सौंप दिया है। इतना ही नहीं ऑस्ट्रेलिया की करीब चार कंपनियों का ३० लाख डॉलर से ज़्यादा का भुगतान कॉमनवेल्थ खेलों के आयोजकों के पास फंसा हुआ है।


कॉमनवेल्थ खेलों को खत्म हुए तीन महीने बीत चुके हैं लेकिन कॉमनवेल्थ खेलों की आयोजन समिति, ऑस्ट्रेलियाई खेल संस्थाओं और कुछ इवेंट मैनेजमेंट कंपनियों का बकाया अभी तक नहीं चुका पाई है। एसीजीए के सीईओ पेरी क्रॉसवाइट ने कहा कि एसीजीए की तर्ज पर करीब 30 से 40 कंपनियों का भुगतान बकाया है। इस मुद्दे पर भारत सरकार भी हरकत में आ गई है। इधर, केंद्रीय खेल मंत्री अजय माकन का कहना है कि वह ऑस्‍ट्रेलिया सरकार के साथ बातचीत कर इस विवाद को सुलझा लेंगे।

Wednesday, October 6, 2010

भारतीय निशानेबाजों और पहलवानों ने दिलाये 5 स्वर्ण


राष्ट्रमंड़ल खेलों में मंगलवार का दिन भारत के नाम रहा। जहां भारतीय निशानेबाजों ने दो स्वर्ण पदक दिलाकर भारत को अच्छी शुरुवात दी वहीं पहलवानों ने शाम तक इसे कायम रखते हुए भारत को तीन और स्वर्ण पदक दिलाये। इस तरह मंगलवार को दांव पर लगे 18 स्वर्ण पदक में से भारत ने 5 स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिये है। अब भारत के नाम 5 स्वर्ण, ४ रजत और 2 कांस्य पदक सहित कुल 11 पदक है। भारत अब पदक तालिका में आस्ट्रेलिया के बाद अब दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। आस्ट्रेलिया अब तक 8 स्वर्ण, 9 रजत और 4 कांस्य पदक लेकर शीर्ष पर बना है।
उन्नीसवें राष्ट्रमंड़ल खेलों में मेजबान देश के लिये पहला स्वर्ण, बीजिंग ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा और गगन नारंग ने कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 10 मीटर राइफल पेयर्स स्पर्धा में जीता जबकि अनिसा सैयद और सर्नोबत राही ने 25 मीटर महिला पिस्टल पेयर्स में अचूक निशाना जमाते हुए भारत को दूसरा स्वर्ण दिलाया।
वहीं ओंकार सिंह और दीपक शर्मा ने पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल पेयर्स में रजत पदक जीता, जबकि विश्व चैम्पियन तेजस्विनी सावंत और लज्जाकुमारी गोस्वामी ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन पेयर्स में रजत पदक जीता।
निशानेबाजों के बाद पहलवानों ने अपना दम दिखाया, जिसमें रविंदर सिंह (60 किग्रा), संजय (74 किग्रा), और अनिल कुमार (96 किग्रा) ने ग्रीको रोमन शैली में आसानी से खिताब जीते।
कुश्ती में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने की शुरुआत रविंदर ने की जिन्होंने इंग्लैंड़ के क्रिस्टोफर टेरेन्स बोसोन को 7-0 से हराया। वहीं संजय ने चतुराई पूर्ण खेल दिखाते हुए दक्षिण अफ्रीका के रिचर्ड़ एड़िनाल को 2-0 से मात दी जबकि अनिल कुमार ने आस्ट्रेलिया के हसेन फकिरी पर शुरु से हावी होकर 6-0 से उन्हें चित करके भारत को कुश्ती में तीसरा स्वर्ण पदक दिलाया।

Sunday, October 3, 2010

राष्ट्रमंडल खेलों का उदघाटन आज




इतनी अटकलों के बीच आखिरकार राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत हो ही गयी। राष्ट्रमंडल खेलों का उदघाटन समारोह आज शाम को जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में होगा। लगभग तीन घंटे तक चलने वाले इस समारोह में भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत को पेश करेगा। जिसका दुनियाभर में टीवी पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। राष्ट्रमंडल खेलों के शुरुआत की आधिकारिक घोषणा भारत की राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील और ब्रिटेन के राजकुमार चार्ल्स करेंगे। ऐसा पहली बार हो रहा है कि दो लोग इस समारोह की शुरुआत कर रहे है।
खेलों की सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक खेल स्थल के आसपास 29 हज़ार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, और दिल्ली पुलिस के साथ भारतीय वायु सेना, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड, अर्धसैनिक बल मिलकर राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान सुरक्षा प्रदान करेंगे।
वर्ष 1982 में संपन्न एशियाई खेलों के बाद ये भारत में अब तक के सबसे बड़े खेल आयोजन हैं। तीन से 14 अक्टूबर तक चलने वाले इन खेलों में विभिन्न देशों के लगभग छह हज़ार खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

Thursday, September 23, 2010

चिदंबरम का आयोजन समिति को अल्टीमेटम

CWG की तैयारियों से नाखुश गृह मंत्री पी चिदंबरम ने नाराजगी जताते हुए आयोजन समिति को निर्देश दिया है कि वे जल्द से जल्द काम को खत्म करें, नहीं तो सुरक्षा देने में परेशानी होगी। चिदंबरम ने आयोजन समिति को काम पूरा करने के लिए कल तक की डेडलाइन दी है। उन्होंने सुरक्षा के मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा है कि अगर समय सीमा चूकी तो सुरक्षा देने में खलल हो सकता है। चिदंबरम ने सुरक्षा को लेकर एक बैठक बुलाई थी जिसमें गृह सचिव, आतंरिक सुरक्षा सचिव, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शामिल हुए। वहीं दिल्ली पुलिस कमिश्नर वाई एस डडवाल ने सुरक्षा इंतजामों पर संतुष्टि जताते हुए कहा है कि हमारी सुरक्षा फूलप्रूफ है।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York