Showing posts with label Black Money in Swiss Banks. Show all posts
Showing posts with label Black Money in Swiss Banks. Show all posts

Monday, March 7, 2011

जयललिता ने मीडिया संगठनों को भेजा कानूनी नोटिस



चेन्नई : अन्नाद्रमुक प्रमुख जयललिता ने अपना नाम हसन अली से जोड़े जाने से गुस्सा होकर उन खबरों के सिलसिले में द्रमुक समर्थित कलइग्नार टीवी सहित तीन मीडिया प्रतिष्ठानों को कानूनी नोटिस भेज कर बिना शर्त माफी मांगने के लिए कहा है। इस टीवी चैनल और कुछ अख़बारों में जयललिता का नाम पुणे के उद्योगपति हसन अली खान के साथ जोड़ा गया था।

खान पर विदेश में काला धन जमा करने का आरोप है। यह नोटिस मुंबई से निकलने वाले दोपहर के अखबार 'मिडे डे', चेन्नई स्थित द्रमुक के आधिकारिक मुखपत्र 'मुरासोली' और 'कलइग्नार टीवी' को भेजा गया है। जयललिता का कहना है कि यदि तीनों मीडिया प्रतिष्ठानों ने उनके नोटिस पर जवाब नहीं दिया तो वह कानूनी कार्रवाई करेंगी।

अधिवक्ता पीएच मनोज पाडियन के माध्यम से भेजे गए नोटिस में जयललिता ने तीनों मीडिया प्रतिष्ठानों से बिना शर्त माफी मागने के लिए कहा है। नोटिस में पाडियन ने कहा है कि खबरों में जो दावे किए गए उनकी कोई पुष्टि नहीं की गई थी और न ही इन दावों के समर्थन में कोई दस्तावेज है।

उन्होंने कहा कि मिड डे की खबर में एक अज्ञात जाच अधिकारी को यह कहते हुए बताया गया कि हसन अली खान के धन की जाच से संकेत की सुई एक महिला राजनीतिज्ञ की ओर जाती है जो दक्षिण भारत के एक राज्य की मुख्यमंत्री भी थी। हसन अली खान पर करोड़ों रुपये की कर चोरी का भी आरोप है। पाडियन ने कहा, 'यह भ्रामक, गलत तथ्य है और पीत पत्रकारिता है।'

उनके अनुसार, जयललिता साफ कह चुकी हैं कि उनका हसन अली से कोई लेना देना नहीं है। जयललिता ने ही विदेशी बैंकों में काला धन जमा करने वालों के खिलाफ बयान जारी किए और कार्रवाई करने पर जोर दिया।

अधिवक्ता ने कहा कि मिड डे की खबर मुरासोली और कलइग्नार टीवी की खबरों का स्रोत बन गई। तमिल दैनिक में महिला मुख्यमंत्री की पहचान जयललिता के रूप में की गई और एक झूठी खबर प्रकाशित की गई जिसका प्रसारण कलइग्नार टीवी पर हुआ। नोटिस में उन्होंने कहा है कि खबर के प्रकाशन से पहले तथ्यों की प्रामाणिकता की जाच नहीं की गई।

उन्होंने कहा कि मेरी मुवक्किल का कहना है कि इन खबरों में कोई सत्यता नहीं है। ये खबरें झूठी और बेबुनियाद हैं और इनका उद्देश्य मेरी मुवक्किल और उनकी पार्टी की छवि धूमिल करना है।

पाडियन ने कहा कि खबर के कारण जयललिता को जो नुकसान हुआ उसका आकलन नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि दैनिकों को बिना शर्त जयललिता से माफी मागनी चाहिए और माफीनामे का प्रकाशन प्रथम पृष्ठ पर करना चाहिए। कलइग्नार टीवी को इसका प्रसारण भी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई नोटिस मिलते ही की जानी चाहिए अन्यथा इन मीडिया प्रतिष्ठानों के खिलाफ कानून का दरवाजा खटखटाया जाएगा।

Friday, March 4, 2011

कर्ज़दार देशों की सूची में भारत को 5वां स्थान


नई दिल्ली : आर्थिक क्षेत्र में दुनिया भर में अपना लोहा मनवा चुके भारत को बडा धक्का लगा है। वर्ल्ड बैंक की एक रिपोर्ट के अनुसार भारत को दुनिया भर के देशों की सूची में पांचवा स्थान प्राप्त हुआ। लेकिन ये स्थान प्राप्त होना, कोई ख़ुशी का मौक़ा नहीं है बल्कि एक गहरी सोच और मंथन का विषय है। लगातार तेजी से आर्थिक तरक्की कर रहे भारत को, आर्थिक मोर्चे पर ही बड़ा धक्का लग गया है।

दरअसल अब भारत विश्व का पांचवा सबसे बड़ा कर्जदार देश बन गया है। सितंबर 2010 को समाप्त तिमाही के दौरान भारत के उपर 1,332,195 करोड़ का बाहरी कर्ज रहा है। इससे पहले मार्च 2010 को समाप्त तिमाही में बाहरी कर्ज 1,184,998 करोड़ रुपये रहा था।

इस बात का खुलासा वर्ल्ड बैंक के ‘ग्लोबल डेवेलपमेंट फाइनैंस 2010’ रिपोर्ट में हुआ है। इस लिस्ट में दुनियाभर के 20 सबसे कर्जदार देशों के नाम का जिक्र है। जिसमें भारत पांचवे पायदान पर रहा है।

वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने आज लोक सभा में पूछे गए एक प्रश्न के जबाव में यह जानकारी संसद को दी। उन्होंने यह भी बताया कि इस लिस्ट में पहले नंबर पर रूस का नाम है। जबकी दूसरे नंबर पर चीन, तीसरे पायदान पर तुर्की और चौथे स्थान पर ब्राजील का नाम है।

ग़ौरतलब है कि अगर केंद्रीय सरकार, स्विस बैंकों में जमा काले धन को भारत वापस लाने में सफ़ल हो पाती है तो भारत के सर से क़र्ज़ का एक बडा बोझ काफ़ी हद तक हल्का हो सकेगा। एक अनुमान के मुताबिक़, स्विस बैंकों में जमा भारत के 87 लाख करोड रूपयों में से कितना पैसा इन्कम टैक्स के ज़रिये सरकारी खातों में जाएगा, इस बात का तो अंदाज़ा भी नहीं लगाया जा सकता। अगर काला धन वापस आ जाता है तो भारत, अपने ऊपर चढ़ा क़र्ज़ उतारकर दूसरे देशों को क़र्ज़ देने की स्थिति में आ जाएगा।

Monday, February 21, 2011

बीजेपी सांसद का आरोप, स्विस बैंक में है सोनिया-राहुल का पैसा



नई दिल्ली : अब लगता है कि काला धन मामले में बीजपी और कांग्रेस के बीच वाकयुद्ध शुरू होने वाला है। बीजेपी सांसद राम जेठमलानी ने अब एक नई बहस को जन्म दे दिया है। जहां एक ओर बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से स्विस बैंकों में काला धन जमा करने के आरोप पर माफी मांगी है। लेकिन अब उनकी पार्टी के एक सांसद ने गांधी परिवार पर फिर यह आरोप दोहराया है। वरिष्ट एडवोकेट राम जेठमलानी ने सोमवार को कहा कि मैं मानता हूं कि गांधी परिवार ने स्विस बैंक में काफी धन जमा किया हुआ है।

संसद के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि इस बारे में स्विट्जरलैंड की कई पत्रिकाओं में लिखा गया है कि राहुल गांधी को स्विस बैंक से धन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस बारे में न्यूयार्क टाइम्स में विज्ञापन भी छपा है, जिसमें इस आरोप को दोहराया गया है।

ग़ौरतलब है कि बीजेपी ने कुछ समय पहले काले धन की पड़ताल के लिए एक टास्क फोर्स का गठन किया था। बीजेपी द्वारा इस कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर सोनिया गांधी और उनके पति पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी पर स्विस बैंक में एकाउंट होने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद पार्टी नेता लालकृष्ण आडवाणी ने भी कई सभाओं में सार्वजनिक रूप से कहा कि सोनिया गांधी को इस आरोप के बारे में स्पष्टीकरण देना चाहिए।

लेकिन इस आरोप के बाद सोनिया गांधी ने 15 फरवरी को एक कड़ा पत्र आडवाणी को लिखा और दावा किया कि उनके परिवार का कोई एकाउंट स्विस बैंक में नहीं है।इसके बाद आडवाणी ने सोनिया गांधी को एक पत्र लिखकर, स्विस बैंक के मामले में उनका नाम लेने के लिए माफी मांग ली।

लेकिन जेठमलानी ने कहा कि आडवाणी ने सोनिया गांधी से माफी नहीं मांगी है। जेठमलानी के अनुसार उन्होंने केवल इतना कहा है कि आपने (सोनिया गांधी) इतने साल तक स्विस बैंक मे गांधी परिवार का एकाउंट होने का खंडन नहीं किया और अब इतने साल बाद इसका स्पष्टीकरण दिया है।

Friday, February 18, 2011

आडवाणी ने सोनिया गांधी से माफ़ी मांगी


पिछले काफ़ी समय से विदेशों में जमा काले धन की वापसी के मामले में हुई ग़लती के कारण अब भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने यूपीए की चेयरमैन सोनिया गांधी से माफ़ी मांगी है। आडवाणी ने एक पत्र लिखकर, पार्टी की तरफ से सोनिया गांधी और राजीव गांधी के नाम पर विदेश में बैंक अकाउंट होने संबंधी आरोप पर माफी मांगी है।

गौरतलब है कि भाजपा ने अपनी पार्टी के स्तर पर चार सदस्यों का एक जांचदल बनाया था जो विदेशों में गुप्तरूप से जमा कालेधन के बारे में खुलासा करने के लिये काम कर रहा था। और इस दल द्वारा काले धन को वापस लाने के सुझाव भी दिये जाने थे। बीजेपी द्वारा गठित किये गये इस जांच दल ने सोनिया गांधी और राजीव गांधी का स्वीस बैंक में अकाउंट होने का खुलासा आरोप लगाया था।

सूत्रों के अनुसार इस आरोप का जवाब देते हुए सोनिया गांधी ने लिखा है कि न तो उनके और न ही उनके पति के नाम से कोई बैंक अकाउंट है। सोनिया गांधी द्वारा पत्र से जवाब मिलने के बाद आडवाणी ने जांच रिपोर्ट में उनका नाम आने पर खेद जताया।

इस कार्यदल के सदस्य, एस गुरुमुर्ति, पूर्व आइबी डाइरेक्टर अजीत देवोल, प्रो. आर. वदियानाथन और महेश जेठमलानी थे। इनके रिपोर्ट के मुताबिक करीब 25 लाख करोड़ रुपये का कालाधन स्वीस बैंक में जमा है। पहली फरवरी को एनडीए नेताओं ने 'इंडियन ब्लैक मनी अब्रॉड इन सीक्रेट बैंक एंड टैक्स हेवन' नाम से एक बुकलेट रिलीज की थी। जिसमें सारी जानकारी दी गई थी।

आडवाणी ने खेद जताते हुए कहा कि सोनिया गांधी अगर पहले ही इस बात की जानकारी दे देतीं कि उनका या उनके पति का विदेश में अकाउंट नहीं है तो मैं ऐसा कोई बयान ही नहीं देता।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York