Showing posts with label 18-02-2011. Show all posts
Showing posts with label 18-02-2011. Show all posts

Friday, February 18, 2011

वंश चलाने के लिये विदेशी सैनिकों का अनोखा तरीक़ा


जंग के बाद से अब तक दुनिया भर से आकर अफगानिस्तान में युद्ध कर रहे दर्जनों विदेशी सैनिकों ने अपने को चलाने के लिये एक अनोखा तरीका ढूढ निकाला है। ये विदेशी सैनिक अपने देश में स्पर्म को फ्रीज करवा कर युद्ध करने आए हैं।

स्‍पर्म फ्रीज करवाने के पीछे उनका मकसद है कि अगर वे लड़ाई में मारे जाते हैं तो उनकी बीवियां और गर्लफ्रेंड उनके स्पर्म से प्रेगनेंट हो सकेंगी। इसके लिए इन सैनिकों ने एक प्राइवेट फर्म का सहारा लिया है। वह फर्म एक बीमा पॉलिसी के तहत उनके स्पर्म को सुरक्षित रखेगी।

सैनिकों की पत्नियों का कहना है कि यह इन दिनों एक कॉमन ट्रेंड है। सैनिकों की पत्नियों ने यह तय कर लिया है कि अगर उनके पार्टनर मारे जाते हैं तो वे इस तरीके का इस्तेमाल कर अपने परिवार को आगे बढ़ाएंगी। स्पर्म को एक साल तक सुरक्षित रखने की कीमत 46 हजार रूपए हैं।

2003 विश्व कप टीम से बेहतर है मौजूदा भारतीय टीम: कुम्बले


नई दिल्ली : टीम इंडिया के पूर्व कप्तान अनिल कुम्बले का मानना है कि मौजूदा भारतीय टीम वर्ष 2003 के विश्व कप के फाइनल में पहुंचने वाली टीम से बेहतर है। पूर्व लेग स्पिन गेंदबाज कुम्बले के मुताबिक़, महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली टीम सौरभ गांगुली के नेतृत्व वाली 2003 की भारतीय टीम के मुकाबले बेहद संतुलित है।

कर्नाटक के इस दिग्गज गेंदबाज़ का नाम टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक विकेट लेने वाले दुनिया के गेंदबाज़ों में तीसरे नंबर है। जबकि भारतीय टीम के इतिहास में अब तक सबसे अधिक विकेट लेने वालों में कुंबले का नाम सबसे ऊपर है। कुंबले ने अपने कारियर के आख़िरी समय में टेस्ट मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी भी की है।

एक टेलीविजन चैनल से बातचीत के दौरान कुम्बले ने कहा, "कुल मिलाकर मौजूदा परिस्थतियों और संतुलन के मामले में 2003 से यह बेहतर टीम है। यदि हम मौजूदा टीम के पिछले एक या डेढ़ वर्ष के ट्रैक रिकार्ड को देखें तो वह शानदार रहा है। विशेष तौर पर अपने घर पर। इसमें वे सभी चीजें मौजूद हैं जो एकदिवसीय टीम को महान बनाती है।"

कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) के अध्यक्ष कुम्बले ने कहा है कि तेज गेंदबाज आशीष नेहरा और जहीर खान ने वर्ष 2003 के मुकाबले अपनी गति कम की है। नेहरा और जहीर पिछले विश्व कप में खेल चुके हैं।

कुम्बले ने कहा,"नेहरा और जहीर 2003 में युवा थे और वे उस समय 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते थे जिसमें अब कमी आई है लेकिन पिछले दिनों मुश्किल समय में की गई इनकी गेंदबाजी ने मुझे काफी प्रभावित किया है।

हाल में दक्षिण अफ्रीका में मुनाफ की बदौलत हमने एक मैच जीता। यूसुफ पठान ने एक मैच में जीत दिलाई। इसलिए टीम किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं है।"

आडवाणी समेत अन्य के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची सीबीआई


नई दिल्ली : बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में हाई कोर्ट द्वारा आडवाणी व अन्य लोगों के ख़िलाफ़ क्रिमिनल केस ख़त्म करने के आदेश के ख़िलाफ़ आज सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया। 6 दिसंबर 1992 की तारीख़ हमेशा के लिये भारतीय इतिहास में एक काला दाग़ है। इस दिन, शिव सैनिक व बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की सारी सीमाएं लांघते हुए उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बाबरी मस्जिद को शहीद कर दिया था। इस घटना में बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी समेत अन्य लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया था।

अब, सीबीआई ने शुक्रवार को बाबरी मस्जिद गिराए जाने के मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। हाई कोर्ट ने इस मामले में बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी समेत 20 लोगों के खिलाफ क्रिमिनल केस खत्म करने का आदेश दिया था।

गौरतलब है कि 6 दिसंबर 1992 को बाबरी मस्जिद ढहाए जाने के बाद इसमें लिप्त लोगों के खिलाफ दो चार्जशीट दायर की गई थी। पहली चार्जशीट अज्ञात लोगों के खिलाफ थी जबकि दूसरी चार्जशीट आडवाणी सहित 20 लोगों के खिलाफ थी।

अब जबकि, इस घटना को 18 साल बीत चुके हैं, लेकिन अपराधियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई होने के बजाए ये मामला अब तक हाई कोर्ट व सुप्रीम कोर्ट के बीच ही लटक रहा है।

आडवाणी ने सोनिया गांधी से माफ़ी मांगी


पिछले काफ़ी समय से विदेशों में जमा काले धन की वापसी के मामले में हुई ग़लती के कारण अब भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने यूपीए की चेयरमैन सोनिया गांधी से माफ़ी मांगी है। आडवाणी ने एक पत्र लिखकर, पार्टी की तरफ से सोनिया गांधी और राजीव गांधी के नाम पर विदेश में बैंक अकाउंट होने संबंधी आरोप पर माफी मांगी है।

गौरतलब है कि भाजपा ने अपनी पार्टी के स्तर पर चार सदस्यों का एक जांचदल बनाया था जो विदेशों में गुप्तरूप से जमा कालेधन के बारे में खुलासा करने के लिये काम कर रहा था। और इस दल द्वारा काले धन को वापस लाने के सुझाव भी दिये जाने थे। बीजेपी द्वारा गठित किये गये इस जांच दल ने सोनिया गांधी और राजीव गांधी का स्वीस बैंक में अकाउंट होने का खुलासा आरोप लगाया था।

सूत्रों के अनुसार इस आरोप का जवाब देते हुए सोनिया गांधी ने लिखा है कि न तो उनके और न ही उनके पति के नाम से कोई बैंक अकाउंट है। सोनिया गांधी द्वारा पत्र से जवाब मिलने के बाद आडवाणी ने जांच रिपोर्ट में उनका नाम आने पर खेद जताया।

इस कार्यदल के सदस्य, एस गुरुमुर्ति, पूर्व आइबी डाइरेक्टर अजीत देवोल, प्रो. आर. वदियानाथन और महेश जेठमलानी थे। इनके रिपोर्ट के मुताबिक करीब 25 लाख करोड़ रुपये का कालाधन स्वीस बैंक में जमा है। पहली फरवरी को एनडीए नेताओं ने 'इंडियन ब्लैक मनी अब्रॉड इन सीक्रेट बैंक एंड टैक्स हेवन' नाम से एक बुकलेट रिलीज की थी। जिसमें सारी जानकारी दी गई थी।

आडवाणी ने खेद जताते हुए कहा कि सोनिया गांधी अगर पहले ही इस बात की जानकारी दे देतीं कि उनका या उनके पति का विदेश में अकाउंट नहीं है तो मैं ऐसा कोई बयान ही नहीं देता।

मोदी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा


अहमदाबाद : देश के प्रधानमंत्री के बयान ने शायद नरेंद्र मोदी के लिये बौखलाहट पैदा कर दी है। प्रधानमंत्री के बयान पर अपनी नाराजगी ज़ाहिर करते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन पर निशाना साधा है। पीएम ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा था कि गुजरात के मंत्री अमित शाह पर कार्रवाई के बदले भाजपा इस तरह का व्यवहार कर रही है। पीएम के इस बयान पर पलटवार करते हुए मोदी ने इसे साल का सबसे बडा चुटकुला करार दिया।

गौरतलब है कि टीवी संपादकों से रूबरू होने के दौरान प्रधानमंत्री ने शाह का परोक्ष उल्लेख किया था। उन्होंने कहा था, विपक्षी दल विशेषकर भाजपा ने शत्रुतापूर्ण रवैया अपना रखा है और इसके पीछे जो कारण है मैं सार्वजनिक रूप से नहीं कह सकता क्योंकि आपने एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की है जो गुजरात में मंत्री था तो आप अपना फैसला पलटे। मैं और कुछ नहीं कहना चाहता हूं।

मोदी ने कहा गुजरात के किसी मंत्री या सरकार पर आरोप लगाने के बजाए प्रधानमंत्री को अपनी विफलता के बारे में सही तथ्य देने चाहिए। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी)पर संविधान संशोधन विधेयक पेश करने में देरी के लिए विपक्ष को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रधानमंत्री ने यह टिप्पणी की थी। मोदी सरकार के मंत्री रहे शाह को सोहराबुद्दीन फर्जी एनकाउंटर मामले में सीबीआई ने गिरफ्तार किया था और अब वह जमानत पर है।

प्रधानमंत्री द्वारा भाजपा पर आरोप लगाने की निंदा करते हुए मोदी ने कहा, प्रधानमंत्री ने सरकार चलाने में अपनी लाचारी स्वीकार ली है, अब उन्हें आर्थिक सुधारों और जीएसटी लागू करने में अपनी सरकार की विफलता के तथ्य पेश करने चाहिए।

मिस्र: तीन पूर्व मंत्री गिरफ़्तार


काहिरा : मिस्र में उथल-पुथल का दौर ख़त्म होने के बाद अब शायद कार्रवाई का दौर शुरू हो चुका है। पूर्व राष्ट्रपति मुबारक के कार्यकाल में मंत्री पदों के दुरूपयोग के आरोप में तीन पूर्व मंत्रियों को गिरफ़्तार किया गया है। सूत्रों के मुताबिक़ धन शोधन के मामले में तीन पूर्व मंत्रियों और एक व्यवसायी को हिरासत में लिया गया है। पूर्व गृह मंत्री हबीब अल हदली को धन शोधन के आरोप में गिरफ्तार किया गया और 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

अभियोजकों ने पूर्व पर्यटन मंत्री जुहीर गराना, पूर्व आवास मंत्री अहमद अल मगरेबी और व्यवसायी एज को गिरफ्तार करने और उन्हें 15 दिन तक हिरासत में रखने का आदेश दिया। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि इन गिरफ़्तारियों से जांच में मदद मिल सकेगी। ये चारों उन मंत्रियों और अधिकारियों की सूची में शामिल हैं जिनके बैंक खाते फ़्रीज कर दिए गए हैं और उनके देश छोड़ने पर रोक लगा दी गई है। ब्रिटेन, फ़्रांस, जर्मनी और अमेरिका के अनुसार मिस्र ने इन लोगों के खातों पर रोक लगाने को कहा है।

स्टील व्यवसायी एज पूर्व सत्तारूढ़ नेशनल डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्य थे। उन्हें पूर्व राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक के बेटे गमाल मुबारक का राजनीतिक गुरु माना जाता है। इस बीच, अमेरिका ने कल घोषणा की कि वह मिस्र को 15 करोड़ डॉलर की आर्थि‍क मदद मुहैया करा रहा है, ताकि उस देश को मुबारक के इस्तीफ़े के बाद लोकतंत्र की ओर बढ़ने में सहायता मिल सके।

उत्तर प्रदेश: बलात्कारियों का क़हर जारी


हाथरस : उत्‍तर प्रदेश में इन दिनों मनचले युवकों ने बलात्‍कारियों का रूप धारण कर जमकर उत्पात मचाया हुआ है। इन दिनों, ये हवस के पुजारी सारी मान मर्यादा को ताक पे रखते हुए बेख़ौफ़ होकर लडकियों की इज़्ज़त से खेल रहे हैं। मुख्यमंत्री मायावती के "महिलाओं की सुरक्षा" के दावे की जमकर खिल्ली उडाई जा रही हैं। एक ताज़ा घटना में यहां बलात्‍कार में विफल हुए एक युवक ने लड़की को जिंदा जला कर मार डाला।

हाथरस जिले में 21 साल की संगीता को अपनी इज्‍जत बचाने की कीमत जान देकर चुकानी पड़ी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जब संगीता खेतों की तरफ गई तो उसके पड़ोसी कालू लाल ने उसको अपनी हवस का शिका बनाना चाहा। लेकिन संगीता वहां से भागने में कामयाब रही और इसकी अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दे दी।

हालांकि कालू लाल ने लड़की को इस मामले को दबाने की धमकी दी थी लेकिन इसके बावजूद लड़की ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से शिकायत कर डाली। ख़बर के मुताबिक़ इससे उत्तेजित होकर कालू ने संगीता के घर में घुस कर उसे घसीटते हुए घर से बाहर निकाल लिया। उसने लड़की के‍ शरीर पर किरोसिन तेल छिड़क कर आग लगा दी।

लड़की को तुरंत जिला अस्‍पताल ले जाया गया। बाद में उसे अलीगढ़ मुस्लिम विश्‍वविद्यालय मेडिकल कॉलेज रिफर किया गया। लेकिन लड़की ने आखिरकार दम तोड़ दिया।


एक ऐसी ही दूसरी घटना को गाजियाबाद के हापुड़ के मोहल्ला पन्नापुरी में अंजाम दिया गया। एक छात्रा को छेड़छाड़ का विरोध करना इतना महंगा पड़ा कि एक मनचले युवक ने उस पर ब्लेड से हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल छात्रा को उपचार के लिए तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया।

जब मामले की जानकारी लेने के लिए घायल छात्रा की बहन मनचले युवक के घर पहुंची तो युवक ने अपने परिवार के साथ मिलकर उस पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। घटना की सूचना तुरन्त पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस करीब एक घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। तब तक हमलावर फरार हो चुका था। मामले को ज्यादा तूल पकड़ता देख पुलिस ने मनचले युवक के भाई व उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है।

आए दिन हो रही इन घटनाओं ने उत्तर प्रदेश पुलिस की पोल खोल कर रख दी है। आरोपियों के दिल से पुलिस व क़ानून का ख़ौफ़ ख़त्म हो चुका है। प्रदेश में सुरक्षा नाम की कोई चीज़ बाक़ी नहीं रह गई है। आरोपी, धडल्ले से घटना को अंजाम देकर बेख़ौफ़ होकर घूमते हैं। जबकि उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई ना के बराबर ही होती है।

डीआरआई ने भेजा माधुरी, मलाइका को नोटिस


हाल ही में विदेशी मुद्रा के मामले में फंसे राहत अली के बाद अब अन्य बॉलीवुड की हस्तियों पर भी इस मामले की आंच पड सकती है। डीआरआई टीम द्वारा की गई 'आईलाइन टेलीफिल्म ऐंड इवेंट्स' पर छापेमारी के दौरान चित्रेश श्रीवास्तव की डायरी में बॉलीवुड की कई हस्तियों के नाम सामने आए थे। चित्रेश श्रीवास्तव पाकिस्तानी गायक राहत फतेह अली खान के एजेंट हैं।

अब बॉलीवुड की जानी मानी अभिनेत्री माधुरी दीक्षित और आइटम गर्ल मलाइका अरोड़ा खान की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। सूत्रों के मुताबिक़, इस सिलसिले में अब डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस (डीआरआई) ने इन दोनों बॉलीवुड हस्तियों को नोटिस भेज दिया है। खबर यह भी है कि जल्दी ही इन्हे पूछताछ के लिए डीआरआई के दफ्तर बुलाया जा सकता है।

ग़ौरतलब है कि दिल्ली एयरपोर्ट पर राहत के पास मिली करीब 60 लाख रुपए मूल्य की विदेशी करेंसी के सिलसिले में बीते सोमवार को डीआरआई की टीम ने उनके एजेंट चित्रेश श्रीवास्तव के ठिकानों पर छापेमारी की थी। उनकी कंपनी 'आईलाइन टेलीफिल्म ऐंड इवेंट्स' पर छापे के दौरान अधिकारियों को 51 लाख रुपए नकद और कुछ दस्तावेज हासिल हुए थे। इन दस्तावेजों में चित्रेश की एक डायरी भी शामिल है। खबर है कि इस डायरी में बॉलीवुड की जानी मानी अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के साथ ही आईटम गर्ल मलाइका अरोड़ा खान और पॉप गायक मीका सिंह के नाम का भी जिक्र है।

चित्रेश की डायरी में माधुरी और मलाइका को 30-30 लाख की पेमेंट दिए जाने की बात लिखी गई है। माना जा रहा है कि अब डीआरआई की टीम इस बात की जांच करेगी की ये रकम इन्हे कब और किस सिलसिले में दी गई। यह भी खबर है कि चित्रेश श्रीवास्तव की डायरी में कुछ और बॉलीवुड हस्तियों के नाम का भी जिक्र है। इस बात के सामने आने के बाद बॉलीवुड में हड़कंप मच गया है।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York