Showing posts with label MS Dhoni. Show all posts
Showing posts with label MS Dhoni. Show all posts

Sunday, March 20, 2011

वर्ल्डकप : भारत ने विंडीज को दिया 269 का लक्ष्य


चेन्नई : वर्ल्ड कप 2011 के आख़िरी लीग मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए टीम इंडिया 49.1 ओवरों में 268 रन पर आल आउट हो गई। युवराज सिंह के शानदार शतक की बदौलत भारत इतना स्कोर बना पाने में सफ़ल हो पाई। विश्व कप में अपना पहला और एकदिवसीय मैचों का 13वां शतक लगाने वाले युवराज 113 रन बनाकर पेवेलियन लौटे। इसके अलावा विराट कोहली ने 59 रनों की कीमती पारी खेली। सलामी बल्लेबाजों के सस्ते में आउट होने के बाद युवराज और कोहली ने तीसरे विकेट के लिए 122 रन जोड़कर टीम को मजबूती प्रदान की।

गौतम गम्भीर और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने 22-22 रनों का योगदान दिया। सचिन तेंदुलकर दो रन बना सके जबकि इस विश्व कप में अपना पहला मैच खेल रहे सुरेश रैना मात्र चार रन बना सके। रैना और तेंदुलकर के अलावा यूसुफ पठान (11), हरभजन सिंह (3), जहीर खान (5) और मुनाफ पटेल (1) ने भी निराश किया। रविचंद्रन अश्विन 10 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत ने युवराज का विकेट 240 रनों पर खोया था। इसके बाद 28 रनों के अंतर पर उसके पांच बल्लेबाज पेवेलियन लौटे।

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर एकदिवसीय मैचों में अपने शतकों का शतक बनाने से चूक गए। वेस्टइंडीज की ओर से इस विश्व कप में अपना पहला मैच खेल रहे रवि रामपाल ने पांच विकेट झटके। आंद्रे रसेल ने दो विकेट चटकाए। इसके अलावा डेरेन सैमी, देवेंद्र बीशू और केरन पोलार्ड को एक-एक सफलता मिली।

इस मैच के जरिए इस बात का फ़ैसला होगा कि भारत का क्वार्टर फाइनल में किससे मुकाबला होगा। भारत अगर जीतता है तो उसकी भिड़ंत आस्ट्रेलिया से होगी जबकि हार की सूरत में उसे सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए श्रीलंका के साथ दो-दो हाथ करना होगा।

Saturday, March 12, 2011

वर्ल्ड कप: अच्छी शुरूआत के बाद ढ़ह गई टीम इंडिया


नागपुर : वर्ल्ड कप 2011 के ’ग्रुप बी’ के मैच में टीम इंडिया टास जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 296 रनों पर सिमट गई। सचिन-सहवाग की सलामी जोड़ी ने टीम को तेज़ शुरूआत दी। इन दोनों ने पहले विकेट के लिये 17.4 गेंदों में 142 रन जोड़े। दोनों ने अफ़्रीक़ी गेंदबाज़ों की जमकर ख़बर ली। सहवाग ने अपने विस्फोटक अंदाज़ में खेलते हुए पिछले 4 मैचों की तरह इस मैच में भी अपना खाता चौके से खोला। जबकि उम्मीद के मुताबिक़, सहवाग ज़्यादा लंबी पारी नहीं खेल सके और 66 गेंदों में 73 रन पर प्लेसिस की गेंद पर बोल्ड हो गए। सहवाग ने अपनी पारी में 12 चौके लगाए।

सचिन ने अपने वनडे करियर का 48वां और विश्व कप का 6ठा शतक लगाया। फिर दूसरे विकेट के लिये सचिन ने गौतम गंभीर के साथ मिलकर 125 रनों की साझेदारी निभाई। आज, सचिन भी बेहद विस्फोटक अंदाज़ में नज़र आए सचिन ने 101 गेंदों में 111 रनों की पारी खेली जिसमें 8 शानदार चौके और 3 छक्के शामिल हैं। गंभीर ने भी सचिन का बख़ूबी साथ निभाया। इस साझेदारी के दौरान ऐसा लग रहा था कि भारत, बांग्लादेश के ख़िलाफ़ बनाए गए अपने पिछले स्कोर 370 को पार कर लेगा। लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही भारत के विकेटों की झड़ी लग गई। टीम इंडिया पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई और 48.4 ओवरों में आल आउट हो गई।

सचिन के बाद गंभीर भी ज़्यादा देर नहीं टिक सके और अगले ही ओवर में स्टेन की गेंद पर कैलिस को कैच थमा बैठे। गंभीर ने 7 चौकों की मदद से 75 गेंदों में 69 रनों की पारी खेली। अफ़्रीक़ी गेंदबाज़ों नें शानदार वापसी करते हुए बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही टीम इंडिया को ढ़ेर कर दिया। डेल स्टेन ने अपने दूसरे स्पेल में टीम इंडिया की बल्लेबाज़ी की कमर तोड़ कर रख दी। टीम इंडिया ने अपने आख़िरी 9 विकेट महज़ 30 रनों में खो दिये। चौथे नंबर पर बल्लेबाज़ी करने आए यूसुफ़ पठान अपना खाता भी नहीं खोल सके और स्टेन का शिकार बने। फिर युवराज सिंह 1 छक्का लगाकर 9 गेंदों में 12 रन बनाकर कैलिस की गेंद पर कैच आउट हो गए।

विराट कोहली भी केवल 1 रन बनाकर चलते बने। और हरभजन सिंह 3 रन बनाकर स्टेन का शिकार बने। जबकि कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक छोर पर खेड़े रह गए और सारे बल्लेबाज़ आउट हो गए। धोनी ने नाबाद 12 रन बनाए। आख़िर में बल्लेबाज़ी करने आए भारत के तीनों तेज़ गेंदबाज़ अपना खाता भी नहीं खोल सके।

दक्षिण अफ़्रीक़ा की ओर से स्टेन सबसे घातक गेंदबाज़ साबित हुए जिनहोंने 50 रन देकर 5 भारतीय खिलाड़ियों को आउट किया। आर पीटरसन ने 52 रन देकर 2 विकेट लिये। जबकि मोर्कल, कैलिस और प्लेसिस को 1-1 विकेट मिला। वर्ल्ड कप की मज़बूत दावेदार मानी जा रही टीम इंडिया के बल्लेबाज़ों ने आज अपने समर्थकों को ख़ासा निराश किया है।

Wednesday, March 9, 2011

अभी टीम इंडिया की एक हार बाक़ी है: धोनी


नई दिल्ली : हॉलैंड के खिलाफ मैच से ठीक पहले टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने एक सनसनीख़ेज़ बयान देकर सब को चौंका दिया है। क्रिकेट प्रेमियों समेत पूरे देशवासियों को चौंका देने वाले इस बयान का क्या मतलब निकाला जाए, ये तो धोनी ही बता सकते हैं। धोनी ने कहा "टूर्नामेंट में भारतीय टीम की एक हार होनी बाकी है, लेकिन वो आज का मैच नहीं हारना चाहते"

धोनी जानते हैं कि हॉलैंड के बाद बाकी दो मुकाबले दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज से होने हैं और उनमें से कोई टीम भारत के लिए मुसीबत खड़ी कर सकती है। लेकिन धोनी कम से कम कल का मैच जीतकर अपना विजय अभियान फिलहाल जारी रखना चाहते हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को कहा कि वह विश्व कप में खेल रही किसी भी टीम को कमजोर नहीं मानते। इस लिहाज से भारतीय टीम हॉलैंड के साथ बुधवार को होने वाले अपने चौथे मुकाबले के लिए उसी स्तर की तैयारी कर रही है, जिस स्तर की उसने इंग्लैंड से भिड़ने के लिए की थी।

हालांकि, धोनी किसी भी टीम को क़मज़ोर नहीं आंकते। "मैंने यह कभी नहीं कहा कि फलां टीम कमजोर है। हमें पता है कि विश्व कप में उलटफेर होते रहते हैं और हम 2007 में इसका शिकार हो चुके हैं। पिछले विश्व कप में कमजोर कही जाने वाली टीम से हारने वाली कोई टीम चार साल बाद किसी को भी कमजोर कहके कैसे नकार सकती है"

धोनी ने कहा कि उनके साथी हॉलैंड के साथ कोटला मैदान पर होने वाले मैच के लिए उसी स्तर की तैयारी कर रहे हैं, जिस स्तर की वे इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका या फिर वेस्टइंडीज के साथ खेलने के लिए करते हैं। हॉलैंड के साथ हमारा अगला मैच है, यह सोचकर हमने अपनी तैयारी की गम्भीरता के साथ समझौता नहीं किया है। हम जानते हैं कि यह मैच हमारे लिए कितना अहम है और यही कारण है कि हम इसे जीतने के लिए सबकुछ दांव पर लगा देना चाहते हैं।

दक्षिण अफ्रीका के साथ आगामी शनिवार को खेले जाने वाले महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले भारतीय टीम के पास अपनी कमजोर कड़ियों को ठीक करने का एक अच्छा मौका है। धोनी की टीम हॉलैंड के साथ खेले जाने वाले ग्रुप-बी के अपने चौथे मैच के साथ आने वाली कठिन परीक्षा की तैयारी कर सकते हैं।

गेंदबाजी, भारतीय टीम की सबसे कमजोर कड़ी के तौर पर उभरी है। खासतौर पर स्पिन विभाग बुरी तरह नाकाम साबित हुआ है। रविचंद्रन अश्विन को मौका ही नहीं मिला है जबकि हरभजन सिंह और पीयूष चावला ने निराश किया है। अनियमित गेंदबाज के तौर पर युवराज ने पांच विकेट लेकर इस विभाग को बिखरने के बचाया था।

Sunday, March 6, 2011

वर्ल्ड़ कप:आयरलैंड पर भारत की 5 विकेट से जीत


बेंगलूरु: एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने आयरलैंड को 5 विकेट से हरा दिया। आयरलैंड के 207 रन के जवाब में 4 ओवर शेष रहते भारत ने 5 विकेट पर 210 रन बनाकर यह जीत हांसिल की।

हालाकि भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वीरेंद्र सहवाग 5 रन के निजी स्कोर पर ट्रेंट जॉनसन की गेंद पर आउट हो गए। उसके बाद जॉनसन ने गौतम गंभीर को अपना शिकार बनाया। जल्द ही दो विकेट गिर जाने के बाद सचिन तेंडुलकर ने 56 गेंद में 36 रनो की पारी खेली, वहीं विराट कोहली ने 53 गेंदो पर 34 रन बनाये। 100 रन पर 4 विकेट गिर जाने के बाद क्रीज़ पर आये कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने युवराज सिंह के साथ 67 रन की साझेदारी निभाई। धोनी के आउट होने के बाद एक छोर पर ड़टे युवराज सिंह ने यूसुफ पठान के साथ मिलकर नाबाद 43 रनों की साझेदारी निभाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई। यूसुफ पठान ने अपने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए 24 गेंदो में 3 छ्क्के और 2 चौके लगाकर 30 रन बनाये। जबकि युवराज ने पहले गेंद से कमाल करते हुए 5 विकेट झटके वहीं बल्लेबाजी में उन्होंने 74 गेंदो में 3 चौके लगाकर 50 रनों की नाबाद पारी खेली।

इससे पहले आयरलैंड की ओर से कप्तान विलियम पोर्टफिल्ड ने 75 रन की शानदारी पारी खेली। उन्हें नील ओ ब्रायन से अच्छा साथ मिला जिन्होंने 46 रन ठोके। टीम के सिर्फ 4 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर सके। पारी के पहले ही ओवर में सलामी बल्लेबाज पीआर स्टरलिंग क्लीन बोल्ड हो गए। उसके बाद जहीर खान ने अपने अगले ही ओवर में एड जॉयस को धोनी के हाथों कैच आउट कराकर आयरलैंड को दूसरा झटका दिया। इसके बाद कप्तान विलियम पोर्टरफिल्ड और नील ओ ब्रायन ने सूझबूझ भरी बल्लेबाजी करते हुए आयरिश पारी को संभाला। इस दौरान कप्तान विलियम पोर्टरफिल्ड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा। जबकि नील ओ ब्रायन बदकिस्मत रहे कि अर्धशतक नहीं बना सके और रन आउट हो गए। ज़हीर ख़ान ने अपने 9 ओवरों में केवल 30 रन देकर 3 विकेट झटके। इनके अलावा मुनाफ़ पटेल को 25 रन देकर 1 विकेट मिला।

वर्ल्ड कप: आयरलैंड ने भारत को दिया 208 का लक्ष्य


बेंगलूरु : एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए ग्रुप 'बी' के एक मुक़ाबले में टीम इंडिया ने आयरलैंड की टीम को 207 रनों पर समेट दिया। भारत ने युवराज सिंह की शानदार गेंदबाज़ी की बदौलत आयरलैंड को बडा स्कोर बनाने में सफ़ल नहीं होने दिया। विलियम पोर्टरफिल्ड और नील ओ ब्रायन के बीच तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी होने के बाद आयरलैंड की टीम युवराज सिंह की फिरकी गेंदबाज़ी में उलझ गई और बडा स्कोर नहीं बना सकी।

युवराज ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए आयरिश मध्यक्रम बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उन्होंने एम चिन्नास्वामी की धीमी विकेट पर आयरलैंड के बल्लेबाजों को घुटने टेकने के लिए मजबूर कर दिया।

आयरलैंड की ओर से कप्तान विलियम पोर्टफिल्ड ने 75 रन की शानदारी पारी खेली। उन्हें नील ओ ब्रायन से अच्छा साथ मिला जिन्होंने 46 रन ठोके। टीम के सिर्फ 4 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर सके।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरिश टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पारी के पहले ही ओवर में सलामी बल्लेबाज पीआर स्टरलिंग क्लीन बोल्ड हो गए।

जहीर खान ने अपने अगले ही ओवर में एड जॉयस को धोनी के हाथों कैच आउट कराकर आयरलैंड को दूसरा झटका दिया। इसके बाद कप्तान विलियम पोर्टरफिल्ड और नील ओ ब्रायन ने सूझबूझ भरी बल्लेबाजी करते हुए आयरिश पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच शतकीय साझेदारी हुई।

इस दौरान कप्तान विलियम पोर्टरफिल्ड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा। जबकि नील ओ ब्रायन बदकिस्मत रहे कि अर्धशतक नहीं बना सके और रन आउट हो गए। ज़हीर ख़ान ने अपने 9 ओवरों में केवल 30 रन देकर 3 विकेट झटके। इनके अलावा मुनाफ़ पटेल को 25 रन देकर 1 विकेट मिला।

Friday, February 18, 2011

2003 विश्व कप टीम से बेहतर है मौजूदा भारतीय टीम: कुम्बले


नई दिल्ली : टीम इंडिया के पूर्व कप्तान अनिल कुम्बले का मानना है कि मौजूदा भारतीय टीम वर्ष 2003 के विश्व कप के फाइनल में पहुंचने वाली टीम से बेहतर है। पूर्व लेग स्पिन गेंदबाज कुम्बले के मुताबिक़, महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली टीम सौरभ गांगुली के नेतृत्व वाली 2003 की भारतीय टीम के मुकाबले बेहद संतुलित है।

कर्नाटक के इस दिग्गज गेंदबाज़ का नाम टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक विकेट लेने वाले दुनिया के गेंदबाज़ों में तीसरे नंबर है। जबकि भारतीय टीम के इतिहास में अब तक सबसे अधिक विकेट लेने वालों में कुंबले का नाम सबसे ऊपर है। कुंबले ने अपने कारियर के आख़िरी समय में टेस्ट मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी भी की है।

एक टेलीविजन चैनल से बातचीत के दौरान कुम्बले ने कहा, "कुल मिलाकर मौजूदा परिस्थतियों और संतुलन के मामले में 2003 से यह बेहतर टीम है। यदि हम मौजूदा टीम के पिछले एक या डेढ़ वर्ष के ट्रैक रिकार्ड को देखें तो वह शानदार रहा है। विशेष तौर पर अपने घर पर। इसमें वे सभी चीजें मौजूद हैं जो एकदिवसीय टीम को महान बनाती है।"

कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) के अध्यक्ष कुम्बले ने कहा है कि तेज गेंदबाज आशीष नेहरा और जहीर खान ने वर्ष 2003 के मुकाबले अपनी गति कम की है। नेहरा और जहीर पिछले विश्व कप में खेल चुके हैं।

कुम्बले ने कहा,"नेहरा और जहीर 2003 में युवा थे और वे उस समय 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते थे जिसमें अब कमी आई है लेकिन पिछले दिनों मुश्किल समय में की गई इनकी गेंदबाजी ने मुझे काफी प्रभावित किया है।

हाल में दक्षिण अफ्रीका में मुनाफ की बदौलत हमने एक मैच जीता। यूसुफ पठान ने एक मैच में जीत दिलाई। इसलिए टीम किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं है।"

Thursday, February 10, 2011

सचिन का टीम में होना शुभ संकेत: धोनी


बेंगलूरू : इन दिनों वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटी टीम इंडिया के खिलाडी बेंगलूरू की नेशनल क्रिकेट अकेडमी में जमकर पसीना बहा रहे हैं। खिलाडियों की चोट से जूझ रही माही सेना वर्ल्ड कप जीतने के लिये कोई भी क़सर नहीं छोड़ना चाहती। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अभ्यास कैम्प के दौरान मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की सराहना करते हुए कहा कि सचिन का विश्वकप टीम में होना एक शुभ संकेत है और यही लक टीम का खिताब जीतने में मदद करेगा।

हालांकि चोट के कारण, तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार के टीम से बाहर होने पर निराशा व्यक्त करते हुए कप्तान धोनी ने कहा, "हमें प्रवीण से बहुत उम्मीदें थीं। वो फॉर्म में थे और विकेट ले रहे थे। लेकिन चोट पर किसी का बस नहीं चलता, वो क्रिकेटर की जिंदगी का हिस्सा होती है। मुझे उम्मीद है कि श्रीसंथ उनकी कमी महसूस नहीं होने देंगे।"

धोनी ने सचिन की तारीफ करते हुए कहा, "तेंदुलकर एक महान खिलाड़ी हैं। ये टीम के लिए हर्ष की बात है कि वो मिशन वर्ल्डकप में हमारे साथ हैं। उनका साथ होना टीम के लिए शुभ रहेगा। शायद ये सचिन का अंतिम वर्ल्डकप हो। हम इस बार ये कप उनके लिए जीतना चाहते हैं।"

अब विश्वकप शुरु होने में महज एक हफ्ता बाक़ी है। विश्वकप में टीम की रणनीति के बारे में धोनी ने कहा "मैदान पर कितने फिरकी और कितने तेज गेंदबाज उतारने हैं इसका निर्णय तो हर मुकाबले से पहले पिच को देखने के बाद ही किया जाएगा, लेकिन यदि स्पिनरों के मुताबिक पिच हुई तो हम दो फिरकी गेंदबाजों के साथ उतर सकते हैं।"

टीम इंडिया मिशन विश्वकप का आगाज 19 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले से ढाका में करेगी। इससे पहले भारतीय टीम 13 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध और 16 फरवरी को न्यूजीलैंड के विरुद्ध अभ्यास मैच खेलेगी।

Wednesday, October 13, 2010

टेस्ट सीरिज़ में भारत का क्लीन स्वीप


बंगलुरु: मेज़बान भारत ने विश्व चैंपियन आस्ट्रेलिया को लगातार दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच में हराकर सीरिज़ २-० से अपने नाम कर ली है।बंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गये दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच में भारत ने आस्ट्रेलिया को ७ विकेट से हराकर बार्डर-गावस्कर ट्राफ़ी अपने नाम की। पहली पारी में शानदार दोहरा शतक जमाने वाले सचिन तेंदुलकर को "मैन आफ़ द मैच" मैन आफ़ द सीरिज़ का खिताब भी मिला।
पहली पारी में १७ रन से पिछ्ड़ी आस्ट्रेलिया की दूसरी पारी २२३ रनों पर सिमट गई, भारत को जीत के लिये मिले २०७ रनों के लक्ष्य को हासिल करने में कोई ख़ास परेशानी नहीं हुई। हालांकि सहवाग के रूप में भारत का पहला विकेट जल्दी गिर गया था। लेकिन चेतेश्वर पुजारा (७३) और सचिन तेंदुलकर (५३) की पारियों की बदौलत भारत ने जीत के लिये ज़रूरी रन आसानी से जुटा लिये। आस्ट्रेलिया की यह लगातार तीसरी टेस्ट हार है और इस हार के साथ ही आस्ट्रेलिया विश्व टेस्ट रेंकिंग में फ़िसलकर पांचवें स्थान पर आ गया है। वहीं भारत ने अपनी नं.१ रेंकिंग को बरकरार रखा है।

Wednesday, August 25, 2010

भारत ट्रांयगुलर सीरिज़ के फ़ाइनल में


दांबुला : श्रीलंका में खेली जा रही ट्रांयगुलर सीरिज़ के अपने अहम मुकाबले में भारत ने न्यूज़ीलैण्ड को 105 रन से हराकर फ़ाइनल में प्रवेश कर लिया है। पहले बल्लेबाज़ी करते हुये भारत ने वीरेंद्र सहवाग के शानदार 110 रन की बदौलत न्यूज़ीलैण्ड को 224 रनों का टारगेट दिया था। लेकिन भारतीय गेंदबाज़ों के आगे न्यूज़ीलैण्ड की एक नहीं चली। न्यूज़ीलैण्ड की पूरी टीम 118 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से गेंदबाज़ी में मुनफ़ पटेल और प्रवीन कुमार ने 3-3 जबकि आशीष नेहरा ने 2 विकेट हासिल किये। मैच में शानदार शतक लगाने वाले वीरेंद्र सहवाग को मैन आफ़ द मैच का पुरुस्कार दिया गया। सहवाग का वनडे में यह 13वां शतक था। वहीं सहवाग के अलावा भारत का शीर्ष और मध्य क्रम आज भी पूरी तरह विफ़ल रहा।

न्यूज़लाईन स्पोर्ट्स डेस्क (इन्डिपेंडेंट न्यूज़ नेटवर्क)

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York