Showing posts with label Chennai. Show all posts
Showing posts with label Chennai. Show all posts

Monday, March 28, 2011

अब ब्लैकबेरी फोन बनेंगे देश में


नई दिल्ली: ब्लैकबेरी स्मार्टफोन निर्माता रिसर्च इन मोशन [रिम] नोकिया, सैमसंग, एलजी जैसे अन्य ग्लोबल ब्रांडों के बाद अब भारत में भी कारखाना लगाने की तैयारी कर रही है।

इस तरह के प्लांट पर 25 करोड़ डॉलर [करीब 1125 करोड़ रुपये] तक के निवेश की जरूरत होगी। अगर ऐसा हुआ तो एशिया क्षेत्र में यह कंपनी का पहला मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट होगा। साथ ही रिम देश में ऐसे समय संयंत्र लगाने पर विचार कर रही है, जब उसके ब्लैकबेरी परिचालन को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंता जताई जा रही है। कंपनी ने संकेत दिया है कि आसपास के देशों में बढ़ती संभावनाओं के मद्देनजर वह भारत को निर्यात हब के रूप में विकसित कर सकती है।

देश में संयंत्र लगाने की योजना के बारे में रिम के प्रवक्ता का कहना है कि कनाडा में रिम के मुख्य सूचना अधिकारी रॉबिन बेनफेट जल्दी ही ब्लैकबेरी के बड़े ग्राहकों से मुलाकात के लिए यहां आएंगे। इतना ही नहीं रॉबिन प्लांट के लिए जगह की तलाश करने चेन्नई, मुंबई और दिल्ली भी जाएंगे।

गौरतलब है कि 18 देशों में उपस्थिति ब्लैकबेरी तेजी से विकास कर रही है। साथ ही रिम दुनिया भर की शीर्ष पांच मोबाइल मैन्यूफैक्चरिंग कंपनियों में शुमार है।

Friday, March 11, 2011

14 वर्षीय सिंधु बनी एनीमेशन कंपनी की सीईओ


चाहे इसको क़ुदरत का करिशमा कहें या फिर उस लड़की का भाग्य। लेकिन ये अपने आप में एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। यूं तो महज़ 14 साल की छोटी सी उम्र, बच्चों के खेलने कूदने की हई होती है। लेकिन ’सिंधु राजारमन’ नाम की इस १४ साल की बच्ची ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है कि उसके बारे में जानकर हर कोई आश्चर्यचकित रह जाए।

मात्र 14 साल की छोटी सी उम्र में ही यह बच्ची एक एनिमेशन कंपनी की सीईओ बन गई है। इस कंपनी का नाम है ‘सिप्पन’ और इसका मुख्य कार्यालय चेन्नई में है। लेकिन इस बच्ची के नाम के साथ इसके अलावा एक और उपलब्धि जुड़ गई है। 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली इस बच्ची को भारत में ‘फास्टेस्ट 2डी और 3डी एनिमेटर’ के खिताब से भी नवाज़ा गया है।

सिंधु राजारमन के लिए एनिमेशन की तकनीक बस चुटकियों का काम है। इनके एनिमेशन बनाने की स्पीड इतनी तेज है जिसे देखकर लगे कि मानों ये कंप्यूटर पर खेल रही हैं। इतना ही नहीं एक कंपनी के सीईओ के तौर पर भी ये अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाती हैं।

बताया जाता है कि सिंधु ने महज 9 साल की उम्र में ही एनिमेशन सीखना शुरू कर दिया था। और आज वो जिस मुकाम पर हैं उसे हासिल करने में लोगों को सालों साल लग जाते हैं। सबसे तेज एनिमेशन फिल्म बनाने के लिए उनके नाम गिनिज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज किया जा चुका है।

Monday, March 7, 2011

जयललिता ने मीडिया संगठनों को भेजा कानूनी नोटिस



चेन्नई : अन्नाद्रमुक प्रमुख जयललिता ने अपना नाम हसन अली से जोड़े जाने से गुस्सा होकर उन खबरों के सिलसिले में द्रमुक समर्थित कलइग्नार टीवी सहित तीन मीडिया प्रतिष्ठानों को कानूनी नोटिस भेज कर बिना शर्त माफी मांगने के लिए कहा है। इस टीवी चैनल और कुछ अख़बारों में जयललिता का नाम पुणे के उद्योगपति हसन अली खान के साथ जोड़ा गया था।

खान पर विदेश में काला धन जमा करने का आरोप है। यह नोटिस मुंबई से निकलने वाले दोपहर के अखबार 'मिडे डे', चेन्नई स्थित द्रमुक के आधिकारिक मुखपत्र 'मुरासोली' और 'कलइग्नार टीवी' को भेजा गया है। जयललिता का कहना है कि यदि तीनों मीडिया प्रतिष्ठानों ने उनके नोटिस पर जवाब नहीं दिया तो वह कानूनी कार्रवाई करेंगी।

अधिवक्ता पीएच मनोज पाडियन के माध्यम से भेजे गए नोटिस में जयललिता ने तीनों मीडिया प्रतिष्ठानों से बिना शर्त माफी मागने के लिए कहा है। नोटिस में पाडियन ने कहा है कि खबरों में जो दावे किए गए उनकी कोई पुष्टि नहीं की गई थी और न ही इन दावों के समर्थन में कोई दस्तावेज है।

उन्होंने कहा कि मिड डे की खबर में एक अज्ञात जाच अधिकारी को यह कहते हुए बताया गया कि हसन अली खान के धन की जाच से संकेत की सुई एक महिला राजनीतिज्ञ की ओर जाती है जो दक्षिण भारत के एक राज्य की मुख्यमंत्री भी थी। हसन अली खान पर करोड़ों रुपये की कर चोरी का भी आरोप है। पाडियन ने कहा, 'यह भ्रामक, गलत तथ्य है और पीत पत्रकारिता है।'

उनके अनुसार, जयललिता साफ कह चुकी हैं कि उनका हसन अली से कोई लेना देना नहीं है। जयललिता ने ही विदेशी बैंकों में काला धन जमा करने वालों के खिलाफ बयान जारी किए और कार्रवाई करने पर जोर दिया।

अधिवक्ता ने कहा कि मिड डे की खबर मुरासोली और कलइग्नार टीवी की खबरों का स्रोत बन गई। तमिल दैनिक में महिला मुख्यमंत्री की पहचान जयललिता के रूप में की गई और एक झूठी खबर प्रकाशित की गई जिसका प्रसारण कलइग्नार टीवी पर हुआ। नोटिस में उन्होंने कहा है कि खबर के प्रकाशन से पहले तथ्यों की प्रामाणिकता की जाच नहीं की गई।

उन्होंने कहा कि मेरी मुवक्किल का कहना है कि इन खबरों में कोई सत्यता नहीं है। ये खबरें झूठी और बेबुनियाद हैं और इनका उद्देश्य मेरी मुवक्किल और उनकी पार्टी की छवि धूमिल करना है।

पाडियन ने कहा कि खबर के कारण जयललिता को जो नुकसान हुआ उसका आकलन नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि दैनिकों को बिना शर्त जयललिता से माफी मागनी चाहिए और माफीनामे का प्रकाशन प्रथम पृष्ठ पर करना चाहिए। कलइग्नार टीवी को इसका प्रसारण भी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई नोटिस मिलते ही की जानी चाहिए अन्यथा इन मीडिया प्रतिष्ठानों के खिलाफ कानून का दरवाजा खटखटाया जाएगा।

Sunday, March 6, 2011

वर्ल्ड कप: द.अफ़्रीक़ा पर इंग्लैंड की रोमांचक जीत


चेन्नई : चेपक के एम. ए. चिदम्बरम स्टेडियम में खेले गए ग्रुप 'बी' के एक रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका पर सनसनीख़ेज़ जीत हासिल की है। महज़ 171 रनों का बचाव कर रही इंग्लैंड टीम ने द.अफ़्रीका को 6 रन से हरा दिया है और विश्व कप में अपने बने रहने की उम्मीदों को क़ायम रखा है। 171 रन के जवाब में अफ़्रीक़ी बल्लेबाज 47.4 ओवर में 165 रन पर ऑलआउट हो गए।

पारी का आगाज कप्तान ग्रीम स्मिथ और हाशिम अमला ने किया। इंग्लैंड ने भी अफ़्रीकी टीम की रणनीति अपनाते हुए गेंदबाजी की शुरुआत फिरकी गेंदबाजों से की। दक्षिण अफ्रीका ने पीटरसन से पहला ओवर डलवाया था तो ठीक इसी तरह इंग्लैंड ने अपना पहला ओवर खब्बू स्पिन गेंदबाज माइकल यार्डी से कराया।

इंग्लैंड की ओर से स्टुअर्ट ब्राड ने सबसे ख़तरनाक गेंदबाज़ी करते हुए महज़ 15 रन देकर 4 अफ़्रीक़ी बल्लेबाज़ों को पवेलियन की राह दिखाई। जेम्स एन्डरसन ने 6 ओवरों में केवल 16 रन देकर 2 विकेट झटके। स्वान ने बेहद किफ़ायती गेंदबाज़ी करते हुए अपने 10 ओवरों में केवल 29 रन देकर 1 विकेट लिया। यार्डी और ब्रेसनन को भी 1-1 विकेट मिला।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और पारी के पहले ओवर की तीसरी गेंद पर कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस बिना खाता खोले पेवेलियन लौट गए। स्ट्रॉस को रोबिन पेटरसन ने अब्राहम डिविलियर्स के हाथों कैच करवाया। दक्षिण अफ्रीका ने इमरान ताहिर और रोबिन पेटरसन की घातक गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड को 171 रन पर समेट दिया था।

विस्फोटक बल्लेबाज केविन पीटरसन भी ज्यादा देर तक मैदान पर नहीं टिक सके और वह भी दो रन बनाकर रोबिन की गेंद पर जैक्स कैलिस को कैच थमाकर चलते बने। इयान बेल ने सात गेंदों पर एक चौके की मदद से पांच रन बनाए। बेल को रोबिन ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर पेवेलियन की राह दिखाई।

इसके बाद मध्यक्रम के बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट (52) ने पारी को सम्भालने की कोशिश की और उन्होंने बोपारा के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 99 रन जोड़े। ट्रॉट को इमरान ताहिर ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। जोनाथन ट्रॉट ने अपनी 52 रनों की पारी में 3 चौके लगाए। जबकि रवि बोपारा ने 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 60 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई भी इंग्लिश बल्लेबाज़ दक्षिण अफ़्रीक़ा की क़हर बरपाती गेंदबाज़ी का सामना नहीं कर पाया।

विकेट कीपर बल्लेबाज मैट प्रायर 19 गेंदों पर एक चौके की मदद से 10 रन बनाकर चलते बने। प्रायर को मोर्न मोर्कल ने मोर्न वैन विक के हाथों कैच करवाया।

दक्षिण अफ्रीका की ओर से ताहिर ने सर्वाधिक चार विकेट झटके हैं जबकि पेटरसन को तीन, मोर्कल को दो और डेल स्टेन के खाते में एक विकेट गया है।

Thursday, February 3, 2011

2जी घोटाला: ए राजा ने पार्टी पद से दिया इस्तीफ़ा



नई दिल्ली : 2जी स्‍पेक्‍ट्रम आवंटन घोटाले के आरोपों से घिरे पूर्व केंद्रीय संचार मंत्री ’ए राजा’ ने सीबीआई द्वारा गिरफ़्तार किये जाने के बाद अब अपनी पार्टी ’डीएमके’ में प्राप्त पद से इस्तीफ़ा दे दिया है। ए राजा को ’डीएमके’ पार्टी के ’प्रोपगैंडा सेक्रेट्री’ का पद मिला हुआ था। 2जी स्‍पेक्‍ट्रम आवंटन घोटाले के बाद प्रधानमंत्री द्वारा ’ए राजा’ से कैबिनेट मंत्री के पद से इस्तीफ़ा ले लिया गया था।

पद छोड़ने के करीब ढाई महीने बाद राजा को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। इस बीच, डीएमके ने राजा का बचाव करते हुए कहा है कि पूर्व संचार मंत्री की गिरफ्तारी का मतलब यह नहीं कि वो दोषी हैं। पार्टी ने राजा के इस्‍तीफे को मंजूर करने से भी इनकार कर दिया है।

चेन्‍नई में हुई पार्टी की जनरल काउंसिल की अहम बैठक में मुख्‍यमंत्री एम करुणानिधि, उनके बेटे एम के अलागिरी, बेटी कनिमोझी समेत कई नेताओं ने पार्टी द्वारा राजा को पूरा समर्थन देने का फैसला किया गया। साथ ही, डीएमके ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि 2जी घोटाले पर बेवजह हो हल्‍ला मचाया जा रहा है।

हालांकि ऐसा माना जा रहा था कि कुछ महीनों बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर डीएमके की इस बैठक में राजा को पार्टी से निकाले जाने का फैसला लिया जा सकता है, लेकिन इसके विपरीत, पार्टी राजा के पक्ष में डटकर खड़ी है। राजा की गिरफ्तारी के बाद भी कांग्रेस और डीएमके की ओर से गठबंधन पर असर नहीं पड़ने की बात कही जा रही है।

ग़ौरतलब है कि राजा की कोर्ट में पेशी के दौरान सीबीआई इस मामले में आगे पूछताछ के लिए हिरासत में लेने की अर्जी दे सकती है। राजा की गिरफ्तारी के बाद 2 जी स्‍पेक्‍ट्रम घोटाले में फायदा उठाने वाली दूरसंचार कंपनियों पर भी सीबीआई की गाज गिर सकती है।

Monday, July 12, 2010

आन काल LPG डेलिवरी!!

दिल्ली:
देश के 7 बड़े शहरों में अब LPG सिलेंड़र फोन पर उपलब्ध होंगे| ना बुकिंग का झंझट और ना ही घंटो लाइन में लगना। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, पुणे सहित 7 बड़े शहरों में सुबह 6 बजे से शाम 8 बजे तक अब प्रिफर्ड डिलिवरी LPG स्कीम के तहत अपने मनमुताबिक समय पर गैस मंगा सकते हैं। इसके लिए थोड़े ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। इसके लिए सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक प्रति सिलिंडर 25 रु. ज्यादा देने होंगे वहीं सुबह और शाम को 6 बजे से 8 बजे तक 50 रु. ज्यादा खर्च करने होंगे। दिए गए समय पर गैस नहीं आई, तो आपको 20 रु. डिस्काउंट भी मिलेगा। यह सेवा शुरू में दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, पुणे सहित 7 शहरों में मंगलवार से शुरू होगी और इसका उद्घाटन केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा करेंगे। यह स्कीम इंडियन ऑयल, एचपी और भारत गैस तीनों में लागू होगी।

: न्यूज़लाइन ब्यूरो


ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York