Showing posts with label 07-03-2011. Show all posts
Showing posts with label 07-03-2011. Show all posts

Tuesday, March 8, 2011

ब्रिटेन के वैज्ञानिकों ने बनाई टॉकिंग कार



लंदन: अगले साल तक ब्रिटेन की सड़कों पर दौड़ेगी ड्राइवर से बातचीत करने वाली कार। शायद यह सुनकर आपको हैरानी हो पर यह बिल्कुल सच है। ब्रिटेन के वैज्ञानिकों ने ऐसी कार बनाने का दावा किया है और इसे नाम दिया है 'टॉकिंग कार'। टॉकिंग कार 'वॉयस कमांड' तकनीक पर आधारित है। इस कार का व्यवसायिक अधिकार फोर्ड फोकस कार कंपनी के पास होगा।

इस प्रणाली को विकसित करने वाली कंपनी सिंक के मुताबिक ये उपकरण 19 अलग-अलग भाषाओं में लगभग दस हजार आदेशों को समझ सकता है। ड्राइविंग के दौरान चालक इससे नजदीकी पेट्रोल पंप या अपने गंतव्य के बारे में जानकारी भी ले सकेगा।

फोर्ड के अनुसार ये उपकरण अगले साल आने वाली फोर्ड कारों में उपलब्ध हो सकेगा। उपकरण की कीमत 350 पाउंड [लगभग 26,000 रुपये] होगी। इस प्रणाली को माइक्रोसॉफ्ट के साथ मिल कर विकसित किया जा रहा है। दुर्घटना की स्थिति में ये कार अपने आप ही स्थानीय आपातकालीन सेवा को स्थानीय भाषा में सूचित कर देगी।


'रायल सोसाइटी फॉर द प्रीवेंशन ऑफ एक्सीडेंट' में परिवहन सुरक्षा के अध्यक्ष केविन क्लिंटन का कहना है कि ये उपकरण चालकों के लिए मुसीबत भी बन सकता है। क्योंकि अगर ड्राइविंग के दौरान फोन पर बातचीत के किसी अंश को कार ने कमांड समझ लिया, तो मुश्किल हो सकती है

Monday, March 7, 2011

’इंटरनेट’ बना आतंकियों की भर्ती का आसान ज़रिया


नई दिल्ली : जहां एक ओर आज की युवा पीढ़ी इंटरनेट का इस्तेमाल कर क़ामयाबी की राह पकड रही है तो वहीं इसका ग़लत इस्तेमाल भी किया जा रहा है। इंटरनेट को आतंकी गतिविधियों के लिये भी प्रयोग में लाया जा रहा है। केंद्रीय गृहसचिव जीके पिल्लई ने आज इस बात से अवगत कराते हुए कहा कि आतंकी अपने संगठन में युवकों को शामिल करने और देश में खुफिया गतिविधियों को अंजाम देने के लिए इंटरनेट को सबसे आसान जरिए के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।

नास्काम द्वारा आयोजित एक सम्मेलन में उपस्थित पिल्लई ने कहा कि इंटरनेट के जरिए मुंबई जैसे आतंकी हमलों की राह आसान हो रही है और इंटरनेट आतंकियों की भर्ती के लिए सबसे प्रभावी जरिया बन गया है।
पिल्लई ने बताया कि सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति की समीक्षा करने और इसका उन्नयन करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है, ताकि डाटा सुरक्षा बढ़ाई जा सके।

गृहसचिव ने कहा कि सरकार ने एक आपदा प्रबंधन योजना बनाई है और एक राष्ट्रीय कंप्यूटर आपात प्रतिक्रिया दल सीईआरटी-इन का गठन किया है। गृह सचिव ने देश में साइबर सुरक्षा प्रमाणन प्रणाली को बेहतर बनाने का मुद्दा भी उठाया।

उन्होंने कहा कि ऐसे में जब हम देश में दूरसंचार क्षेत्र से जुड़े उपकरणों का आयात करने की सोच रहे हैं, हमारे पास प्रमाणन के लिए प्रयोगशाला नहीं है और फिलहाल हमारे पास सिर्फ एक प्रयोगशाला कोलकाता में है। हमें भारत में और अधिक प्रयोगशालाओं की जरूरत है।

वर्ल्ड कप: लडखडाने के बाद, केन्या का सम्मानजनक स्कोर


नई दिल्ली : फ़िरोज़शाह कोटला मैदान में कनाडा और केन्या के बीच खेले जा रहे मैच में टास जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए केन्या की टीम 198 रन पर आल आउट हो गई। शुरुआत में लडखडाने के बाद केन्या की टीम सम्मानजनक स्कोर बनाने में सफ़ल रही। केन्या के दोनों सलामी बल्लेबाज़ 7 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। पहले ओवर की दूसरी गेंद पर ही ओसिन्डे ने बैदवान के हाथों ओउमा को कैच आउट कराकर अपनी टीम को पहली सफ़लता दिला दी। ओउमा अपना खाता भी नहीं खोल पाए। फिर अपने तीसरे ओवर में ओसिन्डे ने एस वाटर्स को बोल्ड मार कर केन्या को दूसरा झटका दिया।

कनाडा की सधी हुई गेंदबाज़ी के आगे केन्याई बल्लेबाज़ बेबस नज़र आ रहे थे। फिर डी ओबुया का विकेट भी ओसिन्डे ने लिया। डी ओबुया 2 रन बनाकर बगाई को कैच थमा बैठे। फिर 1 छोर से तेज़ी से रन बना रहे सी ओबुया भी बैदवान की गेंद पर बोल्ड हो गए। सी ओबुया ने 35 गेंदों पर 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 31 रन बनाए। मध्यक्रम में बल्लेबाज़ी करने आए पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज़ स्टीव तिकोलो भी उम्मीदों पर खरे नही उतर सके और 12 रन बनाकर रिज़वान चीमा की गेंद पर बोल्ड हो गए। इस प्रकार केन्या ने अपने 5 विकेट केवल 57 रनों पर खो दिये थे।

उस समय केन्या का 100 रन पकड पाना भी मुश्किल लग रहा था। लेकिन फिर छठे विकेट के लिये टी मिश्रा और जेके कमान्डे के बीच 52 रनों की साझेदारी हुई। इस साझेदारी ने केन्या के स्कोर को कुछ मज़बूती प्रदान ही। इन दोनों बल्लेबाज़ों ने कनाडाई गेंदबाज़ों का डटकर सामना किया। कमान्डे ने धीमी गते से खेलते हुए 58 गेंदों पर 22 रन बनाए। फिर कमान्डे बालाजी राव की गेंद पर कैच आउट हो गए।

फिर क्रीज़ पर आए थोमस ओडोयो ने मिश्रा का बख़ूबी साथ निभाया। ओडोयो ने मिश्रा के साथ मिलकर 7वें विकेट के लिये 57 रन जोडे, जिसकी बदौलत केन्याई टीम सम्मानजनक स्कोर की तरफ़ बढ़ सका। फिर मिश्रा डेविसन की गेंद पर कैच आउट हो गए। मिश्रा ने 73 गेंदों में 3 चौके लगाकर 51 रन बनाए। फिर ओडोयो ने तेज़ी से खेलते हुए पुछल्लों के साथ मिलकर टीम के स्कोर को 200 के नज़दीक़ पहुंचा दिया। ओडोयो ने 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से 62 गेंदों में 51 रन बना डाले। मिश्रा और ओडोयो ने शानदार अर्धशतक जडे।

कनाडा की ओर से ओसिन्डे सबसे क़ामयाब गेंदबाज़ रहे जिनहोंने अपने 10 ओवरों में केवल 26 रन देकर 4 विकेट लिये। रिज़वान चीमा ने 30 रन देकर 2 खिलाडियों को पवेलियन भेजा। जबकि बैदवान, बालाजी राव और डेविसन को 1-1 विकेट मिला।

राहुल गांधी पर आरोप लगाने वाले पूर्व विधायक पर जुर्माना


लखनऊ : राहुल गांधी के खिलाफ बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दाखिल करने वाले मध्य प्रदेश के पूर्व सपा विधायक किशोर समरीते बुरी तरह फंस चुके हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने पूर्व विधायक की याचिका ख़ारिज करते हुए उल्टा उन पर 50 लाख रुपये का जुर्माना ठोक दिया है।

लखनऊ बेंच के जज उमानाथ सिंह व डा. सतीशचंद्र ने इस मामले की सुनवाई करते हुए किशोर समरीते व गजेंद्रपाल सिंह की बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका खारिज कर दी और मामले की सीबीआई जांच के भी आदेश दिए। कोर्ट ने कहा कि जुर्माने की राशि में से 5 लाख रुपये उत्‍तर प्रदेश के डीजीपी को, 20 लाख रुपये हर्जाने के तौर पर राहुल गांधी को और 25 लाख रुपये संबंधित परिवार को दिए जाएंगे। सरकारी वकील एमपी यादव ने बताया कि सोमवार को पूरे मामले की सुनवाई व परिवार के बयान के बाद कोर्ट ने याचिकाकर्ता किशोर समरीते पर 50 लाख रुपये का जुर्माना ठोंका और इस घटनाक्रम से जुड़े मामलों की सीबीआई से जांच कराने के लिए कहा।

ग़ौरतलब है कि पूर्व विधायक की ओर से बंदी प्रत्यक्षीकरण की दो याचिकाएं दायर की गई थीं। पहली याचिका 26 फरवरी को समरीते ने कांग्रेस महासचिव व अमेठी सांसद राहुल गांधी के खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में संविधान के अनुच्छेद 226 के तहत दायर की थी। समरीते का आरोप था कि राहुल गांधी से मिलने के बाद अमेठी का एक परिवार 4 जनवरी, 2007 से ही लापता है। उन्हें इस मामले की जानकारी नई दिल्ली में भाकपा की एक महिला सांसद के जरिए मिली थी। उन्होंने कहा कि वे परिवार को न्याय दिलाना चाहते हैं। इसीलिए 26 फरवरी को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में बंदी याचिका दायर की है।

बाद में गजेंद्र पाल सिंह ने भी इसी प्रकरण से जुड़ी एक याचिका दायर की। इस याचिका पर जज उमानाथ सिंह व डॉ. सतीश चंद्र ने सुनवाई करते हुए 4 मार्च को संबंधित परिवार को कोर्ट में हाजिर करने का आदेश दिया था। आदेश पर अमल करते हुए डीजीपी ने परिवार को कोर्ट में पेश किया। परिवार ने कहा कि उसके गायब होने से संबंधित आरोप पूरी तरह बेबुनियाद है। परिवार की ओर से यह भी कहा गया कि उन्‍होंने याचिकाकर्ता को याचिका दायर करने का अधिकार भी नहीं दिया था।

उत्‍तर प्रदेश सरकार की ओर से इस मामले में महाधिवक्ता ज्योतिरेंद्र मिश्र ने कोर्ट में सरकार का पक्ष रखा।

जयललिता ने मीडिया संगठनों को भेजा कानूनी नोटिस



चेन्नई : अन्नाद्रमुक प्रमुख जयललिता ने अपना नाम हसन अली से जोड़े जाने से गुस्सा होकर उन खबरों के सिलसिले में द्रमुक समर्थित कलइग्नार टीवी सहित तीन मीडिया प्रतिष्ठानों को कानूनी नोटिस भेज कर बिना शर्त माफी मांगने के लिए कहा है। इस टीवी चैनल और कुछ अख़बारों में जयललिता का नाम पुणे के उद्योगपति हसन अली खान के साथ जोड़ा गया था।

खान पर विदेश में काला धन जमा करने का आरोप है। यह नोटिस मुंबई से निकलने वाले दोपहर के अखबार 'मिडे डे', चेन्नई स्थित द्रमुक के आधिकारिक मुखपत्र 'मुरासोली' और 'कलइग्नार टीवी' को भेजा गया है। जयललिता का कहना है कि यदि तीनों मीडिया प्रतिष्ठानों ने उनके नोटिस पर जवाब नहीं दिया तो वह कानूनी कार्रवाई करेंगी।

अधिवक्ता पीएच मनोज पाडियन के माध्यम से भेजे गए नोटिस में जयललिता ने तीनों मीडिया प्रतिष्ठानों से बिना शर्त माफी मागने के लिए कहा है। नोटिस में पाडियन ने कहा है कि खबरों में जो दावे किए गए उनकी कोई पुष्टि नहीं की गई थी और न ही इन दावों के समर्थन में कोई दस्तावेज है।

उन्होंने कहा कि मिड डे की खबर में एक अज्ञात जाच अधिकारी को यह कहते हुए बताया गया कि हसन अली खान के धन की जाच से संकेत की सुई एक महिला राजनीतिज्ञ की ओर जाती है जो दक्षिण भारत के एक राज्य की मुख्यमंत्री भी थी। हसन अली खान पर करोड़ों रुपये की कर चोरी का भी आरोप है। पाडियन ने कहा, 'यह भ्रामक, गलत तथ्य है और पीत पत्रकारिता है।'

उनके अनुसार, जयललिता साफ कह चुकी हैं कि उनका हसन अली से कोई लेना देना नहीं है। जयललिता ने ही विदेशी बैंकों में काला धन जमा करने वालों के खिलाफ बयान जारी किए और कार्रवाई करने पर जोर दिया।

अधिवक्ता ने कहा कि मिड डे की खबर मुरासोली और कलइग्नार टीवी की खबरों का स्रोत बन गई। तमिल दैनिक में महिला मुख्यमंत्री की पहचान जयललिता के रूप में की गई और एक झूठी खबर प्रकाशित की गई जिसका प्रसारण कलइग्नार टीवी पर हुआ। नोटिस में उन्होंने कहा है कि खबर के प्रकाशन से पहले तथ्यों की प्रामाणिकता की जाच नहीं की गई।

उन्होंने कहा कि मेरी मुवक्किल का कहना है कि इन खबरों में कोई सत्यता नहीं है। ये खबरें झूठी और बेबुनियाद हैं और इनका उद्देश्य मेरी मुवक्किल और उनकी पार्टी की छवि धूमिल करना है।

पाडियन ने कहा कि खबर के कारण जयललिता को जो नुकसान हुआ उसका आकलन नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि दैनिकों को बिना शर्त जयललिता से माफी मागनी चाहिए और माफीनामे का प्रकाशन प्रथम पृष्ठ पर करना चाहिए। कलइग्नार टीवी को इसका प्रसारण भी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई नोटिस मिलते ही की जानी चाहिए अन्यथा इन मीडिया प्रतिष्ठानों के खिलाफ कानून का दरवाजा खटखटाया जाएगा।

सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, सैंकड़ों गिरफ्तार


लखनऊ : उत्तर प्रदेश की मायावती सरकार को उखाड फेंकने के इरादे से समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा सोमवार से शुरू किये गये तीन दिन के आन्दोलन में पुलिस ने राजधानी लखनऊ, वाराणसी और इलाहाबाद के अलावा कई जगह पर सपा के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया। विधानसभा में विपक्ष के नेता शिवपाल सिंह यादव समेत पांच सौ से ज्यादा कार्यकर्ता गिरफ्तार किए गए।

सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव और उनके सांसद पुत्र अखिलेश यादव को उनके घर पर नजरबंद किए जाने पर लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार को पत्र भेजकर राज्य सरकार के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया गया।

आन्दोलन के पहले ही राज्य सरकार ने ऐहतियातन सपा के पन्द्रह हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया था। सपा नेता और कार्यकर्ता सोमवार को जब राजधानी लखनऊ में जिलाधिकारी कार्यालय जा रहे थे तब रिवर बैंक कालोनी के पास उन पर लाठीचार्ज किया गया। लाठीचार्ज के बाद विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं पूर्व सांसद भगवती सिंह समेत कई कार्यकर्ता गिरफ्तार किए गए।

खबर के मुताबिक़, पुलिसकर्मियों द्वारा शिवपाल सिंह यादव का कुर्ता फाडा गया और सपा की महिला कार्यकर्ताओं की पिटाई की गई। इसके अलावा ये भी ख़बर मिली है कि गिरफ्तारी के बाद महिलाओं को थाने में भी पीटा गया। हालांकि जिलाधिकारी अनिल सागर ने थाने में महिलाओं की पिटाई से इंकार किया है। सपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार सुबह ही मुख्यमंत्री सचिवालय एनेक्सी के तीनों गेट पर ताले जड़ दिए।

पाक मंत्री पर जानलेवा हमला



कराची: मुत्तहिदा कौमी मुवमेंट [एमक्यूएम] पार्टी के प्रातीय पाकिस्तानी मंत्री पर हैदराबाद शहर में अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला किया जिसमें वह बाल-बाल बच गए।

पुलिस के मुताबिक कल रात जुबीर खान अपने घर के बाहर में खड़े थे उसी समय मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों ने उन पर गोलीबारी की जिससे बचने के लिए वह घर में घुस गए।

इस घटना पर एमक्यूएम के केंद्रीय समन्वय कमेटी के प्रमुख अल्ताफ हुसैन ने लंदन से कहा कि एमक्यूएम के मौजूदा मंत्री पर यह हमला दूसरी बार हुआ है और सरकार को इस घटना को गंभीरता से लेना चाहिए। इस घटना के पीछे जिस किसी भी व्यक्ति का हाथ है उसे तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

गौरतलब है कि पिछले साल प्रातीय विधानसभा सदस्य एमक्यूएम के रजा हैदर निजामाबाद में 10 अगस्त को एक अंत्एष्टि क्रिया भाग लेने के लिए गए थे जहां पर छह अज्ञात बंदूकधारियों ने उन पर अंधाधुंध गोली चला कर उनकी जान ले ली थी। इस हमले के बाद हुए हिंसा में 50 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।

दीपिका मेरी गर्लफ्रैंड नहीं: सिद्धार्थ


इंग्लैंड के बल्लेबाज केविन पीटरसन का कहना है कि दीपिका सिद्धार्थ की गर्लफ्रैंड हैं। जबकि सिद्धार्थ का कहना है कि उनके और दीपिका के बीच ऐसा कुछ नहीं है यह सिर्फ एक अफवाह है।

हुआ यूं की दीपिका और सिद्धार्थ ने केविन पीटरसन के साथ लंच किया। जिसके बाद केविन ने इस लंच के बारे में ट्वीट किया है और अपने मैसेज में दीपिका को सिद्धार्थ की गर्लफ्रैंड बताया मगर सिद्धार्थ कहते हैं कि उन्होंने ऐसा कोई ट्वीट नहीं पढ़ा और दीपिका उनकी ग्रलफ्रैंड नहीं हैं।

उधर सिद्धार्थ माल्या आजकल इंडियन पॉप सिंगर सोफी चौधरी के काफी करीब बताए जा रहे हैं। हाल ही में दीपिका के बिना एक पार्टी में आए सिद्धार्थ ने सारा टाइम सोफी चौधरी के साथ गुजारा और वें दोनों घर भी साथ एक गाड़ी में गए।

पूरे 30 दिन चलेगी इस फोन की बैट्री


अब मोबाइल फोन बनाने वाली कंपनियां एक से बढ़कर एक नए नए फीचर्स के साथ बाजार में अपने हैंडसेट लांच कर ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों को लुभा रही हैं।

मोबाइल बनाने वाली जानी मानी कंपनी अकाई ने एक ऐसा हैंडसेट लांच किया है जिसकी बैट्री पूरे 30 दिन तक चलती रहेगी। ’अकाई सामुराई’ नाम के इस हैंडसेट की कीमत है मात्र 1800 रुपए।

इतना ही नहीं इतनी कम कीमत वाले इस फोन में ड्यूल सिम, एलईडी टॉर्च, वॉयस एंड कॉल रिकॉर्डिंग, एफएम रेडियो विद रिकॉर्डिंग सिस्टम, टीएफटी स्क्रीन जैसे फीचर्स भी मौजूद हैं। साथ ही इस फोन में 2 जीबी तक की एक्सपैंडेबल मेमोरी और बेसिक कैमरा भी लगाया गया है। कंपनी का कहना है कि कम कीमत में इतने सारे फीचर्स वाले इस फोन को भारतीय ग्राहक काफी पसंद करेंगे।

इंग्लिश टीम को झटका, पीटरसन वर्ल्ड कप से बाहर


नई दिल्ली : अभी इंग्लैंड की टीम आयरलैंड से हार के सदमे से उबर भी नहीं पाई होगी कि उन्हें एक और झटका लग गया है। विपक्षी टीमों के छक्के छुडा देने वाले इंग्लैंड के घातक बल्लेबाज़ और स्टार खिलाड़ी केविन पीटरसन वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं।

उन्हें हर्निया की इमरजेंसी सर्जरी कराने के लिए स्वदेश लौटना पड़ रहा है। ऐसा उम्मीद जताई जा रही थी कि 30 साल के पीटरसन वर्ल्ड कप के बाद हर्निया की सर्जरी कराएंगे लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ कल खेले गए मैच में बैटिंग और बॉलिंग करने के बाद पीटरसन की हालत अचानक बिगड़ गई।

इंग्लैंड ऐंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड के अनुसार अगले 24 घंटों में पीटरसन इंग्लैंड लौट जाएंगे। उन्होंने आईसीसी से पीटरसन की जगह इओन मॉर्गन को टीम में शामिल करने की इजाजत मांगी है। मॉर्गन टूटी अंगुली की वजह से इंग्लैंड में ही रह गए थे। इंग्लैंड की 15 मेम्बर्स टीम में उनका नाम शामिल था। ऑस्ट्रेलिया से वन डे सीरीज 1-6 से हारने के बाद पीटरसन की इंजरी का पता चला था। इस सर्जरी से रिकवरी के लिए उन्हें 6 सप्ताह आराम की जरूरत है।

अवैध हथियारों समेत 3 तस्कर गिरफ्तार


लखनऊ : उत्तर प्रदेश पुलिस ने अवैध हथियारों समेत 3 तस्करों को गिरफ़्तार कर एक बडी सफ़लता प्राप्त की है। पुलिस द्वारा, इस गिरफ़्तारी के बाद एक बडे गिरोह का पर्दाफ़ाश होने की उम्मीद जताई जा रही है। राजधानी लखनऊ में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन तस्करों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया जबकि उनका एक साथी मौके से फरार होने में सफल हो गया।

पुलिस के मुताबिक लखनऊ के बाहरी इलाके मोहनलालगंज में पुलिस ने रविवार रात तस्करों को गिरफ्तार कर लिया तथा उनके पास से आठ पिस्तौल और 20 मैगजीन बरामद किया गया। तस्करों की उम्र 21 से 30 वर्ष के बीच है।

लखनऊ के पुलिस अधीक्षक [ग्रामीण] अशोक प्रसाद ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि सूचना के आधार पर कार सवार तस्करों की घेराबंदी की गई तो उन्होंने पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। बाद में तीन को पकड़ लिया गया जबकि एक मौके से फरार हो गया।

प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तस्कर पिछले तीन वर्षो से इस धंधे में लिप्त थे और बिहार के मुंगेर से अवैध हथियारों को लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों तथा दिल्ली, हरियाणा और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के इलाकों में मौजूद अपने ग्राहकों को बेचते थे।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए तस्करों से उनके गिरोह के बारे में पूछताछ की जा रही है। पकड़े गए तस्कर उत्तर प्रदेश के ही रहने वाले हैं।

सरबजीत की रिहाई की उम्मीद


इस्लामाबाद: पाकिस्तान की जेल में बंद भारतीय नागरिक सरबजीत सिंह की रिहाई की उम्मीद एक बार फिर जग गई है। शनिवार को पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट में सरबजीत मामले को दोबारा खोलने के लिए एक याचिका दायर की गई है।

सरबजीत पर लाहौर, कासूर और फैसलाबाद में बम धमाके करने का आरोप है। उन धमाकों में 14 लोग मारे गए थे। लाहौर हाई कोर्ट ने वर्ष 2003 के जनवरी माह में उसे चार अलग-अलग मामलों में दोषी करार देकर मौत की सजा सुनाई थी और सुप्रीम कोर्ट ने भी उसकी सजा को बरकरार रखा।

सरबजीत के वकील ए. शेख ने सरबजीत पर आतंकी होने के आरोपों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर कर पुनर्विचार करने की मांग की है। शेख का कहना है कि वर्ष 1990 के बम विस्फोट के पीछे वास्तव में सरबजीत नहीं मनजीत सिंह था, लेकिन गलतफहमी के कारण सजा सरबजीत को हो गई। वर्ष 2010 में भारत में मनजीत को भारत में गिरफ्तार किया गया था। मनजीत एक अंतरराष्ट्रीय आतंकी है। शेख ने कहा कि मनजीत ही असली दोषी है, वह कई बार पाकिस्तान आ चुका है। वर्ष 1990 में जब विस्फोट हुआ था तब भी वह पाकिस्तान में था।

गौरतलब है कि वर्ष 2008 में प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन ने उसकी फांसी को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित रखा है। अधिकारियों के मुताबिक सरबजीत को माफी केवल राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ही दे सकते हैं। उधर सरबजीत के परिवार वालों का कहना है कि वह भूल से सीमा के पार चला गया था।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York