Showing posts with label 21-02-2011. Show all posts
Showing posts with label 21-02-2011. Show all posts

Monday, February 21, 2011

तलवार दंपति, अब हाईकोर्ट की शरण में


पिछ्ले दिनों सीबीआई अदालत ने तलवार दंपति को उनकी बेटी और घरेलू नौकर हेमराज की हत्या के मामले में आरोपी बनाया था। आरुषि तलवार के अभिभावकों ने आज इलाहाबाद उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाकर सीबीआई अदालत के उस फैसले के खिलाफ याचिका दायर की है।

तलवार दंपति की ओर से उनके वकील गोपाल चतुर्वेदी ने याचिका दायर की। इसमें याचिकाकर्ताओं ने दलील दी है कि सीबीआई अदालत ने अपना फैसला उनकी आपत्तियों पर विचार किए बिना दिया। इस मामले में 23 फरवरी को सुनवाई किए जाने की संभावना है।

गौरतलब है कि नौ फरवरी को सीबीआई अदालत ने राजेश तलवार और नूपुर तलवार को दोहरी हत्या के अलावा आपराधिक षड्‍यंत्र और सबूतों को नष्ट करने का आरोपी ठहराया था।

ज़िम्बाब्वे की सधी हुई गेंदबाज़ी, ऑस्ट्रेलिया - 263/5


अहमदाबाद : वर्ल्डकप के ग्रुप ए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट गंवाकर 262 रनों का स्कोर खडा किया। ज़िम्बाबवे ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों को बांधे रखा और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों को बडा स्कोर नहीं खडा करने दिया। टीम में अनुभवी खिलाडी ना होने के बावजूद ज़िम्बाबवे ने विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज़ों को रन जुटाने के लिये कडे प्रयास कराए जिसके लिये उनकी जितनी तारीफ़ की जाए उतनी कम है।

यूं तो आस्ट्रेलिया ने ठोस शुरूआत की लेकिन रन गति बेहद धीमी रही। आस्ट्रेलिया का पहला विकेट विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हैडिन के रूप में गिरा जो पी उत्सेया का शिकार बने।

ज़िम्बाबवे की किफ़ायती गेंदबाज़ी का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि ब्रैड हैडिन ने 66 गेंदों पर 29 रन बनाए। आस्ट्रेलिया की ओर से सलामी बल्लेबाज़ शेन वाटसन ने 92 गेंदों पर 79 रन बनाए। इनके अलावा माइकल क्लार्क ने तेज़ी से खेलते हुए 4 चौकों की मदद से 55 गेंदों पर नाबाद 58 रन बनाए। जिसकी वजह से आस्ट्रेलिया टीम एक सम्मानजनक स्कोर बनाने में क़ामयाब हो सकी। कप्तान पोंटिंग केवल 28 रन बना सके और रन आउट हो गये।

ज़िम्बाबवे की ओर से सी मपोफ़ु ने 58 रन देकर 2 बल्लेबाज़ों को आउट किया। जबकि प्राइस, उत्सेया और क्रीमर ने बहुत किफ़ायती गेंदबाज़ी की और तीनों गेंदबाज़ों ने 1-1 विकेट भी लिया। ऐसी उम्मीद की जा रही थी कि कम अनुभवी ज़िम्बाबवे के सामने आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ पहाड जैसा स्कोर खडा कर देंगे। लेकिन कम अनुभव होने के बावजूद ज़िम्बाबवे के गेंदबाज़ों ने बेहद उम्दा प्रदर्शन किया। अब देखना ये है कि ज़िम्बाबवे की टीम बल्लेबाज़ी में भी कोई कमाल कर पाती है या नहीं ?

बीजेपी सांसद का आरोप, स्विस बैंक में है सोनिया-राहुल का पैसा



नई दिल्ली : अब लगता है कि काला धन मामले में बीजपी और कांग्रेस के बीच वाकयुद्ध शुरू होने वाला है। बीजेपी सांसद राम जेठमलानी ने अब एक नई बहस को जन्म दे दिया है। जहां एक ओर बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से स्विस बैंकों में काला धन जमा करने के आरोप पर माफी मांगी है। लेकिन अब उनकी पार्टी के एक सांसद ने गांधी परिवार पर फिर यह आरोप दोहराया है। वरिष्ट एडवोकेट राम जेठमलानी ने सोमवार को कहा कि मैं मानता हूं कि गांधी परिवार ने स्विस बैंक में काफी धन जमा किया हुआ है।

संसद के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि इस बारे में स्विट्जरलैंड की कई पत्रिकाओं में लिखा गया है कि राहुल गांधी को स्विस बैंक से धन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस बारे में न्यूयार्क टाइम्स में विज्ञापन भी छपा है, जिसमें इस आरोप को दोहराया गया है।

ग़ौरतलब है कि बीजेपी ने कुछ समय पहले काले धन की पड़ताल के लिए एक टास्क फोर्स का गठन किया था। बीजेपी द्वारा इस कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर सोनिया गांधी और उनके पति पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी पर स्विस बैंक में एकाउंट होने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद पार्टी नेता लालकृष्ण आडवाणी ने भी कई सभाओं में सार्वजनिक रूप से कहा कि सोनिया गांधी को इस आरोप के बारे में स्पष्टीकरण देना चाहिए।

लेकिन इस आरोप के बाद सोनिया गांधी ने 15 फरवरी को एक कड़ा पत्र आडवाणी को लिखा और दावा किया कि उनके परिवार का कोई एकाउंट स्विस बैंक में नहीं है।इसके बाद आडवाणी ने सोनिया गांधी को एक पत्र लिखकर, स्विस बैंक के मामले में उनका नाम लेने के लिए माफी मांग ली।

लेकिन जेठमलानी ने कहा कि आडवाणी ने सोनिया गांधी से माफी नहीं मांगी है। जेठमलानी के अनुसार उन्होंने केवल इतना कहा है कि आपने (सोनिया गांधी) इतने साल तक स्विस बैंक मे गांधी परिवार का एकाउंट होने का खंडन नहीं किया और अब इतने साल बाद इसका स्पष्टीकरण दिया है।

करियर की चिन्ता में टॉपलेस हुई कश्मीरा



बॉलीवुड की हॉट अभिनेत्री कश्मीरा शाह को अब अपने करियर की चिन्ता सताने लगी है। अपने करियर के गिरते ग्राफ को देखते हुए कश्मीरा ने अब टॉपलेस कैलेंडर शूट करने का फैसला किया है। माना जा रहा है कि इस कैलेंडर को खासतौर पर सिर्फ कश्मीरा के लिए ही शूट किया जाएगा।

कश्मीरा ने एक डेली अख़बार को दिए इंटरव्यू में कहा कि वह कैलेंडर को अपने हॉट टॉपलेस पोज से भरने में बिलकुल भी नहीं हिचकिचायेंगी। उनका कहना है कि लोग जब यह कैलेंडर देखेंगे तो वह चौंक जाएंगे क्योंकि उन्होंने अब तक मेरे इतने सेक्सी पिक्चर्स नहीं देखे होंगे, और मेरा यह कैलेंडर हर युवक अपने बाथरूम में लगाना चाहेगा। मार्च के पहले हफ्ते में रिलीज़ होने वाले इस कैलेंडर की केवल एक तस्वीर में ही कश्मीरा टॉपलेस नजर आएंगी।

अब मोबाइल चार्ज होगा पानी से


अब आपको मोबाइल चार्ज करने के लिये बिलजी की जरुरत नहीं होगी। स्वीडन की 'माय एफसी' नाम की कंपनी ने एक ऐसा मोबाइल चार्जर तैयार किया है, जो बिजली या बैट्री से नहीं बल्की पानी से आपका मोबाइल फोन चार्ज कर देगा। जल्द ही यह कंपनी इस चार्जर को बाजार में उतारेगी।

'पावर ट्रैक्क' नाम के इस चार्जर की खासियत यह है कि इसकी मदद से किसी भी ब्रांड के मोबाइल हैंडसेट को चार्ज किया जा सकता है। दरअसल पावर ट्रैक्क नाम के इस मोबाइल जार्चर में फ्यूल सेल टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है जिसकी मदद से हाइड्रोजन को इलेक्ट्रिसिटी में बदला जा सकता है। साथ ही यह चार्जर आकार में काफी छोटा है जिससे इसे आसानी से कहीं भी ले जाया जा सकता है। अपने मोबाइल की बैट्री को चार्ज करने लिए आपको इसके छोटे से वाटर टैंक में बस थोड़ा सा पानी डालना पड़ेगा और यह चार्जर आपके मोबाइल को चार्ज करने के लिए तैयार हो जाएगा।

स्पेन के शहर बार्सीलोना में आज शुरू हुए मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2011 में इस चार्जर को लांच किया गया है। फिलहाल कंपनी की तरफ से इस चार्जर की कीमत का ऐलान नहीं किया गया है।

कॉमनवेल्थ घोटाले की जांच जेपीसी से कराई जाए: कलमाडी


नई दिल्ली : कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान अनियमितताओं के आरोपों से घिरे सुरेश कलमाडी ने अपने आप को निर्दोष बताते हुए गेम्स से जुड़े सभी मसलों की जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से कराने की मांग की है। इन आरोपों के कारण सुरेश कलमाडी को कॉमनवेल्थ गेम्स की आयोजन समिति के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था।

रिपोर्टे के अनुसार, सीबीआई को एक ई-मेल मिला है। जांच एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि कलमाडी को मिली रिश्वत का पहला स्पष्ट सबूत इसमें है। कलमाडी ने एक बयान में कहा कि अगर उनके खिलाफ इस बात का कोई सबूत सामने आता है कि उन्हें एक रुपया भी मिला है, तो वे सांसद पद से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ चलाए जा रहे ‘दुर्भावनापूर्ण अभियान’ से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। कलमाडी के अनुसार, जो ‘कहानियां’ सामने आ रही हैं वे सत्य से परे हैं।

कलमाडी ने कहा, ‘अगर सराकर 2जी स्पेक्ट्रम मामले में जेपीसी गठित करती है,तो कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारियों और आयोजन से जुड़े मसलों की जांच भी जेपीसी से कराई जाना चाहिए। मुझे यकीन है कि इससे सारा सच लोगों के सामने आ जाएगा।’

अजमल कसाब की ’फांसी की सज़ा’ बरक़रार


मुंबई : आख़िरकार वो दिन आ ही गया जिसका इंतज़ार शायद पूरे भारत को था। सबकी निगाहें इस फ़ैसले पर टिकी हुईं थीं। मुंबई में 26/11 को हुए आतंकवादी हमले में दस पाकिस्तानी आंतकियों में से एकमात्र जीवित बचे आतंकी आमिर अजमल कसाब को बम्बई उच्च न्यायालय ने विशेष अदालत के फैसले को सुरक्षित रखते हुए आज मौत की सजा सुना दी।

ग़ौरतलब है कि विशेष अदालत ने मई 2010 में कसाब को आतंकी हमलों में शामिल होने के लिए कई मासूमों की हत्या करने के जुर्म में मौत की सजा सुनाई थी। उसके बाद कसाब ने अपनी सजा-ए-मौत के खिलाफ बम्बई उच्च न्यायालय में अपील की थी। आज उच्च न्यायालय ने उसकी याचिका को ठुकराते हुए विशेष अदालत के फैसले पर अपनी मुहर लगा दी और उसे मौत की सजा दिए जाने का फैसला सुनाया। इसी मामले से जुड़े दो अन्य आरोपी फहीम अंसारी और सबाहुद्दीन अहमद को बरी कर दिया है।

लेकिन वहीं दूसरी तरफ़, इस मामले में कई सवाल खडे होते दिख रहे हैं। रक्षा मामलों के विशेषज्ञ महरूफ रजा के मुताबिक़ अजमल कसाब को फांसी की सजा बरकरार रखकर हाई कोर्ट ने पूरी तरह से उचित निर्णय लिया है। लेकिन उन्होंने सवाल खडे करते हुए पूछा। क्या हम कसाब की गिरफ्तारी का हमारे हित में इस्तेमाल कर पाए ? क्या हम कसाब के भारतीय संबंधों का पता लगा पाए ? जाहिर है कि इतना बड़ा हमला बिना कुछ भारतीयों से सपोर्ट के नहीं हुआ होगा लेकिन हमारी जांच एजेंसी इसका खुलासा नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि कसाब के भारतीय संबंधों का खुलासा जरूरी है ताकि देश विरोधी लोगों के चेहरे सामने आएं।

ये कुछ बातें किसी भी तरह से गले नहीं उतरतीं कि पहले तो ये पाकिस्तानी आतंकवादी सारे हथियार लेकर कैसे हमारे देश में घुसे। फिर, दुनिया भर में भारत के नामचीन होटलों में गिने जाने वाले और सुरक्षा समेत जैसी हर वीआईपी सुविधा से लैस ’होटल ताज मुंबई’ या फिर यूं कहा जाए कि ऐसी जगह जहां परिंदा भी पर नहीं मार सकता, वहां ये पाकिस्तानी आतंकवादी बग़ैर किसी संबंधों के इतना अस्लाह बारूद लेकर कैसे प्रवेश कर गये।

हमारे देश के लिये घातक साबित हुईं इन बातों की जानकारी ना तो शायद कभी इस हमले के आरोपी अजमल कसाब से ली गई और ना ही इन सवालों का जवाब हमारी किसी जांच एजेंसी, हमारे क़ानून विशेषज्ञ, और ना ही हमारे देश के राजनेताओं के पास है।

मालेगांव विस्फोट मामले में सही जांच नहीं हुई - सलमान खुर्शीद


मुंबई : देश भर में इन दिनों मालेगांव ब्लास्ट मामले मे गिरफ़्तार किये गये मुस्लिम युवकों की रिहाई की मांग की जा रही है। अब जबकि महाराष्ट्र और देश भर के लिये एक कलंक साबित हुए मालेगांव ब्लास्ट मामले में हिंदू कट्टरपंथी स्वामी असीमानंद द्वारा पुलिस के सामने अपना गुनाह क़ुबूल किया जा चुका है। लेकिन इसके बाद भी इस मामले में गिरफ़्तार मुस्लिम युवकों की रिहाई के कोई आसार नज़र नहीं आ रहे है। अब इस मामले में, केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री सलमान खुर्शीद ने अफ़्सोस जताते हुए कहा है कि मालेगांव विस्फोट मामले में सही जांच नहीं हुई है। इस मामले में अभी न्याय की जरूरत है।

एक उर्दू समाचार चैनल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित सलमान खुर्शीद ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, ‘यह एकदम साफ है कि अन्याय हुआ है। हालांकि 100 प्रतिशत साफ-सुथरी जांच की गुंजाइश किसी भी केस में नहीं होती। कई लोगों को गिरफ्तार किया जाता है। कुछ छोड़ भी दिए जाते हैं। लेकिन कुछ लोगों को लगातार निशाना बनाना यकीनन गलत है।’

मालेगांव केस में नौ मुस्लिम युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इनकी गिरफ्तारी पर कई लोगों ने सवाल उठाए हैं। और अब इनकी रिहाई की लगातार मांग की जा रही है।

खुर्शीद ने बताया, ‘केंद्रीय गृह मंत्री लगातार इस मामले पर नजर रख रहे हैं। वे इस मामले में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण और केंद्रीय कानून मंत्री एम. वीरप्पा मोइली के भी संपर्क में हैं।’ महाराष्ट्र के मालेगांव में 8 सितंबर 2006 को हुए बम विस्फोट में 36 लोग मारे गए थे। करीब 100 लोग घायल हुए थे। इस मामले में हिंदू कट्टरपंथी स्वामी असीमानंद पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल कर चुका है।

वहीं इसी कार्यक्रम में मह्जूद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री चव्हाण ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि "मालेगांव मामला महाराष्ट्र के इतिहास का दुखद अध्याय है। इसमें जो लोग गलत तरीके से गिरफ्तार किए गए हैं, उन्हें न्याय मिलेगा।"

पहले अपनी संपत्ति का ब्यौरा दें बाबा रामदेव: दिग्विजय सिंह


गुना : लगता है बाबा रामदेव को कांटों भरी डगर से गुज़र कर राजनीति का सफ़र तय करना पडेगा। बाबा द्वारा राजनीति में आने की मंशा जाहिर करते ही उन पर धमकी और शाब्दिक हमले शुरू हो गये हैं। कांग्रेस ने तोग गुरू पर राजनैतिक वार करना शुरू कर दिया है। हाल ही में कांग्रेस सांसद द्वारा बाबा को आपत्तिसूचक शब्द कहने का मसला सुलझ भी नहीं पाया था कि अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बेबाक बयानबाजी के लिये मशहूर दिग्विजय सिंह ने योग गुरू पर निशाना साध दिया।

जब दिग्विजय सिंह से कांग्रेस सांसद की टिप्पणी पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने उस बात लो दरकिनार करते हुए उल्टा योग गुरू की संपत्ति पर सवाल खड़ा कर दिया। दिग्गी राजा ने कहा कि बाबा रामदेव को काले धन के मामले पर सवाल खड़े करने से पहले अपनी संपत्ति और आय का लिखित ब्यौरा जनता के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए, ताकि हमें भी पता चले कि योग के नाम पर उनके पास करोड़ो रूपये कहां से आ गये?

अगर बाबा रामदेव राजनीति में आना चाहते है तो खुले तौर पर आये मगर इस तरह से बेबाक बयानबाजी बंद करें। वरना अपने योग साधनों तक ही सीमित रहें। गौरतलब है कि योग गुरु बाबा रामदेव ने शनिवार को एक कांग्रेस सांसद पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया था।

ग़ौरतलब है कि इन दिनों बाबा रामदेव भ्रष्टाचार और विदेशी बैंकों में जमा काले धन के मुद्दे पर राष्ट्रीय अभियान चला रहे हैं और इसी के तहत वह शनिवार को अरूणाचल प्रदेश में थे। कार्यक्रम के दौरान जब उन्होंने भ्रष्टाचार के मामलों का खुलासा किया तो उस दौरान वहां उपस्थित कांग्रेस के सांसद निनांग एरिंग ने उन पर आपत्ति टिप्पणी की थी।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York