Showing posts with label JPC Investigation. Show all posts
Showing posts with label JPC Investigation. Show all posts

Friday, March 11, 2011

जेपीसी की पहली बैठक 24 मार्च को


नई दिल्ली : विपक्ष के साथ कड़े टकराव के बाद 2जी स्पेक्ट्रम मामले में जेपीसी जांच के लिये रज़ामन्द हुई केंद्र सरकार अब इस ओर पहला क़दम उठाने जा रही है। 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले की जांच के लिए बनी संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की पहली बैठक 24 मार्च को होगी। जेपीसी के अध्यक्ष पीसी चाको ने बताया कि बैठक में समिति के रोडमैप को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसमें यह भी तय किया जाएगा कि किन लोगों को बुलाया जाएगा और कौन-से दस्तावेज मांगे जाएंगे।

तीस सदस्यीय जेपीसी संसद के अगले सत्र में अपनी रिपोर्ट देगी। उधर, इस घोटाले संबंधी कैग की रिपोर्ट पर लोक लेखा समिति (पीएसी) तेजी से जांच में लगी हुई है और लगातार बैठकें हो रही हैं। पीएसी अब प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को बुलाने की तैयारी में है।

इस घोटाले में सरकार को 1 लाख 76 हज़ार करोड़ रूपयों की राजस्व हानि पहुंची थी। एश ओ आराम की ज़िंदगी गुज़ारने वाले इस घोटाले के मुख्य आरोपी पूर्व दूरसंचार मंत्री ए.राजा अपनी काली करतूतों के कारण तिहाड़ जेल में सलाख़ों के पीछे की ज़िंदगी गुज़ार रहे हैं।

Monday, February 21, 2011

कॉमनवेल्थ घोटाले की जांच जेपीसी से कराई जाए: कलमाडी


नई दिल्ली : कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान अनियमितताओं के आरोपों से घिरे सुरेश कलमाडी ने अपने आप को निर्दोष बताते हुए गेम्स से जुड़े सभी मसलों की जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से कराने की मांग की है। इन आरोपों के कारण सुरेश कलमाडी को कॉमनवेल्थ गेम्स की आयोजन समिति के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था।

रिपोर्टे के अनुसार, सीबीआई को एक ई-मेल मिला है। जांच एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि कलमाडी को मिली रिश्वत का पहला स्पष्ट सबूत इसमें है। कलमाडी ने एक बयान में कहा कि अगर उनके खिलाफ इस बात का कोई सबूत सामने आता है कि उन्हें एक रुपया भी मिला है, तो वे सांसद पद से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ चलाए जा रहे ‘दुर्भावनापूर्ण अभियान’ से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। कलमाडी के अनुसार, जो ‘कहानियां’ सामने आ रही हैं वे सत्य से परे हैं।

कलमाडी ने कहा, ‘अगर सराकर 2जी स्पेक्ट्रम मामले में जेपीसी गठित करती है,तो कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारियों और आयोजन से जुड़े मसलों की जांच भी जेपीसी से कराई जाना चाहिए। मुझे यकीन है कि इससे सारा सच लोगों के सामने आ जाएगा।’

Tuesday, February 8, 2011

सर्वदलीय बैठक फेल, विपक्ष जेपीसी की मांग पर अडिग


नई दिल्ली : घोटालों के कारण आलोचनाओं का शिकार हो रही केंद्रीय सरकार के सामने अब एक नई चुनौती आ खडी हुई है। पिछले काफ़ी समय विपक्ष द्वारा जेपीसी जांच की मांग की जा रही है, जिसे लेकर सरकार ने हमेशा ही टाल-मटोल वाला रवैय्या अपनाए रखा है। शीतकालीन सत्र के दौरान जेपीसी जांच की मांग कर रहे विपक्ष ने संसद को चलने नहीं दिया। अब महज़ दो हफ्ते बाद संसद का बजट सत्र शुरू होना है। इसी कारण केंद्र सरकार ने आज वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी की अध्यक्षता में 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले पर विपक्ष की जेपीसी की मांग के कारण बने गतिरोध को खत्म करने के लिये एक सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। जो कि बिना किसी हल के ख़त्म हो गई।

विपक्ष अब भी जेपीसी की मांग पर कायम है। भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि जेपीसी से कम पर कोई बात ही नहीं हो सकती है। कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा कि सोनिया गांधी किसी भी घोटाले पर कुछ नहीं बोल रही हैं। आदर्श हाउसिंग घोटाला, 2-जी स्पेक्ट्रम घोटाला हुआ लेकिन सोनिया गांधी ने कोई भी बयान नहीं दिया है।

ग़ौरतलब है कि शीतकालीन सत्र विपक्ष की जेपीसी की मांग की भेंट चढ़ गया था। अब जब बजट सत्र को सही रूप से चलाने के लिये सरकार ने फिर प्रयास शुरू किया है। जेपीसी की मांग पर अड़िग भाजपा ने कहा कि इस मसले पर चर्चा की जरूरत नहीं है और सरकार सीधे जेपीसी का गठन करे। हालांकि वाम दलों ने कहा है कि वह जेपीसी की मांग पर चर्चा के लिए तैयार है, बशर्ते सरकार इसके गठन का वादा करे।

जबकि जेपीसी की मांग को लेकर चल रहे गतिरोध को दूर करने के लिए कांग्रेस का कहना है कि पार्टी एक प्रस्ताव पर विचार विमर्श के लिए तैयार है। सरकार संसद में एक प्रस्ताव पारित करना चाहती है जिसमें मतदान के जरिये ये पता लगाने की कोशिश की जायेगी कि कितने सदस्य जेपीसी के पक्ष में और कितने सदस्य जेपीसी के विपक्ष में है।

एस बैंड घोटाला: प्रधानमंत्री को घेरने की तैयारी में विपक्षी दल


नई दिल्ली : घोटालों के कारण विपक्ष के निशाने पर आ चुकी केंद्र सरकार के लिये मुसीबतों का पहाड़ बनता जा रहा है। हाल ही में प्रकाश में आए ’एस बैंड घोटाले’ ने सरकार के लिये घोटालों की आग में घी डालने का काम किया है। जैसे-जैसे घोटालों की संख्या बढ़ती जा रही है वैसे ही सरकार पर विपक्ष के हमले तेज़ होते जा रहे हैं। घोटालों का जिन्न सरकार का पीछा नहीं छोड़ रहा है और सरकार की छवि धूमिल होती जा रही है।

2जी स्पेक्ट्रम घोटाले के बाद ’इसरो’ से जुड़े एस बैंड स्पेक्ट्रम आवंटन में सरकार को दो लाख करोड़ रुपए के राजस्व के नुकसान का आरोप लगाते हुए विपक्ष ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को कठघरे में खड़ा कर दिया है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि इसरो विभाग सीधे प्रधानमंत्री के तहत आता है, वहां पर इतना बड़ा घोटाला होना बेहद गंभीर मामला है। इसलिए प्रधानमंत्री तत्काल ही स्थिति स्पष्ट करें और इस आवंटन को रद्द करें।

2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में केंद्रीय मंत्री ए राजा की बलि देने के बाद भी सरकार संसद नहीं चला पा रही है। शीतकालीन सत्र हंगामे की भेंट चढ़ जाने के बाद अब बजट सत्र भी संकट में आ गया हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री के तहत आने वाले विभाग में एक और घोटाला सामने आने से सरकार के सामने मुसीबतें का अंबार लग गया है। इस घोटाले ने विपक्ष को और ज्यादा हमलावर बना दिया है। अब विपक्ष द्वारा इसरो और देवास मल्टीमीडिया के बीच हुए समझौते की जांच कराने की भी मांग की जा रही है। भाजपा प्रवक्ता निर्मला सीतारमन ने प्रधानमंत्री से सवाल पूछा है कि इस स्पेक्ट्रम को एक निजी कंपनी को बिना नीलामी के किस आधार पर दिया गया?

ग़ौरतलब है कि इसरो ने इस दुर्लभ स्पेक्ट्रम में से 70 मेगा हर्टज देवास मल्टीमीडिया नाम की कंपनी को 20 साल के लिए दिया है। इस कंपनी के चेयरमैन इसरो के पूर्व वैज्ञानिक सलाहकार एमजी चंद्रशेखर है। इस स्पेक्ट्रम के आवंटन के लिये एमटीएनएल व बीएसएनएल से लगभग साढ़े बारह हजार करोड़ रुपए लिये गये, जबकि देवास मल्टीमीडिया को मात्र एक हजार करोड़ में आवंटित किया गया। कैग ने सरकार को थोड़ी राहत देते हुए कहा कि मीडिया में जो बाते आ रही है, वह उसके आडिट का निष्कर्ष नहीं है। अभी यह काम जारी है।

वामपंथी दलों ने भी इस मामले पर सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इस आवंटन में लगभग 2 लाख करोड़ रुपए के राजस्व का नुकसान हुआ है। माकपा नेता सीताराम येचुरी ने कहा कि अंतरिक्ष विभाग को सीधे प्रधानमंत्री के तहत आता है। इसे तो वह किसी और पर डाल भी नहीं सकते हैं। इससे सीधे देश की सुरक्षा पर असर पड़ेगा। चारों वामपंथी दल इस मुद्दे को भी अपनी जेपीसी मांग के साथ जोड़ेगे। चाहे सरकार इसके लिए अलग से जेपीसी बनाए या फिर बाकी तीन के लिए जो मांग कर रहे हैं, उसके साथ ही कराए।

कांग्रेस ने इस पर रक्षात्मक रवैया अपनाते हुए कहा कि कैग रिपोर्ट की एक प्रक्रिया होती है। उसे सदन में रखा जाता है, उसके बाद पीएसी को जाती है और वहां से जांच होकर सदन के सामने आती है। कांग्रेस प्रवक्ता शकील अहमद ने उम्मीद जताई है कि यह मामला भी पीएसी के पास जा सकता है।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York