Showing posts with label 23-02-2011. Show all posts
Showing posts with label 23-02-2011. Show all posts

Wednesday, March 23, 2011

लीबिया: 14 तेल कंपनियों पर प्रतिबंध



वाशिगटन: लीबिया सरकार के नियंत्रण वाली 14 तेल कंपनियों को अमेरिका ने प्रतिबंधित कर दिया है। लीबिया के नेता मुअम्मर गद्दाफी के आय का स्रोत मानकर इन कंपनियों पर यह कार्रवाई की गई।

अमेरिकी वित्त विभाग के विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय [ओएफएसी] के निदेशक एडम जे जुबिन ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1973 के मद्देनजर सभी सरकारों को इस लीबियाई कंपनी की संपत्तिया जब्त कर लेनी चाहिए, ताकि गद्दाफी कंपनियों के नेटवर्क का इस्तेमाल अपनी गतिविधियों में न कर सकें।

जुबिन के मुताबिक लीबियन नेशनल ऑयल कार्पोरेशन गद्दाफी प्रशासन के लिए आय का बुनियादी स्रोत रही है।

लीबियन नेशनल ऑयल कार्पोरेशन के तहत शोधन, उत्पादन और ब्रिकी के क्षेत्र में 14 कंपनिया संचालित की जा रही हैं। इन सभी पर अमेरिकी सरकार ने प्रतिबंध लगाया है। जिन कंपनियों पर प्रतिबंध लगाया गया है उनमें 'अरबियन गल्फ ऑयल कंपनी', 'अजाविया ऑयल रिफाइनिंग कंपनी', 'ब्रेगा पेट्रोलियम मार्केटिंग कंपनी' और 'मेडिटरेनियन ऑयल सर्विसेज' प्रमुख हैं।

Wednesday, February 23, 2011

अब कांग्रेस विधायक ने साधा रामदेव पर निशाना


देहरादून : बाबा रामदेव की स्वाभिमान यात्रा पूरी तरह से विवादों से घिर चुकी है। योग गुरू, काले धन के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने के कारण लगातार कांग्रेस के निशाने पर आते जा रहे हैं। बाबा को भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ आन्दोलन चलाने और राजनीतिक पार्टी बनाने की योजना के कारण लगातार कांग्रेसी नेताओं के शाब्दिक बाणों का शिकार होना पड रहा है। बाबा के इस आन्दोलन से बौखलाए कांग्रेस के एक सांसद ने तो योग गुरू को धमकी दे डाली थी और अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया था।

कांग्रेस और योग गुरु स्वामी रामदेव के बीच युद्ध अब रफ़तार पकडने लगा है। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह द्वारा बाबा रामदेव की संपत्ति पर सवाल उठाए जाने के बाद अब कांग्रेस स्वामी रामदेव को उनकी कर्मभूमि उत्तराखंड मे ही घेरने की तयारी कर रही है।

टिहरी से कांग्रेस के विधायक किशोर उपाध्याय ने बाबा रामदेव की संपत्ति और गतिविधियों की सीबीआई जांच की मांग की है। उत्तराखंड कांग्रेस के नेता अब इस मामले में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को चिट्टी लिखने की तैयारी कर रहे हैं। विधायक ने बताया कि स्वामी रामदेव ने उत्तराखंड को अपनी कर्मभूमि बना यहां अपना योगआश्रम शुरु किया। उस वक्त जब हमारी सरकार थी तो हमने कहा था कि रामदेव सरकार द्वारा मिल रही रियायतों का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन अब हालात बद से बदतर हो गए हैं।

बाबा रामदेव पर सवाल दागते हुए किशोर उपाध्याय ने कहा कि खुद को योगगुरु कहने वाला रामदेव को राजनीति से क्या मतलब है। बाबा रामदेव अपने आश्रम में मजदूरों का शोषण कर करोड़ों रुपए बना रहे हैं। पंतजलि योगपीठ में काम कर रहे मजदूरों से काम ज्यादा लिया जाता है और वेतन कम दिया जाता है। कई सरकारी डॉक्टर वहां अवैध रूप से काम कर रहे हैं, इन सब बातों की भी जांच होनी चाहिए।

जो व्यक्ति देश भर में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने की बात कर रहा है वो यह भी तो बताएं की उसके अपने आश्रम में कितना भ्रष्टाचार व्याप्त है। वो खुद भी कहते हैं कि दान में मिली रकम का वो राजनीतिक दल के निर्माण में इस्तेमाल कर रहे हैं। भारत स्वाभीमान आंदोलन में उनके ट्रस्ट का पैसा इस्तेमाल होता है। क्या ट्रस्ट के पैसे का राजनीतिक उपयोग किसी भी तरह से जायज है ?

शुरूआती झटकों के बावजूद पाकिस्तान का स्कोर 300 के पार


वर्ल्ड कप के पहले मैच में पाकिस्तान ने टास जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए केन्या को 318 रनों का लक्ष्य दिया है। पाकिस्तान के 4 बल्लेबाज़ों ने अर्द्धशतकीय पारी खेली जिसकी बदौलत पाकिस्तान ये स्कोर खडा करने में क़ामयाब हो सका। बाक़ी की कसर केन्या के गेंदबाज़ों ने अतिरिक्त रन देकर पूरी कर दी। केन्याई गेंदबाज़ों ने 46 अतिरिक्त रन लुटाए जिसमें 37 वाइड, 6 नो बाल और 3 लेग बाई शामिल हैं।

पाकिस्तान को शुरूआती झटके देने के बाद केन्याई गेंदबाज़ अपनी लय को बरक़रार नहीं रख सके। पाकिस्तान ने अपने सलामी बल्लेबाज़ों के विकेट, महज़ 12 रन के स्कोर पर गंवा दिये थे। मोहम्मद हफ़ीज़ 9 रन और अजमल शहज़ाद 18 गेंदों पर केवल 1 रन बनाकर आउट हो गए। हफ़ीज़ का विकेट ओटिएनो ने लिया और शहज़ाद को ओडोयो ने आउट किया।

इनके बाद कामरान अकमल और यूनुस ख़ान ने बेहद ज़िम्मेदारी से खेलते हुए तीसरे विकेट के लिये 98 रन जोडे। जिसकी बदौलत पाकिस्तान शुरूआती झटकों से उबर सका। यूनुस ख़ान ने 2 चौकों की मदद से 50 रन बनाए और कामरान ने 4 चौकों की मदद से 55 रन बनाए। कामरान न्गोचे की गेंद पर स्टंप आउट हुए।

यूनुस ने मिस्बाह के साथ चौथे विकेट के लिये 45 रनों की साझेदारी निभाई। यूनुस को तिकोलो ने पगबाधा आउट किया। फिर मिस्बाह और उमर अकमल ने पांचवे विकेट के लिये 118 रनों की साझेदारी निभाई जिसकी बदौलत पाकिस्तानी ने विशाल स्कोर खडा किया। फिर मिस्बाह 1 चौका और 2 छक्के लगाकर 65 रन बनाकर कमान्डे की गेंद पर कैच आउट हो गये। उमर अकमल भी ज़्यादा देर नहीं टिक सके और 52 गेंद पर आक्रामक 71 रन बनाकर ओडोयो की गेंद पर कैच आउट हुए। उमर ने 8 चौके और 1 छक्का लगाया।

पाकिस्तान के कप्तान शाहिद आफ़रीदी कोई कमाल नहीं दिखा सके और केवल 7 रन बनाकर ओडोयो का शिकार बने। न्गोचे और तिकोलो को छोडकर सभी गेंदबाज़ महंगे साबित हुए। केन्या की ओर से टी ओडोयो सबसे सफ़ल गेंदबाज़ साबित हुए जिन्होंने 41 रन देकर 3 खिलाडियों को पवेलियन भेजा। इनके अलावा ओटिएनो, न्गोचे, तिकोलो और कमान्डे को 1-1 विकेट प्राप्त हुआ।

कुलपति के पद पर बने रहेंगे मौलाना वस्तानवी


देवबंद : गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की हिमायत में बयान देने के कारण विवादों से घिरे मौलाना गुलाम मोहम्मद वस्तानवी, देश के प्रमुख इस्लामी शिक्षण संस्थानों में शुमार दारुल उलूम देवबंद के मोहतमिम (वाइस चांसलर) बने रहेंगे। मजलिस-ए-शूरा (दारुल उलूम की गवर्निंग काउंसिल) की बैठक में आमराय से आज यह फैसला लिया गया।

दारुल उलूम देवबंद के नायब मोहतमिम मौलाना खालिक मदासी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि शूरा की बैठक में मौलाना वस्तानवी को मोहतमिम के पद पर बनाए रखने का फैसला किया गया है, जबकि मौलाना अबुल कासिम बनारसी को कारगुजार (कार्यवाहक) मोहतमिम बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि वस्तानवी पर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की कथित रूप से तारीफ करने तथा अन्य आरोपों की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है। मौलाना मदासी ने बताया कि सुबह 10 बजे शुरू हुई इस बैठक में शूरा के 21 में 15 सदस्यों ने शिरकत की थी। इस बैठक में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के अध्यक्ष मौलाना राबे हसन नदवी समेत छह सदस्य शामिल नहीं हुए।

गौरतलब है कि 10 जनवरी को दारुल उलूम देवबंद के मोहतमिम चुने गए गुजरात के वस्तानी इलाके के निवासी मौलाना वस्तानवी ने मोदी की कथित तारीफ के बाद अपने खिलाफ शुरू हुए अभियान के चलते इस्तीफे की पेशकश की थी। बुधवार को इसी सिलसिले में शूरा की बैठक बुलाई गई थी।

ड्रीम गर्ल से एक्टिंग के गुर सीखेंगी कैटरीना


बॉलीवुड की ’शीला’ कैटरीना कैफ़ ने बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी से एक्टिंग के गुर सीखने की इच्छा ज़ाहिर की है। सीता और गीता की रीमेक में मुख्य भूमिका निभाने जा रहीं कैटरीना ने कहा है कि वे फिल्म में हेमा मालिनी की तरह ही दमदार रोल निभाना चाहती हैं। तो इसके लिये कैटरीना कैफ बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी से अभिनय के गुर सीखना चाहती हैं।

कैटरीना ने कहा कि "मैं हेमा मालिनी की तरह काम करना चाहती हूं। गीता की भूमिका में हेमाजी ने कमाल किया है। मैं चाहती हूं कि इस भूमिका में मैं उनकी तरह की स्टंट दिखाऊं। मैं उनकी तरह पुलिस स्टेशन में पंखे पर चढ़ने से लेकर चाकूबाजी तक करना चाहती हूं।"

वहीं, ड्रीम गर्ल ने भी इसके लिये हामी भर दी है। हेमा मालिनी से जब पूछा गया कि क्या वे कैटरीना को गुर सिखाएंगी, टिप्स देंगी; तो उनका जवाब था ’क्यों नहीं’।

‘सीता और गीता’ में हेमा मालिनी के साथ धर्मेंद्र और संजीव कुमार दिखे थे। अब देखना है कि शीला के साथ कौन नजर आता है और वे खुद इस भूमिका में कितनी फिट बैठती हैं।

बिहार: 0-14 वर्ष के सभी बच्चों का मुफ़्त इलाज कराएगी सरकार


पटना : इस बात में कोई शक़ नहीं कि नीतिश कुमार ने बिहार की तस्वीर बदल कर रख दी है। तरक्क़ी के मामले में पिछडे प्रदेशों में गिना जाने वाला बिहार आज विकास की राह पर गामज़न है। नीतिश कुमार के नेत्रत्व वाली सरकार में प्रदेश की जनता की सहुलत के लिये कई योजनाएं लागू कर दी गई हैं। साथ ही कई योजनाओं को अमली जामा पहनाने का काम तेज़ी से चल रहा है।

अब इस योजना के साथ, बिहार देश में ऐसा पहला राज्य होगा जहां शून्य से 14 वर्ष तक की उम्र के सभी बच्चों का इलाज सरकार अपने खर्च से करवाएगी। बच्चों का इलाज राज्य के प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेन्द्रों से लेकर दिल्ली के एम्स अस्पताल सहित देश के बड़े संस्थानों तक कराया जाएगा।

सरकार के मुताबिक राज्य में शून्य से लेकर 14 वर्ष की आयु वर्ग में करीब 3.4 करोड़ बच्चे हैं। एक अनुमान के मुताबिक इनमें से छह से 14 वर्ष उम्र के अधिकांश बच्चे विद्यालयों में हैं। ‘नई पीढ़ी स्वास्थ्य गारंटी योजना’ के नाम से शुरू होने जा रहे इस कार्यक्रम के तहत राज्य के सभी बच्चों को एक हेल्थ कार्ड दिया जाएगा, जिसके तहत वे अपना मुफ्त इलाज करा सकेंगे।

22 मार्च को ‘बिहार दिवस’ के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस योजना का शुभारम्भ करेंगे। यह योजना राज्य के सभी 11,000 स्वास्थ्य केंद्रों तथा स्वास्थ्य उपकेंद्रों के साथ-साथ राज्य के करीब 70,000 प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में शुरू होगी।

राज्य के स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव अमरजीत सिन्हा ने जानकारी दी कि वर्तमान में यह योजना अगले पांच वर्ष तक के लिए बनाई गई है, जिसमें प्रत्येक वर्ष चार महीने तक बच्चों के बीच हेल्थ कार्ड बांटा जाएगा। स्वास्थ्य केंद्रों सहित विद्यालयों तथा गांवों में कैम्प लगाकर चरणबद्ध तरीके से बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। हेल्थ कार्ड में बच्चों के स्वास्थ्य से सम्बंधित सभी रिकॉर्ड अंकित होंगे। बच्चों की ऊंचाई, वजन, आंख, नाक, गला, चर्म रोग, कटे हुए होंठ, दिल की स्थिति सहित सभी विवरण इस हेल्थ कार्ड में दर्ज होंगे।

सिन्हा के मुताबिक़, इस योजना में प्रतिवर्ष 125 करोड़ रुपये खर्च होने की सम्भावाना है। योजना में राज्य के सरकारी शिक्षकों का भी सहयोग लिया जाएगा। हेल्थ कार्ड की एक प्रति सम्बंधित विद्यालयों को दी जाएगी, जिन्हें प्रतिवर्ष अपडेट किया जाएगा।

कतर ओपन के दूसरे दौर में पहुंची सानिया


दोहा : भारत की टेनिस सनसनी सानिया मिर्जा ने सर्बिया की बोजाना जोवानोवस्की को 6-2, 7-5 से हराकर कतर ओपन टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बना ली है।

मंगलवार को यहां खेले गए पहले दौर के मुकाबले में सानिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्बियाई खिलाड़ी को लगातार सेटों में शिकस्त दी। सानिया पहला सेट आसानी से 6-2 से जीतने में सफल रही, लेकिन दूसरे सेट में उन्हें जीत दर्ज करने के लिए संघर्ष करना पड़ा।

भारतीय खिलाड़ी के अलावा पांचवीं वरीय सर्बिया की येलेना यानकोविच, आठवीं सीड इजरायल की शाहर पीर, स्लोवाकिया की डोमिनिका चिबुलकोवा और डेनियला हंतुकोवा तथा इटली की फ्लेविया पेनेटा भी अपने-अपने मुकाबले जीतने में सफल रहीं।

लेकिन रूस की स्वेत्लाना कुजनेत्सोवा को पहले ही दौर में शाहर पीर के हाथों लगातार सेटों में 2-6, 4-6 से शिकस्त का सामना करना पड़ा।

दान में कोई काला धन नहीं मिलता: बाबा रामदेव


नई दिल्ली : भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान छेड़ने के कारण कांग्रेस के निशाने का शिकार बने योगगुरु बाबा रामदेव ने काला धन मामले पर अपनी सफ़ाई पेश की है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने बाबा रामदेव की प्रॉपर्टी के बाद उनके ट्रस्ट को मिल रहे दान के पैसे पर सवाल उठाते हुए बाबा से उनकी संपत्ति का ब्यौरा देने को कहा था। अब योग गुरू ने इसका जवाब देते हुए कहा है कि उनके ट्रस्ट को दान में कोई काला धन नहीं मिलता है।

एक टीवी चैनल से बातचीत के दौरान बाबा रामदेव ने कहा कि उनके ट्रस्ट पतंजलि योगपीठ और दिव्य योग मंदिर का कुल 11 सौ करोड़ का टर्नओवर है। उनके पास एक-एक पैसे का पूरा हिसाब है। उन्होंने कहा कि उनके ट्रस्ट को चंदे के जरिए पैसा मिलता है। पैसे का पूरा हिसाब होता है। दान में कोई काला धन नहीं लिया जाता है।

गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह ने पहले कहा था कि भ्रष्टाचार की बात करने से पहले बाबा को अपनी आय और व्यवसाय के बारे में जानकारी सार्वजनिक करना चाहिए। इसके बाद उन्होंने बाबा को मिल रहे चंदे के पैसे पर भी सवाल उठाए थे।

सिंह ने कहा था कि 'बाबा को अगर राजनीति में आना है, तो खुलकर राजनीति में आएं, वरना लोगों को योग सिखाते रहें। दोनों के घालमेल का कोई मतलब नहीं है।' इससे पहले बाबा के भ्रष्टाचार विरोधी अभियान से कथित तौर पर नाराज एक कांग्रेसी सांसद ने उनके साथ बदतमीजी करते हुए उन्हें गालियां तक दे डाली थीं।

बाबा रामदेव द्वारा काले धन और भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ शुरू की गई ये स्वाभिमान यात्रा ख़ासतौर पर कांग्रेस नेताओं को खल रही है। अब देखना ये होगा कि बाबा का ये अभियान क्या रंग लाता है।

नक्सलियों के आगे झुकी सरकार, जल्द लौटेंगे ’डीएम’ और ’इंजिनियर’


भुवनेश्वर : आख़िरकार, उडीसा सरकार को नक्सलियों की मांगों के सामने झुकना ही पडा। नक्सलियों ने अपनी सभी मांगें माने जाने के लिये हरी झंडी मिलने के बाद सात दिन पहले अगवा किए गए मलकानगिरि के कलेक्टर आर. विनीत कृष्णा और जूनियर इंजिनियर पवित्र मांझी को छोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक अगले 48 घंटों में दोनों को छोड़ दिया जाएगा। माओवादियों ने उड़ीसा सरकार के आगे 14 मांगें रखी थीं। इनमें से 8 सोमवार को मान ली गई थीं। बाकी 6 मांगें मंगलवार को मान ली गईं।

आधिकारिक सूत्रों ने दोनों की रिहाई किए जाने की तस्दीक की है। उन्होंने बताया की दोनों को अलग-अलग जगह से छोड़ा जा सकता है। कृष्णा और मांझी का माओवादियों ने मलकानगिरी के जनतपी गांव के पास से 16 फरवरी को अपहरण कर लिया था। उन्होंने दोनों की रिहाई के बदले उड़ीसा सरकार के सामने 14 मांगें रखी थीं।

नक्सलियों द्वारा चुने गए तीन में से एक वार्ताकार प्रफेसर जी. हरगोपाल ने राज्य सरकार के साथ तीन दिनों से चली आ रही बातचीत के खत्म होने पर कहा था कि मलकानगिरि के कलेक्टर और जूनियर इंजिनियर को 48 घंटों के भीतर रिहा कर दिया जाएगा।

राज्य के गृह सचिव यू. एन. बेहरा ने भी मंगलवार शाम को ही कलेक्टर की रिहाई के संकेत दे दिए थे। उन्होंने कहा था कि छह दिनों से चला आ रहा बंधक संकट हल कर लिया गया है। जल्दी ही कृष्णा नक्सलियों के चंगुल से रिहा हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गंती प्रसादम और शीर्ष नक्सली नेता रामाकृष्णा की पत्नी पद्मा सहित पांच माओवादियों के खिलाफ मामले वापस लेने के लिए उचित प्रक्रिया का पालन करने पर सहमत हो गई थी।

नक्सलियों ने उड़ीसा सरकार के सामने 14 मांगे रखी थीं। उनमें से प्रमुख थीं- आदिवासियों को जमीन का अधिकार देना, माओवादियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान रोकना, जेल में बंद माओवादी नेताओं को छोड़ना, पुलिस कस्टडी में मारे गए माओवादियों से सहानुभूति रखने वाले परिवारों को मुआवजा देना।

डीएम के अपहरण के बाद नक्सलियों की मांगे मान लिये जाने वाली इस घटना ने साबित कर दिया है कि हमारी सरकारें, हमारा प्रशासन, हमारी पुलिस इन नक्सलियों की समस्या से लडने में कितनी सक्षम हैं। इन नक्सली प्रभावित इलाक़ों में आए दिन ये नक्सली बेख़ौफ़ होकर लोगों को मौत के घाट उतार देते हैं। पुलिस इनके ख़िलाफ़ कार्रवाई करने में नाकाम रहती है।

इन दिनों, हमारे देश में नक्सलवाद की समस्या आतंकवाद से ज़्यादा ख़तरनाक तरीक़ से उभरकर हमारे सामने आ रही है। आतंकवाद के ख़िलाफ़ जमकर आवाज़ उठाने वाले हमारे देश के नेता ना जाने क्यों नक्सलवाद के मुद्दे पर आवाज़ मुखर करने में हिचकिचाते हैं या घबराते हैं ?

दिल्ली: आज से एयरपोर्ट तक का सफ़र तय करेगी मेट्रो


नई दिल्ली : लंबे समय से मेट्रो से एयरपोर्ट तक जाने का सपना संजोए बैठे लोगों का ये ख़वाब अब सच होने जा रहा है। हाई स्पीड एयरपोर्ट मेट्रो में सफर करने का इंतजार अब समाप्त होन जाएगा। बुधवार को दो बजे से नई दिल्ली से एयरपोर्ट तक जाने के लिये हाई स्पीड मेट्रो ट्रेन की सेवा का शुभारंभ हो जाएगा।

दिल्ली मेट्रो की नई दिल्ली से एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर चलने वाली ये मेट्रो महज़ 20 मिनट में इंदिरा गांधी इंटरनेशलन एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 तक का सफ़र तय करेगी। जबकि यहां से एयरपोर्ट तक की दूरी 23 किमी तक की है। इस रूट पर मेट्रो की रफ्तार 120 किमी प्रतिघंटा होगी।

एयरपोर्ट मेट्रो लाइन का निर्माण इस तरह किया गया है कि इस पर मेट्रो ट्रेन की अधिकतम गति 140 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। इस बारे में एयरपोर्ट मेट्रो कंपनी और दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन ने इसकी गति को 120 किलोमीटर प्रति घंटा कराने की पहल की है। हालांकि इसका औपचारिक उद्घाटन अगले महीने मार्च में होगा। जानकारी के अनुसार गत 5 फरवरी को दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के एयरपोर्ट मेट्रो के निरीक्षण के बाद इस लाइन के 10 दिन के भीतर शुरू होने की चर्चा थी लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

अब बुधवार से इस लाइन को आम जनता के लिए खोला जा रहा है। इस लाइन पर मेट्रो फिलहाल धौला कुआं और दिल्ली एयरोसिटी स्टेशनों पर नहीं रूकेगी। एयरपोर्ट लाइन पर दौडने के लिए फिलहाल आठ ट्रेन उपलब्ध कराई गई है। हर ट्रेन छह कोच का होगा। एक कोच के आधे भाग में सामान रखने के लिए जगह हागी। इतना ही नहीं हर कोच के बीच-बीच में सामान रखने के लिए स्टैंड बनाया गया है। कोच के अंदर स्क्रीन लगा होगा जिस पर आने वाले स्टेशनों की सूचना दी जाएगी और मनोरंजन के लिए और कार्यक्रम आएंगे।

जानकारी के अनुसार एयरपोर्ट एक्सप्रेस मेट्रो में उद्घाटन अवधि के दौरान यात्रियों को किराये में डिस्काउंट दिया गया है। इस अवधि में न्यूनतम 20 रूपए और अधिकतम 100 रूपए होगा, जबकि इस लाइन पर नियमित किराया 20 रूपए से लेकर 180 रूपए तक होगा।

नीदरलैंड ने हारकर भी बनाया रिकार्ड


नागपुर : भले ही इंग्लैंड ने कडी मशक्क़त के बाद नीदरलैंड्स को हराकर अपना पहला वर्ल्डकप मुकाबला जीत लिया हो, लेकिन रेयान टेन ड्यूशेट की धमाकेदार बल्लेबाजी की बदौलत डच टीम, वर्ल्डकप रिकार्ड बुक पर छाप छोड़ने में जरूर कामयाब हुई।

नीदरलैंड द्वारा बनाया 292 रन का विशाल स्कोर किसी एसोसिएट टीम द्वारा टेस्ट टीम के विरुद्ध सबसे बड़ा स्कोर है। आज तक किसी छोटी टीम ने इतना बड़ा कारनामा नहीं किया है। नीदरलैंड ने पूरे 50 ओवर की बल्लेबाजी में ड्यूशेट के शतक के दम पर २९२ रनों का बडा स्कोर खडा किया था। जिसे हासिल करने के लिये इंग्लिश टीम को पसीने बहाने पड़ गए।

किसी भी एसोसिएट टीम द्वारा बनाया ये दूसरा सबसे बड़ा योग भी है। इससे पहले नीदरलैंड ने ही 2003 विश्वकप में नामीबिया के खिलाफ 314 रन बनाए थे। इंग्लैंड के खिलाफ मैच में हॉलैंड के लिए ड्यूशेट ने 119 रन तथा कप्तान पीटर बॉरेन ने नाबाद 35 रन का योगदान किया। ड्यूशेट ने गेंदबाजी में भी जौहर दिखाते हुए 47 रन देकर दो विकेट चटकाए। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच अवार्ड से नवाजा गया।

पहला मैच जीतने के लिये छूटे इंग्लैंड के पसीने


इंग्लैंड की टीम भले ही जीत से शुरुआत करने में सफल रही हो लेकिन उसे इस मैच से काफी सीख लेनी होगी क्योंकि नीदरलैंड के खिलाफ उसके गेंदबाजों ने दिशाहीन गेंदबाजी की जबकि क्षेत्ररक्षक भी उम्मीद पर खरे नहीं उतरे, जिससे विरोधी टीम रेयान टेन डोएशे (119) की अगुआई में छह विकेट पर 292 रन का बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

हाल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों एकदिवसीय मैच में 1-6 से शिकस्त झेलने वाले इंग्लैंड की ओर से स्ट्रास ने 88, जोनाथन ट्राट ने 62, केविन पीटरसन ने 39 रन की पारी खेली जिससे टीम ने 293 रन के लक्ष्य को 48.4 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 296 रन बनाकर हासिल कर लिया।


लक्ष्य का पीछा करने उतरे इंग्लैंड को स्ट्रास और पीटरसन की सलामी जोड़ी ने सिर्फ 17.4 ओवर में 105 रन जोड़कर तेज शुरुआत दिलाई।
स्ट्रास को इसके बाद ट्राट के रूप में उपयोगी जोड़ीदार मिला और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए तेजी से 61 रन जोड़े। बुखारी ने स्ट्रास को टाम कूपर के हाथों कैच कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। इंग्लैंड के कप्तान ने 83 गेंद की अपनी पारी में नौ चौके मारे।

ट्राट ने इसके बाद इयान बेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़े। नीदरलैंड के शतकवीर डोएशे ने ट्राट को स्टंप कराके इस साझेदारी को तोड़ा। डोएशे ने बेल (33) को भी सीधी गेंद पर बोल्ड किया।

पाल कॉलिंगवुड (नाबाद 30) और रवि बोपारा (नाबाद 30) ने इसके बाद पाँचवें विकेट के लिए 55 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को जीत दिला दी। नीदरलैंड की ओर से डोएशे सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 47 रन देकर दो विकेट चटकाए।

इससे पहले आईसीसी के 2010 के 'एसोसिएट क्रिकेटर ऑफ द ईयर' डोएशे ने 110 गेंद में नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 119 रन बनाए, जिससे हॉलैंड टेस्ट खेलने वाले किसी देश के खिलाफ अपना सर्वाधिक स्कोर खड़ा करने में सफल रहा।

डोएशे ने युवा टॉम कूपर (47)के साथ तीसरे विकेट के लिए 78, टॉम डि ग्रूथ (28) के साथ पांचवें विकेट के लिए 64 और कप्तान पीटर बोरेन (नाबाद 35) के साथ छठे विकेट के लिए 61 रन की उपयोगी साझेदारियाँ की। डोएशे और कूपर ने इसके बाद 78 रन जोड़कर पारी को संभाला। स्वान को छोड़कर इंग्लैंड के अन्य गेंदबाजों को लय हासिल करने में दिक्कत हुई।

कूपर को कॉलिंगवुड ने आउट किया। उन्होंने 73 गेंद की अपनी पारी में तीन चौके मारे। स्वान ने इसके बाद बैस जुइडेरेंट (1) को कॉलिंगवुड के हाथों कैच कराया। डोएशे ने ग्रूथ के साथ मिलकर तेजी से रन जोड़े। ग्रूथ की जगह मैदान पर उतरे कप्तान बोरेन और डोएशे ने सिर्फ 5.2 में 61 रन की साझेदारी करके टीम का स्कोर 300 रन के करीब पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई।

इंग्लैंड की ओर से स्वान ने सबसे किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने अपने कोटे के दस ओवर में 35 रन देकर दो विकेट चटकाये। हॉलैंड ने अंतिम 10 ओवर में 104 रन जोड़े।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York