Showing posts with label 07-02-2011. Show all posts
Showing posts with label 07-02-2011. Show all posts

Monday, February 7, 2011

भारत को क़रारा झटका, प्रवीण कुमार विश्वकप से बाहर


मुंबई : 19 फ़रवरी से भारतीय उपमहाद्वीप में खेले जाने वाले विश्वकप की तैयरियों में जुटी टीम इंडिया को क़रारा झटका लगा है। अपनी सरज़मीं पर खेले जाने वाले विश्व कप को जीतने के लिये सुनहरे अवसर को भुनाने की फ़िराक़ में लगी माही सेना को अपने एक अहम गेंदबाज़ के बिना ही मैदान में उतरना पडेगा। कोहनी में चोट के कारण दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ वनडे सीरीज़ से बाहर हुए प्रवीण कुमार अब क्रिकेट के इस महाकुंभ से भी बाहर हो गए हैं।

अब ये उम्मीद की जा रही है कि 15 सदस्यीय भारतीय टीम में केरल के तेज गेंदबाज श्रीसंत को प्रवीण कुमार की जगह लिया जा सकता हैं। बेंगलुरू की नेशनल क्रिकेट एकेडमी में प्रवीण की कोहनी का इलाज हुआ था। इसके बाद वे इलाज के लिए इंग्लैंड गए थे। लेकिन अब विश्वकप आयोजन में महज़ दो सप्ताह का समय बाक़ी रह गया है। अब इंग्लैंड में जांच के बाद डाक्टरों ने अंतत: प्रवीण को अनफिट घोषित कर दिया। टीम के प्रमुख खिलाडी सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर को हाल ही चोट लग चुकी है जबकि जहीर खान और आशीष नेहरा चोट से उबर चुके हैं और पूरी तरह फिट हैं।

आईसीसी की भारत से सट्टेबाजी को कानूनी मान्यता देने की अपील


भारतीय उपमहाद्वीप में 19 फरवरी से शुरू हो रहे विश्वकप के मद्देनजर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की मीटिंग में मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारून लोर्गट ने भारत में खेलों में सट्टेबाजी को कानूनी मान्यता देने का अनुरोध किया है। स्थानीय अखबार 'द नेशनल' के मुताबिक़ आईसीसी की मीटिंग में इस बारे में चर्चा की गई थी कि भारत में क्रिकेट में सट्टेबाजी का कानूनी मान्यता देने के लिए वहाँ की सरकार से अनुरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा मैं इस बात सहमत हूँ कि इसको कानूनी मान्यता देना ही एक बेहतर विकल्प होगा।

उल्लेखनीय है कि क्रिकेट में अब तक भ्रष्टाचार के जितने भी मामले प्रकाश में आए है उनके तार कहीं न कहीं भारत से जुडे रहे हैं। भारत में केवल घुड़दौड़ में ही सट्टेबाजी वैध है जबकि कुछ राज्यों में कैसीनो भी चल रहे हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार भारत-पाकिस्तान वनडे पर दो करोड़ डॉलर से अधिक का सट्टा लगता है।

हालाँकि लोर्गट ने कहा मुझे पूरा विश्वास है कि भारतीय उपमहाद्वीप में 19 फरवरी से दो अप्रैल तक होने वाला दसवाँ विश्वकप भ्रष्टाचार से मुक्त होगा। इसके कारण बताते हुए हारून ने कहा 'पहला कारण यह है कि अधिकांश खिलाड़ी ईमानदार हैं। वे क्रिकेट से सच्ची खेल भावना के साथ खेलते हैं। वे अनुचित तरीकों से पैसा नहीं कमाना चाहते हैं। दूसरा कारण है कि क्रिकेट में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए हमारी भ्रष्टाचार रोधी ईकाई पूरी तरह सतर्क है।

फ़ाइनल मुक़ाबले में हारे सोमदेव


जोहानिसबर्ग : दक्षिण अफ़्रीका में खेले जा रहे ओपन टेनिस टूर्नामेंट के फ़ाइनल मुकाबले में राष्ट्रमंडल और ऐशयाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारत के सोमदेव देववर्मन को दक्षिण अफ़्रीकी खिलाडी केविन एंडरसन के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा। सोमदेव इस बार फ़िर खिताब से चूक गये।

दक्षिण अफ़्रीकी खिलाडी केविन एंडरसन ने अपनी धरती पर खेलते हुए सोमदेव को इस मुकाबले में 6.4, 3.6, 2.6 से शिकस्त दी। यह मुकाबला दो घंटे 19 मिनट तक चला। सोमदेव ने वाइल्ड कार्ड से प्रवेश पाने वाले स्थानीय खिलाड़ी इजाक वान डर मर्व को सीधे सेटों में हराकर दो साल बाद किसी एटीपी टूर्नामेंट के फ़ाइनल में जगह बनायी थी। इससे पहले वह 2009 में चेन्नई ओपन के फ़ाइनल में पहुंचे थे जहां वह क्रोऐशया के मारिन सिलिच से हार गये थे। जबकि पिछले साल सोमदेव इस टूर्नामेंट के फ़ाइनल तक भी नहीं पहूंच पाए थे और क्वार्टर फ़ाइनल में स्पेन के डेविड फ़ेरर से सीधे सेटों में हार गये थे।

वरुण गांधी को जान से मारने की धमकी देने वाले गिरफ्तार


पीलीभीत : बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव एंव पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ़्तार किये गये दो लोगों में से चंद्रपाल नाम का एक व्यक्ति वरुण गांधी के संसदीय क्षेत्र पीलीभीत का रहने वाला है तो दूसरे का नाम धीरेंद्र है जो पड़ोसी जिले शाहजहांपुर निवासी है।

पीलीभीत के पुलिस अधीक्षक प्रेम गौतम के मुताबिक़ दोनों को रविवार देर रात गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों व्यक्ति कुछ साल पहले भाजपा से जुड़े थे। पुलिस ने बताया कि गत 31 जनवरी को इन दोनों ने वरुण गांधी के मोबाइल पर फोन करके उन्हें जान दे मारने की धमकी दी थी। वरुण के पीलीभीत स्थित कार्यालय प्रभारी ने पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई थी।

अभी धमकी देने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, इस सम्बंध में जांच की जा रही है। अभी केवल इस बात की जानकारी ही मिल पाई है कि दोनों व्यक्ति कार्यकर्ता के रूप में भाजपा से जुड़े रहे हैं।

कसाब की क़िस्मत का फ़ैसला 21 फ़रवरी को


मुंबई : 26 नवंबर, 2008 को मुंबई के ताज होटल पर आतंकी हमला करने वाले आतंकवादियों में से एकमात्र ज़िंदा पकडा जाने वाला हमले का दोषी अजलम आमिर कसाब की सज़ा का फ़ैसला बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा 21 फरवरी को सुनाया जाएगा। आतंकी अजमल कसाब की अपील पर करीब तीन महीने तक चली सुनवाई के बाद कोर्ट ने आज फैसले के लिए यह तारीख तय की है। इससे पहले हाईकोर्ट ने 18 जनवरी को अपना फैसला 7 फरवरी तक सुरक्षित कर लिया था। इसी आतंकी हमले में हमारे देश ने एक जांबाज़ अफ़्सर ’एटीएस प्रमुख’ हेमंत करकरे को भी खो दिया था।

गौरतलब है कि करीब 26 महीने पहले हथियारों से लैस होकर आए दस पाकिस्तानी आतंकियों ने मुंबई पर हमला बोला था। कसाब और उसके साथियों ने तीन दिनों तक मुंबई शहर को हिलाकर रख दिया था। इस आतंकी हमले में विदेशी पर्यटकों समेत 166 लोग मारे गए थे और काफी तादाद में जख्मी हुए थे। उन दस आतंकियों में से केवल अजमल कसाब को जिंदा गिरफ्तार किया गया था, जिसे स्पेशल कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई थी। कसाब वर्तमान में ऑर्थर रोड जेल में बंद है।

स्पेशल कोर्ट ने गत 6 मई, 2010 को इस हमले से जु़डे अलग-अलग पांच आरोपों में अजमल कसाब को फांसी की और पांच आरोपों में उम्रकैद की सजा सुनाई थी। उसके खिलाफ हत्या, हत्या की साजिश, देश के खिलाफ जंग छे़डना, हत्या में सहयोग देना और गैर-कानूनी गतिविधि अधिनियम के तहत आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने जैसे ख़तरनाक आरोप हैं। हाईकोर्ट इस मामले में कसाब के अलावा अन्य दो भारतीय आरोपियों फहीम अंसारी और सबाहुद्दीन शेख के मामले में फैसला सुनाएगा। इन दोनों को स्पेशल कोर्ट ने सबूतों के अभाव में बरी कर दिया था।

JNU में बनी 'ब्लू फिल्म' से मचा हड़कंप



नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू विश्वविघालय के छात्रावास में एक छात्रा की ब्लू फिल्म बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिसके बाद कालेज और प्रशाशन में हड़कंप मच गया।

पुलिस का कहना है कि यह ब्लू फिल्म विश्वविघालय के छात्रों ने ही बनाई थी, और इसे बनाने का मकसद पैसा कमाना था। लेकिन जब मकसद पूरा नहीं हुआ तो इसे सार्वजनिक कर दिया गया। पुलिस को आशंका है कि इस गुनाह में कोई पोर्नोग्राफी रैकेट शामिल हो सकता है।

गौरतलब है कि ब्लू फिल्म में शामिल पात्र स्कूल ऑफ लैंग्वेज के विघार्थी बताए जाते हैं और वह परिसर स्थित एक हॉस्टल के रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

आईटी,फेमस कंपनी करेगी फास्ट ट्रैक नियुक्ति


मुंबई: अगर आप इंजीनियरिंग ग्रेजुएट स्टूड़ेंट हैं तो आपके लिये एक अच्छी खबर हैं। रविवार को आईटी क्षेत्र की मशहूर कंपनी टाटा कंसल्टेन्सी सर्विसेस (टीसीएस) ने नियुक्ति की एक फास्ट ट्रैक प्रक्रिया का ऐलान किया है जिसमें अच्छे शैक्षणिक रिकॉर्ड वाले फ्रेश इंजीनियरिंग ग्रेजुएट स्टूड़ेंट को सीधे साक्षात्कार में शामिल किया जाएगा। उन्हें कोई प्रवेश परीक्षा नहीं देनी होगी।

कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है जिसके अनुसार पूरे शैक्षणिक करियर में सतत 70 फीसद अंक पाने वाले फ्रेश इंजीनियरिंग ग्रेजुएट सीधे साक्षात्कार में भाग ले सकेंगे। चालू नियुक्ति सीजन से लागू होने वाली इस प्रक्रिया में कंपनी करीब 37000 फ्रेश इंजीनियरिंग ग्रेजुएटों की नियुक्ति करेगी।

विज्ञप्ति के मुताबिक पहले से नियुक्त फ्रेश ग्रेजुएटों की परफॉरमेंस के आधार पर कंपनी ने देशभर में कॉलेजों का वर्गीकरण किया है। इस नियुक्ति प्रक्रिया में केवल ए, ए-प्लस तथा बी संवर्ग के कॉलेज के ही स्टूड़ेंट भाग ले सकते हैं। कंपनी प्रवक्ता का कहना है कि चालू नियुक्ति सीजन में कंपनी अबतक 171 कॉलेजों के 23,500 ग्रेजुएटों को नियुक्ति का ऑफर दे चुकी है।


अब लंदन में मुशर्रफ पर फेंका जूता



इस्लामाबाद: रविवार को लंदन में एक बैठक के दौरान पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ पर जूता फेंका गया, लेकिन मीडिया की खबरों के अनुसार जूता उनसे दूर गिरा।

इस बैठक का आयोजन मुशर्रफ की पार्टी आल पाकिस्तान मुस्लिम लीग ने किया था और सभा में करीब 1500 लोग मौजूद थे। जब बैठक में मुशर्रफ का भाषण शुरू हुआ तो उसके करीब पाँच मिनट बाद ही एक व्यक्ति उठा और पूर्व सैन्य शासक को निशाना बनाते हुए जूता फेंक दिया।

हांलाकि जियो न्यूज चैनल का कहना है कि जूता मंच तक नहीं पहुँचा और पहली कतार में गिर गया। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उस व्यक्ति को वहाँ से हटा दिया। किसी हस्ती पर जूता फेंकने का यह कोई पहला मामला नहीं है इससे पहले भी इस तरह के कई मामले सामने आते रहे हैं।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York