
Showing posts with label Terrorist Attack. Show all posts
Showing posts with label Terrorist Attack. Show all posts
Sunday, February 13, 2011
हेडली से पूछताछ: भारतीय दल जाएगा अमेरिका

नई दिल्ली: मुंबई आतंकी हमले के मुख्य आरोपी डेविड कोलमैन हेडली और उसकी पत्नी से पूछताछ करने के लिए एक दल को अमेरिका भेजने पर भारत विचार कर रहा है। जिसके बाद हेडली के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा।
आज केंद्रीय गृह सचिव जी के पिल्लै ने कहा कि लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी हेडली, उसकी पत्नी और अन्य लोगों से पूछताछ करने और साक्ष्य जुटाने के लिए एक दल को अमेरिका भेजे जाने पर विचार किया जा रहा है क्योंकि पूछताछ के लिये हम उन्हें यहां नहीं बुला सकते। इसके लिए हमें अमेरिकी अधिकारियों से बात करनी होगी। उन्होंने पत्रकारों के साथ मुलाकात में कहा कि हमें इस मामले के पूरे साक्ष्य जुटाने हैं। लेकिन पूछताछ की अनुमति दिए जाने संबंधी आग्रह अभी तक अमेरिका के पास विचाराधीन है, हमें अभी तक इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जाच एजेंसी [एनआईए] की टीम ने अमेरिका जाकर हेडली से जो पूछताछ की है, वह भी तथ्यात्मक रूप से अदालत में नहीं टिक सकती क्योंकि एनआईए ने उसका जो बयान दर्ज किया वह किसी मजिस्ट्रेट के सामने नहीं कराया गया था। उन्होंने कहा कि एक बार हेडली के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल हो जाए, आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
Monday, February 7, 2011
कसाब की क़िस्मत का फ़ैसला 21 फ़रवरी को

मुंबई : 26 नवंबर, 2008 को मुंबई के ताज होटल पर आतंकी हमला करने वाले आतंकवादियों में से एकमात्र ज़िंदा पकडा जाने वाला हमले का दोषी अजलम आमिर कसाब की सज़ा का फ़ैसला बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा 21 फरवरी को सुनाया जाएगा। आतंकी अजमल कसाब की अपील पर करीब तीन महीने तक चली सुनवाई के बाद कोर्ट ने आज फैसले के लिए यह तारीख तय की है। इससे पहले हाईकोर्ट ने 18 जनवरी को अपना फैसला 7 फरवरी तक सुरक्षित कर लिया था। इसी आतंकी हमले में हमारे देश ने एक जांबाज़ अफ़्सर ’एटीएस प्रमुख’ हेमंत करकरे को भी खो दिया था।
गौरतलब है कि करीब 26 महीने पहले हथियारों से लैस होकर आए दस पाकिस्तानी आतंकियों ने मुंबई पर हमला बोला था। कसाब और उसके साथियों ने तीन दिनों तक मुंबई शहर को हिलाकर रख दिया था। इस आतंकी हमले में विदेशी पर्यटकों समेत 166 लोग मारे गए थे और काफी तादाद में जख्मी हुए थे। उन दस आतंकियों में से केवल अजमल कसाब को जिंदा गिरफ्तार किया गया था, जिसे स्पेशल कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई थी। कसाब वर्तमान में ऑर्थर रोड जेल में बंद है।
स्पेशल कोर्ट ने गत 6 मई, 2010 को इस हमले से जु़डे अलग-अलग पांच आरोपों में अजमल कसाब को फांसी की और पांच आरोपों में उम्रकैद की सजा सुनाई थी। उसके खिलाफ हत्या, हत्या की साजिश, देश के खिलाफ जंग छे़डना, हत्या में सहयोग देना और गैर-कानूनी गतिविधि अधिनियम के तहत आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने जैसे ख़तरनाक आरोप हैं। हाईकोर्ट इस मामले में कसाब के अलावा अन्य दो भारतीय आरोपियों फहीम अंसारी और सबाहुद्दीन शेख के मामले में फैसला सुनाएगा। इन दोनों को स्पेशल कोर्ट ने सबूतों के अभाव में बरी कर दिया था।
Thursday, January 27, 2011
'हार्वर्ड' में 'ताज-कर्मचारियों' के साहस पर शोध

इन दिनों, हार्वर्ड बिजनेस स्कूल में 26/11/08 को मुंबई के ताज होटल पर हुए आतंकवादी हमले से जुडे कुछ सवालों पर अध्ययन किया जा रहा है। हार्वर्ड में इन बातों पर अध्ययन किया जा रहा है, जैसे आतंकवादी हमले के दौरान, होटल ताज के कर्मचारी, अधिकारी बाहर निकलने के सभी रास्तों की जानकारी होने के बावजूद अपनी जान बचाने के लिए क्यों नहीं भागे और क्यों उन्होंने अपनी जान दांव पर लगाकर होटल में ठहरे सैंकड़ों मेहमानों की जान बचाने का फैसला किया।
'प्रोफेसर रोहित देशपांडे के ताज मुंबई में आतंक: ग्राहक केंद्रित नेतृत्व' नामक इस मल्टीमीडिया केस अध्ययन में हमले के दौरान वहां के कर्मचारियों की ओर से प्रदर्शित वीरता एवं सूझबूझ का अध्ययन किया गया है।
यह अध्ययन मुख्यत: इस बात पर गौर करता है कि किस कारण ताज के कर्मचारियों ने होटल के अतिथियों की सुरक्षा के लिए अपनी जान दांव पर लगा दी और कैसे इस तरह की निष्ठा एवं समर्पण को अन्यत्र भी दोहराया जा सकता है। ग़ौरतलब है कि, इस हमले के दौरान अतिथियों की जान बचाने के प्रयास में जुटे ताज होटल के एक दर्जन कर्मचारी मारे गए थे।
हार्वर्ड बिजनेस स्कूल में एचबीएस वर्किंग नॉलेज फोरम में यह कहते हुए उद्धृत किया गया है कि वरिष्ठ प्रबंधक तक भी कर्मचारियों के इस प्रकार के अदम्य साहस की व्याख्या कर पाने में सक्षम नहीं हैं। देशपांडे ने कहा कि कर्मचारियों को बाहर निकलने के पीछे के सभी रास्ते मालूम थे और वे होटल से आसानी से भाग सकते थे, लेकिन वे अतिथियों की मदद के लिए वहीं ठहर गए।
उन्होंने कहा, हालांकि मानव की सहज बुद्धि ऐसे मौकों पर भाग जाने को ही बाध्य करती है, लेकिन इन लोगों ने सही काम किया और साहस का परिचय दिया। अतिथियों की जान बचाने के दौरान उनमें से कई कर्मचारियों ने अपनी जान की क़ुरबानी दी थी। इस शोध में होटल के कर्मचारियों के साथ साक्षात्कार एवं हमले के फुटेज शामिल हैं।
Sunday, September 12, 2010
बीजेपी और शिवसेना का निशाना बने सलमान

मुंबई हमले पर दिए अपने तीखे बयान के बाद राजनीतिक दलों की आलोचना के शिकार सलमान खान अब अपने बयान पर सफाई देते नज़र आये। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि आतंकवादी हमला चाहे कहीं भी हो, उसे माफ नहीं किया जा सकता। सलमान ने लिखा है कि वे जो कुछ बोलते हैं उस पर विवाद खड़ा कर दिया जाता है और आगे से वे किसी को भी इंटरव्यू नहीं देंगे और अगर देंगे तो खुद भी रिकॉर्ड रखेंगे। गौरतलब है कि सलमान खान ने एक पाकिस्तानी न्यूज चैनल को दिए अपने इंटरव्यू में मुंबई हमले पर एक विवादास्पद बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि 26/11 के मुंबई अटैक से पहले भी भारत में कई आतंकवादी हमले हुए हैं, लेकिन 26/11 के हमले में आतंकियों ने ताज और ओबरॉय जैसे होटलों को निशाना बनाया और इसमें अमीर लोग मरे। इसलिए ज्यादा हंगामा हुआ। सलमान के इस बयान को बीजेपी और शिवसेना ने उन्हे माफी मांगने को कहा था। बीजेपी नेता सैय्यद शाहनवाज़ हुसैन ने बयान की कड़ी निंदा की और कहा कि सलमान को देश से माफी मांगनी चाहिए।
Thursday, June 10, 2010
मुंबई: 26/11 हमले में सबसे बड़ा खुलासा

मुंबई: 26/11 हमलों में अब तक का सबसे बड़ा खुलासा। हमले के पीछे पाकिस्तान की खुफ़िया एजेंसी ISI का था हाथ। मुंबई हमले के बड़े आरोपी डेविड हेडली ने किया खुलासा। NIA से पूछताछ में किया राज़ फ़ाश। पाकिस्तानी सेना के 4 बड़े अफ़सर भी थे साज़िश में शामिल।
न्यूज़लाईन डेस्क!
Wednesday, June 9, 2010
अभी अभी: नाटो के कंटेनरों पर आतंकी हमला, 8 की मौत

इस्लामाबाद से अफगानिस्तान जा रहे नाटो (NATO) के कंटेनरों पर आतंकियों ने हमला कर करीब तीस कंटेनरों को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में 8 लोगों मे मारे जाने और करीब 6 के घायल होने की खबर है। इन कंटेनरों में रसद ले जायी जा रही थी। इस घटना के पीछे तहरीक- ए- तालिबान के शामिल होने का शक है। घटना को आतंकियों ने उस वक़्त अंजाम दिया जब यह कंटेनर्स इस्लामाबाद मेन एंट्री पार कर रहे थे। आतंकियों ने ताबड़-तोड़ गोली बारी शुरु कर दी। सूत्रो के अनुसार इस घटना को अंजाम देने के लिये, आतंकियों को ज़्यादा मशक्कत नही करनी पड़ी और वे आराम से हमले को अंजाम दे कर फ़रार हो गये। समाचार लिखे जाने तक कंटेनरों में लगे आग पर काबू पाया जा चुका था। राहत और बचाव कार्य जारी है।
Newsline Desk
Subscribe to:
Posts (Atom)
