Showing posts with label 26-02-2011. Show all posts
Showing posts with label 26-02-2011. Show all posts

Saturday, February 26, 2011

वर्ल्ड कप: पाकिस्तान ने श्रीलंका को दिया 278 का लक्ष्य


कोलंबो : वर्ल्ड कप 2011 के एक अहम मैच में पाकिस्तान ने टास जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए श्रीलंका के सामने 278 रनों का लक्ष्य रखा है। पाकिस्तान ने 50 ओवरों में 7 विकेट खोकर ये स्कोर खडा किया। पाकिस्तानी बल्लेबाज़ी में मिस्बाह उल हक़ और यूनुस ख़ान ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं जिसकी बदौलत उनकी टीम ये संतोषजनक स्कोर तक पहुंचने में सफ़ल हो सकी। इस मैच में भी पाकिस्तान की सलामी जोडी लंबी साझेदारी नहीं निभा सकी और नए बल्लेबाज़ अजमल शहज़ाद परेरा की गेंद पर संगकारा को कैच थमा बैठे।

दूसरे सलामी बल्लेबाज़ मोहम्मद हफ़ीज़ ने कुछ आक्रामक शाट खेले लेकिन वो बदक़िस्मत रहे और बडे नाटकीय ढंग से रन आउट हो गये। पाकिस्तान ने 76 के योग पर अपना दूसरा विकेट खोया। फिर दूसरे छोर पर टिककर खेल रहे कामरान अकमल ने मिस्बाह उल हक़ के साथ मिलकर रन जोडने शुरू किये लेकिन फिर कामरान भी स्पिनर हेराथ की गेंद पर स्टंप आउट हो गये। कामरान ने 5 चौको की मदद से 39 रन बनाए।

फिर क्रीज़ पर आए पूर्व कप्तान यूनुस ख़ान ने अपने तजुर्बे का बख़ूबी इस्तेमाल करते हुए मिस्बाह के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिये 108 रन जोडे। इस साझेदारी की बदौलत पाकिस्तान झतकों से उबर कर अच्छे स्कोर तक पहुंच सका। फिर यूनुस ख़ान को हेराथ ने अपनू गेंद पर जयवर्धने के हाथों कैच आउट करा कर इस जोडी को तोडा। यूनुस ने 4 चौकों की मदद से 72 रन बनाए।

पिछले मैच के हीरो रहे उमर अकमल कोई कमाल नहीं कर सके और केवल 10 रन बनाकर मुरलीधरन का शिकार बने। फिर कप्तान आफ़रीदी भी कोई कमाल नहीं कर सके और तेज़ी से रन बनाने के चक्कर में मैथ्यूज़ की गेंद पर दिलशान को कैच थमा बैठे। आफ़रीदी ने 3 चौके लगाकर 16 रन बनाए। जबकि एक छोर पर डटे रहे मिस्बाह उल हक़ ने 83 रनों की नाबाद पारी खेली। मिस्बाह ने 6 चौके लगाए।

श्रीलंका की ओर से हेराथ सबसे सफ़ल गेंदबाज़ रहे जिनहोंने अपने 10 ओवरों में 46 रन देकर 2 विकेट लिये। जबकि परेरा ने भी 2 विकेट लिये लेकिन उन्होंने अपने 9 ओवरों में 62 रन दे डाले। कुलसेकरा भी महंगे साबित हुए, उन्होंने 64 रन दिये और उन्हें कोई सफ़लता भी नहीं मिल सकी। मैथ्यूज़ ने 56 रन देकर 1 विकेट लिया। जबकि मुरलीधरन ने किफ़ायती गेंदबाज़ी करते हुए केवल 35 रन देकर 1 विकेट चटकाया।

लीबिया से भारतीयों की वापसी शुरू


नई दिल्ली : लीबिया में बद से बद्तर होते जा रहे हालातों के मद्देनज़र, सरकार द्वारा लीबिया में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं। विदेश सचिव निरुपमा राव ने इस मामले में वरिष्ठ अधिकारों के साथ एक बैठक की और लीबिया में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालने की योजना की समीक्षा की।

ग़ौरतलब है कि लीबिया के तानाशाह नेता कर्नल मुअम्‍मर गद्दाफी द्वारा पूरे लीबिया को खाक में मिला देने की धमकी के बाद से भारतीय नागरिकों को वापस लाने की कोशिशों में तेज़ी आई है। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक 360 यात्रियों की क्षमता वाले बोइंग 747 और 280 लोगों की क्षमता वाले एयरबस ए-330 त्रिपोली के लिए रवाना कर दिए गए हैं जो आज शाम तक 640 भारतीयों को लेकर दिल्‍ली लौट आएंगे। भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस जलश्‍व और आईएनएस मैसूर भी आज सुबह मुंबई से लीबिया के लिए रवाना हो गए हैं जहां उसे पहुंचने में 10-11 दिन लगेंगे। भारतीय सेना का आईएल-76 भी मदद के लिए भेजे जाने के लिए तैयार कर लिया गया है।

लीबिया के अधिकारियों की ओर से त्रिपाली में भारतीय उड़ानों को उतारने की अनुमति मिल जाने के बाद ये कदम उठाए जा रहे हैं। मंत्रालय ने बताया कि स्कोटिया प्रिंस जहाज को 2 मार्च को बेनगाजी भेजा जाएगा जहां से वो 1200 लोगों को एलेक्सज़ेन्ड्रिया लेकर आएगा। इसके बाद एयर इंडिया के विमान उन्हें भारत लाएंगे। 750 यात्रियों की क्षमता वाले जहाज को भी लोगों को बेनगाज़ी से एलेक्सज़ेन्ड्रिया लाने के लिए तैनात किया जाएगा। तोबरुक से 150 भारतीय नागरिकों को सड़क के जरिए मिस्र के सीमा पर स्थित सालुम तक लाया जाएगा। उनके साथ भारतीय राजदूत भी रहेंगे और फिर दो टुकड़ि‍यों में बांटकर उन्हें 26 और 28 फरवरी को काहिरा तक लाया जाएगा जहां से उन्हे विमान से भारत के लिये रवाना होंगे।

भारतीय विदेश मंत्रालय ने भरोसा दिलाया है कि त्रिपोली, काहिरा और ट्यूनिसिया में भारतीय दूतावास लगातार वहां के हालात पर नजर बनाए हुए हैं और सरकार भी भारतीयों को जल्द ही सुरक्षित भारत लाने के लिए पूरी कोशिश कर रही है। लीबिया में 18 हजार भारतीय नागरिक फंसे हुए हैं। इस बीच विदेश मंत्रालय ने साफ किया है कि लोगों को लीबिया से निकालने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जायगा। मंत्रालय ने लोगों को सावधान किया है कि वे धनराशि मांगने वाले अवांछनीय तत्वों से सावधान रहें और उनके बहकावे में नहीं आएं।

अब उत्तराखंड के कांग्रेसियों ने खोला रामदेव के खिलाफ मोर्चा


देहरादून : युग गुरू बाबा रामदेव की स्वाभिमान यात्रा के कारण कांग्रेस और बाबा के बीच पैदा हुई तकरार रूकने का नाम नहीं ले रही है और दिन ब दिन बढ़ती ही जा रही है। अब, उत्तराखंड कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मांग की है कि योग गुरु बाबा रामदेव के देश एवं विदेश में स्थित प्रतिष्ठानों और उनके क्रियाकलापों की जांच केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जाए।

कांग्रेस के विधायक दिनेश अग्रवाल, किशोर उपाध्याय, जोत सिंह गुनसोला तथा केदार सिंह रावत आदि नेताओं ने कल विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि पिछले कई बरसों से स्वामी रामदेव राजनीतिक दलों और राजनेताओं खासकर कांग्रेस पार्टी तथा उसके उच्च नेताओं के खिलाफ निराधार एवं अनर्गल आरोप लगा रहे हैं।

उन्होंने बाबा रामदेव पर अकूत सम्पत्ति बंटोरने का आरोप लगाते हुए कहा कि योग गुरु ने बहुत थोड़े समय में अचानक इतनी संपन्नता और वैभव कैसे हासिल कर लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनके विभिन्न प्रतिष्ठानों के बारे में भी लोगों को तमाम आशंकाएं हैं तथा उनकी आयुर्वेदिक दवाओं की गुणवत्ता भी संदेह के घेरे में है। इसके अलावा उनके यहां मजदूरों के शोषण के मामले में भी चर्चा में आये हैं तथा उनके ट्रस्टों के आसपास रहने वाले गांववासियों और किसानों में भी इनकी गतिविधियों को लेकर काफी असंतोष है।

कांग्रेसी नेताओं ने योग गुरु के क्रियाकलापों ओर उनकी गतिविधियों को संत अवधारणा के खिलाफ होने का आरोप लगाते हुए कहा कि संत-महात्माओं से लोग मार्गदर्शन की अपेक्षा रखते हैं, जब वही संदेह के घेरे में आ जाएं तो इसका समाज तथा देश की छवि पर बुरा असर पड़ता है।

कांग्रेस विधायकों ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पत्र लिखकर स्वामी रामदेव के प्रतिष्ठानों और उनके क्रियाकलापों तथा बाबा की अकूत संपत्ति की केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो सीबीआई से जांच कराने की मांग की है।

इन नेताओं ने योग गुरु को भी पत्र लिखा है कि आप एक साधु हैं तथा लोगों के मन में आपके प्रति अपार श्रद्धा है तथा आपको देवभूमि उत्तराखंड को अपनी कर्मस्थली बनाने का गौरव मिला हुआ है। उन्होंने कहा कि लेकिन दुखद है कि पिछले कई सालों से आपकी गतिविधियों एवं क्रियाकलापों से हम लोगों की ही नहीं आम आदमी के मन को भी ठेस पहुंच रही है।

विधायकों ने योग गुरु से कहा कि समाज में संतजनों का सम्मान तथा उनके प्रति श्रद्धा एवं विश्वास बना रहे इसलिए उन्हें स्वयं अपने प्रति लोगों के मन में फैल रही तमाम आशंकाओं को दूर करने के लिए स्वयं राज्य सरकार और केन्द्र सरकार से अपने प्रतिष्ठानों की सीबीआई से जांच कराने की मांग करनी चाहिए।

साध्वी प्रज्ञा, अब सुनील जोशी हत्याकांड में गिरफ्तार


मुम्बई : मध्य प्रदेश पुलिस ने समझौता एक्सप्रेस विस्फोट के संदिग्ध सुनील जोशी की हत्या के मामले में मालेगांव विस्फोट की प्रमुख आरोपी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। विशेष सरकारी वकील रोहिणी सालियान ने जानकारी दी कि मध्य प्रदेश पुलिस ने यहां विशेष मकोका अदालत में आवेदन दायर किया और अदालत की अनुमति मिलने के बाद सुनील जोशी हत्याकांड में साध्वी को गिरफ्तार कर लिया गया।

ग़ौरतलब है कि महाराष्ट्र के मालेगांव में 2008 में हुए विस्फोट की मुख्य आरोपी प्रज्ञा सिंह का यहां के जेजे अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूत्रों के अनुसार, मध्य प्रदेश पुलिस की टीम ने शुक्रवार को वहां पहुंच कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

हालांकि, प्रज्ञा के वकील गणेश सोवानी के मुताबिक़ यह सिर्फ एक औपचारिक गिरफ्तारी है। उन्हें परिवहन के इंतजाम होने के बाद मध्य प्रदेश ले जाया जाएगा।

समझौता एक्सप्रेस विस्फोट के संदिग्ध जोशी की मध्य प्रदेश के देवास में 29 दिसंबर 2007 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दिल्ली से लाहौर के बीच चलने वाली समझौता एक्सप्रेस के दो डिब्बों में 18 फरवरी 2007 को पानीपत के नजदीक दिवाना में विस्फोट हुए थे जिनमें 68 लोग मारे गए थे।

पुलिस ने रुकवाई शाहिद की बर्थ डे पार्टी


शुक्रवार रात को अपने बर्थ डे पार्टी के जश्न में डूबे बॉलीवुड के चाकलेटी हीरो शाहिद कपूर को उस समय झटका लगा जब पुलिस ने वहां पहुंचकर पार्टी में खलल डाला। दरअसल कल, 25 फरवरी की देर रात शाहिद अपना 30वां जन्मदिन मना रहे थे, जिसमें बॉलीवुड के कई बड़े सितारे भी शामिल थे। नाच-गाना, खाना-पीना चल ही रहा था कि तभी वहां पुलिस पहुंच गई और पार्टी को बीच में ही खत्म करना पडा।

इसके पीछे वजह ये रही कि पार्टी में हो रहे शोरगुल से परेशान आकर शाहिद के पड़ोसियों ने पुलिस में शिकायत कर दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शाहिद और पार्टी में मौजूद दूसरे मेहमानों से शोर कम करने की अपील की, जिस कारण पार्टी को बीच में ही रोक देना पड़ा।

पार्टी में बॉलीवुड की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद थीं, जिसमें आमिर खान, अनिल कपूर, रितेश देशमुख, सोनम कपूर, अनुष्का शर्मा और विशाल भारद्वाज जैसे मेहमान शामिल थे।

बतौर अभिनेता शाहिद ने हिंदी सिने जगत में साल 2003 में फिल्म ‘इश्क विश्क’ से बॉलीवुड में कदम रखा और युवतियों के दिलों पर राज करने के साथ ही फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेता का खिताब हासिल करने में भी कामयाब रहे। शाहिद की पहली सुपरहिट फिल्म रही फिल्म ‘विवाह’ और उसके बाद 2009 में आई फिल्म ‘कमीने’ से उनका कद काफी बढ़ा। भले ही यह फिल्म को खास सफलता नहीं मिली हो, लेकिन शाहिद के अभिनय को सराहना जरूर मिली।

शाहिद की आने वाली फिल्म है अभिनेत्री सोनम कपूर के साथ ‘मौसम’। फिल्म का निर्देशन शाहिद के पिता अभिनेता पंकज कपूर कर रहे हैं। वैसे इन दिनों शाहिद फिल्मों के बजाय अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के रिश्तों की खबरों को लेकर ज़्यादा सुर्खियां बटोर रहे हैं।

बिग बी और दीपिका ने दीं टीम इंडिया को शुभकामनाएं


भोपाल : मिल्लेनियम स्टार अमिताभ बच्चन और बॉलीवुड की सफ़ल अभिनेतत्रियों में गिने जाने वाली दीपिका पादुकोण ने विश्वकप जीतने के लिए टीम इंडिया को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जाहिर की कि विश्वकप हमारे देश के पास ही होगा। प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक प्रकाश झा की आगामी फिल्म ‘आरक्षण’ की शूटिंग के सिलसिले में कई दिनों से भोपाल में मौजूद अमिताभ और दीपिका ने पत्रकारों से रू-ब-रू होते हुए एक सवाल के जवाब में यह बात कही। फिल्म की शूटिंग के कारण पिछले कई दिनों से यहां फिल्मी सितारों का जमावड़ा लगा हुआ है।

अमिताभ ने विश्व कप क्रिकेट संग्राम में भारत के अवसर के सवाल पर कहा कि कौन भारतीय नागरिक नहीं चाहता कि भारतीय टीम विश्व कप जीतने के सपने को दूसरी बार पूरा करे। उन्होंने कहा कि वे भी एक भारतीय और क्रिकेट का प्रशंसक होने के नाते भारतीय टीम को इस बार विश्वकप जीतते हुए देखना चाहते हैं और इसके लिए सभी भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को दिल से हार्दिक शुभकामनाएं देना चाहता हूं।

हालांकि, अमिताभ ने अपने पसंदीदा खिलाड़ी के सवाल के जवाब में कन्नी काटते हुए कहा कि टीम के सभी खिलाड़ी उनके पसंदीदा है। वहीं दीपिका ने भी भारतीय क्रिकेट टीम को शुभकामना देते हुए कहा कि वे भी क्रिकेट की बहुत बड़ी प्रशंसक हैं और चाहती हैं कि इस बार विश्व कप हमारा हो।

जबकि, दीपिका ने भारतीय क्रिकेट टीम के पसंदीदा खिलाड़ी के सवाल पर कहा कि वैसे तो टीम के सभी खिलाड़ी उनके पसंदीदा है, लेकिन जहां तक व्यक्तिगत पसंद की बात है तो सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली मेरी पहली पसंद हैं।

महानायक अमिताभ ने पत्रकारों के सवालों की झड़ी के बीच एक सवाल पर कहा कि वे अगले जन्म में अभिनेता के स्थान पर पत्रकार बनना पसंद करेंगे। उन्होंने राजनीति के क्षेत्र से तौबा करने के प्रश्न पर कहा कि राजनीति के क्षेत्र को इसलिए छोड़ा कि मुझे राजनीति करना नहीं आती है और मैंने इससे हार मान ली।

तिहाड़ जेल के 46 कैदियों को मिलेगी नौकरी


देश के सबसे बड़े जेल तिहाड़ में एक अदभुत नज़ारा पेश आया जिससे वहां के कुछ क़ैदियों के वारे के न्यारे हो गये। देश की कई कंपनियां कर्मचारियों की तलाश में तिहाड पहुंच रही हैं। इस दौरान, नौकरी के लिए तिहाड़ की अलग अलग जेलों से 46 कैदियों को चुन लिया गया है। इन कैदियों में सज़ायाफ्ता और विचारधीन दोनो ही कैदी शामिल थे।

कुल 15 कंपनियां प्लेसमेंट के लिए तिहाड़ पहुंची थी। लेकिन दिलचस्प बात यह है कि सभी कैदियों को इस प्लेसमेंट के दौरान नौकरी मिल गई कुछ कैदियों को तो जॉब लैटर भी मिल गया।

तिहाड़ भारत की पहली ऐसी जेल है जहां कैदियों को छूटने के बाद उनका रोजगार सुनिश्चित करने की पहल की जा रही है। इससे कैदियों में भी खुशी का माहौल है। इस प्लेसमेंट में पहला जॉब लैटर मणिपुर के जॉर्ज कमई को मिला। जॉर्ज तिहाड़ में हत्य़ा और सबूत नष्ट करने के आरोप में बंद है एक कंपनी ने जार्ज को 8 हजार रुपए प्रतिमाह नौकरी पर अपने यहां रखा है।

वहां कंपनियों को इस प्लेसमेंट से फायदा यह है कि उनके पास कैदियों का पूरा प्रोफाइल होगा जिससे आगे उन्हे किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं होगी।

मुठभेड़ के बीच 1 नक्सली गिरफ़्तार


बिहार : बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र में माझीडीह गाव में शनिवार सुबह नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई मुठभेड़ में एक नक्सली को पकड़ लिया गया।

बाका के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामशकर राय ने जानकारी दी कि अत्याधुनिक हथियारों से लैस करीब एक दर्जन नक्सली माझीगाव स्थित एक घर में छिपे हुए हैं और सुरक्षा बलों पर रह रहकर गोलीबारी कर रहे हैं। उन्होने बताया कि सीआरपीएफ और सैप सहित बिहार पुलिस के जवानो ने नक्सलियों को घेर लिया है और उन पर जवाबी गोलबारी की जा रही है।

इस बीच भागने की कोशिश कर रहे एक नक्सली को सुरक्षा बलों ने पकड़ लिया। गिरफ्तार नक्सली की पहचान कैथावरन गाव निवासी देवन टुडू के रूप में की गई है। राय ने बताया कि नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दे दी गई है। नक्सलियों के पास बड़ी संख्या में ग्रेनेड भी मौजूद हैं।

आतंकी साजिश के आरोप में सऊदी छात्र गिरफ्तार


बोस्टन : अमेरिकी संघीय जाच ब्यूरो ने एक 20 वर्षीय सऊदी छात्र को गिरफ्तार किया है। इस सऊदी के छात्र पर अमेरिका में बम बनाने और आतंकी हमलों की साजिश रचने के गहन आरोप हैं। इसी साजिश के तहत, परमाणु ऊर्जा संयंत्रों और पूर्व राष्ट्रपति जार्ज बुश के आवास को निशाना बनाए जाने की योजना भी शामिल थी।

सऊदी नागरिक और टेक्सास निवासी खालिद अली एम अल्दावासरी पर आरोप है कि उसने व्यापक जनसंहार वाले हथियार का इस्तेमाल करने का प्रयास किया और विभिन्न रसायनों के मेल से विस्फोटक बनाने की विधि जानने के लिए आनलाइन शोध किया।

उसके खिलाफ सार्वजनिक की गई आपराधिक शिकायत के अनुसार, अल्दावासरी ने अमेरिका में आतंकी हमले के संभावित निशानों का अध्ययन भी किया जिनमें पनबिजली बाध, परमाणु ऊर्जा संयंत्र और पूर्व राष्ट्रपति बुश का डलास स्थित आवास शामिल था। अल्दावासरी ने विस्फोटक उपकरण बनाने के काम आने वाली जरूरी सामग्री जुटाई थी। उसे अब संघीय अदालत में पेश किए जाने की संभावना है। वह 2008 में अमेरिका में छात्र वीजा पर आया था।

देश को नेताओं के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता: श्रीश्री रविशंकर


जोधपुर : देश के मौजूदा हालात को देखते हुए आर्ट ऑफ लिविंग के प्रणोता श्रीश्री रविशंकर ने अपील की है कि समाज को भी देश के लिए आगे आना होगा और अपनी धारणा बदलनी होगी। रविशंकर का मानना है कि देश को अब राजनेताओं के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। जोधपुर पहुंचे रविशंकर ने पत्रकारों से चर्चा में कहा, ‘मेरी राजनीति में आने की कोई मंशा नहीं है लेकिन समाज के किसी भी क्षेत्र में अन्याय हो रहा हो तो चुप भी नहीं बैठ सकता।’

रविशंकर ने कहा कि अब देशवासियों को यह धारणा बदलनी होगी कि भ्रष्टाचार के बिना हमारा काम चल ही नहीं सकता। रविशंकर देश में घूम-घूमकर लोगों को रिश्वत नहीं देने और नहीं लेने का संकल्प दिलवा रहे हैं। उन्होंने बेटियों को बचाने, भ्रष्टाचार-दुराचार-अनाचार हटाने और हिंसा विहीन समाज के लिए मुहिम छेड़ रखी है।

उन्होंने बताया कि तमिलनाडु में 30 जनवरी को हुए एक कार्यक्रम में लाखों लोगों ने ऐसा ही संकल्प लिया है। उन्होंने कहा, ‘अब जनता से आवाज उठ रही है कि भ्रष्टाचार खत्म हो।’ उनका कहना था, ‘लोग मुझे गुरु कहते हैं लेकिन मैं खुद को अभी बच्चा मानता हूं।’

साथ ही, रविशंकर ने संपति की घोषणा मुहिम का स्वागत करते हुए कहा कि देश-विदेश में फैले उनके 12 ट्रस्टों में करीब 800 करोड़ रुपए की संपति है और पूरी तरह ऑडिट की हुई है। उनके ट्रस्ट में 15 फीसदी से भी कम पैसा डोनेशन से आता है। बाकी पैसा आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के कोर्सेज की फीस से जुटाया जाता है।

ये बात उल्लेखनीय है कि राजनेताओं के कारण भ्रष्टाचार के समुंद्र में डूबते जा रहे देश को बाहर निकालने का ज़िम्मा अब गुरूओं और बाबाओं ने उठाया है। अब देखना होगा कि भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ चलाई जा रही ये मुहिम कितनी कारगर साबित होती है और हमारे देश की स्थिति में कितना सुधार आता है।

बलात्कार आरोपी एनसीपी विधायक पार्टी से निलंबित


बलात्कार के आरोपी एनसीपी विधायक दिलीप वाघ के ख़िलाफ़ अदालत से पहले उनकी पार्टी एनसीपी ने कार्रवाई की शुरूआत कर दी है। पार्टी ने विधायक को निलंबित कर लोकतंत्र को ज़िंदा रखने का प्रमाण दिया है। एक लड़की से बलात्कार के आरोप में मामला दर्ज होने के एक दिन बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने पचोरा के विधायक दिलीप वाघ को निलंबित कर दिया और महाराष्ट्र सरकार से घटना की ‘गहन’ जांच करने की मांग की है।

ग़ौरतलब है कि जलगांव जिले की पचोरा सीट से विधायक वाघ के खिलाफ नासिक जिले की सरकरवाडा पुलिस ने शुक्रवार को 20 वर्षीय लड़की से बलात्कार के आरोप में मामला दर्ज किया था।

पार्टी प्रवक्ता मदन बाफना ने कहा, महाराष्ट्र राकांपा के अध्यक्ष मधुकर पिचाड ने विधायक को पार्टी से निलंबित कर दिया और सरकार से मामले में गहन जांच कराने को कहा है। पीड़ित द्वारा गुरुवार की रात शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।

पुलिस ने कहा कि शिकायत के मुताबिक वाघ ने औरंगाबाद की लड़की को नौकरी की व्यवस्था करने के बहाने गुरुवार की रात नासिक बुलाया और यहां के एक अतिथि गृह में उससे कथित तौर पर बलात्कार किया। विधायक के सहयोगी महेश माली पर भी मामला दर्ज किया गया है।

रूस: आतंकियों ने किये सरकारी इमारतों पर हमले


मॉस्को : रूस में उत्तरी काकेसस इलाके के नाल्चिक शहर में 12 आतंकवादियों के एक दस्ते ने कई सरकारी इमारतों पर हमले किए। हमलों में एक पुलिसकर्मी घायल हुआ है।

एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार शाम को बताया, "आतंकियों ने स्थानीय फेडरल सिक्योरिटी सर्विस (एफएसबी) विभाग की इमारत पर चार ग्रेनेड दागे और दो यातायात पुलिस थानों पर हमला किया।"

उन्होंने कहा, "इसके अलावा एफएसबी के स्वास्थ्य केंद्र में भी एक विस्फोट हुआ। यह स्पष्ट नहीं है कि यह विस्फोट ग्रेनेड से किया गया था या बम से।" गोलीबारी के दौरान एक यातायात पुलिसकर्मी घायल हुआ है, लेकिन किसी की मौत की कोई खबर नहीं है। घटना को अंजाम देकर आतंकी भागने में कामयाब हो गए।

दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक ताकत में भारत को 5वां स्थान


केंद्रीय सरकार की लचर नीतियों और भ्रष्टाचार के कारण बेरोज़गारी और महंगाई से जूझने के बावजूद भारत को आर्थिक मोर्चे पर कामयाबियों का सिलसिला लगातार जारी है। पहले भारत ने दुनिया की कई बड़ी अर्थव्यवस्थाओं को मंदी से उबरने में सहारा दिया और अब भारत खुद दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बन गया है। आर्थिक शक्ति के लिहाज से भारत अब दुनिया के 112 सबसे मजबूत देशों में पांचवें नंबर पर आ गया है।

शुक्रवार को पेश किए गए इकोनॉमिक सर्वे में अंतरराष्ट्रीय वित्तीय बाजारों में अर्थव्यवस्था की संसाधन जुटाने की क्षमता, ऋण मूल्य और साख के आधार पर यह आकलन किया गया है। अलग अलग देशों की सरकारों की आर्थिक शक्ति के सूचकांक यानी आईजीईपी भारत का कद काफी बढ़ गया है। इसके अनुसार दुनिया में सबसे मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में अमेरिका पहले स्थान पर है। इसके बाद दूसरे नंबर पर चीन को जगह मिली है। फिर जापान, जर्मनी, भारत, रूस, ब्राजील, फ्रांस, इटली तथा ब्रिटेन को स्थान दिया गया है।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York