Showing posts with label 31-10-2010. Show all posts
Showing posts with label 31-10-2010. Show all posts

Sunday, October 31, 2010

बीएमडब्ल्यू बाइक की कीमत 18 लाख से ज्यादा


दिसंबर 2010 से जर्मन ऑटो दिग्गज बीएमडब्ल्यू ने भारत में अपनी मोटरसाइकिलें बेचने का ऐलान कर दिया है। शुरुआत में कंपनी अपनी आर और के सिरीज की मोटरसाइकिलों के अलावा सुपरबाइक एस 1000 आरआर को लांच करेगी। कंपनी दिल्ली, मुंबई और बंगलुरू से अपनी प्रीमियम रेंज की मोटरसाइकिल बेचने की शुरूआत करेगी।

इन प्रीमियम मोटरसाइकिलों की कीमत 18 लाख रुपये से ज्यादा होने का अनुमान है। बीएमडब्ल्यू मोटोराड के जनरल डायरेक्टर हेंड्रिक वॉन कुनहेम ने कहा कि बीएमडब्ल्यू समूह पहले से भी भारत में सफलतापूर्वक स्थापित हो चुका है जिसमें उत्पादन इकाई के अलावा बीएमडब्ल्यू समूह के लिए सेल्स नेटवर्क भी तैयार है।

अब प्रीमियम बाइकों का बाजार भारत में विकसित होना शुरू हो चुका है। कंपनी ने बताया कि इन मोटरसाइकिलों का निर्माण बर्लिन में किया जाएगा और इन्हें भारत में कंप्लीटली बिल्ड-अप यूनिट (सीबीयू) के तौर पर बेचा जाएगा।

मास्टर सचिन बने 'आइकन ऑफ द मिलेनियम'



मुम्बई: मैदान के अंदर फिट और बाहर हिट मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर को मुम्बई में आयोजित दूसरे सहारा इंडिया खेल पुरस्कार समारोह में एक नहीं बल्कि दो-दो पुरस्कारों से नवाजा गया।

तेंडुलकर को 'साल का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर' और 'आइकन ऑफ द मिलेनियन' पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद् (आईसीसी ) से भी तेंडुलकर को साल के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर का खिताब मिला था।

इसके अलावा कॉमनवेल्थ गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट पहलवान सुशील कुमार को सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी और पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन मुक्केबाज एम.सी. मैरीकॉम को साल की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया।

इतना ही नहीं कॉमनवेल्थ गेम्स में चार गोल्ड मेडल जीतने वाले निशानेबाज गगन नारंग को 'खेलों का सर्वश्रेष्ठ पुरूष खिलाड़ी' के पुरस्कार से नवाजा गया। वहीं इस ग्रुप में तीरंदाजी में गोल्ड जीतने वाली दीपिका कुमारी को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी चुना गया। महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज को सहारा ने इस साल की 'सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर' चुना है।

पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 1 की मौत, 3 घायल


अमृतसर के छेहरटा इलाके में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में अचानक धमाका होने से फैक्ट्री में काम कर रहे एक शख्स की मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक घायल हुए तीनों मजदूर नाबालिग थे। जिन्हें अमृतसर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस मामले में पुलिस ने इस फैक्ट्री की मालकिन के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। लेकिन अभी तक पुलिस को उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद से ही वह फरार है और उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।

विद्या बालन को चाहिए एक ब्रेक



अभिनेत्री विद्या बालन अब गंभीर भूमिकाओं से ब्रेक लेकर कुछ नया करने की तैयारी में हैं। विद्या ने इसकी शुरुआत मलयालम फिल्म उरूमी में आइटम डांस से कर दी है।

इसके बाद विद्या की नजर कॉमेडी फिल्मों पर है। सुनने में आया है कि विद्या कॉमिक भूमिकाओं में भी अपना भाग्य आजमाने की सोच रही हैं। उनहोंने बताया ऋषिकेश मुखर्जी की फिल्में मुझे बहुत पसंद हैं। वैसी फिल्में करने की मेरी दिली इच्छा है। ऋषिकेश मुखर्जी की गोलमाल मेरी ऑल टाइम फेवरेट फिल्म है।

उन्होंने आगे बताया कि डेविड धवन की फिल्में भी उनको बहुत पसंद है, और वो बेसब्री से किसी अच्छी कॉमेडी फिल्म के ऑफर का इंतजार कर रही हैं। लगता है, विद्या को खबर लग गई है कि धवन आने वाले दिनों में पार्टनर 2 शुरू करने वाले हैं। दरअसल विद्या उन हीरोइनों को सबक सिखाना चाहती हैं, जो कहती हैं कि विद्या बालन सिर्फ गंभीर रोल ही कर सकती हैं।

अफ्रीकी कोच आर्थर का खुलासा, 2007 में लाहौर वनडे भी था फिक्स



नई दिल्ली: अब मैच फिक्सिंग विवाद फिर करवट लेता नज़र आ रहा है। पाकिस्तान के दागी खिलाड़ी पूर्व कप्तान सलमान बट्ट और मोहम्मद आमिर की सुनवाई से ठीक पहले दक्षिण अफ्रीकी कोच मिकी आर्थर ने एक बयान देकर मामले को और उलझा दिया है। आर्थर के मुताबिक साल 2007 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लाहौर में हुआ वनडे भी फिक्स था।

दक्षिण अफ्रीकी टीम के पूर्व कोच ने ये खुलासा अपनी आत्मकथा 'टेकिंग द मिकी' में किया है। आर्थर के मुताबिक पाकिस्तान निर्णायक अंतिम वनडे मुकाबला जानबूझकर हारा था। साल 2007 में हुई पांच एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला मेहमान टीम 3-2 से जीती थी।

आर्थर ने एक वेबसाइट स्पोर्ट 24 को दिए साक्षात्कार में कहा कि "इस मैच के बाद उठे फिक्सिंग के शक ने हमारी जीत का मजा किरकिरा कर दिया था। हालांकि हमारे पास कोई सबूत नहीं थे, लेकिन एक खिलाड़ी को ये समझ में आ जाता है कि विपक्षी टीम गलत तरीके से खेल रही है। अगर किसी टीम को जीतने के लिए महज 40 रन की दरकार हो और उसके सात विकेट सुरक्षित हों, फिर भी वो हार जाए तो कोई बच्चा भी ये कह सकता है कि दाल में काला जरूर है"।

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान को 234 रन का लक्ष्य मिला था और बल्लेबाजों ने 149 रन महज दो विकेट खोकर बना लिए थे। लेकिन कुछ ही देर में पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई थी।

आर्थर का खुलासा ऐसे समय पर आने से पाकिस्तान टीम की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। बट्ट और आमिर की अपील खारिज होने से अब लगने लगा है कि स्पॉट फिक्सिंग में फंसे तीनों पाक खिलाड़ियों पर आईसीसी कड़ी कार्रवाई कर सकता है। पूर्व कप्तान और टीम के वर्तमान कोच वकार यूनिस भी इस खतरे की और संकेत कर चुके हैं।

औषधि विभाग ने किया जहरीला केला जब्त

दीवाली के मौके पर देशभर में मिठाइयों में मिलावट का गोरखघधंधा तो जोरों पर है ही, साथ ही केमिकल के जरिए फलों को पकाने का धंधा भी खूब फल-फूल रहा है।

इंदौर के गोरी नगर इलाके में खाद्य और औषधि विभाग ने छापेमारी कर 5 टन से ज्यादा केला जब्त किया है। जिसे जहरीले केमिकल के जरिए समय से पहले पकाया जा रहा था। खाद्य और औषधि विभाग की इस संयुक्त अभियान से इंदौर के फल विक्रेताओं में हडकंप मच गया है। दरअसल, दीवाली के मौके पर मिठाइयों और फलों की मांग बढ़ जाती है इसलिये ज्यादा मुनाफे के लालच में ये लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने से भी बाज नहीं आते।

अमेरिका की एलेक्जेंड्रिया को मिस वर्ल्ड का खिताब



चीन की सान्या सिटी में संपन्न हुई मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में यूनाइटेड स्टेट्स की एलेक्जेंड्रिया मिल्स को मिस वर्ल्ड चुन लिया गया है। इस प्रतियोगिता में कुल 120 प्रतियोगियों ने भाग लिया। हालांकि इस बार मिस इंडिया मनस्वी ममगाई को लेकर काफी उम्मीदें थी कि कामयाबी का ताज उनके ही सर पर होगा, लेकिन वे टॉप 25 में भी जगह नहीं हासिल कर पाईं। दस साल पहले सन् 2000 में भारत की प्रियंका चोपड़ा को मिस वर्ल्ड का ताज मिला था। महज 18 साल की एलेक्जेंड्रिया विश्व सुंदरी का ताज अपने सिर पर पहनने वाली 60वीं महिला हैं। 2009 में विश्व सुंदरी चुनी गयीं जिब्राल्टर की कायने अल्दोरिनो ने एलेक्जेंड्रिया के सिर पर विश्व सुंदरी का ताज पहनाया। मिस बोत्सवाना एम्मा वारियज पहली, जबकि मिस वेनेजुएला एड्रियाना वासिनी दूसरी रनर अप चुनी गईं।

विश्व सुंदरी प्रतियोगिता का आयोजन पहली बार 1951 में हुआ था और भारत और वेनेजुएला की सुंदरियों ने सबसे अधिक बार यह खिताब अपने नाम किया है। दोनों देशों की सुंदरियों ने अब तक पांच-पांच बार यह खिताब अपने नाम किया है।

कैटरीना पहुंची स्वर्ण मंदिर



बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकने के लिए पहुंची । कैटरीना गुपचुप तरीके से अचानक सचखंड हरमंदिर साहिब पहुंची और गुरु घर का प्रसाद ग्रहण कर अपनी और अपने परिवार की सलामती के लिए दुआ की। कैटरीना ने अपनी इस गुपचुप यात्रा की भनक किसी को नहीं लगने दी। यहां तक की यह पूरी यात्रा इतनी गोपनीय रखी गई थी कि मीडिया को भी इसकी भनक नहीं लग पाई।

तेल कंपनियों को मिली सब्सिडी



आखिरकार सरकार ने सरकारी तेल कंपनियों को 3,000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी दे दी है जिससे तेल कंपनियां काफी राहत महसूस कर रही हैं।

पेट्रोलियम सचिव एस सुंदरेशन ने सरकार से ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के लिए अतिरिक्त सब्सिडी की मांग की थी। एस सुंदरेशन ने बताया कि अप्रैल से सितंबर के बीच सरकारी तेल कंपनियों को सस्ते पेट्रो प्रोडेक्ट बेचने के चलते 31,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

सरकार ने तेल कंपनियों को हुए नुकसान की भरपाई के लिये तेल कंपनियों को 3,000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी दी है।

अब यात्री ट्रेनों में दोनो छोरों पर होंगे चालक


नई दिल्ली: जल्द ही डीजल ट्रेन के दोनों छोर पर चालक दल और उनके केबिन होंगे ताकि ट्रेन की दिशा और रफ्तार पर बेहतर नियंत्रण हो।

रेलवे मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि दो केबिन वाले सिस्टम का परीक्षण चल रहा है और रेलवे सुरक्षा आयुक्त से प्रमाण पत्र मिलने के बाद इसे यात्री ट्रेनों में इस्तेमाल किया जाएगा। 4500 हॉर्स पॉवर की शक्तिवाले डीजल लोकोमोटिव में फिलहाल एक ही केबिन सिस्टम ट्रेन के आगे लगा होता है।

अधिकारी ने कहा कि चालक को उल्टी दिशा में ट्रेन चलाने वक्त सिग्नल देखने में दिक्कत आती है। इससे चालक 110 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक रफ्तार से ट्रेन नहीं चला पाते|

डब्ल्यूडीपीडी नाम के डिजाइन वाले ये केबिन ट्रेन के दोनों छोर पर लगेंगे और इससे रफ्तार पर भी असर पड़ेगा। इसमें एलसीडी स्क्रीन सहित कई सारी सुविधाएँ भी होंगी। उन्होंने बताया कि नई ट्रेन दोनों ओर से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भी तेज दौड़ पाएँगी।

फॉलोअर बढ़ाने में लगे हैं अमिताभ

माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर पर अपने फॉलोअरों की कमी से जूझ रहे अभिताभ बच्चन अब फॉलोअरों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं। अमिताभ ने ट्वीट किया कि पूर्व विदेश राज्यमंत्री शशि थरूर आठ लाख से अधिक फॉलोअरों के साथ ट्विटर पर सबसे आगे चल रहे हैं जबकि वह इसे बढ़ाने के प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मैंने ट्विटर नेताओं के बारे में एक लेख पढ़ा है। शशि थरूर आठ लाख से अधिक फॉलोअरों के साथ सबसे आगे हैं। इसके बाद प्रियंका चोपड़ा, सचिन तेंडुलकर और उनके नजदीक शाहरुख हैं। मेरे केवल 4.76 लाख फॉलोवर हैं और मैं इसे बढ़ाने का प्रयास कर रहा हूँ।

बिग बी का कहना है कि सभी फॉलोअर असली हैं और आप उनसे दूर कुछ भी नहीं ले जा सकते हैं। जो लोग फॉलो करते हैं, वो महान होते हैं।

उन्होंने कहा कि फॉलोअर किसी भी व्यक्ति की लोकप्रियता को दर्शाते हैं। मैं दूसरों की तुलना में उतना लोकप्रिय नहीं हूँ। यह हकीकत है। इसके साथ ही यह भी हकीकत है कि आधे से अधिक फॉलोअर मुझसे घृणा करते हैं। इसमें कोई क्या कर सकता है? हमें इसे स्वीकारना होगा।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York