Showing posts with label 19-02-2011. Show all posts
Showing posts with label 19-02-2011. Show all posts

Saturday, February 19, 2011

अब UNSC में भारत को मिलेगी स्‍थायी सीट


वाशिंगटन : दुनिया के देशों में ग्लोबल पावर के तौर पर उभर रहे भारत को एक नई क़ामयाबी मिलने जा रही है। अब भारत को संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की स्‍थायी सीट मिलने की दिशा में प्रगति के आसार दिख रहे है। सुरक्षा परिषद में भारत की दावेदारी से जुड़े प्रस्‍ताव को अमेरिकी संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा में पेश किया गया।

गुरुवार को डेमोक्रेट सांसद एलसी हैस्टिंग्‍स की ओर से ये प्रस्ताव पेश किया गया। दर्जनों प्रतिनिधियों ने इस प्रस्‍ताव का समर्थन किया। अब इस प्रस्‍ताव को विदेश मामलों की सदन की समिति को रिफर कर दिया गया है।

इस प्रस्‍ताव में भारत को अमेरिका का एक मजबूत लोकतांत्रिक सहयोगी देश, अर्थव्‍यवस्‍था के क्षेत्र में अहम भागीदार और उभरती विश्‍व शक्ति का दर्जा देते हुए सुरक्षा परिषद का स्‍थायी सदस्‍य बनाए जाने का समर्थन किया गया है। प्रस्‍ताव में भारत को स्‍थायी सीट दिलाने में अमेरिकी राष्‍ट्रपति बराक ओबामा के अमेरिका के सहयोगी व मित्र देशों का सहयोग हासिल करने के प्रयासों की भी सराहना की गई है।

बाबा रामदेव को कांग्रेसी सांसद की धमकी


पासीघाट (अरुणाचल प्रदेश) : इन दिनों योग गुरू बाबा रामदेव ने काले धन, भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के ख़िलाफ़ आभियान छेडा हुआ है। बाबा अपनी स्वाभिमान यात्रा के दौरान देश भर का दौरा कर लोगों को भ्रष्टाचारियों के ख़िलाफ़ जागरूक करने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान बाबा ने इन मुद्दों पर कई बार केंद्र सरकार की खिंचाई की है। लेकिन योग गुरु बाबा रामदेव का ये अभियान अरुणाचल प्रदेश के निनोंग एरिंग नाम के एक कांग्रेसी सांसद को बेहद नागवार गुजरा है।

यही वजह है कि निनोंग एरिंग ने बाबा रामदेव के योग शिविर में पहुंचकर धमकी दी कि अगर वह भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसे ही बोलेंगे और अभियान चलाएंगे तो उन्हें गंभीर नतीजे भुगतने पड़ेंगे। बाबा रामदेव के एक साथी के हवाले से मीडिया में आई खबरों में आरोप लगाया है कि एरिंग पासीघाट में लगे योग शिविर में आ धमके और रामदेव के खिलाफ असंसदीय भाषा (गाली देना) का इस्तेमाल करने लगे।

हालांकि, इस आरोप पर सांसद निनोंग एरिंग ने सफाई में कहा है कि उन्होनें बाबा रामदेव को अपमानित नहीं किया है। अपनी सफाई में सांसद ने कहा कि समारोह के दौरान बाबा से मेरी बस एक ही बार बात हुई और मुझे बाबा रामदेव के बॉडीगार्ड्स ने धक्का देकर हटा दिया था। इससे पहले बाबा रामदेव ईटानगर से शुक्रवार दोपहर तवांग पहुंचे। यहां उन्होंने भारत-चीन के बीच 1962 में हुए युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए सेना के योगदान की तारीफ की। गौरतलब है कि स्वामी रामदेव भ्रष्टाचार के विरोध में राष्ट्रव्यापी भारत स्वाभिमान यात्रा चला रहे हैं। इसके तहत वह भ्रष्टाचार के मुद्दे पर केन्द्र सरकार की कड़ी आलोचना कर रहे हैं।

इस दौरान बाबा रामदेव ने अपनी राजनीतिक पार्टी को लेकर की जा रही आशंकाओं को भी दूर कर दिया। बाबा ने इस मुद्दे को लेकर जारी सभी अटकलों पर विराम लगा दिया। रामदेव ने कहा कि वो इस साल जून में अपनी राजनीतिक पार्टी का ऐलान करेंगे और उनकी पार्टी 2014 में लोकसभा की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पिछले पांच महीनों से जारी भारत स्वाभिमान यात्रा के तहत बाबा रामदेव देश भर में लोगों से मिल रहे हैं। बाबा रामदेव की इसी यात्रा को देखते हुए उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षा का अंदाजा लगाया जा रहा था।

मीडिया में आई खबरों के मुताबिक रामदेव ने कहा है कि भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए मुझे इस देश को एक राजनीतिक ढांचा देना होगा। उनके मुताबिक डॉ. मनमोहन सिंह ईमानदार व्यक्ति हैं, लेकिन उनकी सरकार भ्रष्टाचार का मुकाबला करने को लेकर गंभीर नहीं दिखती है।

वर्ल्ड कप: दहाड़े सहवाग, भारत का हिमालयाई स्कोर


मीरपुर (ढाका)। बांग्लादेश के कप्तान का टास जीतकर पहले गेंदबाज़ी करना उनकी टीम के लिये बेहद ही ख़तरनाक साबित हुआ। शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में भारत और मेजबान टीम बांग्लादेश के बीच खेले जा रहे विश्वकप से पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने धमाकेदार शुरूआत की है। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत ने 4 विकेट के नुक़सान पर 370 रनों का हिमालयाई स्कोर खडा कर दिया है। भारत के इस स्कोर में विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेन्द्र सहवाग ने अहम किरदार अदा किया। सहवाग ने महज़ 140 गेंदों में 175 रन बनाए।


कोहली ने नाबाद 100 रन बनाए। सचिन-सहवाग की जोडी ने भारत को मज़बूत शुरूआत दी थी लेकिन मास्टर ब्लास्टर ज़्यादा देर नहीं टिक सके और 28 रन बनाकर रन आउट हो गये। फिर सहवाग का साथ देने आए गौतम गंभीर ने तेज़ी से रन बनाने जारी रखे लेकिन वो भी लंबी पारी नहीं खेल सके और 39 रन बनाकर मेहमूदुल्लाह की गेंद पर बोल्ड हो गये।


आज के मैच में सहवाग की जितनी तारीफ़ की जाए उतनी ही कम है। सहवाग पर लगातार लंबी पारी खेलने का दबाव बन रहा था क्योंकि वो पारी की धमाकेदार शुरूआत करके ज़्यादा देर तक नहीं टिक पाते थे। लेकिन आज, सहवाग देशवासियों की मांग पर खरे उतरे हैं। बस सहवाग को इस बात का ज़रूर अफ़्सोस रहेगा कि वो आज २०० रनों तक नहीं पहुंच सके।


सहवाग के अलावा कोहली ने भी आक्रामक खेलते हुए महज़ 83 गेंदों में 8 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 100 रन बनाए। सहवाग ने 94 गेंदों में 9 चौके और एक छक्के की मदद से अपना शतक पूरा किया। सहवाग और कोहली के बीच तीसरे विकेट के लिये 203 रनों की साझेदारी हुई। बांग्लादेश के गेंदबाज़ों के पास भारतीय बल्लेबाज़ी का कोई जवाब नहीं बन पाया और सभी गेंदबाज़ बेहद बेबस नज़र आए। बाग्लादेश की ओर से शफ़ी उल इस्लाम, शकिब अल हसन, और मेहमूदुल्लाह, इन तीनों गेंदबाज़ों ने 1-1 विकेट मिला।


इसके साथ आज सचिन ने बांग्लादेश के खिलाफ मैच में उतरते ही श्रीलंका के सनथ जयसूर्या का सर्वाधिक वनडे खेलने का रिकार्ड भी तोड दिया। ये सचिन का 445 वां मैच है। जयसूर्या ने 444 वनडे मैचों में अपना जलवा बिखेरा है। साथ में सचिन ने वर्ल्डकप खेलते ही पाकिस्तान के जावेद मियांदाद के सर्वाधिक वर्ल्डकप खेलने के रिकार्ड की बराबरी कर ली।

केंद्र सरकार ने लगाया दो दवाओं पर प्रतिबंध


नई दिल्ली: गेटीफ्लोक्सेसिन और टेगासेरोड नाम की दो हानिकारक दवाओं, पर केंद्र सरकार ने प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। ड्रग टेक्नीकल एडवायसरी बोर्ड (डीटीएबी) ने गुरुवार को यह अंतिम फैसला लिया है।

ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एम्स) के वरिष्ठ डॉक्टर वाईके गुप्ता की अध्यक्षता वाली कमेटी ने अपने फैसले में लिखा है कि डीटीएबी गेटीफ्लोक्सेसिन और टेगासेरोड को सेहत के लिए खतरनाक पाया गया है। यही वजह है कि इसे जल्द से जल्द बंद करने पर सबकी सहमति बनी है। और इस फैसले की प्रति बहुत जल्द स्वास्थ्य मंत्रालय को भेज दी जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक इन दोनों दवाओं को दो हफ्ते के अन्दर पूरे बाजार से हटाने के निर्देश दे दिए गए हैं। गेटीफ्लोक्सेसिन एक ऐसी एंटीबायोटिक है, जिससे डायबीडिज जैसे गंभीर बीमारी के होने का खतरा रहता है। जबकि टेगासेरोड, को अमेरिका समेत कई देशों में गंभीर रिएक्शन की वजह से पहले ही प्रतिबंधित किया जा चुका है।

इन दो घातक दवाओं के अलावा एक और दवा डीनसीट पर भी प्रतिबंध लगाने पर कमेटी ने विचार किया। लेकिन आंकड़ों के अभाव के कारण इस पर फैसला कुछ दिनों के लिए टाल दिया गया है। गेटीफ्लोक्सेसिन, टेगासेरोड और डीनसीट पूरे भारत में सालाना करीब 7 करोड़ का कारोबार करती हैं। गेटीफ्लोक्सेसिन दवा को रक्तचाप को नियंत्रित करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। जबकि टेगासेरोड को आंतों में परेशानी और कब्ज दूर करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

अब मोबाइल टावर की जगह लेंगे छोटे ट्रांसमीटर


आजकल मोबाइल फोन, उंची इमारतों पर लगे मोबाइल टावर्स से मिलने वाले सिग्नल के जरिए काम करता है। लेकिन जल्द ही मोबाइल की इस सर्विस के लिए बड़े बड़े टावर्स की जगह छोटे ट्रांसमीटर का इस्तेमाल होगा।

दरअसल मौजूदा समय में उंची इमारतों पर लगे मोबाइल टावर्स से कई बार सिग्नल को लेकर काफी दिक्कते आती हैं और साथ ही ये बड़े बड़े टावर शहरों की खूबसूरती को भी खराब करते है। ऐसे में अब दुनियाभर की कई टेक्नोलॉजी कंपनियां, मोबाइल सर्विस के लिए बड़े बड़े टावर्स की जगह छोटे ट्रांसमीटर के इस्तेमाल को लेकर प्रयोग कर रही हैं। ये आकार में बहुत छोटे हैं, इसलिए इन्हे स्ट्रीट लाइट्स और दूसरे पोलों के उपर भी लगाया जा सकता है। इतना ही नहीं इनके सिग्नल भी बड़े टावर्स की अपेक्षा ज्यादा मजबूत हैं।

बार्सिलोना में हुए वर्ल्ड मोबाइल कॉंग्रेस के दौरान वायरलेस टेक्नोलॉजी क्षेत्र की कई कंपनियों ने मोबाइल फोन के लिए ट्रांसमीटर सिस्टम को प्रदर्शित किया। माना जा रहा है कि दुनियाभर की मोबाइल सर्विस देने वाली कंपनियों ने इस नई टेक्नोलॉजी में खूब दिलचस्पी दिखाई है। इसलिये जल्दी ही इनका कमर्शियल इस्तेमाल भी देखने को मिलेगा।

अब टीवी चैनलों पर पैनी नज़र रखेगी केंद्र सरकार


नई दिल्ली : पिछले काफ़ी समय से टीवी चैनलों पर प्रसारित किये जा रहे कार्यक्रमों में अशलील की हदें पार की जा रही हैं। जिनको लेकर देश भर में काफ़ी हल्ला भी मच चुका है। कई टीवी चनलों पर ऐसे कार्यक्रम प्रसारित किये जाते रहे हैं जिसमें दोस्ती, मोहब्बत, भविष्य, ख़बर व स्टाइल के नाम पर अशलीलता को परोसा जाता है। लेकिन अब इनके ख़िलाफ़ उजागर हुई केंद्र सरकार, अब चैनलों पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों या खबरों पर नजर रखने के लिए ‘प्रसारण सामग्री शिकायत परिषद’ बनाने जा रही है।

मनोरंजन चैनलों की प्रतिनिधि संस्था ’इंडियन ब्रॉडकास्टिंग फाउंडेशन’ की सलाह पर इस 13 सदस्यीय परिषद का गठन किया जा रहा है। सूचना-प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने उद्योगों की प्रतिनिधि संस्था सीआईआई द्वारा टीवी कार्यक्रमों की गुणवत्ता पर आयोजित सेमिनार में कहा कि परिषद के गठन से टीवी कार्यक्रमों पर नजर रखने के लिए एक सही तंत्र बनाया जा सकेगा। मंत्री ने कहा कि उनका मंत्रालय आत्मनियंत्रण का पक्षधर है।

उन्होंने कहा कि न्यूज चैनलों की संस्था न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन ने अच्छी पहल की है और मंत्रालय के साथ मिलकर आत्मनियंत्रण का प्रमाण पेश किया है। सोनी ने कहा कि दूरदर्शन की मुफ्त डीटीएच सेवा पर मौजूदा 57 की जगह 97 चैनल उपलब्ध कराने को स्वीकृति दे दी गई है। दिसंबर तक 97 चैनल उपलब्ध हो जाएंगे। 12वीं योजना तक चैनलों की संख्या 200 करने की योजना है।

बीजेपी को नहीं पच रही, आडवाणी की ’माफ़ी’


नई दिल्ली : भाजपा के शीर्ष नेता द्वारा काला धन मामले में यूपीए की चेयरमैन सोनिया गांधी से माफ़ी का इज़हार करना उनके पार्टी के नेताओं को नागवार गुज़र रहा है। पार्टी स्तर पर गठित की गई उनकी समिति की रिपोर्ट में कहा गया था कि विदेशी बैंकों मे सोनिया गांधी और राजीव गांधी के खाते हैं। फिर सोनिया गांधी ने 15 फरवरी को आडवाणी को खत लिखा था कि उनका व उनके परिवार के किसी सदस्य का विदेशी बैंक में खाता नहीं है और भाजपा की ओर से ऐसे आरोप लगाए जाने से उन्हें बहुत कष्ट पहुंचा है।

इसके जवाब में आडवाणी ने 16 फरवरी को सोनिया गांधी को पत्र लिखकर माफ़ी का इज़हार किया था कि उन्हें सोनिया गांधी को दुख पहुंचाने का बेहद अफसोस है। हालांकि, आडवाणी के करीबी सूत्रों ने इसे पार्टी के शीर्ष नेता का बड़प्पन करार दिया है, मगर भाजपा में इस पर विवाद खड़ा हो गया है। पार्टी के कई सांसदों व नेताओं ने दबी जुबान में उनके खेद जताए जाने को गैर-जरूरी करार दिया।

इन नेताओं के मुताबिक़, संसद सत्र से ठीक पहले आडवाणी के इस कदम से भ्रष्टाचार पर घिरी कांग्रेस का पलड़ा भारी हो गया है और पार्टी के अभियान पर पानी फिरने का खतरा है। संघ के वरिष्ठ सूत्रों ने भी आडवाणी के कदम पर हैरानी जताई है। एक अन्य नेता ने पूरे घटनाक्रम की जिम्मेदारी इस मामले में गठित टास्क फोर्स पर थोप दी जिसकी रिपोर्ट में सोनिया व राजीव गांधी का नाम लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि भाजपा की ओर से काले धन की समस्या पर एक टास्क फोर्स का गठन किया गया था जिसने अपनी रिपोर्ट में सोनिया व पूर्व पीएम राजीव गांधी के विदेशों खातों की बात कही थी। इस रिपोर्ट को आडवाणी सहित एनडीए के तमाम आला नेताओं ने जारी किया था। सोनिया गांधी ने जब पत्र लिखकर इसका खंडन किया तो आडवाणी ने उन्हें जवाबी चिट्ठी लिखकर इस मामले में क्षमा प्रकट की थी।

भाजपा की वेबसाइट पर जारी किए गए पत्र में आडवाणी ने सोनिया लिखा है, ‘मुझे खुशी है कि आपने काले धन के मुद्दे का साफ शब्दों में खंडन किया है। अगर आपने यह खंडन पहले ही कर दिया होता तो टास्क फोर्स ने अपनी रिपोर्ट में इसका ख्याल रखा होता। बहरहाल, मैं आपको हुई पीड़ा के लिए बेहद खेद व्यक्त करता हूं।’

उधर, एक अन्य वरिष्ठ सांसद ने आडवाणी के खेद जताने के बजाय टास्क फोर्स के कामकाज पर ही सवाल खड़ा कर दिया। उनका कहना था कि टास्क फोर्स में शामिल किए गए सदस्यों को वित्तीय मामलों की धेले भर भी जानकारी नहीं थी। उन्होंने तो केवल अखबारों की कटिंग जमा करके अपनी रिपोर्ट तैयार कर दी। पार्टी के ज्यादातर नेता शुक्रवार को मीडिया से कन्नी काटते रहे। इसके अलावा, बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने सोनिया को लिखे पत्र की जानकारी सार्वजनिक तौर पर दी थी मगर इसपर किसी तरह की टिप्पणी से परहेज किया।

पाकिस्तान टीम को लेकर उद्धव ठाकरे की व्यंग्यात्मक टिप्पणी


मुंबई : जहां एक तरह शिवसेना मुंबई में होने वाले विश्व कप के फ़ाइनल में पाकिस्तानी खिलाडियों को ना खेलने देने की ज़िद पर अडती दिख रही है। तो वहीं आज शिवसेना के कार्यध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने देशवासियों से पाकिस्तानी क्रिकेट टीम कि लेकर कई व्यंग्यात्मक अपील की हैं। उद्धव ने कहा कि मोहम्मद अजमल कसाब और अफजल गुरु के हाथों पाकिस्तानी खिलाडिय़ों का भव्य स्वागत कराया जाए। ताज होटल में उनके लिए शानदार पार्टी का आयोजन कर उसमें राहत फतेह अली खान के संगीत कार्यक्रम का आयोजन करो।

विश्वकप के फाइनल में पाकिस्तान के पहुंचने की स्थिति में क्या शिवसेना उसके खिलाडिय़ों को मुंबई में खेलने देगी? इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म होने पर उन्होंने यह टिप्पणी की है। उद्धव ने नाराजगी भरे स्वर में कहा, ‘लोगों के लिए देश की तुलना में खेल ज्यादा महत्वपूर्ण हो गया है। भले ही मासूम लोग तड़प कर मर जायें, परंतु क्रिकेट जिंदा रहना चाहिए। क्योंकि पाकिस्तान के बिना क्रिकेट कैसे टिक पायेगा?’

शिवसेना कार्याध्यक्ष ने उपहासत्मक लहजे में अपील की है कि कोई भी व्यक्ति पाकिस्तानी खिलाडिय़ों का विरोध न करे। बल्कि उनके स्वागत औरे आरती के लिए तैयार हो जाये। क्योंकि पाकिस्तान के भारत में खेलने पर किसी को कोई आपत्ति नहीं है। यदि कोई पाकिस्तानी खिलाडिय़ों का विरोध करता है, तो उसके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलाकर कसाब और अफजल गुरु के हाथों उसे फांसी पर चढ़ा दिया जाये। क्योंकि पाकिस्तान से संबंध खराब करने वाले इन मंसूबों को नेस्तनाबूत नहीं किया गया, तो कश्मीर के घूसखोरों की भावना को ठेस पहुंचेगी।

गौरतलब है कि शिवसेना हमेशा से ही पाकिस्तान विरोधी तेवर के लिए मशहूर रही है। बाल ठाकरे ने हमेशा पाकिस्तानी खिलाडिय़ों और कलाकारों का मुंबई में कड़ा विरोध किया है। तो अब चारों ओर यही चर्चा है, वर्ल्ड कप के फाइनल में पाकिस्तान के पहुंचने पर ठाकरे की क्या भूमिका रहेगी?

हिमाचल: एआईजी पुलिस, रिश्वत मामले में गिरफ़्तार


शिमला/कुल्लू : हमारे देश में जहां एक ओर बेहद तेज़ रफ़्तार से भ्रष्टाचार बढ़ रहा है तो वहीं दूसरी ओर ऐसा लगता है कि इसके ख़िलाफ़ कार्रवाई की भी धीमी सी शुरूआत हो गई है। हिमाचल प्रदेश में 15 लाख रूपये की रिश्वत लेने के मामले में पुलिस के एक एआईजी को विजिलेंस और शिमला की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ कुल्लू के विजिलेंस थाने में केस दर्ज हो गया है।

एसआईयू और कुल्लू विजिलेंस टीम के संयुक्त अभियान में शुक्रवार शाम ये गिरफ्तारी हुई है। हालांकि किसी भी अधिकारी ने उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है। इस कारण उक्त एआईजी का नाम नहीं खोला गया है। विजिलेंस ने इसी मामले में एआईजी के साथ-साथ कुल्लू के बोलगा स्टूडियो के मालिक रमेश बोलगा को भी गिरफ्तार किया है।

उक्त एआईजी पर आरोप है कि उन्होंने एसपी कुल्लू रहते हुए किसी मामले में 15 लाख की रिश्वत ली थी। एक और मामले में कुछ हाइडल प्रोजेक्ट्स में पुलिस स्पलाइड टू ऑवर डिपार्टमेंट मुहैया करवाने की एवज में उन पर रिश्वत मांगने का भी आरोप है। इस मामले की भी जांच चल रही है। एडीजीपी विजिलेंस के.सी. सडयाल ने इस मामले में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। प्रधान गृह सचिव अजय मित्तल ने भी इस मामले में अनभिज्ञता जताई है। आईपीएस अफसर को विजिलेंस ने कुल्लू से गिरफ्तार किया है। वे पिछले कुछ दिनों से छुट्टी पर चल रहे थे।

जांच टीम को एडीजीपी के खाते में एसपी कुल्लू रहते हुए 15 लाख रुपए जमा होने के बारे में सबूत भी मिले हैं। ये भुगतान चेक के जरिए हुआ। रिश्वत की कुछ राशि एआईजी के नजदीकी रिश्तेदारों के खातों में भी गई है। एसपी कुल्लू से उनका तबादला तीन माह पूर्व ही हुआ है। उनके एसपी पद पे रहते हुए नैनादेवी भगदड़ मामले में उनकी कार्यप्रणाली पर कई सवाल उठे थे। फिर बिलासपुर में सहयोगी अफसरों के साथ मतभेद उभरने लगा था जिस कारण इनका तबादला कर दिया गया था।

इस बार एक एआईजी पुलिस की शर्मनाक हरक़त ने ख़ाकी को दाग़दार बना दिया। जनता की नज़र में पुलिस की छवि को धूमिल कर दिया है।

भाजपा: हेमा कर्नाटक से उम्मीदवार घोषित


नई दिल्ली: ड्रीम गर्ल और पार्टी की स्टार चुनाव प्रचारक हेमामालिनी को भाजपा ने कर्नाटक से उम्मीदवार घोषित किया है।

शुक्रवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में कर्नाटक से एम राजशेखर मूर्ती के आकस्मिक देहांत से खाली हुई एक राज्ससभा सीट के लिए हेमामालिनी का नाम सर्वसम्मति से तय कर दिया गया| इस सीट के लिए मतदान आगामी 3 मार्च को होगा। माना जा रहा है कि हेमा पिछले कई महीनों से राज्यसभा में वापसी का इंतजार कर रही थी।

इससे पहले जून में हुए चुनावों के दौरान उनका राजस्थान से चुनाव जाना लगभग तय था लेकिन ऐन वक्त पर भाजपा ने जाने-माने वकील राम जेठमलानी को टिकट दे दिया गया जिससे हेमामालिनी का पत्ता कट गया। इसे लेकर वह काफी दिनों तक पार्टी नेतृत्व से नाराज भी बताई जा रही थीं हालांकि उन्होंने सार्वजनिक रूप से इस बाबत कोई बयान नहीं दिया। इस बीच उन्हें नितिन गडकरी की टीम में उपाध्यक्ष का पद दिया गया मगर उन्होंने पार्टी की गतिविधियों में सक्रियता नहीं दिखाई।

गौरतलब है कि हेमामालिनी को 2003 में वाजपेयी सरकार के दौरान राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया था। मगर मनोनयन के कुछ समय बाद ही वह भाजपा की सदस्य बन गईं।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York