Showing posts with label Rajyasabha. Show all posts
Showing posts with label Rajyasabha. Show all posts

Tuesday, March 15, 2011

एयर इंडिया, हज सब्सिडी से पूरा करती है अपना घाटा: नक़वी


नई दिल्ली : भाजपा सांसद मुख्तार अब्बास नकवी ने हज सब्सिडी और अल्पसंखयक मुद्दे पर केंद्रीय सरकार को आड़े हाथों लिया। गुस्साए सांसद नकवी ने सरकार पर तीखे प्रहार किये। नक़वी ने राज्यसभा में केंद्रीय सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार लाखों हाजियों के कंधे पर बैठकर एयर इंडिया का घाटा पूरा करती है। राज्यसभा में अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा के दौरान नक़वी ने ये बातें कहीं।

इस मुद्दे पर चर्चा की शुरुआत कांग्रेस के परवेज हाशमी ने की। उन्होंने अल्पसंख्यकों के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का विस्तृत ब्यौरा दिया।

सदन में हज सब्सिडी का गणित पेश करते हुए नकवी ने बताया कि दिल्ली से लंदन का हवाई किराया 32 से 35 हजार रुपये है, जिसकी दूरी लगभग छह हजार किमी है। वहीं, दिल्ली से जेद्दा का हवाई किराया 40 हजार रुपये है, जिसकी दूरी तीन हजार किमी से भी कम है। इस दोगुने किराए का मतलब भी स्पष्ट है, कि हाजियों के कंधे पर एयर इंडिया का घाटा डाल दिया जाता है। उन्होंने सत्तापक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उसकी नीतियां ठीक हो सकती हैं, पर नीयत ठीक नहीं है।

अल्पसंख्यकों के लिए बजट में 2,860 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह राशि देश के 20 करोड़ अल्पसंख्यकों के लिए है। 90 अल्पसंख्यक बहुल जिलों का जिक्र करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि आखिर इन जिलों के विकास के लिए सरकार ने क्या किया है? कितने जिलों में केंद्रीय व नवोदय विद्यालय खोले गए हैं?

नकवी ने कहा कि जमीनी सच्चाई को महसूस किए बगैर अल्पसंख्यकों का भला नहीं किया जा सकता। सरकार पर तीखा आरोप लगाते हुए भाजपा नेता नकवी ने कहा कि मुस्लिमों की दाढ़ी व टोपी पर अलकायदा का जो ठप्पा लगाया गया है, उससे सरकारी महक़मा तो दूर प्राइवेट सेक्टर में भी कोई नौकरी देने को राजी नहीं है।

Thursday, March 10, 2011

बीजेपी सांसद बलीराम कश्यप का निधन


नई दिल्ली/रायपुर : छत्तीसगढ़ में बस्तर लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद बलीराम कश्यप का गुरुवार तड़के रायपुर में निधन हो गया। वह 75 साल के थे। बीजेपी के दिवंगत सांसद बलिराम कश्यप को श्रध्दांजलि दी गई और उनके निधन के कारण लोकसभा की कार्यवाही गुरुवार को दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभाध्यक्ष मीरा कुमार ने गुरुवार सुबह 11 बजे कार्यवाही शुरू होते ही कश्यप को श्रद्धांजलि दी।

सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने सदस्यों को बलिराम कश्यप के गुरुवार को आकस्मिक निधन की सूचना देते हुए दिवंगत नेता को गरीबों और समाज के कमजोर वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए काम करने वाला एक महत्वपूर्ण सामाजिक कार्यकर्ता बताया। उन्होंने कहा कि कश्यप 12, 13 और 14वीं लोकसभा के भी सदस्य थे।

वह 1972 से 1992 तक तत्तकालीन मध्य प्रदेश विधानसभा के भी सदस्य रहे। उन्होंने राज्य सरकार में महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं। वह विभिन्न संसदीय समितियों के भी सदस्य रहे। कश्यप बस्तर लोकसभा सीट से चार बार सांसद चुने गए थे। वह अविभाजित मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। सदन में संसद सदस्यों ने खड़े होकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मीरा कुमार ने सदन की कार्यवाही को शुक्रवार सुबह तक के लिए स्थगित कर दिया।

रायपुर विधानसभा में आज कश्यप के निधन का उल्लेख करते हुए विधानसभा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक ने कहा कि कश्यप पहली बार 1972 में विधायक चुने गए और उसके बाद उन्होंने राजनीति में लंबा सफ़र तय किया है|

कौशिक ने कहा कि कश्यप अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा पिछडे वर्गों के अधिकारों की रक्षा तथा कल्याण के लिए जीवन पर्यन्त संघर्षरत रहे. उनका जीवन आदर्श और सिध्दांतों लिए समर्पित रहा. कश्यप ने अपना पूरा राजनैतिक सफ़र अपनी शर्तों’ पर तय किया तथा बुनियादी मान्यताओं, नैतिक मूल्यों के सामने कभी समझौता नहीं किया. उन्होंने बस्तर तथा संपूर्ण छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कश्यप के निधन से देश तथा राज्य ने एक वरिष्ठ राजनीतिज्ञ, कुशल प्रशासक और समाजसेवी खो दिया।

सदन के नेता मुख्यमंत्री रमन सिंह ने बलीराम कश्यप को श्रध्दांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कश्यप बस्तर की राजनीति के लौहपुरूष थे. वे हमेशा किसानों की भलाई के लिए सोचते थे और उनका पूरा जीवन अपने क्षेत्र के विकास कार्य के लिए समर्पित रहा। सिंह ने कहा कि बस्तर के विकास की ललक के कारण ही उन्होंने क्षेत्र में राष्ट्रीय खनिज विकास निगम के इस्पात संयंत्र के लिए दबाव डाला और आज इसके फ़लस्वरूप क्षेत्र में 12 हजार करोड़ रूपए की लागत का विशाल इस्पात संयंत्र निर्माणाधीन है।

Saturday, February 19, 2011

भाजपा: हेमा कर्नाटक से उम्मीदवार घोषित


नई दिल्ली: ड्रीम गर्ल और पार्टी की स्टार चुनाव प्रचारक हेमामालिनी को भाजपा ने कर्नाटक से उम्मीदवार घोषित किया है।

शुक्रवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में कर्नाटक से एम राजशेखर मूर्ती के आकस्मिक देहांत से खाली हुई एक राज्ससभा सीट के लिए हेमामालिनी का नाम सर्वसम्मति से तय कर दिया गया| इस सीट के लिए मतदान आगामी 3 मार्च को होगा। माना जा रहा है कि हेमा पिछले कई महीनों से राज्यसभा में वापसी का इंतजार कर रही थी।

इससे पहले जून में हुए चुनावों के दौरान उनका राजस्थान से चुनाव जाना लगभग तय था लेकिन ऐन वक्त पर भाजपा ने जाने-माने वकील राम जेठमलानी को टिकट दे दिया गया जिससे हेमामालिनी का पत्ता कट गया। इसे लेकर वह काफी दिनों तक पार्टी नेतृत्व से नाराज भी बताई जा रही थीं हालांकि उन्होंने सार्वजनिक रूप से इस बाबत कोई बयान नहीं दिया। इस बीच उन्हें नितिन गडकरी की टीम में उपाध्यक्ष का पद दिया गया मगर उन्होंने पार्टी की गतिविधियों में सक्रियता नहीं दिखाई।

गौरतलब है कि हेमामालिनी को 2003 में वाजपेयी सरकार के दौरान राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया था। मगर मनोनयन के कुछ समय बाद ही वह भाजपा की सदस्य बन गईं।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York