
नई दिल्ली : मेट्रो में सफ़र करने वाले दिल्ली वासियों के लिये एक ख़ुशख़बरी है। दिल्ली वासियों के सफ़र को आसान बना देने वाली मेट्रो अब एक और सुविधा से लैस होने जा रही है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) मेट्रो के विभिन्न स्टेशनों पर चिकित्सा केन्द्र खोलने पर विचार कर रहा है। शहरी विकास राज्य मंत्री सौगत राय ने मंगलवार को लोकसभा में एक लिखित सवाल के जवाब में बताया कि दिल्ली मेट्रो ने इस संबंध में निजी क्षेत्र के तथा सरकारी क्षेत्र के एक-एक अस्पताल से संपर्क किया है।
उन्होंने एक अन्य जानकारी देते हुए बताया कि डीएमआरसी ने उत्तर प्रदेश सरकार के अनुरोध पर नौएडा एवं ग्रेटर नौएडा के बीच मेट्रो रेल चलाने की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर ली है। उन्होंने बताया कि हालांकि केन्द्र सरकार को दिल्ली मेट्रो को नोएडा तथा ग्रेटर नौएडा के बीच विस्तारित करने के संबंध में कोई प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार को दिल्ली मेट्रो को कुंडली, सोनीपत तक विस्तारित करने का भी कोई प्रस्ताव नहीं मिला है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली मेट्रो के आनंद विहार से वैशाली, गाजियाबाद तक विस्तारित करने पर 320 करोड़ रुपए की जबकि मुंडका से बहादुरगढ तक विस्तारित करने पर 1432 करोड़ रुपए की लागत आने का अनुमान है।







