Showing posts with label Indian Air Force. Show all posts
Showing posts with label Indian Air Force. Show all posts

Friday, February 11, 2011

भारत, जल्द करेगा पचास हजार करोड़ के लड़ाकू विमानों का सौदा

बेंगलूरु : अब जल्द ही भारतीय वायु सेना आधुनिक तकनीक के नए विमानों को ख़रीद कर अपनी ताक़त में इज़ाफ़ा करने जा रही है। भारतीय वायुसेना के प्रमुख एयरचीफ मार्शल पी. वी. नाईक ने घोषणा करते हुए कहा कि अगले दो सप्ताह के भीतर ही 50 हजार करोड़ रुपये की लागत से 126 लड़ाकू विमान की खरीददारी के सबसे बड़े रक्षा सौदे पर मोलभाव का दौर शुरू हो जाएगा और उम्मीद है कि परिस्थिति सामान्य रही तो सितंबर तक सौदे पर हस्ताक्षर भी कर लिये जाएंगे।

येलहांका एयरपोर्ट पर संवाददाता सम्मेलन में वायुसेना प्रमुख ने बताया कि सौदे की सारी अड़चनें दूर हो चुकी हैं और अब ‘अनुबंध वार्ता समिति’ में बातचीत का दौर शुरू होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक-दो सप्ताह के भीतर यह बातचीत शुरू हो जाएगी और अगर किसी ‘असंतुष्ट कंपनी’ ने लंगड़ी नहीं मारी तो इस समझौते पर अगस्त-सिंतबर में हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

ग़ौरतलब है कि इस सौदे पर दुनिया के आठ बड़े देशों की छह कंपनियों ने अपनी निगाहें टिका रखी हैं और वे अपने-अपने विमान लेकर बेंगलूरु के आकाश में अपनी कलाबाज़ियों का प्रदर्शन भी कर रही हैं। इन विमानों में अमेरिका के दो विमान एफ 18 सुपर हॉर्नेट, एफ-16 आईएन सुपर वाइपर, फ्रांस का राफेल, स्वीडन का ग्रिपेन, चार यूरोपीय देशों के कंसोर्टियम का यूरो फाइटर और रूस का मिग-35 शामिल हैं। मिग 35 को छोड़कर बाकी सभी प्रतिस्पर्धी अपने विमान लेकर भारत आए हुए हैं।

मोलभाव की वार्ता का दौर शुरू होने का मतलब यह है कि अब नॉकआउट होने की घड़ी आ गई है, जिसमें कुछ कंपनियों को सौदे की होड़ से बाहर होना पड़ेगा। इसके बाद सौदे में विघ्न डालने का दौर भी शुरू होने की आशंका है, जिसकी ओर वायुसेना प्रमुख ने खुलकर इशारा किया है। उन्होंने कहा कि अगर किसी असंतुष्ट कंपनी ने लंगड़ी नहीं मारी, तो पांच-छह महीने के भीतर ही सौदे पर हस्ताक्षर हो जाएंगे। कोई बाधा डाले जाने की सूरत में मामला सतर्कता आयुक्त आदि तक जा सकता है और सौदे की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इन सब अड़चनों को दूर करना होगा।

Saturday, February 5, 2011

भारतीय वायुसेना में शामिल होगा विमान ’सी-130’

अब हवाई हमलों के मद्देनज़र और शक्तिशाली हो जाएगा भारत। आज भारतीय वायुसेना में एक अमेरिकी परिवहन विमान सी-130 जे हर्कुलस को औपचारिक तौर पर शामिल किया जाएगा। भारत ने 2008 में अमेरिका से ऐसे छह विमान खरीदने का सौदा किया था। बाकी पांच ’हुर्कलस’ विमान इस साल के अंत तक वायुसेना को प्राप्त हो जाएंगे।

अमेरिका से बढ़ रहे रिश्तों और सहयोग का फल वायुसेना को भी भरपूर मिल रहा है। इस ऐतिहासिक मौके पर रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल पी. वी. नायक के साथ अमेरिकी वायुसेना के प्रमुख जनरल नार्टन ए. श्वार्ज भी मौजूद रहेंगे।

’सी-130’ सुपर हर्कुलस विमान कमांडो को ले जाने और लाने में काफी मददगार साबित होगी। यह विमान विशेष तौर पर स्पेशल फोर्सेज के लिए बनवाया गया है। ऐसे छह विमान का सौदा अमेरिका के फॉरेन मिलिट्री सेल्स प्रोग्राम के तहत सीधी खरीद के जरिए किया गया है।

सैन्य परिवहन विमानों में सी-130 जे शामिल होने से वायुसेना को अब काफी मजबूती मिलेगी। बताया जा रहा है कि यह विमान काफी नीची उड़ान भरते हुए कमांडो सैनिकों को दुश्मन के इलाके में उतार सकता है और पूरी तरह अंधेरी हवाई पट्टी पर भी उतर सकता है।

Monday, January 10, 2011

भारतीय वायुसेना को मिला अपना 'तेज'

रक्षा के क्षेत्र में भारत, आज एक नया इतिहास और गौरव रचने में कामयाब हुआ। सोमवार को भारतीय वायुसेना अपने बरसों पुराने परंपरागत युद्धक विमान मिग 21 की जगह पहले पूर्णत: स्वदेशी तथा सुपरसोनिक मल्टी रोल युद्धक विमान 'तेजस' को शामिल करके अपना 'तेज' बढ़ा रही है। लाइट कॉम्बेट एयरक्राफ्ट (एलसीए) के नाम से मशहूर यह एक सीट वाला विमान दुनिया का सबसे छोटा सैन्य युद्धक विमान है। पर तकनीक और प्रदर्शन के आधार पर इसे दुनिया के टॉप 8 विमानों में शामिल किया जा चुका है। मेक 1.4 की उच्चतम गति वाला यह विमान हल्का होने की वजह से बहुत फुर्तीला भी है।

इसने अपनी पहली मेडन उड़ान 2005 में भरी थी। तब से अब तक इसकी 1404 टेस्ट फ्लाइट पूरी हो चुकी है। फिलहाल इसका सिंगल सीट वर्जन ही विकसित किया गया है। वैसे 1999 में रक्षा मंत्रालय 2 सीटर वाले प्रशिक्षण विमान और विमानवाहक पोत के लिए 'करियर वर्जन' को विकसित करने के लिए हरी झंडी दे चुका है।


डेल्टा प्लेनफॉर्म डिजाइन वाले इस विमान में शोल्डर मॉउंटेड विंग है। इसको हल्का पर मजबूत बनाने के लिए अल्युमिनियम, लिथियम और टाइटेनियम के मिश्रण का इस्तेमाल किया गया है। इसके कॉकपिट में नाइटविजन कॉम्पिटेबल ग्लास का उपयोग किया गया है। बेल ऑउट की स्थिति में मार्टिन बेकर की जीरो-जीरों इजेक्शन सीट पायलेट को तत्काल विमान से बाहर निकाल सकती है। इसके पायलेट के हेलमेट में भी डिस्प्ले की सुविधा है।

Friday, September 3, 2010

सचिन बने भारतीय वायु सेना का हिस्सा

नई दिल्ली: मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर आज भारतीय वायु सेना (आईएएफ) का हिस्सा बन गए। उन्हें मानद ग्रुप कैप्टन की उपाधि दी गई है। वायु सेना द्वारा दिए इस सम्मान के बाद सचिन ने कहा, मैं बहुत गौरान्वित महसूस कर रहा हूं। ये एक सपने के सच होने जैसा है। सचिन तेंदुलकर द्वारा अपने खेल के माध्यम से देश को दिलाई प्रतिष्ठा के मद्देनजर आईएएफ ने यह प्रस्ताव रखा था और राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने सेना के सुप्रीम कमांडर की हैसियत से इसकी अनुमति दी। संभवत: सचिन पहले व्‍यक्ति होंगे, जिन्‍हें विमान उड़ाने का कोई अनुभव नहीं होते हुए भी वायु सेना यह सम्‍मान दे रही है। वायु सेना का मानना है कि तेंदुलकर को यह सम्मान दिए जाने के बाद दूसरे युवा भी वायु सेना में भर्ती होने के लिए प्रोत्साहित होंगे। सचिन तेंदुलकर ने कहा कि वायु सेना द्वारा दिए जा रहे इस सम्मान पर मुझे गर्व है। मैं ब्रांड ऐंबेसेडर बनने के बाद वायु सेना की छवि और उज्जवल करने का पूरा प्रयास करूंगा। इससे पहले, वायु सेना ने उद्योगपति विजयपत सिंघानिया को एयर कमोडोर पद से नवाजा था। सिंघानिया को 1990 में आयोजित "फेडरेशन एअरोनाटिक्वे इंटरनेशनेल" एअर रेस में स्वर्ण पदक हासिल करने के लिए सम्मानित किया गया था।








Tuesday, June 15, 2010

मिग 21 विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट सुरक्षित


वायु सेना का एक लडा़कू विमान मिग 21 मंगलवार को पंजाब में सिदवां खास फायरिंग रेंज में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, लेंकिन उसका पायलट बाल बाल बच गया। वायुसेना के सूत्रों ने यहां बताया कि विमान ने हलवाड़ा एयरबेस से उड़ान भरी थी और यह 11.15 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा कि यह विमान हथियार दागने की प्रशिक्षण उड़ान पर रवाना हुआ था। विमान हादसे की दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

Tuesday, June 8, 2010

भारतीय लड़ाकू जहाज़ सुखोई 30 फ़्रांस रवाना


बरेली स्थित वायुसेना के त्रिशूल एयर बेस से भारतीय सेना के 6 सबसे घातक लड़ाकू विमान सुखोई MK 30 का एक स्क्वाड्रन फ़्रांस में युद्ध के अभ्यास के लिये रवाना किया गया। सेंट्रल कमाण्ड के वरिष्ठ एयर स्टाफ़ अधिकारी एयर मार्शल एस० वर्धमान ने स्क्वाड्रन को सलामी लेकर फ़्लैग आफ़ किया॥

Newsline Bareilly Bureau

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York