Showing posts with label 05-04-2011. Show all posts
Showing posts with label 05-04-2011. Show all posts

Tuesday, April 5, 2011

महाराष्ट्र विस: सचिन को भारत रत्न देने की मांग



मुम्बई: टीम इंडिया को वर्ल्ड कप जीतने पर बधाई देते हुए महाराष्ट्र विधानसभा ने केंद्र सरकार से सिफारिश की है कि मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।

मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने टीम को धन्यवाद देने और तेंदुलकर के लिए भारत रत्न दिए जाने की सिफारिश के संबंध में प्रस्ताव रखा, जिसका सभी दलों ने समर्थन किया। इस प्रस्ताव को आम सहमति से पारित किया गया।

इससे पहले चव्हाण ने सदन में कहा, हम तेंदुलकर को खेल में उनके योगदान के लिए भारत रत्न देने की सिफारिश करते हैं। उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार महाराष्ट्र के खिलाड़ियों सचिन तेंदुलकर और जहीर खान को एक-एक करोड़ रुपये का नगद पुरस्कार और प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित करेगी। साथ ही टीम के सपोर्ट स्टाफ में शामिल मयंक पारेख और रमेश माने को 50-50 लाख रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने मुंबई में विश्वकप फाइनल के दौरान पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन के लिए पुलिस और यातायात अधिकारियों को भी बधाई दी।

अब दिल के लिए खतरा बना ज्यादा काम


लंदन: अगर आप भी आफिस में देर तक काम करने वालो में से एक है तो इस खबर पर ध्यान दें। एक नए अध्ययन में खुलासा हुआ है कि कार्यालयों में निर्धारित से अधिक समय तक काम करने से कर्मियों के स्वास्थ्य पर बहुत ज्यादा असर पड़ सकता है और उन्हें दिल का दौरा पड़ने संभावना और अधिक हो जाती है।

यूनिवर्सिटी कालेज लंदन में किए गए एक नए अध्ययन के मुताबिक, सात या आठ घंटे काम करने वालों के मुकाबले जो व्यक्ति 11 घंटे से अधिक समय तक काम करते हैं उनमें दिल का दौरा पड़ने की संभावना दो तिहाई बढ़ जाती है। अपने अध्ययन में शोधकर्ताओं ने 39 से 62 साल उम्र के बीच के 7,095 सरकारी कर्मचारियों को शामिल किया और 11 साल से अधिक समय तक इन पर किये गये शोध में 192 व्यक्तियों को दिल का दौरा पड़ा।

अध्ययन में इस बात का पता चला कि जो व्यक्ति 'नौ से पाच बजे' तक की नौकरी करते हैं उनके मुकाबले एक दिन में 11 घंटे से ज्यादा काम करने वालों में दिल का दौरा पड़ने की संभावना 67 प्रतिशत अधिक होती है। काम के घंटे पर किए गए इस अध्ययन में दिल की बीमारी के कारणों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह और ध्रूमपान के अलावा अतिरिक्त घंटे तक काम करने का पहलू भी चिकित्सकों को इलाज करने में लाभ पहुंचा सकता है।

'ऐनल्स आफ इंटरनल मेडिसीन' नामक पत्रिका में प्रकाशित इस नए अध्ययन में प्रोफेसर मिका किविमकी ने ब्रिटिश मीडिया को बताया कि लंबे समय तक काम करने से दिल का दौरा का पड़ने की संभावना बढ़ जाती है। उनका कहना है कि हमारे नए अध्ययन से चिकित्सकों को इलाज करने में मदद मिलेगी।

अब एटीएम की सुविधा आपके पड़ोस मे...


अब देश के पांच बैंकों ने अब किराना स्टोर में भी एटीएम लगाना शुरू कर दिया है जिसके चलते आपको पैसे निकालने के लिए अब ज्यादा दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, आईसीआईसीआई, एचडीएफसी बैंक, आईडीबीआई और ऐक्सिस बैंक ने देश भर में किराने की दुकानों में छोटे एटीएम लगाने की बड़ी योजना बनाई है। इन दुकानों को पीओएस कहा जाएगा। वहां से आप अपने डेबिट कार्ड के जरिये 1,000 रुपए तक नकद निकाल सकते हैं लेकिन इसके लिए आपको 10 रुपए का शुल्क भी देना पड़ सकता है।

हालांकि आईडीबीआई और एचडीएफसी बैंक इसके लिए कोई शुल्क अभी नहीं लेंगे। इन दुकानों में आप अपने डेबिट कार्ड से खरीदारी भी कर सकते हैं। इसके लिए एटीएम अलग रसीद जारी करेगा। इससे लोगों को काफी आसानी होगी और दुकानदारों को खुदरा पैसे देने के झंझट से छुटकारा भी मिलेगा।

ममता की पेंटिंग पचास लाख की



कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी के चुनावी खर्चे की खातिर कोष जुटाने के लिए अपनी पेंटिंग का प्रदर्शन किया। कई दिग्गज कलाकारों ने उनकी कला की तारीफ की और आयोजकों ने उनकी पेंटिंग से 50 लाख रुपए जुटाए।

एक निजी आर्ट गैलरी में प्रदर्शन के लिए रखी गई 98 पेंटिंग में से 20 पेंटिंग तीन दिवसीय प्रदर्शनी के पहले दिन बिक गईं जिसमें से तीन पेंटिंग बिकने के लिए नहीं थीं। इन पेंटिंग्स को खरीदने वालों में उद्योगपति हर्ष नियोटिया, आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स के सह मालिक जय मेहता और बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष जगमोहन डालमिया शामिल थे।

कांगो: विमान दुर्घटना में 32 की मौत



संयुक्त राष्ट्र: कांगो की राजधानी किन्सासा में तेज़ बारिश को देखते हुए उतरने की कोशिश कर रहा संयुक्त राष्ट्र का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 32 लोगों की मौत हो गई।

संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने कहा है कि कांगो हवाई हादसे में विमान में सवार विश्व निकाय के 33 कर्मियों में से 32 की मौत हो गई है और सिर्फ एक कर्मी ही जीवित बचा है। संयुक्त राष्ट्र शांति बल के प्रमुख एलेन ली रॉय ने बताया कि एकमात्र जीवित बचे कर्मी के बारे में उनके पास कोई विस्तृत जानकारी नहीं है। कांगो के किंशासा शहर में हुए इस हादसे के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ली रॉय के मुताबिक अभी हादसे के कारणों का पता नहीं चला है लेकिन माना जा रहा है कि यह दुर्घटना तेज हवा के चलते हुई।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York