Showing posts with label 24-02-2011. Show all posts
Showing posts with label 24-02-2011. Show all posts

Thursday, February 24, 2011

जूलियन असांजे पर स्वीडन में चलेगा रेप केस


लंदन : दुनिया भर को हिला कर रख देने वाली वेबसाइट ’विकिलीक्स’ के संस्थापक जूलियन असांजे पर स्वीडन में रेप केस चलेगा। असांजे के ख़िलाफ़ लंदन की एक अदालत ने यह फैसला सुनाया है। अदालत ने ये भी कहा है कि उन्हें स्वीडन भेजा जाना चाहिए। गौरतलब है कि असांजे के खिलाफ स्वीडन में रेप का मामला दर्ज है। असांजे इस फैसले के खिलाफ अपील करने वाले हैं। अपील के लिए उन्हें सात दिन का वक्त दिया गया है।

गौरतलब है कि अपनी वेबसाइट विकिलीक्स के जरिए अमेरिका की कूटनीतिक गतिविधियों को पूरी दुनिया के सामने सार्वजनिक करने वाली वेबसाइट विकिलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे पर दो स्वीडिश महिलाओं ने बलात्कार की शिकायत दर्ज कराई है। ग़ौरतलब है कि स्वीडन के कानून के मुताबिक कोई महिला सेक्स के दौरान भी अपनी सहमति वापस ले सकती है।

शुक्रवार को अपने फैसले में अदालत ने कहा कि असांजे के खिलाफ दर्ज मामला गंभीर है और इसीलिए इस मामले के सिलसिले में उन्हें स्वीडन प्रत्यर्पित किया जाना चाहिए। असांजे के वकीलों ने कहा कि वे फैसले से संतुष्ट नहीं हैं और इसे ऊपरी अदालत में चुनौती देंगे। असांजे को ऊपरी अदालत में अपील करने के लिये ७ दिन का समय दिया गया है।

टीम इंडिया को लगा झटका, युवराज हुए चोटिल


बेंगलुरु : इंग्लैंड के ख़िलाफ़ खेले जाने वाले अहम मैच के लिये प्रक्टिस में जुटी टीम इंडिया को क़रारा झटका लगा है। आज, चिन्नास्वामी स्टेडियम में प्रैक्टिस मैच के दौरान माही सेना के बल्लेबाज युवराज सिंह को बाएं हाथ में चोट लग गई। युवराज तब श्रीसंथ की गेंद पर प्रैक्टिस कर रहे थे। चोट लगते ही युवराज दर्द से परेशान हो गए। वह तुरंत प्रैक्टिस छोड़ एक किनारे में जाकर बैठ गए। फिजियो टीम ने करीब 20 मिनट तक उनकी चोट पर मालिश की, लेकिन उन्‍हें आराम नहीं हुआ।

प्रैक्टिस सत्र खत्म होने के बाद ड्रेसिंग रूम में लौटते वक्त भी युवराज का यही कहना था कि दर्द अभी कम नहीं हुआ है। युवराज को यह चोट ऐसे समय लगी है, जब रविवार को टीम इंडिया को इंग्‍लैंड से भिड़ना है। अगर तब तक वह फिट नहीं हुए तो टीम इंडिया का लिये ये बडी चिंता का विषय होगा।

अब स्कूली बच्चों को पढ़ाएगा रोबोट


अब वो दिन दूर नहीं जब क्लास में बच्चों को पढ़ाने की ज़िम्मदारी रोबोट उठाएंगे। युनिविसिर्टी ऑफ कैलिफोर्निया के अनुसंधानकर्ताओं ने एक ऐसा रोबोट विकसित किया है जो बच्चों में शब्द ग्रहण करने की प्रक्रिया को उल्लेखनीय रूप से सुधार सकता है।

विज्ञान पत्रिका लाइवसाइंस की एक रिपोर्ट के अनुसार, अनुसंधानकर्ता अब ड्रायड का एक नया संस्करण विकसित कर रहे हैं जिसके बारे में उनका कहना है कि वह कक्षा में घूम भी सकेगा।

बच्चों को पढ़ाने के लिए रोबोट के विकास का यह विचार विश्वविद्यालय की मशीन पर्सेप्शन लेबोरेटरी के निदेशक जेवियर मोवेलान के जेहन में उस वक्त आया जब वह जापान में रोबोट से जुड़े अनुसंधान कर रहे थे। उस वक्त उनके बच्चे चाइल्ड केयर सेंटर में थे।

मोवलान जिन रोबोट को विकसित करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें आरयूबीआई या रूबी कहते हैं। अनुसंधानकर्ताओं ने 18 से 24 महीने के बच्चों के साथ काम करने के लिए एक रूबी विकसित किया। लेकिन यह रोबोट शैतान बच्चों के सामने नहीं टिक पाया।

मोवलान ने कहा कि हमने इस रूबी में खूबसूरत बांह लगाई थी और उसे लेकर बच्चे सचमुच उत्साहित थे। बच्चों ने केवल दो घंटे में ही उसे पूरी तरह तबाह कर दिया था।

देश से भ्रष्टाचार को मिटाने के लिये प्रतिबद्ध है सरकार: प्रधानमंत्री


नई दिल्ली : महंगाई और भ्रष्टाचार के कारण विफल साबित हो रही केंद्रीय सरकार ने अब सकारात्मक सोच के साथ अपना पक्ष पेश किया है। महंगाई समेत कामनवेल्थ, 2जी और एस-बैंड जैसे घोटालों के कारण पूरे देश में केंद्रीय सरकार की किरकिरी हुई है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आज संसद में अपने अभिभाषण में भ्रष्टाचार के खिलाफ युद्ध करने के साफ संकेत दिए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार देश से भ्रष्टाचार को मिटाने के लिए प्रतिबद्ध है और युद्धस्तर पर भ्रष्टाचार से निपटा जाएगा।

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में यह भी स्वीकार किया कि पिछले 18 महीनों में महंगाई एक बड़ी समस्या बन गई है। हालांकि सरकार के बचाव में प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि महंगाई दुनियाभर में बढ़ी है और भारत इससे प्रभावित अकेला देश नहीं है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि महंगाई को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने ऐसी नीतियां बनाई है जिससे रोजगार पर फर्क न पड़े। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि इस वित्त वर्ष के अंत तक महंगाई की दर सात फीसदी से भी कम हो जाएगी। देश में अनाज के भंडार की ओर इशारा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे पास अनाज का पर्याप्त भंडारण है। महंगाई को नियंत्रित करने के लिए सरकार खाद्य सुरक्षा बिल ला रही है।

टेलीकॉम और कॉमनवेल्थ खेलों में हुए भ्रष्टाचार पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ टेलीकॉम और कॉमनवेल्थ में कुछ दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं हुईं लेकिन मैं देश को विश्वास दिलाता हूं कि सरकार इस गंदगी को धोने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। यदी कोई घोटाला हुआ है तो हम घोटालेबाजों को देश के कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा देंगे।

टेलीकॉम क्षेत्र में हुई वृद्धी की ओर इशारा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमे इस बात को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए की देश में टेलीकॉम सेवाओं ने उल्लेखनीय तरक्की की है। हमारी सरकार सभी एजेंसियों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करेगी कि टेलीकॉम घोटाले में लिप्त कोई भी बच न पाए।

दारुल उलूम प्रकरण: न तुम जीते, न हम हारे


दारुल उलूम में वीसी के पद पर मचा बवाल कुछ हद तक शांत हो गया है। देवबंद में हुई मजलिस-ए-शूरा की बैठक में मौलाना गुलाम मौहम्मद वस्तानवी को अभी उनके पद पर बहाल रखा गया है, हालांकि उनके मोदी संबंधी बयान की जांच के लिये मजलिस ने एक तीन सद्स्यीय जांच कमेटी का गठन किया है जो अपनी रिपोर्ट तीन माह तक सौंपेगी। तब तक मौलाना अबुल कासिम को कार्यकारी वीसी बनाया गया है। मतलब साफ़ है कि मजलिस-ए-शूरा ने एक तीर से दो निशाने किये हैं, जिसमें उन्होंने न तो मौलाना वस्तानवी के समर्थकों को निराश किया है और न ही उनके विरोधियों को।

दारुल उलूम देवबंद विश्व में इस्लामी शिक्षा का दूसरा बड़ा केंद्र है। यही कारण है कि पूरी दुनिया में सबसे ज़्यादा देवबंदी विचारधारा से जुड़े मुसलमानों के लिये भी दारुल उलूम काफ़ी महत्वपूर्ण है। ज़ाहिर है यहां होने वाली हर गतिविधि को अंतर्राष्ट्रीय तवज्जो मिलती है। 10 जनवरी को मौलाना मरगूबुर्रहमान के निधन के बाद इस इदारे की कमान सौंपी गई मूलत: गुजरात के रहने वाले मौलाना गुलाम मौहम्म्द वस्तानवी को। और इसके बाद शुरू हुआ शह और मात का खेल। दरअसल, मौलाना वस्तानवी का पहले दिन से ही विरोध शुरू हो गया था। जानकारों के मुताबिक इस विरोध को हवा मदनी परिवार के लोग दे रहे थे, जो दारुल उलूम से किसी भी कीमत पर अपना वर्चस्व नहीं छोड़ना चाहते।

वहीं अचानक एक ऐसा घटनाक्रम हुआ जिसने वस्तानवी विरोधियों को एक नया हथियार दे दिया। हुआ यूं कि एक अंग्रेज़ी अख़बार को दिये अपने साक्षात्कार में मौलाना वस्तानवी ने गुजरात के विकास पर अपनी सकारात्मक टिप्पणी की थी। इसके बाद मौलाना वस्तानवी के विरोधियों ने उन्हें मोदी का समर्थक बता कर उनसे इस्तीफ़े की मांग कर डाली। हालांकि मौलाना वस्तानवी ने इस पूरे मामले पर मीडिया के सामने सफ़ाई भी दी, लेकिन उनके ख़िलाफ़ दारुल उलूम के कुछ छात्र आंदोलनरत हो गये। विरोध के बीच वस्तानवी के समर्थन में भी लोग और संगठन लामबंद होने लगे। यही बात मौलाना वस्तानवी के पक्ष में गई और उन्होंने मजलिस-ए-शूरा को अपना इस्तीफ़ा देने का ऐलान कर डाला।

हालांकि ऐसे कयास लगाये जा रहे थे कि मजलिस-ए-शूरा की बैठक के बाद मौलाना वस्तानवी की देवबंद से विदाई हो जायेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मजलिस-ए-शूरा के 14 सदस्यों ने इस पूरे मसले पर जो हल निकाला वो काफ़ी विरोधाभासी है । मजलिस ने मौलाना वस्तानवी को वीसी पद से नहीं हटाया बल्कि उनके साथ-साथ मौलाना अबुल क़ासिम को कार्यवाहक वीसी के पद पर नियुक्त कर दिया। वहीं उनके गुजरात संबंधी बयान की जांच के लिये एक तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन भी कर डाला। यह कमेटी तीन माह में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, तब तक मौलाना अबुल क़ासिम एक्टिंग वीसी के तौर पर कार्य करेंगे।

मतलब साफ़ है कि मजलिस-ए-शूरा ने न तुम जीते न हम हारे की तर्ज़ पर न तो किसी को खुश होने का मौका दिया है और न ही दुखी होने का। तीन माह के बाद जांच कमेटी जो रिपोर्ट सौंपेगी वही मौलाना ग़ुलाम वस्तानवी का भविष्य तय करेगी।

ख़ालिद हसन (न्यूज़लाइन ब्यूरो)

जयललिता को ठगने के प्रयास में लगा जालसाज़ गिरफ़्तार


मदुरै : तमिलनाडु में ठगी के प्रयास का एक बडा मामला सामने आया है। पकडा गया युवक पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता को ठगने की फ़िराक़ में था। तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता को जज बनकर ठगने की कोशिश कर रहे एक कनिष्ठ अमीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह अमीन जयललिता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में जज बनकर मदद की पेशकश कर रहा था। गिरफ्तार किए गए इस फर्जी जज के पास से पुलिस ने 45 हजार रुपए नकद समेत फर्जी दस्तावेज और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

इस जालसाज के पास से मिली डायरी में हाई प्रोफाइल अधिकारियों के नंबर भी मिले हैं। जयललिता से मामले में मदद के बदले पैसा वसूलने के लिए इस अमीन ने अन्नाद्रमुक सांसद वी मैत्रेयन को जनवरी से चार बार फोन किया। वो खुद को जस्टिस एन दीनाकरन बता रहा था। जयललिता के पक्ष में आदेश देने के लिए इस फर्जी जज ने कई करोड़ रुपए की रिश्वत की मांग की थी। पुलिस ने अब उसे गिरफ्तार कर उसका बयान भी दर्ज कर लिया है।

इस फर्जी जज ने इससे पहले कई आईपीएस अधिकारियों को भी तबादला कराने के नाम पर ठगने का प्रयास किया था। 2008 में तो उसे धोखाधड़ी के आरोप में निलंबित भी किया गया था लेकिन बाद में उसे बहाल कर दिया गया था। मंगलवार को एक अन्य युवक की शिकायत पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। इस युवक को भी इस फर्जी जज ने नौकरी दिलवाने का झांसा दिया था।

बेंगलुरु: क्रिकेट प्रशंसकों पर पुलिस का लाठीचार्ज


बेंगलुरु : भारतीय क्रिकेट प्रेमियों पर वर्ल्ड कप का इतना बुख़ार चढ़ा हुआ है कि पुलिस के लाठी-डंडे भी इनके जोश में कोई कमी नहीं ला सकते। बेंगलुरु में भारत-इंग्लैंड के बीच 27 फरवरी को खेले जाने वाले क्रिकेट मैच के टिकट ख़रीदने गए लोगों को पुलिस की लाठियों से पिटना पडा। मैच के टिकटों को ब्लैक में बेचे जाने से नाराज लोगों ने आज स्टेडियम के बाहर जमकर हंगामा किया।

कुछ लोगों ने कर्नाटक क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों को ब्लैक में टिकट बेचते पकड़ लिया और जमकर बवाल काटा। दूसरी ओर हंगामा कर रहे लोगों को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठियां बरसानी पड़ी।

हंगामा कर रहे लोगों ने बताया कि वो मैच देखने के लिए टिकट खरीदने आए हैं। बीती रात से टिकट खरीदने के लिए लम्बी कतारों में खड़े थे, लेकिन बोर्ड के अधिकारी टिकट की कालाबाजारी कर रहे थे। जिसके बाद लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक सुबह होते ही लोग की तादाद और बढ़ गई। हंगामा करते लोगों को काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी।

गौरतलब है कि चिन्नास्वामी स्टेडियम में 27 फरवरी को भारत-इंग्लैंड का मैच खेला जाना है। इस स्टेडियम में करीब 60 हजार दर्शकों की बैठक की क्षमता है। पहले ये मैच कोलकाता में होना था, लेकिन स्टेडियम तैयार नहीं होने की वजह से बेंगलुरु स्थानांतरित करना पड़ा।

यूनान में महंगाई के खिलाफ अनोखी मुहिम


एथेंस : यूनान में बढ़ती महंगाई से जूझ रहे लोगों ने एक अनोखी 'क्रांति' का आग़ाज़ किया है। लोगों ने महंगाई के ख़िलाफ़, 'आइ वोंट पे' के नाम से एक आंदोलन चला रखा है, जो धीरे-धीरे उग्र होता जा रहा है। इस आंदोलन के तहत वहां के लोगों ने सरकारी परिवहन से यात्रा के लिए किराया देना बंद कर दिया है।

यही नहीं, प्रदर्शनकारियों ने हाईवे के टोल बूथ की नाकाबंदी कर दी है। सबवे की टिकट मशीनों को प्लास्टिक बैग से पहले ही ढंक दिया गया है, ताकि यात्री किराए का भुगतान न कर सकें। यही नहीं, डॉक्टर भी इस मुहिम में शामिल हो रहे हैं और मरीजों को सरकारी अस्पतालों में फीस देने से रोक रहे हैं। हालांकि कुछ लोग इस अभियान को असभ्य बता रहे हैं, तो कुछ की राय में ये भावनाओं की अभिव्यक्ति है।

आर्थिक संकट से जूझ रहे यूनान में इस अभियान को लेकर गर्म बहस छिड़ी है। जिसने सरकार पर बढ़ते टैक्स, पेंशन और मजदूरी में कटौती और सार्वजनिक सेवाओं में मूल्य वृद्धि पर लगाम लगाने का दबाव बनाया है। पिछले दिनों कई राजनीतिक घोटालों के सामने आने से भी प्रदर्शनकारियों में काफी गुस्सा व्याप्त है।

पिछले शुक्रवार सैकड़ों की संख्या में श्रमिक समर्थित कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एथेंस के मेट्रो स्टेशन पर टिकट मशीन को पॉलीथीन बैग से ढक दिया। सार्वजनिक यातायात का किराया बढ़ाया जाने का विरोध करने के लिए प्रदर्शनकारी यात्राओं को किराया देने से रोक रहे थे। अब स्थानीय लोग भी उनकी मुहिम में साथ दे रहे हैं।

हजारों की संख्या में सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करते समय लोग टिकट लेना जरूरी नहीं समझ रहे। एक कार्यकर्ता ने कहा कि लोगों ने पहले ही कर के माध्यम से भुगतान कर दिया है। इसलिए उन्हें मुफ्त में यात्रा करनी चाहिए।

ब्यूटी पार्लर की आड में चल रहे देह व्यापार का पर्दाफ़ाश


भोपाल : मध्‍य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस ने स्टिंग आप्रेशन के ज़रिए एक जिस्म फ़रोशी के अड्डे का भंडाफोड किया। राजधानी कि टीटी नगर इलाके में एक ब्यूटी पार्लर में मसाज के नाम पर देह व्यापार कराने का मामला सामने आया है। पार्लर संचालिका पर आरोप है कि उसने एक युवती को पुरुषों की मसाज करने के लिए जबरन मजबूर किया। इस मामले में पुलिस ने पार्लर पर छापा मारकर संचालिका को पीटा एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। छापे के दौरान मौके का फायदा उठाकर पांच ग्राहक वहां से भागने में कामयाब रहे।

करीब एक महीने पहले खुले इस पार्लर के बारे में टीटी नगर पुलिस को खबर मिली थी कि मसाज की आड़ में यहां देह व्यापार चलाया जा रहा है। जिसका संचालन, पिपलानी निवासी एक युवती करती है। पुलिस ने महिला पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए ब्यूटी पार्लर पर दो पुरुष सिपाहियों और एक महिला सिपाही को ग्राहक बनाकर भेजा। सौदा तय होते ही संचालिका ने उन्हें बगल के एक कमरे में एक युवती के साथ भेजा। उसी दौरान पुलिस ने पार्लर पर छापा मार दिया।

पुलिस के मुताबिक पार्लर में पांच युवक भी थे,जो मौके का फायदा उठाकर भाग गए। वही संचालिका को गिरफ्तार कर एक युवती को बरामद किया गया है। इस युवती का आरोप है कि पार्लर संचालिका ने पंद्रह दिन पहले उसे काम पर रखा था,लेकिन पहले ही दिन उसने जबरन पुरुषों की मसाज करने के लिए मजबूर कर दिया। इनकार करने पर उसने जान से मारने की धमकी भी दी थी।

पुलिस का कहना है कि इससे पहले भी एमपी नगर पुलिस पार्लर संचालिका को देह व्यापार के आरोप में गिरफ्तार कर चुकी है।

पश्चिम बंगाल: 82 कैदियों ने दी बोर्ड की परीक्षा


कोलकाता : अगर इंसान में कुछ करने की चाह, ख़ासतौर पर पढ़ने की चाह हो तो उसके लिये कोई चीज़ बाधा नहीं बनतीं। पढ़ाई के लिये कोई उमर की सीमा नहीं होती। ना ही कोई बंदिश इसमें आडे आती। इन कहावतों को बंगाल में कुछ क़ैदियों ने सिद्ध कर दिखाया है। पश्चिम बंगाल के विभिन्न सुधार गृहों में बंद पांच नक्सलियों सहित 82 कैदी बुधवार से शुरू हुई राज्य की माध्यमिक बोर्ड की परीक्षा में शामिल हुए।

अतिरिक्त महानिदेशक व पुलिस महानिरीक्षक (सुधारक सेवाएं) बी.डी शर्मा ने बताया, "82 कैदी पश्चिम बंगाल की माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में शामिल हुए। राज्य के सुधार गृह सेवा विभाग के इतिहास में यह एक रिकॉर्ड है। पिछले साल केवल आठ कैदियों ने माध्यमिक बोर्ड की परीक्षाओं में हिस्सा लिया था।"

बोर्ड की लिखित परीक्षाएं सात मार्च तक चलेंगी, जिनमें करीब 10.04 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें से 50 प्रतिशत महिला परीक्षार्थी होंगी। परीक्षा में हिस्सा लेने वाले कैदियों में पांच नक्सली भी शामिल हैं।

बी.डी शर्मा ने जानकारी दी, "छह साल पहले गिरफ्तार किए गए नक्सली नेता संतोष देबनाथ (55) प्रेसीडेंसी सुधार गृह से परीक्षा में शामिल हुए। नक्सली समर्थक जनजातीय समूह पीसीएपीए (पुलिस संत्रास विरोधी जन साधारण समिति) के कोषाध्यक्ष सुखशांति बास्के और उनके तीन साथी प्रसंतो महतो, धृतिरंजन महतो और बिकाश महतो मिदनापुर सुधार गृह में बंद हैं, वे भी इस परीक्षा में शामिल हुए।"

उन्होंने बताया, "82 कैदियों में 11 महिलाएं हैं। ज्यादातर कैदी उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। कैदी पढ़ाई करना चाहते थे और सुधार गृह के अधिकारियों ने उन्हें किताबें उपलब्ध करा दीं।"

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York