Showing posts with label 08-03-2011. Show all posts
Showing posts with label 08-03-2011. Show all posts

Tuesday, March 8, 2011

बेटियों को ज़्यादा महत्व दिया जाना चाहिए: रणबीर कपूर


बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर का मानना है कि बटियों को बेटों से ज़्यादा महत्व दिया जाना चाहिये। रणबीर ने कहा, "हमारे समाज में सालों से बेटों को बेटियों से ज्यादा प्यार दिया जाता रहा है, अब मैं चाहता हूं कि सभी माता-पिता अपनी बेटियों को बेटों से ज्यादा महत्व दें।"

रणबीर ने बताया कि उनकी बहन रिद्धिमा को बेटी होने की वजह से हमेशा उनसे ज्यादा महत्व दिया गया। रणबीर उम्मीद करते हैं कि देश के अन्य घरों में भी बेटियां इतनी भाग्यशाली हों और उन्हें परिवार में ऐसा ही महत्व मिले। वह फिल्मी दुनिया में महिला सशक्तिकरण का स्वागत करते हैं।

रणबीर कहते हैं, "मुझे और मेरी बहन रिद्धिमा को दिए गए मूल्यों के लिए मैं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अपनी मां को सलाम करता हूं। उन्होंने हमें सिखाया है कि पुरुष व महिलाएं बराबर हैं। मेरे मामले में मुझे ऐसा लगता है कि रिद्धिमा के बेटी होने की वजह से उसे मुझसे ज्यादा महत्व मिला है। मैं चाहता हूं कि भारत में हर बेटी के साथ ऐसा हो।"

रणबीर ने चार साल पहले अपना फिल्मी करियर शुरू किया था। उन्होंने 'सांवरिया', 'बचना ए हसीनों', 'वेक अप सिड' और 'राजनीति' में अभिनय किया है। रणबीर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को इसलिए महत्वपूर्ण मानते हैं कि यह महिलाओं को उनका हक पाने के लिए किए गए संघर्ष की याद में मनाया जाता है।

उन्होंने कहा, "मैं इस बात से सहमत हूं कि हर दिन ही महिला दिवस के रूप में मनाया जाना चाहिए लेकिन इसके लिए एक प्रतीकात्मक दिन होना ज्यादा महत्वपूर्ण है क्योंकि यह एक ऐसे मुद्दे की ओर ध्यान खींचता है जिस पर ध्यान दिए जाने की जरूरत है। फिल्मोद्योग में भी चीजें बदल रही हैं।"

उन्होंने कहा, "आज अभिनेत्रियां जैसा जीवन जीना चाहें वैसा जीवन जीने के लिए स्वतंत्र हैं। शादी और बच्चों से काजोल या माधुरी दीक्षित जैसी अभिनेत्रियों की फिल्मकारों के बीच मांग कम नहीं हुई है। यह स्वागत योग्य बदलाव है और मैं महिला सशक्तिकरण का समर्थन करता हूं क्योंकि मेरा विश्वास है कि यह हमारे समाज के लिए अच्छा है।"

टेलर ने बनाया जन्मदिन का जश्न, पाक के ख़िलाफ़ नाबाद शतक


विश्व कप 2011 के ’ग्रुप ए’ के मैच में न्यूज़ीलैंड़ ने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ टास जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 302 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया है। रास टेलर के ताबड़तोड़ नाबाद 130 रनों की बदौलत न्यूज़ीलैंड़ 300 रनों का आंकड़ा पार करने में सफ़ल रही। आज, न्यूज़ीलैंड़ के बल्लेबाज़ रास टेलर का जन्मदिन है। उन्होंने ये आक्रामक पारी खेलकर अपने जन्मदिन का शानदार जश्न मनाया। रास टेलर ने अपनी पारी में 8 चौकि और 7 ताबड़तोड़ छक्के लगाए। टेलर की बदौलत ही आख़िरी ओवरों में न्यूज़ीलैंड की टीम तेज़ी से रन बना सकी। पाकिस्तानी गेंदबाज़ों के पास टेलर की बल्लेबाज़ी का कोई जवाब नहीं बन पाया।

हालांकि न्यूज़ीलैंड़ की शुरूआत अच्छी नहीं रही थी और पहले ही ओवर में उनको झटका लग गया था। मक्कुलम ने शानदार छक्का लगाकर अपना खाता खोला था। लेकिन अगली ही गेंद पर शोएब अख़तर ने उन्हें बेहतरीन बोल्ड़ मार कर पवेलियन की राह दिखा दी। फि गुप्टिल ने तेज़ी से रन बनाने चालू रखे लेकिन उन्हें तीसरे नंबर पर बल्लेबाज़ी करने आए जे हाव का साथ नहीं मिल पाया। हालांकि इन दोनों के बीच 47 रनों की साझेदारी हुई जिसमें हाव केवल 4 रन ही बना सके। हाव ने 29 गेंदें खेलकर 4 रन बनाए। उन्हें उमर गुल ने पगबाधा आउट किया।

फिर गुप्टिल और टेलर के बीच तीसरे विकेट के लिये 57 रनों की साझेदारी हुई। गुप्टिल को पाकिस्तानी कप्तान आफ़रीदी ने बोल्ड मार दिया। गुप्टिल ने 86 गेंदों पर 6 चौके लगाकर 57 रन बनाए। फिर गुप्टिल के बाद क्रीज़ पर आए फ़्रैंक्लिन केवल 1 रन बनाकर हफ़ीज़ की गेंद पर पगबाधा आउट हो गये। लेकिन टेलर ने एक छोर पर डटे रहकर अपनी ज़िम्मेदारी को बख़ूबी निभाया। फिर बल्लेबाज़ी करने आए स्काट स्टाइरिस के साथ मिलकर टेलर ने पांचवे विकेट के लिये 62 रन जोड़े। स्टाइरिस 1 चौके की मदद से 28 रन बनाकर उमर गुल की गेंद पर पगबाधा आउट हुए।

फिर बल्लेबाज़ी करने आए एन मैक्कुलम आनन-फ़ानन में 10 गेंदों में 19 रन बनाकर उमर गुल की गेंद पर बोल्ड़ हो गए। उन्होंने 1 चौका और 2 छक्के लगाए। इनके बाद आए जेकब ओरम ने भी तेज़ी से रन बनाने चालू रखे। लेकिन ये रहमान की गेंद पर उमर गुल को कैच थमा बैठे। ओरम ने 1 चौका और 3 छक्के जड़ कर 9 गेंदों में 25 रन बनाए। बीच के ओवरों में ऐसा लग रहा था कि न्यूज़ीलैंड़ की टीम निर्धारित 50 ओवरों में 240-250 का स्कोर ही बना पाएगी। लेकिन आख़िरी ओवरों में खेली गईं इन आतिशी पारियों ने पाकिस्तान के लिये मुश्किलें खड़ी कर दीं।

पाकिस्तान की ओर से उमर गुल सबसे क़ामयाब गेंदबाज़ रहे जिन्होंने अपने 10 ओवरों में 32 रन देकर 3 खिलाड़ियों को आउट किया। इनके अलावा मौहम्मद हफ़ीज़ ने भी अपने 7 ओवरों में 26 रन देकर 1 विकेट लिया। जबकि स्ट्राइक गेंदबाज़ महंगे साबित हुए। शोएब अख़तर ने 9 ओवरों में 70 रन देकर 1 विकेट लिया और अब्दुल रहमान को 10 ओवरों में 60 रन देकर 1 विकेट मिला। पिछले तीनों मैचों में अपनी गेंदबाज़ी का कमाल दिखाने वाले पाकिस्तानी कप्तान शाहिद आफ़रीदी ने 10 ओवरों में 55 रन देकर 1 विकेट लिया।

हसन अली मामले में कल होगी सुनवाई


मुंबई : काला धन मामले में कार्रवाई की पहली कड़ी साबित हुए हसन अली के ख़िलाफ़ चलने वाले मामले की सुनवाई कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है। काला धन और टैक्स चोरी के आरोप में गिरफ्तार हसन अली खान को मंगलवार को मुंबई की एक अदालत में पेश किया गया। अदालत ने हसन अली को एक दिन के लिए प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में भेज दिया है।

धन शोधन और कर चोरी के आरोपी हसन अली खान को गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को नियमित चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि 53 वर्षीय खान को सुबह लगभग सात बजे नियमित जाच के लिए जेजे अस्पताल ले जाया गया। खान को बुधवार को दिन में अदालत में पेश किया जाएगा।

प्रवर्तन निदेशालय के कई अधिकारियों ने सोमवार को मुंबई से पुणे जाकर काले धन से जुड़े मामले में खान के परिसरों पर छापे मारे थे। खान को इसके बाद मुंबई लाया गया। निदेशालय के अधिकारियों ने सोमवार देर रात तक उससे पूछताछ की। खान को आधी रात के बाद से नजरबंदी में रखा गया है। पुणे के इस व्यापारी को धन शोधन निरोधक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोपी बनाया गया है।

जेजे अस्पताल में खान की ईसीजी और खून की जांच समेत कई परीक्षण किए गए। अस्पताल के डीन डा. सीटी लहाने के मुताबिक़, खान के चिकित्सा परीक्षणों में उसका स्वास्थ्य सामान्य होना बताया गया है। चिकित्सकों ने परीक्षणों के बाद जाचकर्ताओं को खान को वापस ले जाने की सलाह दी।

अस्पताल के डीन लहाने ने बताया कि मरीज के हृदय और गुर्दे संबंधित परीक्षण किए गए। पेट में दर्द की शिकायत के बाद उसके सर्जिकल परीक्षण भी किए गए, जिसके बाद पता चला कि उसका स्वास्थ्य सामान्य है। लहाने ने बताया कि खान के परीक्षण लगभग चार घटे चले। इसके बाद पता चला कि उसका रक्तचाप और ईसीजी सामान्य है।

सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद जागी सरकार को तेज़ी से इस काला धन मामले में कार्रवाई के लिये तेज़ी से क़दम उठाने होंगे। क्योंकि अभी भी ना जाने कितने ’हसन अली’ सरकार की पकड़ से बाहर हैं, जिन्होंने अपना काला धन विदेशी बैंकों में जमा कर भारत को दुनिया के क़र्ज़दारों की सूची में ५वें पायदान पर ला खड़ा किया है।

दिल्ली : सरे आम गोली मारकर कॉलेज छात्रा की हत्या


नई दिल्ली : जहां एक ओर पूरे विश्व में आज महिला दिवस मनाया जा रहा है। महिलाओं की उपलब्धियों को याद किया जा रहा है और महिलाओं के गुणों के कसीदे पढ़े जा रहे हैं। लेकिन आज ही के दिन, देश की राजधानी दिल्ली में हुई एक वारदात ने महिला दिवस को कलंकित कर दिया। आज, एक कालेज छात्रा को जुल्म का शिकार होना पड़ा।

मंगलवार सुबह दिल्ली विश्वविद्यालय की द्वितीय वर्ष की एक छात्रा को उसके कॉलेज के सामने ही सरेआम गोली मार दी गई। जिस कारण उस छात्रा की मौत हो गई। इस ख़ौफ़नाक़ घटना को अंजाम देकर हत्यारा भागने में सफ़ल रहा और अब तक, हत्यारा पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक़, शांति निकेतन में रामलाल आनंद कॉलेज के बाहर एक अज्ञात व्यक्ति ने सुबह करीब 9.30 बजे, ’राधिका’ नामक एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। राधिका पश्चिमी दिल्ली के नरेना इलाके की निवासी थी। उसे घायल अवस्था में सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने बताया, लड़की की गर्दन को निशाना बनाते हुए गोली चलाई गई और हत्यारा वहां से फरार हो गया। हत्या के पीछे की वजह अब तक अज्ञात है। हम जांच कर रहे हैं। राधिका के पिता राजेंद्र सिंह ने बताया, ’मुझे एक फोन आया जिस पर सूचना दी गई कि मेरी बेटी को गोली लगी है और उसे सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।’

हालांकि, पुलिस अभी स्पष्ट रूप से कुछ भी कहने से बच रही है। जबकि कालेज के छात्रों के मुताबिक ये एक तरफा प्रेम का मामला है।

जाट आंदोलन ने ठप कीं रेल सेवाएं


लखनऊ/फरीदाबाद : आरक्षण को लेकर जाट समुदाय के लोगों द्वारा जारी किया गया आंदोलन अब लोगों के लिये बाधा बनता जा रहा है। उत्‍तर प्रदेश में लखनऊ-दिल्‍ली रेलवे रूट पर यातायात बाधित करने के बाद अब आरक्षण की ज़िद पर अड़े जाट समुदाय के लोगों ने लखनऊ-मुरादाबाद लाइन पर रेल यातायात रोक दिया है। उत्‍तर प्रदेश के बाद अब इस आंदोलन की आग हरियाणा में भी प्रवेश कर गई है। आंदोलनकारियों ने यहां पर हिसार-भिवानी के बीच रेल रूट को जाम कर दिया। इस कारण दोनों राज्‍यों में पचास से ज्‍यादा ट्रेनों के रूट बदल दिए गए हैं। लाखों लोग इससे प्रभावित हुए हैं।

काफूरपुर स्टेशन पर क़ब्ज़ा जमाए बैठे जाटों ने कब्जा जारी रखते हुए रेल रूट ठप कर दिया। इस वजह से लखनऊ-दिल्ली के बीच की ट्रेनों के रूट बदलने पड़े। आंदोलन के चलते दोनों राज्‍यों में अधिकतर ट्रेनें आठ से दस घंटे देरी से चल रही हैं।

नॉर्दर्न रेलवे से प्राप्‍त जानकारी के मुताबिक लखनऊ मेल, अमृतसर-कोलकाता एक्सप्रेस, सप्तक्रांति एक्सप्रेस, फैजाबाद-दिल्ली एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, दुरंतो एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस, पद्मावत एक्सप्रेस और सद्भावना, सरयू-जमुना एक्सप्रेस और अवध असम एक्सप्रेस समेत 30 एक्‍सप्रेस ट्रेनों के रूट बदले गए हैं, जबकि 25 से ज्‍यादा पैसेंजर व लोकल ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।

उधर हरियाणा में जाट आरक्षण आंदोलन समिति ने सोमवार को रामायण स्‍टेशन के पास रेलवे लाइन पर ही अपनी बैठक की। संगवान अध्‍यक्ष हवा सिंह की अध्‍यक्षता में हुई इस बैठक में समिति ने सरकार को 24 घंटे की मोहलत देते हुए कहा कि यदि इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो वे उग्र प्रदर्शन करेंगे। उन्‍होंने कहा है कि अब वे हिसार-लुधियाना के बीच रेलवे ट्रैक पर जाम लगायेंगे। सोमवार को हरियाणा में हिसार से रेवारी, भिवानी, जयपुर और दिल्‍ली के लिए जाने वाली ट्रेनों के रूट बदलने पड़े। आगे-आगे स्थिति और खराब हो सकती है।

महिला दिवस: राजनीति में भारतीय महिलाओं की हिस्सेदारी अब भी बहुत कम


नई दिल्‍ली : आज, पूरी दुनिया के जैसे हमारे देश में भी अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस ज़ोर शोर से मनाया जा रहा है। वैसे तो हमारे देश में महिलाओं के सशक्तिकरण के ख़ूब दावे किये जाते हैं लेकिन यहां महिलाओं पर जमकर ज़ुल्म भी ढ़ाया जाता है। महिलाओं की आवाज़ को दबाने की कोशिशे भी ख़ूब की जाती हैं। इसके अलावा, राजनीति में महिलाओं की भागीदारी के मामले में तो भारत अपने पड़ोसी पाकिस्‍तान और नेपाल सहित कई देशों से कहीं पीछे है।

दुनियाभर में लोकतंत्र, शां‍ति और सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में काम करने वाले अंतरराष्‍ट्रीय संगठन आईपीयू (इंटर पार्लियामेंट्री यूनियन) के ताज़ा अध्ययन में ये सनसनीख़ेज़ रिपोर्ट सामने आई है। इस रिपोर्ट के मुताबिक भारत ’महिलाओं की राजनीति में हिस्‍सेदारी’ के मामले में 98 वें पायदान पर हैं। यहां लोकसभा में महिलाओं का प्रतिनिधित्‍व महज 10.8 फीसदी और राज्‍यसभा में 10.3 फीसदी है।

दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र होने का दंभ भरने वाले भारत में संसद के निचले सदन लोकसभा में 545 सदस्‍य हैं जिसमें सिर्फ 59 महिलाएं हैं जबकि 242 सदस्‍यों वाली राज्‍यसभा में केवल 25 महिला सांसद है।

महिलाओं की राजनीति में हिस्‍सेदारी के मामले में भारत बेनिन और जॉर्डन के साथ खड़ा है। यह पाकिस्‍तान से 47 पायदान नीचे और नेपाल से 80 पायदान नीचे है। आईपीयू की रिपोर्ट के मुतबिक पाकिस्‍तान की संसद के निचले सदन में 22.2 फीसदी महिलाएं सांसद हैं जबकि ऊपरी सदन में यह हिस्‍सेदारी 17 फीसदी है। पाकिस्‍तान महिलाओं की राजनीति में भागीदारी के मामले में 51 वें स्‍थान पर है जबकि नेपाल 18 वें पायदान पर है। यहां संसद में महिलाओं की हिस्‍सेदारी 33.3 फीसदी है।

चीन और बांग्‍लादेश में भी भारत की तुलना में महिलाओं की राजनीति में अधिक भागीदारी है। चीन इस सूची में 55वें पायदान पर खड़ा है जहां 21.3 फीसदी महिलाओं को राजनीति में प्रतिनिधित्‍व मिला है। 65वें पायदान पर खड़े बांग्‍लादेश में राजनीति में महिलाओं की हिस्‍सेदारी 18.6 प्रतिशत है।

दिल्ली के मेट्रो स्टेशनों पर खुलेंगे चिकित्सा केन्द्र


नई दिल्ली : मेट्रो में सफ़र करने वाले दिल्ली वासियों के लिये एक ख़ुशख़बरी है। दिल्ली वासियों के सफ़र को आसान बना देने वाली मेट्रो अब एक और सुविधा से लैस होने जा रही है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) मेट्रो के विभिन्न स्टेशनों पर चिकित्सा केन्द्र खोलने पर विचार कर रहा है। शहरी विकास राज्य मंत्री सौगत राय ने मंगलवार को लोकसभा में एक लिखित सवाल के जवाब में बताया कि दिल्ली मेट्रो ने इस संबंध में निजी क्षेत्र के तथा सरकारी क्षेत्र के एक-एक अस्पताल से संपर्क किया है।

उन्होंने एक अन्य जानकारी देते हुए बताया कि डीएमआरसी ने उत्तर प्रदेश सरकार के अनुरोध पर नौएडा एवं ग्रेटर नौएडा के बीच मेट्रो रेल चलाने की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर ली है। उन्होंने बताया कि हालांकि केन्द्र सरकार को दिल्ली मेट्रो को नोएडा तथा ग्रेटर नौएडा के बीच विस्तारित करने के संबंध में कोई प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार को दिल्ली मेट्रो को कुंडली, सोनीपत तक विस्तारित करने का भी कोई प्रस्ताव नहीं मिला है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली मेट्रो के आनंद विहार से वैशाली, गाजियाबाद तक विस्तारित करने पर 320 करोड़ रुपए की जबकि मुंडका से बहादुरगढ तक विस्तारित करने पर 1432 करोड़ रुपए की लागत आने का अनुमान है।

अब नागपुर में हुआ क्रिकेट प्रेमियों पर लाठीचार्ज


नागपुर : जहां एक ओर क्रिकेट का ख़ुमार भारतीय दर्शकों के सिर चढ़ कर बोल रहा है तो वहीं इसका लुत्फ़ उठाने के लिये इन क्रिकेट प्रेमियों को पुलिस के ड़ंड़े भी खाने पड़ रहे हैं। बेंगलुरु में टिकटों के लिए कतारों में खड़े क्रिकेट फैन्स पर लाठियां चले अभी कुछ ही दिन बीते थे कि ऐसी ही एक घटना नागपुर में हुई है, जहां टिकटों के लिए पहुंचे क्रिकेट फैन्स को पुलिस की लाठियां खाणी पड़ीं।

नागपुर में 12 मार्च को भारत व दक्षिण अफ्रीका के बीच मैच होना है। टिकट काउंटर पर सुबह से ही हजारों की भीड़ जुटी थी। 9 बजे जब टिकट काउंटर खुला तो टिकट के लिए लोगों ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। कुछ लोग तो कल रात से ही कतार में खड़े होकर टिकट काउंटर खुलने का इंतजार कर रहे थे।

प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार पुलिस को इस भीड़ को काबू करने के लिए कई बार लाठीचार्ज करना पड़ा। नागपुर स्टेडियम में कुल 45,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता है, लेकिन आम दर्शकों के लिए केवल 26,000 सीटें ही उपलब्ध हैं। इस मैच की टिकटें 300, 600 और एक हजार रुपए रखी गई है।

इससे पहले भारत और इंग्लैंड के बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 27 फरवरी को हुए मैच की टिकटें खरीदने आए खेलप्रेमियों को काबू करने के लिए भी पुलिस को लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा था।

बिहार: सड़क हादसे ने ली 8 लोगों की जान, 12 घायल


किशनगंज : जिले के कोचाधामन थानान्तर्गत टिकिहा पुल के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की जान चली गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक़, अजीम बैंड पार्टी के 23 सदस्य विवाह समारोह में भाग लेकर किशनगंज लौट रहे थे। रास्ते में कोचाधामन थाना क्षेत्र के टिकिहा पुल के समीप चालक के नियंत्रण खो देने से उनकी गाडी ’मैक्सी’ दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस सड़क हादसे में बैंड पार्टी के आठ सदस्यों की मौत हो गई तथा दर्जन भर लोग घायल हो गए।

हादसा इतना ख़तरनाक हुआ कि बैंड पार्टी के आठ सदस्यों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि घटना में करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं जिनका इलाज किशनगंज सदर अस्पताल में चल रहा है। सूत्रों ने बताया कि दुर्घटना में मरने वाले सभी आठ लोग किशनगंज के कसेरापट्टी मुहल्ले के रहने वाले थे। इस हादसे में वाहन चालक तथा बैंड पार्टी के मालिक मो. आजिम के पुत्र की भी मौत हो गई।

पाकिस्तान: ISI दफ़्तर के पास हुए विस्फोट में 13 की मौत


फ़ैसलाबाद : पाकिस्तान, इन दिनों आतंकियों के हाथ का खिलौना बना हुआ है। ये आतंकी जब चाहे जहां चाहे बम विस्फोट कर देते हैं। अभी हाल ही में अल्पसंख्यक मंत्री को भी आतंकियों ने गोलियों से भून कर मौत के घाट उतार दिया था।इन आतंकियों के लिये वीआईपी सुरक्षा चक्र भी कोई मायने नहीं रखता। आज हुई ताज़ा घटना में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के दफ्तर के बाहर सुबह के समय हुए एक कार बम विस्फोट हुआ। इसमें कम से कम 13 लोग मारे गए जबकि लगभग 50 अन्य घायल हो गए।

विस्फोट में नगर के सिविल लाइंस इलाके में स्थित आईएसआई के ऑफिस के पास स्थित एक सीएनजी स्टेशन, कम से कम तीन भवन और दजर्नों कारें भी उड़ गयीं। फैसलाबाद के कमिश्नर ताहीर हुसैन ने मीडिया को बताया कि विस्फोट स्थल से 13 शव मिले हैं। उन्होंने कहा कि बचावदल के लोगों और मशीनों को काम पर लगा दिया गया है ताकि घायलों को तुरंत निकाला जा सके।

अन्य अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं एवं बच्चों सहित 50 घायलों को पास में स्थित दो अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में करीब एक दर्जन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय समय के अनुसार सुबह 11.30 बजे हुए इस विस्फोट में ढ़ही तीन इमारतों में अभी और लोगों के फंसे होने की आशंका है।

प्रांतीय पुलिस प्रमुख आफताब चीमा ने बताया कि विस्फोटकों से लदी कार को सीएनजी स्टेशन के पास पार्क किया गया था क्योंकि हमलावर खुफिया एजेंसी के कार्यालय के और निकट नहीं जा सकते थे। जिला प्रशासन प्रमुख नसीम सदिक ने भी कार बम से विस्फोट होने की पुष्टि की।

टीवी पर दिखायी जा रही तस्वीरों में सीएनजी स्टेशन के पास कई कारों को जलते हुए दिखाया जा रहा है। कई अन्य कारें सीएनजी स्टेशन और धमाके से गिरी इमारतों के मलबे के नीचे दब चुकी हैं।

बचावदल के कार्यकर्ताओं ने खून से सने हुए कपड़ों में कई घायलों को एंबुलेंस तक पहुंचाने में मदद की। रिपोर्टों के अनुसार फैसलाबाद के सिविल लाइंस इलाके में स्थित आईएसआई ऑफिस की सुरक्षा बहुत कड़ी थी। ऑफिस तक पहुंचने वाली सड़क पर रोड बेरियर लगे हुए थे।

ये आतंकीं पूर्ण रूप से पाकिस्तान सरकार पर हावी हैं। यहां धड़ल्ले से आतंकी घटना को अंजाम दे दिया जाता है। इनके ख़िलाफ़ कार्रवाई के लिये पाकिस्तान सरकार के पास पर्याप्त रणनीति भी मौजूद नहीं है।

विवाह के दिन ही ’मां’ बन गई दुल्हन


रांची : यहां एक ऐसी घटना घटी जिसके कारण सब लोगों ने दांतों तले उंगली दबालीं। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद हर व्यक्ति आश्चर्यचकित रह गया। झारखण्ड के चतरा जिला मुख्यालय से लगभग 18 किलोमीटर दूर सिमरिया प्रखंड के बेलगडा मुर्गी टोला गांव में कल एक शादी के दौरान कुछ ऐसा हुआ जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। भगवान ना करे कि कभी संसार में कभी किसी के साथ ऐसी घटना घटे।

शादी के मंडप पर दूल्हा और दुल्हन बैठे हुए थे। शादी की रस्म अदायगी चल ही रही थी कि तभी दुल्हन के पेट में दर्द उठ गया। उसकी तबियत बिगड़ने लगी। आसपास सजी धजी औरतों ने दुल्हन को घेर लिया। लेकिन दर्द की वजह पता चलने के बाद वहां मौजूद सभी लोगों के होश उड़ गए। गर्भवती होने के कारण, दुल्हन के पेट में दर्द हुआ था।

’दुल्हन तो गर्भवती है’। यह बात जंगल में लगी आग की तरह पूरे इलाक़े में फ़ैल गयी। इधर ये बात पता चलने के बाद, दूल्हा पक्ष आगबबूला हो उठा। लड़के ने शादी करने से इनकार कर दिया। एक पल में विवाह के रंग में भंग पड़ गया।

हालांकि, दुल्हन को फ़ौरन नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां उसने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। बाद में लड़के को काफी मनाने की कोशिश भी की गयी कि लड़की को वह अपना ले। लेकिन लड़के ने कहा कि मेरे साथ धोखा हुआ है और भला मैं किसी दूसरे का बच्चा कैसे अपना लूं। इसके बाद लड़का पक्ष वहां से चला गया। इस घटना ने लड़की पक्ष की इज़्ज़त पर कभी ना मिटने वाला बदनुमा दाग़ लगा दिया है। यह शादी इलाके में चर्चा का विषय बन चुकी है। सबकी जुबान पर फिलहाल इसी शादी के चर्चे हैं।

विश्वकप जीतकर ‘चोकर्स’ का दाग़ धोना चाहते हैं स्मिथ


नागपुर : इंग्लैंड से मिली क़रारी शिकस्त के बाद आलोचनाओं का शिकार हो रही दक्षिण अफ़्रीक़ी टीम के कप्तान ग्रीम स्मिथ ने ’ट्विटर’ के माध्यम से अपनी भड़ास निकाली है। आलोचकों को आड़े हाथों लेते हुए स्मिथ ने कहा है कि उनकी टीम विश्वकप जीतकर 'चोकर्स' का दाग धो देगी।

स्मिथ ने 'ट्विटर' पर लिखा, मुझे अपनी टीम पर पूरा भरोसा है। हमारे पास हार के गम को भुलाकर टूर्नामेंट में आगे अच्छा प्रदर्शन करने का मौका है। हम सही वक्त पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। मैं टीम के वफादार समर्थकों को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने हर परिस्थिति में टीम का साथ दिया है। खिताब के प्रबल दावेदार माने जा रहे दक्षिण अफ्रीका को इंग्लैंड के खिलाफ करीबी मुकाबले में छह रन से शिकस्त का सामना करना पड़ा था। इसी के साथ टीम पर एक बार फिर चोकर्स का ठप्पा चस्पा होने लगा है।


लेकिन स्मिथ ने आलोचकों को आड़े हाथों लेते हुए कहा, मैं इस बात को नहीं मानता हूं कि हमारी टीम चोकर्स है। मैं आलोचकों के इस एजेंडे से सहमत नहीं हूं। इस टीम में जान है। दक्षिण अफ्रीका को इंग्लैंड के खिलाफ जीत के लिए महज 172 रन का लक्ष्य मिला था और टीम एक वक्त बिना कोई विकेट खोए 63 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी। लेकिन इसके बाद वह ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीकी शेरों के जबड़े से जीत छीन ली।

दक्षिण अफ्रीकी टीम के दबाव में बिखरने के सवाल पर स्मिथ ने कहा, हमें इसका पूर्वानुमान नहीं था। पिछले कुछ सालों में हमने दबाव से उबरना सीख लिया है। मैं नहीं समझता हूं कि दबाव में बिखर जाना हमारी कमजोरी है।

आरुषि केस:नूपुर की याचिका पर सुनवाई आज


इलाहाबाद: आज हाईकोर्ट में आरुषि हत्याकांड मामले में नूपुर तलवार की याचिका पर सुनवाई होगी। इस मामले में नूपुर ने गाजियाबाद स्पेशल कोर्ट के फैसले को चुनौती दी है।

दरअसल नोएडा के चर्चित आरुषि हेमराज हत्याकांड में गाजियाबाद कोर्ट के फैसले के खिलाफ दायर नूपुर तलवार की याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में आज छठी सुनवाई होगी। पिछली सुनवाई के दौरान सीबीआई ने दावा किया था कि नूपुर की पूरक याचिका के साथ दाखिल डीएनए रिपोर्ट गलत है और ट्रायल के दौरान इसकी पुष्टि एक्सपर्ट भी कर देंगे। सीबीआई ने कहा कि कृष्णा के तकिए से डीएनए के नमूने नहीं मिल पाए तो फिर उस पर किसका खून है ये कोई नहीं बता सकता।

सीबीआई ने कोर्ट में खुलासा भी किया था कि हत्या के बाद आरुषि की तरह ही हेमराज के निजी अंगों को भी साफ किया गया। सीबीआई के मुताबिक हत्या के बाद हेमराज के निजी अंगों को साफ करने के लिए एंटीसेप्टिक की मदद ली गई थी और इसकी साइंटिफिक रिपोर्ट भी है।

मिस्र मंत्रिमंडल: शामिल हुए 7 नए चेहरे


काहिरा: कल मिस्र के नये प्रधानमंत्री एसाम शराफ ने मंत्रिमंडल में फेरबदल करके कम से कम सात लोगों को आधिकारिक तौर पर मंत्रिमंडल में शामिल किया है।

नए मंत्रिमंडल में द हेग स्थित अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय में न्यायधीश रह चुके नबील अल-अरबी को विदेश मंत्री बनाया गया है, उन्होंने पूर्व विदेश मंत्री अहमद अबूल-गेहित का स्थान लिया है, जो इस पद पर वर्ष 2004 से ही काबिज थे। वहीं आंतरिक मंत्रालय की जिम्मेदारी जनरल मनसौर एसावी को को दी गयी है, इससे पहले राष्ट्रपति मुबारक ने विरोध प्रदर्शनों के दौरान महमूद वग्दी को आंतरिक मंत्री बनाया था। तेल मंत्रालय की भी जिम्मेदारी प्रधानमंत्री शराफ संभालेंगे जबकि मिस्र के जनरल पेट्रेलियम कार्पोरेशन का मुख्य कार्यकारी अधिकारी अब्दुल्लाह घोराब को नियुक्त किया गया है|

समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक नए मंत्रियों को विदेश मामले, तेल, न्याय, संस्कृति, नागरिक उड्डयन और धार्मिक मामलों के मंत्रालयों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ब्लैकबेरी को मिली 31 मार्च तक मोहलत



नई दिल्ली: सरकार ने रिसर्च इन मोशन की लोकप्रिय ब्लैकबेरी इंटरप्राइज सेवा सहित सभी अन्य सेवाओ तक सुरक्षा एजेंसियो को पहुंच उपलब्ध कराने की योजना सौंपने की समयसीमा 31 मार्च तय कर दी है।

गृह मंत्रालय ने दूरसंचार विभाग को निर्देश दिया है कि सभी आपरेटर बीईएस सहित अपनी सेवाओ की निगरानी की योजना इस माह के अंत तक सौंप दें। जबकि आठ आपरेटरो के जरिए ब्लैकबेरी सेवाएं उपलब्ध करा रही रिम लगातार कह रही है कि उसके पास बीईएस के लिए कोई चाभी नहीं है और दुनिया भर में इसका सुरक्षा ढाचा एक समान है।

भारतीय सुरक्षा एजेंसिया आतंकवाद तथा सुरक्षा खतरो से निपटने के लिए ब्लैकबेरी की सभी सेवाओ तक पहुंच उपलब्ध कराने की मांग कर रही हैं। पिछले महीने गृह सचिव गोपाल के पिल्लई ने कहा था कि दूरसंचार आपरेटरों को उन सेवाओ को बंद करना होगा, जिनकी निगरानी के तरीके से सुरक्षा एजेंसिया संतुष्ट नहीं हो जाती हैं।

हाल ही में भारत आए रिम के उपाध्यक्ष [उद्योग, सरकार और विश्वविद्यालय संपर्क] रॉबर्ट ई क्रो ने कहा था कि हमारी ओर से कोई साल्यूशन मुहैया कराए जाने की संभावना नहीं है। हमारे पास इसका कोई समाधान नहीं है, न ही कोई चाभी है। हमारे लिए यह करना संभव नहीं है, क्योंकि इसकी चाभी कारपोरेट इकाइयो के पास है।

गौरतलब है कि कंपनियो में इंटरप्राइज मेल सेवा के लिए ब्लैकबेरी काफी लोकप्रिय सेवा है और ब्लैकबेरी भारती, वोडाफोन, आइडिया, रिलायंस कम्युनिकेशस, टाटा और सार्वजनिक क्षेत्र की बीएसएनएल और एमटीएनएल सहित आठ कंपनियों को सेवाएं दे रही हैं। इतना ही नहीं भारत में ब्लैकबेरी के ग्राहकों की संख्या दस लाख से अधिक है और इसमें तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York