Showing posts with label 24-01-2011. Show all posts
Showing posts with label 24-01-2011. Show all posts

Monday, January 24, 2011

कलमाड़ी पर गिरी गाज, खेल मंत्री ने किया बर्खास्त

नई दिल्ली : आखिरकार राष्ट्रमंडल खेलों में हुई गड़बड़ी पर आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी को विदा होना पड़ा। कलमाड़ी के साथ-साथ आयोजन समिति के सचिव ललित भनोट को भी पद से हाथ धोना पड़ा है। देर से ही सही इसे केंद्र सरकार का एक बड़ा फैसला माना जा रहा है। केंद्रीय खेल मंत्री अजय माकन ने बताया कि कलमाड़ी, भनोट को इसलिये हटाया गया है ताकि जांच में कोई बाधा न पड़े।

माकन ने कहा है कि कलमाड़ी अपनी जिम्मेदारी करनैल सिंह को सौंपेंगे। कॉमनवेल्थ खेलों की आयोजन समिति पर बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और घपले-घोटाले के आरोप लगे थे। विभिन्न जांच एजेंसियां इस मामले में जांच कर रही हैं। सुरेश कलमाड़ी और उनके खास सहयोगी ललित भनोट पर कई गंभीर आरोप लगे हैं।

कुछ दिनों पहले ही भारत सरकार की कलमाड़ी के चलते उस समय फजीहत हो गई जब ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री केविन रड ने भारत के विदेश मंत्री एसएम कृष्णा के सामने कॉमनवेल्थ खेलों के उद्घाटन और समापन समारोह की तैयारियों में सेवाएं देने वाली ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों को भुगतान न किए जाने का मसला उठाया। यह पहला मौका नहीं था जब कलमाड़ी के चलते देश को शर्मसार होना पड़ा है। कॉमनवेल्थ खेलों की तैयारियों में देरी, खेल गांव की खराब हालत को लेकर पूरी दुनिया में भारत की बदनामी हुई। हालांकि, सुरेश कलमाड़ी ने अपने और आयोजन समिति के सदस्यों पर लगे आरोपों से हमेशा इनकार किया है। बहरहाल, देर आयद दुरुस्त आयद की तर्ज़ पर केंद्र सरकार के इस फ़ैसले पर अब जांच में तेज़ी आने की उम्मीद है।

रिम का नया मोबाइल फोन सॉफ्टवेयर तैयार



बाज़ार में अपनी जगह बरकरार रखने के लिए जबर्दस्त कोशिश कर रही कनाडा की कंपनी रिसर्च इन मोशन (रिम) एक के बाद एक नई चीजों को पेश कर रही है।

रिम एक ऐसा मोबाइल फोन सॉफ्टवेयर पेश करने जा रही है जिससे ब्लैकबेरी के फोन टू इन वन हो जाएंगे। इसके इस्तेमाल से दोनों साईड़ यानी कार्पोरेट और पर्सनल बिल्कुल अलग हो जाएंगे। क्योंकि इन दोनों का इस्तेमाल भी अलग-अलग होता है। ब्लैकबेरी बैलेंस कहा जाने वाले कंपनी के इस नये सॉफ्टवेयर के तहत कंपनियां कर्मचारी के डेटा तो निकाल सकेंगी लेकिन उसके व्यक्तिगत सूचना और आंकड़े नहीं। अभी कार्पोरेट के आईटी डिपार्टमेंट ब्लैकबेरी इंटरप्राइज सर्वर से बिज़नेस संबंधित डेटा का नियंत्रण रहता है लेकिन इस सॉफ्टवेयर के आ जाने के बाद वह इस पर तो नियंत्रण रख सकेगा लेकिन व्यकिगत मेसेजों और सोशल नेटवर्किंग तथा फोटो पर नहीं। ब्लैकबेरी बैलेंस का प्रेक्टीकल टेस्ट शुरू हो गया है और यह सफल भी रहा है।

टोरंटो में कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट जेफ मैक्डॉवल का कहना है कि हम एक ऐसा सॉफ्टवेयर तैयार करना चाहते थे जिससे कंपनियां ब्लैकबेरी फोन से अपने डेटा तो ले सके। लेकिन यूजर के व्यक्तिगत डेटा पर उसका कोई पकड़ नहीं रहे।

बीजेपी की चेतावनी, नहीं रुकेगी राष्ट्रीय तिरंगा यात्रा

नई दिल्ली: जैसे-जैसे 26 जनवरी नज़दीक आ रही है, वैसे ही, श्रीनगर के लाल चौक पर राष्‍ट्रीय झंडा फहराने का मामले में बीजेपी के तेवर बेहद कडे होते जा रहे है। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद अनुराग ठाकुर ने कडे शब्दों में कहा है कि ’लाल चौक पर ध्वजारोहण का विरोध करने वाली कांग्रेस को लाल किले की प्राचीर पर झंडा फहराने का कोई अधिकार नहीं है। उन्‍होंने कहा, 'अब चाहे जान चली जाए, कोलकाता से शुरू हुई राष्ट्रीय एकता यात्रा नहीं रुकेगी। यात्रा का विरोध करने वाले अलगाववादियों के सामने केंद्र सरकार ने भले ही घुटने टेक दिए हों, देश के युवा अपने फैसले पर अडिग हैं।'

बीजेपी की युवा शाखा, भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा प्रारंभ की गई राष्ट्रीय एकता यात्रा (तिरंगा यात्रा) जारी है और यात्रा का समापन 26 जनवरी को लाल चौक में झंडा फहराने के साथ किया जाना है। जम्मू-कश्मीर सरकार ने केंद्र सरकार की मदद लेकर, हर हाल में यात्रा को पहले ही रोकने के लिए कमर कस ली है। इसे देखते हुए भाजपा के आला नेता भी आगे आ गए हैं और आलाकमान द्वारा जम्‍मू पहुंचने की योजना पर विचार किया जा रहा है।

तिरंगा यात्रा आज, पंजाब के पठानकोट पहुंच रही है। पठानकोट बीजेपी के आलाकमान ने अब इस यात्रा का मोर्चा संभालने का निर्णय लिया है। सोमवार को बीजपी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली समेत पार्टी के कई नेताओं की दिल्ली से जम्मू पहुंचने की संभावना हैं। उधर, यात्रा के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर में कानून व्यवस्था की हालत को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्‍दुल्‍ला ने सोमवार को विपक्षी पार्टी पीडीपी की नेता महबूबा मुफ्ती के साथ केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम से मुलाकात की। इससे पहले अब्दुल्ला ने राज्‍य में अपने सहयोगियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर यात्रा को रोकने की नीति पर चर्चा की।

पड़ोसी राज्‍य से लगती राज्‍य की सभी सीमाएं सील कर दिया गया है, ताकि कोई भी प्रदर्शनकारी गुप्त रास्तों से राज्य में घुसपैठ ना कर सके। वैसे तो, भाजपा युवा मोर्चा की एकता यात्र 25 जनवरी तक रियासत में प्रवेश करेगी लेकिन काफी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के आज यहां पहुंचने की उम्मीद की जा रही है। जम्मू संभाग के चार जिलों कठुआ, सांबा, जम्मू व ऊधमपुर में इस समय काफी हलचल है और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हालांकि, यात्रा को लखनपुर में रोके जाने की पूरी उम्मीद है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने इस यात्रा पर अपनी सफ़ाई दी और कहा कि भाजपा युवा मोर्चा राजनीतिक लाभ उठाने के बजाय अलगाववादियों की चुनौती से निपटने के लिए यह कोशिश कर रहा है। सरकार अलगाववादियों के सामने समर्पण कर बैठी है। आडवाणी ने कार्यकर्ताओं के खिलाफ जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की भी कडे शब्दों में आलोचना की।

इससे पहले, प्रधानमंत्री ने भाजपा का नाम लिए बगैर कहा था कि गणतंत्र दिवस जैसे मौके पर पार्टियों को विभाजनकारी एजेंडे को बढ़ावा नहीं देना चाहिए। उन्हें राजनीतिक फायदा उठाने से बचना चाहिए।

प्रियंका,कैटरीना के घर आयकर विभाग का छापा



मुंबई: बॉलीवुड की जानी मानी अभिनेत्रियां -प्रियंका चोपड़ा और कैटरीना कैफ काफी मुश्किल में हैं। हिंदी फिल्मों की इन दो बड़ी अभिनेत्रियों के घरों पर आयकर विभाग ने कर चोरी के शक में सोमवार सुबह को छापे मारे हैं।

जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब सात बजे शुरू हुई यह कार्यवाही देर शाम तक चलेगी। इन दोनों अभिनेत्रियों पर कर चोरी और अपनी कमाई का सही ब्योरा छुपाने के आरोप के चलते यह कार्यवाही की गई। आयकर विभाग के मुताबिक इन दोनों अभिनेत्रियों ने आयकर रिटर्न फाइल करने में गड़बड़ी की है और तलाशी अभियान में इन दोनों अभिनेत्रियों के मैनेजरों से भी पूछताछ की जायेगी।

एक वरिष्ठ आयकर अधिकारी ने कहा कि इन दोनों ने टैक्स चोरी कर कितना धन बचाया है, यह तो काग़ज़ात और बैंक रिकॉर्ड खंगालने के बाद ही पता चलेगा। माना जा रहा है कि इन दोनों अभिनेत्रियों ने अपनी पेमेंट का एक बड़ा हिस्सा कैश के रूप में लेकर अपनी सही आय नहीं दिखाई है। फिलहाल आयकर विभाग यह पता लगाने की कोशिश में है कि क्या इन कलाकारों ने क्या विदेशों में शो करके होने वाली कमाई को लेकर कोई हेरफेर तो नहीं की है। क्योंकि विदेश में कलाकार और कुछ और कैटगरी में आयकर में छूट दिए जाने का प्रावधान है।

हाल ही में आयकर विभाग को पता चला है कि कुछ कलाकारों ने भारत में फिल्में करने के एवज में मिलने वाली फीस को विदेश में शो के बदले मिलने वाली रकम में एजस्ट करवाया है। विभाग का कहना है कि इस तरह से कलाकार अपने आयकर में छूट मांगते हैं। फिलहाल विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि क्या इन दोनों हीरोइनों ने ऐसा ही किया है?

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York