Showing posts with label 05-02-2011. Show all posts
Showing posts with label 05-02-2011. Show all posts

Saturday, February 5, 2011

हेलीकॉप्टर में हुआ बच्चे का जन्म


श्रीलंका : कहते हैं जन्म और म्रत्यु इश्वर के हाथ में है और इसके लिये एक नियत स्थान है और इसीलिये कई बार ऐसा होता है जो सबको आश्चर्यचकित कर देता है। ऐसा ही कुछ हुआ है श्रीलंका के बाढ प्रभावित क्षेत्र में जहां एक महिला ने वायु सेना के हेलीकॉप्टर में एक बच्चे को जन्म दिया है। लोगों के लिये चर्चा का विषय बने मां और बच्चा पूरी तरह सुरक्षित हैं।

ग़ौरतलब है कि श्रीलंका के कई इलाक़ों में पिछले कई दिनों से बाढ़ ने तबाही मचाई हुई है। बाढ़ से प्रभावित होने के कारण वहां के लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। सेना द्वारा लोगों की मदद काई जा रही है और लोगों को हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। 'कोलम्बो पेज वेबसाइट' के मुताबिक़ उक्त महिला को वायु सेना के हेलीकॉप्टर से बाढ़ प्रभावित इलाके से सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा था। महिला के अलावा चार अन्य गर्भवती महिलाएं भी हेलिकाप्टर में थीं।

अधिकारी के मुताबिक चारों महिलाओं को वायु सेना के बेल 212 हेलीकॉप्टर से सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा था। उसी समय एक महिला ने अपने बच्चे को जन्म दिया। गौरतलब है कि श्रीलंका के अनुराधापुरा जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को निकालने के लिए वायु सेना के चार हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं।

बाबा रामदेव ने दी अहिंसक क्रांति की चेतावनी

नई दिल्‍ली : योग गुरु बाबा रामदेव ने भारत सरकार को चेतावनी देते हुए भारत में भी मिस्र की तरह क्रांति का आह्वान किया है। उन्‍होंने काला धन रखने के मामले में कुछ भारतीय लोगों और ट्रस्टों के नाम के खुलासे को सरकार की पूर्व नियोजित साजिश बताते हुए कहा कि केन्द्र सरकार इस मामले में देश के लोगों और उच्चतम न्यायालय दोनों को गुमराह कर रही हैं।

एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि अगर मिस्र में अहिंसक क्रांति हो सकती है तो भारत में क्यों नहीं हो सकती ? उन्होंने कहा, ' हम अहिंसक क्रांति करेंगे और सरकार के खिलाफ जनता को खड़ा करेंगे। ' उन्होंने देश का काला धन हर हाल में वापस लाए जाने पर जोर देते हुए कहा कि सभी मंत्रियों का नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विदेश में जमा काला धन वापस लाना केंद्र की जिम्मेदारी है और केंद्र की सरकार उन लोगों को संरक्षण दे रही है जिनका पैसा विदेशी बैंको में जमा है।

रामदेव ने भ्रष्टाचार, बलात्कार, कालाधन, जमाखोरी और मिलावट के खिलाफ कठोर कानून बनाए जाने की मांग की। उनका कहना था कि अगर इन अपराधों के लिए हमारे पड़ोसी देश चीन में फांसी की सजा हो सकती है तो भारत में कड़े कानून क्यों नहीं बनाये जा सकते? रामदेव ने कहा कि अगर जनता का पैसा इसी तरह विदेश में जमा किया जाता रहा तो कल को लोग टैक्स देने से इनकार कर दें तो इसके लिए कौन जिम्मेदार होगा? उन्‍होंने सरकार से मीडिया के जरिए सात सवाल पूछते हुए कहा कि सरकार काले धन का स्रोत बताए और यह भी बताए कि विदेश में कितना काला धन जमा है। उन्‍होंने कहा कि देश की आंतरिक अर्थव्यवस्था में लगभग 100 लाख करोड़ रुपये का कालाधन चल रहा है।

रूसी महिला से संबंध के कारण कमोडोर सुखजिंदर सिंह बर्खास्त


नई दिल्ली : भारत की ओर से गोर्शकोव की खरीद के लिये रूस भेजे गए भारतीय नौसेना के कोमोडोर सुखजिंदर सिंह को बर्खास्त कर दिया गया है। सुखजिंदर पर रूसी महिला से संबंध स्थापित करने का आरोप लगाया गया था। लेकिन अब इनके कथित संबंधों की पुष्टि होने के बाद सिंह को बर्खास्त कर दिया गया है। रक्षा मंत्री ए.के.एटनी ने आज कोमोडोर की बर्खास्‍तगी की जानकारी दी है।

रूसी विमान वाहकपोत एडमिरल गोर्शकोव यानी आईएनएस विक्रमादित्य की कीमत में असामान्य बढोतरी हुई, वहीं भारत को यह पोत चार साल देरी से मिला। कमोडोर सुखजिंदर सिंह को इस परियोजना के सिलसिले में 2005 से 2007 के बीच रूस में ही रखा गया था। उनको युद्धपोत की मरम्मत और उससे जुड़े तकनीकी मसलों की देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वह पोत की कीमत पर सौदबाजी करने वाली समिति का हिस्सा थे, जिससे रूसी पोत कारखाने में कीव श्रेणी के विमानवाहक की मरम्मत के लिए 2.33 अरब अमेरिकी डॉलर का संशोधित मूल्य तय हुआ।

फिर दिल्ली लौटने पर उन्हें इस परियोजना का प्रमुख निदेशक बना दिया गया था। इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय राजधानी में गुणवत्ता नियंत्रण महानिदेशालय में स्थानांतरित कर दिया गया। कोमोडोर की एक रुसी महिला के साथ अश्लील तस्वीरें आने के बाद सेना ने मामले की जांच आदेश दिए थे। नौसेना अधिकारियों के मुताबिक, एक वाइस एडमिरल की अध्यक्षता वाले कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी ने कार्मिक विभाग को रिपोर्ट सौंपी। इससे पहले, सिंह की रूसी महिलाओं के साथ आपत्तिजनक मुद्राओं वाली सीडी सामने आई थी।

अभिषेक को मिलेगा जन्मदिन पर सरप्राइज



मुंबई: अभिषेक के दोस्तों ने न्यूजीलैंड में प्लेयर्स के सेट पर अचानक पहुंचकर उन्हें सरप्राइज देने की योजना बनाई है। दरअसल, आज अभिषेक का जन्मदिन है और अभिषेक ने अपना जन्मदिन न्यूजीलैंड में अब्बास मस्तान की फिल्म प्लेयर्स की शूटिंग करते हुए बिताने का निर्णय किया था। लेकिन दोस्तों के सरप्राइज से बेखबर अभिषेक को क्या पता कि उनके दोस्त जन्मदिन का जश्न मनाने वहां पहुंच रहे हैं।

अभिषेक को एडवेंचर स्पोर्ट पसंद है इसलिए उनके दोस्त पूरे दिन बंजी जंपिंग और अन्य एडवेंचर स्पोर्ट से जुड़ी जगहों की बुकिंग कर चुके हैं। वहीं अब्बास मस्तान ने भी आज प्लेयर्स की शूटिंग से ब्रेक लेकर अभिषेक के जन्मदिन का जश्न बेहतर बनाने का निर्णय किया है।

भारतीय वायुसेना में शामिल होगा विमान ’सी-130’

अब हवाई हमलों के मद्देनज़र और शक्तिशाली हो जाएगा भारत। आज भारतीय वायुसेना में एक अमेरिकी परिवहन विमान सी-130 जे हर्कुलस को औपचारिक तौर पर शामिल किया जाएगा। भारत ने 2008 में अमेरिका से ऐसे छह विमान खरीदने का सौदा किया था। बाकी पांच ’हुर्कलस’ विमान इस साल के अंत तक वायुसेना को प्राप्त हो जाएंगे।

अमेरिका से बढ़ रहे रिश्तों और सहयोग का फल वायुसेना को भी भरपूर मिल रहा है। इस ऐतिहासिक मौके पर रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल पी. वी. नायक के साथ अमेरिकी वायुसेना के प्रमुख जनरल नार्टन ए. श्वार्ज भी मौजूद रहेंगे।

’सी-130’ सुपर हर्कुलस विमान कमांडो को ले जाने और लाने में काफी मददगार साबित होगी। यह विमान विशेष तौर पर स्पेशल फोर्सेज के लिए बनवाया गया है। ऐसे छह विमान का सौदा अमेरिका के फॉरेन मिलिट्री सेल्स प्रोग्राम के तहत सीधी खरीद के जरिए किया गया है।

सैन्य परिवहन विमानों में सी-130 जे शामिल होने से वायुसेना को अब काफी मजबूती मिलेगी। बताया जा रहा है कि यह विमान काफी नीची उड़ान भरते हुए कमांडो सैनिकों को दुश्मन के इलाके में उतार सकता है और पूरी तरह अंधेरी हवाई पट्टी पर भी उतर सकता है।

मोदी के बचाव में उतरी बीजेपी

नई दिल्ली : एसआईटी द्वारा अपनी रिपोर्ट में मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी को गुजरात दंगों के मामले में आरोपी क़रार दिये जाने के बाद उनकी पार्टी व प्रमुख विपक्षी दल भाजपा ने खुलकर उनका बचाव करना शुरू कर दिया है। भाजपा द्वारा इस मसले पर मीडिया में प्रकाशित खबरों के आधार पर एसआईटी की रिपोर्ट लीक होने के मामले की जांच की मांग की और इसमें केंद्र की यूपीए सरकार का हाथ होने का अंदेशा भी जताया।

पार्टी के विश्वस्त सूत्रों के अनुसार पिछले नौ वर्षो से कांग्रेस मोदी को कुर्सी से हटाने की और उनकी छवी को धूमिल करने की कई नाकाम कोशिशें कर चुकी हैं। लेकिन इसके विपरीत, मोदी हर बार चुनाव जीतकर विरोधियों के मुंह पर ताला लगाने में कामयाब रहे हैं। मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य को देखते हुए पार्टी रणनीतिकारों का मानना है कि रिपोर्ट लीक होना, ए राजा की गिरफ्तारी के बाद प्रधानमंत्री विपक्षी दलों के निशाने पर आ गए हैं। इसी बात से चिंतित होकर यूपीए सरकार द्वारा भाजपा का ध्यान बंटाने की सोची-समझी साज़िश रची जा रही है।

भाजपा के एक महासचिव का कहना है कि कांग्रेस और यूपीए सरकार इस रिपोर्ट के आधार पर विपक्षी हमलों को कूंद करने की फिराक में है लेकिन भाजपा किसी भी कीमत पर भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जेपीसी की मांग से पीछे नहीं हटने वाली। भाजपा महासचिव और प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने साफ किया कि वे एसआईटी की रिपोर्ट पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे, क्योंकि अभी यह रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट के पास विचाराधीन है और इस पर उसे अपना पक्ष देना है।

लेकिन सवाल यह उठता है कि जब सुप्रीम कोर्ट में एसआईटी की रिपोर्ट बंद लिफाफे में सौंपी गई है तो वह लीक कैसे हो गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट की निष्पक्षता पर कोई संदेह नहीं है लेकिन रिपोर्ट लीक करने के पीछे सरकार के कुछ तत्वों के शामिल होने के आसार हैं। कारण कालेधन मामले में जिन 24 लोगों के नाम सुप्रीम कोर्ट के समक्ष बंद लिफाफे में रखे गए हैं वे आज तक सार्वजनिक नहीं हुए। ऐसे में कोर्ट से रिपोर्ट लीक होने की गुंजाइश नहीं है।

गूगल में नई नियुक्तियों के लिये रिकॉर्ड आवेदन



फेसबुक और ऐप्पल कंपनी से मिल रही कड़ी चुनौती के चलते गूगल ने इस साल अमेरिका में 6 हजार कर्मचारियों की नियुक्ति की योजना बनाई थी। जिसके लिए एक हफ्ते के अंदर ही रिकॉर्ड 75,000 लोगों के आवेदन गूगल के पास आ चुके हैं। लोगों में दिख रहे इस जबर्दस्त जुनून को देखते हुए गूगल ने काफी राहत महसूस की है।

दुनिया की प्रमुख कंपनी गूगल में इस समय 24 हजार कर्मचारी काम करते हैं। कंपनी अपने कारोबार को और बढ़ाना चाहती है इसलिये गूगल को मोबाइल सर्विस, डिस्पले एडवरटाइजिंग और इंटरनेट एप्लीकेशन के लिए और कर्मचरियों की जरुरत है।

साल 2010 में जहां फेसबुक के विजिटर्स की संख्या गूगल के विजिटर्स से ज्यादा हो गई थी। वहीं एप्पल कंपनी गूगल को मोबाइल के मोर्चे पर चुनौती दे रही है। जिसके चलते गूगल के शेयरों में काफी गिरावट आ गई है। बीते साल गूगल के शेयर 4.2 प्रतिशत नीचे आ चुके हैं जबकि एप्पल के शेयरों में 53 फीसदी का जबर्दस्त उछाल देखने को मिला है। कई क्षेत्रों में अपना विस्तार कर रही गूगल अब बिना ड्राईवर के चलने वाली कार भी बना रही है।

काला धन मामला: 15 खातेदारों के नाम का ख़ुलासा


मौजूदा समय में भारत में बहस के अहम मुद्दों में से एक ’काला धन’ मामले में जूझ रही भारत सरकार को एक महत्वपूर्ण सफ़लता प्राप्त हुई है। सरकार द्वारा विदेशी बैंकों में जमा भारतीयों के अरबों रुपए के काले धन की जानकारी के लिये चलाए जा रहे अभियान में कुछ खातेदारों के नामों का खुलासा होने के साथ ही इस मामले में अब महत्वपूर्ण मोड़ आ गया है।

समाचार पत्रिका 'तहलका' और कुछ टीवी चैनलों ने द्वारा कुछ नामों का ख़ुलासा किया गया है जिनमें आईपीएल कोच्चि टीम से जुड़े कुछ मशहूर हीरा व्यवसायी और कुछ नाम दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और गुजरात के व्यवसायियों के हैं।

जिन नामों का खुलासा किया गया है, उनके खाते स्विट्जरलैंड की सीमा से लगे देश लिक्टेनश्टाइनके एलजीटी ग्रुप के बैंक में हैं। भारत सरकार द्वारा, ये नाम हैं जर्मनी से हासिल किये गए हैं और अब इन नामों की सूची सुप्रीम कोर्ट को सौंपी गई है।

तहलका के अनुसार उसके पास कुल 18 नामों की सूची है, लेकिन अभी उसने सिर्फ 15 नामों को सार्वजनिक किया है जिनमें तीन ट्रस्ट भी शामिल हैं। तहलका ने दावा के साथ कहा है कि इस सूची में एक नाम एक प्रमुख भारतीय निगम के अध्यक्ष का भी है, लेकिन उसे सार्वजनिक नहीं किया गया है। तहलका ने जिन भारतीयों के काले धन जमा होने का खुलासा किया है उनमें हीरा कंपनी 'रोज ब्लू' के निदेशक अरुण मेहता, दिलीप मेहता के नाम शामिल हैं।

हेडलाइंस टुडे के मुताबिक आईपीएल कोच्चि के मालिकों में एक हर्षद मेहता का नाम भी है। अन्य नामों में अशोक जयपुरिया, मनोज धुपेलिया, रूपल धुपेलिया, मोहन धुपेलिया, हँसमुख गाँधी, चिंतन गाँधी, गुणवंती मेहता, रजनीकांत मेहता, प्रबोध मेहता, राज फाउंडेशन, उर्वशी फाउंडेशन और अंब्रूनोवा ट्रस्ट शामिल हैं। इसके अलावा टीवी चैनल आईबीएन 7 ने ईश्वरलाल गाँधी, मधु गाँधी, मिराव गाँधी के नाम भी दिए हैं।

मिस्र: उग्र हुए प्रदर्शनकारी, उप राष्ट्रपति पर हमला


मिस्र में पिछ्ले कई दिनों से सरकार के खिलाफ किया जा रहा प्रदर्शन अब बेहद ही खतरनाक मोड़ ले चुका है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि हाल ही में राष्ट्रपति होस्नी मुबारक द्वारा नियुक्त किये गये मिस्र के उप राष्ट्रपति उमर सुलेमान पर प्राणघातक हमला किया गया। इस हमले में सुलेमान के दो अंगरक्षकों की मौत हो गई हालाँकि वे पूरी तरह सुरक्षित है।

एक अमेरिकी न्यूज चैनल पर दिखाई गई ख़बर के मुताबिक़ सुलेमान पर जानलेवा हमले के प्रयास को राष्ट्रपति होस्नी मुबारक के खिलाफ चल रहे विद्रोह के सिलसिले में खतरनाक संकेत माना जा सकता है। हाल ही में मुबारक ने सुलेमान को उप राष्ट्रपति नियुक्त किया है। ऐसा माना जा रहा है कि सुलेमान को नियुक्त करने का उनका प्रयास विरोध प्रदर्शन को शांत करने तथा सुलेमान को अपने संभावित उत्तराधिकारी की कतार में खड़ा करने के लिए है।

मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक काहिरा के तहरीर चौक पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान पिछले कुछ दिनों में आठ लोगों की मौत हो चुकी है और 800 से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं। वहीं संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि 25 जनवरी से जारी प्रदर्शन में कम से कम 300 लोगों की मौत हो चुकी है और 4000 हजार से ज्यादा घायल हो चुके हैं।

सहेली ने धोखे से करवाया गैंग रेप


हरियाणा: अम्बाला के माडल टाउन की करतार नगर कालोनी में रहने वाली एक युवती रमा (काल्पनिक नाम) से यमुनानगर में वीरवार को कुछ लोगों ने गैंगरेप किया। इसमें युवती की एक सहेली ने आरोपियों का साथ दिया। मामले का खुलासा शुक्रवार शाम तब हुआ जब लड़की ने अपने पिता के साथ यमुनानगर पुलिस को शिकायत दी। अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

मामला करतार नगर कालोनी का है जहां रहने वाली रमा ने पुलिस को बताया कि मेरी सहेली शशि ने वीरवार को कहा था कि उसके एक रिश्तेदार यमुनानगर में रहते हैं और आज उनका जन्मदिन है। क्योंकि वह अकेली वहां नहीं जा सकती इसलिए मैं उसके साथ चलूं। वीरवार सायं जब मैं शशि के साथ यमुनानगर के लिए निकली। तो रास्ते में शशि ने कहा कि बस स्टैंड पर उसका भाई गाड़ी लेकर हमें लेने पहुंचेगा। जब हम बस स्टैंड पर पहुंचे तो वहां एक कार खड़ी थी जिसमें दो युवक बैठे थे। हम भी कार में बैठ गये। बस स्टैंड से कुछ आगे कमानी चौक पर युवकों ने कार रोकी। उसके बाद दो और युवक कार में आकर बैठ गए। इसी दौरान एक युवक ने मुझे कोई नशीला पदार्थ सूंघा दिया। बेहोशी की हालत में उन्होंने मेरे साथ गैंगरेप किया।

रमा ने बताया कि शुक्रवार सुबह जब उसने शशि से इस बारे में बात की तो उसने सबकुछ भूल जाने की सलाह दी। इसके बाद उसने अपने पिता को फोन पर आपबीती सुनाई। पिता के यमुनानगर पहुंचने के बाद वे वहां के सिटी थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उसकी सहेली शशि और अन्य युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया। थाने के एसएचओ अशोक कुमार का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York